Meeting of BRICS Senior Officials on Strengthening Alternative Dispute Resolution through Capacity Building in Mediation and Arbitration

मध्यस्थता और पंच-निर्णय में क्षमता विकास के माध्यम से वैकल्पिक विवाद समाधान को सुदृढ़ करने पर ब्रिक्स वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक

नई दिल्ली – भारत की ब्रिक्स 2026 की अध्यक्षता में, भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग ने वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) पर सहयोग को गहरा करने के लिए 19 से 20 मई 2026 को गुजरात के गांधीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक का आयोजन किया।
यह बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें ब्राजील, चीन, भारत, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया, रूस, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का समापन “मध्यस्थता और पंच-निर्णय में क्षमता विकास के माध्यम से वैकल्पिक विवाद समाधान को सुदृढ़ करने पर ब्रिक्स देशों के न्याय मंत्रियों की घोषणा” शीर्षक वाले संयुक्त घोषणापत्र पर आम सहमति के साथ हुआ, जिसे 21 से 22 मई 2026 को गांधीनगर में आयोजित होने वाली न्याय मंत्रियों की बैठक में औपचारिक अंगीकरण के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

इस बैठक में ब्रिक्स देशों के वरिष्ठ न्याय अधिकारियों ने विवाद समाधान निवारण (एडीआर) से संबंधित मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए भाग लिया। प्रतिनिधियों ने संस्थागत मध्यस्थता, पंच निर्णय सुधार और वाणिज्यिक एवं सार्वजनिक क्षेत्र के विवादों में एडीआर की भूमिका पर विचार-विमर्श किया, साथ ही अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में अनुभवों, चुनौतियों और उभरते रुझानों को रेखांकित किया।

व्यापक और रचनात्मक संवाद के बाद, वरिष्ठ अधिकारियों ने घोषणापत्र के मसौदे को अंतिम रूप दिया, जो मध्यस्थता और पंच-निर्णय को सुलभ और प्रभावी साधन के रूप में विस्तारित करने, पेशेवर बनाने और मुख्यधारा में लाने के लिए ब्रिक्स देशों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह परिणाम लचीले, नवोन्मेषी और सहयोगात्मक कानूनी प्रणालियों के निर्माण के ब्रिक्स सदस्यों के साझा विजन को प्रतिबिंबित करता है।

*******************************