जनता दरबार में तमाड़ अंचल के कर्मचारी की शिकायत पर सख्त चेतावनी
शिकायत लेकर आने वाले लोगों से दुर्व्यवहार किया तो कार्रवाई होगी – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं प्राथमिकता से सुनी गयीं
राजस्व संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार बनाने में आ रही समस्याओं के समाधान का निर्देश
जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
रांची,25.05.2026 – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने ये सख्त चेतावनी दिया कि आवेदन लेकर कार्यालय आने वाले लोगों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल जनता दरबार में एक आवेदक द्वारा शिकायत की गयी कि अंचल कार्यालय का एक कर्मचारी उसके साथ दुर्व्यवहार करता है। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों का ससमय एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में अग्रेतर कार्रवाई की आवश्यकता हो तो उसकी जानकारी भी आवेदक को अवश्य दी जाए।
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं प्राथमिकता से सुनी गयीं
आज भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में काफी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सुदूर ग्रामीण इलाकों से आये लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले सुना गया तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पेंशन, राशन कार्ड एवं पेयजल जैसी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में आज राजस्व से जुड़े अधिकांश मामले सामने आये। पंजी-2 सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, भूमि माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा एवं जमीन से संबंधित अन्य शिकायतों पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आम लोगों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े।
जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार बनाने में आ रही समस्याओं के समाधान का निर्देश
अनगड़ा प्रखण्ड से पहुंची कुछ महिलाओं ने जनता दरबार में जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनाने में आ रही परेशानियों की शिकायत की। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केन्द्र का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने आधार कार्ड निर्माण हेतु विशेष कैंप आयोजित करने तथा ग्रामीणों को निर्धारित समय पर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को आवश्यक जांच कर सर्वजन पेंशन योजना के पात्र लाभुकों को योजना का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अन्य शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त अन्य शिकायतों में राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति, पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, भूमि मापी, आपसी भूमि विवाद एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित आवेदन शामिल थे।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
*****************************
