नई दिल्ली 28 Jully (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- लोकसभा में सोमवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सरकार से सवाल किया। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री ने यह नहीं बताया कि आतंकवादी पहलगाम में कैसे आए?
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कहा, “सदन में सच्चाई सामने आनी चाहिए। चाहे वह ‘पहलगाम आतंकी हमले’ की हो या ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की या फिर ‘विदेश नीति’ की, सभी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने आज बहुत सारी जानकारी दी, लेकिन रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने यह नहीं कहा कि पहलगाम के बैसरन में आतंकी कैसे आए? कैसे पाकिस्तान से आतंकवादी पहलगाम पहुंचे और 26 लोगों की हत्या कर दी? रक्षा मंत्री भले न बताएं, लेकिन हम विपक्ष में होने के नाते देशहित में सवाल पूछेंगे।”
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सरकार से सवाल भी किया। उन्होंने कहा, “देश जानना चाहता है। 100 दिन बीतने के बाद भी सरकार पहलगाम के दहशतगर्दों को क्यों नहीं पकड़ पाई?
पहलगाम के आतंकियों को किसने पनाह दी, किसने जानकारी दी? पहलगाम के आतंकियों को फरार होने में किसने मदद की? 100 दिन बीत गए, लेकिन सरकार के पास इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। सरकार के पास ड्रोन, पेगासस, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ है, वहां गृहमंत्री कुछ दिन पहले ही गए थे, लेकिन फिर भी आप किसी को पकड़ नहीं पाए।
ये कैसा बंदोबस्त था?” गौरव गोगोई ने राजनाथ सिंह के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा, “राजनाथ सिंह ने बताया कि हमारा मकसद युद्ध नहीं था, और मैं पूछना चाहता हूं कि क्यों नहीं था?
पीओके आज नहीं लेंगे तो कब लेंगे? हमें संदेश मिलता है कि दुनिया के सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान हमारे पास हैं। हालांकि सीडीएस को कहना पड़ा कि हमारे लड़ाकू जहाज रेंज में नहीं जा सकते। हमें सरकार से इन सब पर जानकारी चाहिए।”
‘सुदर्शन चक्र उठा लिया है, ऑपरेशन सिंदूर जारी रहेगा’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि शेर अगर मेंढकों को मारे तो उसका बहुत अच्छा संदेश नहीं जाता। भारत के सैनिक शेर हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान कहा, “हमारा इतिहास है कि हमने कभी भी किसी की एक इंच जमीन पर कब्जा नहीं किया।
शेर अगर मेंढकों को मारे तो उसका बहुत अच्छा संदेश नहीं जाता। हमारी सेना शेर है। पाकिस्तान जैसा, जो अपने अस्तित्व के लिए दूसरों पर आश्रित हो, उससे मुकाबले का मतलब है अपना स्तर कम करना। हमारी नीति है, आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना। हमारा पाकिस्तान विरोध उनकी आतंकवाद की नीति के कारण है।”
राजनाथ सिंह ने भगवान राम और कृष्ण का जिक्र करते हुए कहा, “हमारी प्रवृत्ति भगवान राम और भगवान कृष्ण से प्रेरित है, जो हमें शौर्य भी सिखाती है और धैर्य भी सिखाती है। हमने भगवान कृष्ण से सीखा शिशुपाल की 100 गलतियां माफ की जा सकती हैं, लेकिन अब हमने सुदर्शन चक्र उठा लिया है।
इस सीख का हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी विदेश और रक्षा नीति में प्रयोग कर रहे हैं। आज भारत पहले दोस्ती का हाथ बढ़ाता है, लेकिन अगर कोई देश धोखा दे, तो वह उसकी कलाई भी मरोड़ना जानता है।”
**************************
