Land Dispute Turns into Bloody Clash in Koderma; MLA's Driver Murdered

कोडरमा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, विधायक के चालक की हत्या

कोडरमा: जिले के चितरपुर गांव में जमीन विवाद ने बुधवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर बुधवार दिन में राजकुमार यादव की मां के साथ कथित रूप से मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया था। परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। देर रात राजकुमार यादव पर पीछे से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डॉ. नीरा यादव चितरपुर गांव पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव के साथ कोडरमा थाना के सामने रांची–पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

****************************