Organization of a Review-cum-Discussion (Debriefing) regarding the Peaceful and Harmonious Observance of Festivals

पर्व-त्योहारों के शांति एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के उपलक्ष्य में समीक्षा-सह-चर्चा (Debriefing) का आयोजन

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी आयोजन समितियों एवं सामाजिक संगठनों का जताया आभार

 केन्द्रीय शांति समिति, महावीर मण्डल, तपोवन मंदिर पूजा समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, चैती दुर्गा पूजा समिति, केन्द्रीय सरना समिति, सभी सरना समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति सहित सभी पर्व आयोजन समितियों एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों के समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट समन्वय की सराहना

 आस्था एवं परंपरा के साथ-साथ विज्ञान और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक-जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री 
 पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों के साथ-साथ नगर निगम एवं बिजली विभाग द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की भी सराहना

 युवाओं एवं महिलाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल

 रांची को विधि-व्यवस्था, विकास एवं स्वच्छता के क्षेत्र में देश का रोल मॉडल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक -जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,06.04.2026 – जिला प्रशासन, रांची द्वारा विभिन्न पर्व-त्योहारों के शांति एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के उपलक्ष्य में समीक्षा-सह-चर्चा (Debriefing) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी आयोजन समितियों एवं सामाजिक संगठनों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें “टीम रांची” की भावना का सशक्त उदाहरण बताया।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कार्यक्रम में उपस्थित केन्द्रीय शांति समिति, महावीर मण्डल, तपोवन मंदिर पूजा समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, चैती दुर्गा पूजा समिति, केन्द्रीय सरना समिति, सभी सरना समिति, सेंट्रल मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति सहित सभी पर्व आयोजन समितियों एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों के समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट समन्वय की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रांची में सभी पर्व अभूतपूर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ संपन्न हुए हैं, जो पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में पर्व-त्योहारों के साथ-साथ विकास कार्यों को भी इसी टीम भावना के साथ और बेहतर ढंग से संपन्न करना होगा।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में परंपरा एवं आस्था के साथ-साथ विज्ञान और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की आस्था के साथ छेड़छाड़ का उद्देश्य कोर्ट या प्रशासन का नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो।

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी आयोजकों को एकता, प्रतिष्ठा, सम्मान के साथ सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ नगर निगम एवं बिजली विभाग द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की भी सराहना की।

उन्होंने कार्यक्रमों में सभी समुदायों की सक्रिय भागीदारी को सराहते हुए विशेष रूप से महिला प्रतिनिधित्व को सकारात्मक बताया और भविष्य में युवाओं एवं महिलाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहों पर नियंत्रण बनाए रखने में सभी संगठनों के सहयोग के लिए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रांची ने देश के सामने जो सौहार्द और अनुशासन की मिसाल पेश की है, उसे भविष्य में भी बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। रांची को विधि-व्यवस्था, विकास एवं स्वच्छता के क्षेत्र में देश का रोल मॉडल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि “आप सभी की भूमिका ही रांची की सामाजिक एकता को बनाए रखती है। आपसी भाईचारे की यह भावना ही इस शहर की सबसे बड़ी ताकत है। अपने शहर को सुंदर, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री राकेश सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमण्डल पदाधिकारी (सदर) श्री कुमार रजत सहित विभिन्न समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित थे।

**********************