finaljustice.in like share coments logo lagana hai

रांची में अड्डाबाजी और नशापान के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान जारी

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत के नेतृत्व में अभियान

अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों में चला जांच अभियान

जमावड़ा लगाने वाले युवाओं को दी गई सख्त चेतावनी, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

रांची,02.06.2026 – जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया।

अरगोड़ा थाना क्षेत्र में अभियान के दौरान अरगोड़ा मैदान, हरमू मैदान, अरगोड़ा चौक तथा हरमू स्थित शराब दुकान सहित आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई तथा उन्हें सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर युवाओं का समूह अनावश्यक रूप से जमा पाया गया। प्रशासनिक टीम द्वारा उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशापान से दूर रहने तथा सामाजिक एवं कानूनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ा, नशापान एवं असामाजिक गतिविधियां आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करती हैं। ऐसे मामलों पर जिला प्रशासन की लगातार निगरानी है और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।

अभियान के दौरान अरगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम उपस्थित रही। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शहर में सुरक्षित, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध अथवा अवांछित गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

*****************************