District Magistrate-cum-Deputy Commissioner of Ranchi, Mr. Manjunath Bhajantri's 'Janta Darbar'—bringing smiles to the faces of the differently-abled.

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री का जनता दरबार,दिव्यांग के चेहरे पर खिली मुस्कान

जिला प्रशासन ने प्रदान की राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार

मंईयां सम्मान योजना से जुड़े हुए महिलाओं को स्वरोजगार एवं आमदनी बढ़ाने हेतु सभी पंचायत के मुखिया उन्हें प्रेरित करे

भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की शिकायतों पर राजस्व एवं सब रजिस्ट्रार को सख्त निर्देश

रांची,18.05.2026 – रांची जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार आज एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल बना। जिला प्रशासन ने बिरसा चौक निवासी दिव्यांग पंकज कुमार की समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल दिया गया। अपनी मां के साथ जनता दरबार पहुंचे पंकज कुमार को विश्वास नहीं हो रहा था कि उनकी फरियाद पर इतनी शीघ्र सुनवाई होगी। ट्राईसाइकिल मिलने के बाद पंकज और उनके परिजनों ने माननीय मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

सोशल मीडिया से मिली जानकारी, जनता दरबार पहुंचकर पूरी हुई पंकज की उम्मीद

इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने पंकज कुमार से पूछा कि उन्हें जनता दरबार में ट्राईसाइकिल वितरण की जानकारी कैसे मिली। इस पर पंकज ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त की थी कि पात्र दिव्यांगों को जनता दरबार में जिला प्रशासन द्वारा सहायता उपलब्ध करायी जाती है।

सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार

जनता दरबार में सोनाहातू अंचल निवासी प्रकाश कुमार महतो ने नीमडीह मौजा स्थित अपनी जमीन के पंजी-2 में सुधार नहीं किये जाने की शिकायत दर्ज करायी। आवेदक ने बताया कि वे लंबे समय से कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सोनाहातू अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगायी तथा निर्देश दिया कि आवेदन का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध प्रपत्र-क गठित की जायेगी।

म्यूटेशन लंबित रहने पर शहर अंचल अधिकारी को कार्रवाई का निर्देश

शहर अंचल निवासी हरि प्रसाद चक्रवर्ती ने सक्सेशन म्यूटेशन से संबंधित आवेदन जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि एलआरडीसी के आदेश के बावजूद अब तक उनका म्यूटेशन नहीं किया गया है। इस पर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल शहर अंचल अधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर मामले में एलआरडीसी के आदेश का अवलोकन करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अधिग्रहित भूमि के मुआवजा भुगतान मामले में भू-अर्जन कार्यालय से मांगी अद्यतन रिपोर्ट

जनता दरबार में बेड़ो निवासी तेतरु उरांव ने अधिग्रहित भूमि के एवज में मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत दर्ज करायी। मामले पर संज्ञान लेते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने भू-अर्जन कार्यालय से मुआवजा भुगतान की अद्यतन स्थिति की जानकारी तलब की। कर्मी द्वारा उपस्थित होकर बताया गया कि आवेदक की मुआवजा राशि भुगतान की प्रक्रिया जारी है। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये।

भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की शिकायतों पर राजस्व एवं सब रजिस्ट्रार को सख्त निर्देश

जनता दरबार में कई आवेदकों द्वारा भू-माफियाओं के माध्यम से जमीन पर अवैध कब्जा किये जाने की शिकायतें भी प्रस्तुत की गयीं। मामलों को गंभीर मानते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने राजस्व कार्यालय एवं सब-रजिस्ट्रार कार्यालय को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित जांच एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिये।

मंईयां सम्मान योजना से जुड़े हुए महिलाओं को स्वरोजगार एवं आमदनी बढ़ाने हेतु सभी पंचायत के मुखिया उन्हें प्रेरित करे

बेड़ो निवासी रुपन उरांव ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत सत्यापन कार्य में सेविका द्वारा गलत रिपोर्टिंग किये जाने की शिकायत जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के समक्ष रखी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को मामले की जांच करने के निर्देश दिये। साथ ही निदेशक सामाजिक सुरक्षा को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।इसके साथ ही उपयुक्त के द्वारा मंईयां सम्मान योजना से जुड़े हुए महिलाओं को स्वरोजगार एवं आमदनी बढ़ाने हेतु सभी पंचायत के मुखिया उन्हें प्रेरित करने हेतु कहा गया।

जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनांे पर भी जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित आधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निदेशित कियाग गया।

*************************