Former Congress President Sonia Gandhi's health is improving, teams of doctors are monitoring her

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, डॉक्टर्स की टीमें कर रहे निगरानी

पेट में इंफेक्शन के बाद हुईं थी भर्ती 

नई दिल्ली,17 जून(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की हेल्थ पर अस्पताल से अपडेट आ गया है.

अस्पताल के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि सोनिया गांधी की हालत स्थिर है और उपचार के प्रति उनकी प्रतिक्रिया अच्छी है. वे पेट के संक्रमण से उभर रही हैं. उनके खान-पान पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं. एहतियात के तौर पर उनकी छुट्टी की तारीख अभी तय नहीं की गई है.

डॉक्टरों की टीम जिसमें डॉ. एस. नंदी और डॉ. अमिताभ यादव शामिल हैं, उनके स्वास्थ्य और खान-पान पर बारीकी से नजऱ रख रहे हैं. बता दें कि अचानक तबीयत बिगडऩे के कारण रविवार रात को उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया. उन्हें पेट से संबंधित परेशानी है.

गैस्ट्रोइंटेरोलाजी सर्जरी के विशेषज्ञ डा. समीरन नंदी की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ था. अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी थी कि वह रात 9:10 बजे अस्पताल पहुंचीं थीं. इसके बाद उन्हें भर्ती किया गया. उल्लेखनीय है कि इससे पहले सात जून को भी उनकी तबीयत खराब हो गई थी तब वह शिमला में थीं. उस दौरान उन्हें शिमला के ही अस्पताल में भर्ती किया गया था.

बता दें कि 78 वर्षीय सोनिया गांधी को उम्र की वजह से कई बार स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के चलते पहले भी सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया जाता रहा है. इसी साल 20 फरवरी को भी उन्हें पेट संबंधी परेशानी होने पर सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस दौरान सोनिया गांधी ने संसद के जब बजट सत्र में भी हिस्सा लिया था तब वह ठीक थीं. उन्हें आखिरी बार संसद में 13 फरवरी को देखा गया था. उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी.

संसद में प्रश्न काल के दौरान सरकार से जनगणना जल्दी पूरी कराने के लिए भी कहा था. साथ ही 14 करोड़ से ज्यादा लोगों के खाद्य सुरक्षा कानून के तहत मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रहने का भी सरकार पर आरोप लगाया था और सरकार से कई सवाल भी पूछे थे. गौरतलब है कि सोनिया गांधी ने अपनी बढ़ती हुई उम्र के चलते पिछले साल लोकसभा चुनाव नहीं लडऩे का भी फैसला किया था. वह लोकसभा चुनाव से पहले ही राजस्थान से राज्यसभा की सदस्य बन गईं थीं. उसके बाद उनकी जगह राहुल गांधी ने रायबरेली संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की.

सोनिया गांधी लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रही हैं और उन्होंने राष्ट्रीय सलाहकार परिषद जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी काम किया है. वह करीब आठ बार लोकसभा की सदस्य रही हैं. सात बार रायबरेली संसदीय क्षेत्र से और एक बार कर्नाटक के बेल्लारी संसदीय क्षेत्र से सोनिया गांधी ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है.

सोनिया गांधी के अध्यक्ष रहते हुए ही कांग्रेस ने वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी और 10 वर्ष तक प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सरकार चली थी.

******************************