Important Meeting Regarding the Festivals of Eid, Sarhul, and Ram Navami

ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

रांची,15.03.2026 – आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के मद्देनजर आज दिनांक 15.03.2026 को रांची समाहरणालय में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक (यातायात), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी का निर्देश

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखें।

जुलूस मार्ग एवं आयोजन स्थलों की निगरानी

बैठक में निर्देश दिया गया कि रामनवमी जुलूस मार्ग, सरना स्थलों तथा ईद की नमाज के प्रमुख स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित पदाधिकारी आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय पर निरीक्षण करेंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

सीसीटीवी, ड्रोन एवं तकनीकी निगरानी

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया कि प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की प्रभावी व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी सूचनाओं की त्वरित निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर विशेष नजर

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित टीमों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

सफाई, बिजली-पानी एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान सभी प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर निगम, बिजली विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने का निर्देश

बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयास से जिले में आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि जिले में सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का वातावरण बना रहे।

************************