Organizing a one-day training program under the Food Supply Chain Management System

खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

तीन जिलों के प्रखण्ड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला पर प्रशिक्षण

गोदामों में सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण के उपायों पर दी गई विस्तृत जानकारी

पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने हेतु आपूर्ति श्रृंखला के डिजिटलीकरण पर बल

जिला स्तरीय एवं भारतीय खाद्य निगम के पदाधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण सत्र संचालित

रांची,04.11.2025 – खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखण्ड के निदेशानुसार 04 नवम्बर 2025 को रांची, खूंटी एवं सिमडेगा जिलान्तर्गत प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन प्रणाली (Food Supply Chain Management System) पर एक दिवसीय प्रमण्डल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम समाहरणालय स्थित कमरा संख्या-505, ब्लॉक B में आयोजित हुआ।

प्रशिक्षण का उद्देश्य खाद्यान्न गोदामों में वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण प्रणाली, खाद्यान्न वितरण की पारदर्शिता तथा आपूर्ति श्रृंखला के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करना था।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रखण्ड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी उपायों, भंडारण के वैज्ञानिक तरीकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में रांची जिला से 30, खूंटी जिला से 30 तथा सिमडेगा जिला से 14 प्रतिभागी शामिल हुए।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन एवं मार्गदर्शन विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, रांची, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, खूंटी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिमडेगा तथा भारतीय खाद्य निगम (FCI) के विशेषज्ञ पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण, रख-रखाव, नमी नियंत्रण, स्टॉक पंजी संधारण, गोदाम प्रबंधन के डिजिटलीकरण एवं आपूर्ति श्रृंखला निगरानी के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।

**********************