Important Meeting to Enhance the Effectiveness of the Special Intensive Review (SIR) Process

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य को प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण बैठक

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सतत समीक्षा एवं अनुश्रवण का निर्देश

मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक – जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री

सभी संबंधित पदाधिकारियों/कर्मियों को पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश

रांची,20.05.206 – जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजुनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, रांची जिला अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची निबंधन पदाधिकारी, परीक्ष्यमान उप समाहर्त्ता, नवचयनित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंत्री द्वारा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत चल रहे मैपिंग कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्य को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने हेतु नव चयनित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं परीक्षयमान उपसमाहर्ताओं को बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों के अनुश्रवण एवं समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंत्री ने निर्देश दिया कि बीएलओ द्वारा नए मतदान केंद्रों के अनुरूप नजरी नक्शा एवं Key Map तैयार किया जाए। House to House भ्रमण के दौरान Notional House Number अंकित करते हुए प्रत्येक परिवार के मुखिया एवं सभी वयस्क सदस्यों की सूची तैयार की जाए तथा वर्तमान मतदाता सूची के सभी मतदाताओं का मैपिंग सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मैपिंग कार्य के दौरान यदि किसी प्रकार की Logical Discrepancy (LD) पाई जाती है तो उसका भौतिक सत्यापन कर त्रुटियों का तत्काल सुधार किया जाए। साथ ही House to House सर्वेक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा ASDD (Absent, Shifted, Death एवं Duplicate) मतदाताओं की सूची भी तैयार की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिन मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा स्थान परिवर्तन की आवश्यकता है, उनसे निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन प्राप्त कर ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। वहीं नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु प्रपत्र-6 भरवाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंत्री ने आयोग से प्राप्त DSE (Demographically Similar Entry) सूची का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएलओ प्राप्त Formate-A के आधार पर मतदाता के निवास स्थान पर जाकर दोहरी प्रविष्टियों का सत्यापन करेंगे तथा आवश्यकतानुसार प्रपत्र-7 के माध्यम से नाम विलोपन की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान विभाग द्वारा समय-समय पर प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रतिदिन कार्य प्रगति प्रतिवेदन उप निर्वाचन पदाधिकारी, रांची के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजंत्री ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।

*******************************