When the one reporting the news became the news!

(व्यंग)

वाह रे पत्रकारिता!
अब खबर चलाइए तो पहले यह देख लीजिए कि खबर किसकी है।

क्योंकि अगर खबर किसी आम आदमी की है, तो शायद खबर है…
लेकिन अगर खबर किसी प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़ी हो, तो भाई साहब—खबर चलाने से पहले अपनी कुंडली भी देख लीजिए!

मामला एक पत्रकार का है। एक नाबालिग से जुड़े कथित शोषण के आरोपों की खबर सामने आती है। आरोप एक प्रभावशाली व्यक्ति पर लगाए गए। खबर चली और फिर कहानी ने ऐसा पलटा मारा कि खबर चलाने वाला ही खबर बन गया।

यानी पत्रकार ने सोचा होगा —
“जनता को खबर बताएंगे।”

सिस्टम ने कहा—
“पहले आपको ही खबर बनाते हैं!”

अब असली सवाल यहीं से शुरू होता है।

पत्रकारिता का मतलब क्या है?

क्या पत्रकार सिर्फ वही खबर दिखाएगा, जिस पर किसी को कोई आपत्ति न हो?
क्या खबर चलाने से पहले यह भी पूछा जाएगा कि—

“साहब, सामने वाला कितना प्रभावशाली है?”

आम आदमी पर आरोप लगे तो खबर—
लेकिन मामला अगर किसी प्रभावशाली व्यक्ति तक पहुंच जाए तो पत्रकार के लिए खतरे की घंटी?

भाई, फिर तो न्यूज़रूम में एक नया नियम बनाना पड़ेगा—

“खबर चलाने से पहले आरोपी की हैसियत चेक करें!”

आम आदमी है—चलाओ।
कम प्रभाव वाला है—चलाओ।
बहुत प्रभावशाली है—रुको भाई, पहले कानून की किताब खोलो!

लेकिन पत्रकारिता अपनी जगह और कानून अपनी जगह।

नाबालिग से जुड़े मामले बेहद संवेदनशील होते हैं। आरोप की पुष्टि, पीड़ित की पहचान की सुरक्षा और कानून की सीमाओं का पालन करना भी पत्रकार की जिम्मेदारी बनती है।

लेकिन सवाल यह भी है कि अगर कोई पत्रकार किसी गंभीर आरोप को सामने लाता है, तो उसकी भूमिका की जांच हो सकती है—लेकिन क्या उसी के साथ उन आरोपों की निष्पक्ष जांच भी उतनी ही जरूरी नहीं है?

कल को कोई पत्रकार खबर देखकर बोलेगा—

“खबर तो है साहब… लेकिन रहने दीजिए। कहीं खबर चलाकर मैं खुद खबर न बन जाऊं!”

और यही सबसे बड़ा सवाल है..?

क्योंकि पत्रकार का काम किसी को दोषी घोषित करना नहीं, बल्कि तथ्यों और आरोपों को जिम्मेदारी के साथ जनता के सामने रखना है।

अब देखना यह है कि इस पूरे मामले में जांच सिर्फ खबर चलाने वाले तक सीमित रहती है या उन आरोपों की तह तक भी पहुंचती है, जिनसे यह कहानी शुरू हुई?

क्योंकि अगर खबर का जवाब खबर से नहीं, मुकदमे से दिया जाने लगे…

तो अगली बार पत्रकार शायद कैमरा उठाने से पहले कैमरे से ही पूछेगा—

“भाई, रिकॉर्डिंग शुरू करूं या पहले जमानत की व्यवस्था करूं?”

वाह साहब!

खबर खबर हो सकती है, लेकिन खबर चलाने वाले का खबर बन जाना… लोकतंत्र के लिए बड़ा सवाल जरूर है..?

  • दिलीप सिंह