Category Archives: news

झारखंड में सुरक्षाबलों ने 3 माओवादियों को ढेर किया

एक पर था 1 करोड़ रुपये का इनाम

रांची/हजारीबाग ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग के गिरहोर थाना क्षेत्र स्थित पनतीतरी जंगल में सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी माओवादी सहदेव सोरेन समेत तीन नक्सली ढेर हो गए। यह इलाका बोकारो और गिरिडीह जिले की सीमा से सटा हुआ है।

जानकारी के अनुसार कोबरा बटालियन, गिरिडीह और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सहदेव सोरेन किसी बड़ी नक्सली घटना की साजिश रच रहा है। इसी आधार पर जंगल में ऑपरेशन चलाया गया। माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीन नक्सली मारे गए।

मारे गए नक्सलियों में सहदेव सोरेन उर्फ अनुज उर्फ प्रवेश उर्फ अमलेश की पहचान हुई है। वह हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के मंदेरी गांव का रहने वाला था और माओवादी संगठन की केंद्रीय कमेटी का सदस्य था। झारखंड सरकार ने उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

दूसरे माओवादी की पहचान रघुनाथ हेंब्रम उर्फ निर्भय उर्फ चंचल उर्फ बिरसेन के रूप में हुई है। वह स्पेशल एरिया कमेटी (सैक) का सदस्य था और उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह गिरिडीह के डुमरी थाना क्षेत्र के जरीडीह का रहने वाला था। तीसरे माओवादी की शिनाख्त की जा रही है।

घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने तीन एके-47 ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए हैं। पुलिस मुख्यालय ने इस मुठभेड़ को नक्सल उन्मूलन के अभियान में बड़ी उपलब्धि बताया है। फिलहाल इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

पिछले 6 महीने में यह दूसरी बड़ी सफलता है जब सुरक्षा बलों ने एक करोड़ का इनामी माओवादी मार गिराया है। इससे पहले 21 अप्रैल को बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगुबुरु पहाड़ी की तलहटी में मुठभेड़ में विवेक उर्फ प्रयाग मांझी सहित आठ माओवादी मारे गए थे।

सहदेव सोरेन के मारे जाने के बाद अब झारखंड में एक करोड़ के इनामी माओवादियों की संख्या तीन रह गई है। इनमें मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर, असीम मंडल उर्फ आकाश और अनल उर्फ तूफान उर्फ पतिराम मांझी शामिल हैं।

**************************

 

सुप्रीम कोर्ट का पूरे वक्फ कानून पर रोक से इनकार

5 साल तक इस्लाम का पालन करने वाले प्रावधान को किया खारिज

नई दिल्ली ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अहम फैसला सुनाया है।

अदालत ने कानून के कुछ विवादित प्रावधानों पर फिलहाल रोक लगा दी है, हालांकि पूरे अधिनियम को खारिज करने से इनकार कर दिया।

अदालत ने उस प्रावधान पर रोक लगाई है, जिसमें वक्फ बोर्ड का सदस्य बनने के लिए कम से कम 5 साल तक इस्लाम का पालन करना अनिवार्य था। कोर्ट ने कहा कि जब तक सरकार इस संबंध में स्पष्ट नियम नहीं बनाती, तब तक यह शर्त लागू नहीं होगी।

सुप्रीम कोर्ट ने धारा 3(74) से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड प्रावधान पर भी रोक लगाते हुए कहा कि किसी कलेक्टर या कार्यपालिका को संपत्ति के अधिकार तय करने का अधिकार देना शक्तियों के पृथक्करण के खिलाफ है।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब तक वक्फ संपत्ति से जुड़ा अंतिम निर्णय वक्फ ट्रिब्यूनल और हाई कोर्ट से नहीं हो जाता, तब तक वक्फ को संपत्ति से बेदखल नहीं किया जा सकता और न ही किसी तीसरे पक्ष के अधिकार बनाए जाएंगे।

बोर्ड की संरचना को लेकर अदालत ने कहा कि 11 सदस्यों में से बहुमत मुस्लिम समुदाय से होना चाहिए और अधिकतम तीन ही गैर-मुस्लिम सदस्य हो सकते हैं। साथ ही, जहां तक संभव हो, बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ष्टश्वह्र) मुस्लिम होना चाहिए।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि संपत्ति के पंजीकरण संबंधी प्रावधानों में कोई गलती नहीं पाई गई और कानून की संवैधानिक वैधता की धारणा बनी रहती है।

कोर्ट ने कहा कि फिलहाल केवल कुछ धाराओं पर अंतरिम सुरक्षा दी जा रही है, जबकि पूरे अधिनियम पर रोक लगाने का कोई आधार नहीं है।

*************************

 

पंजाब बॉर्डर पर बीएसएफ का बड़ा एक्शन तीन तस्कर गिरफ्तार

हेरोइन और ड्रोन बरामद

चंडीगढ़ ,14  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में नशे और ड्रोन तस्करी पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 3 तस्करों को गिरफ्तार किया, साथ ही ड्रोन और बड़ी मात्रा में हेरोइन भी जब्त की है।

यह ऑपरेशन अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर सेक्टरों में किए गए, जिनमें बीएसएफ जवानों ने सटीक खुफिया जानकारी पर त्वरित कार्रवाई की। इस बात की जानकारी बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के जरिए दी।

अमृतसर जिले में गांव रत्तनखुर्द के पास संदिग्ध ड्रोन गतिविधि देखी गई। बीएसएफ जवानों ने तत्काल इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान चलाया, जिसमें 590 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

इसके कुछ घंटे बाद, तरनतारन जिले के गांव कलसियां के पास एक तस्कर को 560 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया। इसके अलावा, नौशेरा धल्ला इलाके में 600 ग्राम हेरोइन जमीन में छिपाई गई हालत में मिली, जिसे जवानों ने जब्त कर लिया।

फिरोजपुर सेक्टर में एक दिन पहले की गई बड़ी कार्रवाई में बीएसएफ ने 9 पैकेट हेरोइन बरामद की थी और 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद भी ऑपरेशन जारी रहा।

हुसैनीवाला बैराज के पास जवानों ने एक ड्रोन बरामद किया, जिसका इस्तेमाल नशीली दवाओं की तस्करी के लिए किया गया था।

इसके अलावा, खलरा इलाके में दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ा गया, जो एक ड्रोन द्वारा गिराए गए पैकेट को लेने की कोशिश कर रहे थे।

बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के आधिकारिक एक्स पोस्ट के अनुसार, ये लगातार चलाए गए ऑपरेशन देश की सीमाओं की सुरक्षा और मादक पदार्थों के खतरे को रोकने में बीएसएफ की अथक सतर्कता और प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

जनता और प्रशासन ने बीएसएफ के इन प्रयासों की खुले दिल से सराहना की है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ऑपरेशन और तेजी से जारी रहेंगे।

*************************

 

गुजरात : भारत-पाक मुकाबले का विरोध, पीड़ित परिवार बोला- हमारे आंसू अभी सूखे नहीं

भावनगर 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को एशिया कप 2025 का मुकाबला खेला जाना है। उससे पहले ही इस मैच का विरोध होने लगा है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले मृतकों के परिवार ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का विरोध किया है।

गुजरात के भावनगर के यतीशभाई परमार और उनके बेटे स्मित के परिवार ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर विरोध जताया। पीड़ित परिवार ने कहा कि हमारे आंसू अभी सूखे भी नहीं हैं, ऐसे में पाकिस्तान के साथ कोई मैच या संबंध नहीं होना चाहिए।

मृतक यतीशभाई परमार की पत्नी किरणबेन परमार ने भारत-पाकिस्तान के बीच मैच का विरोध करते हुए कहा, “मेरा यही मानना है कि दोनों देशों के बीच मुकाबला नहीं होना चाहिए।

मैं उन खिलाड़ियों से अपील करती हूं जो इस मुकाबले में हिस्सा लेने वाले हैं, उन्हें खुद से ही इस मैच का बहिष्कार करना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “पहलगाम हमले में मेरे पति और मेरा 16 साल का बेटा शहीद हो गया। मुझे इस घटना का इतना दुख है कि मेरे आंसू अब तक सूखे नहीं हैं। हमारे सैनिक बार-बार शहीद होते हैं।

पाकिस्तान के साथ किसी भी प्रकार का संबंध नहीं होना चाहिए। जो लोग हमारे देश के साथ ऐसा करते हैं, उनके साथ कोई रिश्ता नहीं रखना चाहिए।”

यतीशभाई के बेटे सावन परमार ने कहा, “पहलगाम आतंकी हमले में मेरे परिवार के दो सदस्य मारे गए थे। हमें बताया गया था कि पाकिस्तान के साथ सभी तरह के संबंध तोड़ दिए गए थे.

ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में मैच हो रहा है, जिसे सुनकर हमें काफी दुख पहुंचा है। मैं मांग करता हूं कि भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए, क्योंकि वह एक आतंकी देश है।”

बता दें कि पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी, जिसमें गुजरात के यतीशभाई परमार और उनका बेटा स्मित शामिल थे।

हमले में आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया था। भावनगर के रहने वाले यतीशभाई परमार अपने बेटे स्मित और अन्य साथियों के साथ कश्मीर घूमने गए थे। आतंकियों ने यतीशभाई और स्मित की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस घटना के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया था, लेकिन मृतकों के परिजनों में भारत-पाकिस्तान के बीच हो रहे मैच को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। मृतक के परिवार मांग कर रहे हैं कि पाकिस्तान के साथ मैच या किसी भी तरह के संबंध नहीं होने चाहिए।

******************************

 

कोलकाता में डीआरआई ने 26 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त किए

मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार

कोलकाता 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की।

डीआरआई की कोलकाता क्षेत्रीय इकाई ने 12 सितंबर को चलाए गए बहुआयामी अभियान में लगभग 26 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ जब्त किए और रैकेट के मास्टरमाइंड सहित कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह के शुरुआती घंटों में तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाई अड्डा और जादवपुर के बिजॉयगढ़ इलाके के दो आवासीय परिसर शामिल थे।

रैकेट के मास्टरमाइंड के आवास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड, कैनाबिस और कोकीन बरामद किया गया है। मास्टरमाइंड द्वारा किराए पर लिए गए और संचालित एक अन्य आवास से, ‘वितरण के लिए तैयार’ रूप में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।

कोलकाता में ऐसी नशीली दवाओं की बिक्री और स्थानीय वितरण के लिए काम कर रहे मास्टरमाइंड के चार सहयोगियों को भी उसी स्थान से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने उक्त स्थानों से नकदी भी जब्त की, जो नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त हुई थी। सिंडिकेट का एक अन्य सदस्य, जो विदेशों में आपूर्तिकर्ताओं की व्यवस्था करने में शामिल है, को भी उसी दिन गिरफ्तार किया गया।

इस बीच, दमदम स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय (एनएससीबीआई) हवाई अड्डे पर एक अलग अभियान में, बैंकॉक से आ रहे उक्त गिरोह से जुड़े चार मालवाहकों (जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं) को पकड़ा गया है। उनके पास से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए।

कुल मिलाकर अभियान में कुल 32.466 किलोग्राम गांजा, 22.027 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड, 345 ग्राम कोकीन और नकदी जब्त की गई है।

मास्टरमाइंड, विदेशी वाहक, खुदरा वितरक और बिचौलियों सहित दस लोगों (सभी भारतीय नागरिक) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत के लिए अदालत में पेश किया गया है। सभी जब्ती और गिरफ्तारियाँ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत की गई हैं। आगे की जांच जारी है।

************************

 

60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ा सांड, पूरी रात चला ड्रामा

 खुद ही उतरकर हुआ गायब 

अजमेर ,14  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान के अजमेर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सांड करीब 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया।

शनिवार शाम से लेकर पूरी रात सांड को नीचे उतारने के लिए प्रशासन और ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा, लेकिन रविवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने से पहले ही सांड खुद-ब-खुद नीचे उतरकर चला गया। इस अनोखी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह विचित्र घटना केकड़ी क्षेत्र के टांकावास गांव की है। शनिवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने देखा कि एक सांड गांव की पानी की टंकी पर चढ़ा हुआ है।

यह टंकी लगभग 60 फीट ऊंची है और इसी से पूरे गांव में पानी की सप्लाई होती है। टंकी पर सांड को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल प्रशासन को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही सावर थाना पुलिस, पटवारी और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सीढिय़ों के रास्ते सांड तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन सांड ने नीचे कूदने की धमकी दी, जिसके बाद टीम को पीछे हटना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने अजमेर से एक बड़ी क्रेन मंगवाने का फैसला किया।

उपखंड अधिकारी आस्था शर्मा भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन क्रेन के पहुंचने तक रात हो चुकी थी। अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को सुबह तक के लिए रोक दिया गया और निगरानी के लिए सिविल डिफेंस की एक टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया।

हालांकि, जब रविवार सुबह रेस्क्यू की तैयारी शुरू हुई, तो पता चला कि सांड रात के अंधेरे में खुद ही सुरक्षित नीचे उतरकर कहीं जा चुका था, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

************************

 

 

फुटबॉल मीडिया कप के दूसरे दिन भी दिखा मीडिया कप का रोमांच

बेतला ने दलमा को 2-1 से हराया, वहीं टीम झूमरा और सारंडा का मैच रहा ड्रॉ

रांची,14.09.2025 –  रांची प्रेस क्लब द्वारा आयोजित सीसीएल फुटबाल मीडिया कप का आयोजन सीसीएल गांधीनगर ग्राउंड में किया जा रहा है।

दूसरे दिन के मैच में बेतला ने दलमा को 2-1 से पराजित किया। वहीं टीम झूमरा और सारंडा का मैच ड्रा रहा।

बेतला और दलमा के बीच हुए मैच में एक गोल मार कर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले राजेश सिंह को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी झारखंड गो सेवा आयोग के चेयरमैन राजीव रंजन के द्वारा दिया गया।

वहीं टीम झूमरा और सारंडा के बीच हुए मुकाबले में टीम सारंडा के स्ट्राइकर अशोक गोप को मैन ऑफ द मैच का परस्कार जेसेसपीएस के सीईओ नवीन झा ने दिया।

मैच का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार विजय पाठक, गो सेवा आयोग के चेयरमैन राजीव रंजन और जेसेसपीएस के सीईओ नवीन झा ने किया।

अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रेस क्लब इसके लिए बधाई का पात्र है, जिसने शानदार आयोजन कर पत्रकारों को एक सूत्र में बांधने का काम किया है।

वहीं इस मौके पर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र सोरेन, सचिव अमरकान्त, आयोजन समिति के कन्वेनर रतन लाल, कोषाध्यक्ष कुबेर सिंह, आरजे अरविंद, आलोक कुमार सिन्हा, संजय सुमन, सौरभ शुक्ला, मोनू कुमार, प्रमुख रुप से मौजूद थे।

***********************

 

तेजस्वी यादव ने दिखाया पूर्णिया मेडिकल कॉलेज की बदहाली का सच

पूछा सवाल- सुविधाएं क्यों नहीं?

पटना 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने देर रात पूर्णिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को लेकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के भ्रष्ट मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार में कमीशन खाने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर केवल बिल्डिंग बनाते हैं, लेकिन डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, लैब टेक्निशियन, ड्रेसर और असिस्टेंट की नियुक्ति नहीं करते।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के औचक निरीक्षण का वीडियो शेयर किया। उन्होंने अस्पताल की बदहाली को लेकर बिहार सरकार से सवाल भी किया।

उन्होंने एक्स पर लिखा, “कल देर रात्रि गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच), पूर्णिया का औचक निरीक्षण किया। वीडियो में 20 सालों की एनडीए सरकार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की एक छोटी सी बानगी देखिए।

यह बदहाली किसी जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नहीं, बल्कि तथाकथित मेडिकल कॉलेज की है। इसका आंखों देखा हाल जानिए और इस जुमलेबाज निकम्मी सरकार के अमंगलकारी स्वास्थ्य मंत्री को लानत भेजिए।”

तेजस्वी यादव ने अस्पताल की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, “यह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल है, लेकिन यहां आईसीयू नहीं है। ट्रॉमा सेंटर चालू नहीं है। कार्डियोलॉजी यानि हृदय रोग विभाग है ही नहीं। एक बेड पर तीन-तीन मरीज लेटा रखे हैं।

15-20 दिन में भी मरीजों की बेडशीट नहीं बदली जाती। हड्डी रोग से संबंधित और विकलांग शल्य चिकित्सा से संबंधित मरीजों के लिए शौचालय दो फीट ऊंचा है। साफ-सफाई बिल्कुल भी नहीं है।

जीएमसीएच, मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल है, लेकिन यहां नर्स के स्वीकृत 255 पदों में से केवल 55 नर्स ही कार्यरत है, वो भी तीन शिफ्ट में यानि एक बार में केवल 18 नर्स ही ड्यूटी पर रहती हैं। छुट्टी पर रहेंगी तो उससे भी कम।”

तेजस्वी ने कहा, “जीएमसीएच में 80 प्रतिशत चिकित्सकों के पद रिक्त हैं। जीएमसीएच में एक भी स्थायी ड्रेसर नहीं है। पूरे कॉलेज और हॉस्पिटल में केवल चार ओटी सहायक हैं। 23 विभाग में से अनेक विभाग बंद हैं। प्रोफेसर और सहायक प्रोफेसर नाम मात्र हैं।

मेडिकल इंटर्न को 6 महीनों से सैलरी नहीं मिली है। सरकारी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, स्वास्थ्य उपकरण, स्वास्थ्य सेवा और सुविधा के अभाव में पूर्णिया के निजी अस्पतालों में प्रतिदिन 10,000 मरीज जाते हैं।

एनडीए सरकार के भ्रष्ट मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार में कमीशन खाने के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर केवल बिल्डिंग बनाते हैं, लेकिन डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मी, लैब टेक्निशियन, ड्रेसर, असिस्टेंट इत्यादि की नियुक्ति नहीं करते। कमीशन के लिए हजारों करोड़ के स्वास्थ्य उपकरण खरीदते हैं, लेकिन उन्हें चलाने के लिए टेक्निशियन की बहाली नहीं करते।”

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी की पूर्णिया यात्रा पर कहा कि उन्हें बिहार की अपनी 20 सालों और केंद्र की 11 वर्षों की डबल इंजन सरकार की बड़ी-बड़ी खामियां नहीं दिखेंगी?

बिहार में 20 वर्षों की एनडीए सरकार के भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, गरीबी, एनडीए सरकार की विफलताओं, इलाज के नाम पर गरीबों से लूट, बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था तथा डबल इंजन के डबल जंगलराज पर प्रवचन अवश्य देंगे।

कल पूर्णिया के इस मेडिकल कॉलेज में जरूर जाइएगा और 2005 के बाद वाले मुख्यमंत्री को भी अवश्य लेकर जाइएगा, नहीं तो वो कहेंगे कि 2005 से पहले कुछ था जी”

******************************

 

पलामू में सुरक्षाबलों और टीपीसी नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 5 लाख का इनामी ढेर

पलामू 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : झारखंड के पलामू जिले के मनातू जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। कोबरा, झारखंड जगुआर और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम जब कॉम्बिंग कर रही थी, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में मुखदेव यादव मारा गया। मुखदेव पर कई गंभीर मामले दर्ज थे और वह तीन सितंबर को पलामू में हुई उस मुठभेड़ में भी शामिल था, जिसमें पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार का अभियान अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल रहे। शशिकांत के दस्ते में 8 से 10 सदस्य होने की जानकारी मिली है, जिनमें मुखदेव और एक अन्य इनामी नक्सली नगीना भी शामिल था।

इसके पहले 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर मुठभेड़ में पुलिस और सुरक्षा बलों ने दस लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया था। बोकारो जिले के ढोडी गांव का रहने वाला अमित 96 नक्सली वारदातों में वांटेड था।

झारखंड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में हर महीने औसतन तीन नक्सली मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि फिलहाल राज्य में 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं। फिलहाल 58 नक्सली इनामी सूची में हैं, जिन पर कुल 5 करोड़ 46 लाख रुपए का इनाम घोषित है।

झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में भाकपा माओवादी के 13 बड़े नक्सली हैं, जिनमें मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ का इनाम है।

इनके अलावा, अनमोल, मोछु, अजय महतो, अगेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, जयकांत और रापा मुंडा भी सूची में शामिल हैं।

इस साल नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ी मुठभेड़ 21 अप्रैल को हुई थी, जब बोकारो जिले के लुगु पहाड़ पर एक करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विवेक सहित आठ माओवादी मारे गए थे।

झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत अभियान चला रहे हैं। इस वर्ष जनवरी से अब तक कुल 24 नक्सली मारे जा चुके हैं।

************************

 

मेरे दिमाग की कीमत 200 करोड़ महीना – नितिन गडकरी

मैं दलाल नहीं, विरोधियों पर बरसे नितिन गडकरी

नागपुर 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : इथेनॉल नीति को लेकर हो रही आलोचनाओं का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बेहद तीखे अंदाज में जवाब दिया है। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, “मेरा दिमाग ही हर महीने 200 करोड़ की कीमत का है। मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है और मैं कभी नीचे नहीं गिर सकता।”

एग्रीकोज वेलफेयर सोसाइटी के एक कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने स्पष्ट किया कि इथेनॉल को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों का कमाई से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से किसानों के हित में है।

उन्होंने कहा, “आपको क्या लगता है कि ये सब मैं पैसे के लिए कर रहा हूं? मैं कोई दलाल नहीं हूं, ईमानदारी से कमाना जानता हूं।” गडकरी ने कुछ राजनेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे लोगों को लड़ाकर फायदा उठाते हैं, लेकिन वह उनमें से नहीं हैं।

विदर्भ में किसानों की आत्महत्या को एक शर्मनाक सच्चाई बताते हुए गडकरी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मेरा भी घर-परिवार है। मैं कोई संत नहीं हूं। मुझे हमेशा लगता है कि विदर्भ में 10 हजार किसानों की आत्महत्या शर्म की बात है। जब तक हमारे किसान समृद्ध नहीं हो जाते, हम अपने प्रयास कम नहीं करेंगे।”

अपने बेटे की कंपनी को लेकर लग रहे आरोपों पर सफाई देते हुए गडकरी ने कहा कि वह केवल आइडिया देने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा आयात-निर्यात का व्यापार करता है और कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रहा है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, “मेरे बेटे ने ईरान से 800 कंटेनर सेब मंगवाए और यहां से 100 कंटेनर केले भेजे। उसने गोवा से 300 कंटेनर मछलियां सर्बिया को सप्लाई कीं और ऑस्ट्रेलिया में दूध उत्पादों की फैक्ट्री भी लगाई है।”

गडकरी ने आगे बताया कि उनका बेटा आईटीसी के साथ मिलकर 26 चावल मिलें चलाता है। उन्होंने कहा, “मुझे (अपने उद्योग के लिए) पांच लाख टन चावल के आटे की जरूरत पड़ती है।

इसलिए वह मिल चलाता है और मैं उससे आटा खरीद लेता हूं।” उन्होंने कहा कि यह इस बात का उदाहरण है कि व्यापार में रुचि रखने वाले लोग कृषि क्षेत्र में कैसे अवसर पैदा कर सकते हैं।

**************************

 

जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा फिर स्थगित

तेज बारिश और भूस्खलन से खतरा बरकरार

कटरा 14 Sep,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब हो रहे मौसम के चलते प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वैष्णो देवी यात्रा को एक बार फिर से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

 गौरतलब है कि यह यात्रा पहले ही 19 दिनों तक स्थगित रह चुकी थी और (14 सितंबर) रविवार से इसे फिर से शुरू किए जाने की योजना थी। लेकिन अचानक तेज बारिश और ट्रैक पर बिगड़ती स्थिति के कारण यात्रा को दोबारा रोकना पड़ा है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में फिसलन और लैंडस्लाइड की आशंका बनी हुई है, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है।

इससे पहले 26 अगस्त को मंदिर के मार्ग में हुए एक बड़े भूस्खलन की घटना में 34 तीर्थयात्रियों की दुखद मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद से ही प्रशासन ने यात्रा को रोक दिया था और स्थिति सामान्य होने तक मार्ग को बंद रखा गया था।

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम साफ होने और प्रशासन द्वारा अगली सूचना जारी होने तक यात्रा की योजना न बनाएं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और मौसम में सुधार होते ही यात्रा को दोबारा शुरू करने की संभावना है।

************************

 

लखनऊ एयरपोर्ट पर टेकऑफ के वक्त पायलट ने लगाया इमरजेंसी ब्रेक

डिंपल यादव सहित 151 यात्री थे सवार

लखनऊ 14 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह एक बड़ा विमान हादसा टल गया। दिल्ली के लिए उड़ान भरने जा रही इंडिगो की फ्लाइट टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिसके चलते पायलट को रनवे पर ही इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। फ्लाइट में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव सहित कुल 151 यात्री सवार थे।

 सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 10:55 बजे फ्लाइट जब रनवे पर तेज गति से दौड़ रही थी, तभी पायलट ने तकनीकी गड़बड़ी महसूस की। रनवे के अंतिम छोर तक पहुंचने से पहले ही पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया। पायलट की सतर्कता और तुरंत लिए गए फैसले ने एक संभावित दुर्घटना को टाल दिया।

घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से टर्मिनल पर वापस लाया गया। इंडिगो एयरलाइन ने तकनीकी खराबी की पुष्टि की है और कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए सभी जरूरी उपाय किए गए। एयरलाइन ने सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट में स्थानांतरित कर दिल्ली रवाना कर दिया।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के चलते कुछ देर के लिए हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।

उन्होंने पायलट और एयरपोर्ट स्टाफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिससे सभी लोग सुरक्षित रहे। फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 11:00 बजे था और दिल्ली में लैंडिंग का समय 12:10 बजे तय किया गया था। हालांकि तकनीकी खराबी के कारण इस उड़ान में देरी हुई। फिलहाल एयरलाइन की

इंजीनियरिंग टीम विमान की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आगे ऐसी कोई समस्या न हो।

**********************

 

रांची पुलिस ने चेन छिनतई की घटनाओं में शामिल आरोपी को किया गिरफ्तार

रांची,13.09.2025 – रांची में चेन छिनतई की कई  घटनाएं घटी थी।इस पर  अंकुश लगाने हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देशा पर पुलिस अधीक्षक (नगर) रांची द्वारा विशेष टीम गठित किया गया था।

इसी क्रम में चुटिया थाना अंतर्गत निवारणपुर स्थित तपोवन मंदिर के पास से दिनांक-11.09.2025 को पूर्व के घटनाओं में शामिल बाइक सवार अपराधकर्मी द्वारा ही एक महिला के गले से सोने का चेन छिनतई की सूचना प्राप्त हुई थी.

इस संबंध में चुटिया थाना कांड संख्या-216/2025 दिनांक 11.09.2005 थाना-309 बी०एन०एस के तहत कांड अंकित किया गया था एवं पुलिस उप महानिरीक्षक तह वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, नगर के नेतृत्व मे अपराधकर्मी का पहचान कर अविलंब गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया.

तकनीकी सहायता, सी०सी०टी०वी कैमरा के गहन छानबीन के आधार पर घटना में शामिल बाइक सवार अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ गिरफतार किया गया.

कांड में गिरफ्तार असरुद्दीन के द्वारा बताया गया कि वह राँची के विभिन्न इलाको में करीब 12 /14 स्थानो पर चेन छिनतई किया है.

छिनतई में शामिल अभियुक्त के निशानदेही पार छिनतई किया हुआ सोना खरीदने वाले महामाया ज्वेलर्स, कडरु फुल टोली स्थित दुकान के मालिक पप्पू कुमार सोनार को भी गिरफ्तार किया गया.

11.09 2025 को चुटिया निवारणपुर की महिला से छिनतई किया गया सोने का चेन सहित सोने को गला कर बनाया हुआ सोने का अन्य सामग्री करीब 30.08 ग्राम सोना, ज्वेलरी दुकान से बरामद किया गया।

छिनातई मे शामिल अभियुक्त मो० असरुदीन अंसारी, पिता जुलफान अंसारी पता- डिरही, बड़का टोली, लोहरदगा, थाना जिला-लोहरदगा एवं सोनार पप्पु कुमार उर्फ पायु सोनार, पिता झूलन प्रसाद, पता-मधुकम तालाब के पास, थाना-सुखदेवनगर, जिला रांची दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा

******************************

 

सियासत की पिच पर भारत-पाक क्रिकेट मैच, विपक्ष के बाऊंसरों पर भाजपा की रक्षात्मक बल्लेबाजी

नई दिल्ली ,13  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कल भारत और पाकिस्तान एशिया कप के एक मुकाबले में आमने-सामने होंगे। मैच से पहले सियासत गरमा गई है।

सियासत का केंद्र बिंदु है यह मैच और बार-बार सवाल उठाया जा रहा है आखिर पाकिस्तान से यह मैच क्यों खेला जा रहा है। क्रिकेट की भाषा में कहें तो सियासत की इस पिच पर विपक्ष बाउंसर फेंक रहा है और भाजपा को रक्षात्मक बैटिंग करनी पड़ रही है।

दिल्ली के पूर्व सीएम एवं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल सोशल मीडिया पर कहते हैं कि यह निर्णय अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में तो नहीं लिया गया।

उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, क्या ये भी ट्रम्प के दबाव में किया जा रहा है? आखिर ट्रम्प के आगे कितना झुकोगे? वहीं भाजपा सांसद अनुराग ने कहा कि जब एसीसी या आईसीसी द्वारा बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, तो देशों के लिए उनमें भाग लेना एक मजबूरी और अनिवार्यता बन जाती है, अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे. उन्हें मैच छोडऩा होगा और दूसरी टीम को अंक मिलेंगे।

मैच के विरोध में शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे ने तो सड़क पर उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक आतंकवादी देश के साथ मैच खेलने राष्ट्रीय भावना का अपमान है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना के कार्यकर्ता पूरे महाराष्ट्र में सड़कों पर उतरेंगे और मैच का विरोध करेंगे।

**************************

 

जब खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते तो भारत-पाकिस्तान में क्रिकेट कैसे : पवन खेड़ा

नई दिल्ली ,13  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को मैच खेला जाएगा। इसको लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि जब खून और पानी साथ नहीं बह सकते तो एशिया कप में भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच कैसे खेल सकता है।

शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के संपादकीय में भारत-पाकिस्तान मैच को राष्ट्रद्रोह करार दिया गया। संपादकीय में कहा गया कि पाकिस्तान से क्रिकेट खेलना राष्ट्र विरोधी और करोड़ों हिंदुओं का अपमान है।

जब इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा से प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने इसे सही बताते हुए कहा कि इसमें गलत क्या है, बिल्कुल सही है।

बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि संपादकीय में बिल्कुल ठीक बात लिखी है। इसमें गलत क्या हैं। उन्होंने कहा कि मैच के पीछे जो लोग हैं, उनसे सवाल किया जाना चाहिए। जब हम उनके खिलाफ क्रिकेट मैच खेलेंगे तो क्या हम पहलगाम, पुलवामा जैसी आतंकी घटना को भुला देंगे।

पीएम मोदी के मणिपुर दौरे को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि ढाई साल से वहां हिंसा चल रही है, हम सभी वहां होकर आए हैं, पीएम मोदी को जाने के लिए बार-बार कहते थे, आज पता चला है कि पीएम मोदी वहां गए हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े बैनर लगाए गए हैं।

पवन खेड़ा ने सवाल किया-क्या पीएम मोदी का रोड शो उन्हीं सड़कों पर है, जहां महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था? जब महिलाओं को इन सड़कों पर परेड कराई जा रही थी, उस समय प्रधानमंत्री मोदी कहां थे? जब मणिपुर को हमदर्दी की जरूरत थी, तब प्रधानमंत्री मोदी कहां थे? मणिपुर के दिल में गुस्सा है।

उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री भूपेन हजारिका का एक भी गीत समझ लें तो वे इस देश को समझ जाएंगे। वे सिर्फ मुख्य अतिथि बनकर घूमने वाले प्रधानमंत्री नहीं हैं। हजारिका के गीतों में इस देश का ज्ञान सुनाई देता है। उस ज्ञान को सुनिए। उनके गीत गंगा को ही लीजिए, अगर प्रधानमंत्री इसके एक-एक शब्द को समझ लें तो वे भारत के सार को समझ जाएंगे।

***************************

 

उद्धव ठाकरे ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का किया विरोध, बोले- यह देशभक्ति का व्यवसायीकरण

मुंबई ,13  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। एशिया कप में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर पूरे देश में सियासी घमासान छिड़ गया है। विपक्ष क्रिकेट मैच को लेकर सरकार का घेराव कर रही है। इसीक्रम में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभक्ति का व्यवसायीकरण कर दिया है।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते। अगर खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते, तो खेल और खून साथ-साथ कैसे बह सकते हैं? युद्ध और खेल एक साथ कैसे हो सकते हैं? यह बकवास है। उन्होंने देशभक्ति का व्यापार किया है, उन्होंने देशभक्ति का व्यवसायीकरण कर दिया है। और कल वे एक मैच आयोजित कर रहे हैं क्योंकि उन्हें इससे मिलने वाला पैसा चाहिए; उन्हें दान चाहिए।

उन्हें परवाह नहीं कि देश को नुकसान हो या लोग मरें, उन्हें कोई परवाह नहीं। वे बेफिक्री से खेलते रहेंगे और फिर भी हमें देशभक्ति सिखाते रहेंगे।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच के संबंध में दिए गए बयान पर मंत्री नितेश राणे ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि क्या सामना या उद्धव ठाकरे को भारत-पाकिस्तान मैच के बारे में बोलने का नैतिक अधिकार है?

जब उद्धव ठाकरे मुंबई और महाराष्ट्र से सांसद चुने गए थे, तो लोकसभा जीत के बाद उनकी विजय रैली में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे थे, हरे झंडे लहराए गए थे, हरा गुलाल उड़ाया गया था और नारे लगाए गए थे। उस समय, उनके मन में पाकिस्तान के प्रति कोई गुस्सा नहीं था, लेकिन अब अचानक वे भारत के प्रति प्रेम से भर गए हैं? यही सांसद सिर तन से जुदा के नारे लगा रहे थे। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इनके प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

नितेश राणे ने शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे के भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच के संबंध में दिए गए बयान पर कहा, वही आदित्य ठाकरे बुर्का पहनकर भारत-पाकिस्तान मैच छुपकर देखेंगे।

इसके अलावा, आम आदमी पार्टी (आप) ने क्रिकेट मैच के विरोध में दफ्तर में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का पुतला फूंका। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और कुलदीप कुमार शामिल हुए।

इन लोगों ने कहा कि हम इस मैच का विरोध कर रहे हैं और कहना चाहते हैं कि भारत सरकार इस मैच को तुरंत रोके। पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आज पाकिस्तान क्रिकेट टीम का पुतला जलाया गया क्योंकि ये वही पाकिस्तानी क्रिकेटर हैं जिन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के समर्थन में बात की थी।

आप विधायक संजीव झा ने कहा कि मैं बीसीसीआई और आईसीसी में बैठे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से पूछना चाहता हूं कि क्या आप यह अपमान बर्दाश्त करेंगे? आपने एक बार कहा था कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो खून और क्रिकेट एक साथ कैसे चल सकते हैं? क्यों? क्योंकि यह व्यापार और सत्ता का मामला है?

********************************

 

मैं साथ हूं, मणिपुर के सभी संगठन शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर सपने पूरे करें : मोदी

चुराचांदपुर ,13  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर के सभी संगठनों से अपील की है कि वे शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करें। प्रधानमंत्री मोदी ने इन संगठनों को भरोसा दिया कि वे उनके साथ खड़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, हमें संतोष है कि हाल ही में हिल्स और वैली में अलग-अलग संगठनों के साथ समझौतों के लिए बातचीत हुई है। ये भारत सरकार के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें संवाद, सम्मान और आपसी समझ को महत्व देते हुए शांति की स्थापना के लिए काम किया जा रहा है।

मैं सभी संगठनों से अपील करूंगा कि शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करें। मैं आपके साथ हूं, भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है।

शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में 7,300 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मणिपुर की ये धरती हौसलों और हिम्मत की धरती है।

ये हिल्स प्रकृति का अनमोल उपहार हैं, और साथ ही ये हिल्स आप सभी लोगों की निरंतर मेहनत का भी प्रतीक हैं। मणिपुर के लोगों के जज्बे को सैल्यूट करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आप इतनी भारी बारिश में भी इतनी बड़ी संख्या में यहां आए, मैं इस प्यार के लिए आपका आभार व्यक्त करता हूं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि मणिपुर के नाम में ही मणि है, ये वो मणि है जो आने वाले समय में पूरे नॉर्थ-ईस्ट की चमक को बढ़ाने वाली है। भारत सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि मणिपुर को विकास के रास्ते पर तेजी से आगे ले जाएं। इसी कड़ी में मैं यहां आप सभी के बीच आया हूं।

उन्होंने कहा, मणिपुर में जिंदगी को पटरी पर लाने के लिए केंद्र सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार मणिपुर को पीस, प्रोस्पेरिटी और प्रोग्रेस का प्रतीक बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले यहां गांवों में पहुंचना कितना मुश्किल था, आप सभी जानते हैं। अब सैकड़ों गांवों में यहां रोड कनेक्टिविटी पहुंचाई गई है। इसका बहुत अधिक लाभ पहाड़ी लोगों को, ट्राइबल गांवों को हुआ है। भाजपा सरकार के दौरान ही मणिपुर में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है। जीरीबाम-इंफाल रेलवे लाइन बहुत जल्द राजधानी इंफाल को नेशनल रेल नेटवर्क से जोड़ देगी।

***********************

 

दुर्गा पूजा 2025 की तैयारियों को लेकर केंद्रीय शांति समिति के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राँची की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक

पूजा समितियों के सदस्यों ने साफ-सफाई, जलापूर्ति, निर्बाध बिजली, महिला आरक्षियों की प्रतिनियुक्ति, पूजा पंडालों में बैरिकेडिंग, ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिटी बस, विसर्जन हेतु वाहनों की उपलब्धता आदि व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए

समिति सदस्यों ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिए कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों या विवादों से बचें

जिला प्रशासन 24 घंटे जनता के सहयोग के लिए तत्पर है

सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को रोकने के लिए विशेष निगरानी टीम गठित की जाएगी

रांची,13.09.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राँची की संयुक्त अध्यक्षता में 13 सितंबर 2025 को समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर केन्द्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और समावेशी तरीके से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा किया गया। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समिति सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की, जिससे उत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार की गईं।

बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर श्री अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री प्रवीण पुष्कर, अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं विभिन्न दुर्गा पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

पूजा समितियों के सुझाव

बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों ने साफ-सफाई, जलापूर्ति, निर्बाध बिजली, महिला आरक्षियों की प्रतिनियुक्ति, पूजा पंडालों में बैरिकेडिंग, विसर्जन हेतु वाहनों की उपलब्धता आदि व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दुर्गा पूजा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और समावेशी तरीके से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा किया गया। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समिति सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी की, जिससे उत्सव की सफलता सुनिश्चित करने के लिए ठोस योजनाएं तैयार की गईं।

दुर्गा पूजा, जो झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इस वर्ष 2025 में और भी भव्य रूप से मनाई जाएगी, लेकिन इसके साथ ही सामाजिक सद्भाव और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

शांति और सद्भाव बनाए रखना

समिति सदस्यों ने सभी पूजा समितियों को निर्देश दिए कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों या विवादों से बचें। सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को रोकने के लिए विशेष निगरानी टीम गठित की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था

जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख स्थलों में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

यातायात और पार्किंग प्रबंधन

रांची शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए प्लान तैयार किया गया। पूजा पांडालों के आसपास पार्किंग जोन निर्धारित किए जाएंगे ताकि आम जनता को असुविधा न हो।

समुदाय भागीदारी

विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों को आमंत्रित किया गया, ताकि उत्सव में सभी समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित हो।

केंद्रीय शांति समिति के एक प्रमुख सदस्य ने कहा, “दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक उत्सव है, बल्कि यह सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। हम सभी मिलकर सुनिश्चित करेंगे कि 2025 का उत्सव यादगार और शांतिपूर्ण बने। प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा।”

रांची जिला प्रशासन ने कहा यह बैठक दुर्गा पूजा की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण कदम है। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे सहयोग करें और किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।”

उपायुक्त द्वारा निम्न निर्देश दिए गए

दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

सभी पूजा समितियां बिजली के लोड, वायरिंग एवं फायर सेफ्टी की व्यवस्था सुनिश्चित कर संबंधित पदाधिकारी से एनओसी प्राप्त करें।

असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रशासन जीरो टॉलरेंस अपनाएगा।

पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, वॉलिंटियर्स के आईडी कार्ड एवं यूनिफॉर्म की व्यवस्था करें।

थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के पंडालों से निरंतर संपर्क में रहें, बिना पुलिस बल के कोई विसर्जन न हो।

विसर्जन के वाहनों की फिटनेस जांच, चालक की पड़ताल एवं शराब सेवन पर कड़ी पाबंदी।

संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

सर्वोत्तम समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था करने वाली पूजा समिति को पुरस्कृत किया जाएगा।

लाउडस्पीकर एवं डीजे का उपयोग नियमानुसार हो, ध्वनि प्रदूषण एवं आपत्तिजनक गीतों से परहेज किया जाए।

पंडाल निर्माण के कारण यातायात बाधित न हो।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन कुमार सिन्हा ने निम्न निर्देश दिए

पूजा समितियां प्रशासन की आंख, कान, नाक और पैर हैं, सहयोग से ही शांति व्यवस्था संभव है।

बिजली की वायरिंग को हल्के में न लें, सुरक्षा सर्वोपरि है।

प्रत्येक समिति अपने 5-5 वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षण में भेजे और उनकी सूची स्थानीय थाना प्रभारी को सौंपे।

सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश या वीडियो शेयर न करें, पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचित करें।

धर्म-संप्रदाय के नाम पर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पंडालों में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग प्रवेश व्यवस्था, तोरण द्वार की स्वयं जांच और साफ छवि वाले युवाओं को वॉलिंटियर्स बनाने पर बल।

महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, समितियां महिला वॉलिंटियर्स भी नियुक्त करें।

बैठक अपर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि समितियों के सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त श्री भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन 24 घंटे जनता के सहयोग के लिए तत्पर है और सभी विभागीय पदाधिकारी पूजा समितियों के सुझावों पर अमल करेंगे।

**************************

 

सीपी राधाकृष्णन ने ली उपराष्ट्रपति पद की शपथ

इस्तीफे के बाद पहली बार नजर आए जगदीप धनखड़

नई दिल्ली 12 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण कर ली है। राष्ट्रपति भवन में लगभग सुबह 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री उपस्थित थे।

 शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल हुए, जो उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए।

कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे भी समारोह में मौजूद रहे, जबकि विपक्ष के अन्य नेता भी आए, लेकिन नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुजरात दौरे के कारण शामिल नहीं हो पाए।

सीपी राधाकृष्णन ने 9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने के बाद गुरुवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया।

राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंपा गया है।

इस चुनाव में राधाकृष्णन ने विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया था। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था

************************

 

दिल्ली हाई कोर्ट में बम की धमकी से मचा हड़कंप, ईमेल में लिखा- नमाज के बाद होगा धमाका

नई दिल्ली 12 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजधानी दिल्ली में बम की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया।

धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि जजों के चैंबर सहित परिसर में तीन बम रखे गए हैं और दोपहर की नमाज के बाद धमाका होगा। इस खबर के मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, आज (शुक्रवार, 12 सितंबर) दिल्ली हाई कोर्ट को मिले ईमेल में लिखा था, ‘आज दोपहर की इस्लामी नमाज के तुरंत बाद जजों के चैंबर में विस्फोट हो जाएगा।’ ईमेल में दोपहर 2 बजे तक परिसर को खाली करने का अल्टीमेटम भी दिया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे हाई कोर्ट परिसर से जजों, वकीलों और अन्य स्टाफ को बाहर निकाला गया और एक बड़ा तलाशी अभियान शुरू किया गया है, जो अभी भी जारी है।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और यहां तक कि मुख्यमंत्री सचिवालय को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हालांकि, पिछली सभी धमकियां जांच के बाद फर्जी निकली थीं।

पुलिस का मानना है कि यह धमकी भी उसी श्रृंखला की एक कड़ी हो सकती है, लेकिन किसी भी तरह का जोखिम न उठाते हुए मानक प्रक्रिया के तहत पूरी जांच की जा रही है।

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि यह ईमेल भी वीपीएन (VPN) का इस्तेमाल कर भेजा गया हो सकता है, जैसा कि पहले के मामलों में देखा गया है।

*************************

 

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अजमेर में सेवन वंडर्स पार्क को तोड़ने की कार्रवाई शुरू

अजमेर 12 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अजमेर में सेवन वंडर्स पार्क को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। छह महीने पहले सर्वोच्च न्यायालय ने इस पार्क को हटाने के आदेश दिए थे। इसके बाद केवल एक प्रतिमा को हटाया गया था, लेकिन अब पूरी संरचना हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई है।

अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA) ने पार्क को हटाने के लिए पहले टेंडर जारी किए थे, लेकिन केवल एक कंपनी ने बोली लगाई, जिसके कारण टेंडर रद्द कर दिए गए। नया टेंडर फिलहाल प्रक्रिया में है। जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भरोसा दिलाया था कि 17 सितंबर तक इसे हटा दिया जाएगा।

25 फरवरी को हुई सुनवाई में स्मार्ट सिटी की एसीईओ और नगर निगम आयुक्त की ओर से पेश एफिडेविट पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताई थी और कहा था कि—”आपकी कार्यप्रणाली से ऐसा नहीं लगता कि आप अजमेर को स्मार्ट बनाना चाहते हैं। हमें आश्चर्य है कि शहर में जल निकायों और आर्द्रभूमि की सुरक्षा के बिना कोई शहर कैसे स्मार्ट बन सकता है।”

यह पार्क स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 11.64 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया था। यहां दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां स्थापित की गई थीं—ताजमहल, एफिल टावर, मिस्र के पिरामिड, पीसा की झुकी हुई मीनार, रोम का कोलोसियम, न्यूयॉर्क का स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और ब्राज़ील के रियो डी जेनेरियो में स्थित क्राइस्ट द रिडीमर की प्रतिमा।

***************************

नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

कई बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई

राज्य निर्वाचन आयोग से संबंधित प्रतिवेदन अभिलंब उपलब्ध कराने का निर्देश

रांची,11.09.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज दिनांक 11 सितंबर 2025 को नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2025 की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, राँची, श्री राजेश कुमार साहू, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-अंचल अधिकारी, सदर राँची, अरगोड़ा, बड़गाई, नामकुम, हेहल, बुण्डू, सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगड़ी, कार्यपालक दंडाधिकारी, सदर राँची, श्री मोहम्मद जफर हसनत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई

अनुपूरक सूची का वार्डवार विखण्डीकरण

निर्वाचन के लिए मतदाता सूची को अद्यतन करने हेतु अनुपूरक सूची के वार्डवार विखण्डीकरण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए सभी शहरी क्षेत्र के अंचल अधिकारियों को उपायुक्त ने निर्देश दिया की नगरपालिका चुनाव के निमित्त जो मतदाता सूची तैयार किया गया है उसका सत्यापन शत प्रतिशत करा ले।

 मतदान केंद्र से संबंधित दस्तावेज

वार्डवार नक्शा, स्क्रूटनी शीट (प्रपत्र-B एवं प्रपत्र-C) और संबंधित प्रतिवेदनों की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया जिसपर उपायुक्त द्वारा सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

मतदान केंद्र भवन/स्थल परिवर्तन

मतदान केंद्रों के भवनों या स्थलों में आवश्यक परिवर्तन से संबंधित प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी सम्बंधित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा की मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन करा ले साथ ही कोई भी भवन बदलने की आवश्यकता हो तो इसका प्रस्ताव उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।

 1400 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्र

ऐसे मतदान केंद्रों की सूची, जहां मतदाताओं की संख्या 1400 से अधिक है, से संबंधित प्रतिवेदनों पर चर्चा करते हुए सभी सम्बंधित पदाधिकारी को निर्देश देते कहा की सभी संबंधित पदाधिकारी यह सुनिश्चित कर ले की मतदाता की संख्या किसी भी मतदान केंद्र में 1400 से ज्यादा ना हो।

 आपत्ति निराकरण की स्थिति

मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त आपत्तियों के निराकरण की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही उन्होंने सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग से संबंधित प्रतिवेदन अविलम्ब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

साथ ही, सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया।

*****************************

 

आपदाग्रस्त हिमाचल प्रदेश के लिए यूपी सरकार ने भेजी राहत सामग्री

शिमला ,11 सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश में आई भीषण आपदा के बीच मदद का सिलसिला जारी है। पिछले दिनों हरियाणा सरकार ने सहायता दी थी। अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भी बड़ी राहत पहुंचाई है।

जिला कांगड़ा के नूरपुर के कंडवाल में यूपी सरकार की ओर से 37 ट्रकों में भारी मात्रा में राहत सामग्री पहुंची। इनमें से 26 ट्रक पहुंच चुके हैं, जबकि बाकी रास्ते में हैं।

इस सामग्री को नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, भाजपा नेता संजय गुलेरिया और पूर्व विधायक रीता धीमान समेत कई नेताओं ने रिसीव किया।

यूपी से आए मंत्री जसवंत सिंह सैनी खुद ट्रकों के साथ मौजूद रहे। उनके साथ रेडक्रॉस शाखा के देवेंद्र कुमार, नीरज महेश्वरी और दीपक भी राहत सामग्री लेकर आए।

यूपी सरकार पहले ही मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपए दे चुकी है। अब भेजी गई 28 तरह की राहत सामग्री में दैनिक उपयोग की चीजें शामिल हैं, जो चंबा समेत प्रभावित इलाकों में बांटी जाएंगी। इस आपदा में हिमाचल के कई जिले तबाह हो गए हैं और हजारों परिवार बेघर हुए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा ने प्रदेश की हालत खराब कर दी है। लेकिन, योगी सरकार की मदद हिमाचल हमेशा याद रखेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1,500 करोड़ रुपए की राहत राशि का ऐलान किया, जो अब तक का सबसे बड़ा सहयोग है।

यूपी के मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि हिमाचल की आपदा बेहद दुखद है। सरकार ने संकट की इस घड़ी में पीडि़तों की मदद के लिए 37 ट्रक भेजे हैं, जिनमें जरूरी सामान हैं। जरूरत पडऩे पर और सहायता दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भी यूपी सरकार के सहयोग को सराहा और कहा कि यह आपदा प्रभावितों के लिए बड़ी राहत है। हिमाचल इस मदद को हमेशा याद रखेगा।

*****************************

 

पीएम मोदी के वाराणसी दौरे के पूर्व आधी रात कई कांग्रेसी नेता नजरबंद

प्रयागराज 11 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को वाराणसी आगमन पर प्रयागराज जोन के सभी 12 जिलों के कांग्रेसियों द्वारा विरोध को लेकर सतर्क प्रयागराज पुलिस ने सख़्ती दिखाते हुए  बुधवार आधी रात्रि से ही कांग्रेस नेताओं पर शिकंजा कसा।

स्थानीय इंटेलिजेंस विभाग के आधार पर बड़ी कार्रवाई कर शहर के दर्जनों नेताओं को उनके घरों में नजर बंद कर दिया गया।

कुछ नेताओं के घरों पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई ,कुछ को संबंधित थाने ले जाकर पूछताछ के बाद आश्वासन पर छोड़ा गया कि वह घर से बाहर नहीं निकलेंगे।

जिन प्रमुख नेताओं को नजर बंद किया गया उनमें शहर कांग्रेस अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय, कोऑर्डिनेटर हरकेश त्रिपाठी, पूर्व शहर अध्यक्ष नफीस अनवर, मानस शुक्ला, परवेज़ सिद्दीकी, अरशद अली सहित कई नेता शामिल हैं।

शहर अध्यक्ष  हाशमी के यहां तो पूरामुफ्ती और धूमनगंज की फोर्स तैनात कर दी गयी। पुलिसिया कार्रवाई पर गुस्साए  हाशमी ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में तानाशाह सरकार आवाज़ दवा रही।

वहीं पूर्व प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय का कहना है कि राहुल गांधी के बुधवार को रायबरेली दौरे पर भाजपा के लोगों द्वारा विरोध बौखलाहट के अलावा कुछ भी नहीं है।

वोट चोरी से बने प्रधानमंत्री और उनकी सरकार के साथ चुनाव आयोग और भाजपा के गठजोड़ का सबूतों के आधार पर राहुल गांधी द्वारा धांधली उजागर करने से मिलने वाली देशव्यापी वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान  की घबराहट है।

बिहार में पीएम मोदी की मां के अपमान से आहत भाजपाइयों से पूछा कि राहुल गांधी, कोई कांग्रेसी या राजद के किसी भी नेता ने जब अपमान नहीं किया तो राहुल गांधी से इस्तीफा  मांगना अथवा विरोध किया जाना साफ है कि वोट चोरी अभियान की पोल को दबाना।

*************************