Deputy CM Diya Kumari immersed herself in Shiva devotion on the first day of Sawan

सावन के पहले दिन शिव भक्ति में लीन हुई डिप्टी सीएम दिया कुमारी

जयपुर ,11 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। श्रावण मास की पावन शुरुआत पर राजधानी जयपुर आज शिवमय नजर आया, तो वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सिटी महल स्थित श्री राजराजेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दुग्ध और जल से अभिषेक कर प्रदेशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

सुबह के समय मंदिर में वेदों के पवित्र मंत्रों की ध्वनि गूंजी, परंपराओं का निर्वहन करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पूरे श्रद्धाभाव से भोलेनाथ का पूजन किया।

मंदिर परिसर शिव आराधना और भक्ति भाव से सराबोर हो उठा। पूजा के दौरान उन्होंने हाथ में जलकलश लेकर शिवलिंग का रूद्राभिषेक किया और पूरे विधि-विधान से भगवान शिव की आरती की।

इस विशेष अवसर पर अनेक महिलाओं और कन्याओं ने भी पूजा में भाग लिया। फूलों की खुशबू, धूप-दीप की लौ, मंत्रोच्चार और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच माहौल अत्यंत आध्यात्मिक रहा। श्रद्धा और संस्कार की इस मिलन बेला में उपमुख्यमंत्री ने न केवल अपने व्यक्तिगत विश्वास को साझा किया, बल्कि पूरे प्रदेश की ओर से महादेव से आशीर्वाद भी मांगा।

दिया कुमारी ने कहा – सावन का यह पवित्र महीना आत्मिक ऊर्जा, भक्ति और साधना का प्रतीक है। भगवान शिव के चरणों में यही प्रार्थना है कि प्रदेश में खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि बनी रहे।

उन्होंने प्रदेशवासियों को सावन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह समय ईश्वर की भक्ति के साथ आत्मनिरीक्षण और परोपकार का भी है।

*****************************