Hazaribagh Police observed Police Commemoration Day 2026, paid tribute to the immortal martyrs, and honored their family members.

हजारीबाग पुलिस ने मनाया पुलिस संस्मरण दिवस 2026, अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि और परिजनों को किया सम्मानित

हजारीबाग, 21 अक्टूबर 2026। शहीद दिवस (पुलिस संस्मरण दिवस) के अवसर पर बुधवार को हजारीबाग जिले के विभिन्न पुलिस प्रतिष्ठानों एवं पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश, जिले की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर अमर वीरों के बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर शहीदों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश व समाज की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद किया गया।

वरीय पुलिस अधिकारियों की रही उपस्थिति

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उत्तर छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग के पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री अंजनी झा (भा.पु.से.), हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार (भा.पु.से.), बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनंद (भा.पु.से.), अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री अमित कुमार तथा पुलिस केंद्र हजारीबाग के परिचारी प्रवर श्री कुमार देवब्रत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सभी अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान जिले के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई। शहीद परिवारों को सम्मानित कर यह संदेश दिया गया कि देश और समाज की रक्षा के लिए उनके अपनों द्वारा दिया गया बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

पुलिस संस्मरण दिवस पुलिस बल के उन वीर जवानों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन की आहुति दे दी। उनका अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

अमर शहीदों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। हजारीबाग पुलिस ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।

***************************