Eight hockey stars from Jharkhand receive a grand welcome in Ranchi, bring glory to the country in the Asia Cup

झारखंड के 8 हॉकी सितारों का रांची में भव्य स्वागत, एशिया कप में देश का बढ़ाया मान

रांची,09.06.2026 –  जापान के काकामीगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारत का गौरव बढ़ाने वाले झारखंड के 8 हॉकी खिलाड़ियों का शुक्रवार को रांची में जोरदार स्वागत किया गया। दिल्ली में आयोजित हॉकी इंडिया के सम्मान समारोह में शामिल होने के बाद सभी खिलाड़ी अपने गृह राज्य झारखंड पहुंचे।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम ने कांस्य पदक जीतकर पूरे एशिया में भारत का परचम लहराया।

झारखंड के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का गौरव

स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम में झारखंड के आशीष तनी पूर्ति और प्रेमचंद ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कांस्य पदक विजेता भारतीय महिला टीम में झारखंड की संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी, सुगन सांगा, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और श्रुति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पारंपरिक स्वागत

रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही हॉकी झारखंड की अगुवाई में सभी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के तहत खिलाड़ियों के हाथ धुलवाए गए, उन्हें फूल-मालाएं पहनाई गईं और सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, अशोक भगत, आश्रिता लकड़ा, दशरथ महतो, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, दूलारी टोपनो, मनीष सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और समर्थक मौजूद रहे।

खिलाड़ियों के स्वागत के दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर “भारत माता की जय” और “हॉकी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में उत्साह और गर्व का माहौल है।

FinalJustice.in | Like • Share • Comment 🏑🇮🇳🏅

*****************************