Category Archives: news

हरियाणा में राजनीतिक हलचल हुई तेज, कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल से हटाया मिनिस्टर शब्द

चंडीगढ़ 18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हरियाणा के वरिष्ठ बीजेपी नेता और राज्य के परिवहन मंत्री अनिल विज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) से ‘मिनिस्टर’ शब्द हटा दिया है। उनके इस कदम के बाद हरियाणा की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। विज ने अब अपनी प्रोफाइल में केवल “अनिल विज अंबाला कैंट, हरियाणा, इंडिया” लिखा है।

यह बदलाव बुधवार देर रात या गुरुवार सुबह के बीच किया गया, जब विज का प्रोफाइल अचानक मंत्री पद की पहचान से खाली नजर आया। इससे पहले उनके अकाउंट पर ‘हरियाणा कैबिनेट मिनिस्टर’ लिखा हुआ था, जो अब गायब है।

हालांकि, इस बदलाव को लेकर विज की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे उनके बदलते राजनीतिक रुख से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे केवल एक व्यक्तिगत चयन बता रहे हैं।

गौरतलब है कि अनिल विज हरियाणा की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और गृह, स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाल चुके हैं। हाल ही में उन्हें राज्य सरकार में परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया पर की गई ऐसी प्रोफाइल एडिटिंग आमतौर पर संकेत देती है कि भीतरखाने कुछ चल रहा है। वहीं समर्थकों का कहना है कि यह कदम विज के ‘नो-नॉनसेंस’ और सीधे संवाद वाले व्यक्तित्व का हिस्सा हो सकता है।

फिलहाल विज की चुप्पी ने अटकलों को और हवा दी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में वे इस पर कोई सफाई देते हैं या नहीं।

***************************

 

अब डाकघरों में बिकेगी बीएसएनएल की सिम, रिचार्ज की भी मिलेगी सुविधा

नई दिल्ली 18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : डाक विभाग और सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने समझौता ज्ञापन(एमओयू) पर साइन किया है, जिसके तहत बीएसएनल के सिम कार्ड्स की बिक्री और रिचार्ज सुविधा डाकघरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल विभाजन को कम करना है।

सरकार ने अनुसार, भारतीय डाक के 1.65 लाख डाकघर बीएसएनएल प्रीपेड सिम कार्ड और टॉप-अप सेवाओं के लिए बिक्री केंद्र के रूप में काम करेंगे।

बीएसएनएल सिम स्टॉक और प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जबकि डाक विभाग बीएसएनएल के लिए नए ग्राहकों को जोड़ेगा और मानकीकृत एवं सुरक्षित तरीके से लेनदेन की सुविधा प्रदान करेगा। बयान में कहा गया है कि असम में चले पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इसे राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाओं को खासकर देश के दूरदराज के इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए और अधिक सुलभ एवं किफायती बनाना है, जिन्हें अकसर सीमित कनेक्टिविटी की समस्या का सामना करना पड़ता है।

डाक विभाग की महाप्रबंधक (नागरिक केंद्रित सेवाएं और आरबी) मनीषा बंसल बादल ने कहा, “यह साझेदारी भारतीय डाक की विश्वसनीय पहुंच को बीएसएनएल की दूरसंचार विशेषज्ञता के साथ जोड़ती है जिससे प्रत्येक नागरिक को किफायती और सुलभ कनेक्टिविटी प्रदान की जा सके।”

दोनों पक्ष संयुक्त रूप से मजबूत निगरानी, ​​मासिक मिलान और साइबर सुरक्षा एवं डेटा गोपनीयता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे। बीएसएनएल के दूरसंचार बुनियादी ढांचे को भारतीय डाक की देशव्यापी उपस्थिति के साथ जोड़कर, यह साझेदारी नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के तालमेल में एक नया मानदंड स्थापित करती है।

बीएसएनएल ने हाल ही में आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए देश भर में मेक-इन-इंडिया, अत्याधुनिक 4जी मोबाइल नेटवर्क स्थापित किया है।

इस वर्ष की शुरुआत में, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीएसएनएल को विफलता के कगार से वापस लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के रणनीतिक पुनरुद्धार कदमों को श्रेय देते हुए कहा था कि सरकार द्वारा संचालित दूरसंचार दिग्गज को पिछली सरकार ने ‘वेंटिलेटर सपोर्ट’ पर छोड़ दिया था।

***************************

 

पीएम मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री से की बात, कहा- भारत शांति के लिए प्रतिबद्ध

नई दिल्ली  18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नेपाल की अंतरिम सरकार की पीएम सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की। उन्होंने हाल ही में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान जान गंवाने वालों के परिवारों को प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और शांति तथा स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों में भारत के समर्थन को दोहराया।

पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सुशीला कार्की के साथ हुई बातचीत की जानकारी दी।

उन्होंने एक्स पर लिखा, “नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात की। हाल की दुखद घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को मेरी गहरी संवेदनाएं। शांति और स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों में भारत के निरंतर समर्थन की बात दोहराई।”

पीएम मोदी ने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर सुशीला कार्की और नेपाल के लोगों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें और नेपाल की जनता को उनके राष्ट्रीय दिवस पर शुभकामनाएं दीं।”

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री के रूप में पद ग्रहण करने पर सुशीला कार्की को हार्दिक शुभकामनाएं। नेपाल के भाई-बहनों की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भारत पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”

बता दें कि सुशीला कार्की नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। बीते शनिवार को उनके नाम का ऐलान हुआ और उसी शाम सुशीला कार्की को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने शपथ दिलाई। अंतरिम सरकार के गठन के साथ नेपाल की संसद को भंग करते हुए आम चुनाव कराने का प्रस्ताव दिया गया है।

नेपाल में यह सत्ता-परिवर्तन ‘जेन-जी’ आंदोलन के बाद हुआ है, जिन्होंने केपी शर्मा ओली की सरकार को गिराया। 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध के खिलाफ नेपाल के युवाओं ने अपना विरोध शुरू किया था, लेकिन यह विरोध हिंसक प्रदर्शन में बदल गया था। केपी शर्मा ओली की सरकार के कई मंत्रियों के घर फूंक दिए गए थे। यहां तक कि इस आंदोलन के दबाव में केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।

**********************

 

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान, LoC से सटे इलाकों में लॉन्चिंग पैड एक्टिव; घुसपैठ की फिराक में 40 आतंकी

श्रीनगर 18 Sep,  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाई पाकिस्तान की सेना और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने कश्मीर में मरनासन्न आतंकवाद को जिंदा करने के लिए बड़े पैमाने पर घुसपैठ का षडयंत्र रचा है। इसके तहत नियंत्रण रेखा (एलओसी) के साथ लगे इलाकों में और जम्मू-कश्मीर व पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट कई नए लॉन्चिंग पैड सक्रिय किए गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि करीब एक दर्जन नए लॉन्चिंग पैड पिछले एक माह के दौरान एलओसी के पार सक्रिय हुए हैं। ये प्रमुख जगहें राजौरी-पुंछ, बारामुला-कुपवाड़ा और गुरेज के पास बताई जा रही हैं। साथ ही जम्मू के सांबा जिले के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार लूनी और बड़ा बाबा मसरुर क्षेत्र में भी दो नए लॉन्चिंग पैड शुरू होने की सूचना है। प्रत्येक लॉन्चिंग पैड पर लगभग दो-तीन आतंकियों की मौजूदगी बताई जा रही है, कुल मिलाकर करीब 40 आतंकी सक्रिय बताए जा रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि इन आतंकियों में अधिकांश पाकिस्तानी पंजाब और ग़ुलाम जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं, जबकि कुछ के कश्मीरी होने का दावा भी किया जा रहा है। कई ऐसे कश्मीरी आतंकियों की पहचान हुई है जो पिछले कुछ वर्षों में घाटी से अचानक लापता हुए थे या पासपोर्ट के आधार पर पाकिस्तान गए थे।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, इन लॉन्चिंग पैडों पर मौजूद आतंकियों को पाकिस्तानी सेना के विशेष दस्ते (एसएसजी) के साथ कुछ दिनों तक प्रशिक्षण भी दिया गया। इनके हैंडलर और आईएसआई अक्टूबर-नवंबर में इन आतंकियों को घाटी में घुसाने की फिराक में हैं। कोशिश यही है कि हिमपात शुरू होने से पहले—यानी सर्दियों आने से पहले—उन्हें घाटी के अंदर स्थित सेफहाउसों तक पहुंचा दिया जाए।

**************************

 

कर्नाटक में वोटर लिस्ट से कटे 6018 नाम, वोट चोरों को बचा रहे मुख्य चुनाव आयुक्त; राहुल गांधी ने लगाए बड़े आरोप

नई दिल्ली 18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले, यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है। यह इस देश के युवाओं को यह दिखाने और स्थापित करने में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली की जा रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में अलंद एक निर्वाचन क्षेत्र है। किसी ने 6018 वोटों को हटाने की कोशिश की। हमें नहीं पता कि 2023 के चुनाव में अलंद में कुल कितने वोट हटाए गए। ये संख्या 6,018 से कहीं ज्यादा है,लेकिन कोई उन 6018 वोटों को हटाते हुए पकड़ा गया, और यह संयोग से पकड़ा गया।

 कांग्रेस सांसद ने कहा कि हुआ यूं कि वहां के बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का वोट हटा दिया गया है, तो उसने जांच की कि उसके चाचा का वोट किसने हटाया, और उसने पाया कि वोट हटाने वाला एक पड़ोसी था।

उसने अपने पड़ोसी से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि मैंने कोई वोट नहीं हटाया। न तो वोट हटाने वाले व्यक्ति को और न ही जिसका वोट हटाया गया था, उसे पता था। किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया और वोट हटा दिया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं इस मंच पर ऐसा कुछ भी नहीं कहूंगा जो 100 प्रतिशत सत्य पर आधारित न हो। मैं अपने देश से प्यार करता हूं, अपने संविधान से प्यार करता हूं, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से प्यार करता हूं, और मैं उस प्रक्रिया की रक्षा कर रहा हूं। मैं यहां ऐसा कुछ नहीं कहूंगा जो 100 प्रतिशत प्रमाण पर आधारित न हो जिसे आप निर्धारित कर सकें।

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में कांग्रेस ने लिखा कि कुर्सी की पेटी बांध लीजिए। इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया गया है।

**************************

 

बुजुर्गों से व्यवहार पर फिर विवादों में केंद्रीय मंत्री गोपी, मदद मांगने आई महिला को झिड़का

थ्रिसूर 18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पहले एक बुजुर्ग को मदद से इनकार करने पर आलोचना झेल चुके केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी एक बार फिर नए विवाद में घिर गए हैं।

इस बार वह एक बुजुर्ग महिला को दिए अपने जवाब को लेकर चर्चा में हैं। महिला एक बैंक घोटाले में डूबी अपनी रकम वापस दिलाने के लिए मंत्री से गुहार लगा रही थी, जिस पर सुरेश गोपी ने उन्हें मुख्यमंत्री के पास जाने की सलाह दे डाली और सरेआम “ज्यादा बात मत करो” कहकर झिड़क दिया।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना केरल के थ्रिसूर जिले के इरिंजालाकुडा की है। एक बुजुर्ग महिला 2023 में हुए एक सहकारी बैंक घोटाले में फंसी अपनी जमा राशि वापस पाने के लिए केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी से मदद मांगने पहुंची थी।

इस पर मंत्री गोपी ने महिला से कहा, चेची (दीदी), ज्यादा बात मत करो। अपने मुख्यमंत्री को बोलो कि ईडी ने वह रकम बैंक को लौटा दी है और जाकर ले आओ।

जब महिला ने मंत्री से मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने में मदद का अनुरोध किया, तो उन्होंने कहा, इसके बाद आप मेरी छाती पर चढ़ जाएंगी। क्या आपके मंत्री यहां नहीं रहते? महिला के यह कहने पर कि ‘आप भी मंत्री हैं’, गोपी ने जवाब दिया, “मैं देश का मंत्री हूं।

यह कोई पहला मौका नहीं है जब सुरेश गोपी का बुजुर्गों के प्रति ऐसा व्यवहार सामने आया हो।

अभी 12 सितंबर को ही त्रिशूर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान वेलायुधन नाम के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने घर दिलाने में मदद के लिए उन्हें आवेदन देना चाहा था, लेकिन केंद्रीय मंत्री ने सार्वजनिक रूप से आवेदन लेने से इनकार कर दिया था। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी।

लगातार हो रही आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए गोपी ने बुधवार को आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी ‘अनजाने में हुई गलतियों’ को राजनीतिक लाभ के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।

उन्होंने वेलायुधन मामले का जिक्र करते हुए कहा कि हालांकि उन्हें खुशी है कि माकपा कार्यकर्ताओं ने बुजुर्ग को घर देने का वादा किया है, लेकिन कुछ लोग उनकी ‘अनजानी भूल’ का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। अपने संसदीय क्षेत्र में जनता से बात करते हुए गोपी ने कहा, उन्हें अपना राजनीतिक अभियान चलाने दीजिए, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि मेरे भीतर जो आग है, वह बुझाई नहीं जा सकती।

************************

 

कंगना रनौत आए तो थप्पड़ मार देना, कांग्रेस नेता के बिगड़े बोल से भड़की आग

चेन्नई 18 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को लेकर तमिलनाडु कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केएस अलागिरी ने लोगों से अपील की है कि अगर कंगना तमिलनाडु आती हैं, तो उन्हें तमाचा मार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कंगना को अहंकारी बताते हुए उन पर बेतुकी बातें करने का आरोप लगाया।

दरअसल, एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केएस अलागिरी से कंगना रनौत के उस पुराने बयान पर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि महिला कार्यकर्ता 100 रुपये लेकर विरोध प्रदर्शनों में शामिल होती हैं। इस सवाल पर अलागिरी अपना आपा खो बैठे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हुए ‘थप्पड़ कांड’ का जिक्र करते हुए कहा, कंगना रनौत ने कई बार ऐसी बेतुकी बातें की हैं। एक बार जब वह एयरपोर्ट पर थीं तो एक महिला सुरक्षाकर्मी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था… जब वह (कंगना) इस तरफ आएं, तो आपको यह बात भूले बगैर उन्हें थप्पड़ मार देना चाहिए।

यह पूरा विवाद साल 2020 में हुए किसान आंदोलन के दौरान कंगना द्वारा किए गए एक ट्वीट से जुड़ा है। कंगना पर आरोप लगे थे कि उन्होंने आंदोलन में शामिल एक 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला मोहिंदर कौर को अपमानित किया था। कंगना ने कथित तौर पर उन्हें गलती से शाहीन बाग की बिल्किस बानो समझ लिया था और कहा था कि ऐसी महिलाएं 100 रुपये लेकर किसी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हो जाती हैं।

गौरतलब है कि इसी साल लोकसभा चुनाव जीतने के बाद चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर CISF की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर ने कंगना रनौत को थप्पड़ मार दिया था। कुलविंदर कौर ने कहा था कि वह किसान आंदोलन पर कंगना की टिप्पणियों से नाराज थीं। अब कांग्रेस नेता ने उसी घटना का हवाला देकर एक नए विवाद को जन्म दे दिया है।


 

पीएम मोदी का महिलाओं को तोहफा, एक महीने तक मिलेंगी ये मुफ्त सुविधाएं

धार ,17  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक धरती धार से महिलाओं के स्वास्थ्य को समर्पित एक महत्वाकांक्षी राष्ट्रीय अभियान ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ की शुरुआत की।

इस अभियान के तहत देशभर में 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक एक लाख से अधिक मुफ्त स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का भी शुभारंभ किया।

धार में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, यह कार्यक्रम भले ही धार में शुरू हो रहा है, लेकिन यह पूरे देश की माताओं और बहनों के लिए है। हमारी नारी शक्ति ही राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। अगर घर में मां स्वस्थ रहती है, तो पूरा परिवार ठीक रहता है।

प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं से इन शिविरों का लाभ उठाने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा, ऐसी बहुत सी बीमारियां होती हैं जो चुपचाप आती हैं और गंभीर रूप ले लेती हैं। मैं देशभर की अपनी माताओं-बहनों से, जिन्होंने मुझे हमेशा अपना आशीर्वाद रूपी रक्षा कवच दिया है, आज कुछ मांगने आया हूं।

मैं आपसे मांगता हूं कि आप संकोच किए बिना इन कैंपों में जाकर अपनी जांच जरूर कराएं। एक बेटे और एक भाई के नाते मैं आपसे इतना तो मांग ही सकता हूं।

पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि इन शिविरों में एक भी पैसा खर्च नहीं होगा। उन्होंने कहा, जांच भी मुफ्त होगी और दवाई भी मुफ्त होगी। आपके उत्तम स्वास्थ्य से सरकारी तिजोरी की ज्यादा कीमत नहीं है।

देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (ष्ट॥ष्ट) और जिला अस्पतालों में एक लाख से अधिक शिविर लगेंगे। इन शिविरों में बीपी, डायबिटीज, कैंसर, एनीमिया और सिकल सेल रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों की मुफ्त जांच की जाएगी।

मेडिकल कॉलेजों और निजी अस्पतालों के सहयोग से स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र, त्वचा और मनोरोग समेत कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के दौरान पोषण, टीकाकरण और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाई जाएगी।

*************************

 

प्रयागराज के नाविकों ने पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

योजनाओं के लिए जताया आभार

प्रयागराज ,17  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रयागराज के संगम तट पर नाव चलाने वाले नाविकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की बधाई दी। नाविकों ने केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की। पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए नाविकों ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाया है।

प्रयागराज में इस साल की शुरुआत में हुए विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन ‘महाकुंभ’ न केवल आस्था का केंद्र बना, बल्कि नाविकों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर भी लेकर आया।

इस आयोजन में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई, जिससे नाविकों को अच्छी कमाई का मौका मिला। युवाओं से लेकर बुजुर्ग नाविकों तक ने केंद्र की योजनाओं के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।

नाविक अशोक निषाद ने कहा, मैं करीब 40 साल से नाव चला रहा हूं और पीएम मोदी की सरकार में काफी बदलाव देखने को मिला है। इस सरकार ने स्वच्छता समेत कई मुद्दों पर फोकस किया, जिसका असर दिखाई दिया है। प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ में सभी नाविकों को लाभ हुआ और इसकी सफलता का श्रेय पीएम मोदी को जाता है।

नाविक ननका निषाद ने  से बातचीत में बताया कि मैं 30 साल से नाव चला रहा हूं। पूर्व और अबकी सरकार की तुलना करूं तो वर्तमान सरकार ने काफी काम किया है। घर-घर राशन पहुंचा है और कई योजनाओं का लाभ लोगों को मिल पा रहा है।

नाविक विक्कू निषाद ने कहा, मुझे लगता है कि 2014 के बाद से देश में बड़ा बदलाव आया है। पीएम मोदी और सीएम योगी के आने के बाद हमारी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई। अब हमारे पास हेल्थ इंश्योरेंस है, हमें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है और जिंदगी सुरक्षित है। 2 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस कई लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हुआ है।

कई नाविकों ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य, राशन और रोजगार से संबंधित सरकारी योजनाओं से उन्हें सीधे लाभ हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी को लंबी और स्वस्थ जिंदगी की कामना की और उम्मीद जताई कि वे आने वाले वर्षों में भी देश का नेतृत्व करते रहें।

उन्होंने एक स्वर में कहा, पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन पर हम उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। वे आने वाले कई वर्षों तक हमारे प्रधानमंत्री बने रहें।

**************************

 

75वें जन्मदिन पर शुभकामनाओं के लिए पीएम मोदी ने राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का जताया आभार

नई दिल्ली ,17  सितंबर  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत देशभर के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उनके नेतृत्व और विकास कार्यों की सराहना की जा रही है। पीएम मोदी ने जन्मदिन की शुभकामनाएं के लिए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति को धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, आपकी शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार राष्ट्रपति जी। 140 करोड़ देशवासियों के स्नेह और सहयोग से हम सशक्त, समर्थ और स्वावलंबी भारतवर्ष के निर्माण के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। इस दिशा में आपके विजन और विचार हमारे लिए बहुत प्रेरणादायी हैं।

उपराष्ट्रपति को जवाब देते हुए उन्होंने लिखा, आपके शुभकामना संदेश के लिए धन्यवाद, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन। आपकी शुभकामनाएं राष्ट्र की सेवा के लिए मेरे संकल्प को और मजबूत करती हैं।

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘एक्स’ पर अपने शुभकामना संदेश में कहा, भारत के प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है।

आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें व अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।

उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विकसित राष्ट्र के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आपके दीर्घ, स्वस्थ और मातृभूमि की सेवा में समर्पित जीवन की कामना करता हूं।

इस दौरान, पीएम मोदी ने देशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं भी दीं। अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, देशभर के अपने परिवारजनों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। सृष्टि के शिल्पकार की विशेष आराधना के इस पावन अवसर पर नवसृजन में जुटे सभी कर्मयोगियों को मेरा हृदय से अभिनंदन। आपकी प्रतिभा और परिश्रम सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारतवर्ष के निर्माण में बहुत मूल्यवान है।

****************************

 

मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र की शुरुआत एवं पोषण माह 2025 का शुभारंभ

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री के द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र हातमा भट्टा ऊपर टोला (रांची सेंटर) के प्रांगण में मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र की शुरुआत

पोषण माह 2025 (17 सितंबर 2025 से 16 अक्टूबर 2025) का शुभारंभ भी किया गया, जो बच्चों, गर्भवती महिलाओं, और समुदाय के समग्र कल्याण के लिए पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है

“पोषण और स्वच्छता समुदाय की नींव हैं। मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है:- उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री

निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए आंगनवाड़ी सेविकाओं को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए

रांची, 17.09.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री के द्वारा आज दिनांक 17 सितंबर 2025 को आंगनवाड़ी केंद्र हातमा भट्टा ऊपर टोला (रांची सेंटर) के प्रांगण में मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र की शुरुआत की इस अवसर पर पोषण माह 2025 (17 सितंबर 2025 से 16 अक्टूबर 2025) का शुभारंभ भी किया गया, जो बच्चों, गर्भवती महिलाओं, और समुदाय के समग्र कल्याण के लिए पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

पोषण अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, और शौचालय के उपयोग के महत्व पर जोर

कार्यक्रम में अपने संबोधन में उपायुक्त ने पोषण अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, और शौचालय के उपयोग के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने उपस्थित जन समूह को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और बच्चों के पोषण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उपायुक्त ने कहा, “पोषण और स्वच्छता समुदाय की नींव हैं। मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र की शुरुआत

उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र हातमा में रिबन काटकर मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र की शुरुआत किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र में मौजूद बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी खुशी में शामिल हुए।

मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जो बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह केंद्र बच्चों और महिलाओं के लिए एक आदर्श स्थान के रूप में कार्य करेगा।

पोषण प्रचार रथ का शुभारंभ

पोषण माह 2025 के तहत जागरूकता अभियान को गति देने के लिए 04 पोषण प्रचार रथों को उपायुक्त द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये प्रचार रथ रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर पोषण, स्वच्छता, और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी का प्रसार करेंगे, जिससे समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए आंगनवाड़ी सेविकाओं को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, रांची ने इस वर्ष के पोषण माह की थीम और निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सभी कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए आंगनवाड़ी सेविकाओं को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं से समुदाय स्तर पर सक्रिय भागीदारी और जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इस वर्ष की थीम बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, और स्वच्छता पर केंद्रित है, जिसके तहत कई जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं, और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, और किशोर बालिकाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं। उनकी सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह इस बात का प्रमाण था कि मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र उनके लिए एक नया और बेहतर अवसर लेकर आया है।

पोषण माह 2025: एक नई शुरुआत

पोषण माह 2025 का शुभारंभ रांची जिला प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, और समग्र विकास के लिए है। यह अभियान न केवल जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा, बल्कि समुदाय को स्वस्थ और सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

***********************

 

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री करमा मिलन समारोह में शामिल हुए

जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने एक साथ मिलकर करमा पर्व की खुशियों को साझा किया

समाहरणालय के कर्मचारियों ने अपनी कला के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया

रांची,16.09.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने  16 सितंबर 2025 को समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में आयोजित करमा मिलन समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने एक साथ मिलकर करमा पर्व की खुशियों को साझा किया। यह समारोह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का एक जीवंत प्रतीक रहा।

इस समारोह में उप विकास आयुक्त राँची, श्री सौरभ भुवनिया, अपर समाहर्ता राँची, श्री रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, विशिष्ट अनुभजन पदाधिकारी राँची, श्रीमती मोनी कुमारी, ITDA राँची, श्री संजय भगत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राँची, श्री के. के. राजहंस, जिला नजारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी राँची, श्री अखिलेश कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी राँची, श्रीमती सारिका भगत, SAR राँची, श्रीमती मनीषा तिर्की, EDC, श्रीमती वंदना ज्योति कुजूर, कार्यापालक दंडाधिकारी श्री जफर हसनात, सुश्री साइनी तिग्गा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राँची, श्री राजीव कुमार, जिला खनन पदाधिकारी राँची, श्री अबु हुसैन सहित जिला प्रशासन के सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

उपायुक्त श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने कहा, “करमा पर्व हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ा एक अनमोल उत्सव है, जो हमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और एक-दूसरे के साथ मिलजुल कर आगे बढ़ने का संदेश देता है। आज का यह समारोह हमारी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत करने का एक शानदार उदाहरण है।”

समाहरणालय के कर्मचारियों ने अपनी कला के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया

कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्य, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। समाहरणालय के कर्मचारियों ने अपनी कला के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया, जिसे देखकर सभी उपस्थित लोगों में गर्व और उल्लास की भावना जागृत हुई। उपायुक्त ने कर्मचारियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रदर्शनों ने न केवल हमारी संस्कृति को उजागर किया, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत किया।

पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने की प्रेरणा

उपायुक्त ने कहा कि करमा पर्व हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, “यह पर्व हमें सिखाता है कि हम अपनी परंपराओं को संजोए रखें और अगली पीढ़ियों तक इसे पहुंचाएं। हमारी सांस्कृतिक धरोहर हमें एक सूत्र में बांधती है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है।”

इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखें और इसे भविष्य की पीढ़ियों तक पहुंचाने में योगदान दें

उपायुक्त ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के उत्साह और एकजुटता की सराहना की। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपनी इस समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखें और इसे भविष्य की पीढ़ियों तक पहुंचाने में योगदान दें।

मांदर की धुन से अपने आप को रोक नही पाए उपायुक्त

इस कार्यक्रम के दौरान ज़ब मांदर की धुन ज़ब गूंज रही थी, सब के पैर थिरक रहें थे, सभी इस आनंद में इतना खो गए की अचानक मांदर की धुन से अपने आप को रोक नही पाए उपायुक्त उन्होंने मांदर अपने गले में लटकाया और मांदर बजाने लगे, ज़ब उन्होंने मांदर बजाया तो उनके साथ जिला के तमाम वरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय कर्मी थिरकने लगे। ये दृश्य सबके मन को मोहने वाला रहा, जो सभी की यादों में हमेशा सुनहरी यादों का गवाह बनेगा। यह क्षण निश्चित रूप से सभी के लिए एक अविस्मरणीय और सुनहरी याद बनेगा।

*************************

 

घरेलू गैस सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग एवं व्यावसायिक उपयोग पर जिला प्रशासन की कार्रवाई

हरमू बाजार में संचालित दुकान पर छापा

दुकान संचालक के खिलाफ FIR, 12 सिलिंडर जब्त

गैस रिफिलिंग में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी जब्त

रांची,16.09.2025 – घरेलू गैस सिलिंडर के अवैध व्यावसायिक उपयोग एवं अवैध रिफिलिंग की जांच एवं कार्रवाई हेतु उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार गठित विशेष छापामारी दल ने आज कार्रवाई की। छापामारी दल ने हरमू बाजार में संचालित एक दुकान पर छापा मारा।

छापामारी के दौरान दुकान संचालक को घरेलू गैस सिलिंडर की अवैध रिफिलिंग करते हुए पाया गया। मौके से 14.02 किलोग्राम क्षमता वाले 05 (पांच) गैस सिलिंडर, 05 किलोग्राम का 01 (एक) गैस सिलिंडर एवं 02 किलोग्राम क्षमता वाले 06 (छह) गैस सिलिंडर जब्त किए गए। इसके अतिरिक्त गैस रिफिलिंग में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी टीम द्वारा सीज कर लिया गया।

यह कार्रवाई आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों एवं गैस सिलिंडर नियमावली (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर 2000 के अंतर्गत की गई। साथ ही, आरोपी के विरुद्ध अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलिंडर का अवैध व्यावसायिक उपयोग एवं अवैध रिफिलिंग जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि होती दिखे तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

**************************

 

चौकीदारों की सीधी नियुक्ति के लिए अंतिम रूप से चयनित 251 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया

नशे के खिलाफ सख्त संदेश

अफीम की खेती के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी

“माननीय मुख्यमंत्री जी के संवेदनशील दिशा-निर्देशों के आलोक में राँची जिले में चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया:-उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री

रांची,16.09.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने  16 सितंबर 2025 को राँची के समाहरणालय, ब्लॉक-ए, सभागार में चौकीदारों की सीधी नियुक्ति के लिए अंतिम रूप से चयनित 251 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राँची श्री प्रवीण पुष्कर, पुलिस अधीक्षक शहर राँची श्री अजीत कुमार, प्रभारी उप समाहर्ता सामान्य शाखा राँची श्री बिवेक सुमन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राँची श्रीमती उर्वशी पांडेय और सर्जेट मेजर श्री आनंद खलखो उपस्थित थे।

“माननीय मुख्यमंत्री जी के संवेदनशील दिशा-निर्देशों के आलोक में राँची जिले में चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया

नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि चौकीदारों को दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करना होगा। उन्होंने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री जी के संवेदनशील दिशा-निर्देशों के आलोक में राँची जिले में चौकीदारों की नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया है। सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए यह नियुक्ति की गई है।”

समाज सेवा के प्रति समर्पण और उत्साह बनाए रखें

उपायुक्त ने नवचयनित चौकीदारों से समाज सेवा के प्रति समर्पण और उत्साह बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आप सभी को समाज के लिए बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रशिक्षण के बाद आपकी पदस्थापन होगी, और इस दौरान आपको समाज की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। यह जिम्मेदारी विकसित गाँव, विकसित राज्य और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगी।”

नशे के खिलाफ सख्त संदेश

उपायुक्त ने विशेष जोर देते हुए नवचयनित चौकीदारों से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “ईश्वर ने आपको सरकारी सेवा में आने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है, जिससे समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। लेकिन नशा आपके और आपके परिवार के लिए हानिकारक है। यह आर्थिक और सामाजिक नुकसान का कारण बनता है।” उन्होंने खैनी, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी और कहा कि कुछ लोग आपको गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन आपको दृढ़ता के साथ नशे से बचना होगा।

आपको समाज के असामाजिक तत्वों से सावधान रहना है, जो आपको लालच देकर गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर सकते हैं

उपायुक्त ने समकालीन चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ड्रग्स का चलन बढ़ रहा है, और कुछ लोग गैरकानूनी तरीके से अफीम की खेती कर रहे हैं। उन्होंने चौकीदारों से अपने क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने और प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “आपको समाज के असामाजिक तत्वों से सावधान रहना है, जो आपको लालच देकर गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।”

उत्तरदायित्वों को पूरी संजीदगी से निभाने की सलाह दी गई

अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और पुलिस अधीक्षक शहर ने भी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और उनके उत्तरदायित्वों को पूरी संजीदगी से निभाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि चौकीदारों को अपने कार्यों को कैसे व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा करना है।

समाज और राज्य का विकास सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने नवचयनित चौकीदारों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी और लगन के साथ करें, ताकि समाज और राज्य का विकास सुनिश्चित हो सके।

**************************

 

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने 2.50 करोड़ रुपए की लूट का किया खुलासा

मुंबई 16 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई के गिरगांव में हुई 2.50 करोड़ रुपए की लूट का मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने खुलासा कर दिया है। टीम ने लूट के आरोपी इब्राहिम शेख को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।

क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर लूटकांड के मास्टरमाइंड शेख को गिरफ्तार किया गया। शेख के पास से लूट के 29.50 लाख रुपए भी बरामद हुए हैं। आरोपी मुंब्रा का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

जांच में पता चला कि इब्राहिम ने अपने लहसुन के कारोबार में हुए घाटे को पूरा करने के लिए लूट की योजना बनाई थी। यह लूट 10 सितंबर को हुई थी। उसे किसी ने पिंटू के पैसा लाने की जानकारी पहले ही दे दी थी, जिसके बाद उसने लूट की योजना बनाई थी।

इब्राहिम ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बैजनाथ उर्फ पिंटू यादव की कार को रोककर उस पर हमला कर उसे बेहोश कर दिया था। आरोपी पिंटू के बेहोश होने के बाद उसके हाथ-पैर बांधकर 2.50 करोड़ रुपए लूटकर फरार हो गए थे।

फाइनेंस कंपनी के मालिक नारायण हरि महावीर प्रसाद हालन ने वीपी रोड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था कि उसका कर्मचारी पिंटू पैसा लेकर जा रहा था। इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने गिरगांव में एक निर्माणाधीन इमारत के नीचे रुपए लूट लिए। अस्पताल में जब पिंटू को होश आया तो उसने पूरे मामले की जानकारी दी।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर इब्राहिम शेख को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस इब्राहिम से पूछताछ कर रही है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी पता कर रही है। यह भी पता किया जा रहा है कि इससे पहले वह किन-किन घटनाओं में शामिल था और उसके गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और वे सब कहां हैं। पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है, जिसने पिंटू की जानकारी दी थी।

**************************

 

बस स्टैंड डूबा… बसें और कई वाहन बहे, हिमाचल के मंडी में बारिश ने मचाया तांडव

मंडी 16 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) :  मंडी जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। धर्मपुर में बस स्टैंड और आसपास के घरों व दुकानों में पानी भर गया।

तेज बहाव के चलते 10 से ज्यादा सरकारी बसें और गाड़ियां बह गईं। कुछ लोगों के भी पानी में बहने की खबर है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा नेता रजत ठाकुर ने बताया कि धर्मपुर में 6 लोग लापता हैं।

 तेज बारिश के कारण सोन खड्ड में अचानक बाढ़ आ गई। रात 2 से 3 बजे के बीच कई घरों की पहली मंजिलें पानी में डूब गईं। मंगलवार सुबह पानी का स्तर कम हुआ, लेकिन तब तक कई जगह नुकसान हो चुका था। इसी बीच मंडी के ब्रगटा गांव में भूस्खलन से एक मकान ढह गया।

इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया, एक शव बरामद हुआ है जबकि दो अब भी लापता हैं। बचाव कार्य जारी है।

शिमला में भी हालात खराब हैं। हिमलैंड, बीसीएस स्कूल और पांजली में लैंडस्लाइड के कारण 15 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। हिमलैंड में भूस्खलन के चलते शिमला की लाइफलाइन कहे जाने वाला सर्कुलर रोड बंद हो गया है।

मौसम विभाग शिमला ने मंगलवार को छह जिलों – बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर – के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

हालांकि बुधवार से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है, लेकिन अभी मानसून के जाने के कोई संकेत नहीं हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहें। राहत और बचाव दल लगातार काम में जुटे हुए हैं।

*************************

 

भाजपा सरकार में नहीं मिल रहा न्याय, दबाव डालकर हो रहे समझौते’ – अखिलेश यादव

लखनऊ 15 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कानून और संविधान का पालन न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों पर दबाव बनाकर काम कर रही है और पुलिस पर उसका कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आम जनता को न्याय नहीं मिल रहा है।

सोमवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कई मामलों का जिक्र किया, जिनमें कथित तौर पर समझौते कराए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब मुख्यमंत्री आवास और मुख्यमंत्री कार्यालय में समझौते हो रहे हैं तो लोगों को न्याय कैसे मिलेगा?’’

उन्होंने बाराबंकी में छात्रों की पिटाई के मामले में हुए समझौते का जिक्र किया। इसके अलावा कौशांबी में पाल समाज की बेटी के साथ हुए अन्याय के मामले में भी न्याय न मिलने और समझौता होने की बात कही। गाजीपुर के एक ताज़ा मामले में भी समझौता होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है, जबकि भाजपा सरकार दबाव डालकर समझौते करा रही है।अखिलेश यादव ने कानपुर के एक कथित माफिया मामले में आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इस मामले की जांच हो जाए तो पूरी भाजपा की पोल खुल जाएगी। भाजपा राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक गैंग है। जनता इस बात को समझ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।’’

अखिलेश यादव ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर नौकरियों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नौजवानों को पक्की नौकरी और पूरा आरक्षण सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को बर्बाद करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में पर्याप्त प्रोफेसर और स्टाफ नहीं हैं, और मेडिकल की पढ़ाई इतनी महंगी हो गई है कि गरीब परिवारों के बच्चे डॉक्टर नहीं बन सकते। उन्होंने समाजवादी सरकार में बने लखनऊ कैंसर संस्थान में रिसर्च सेंटर बंद करने का भी आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘‘नकलची सीएम’’ बताया, जो दिल्ली में भाजपा सरकार के एजेंडे की नकल करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनके पास उत्तर प्रदेश के लिए कोई कार्ययोजना नहीं है।’’ उन्होंने भाजपा पर नफरत फैलाने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा को मथुरा के विकास से कोई मतलब नहीं है, जबकि समाजवादी सरकार में वहाँ रोप-वे जैसे कई विकास कार्य हुए थे।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता तरक्की और रोजगार चाहती है, जो सिर्फ समाजवादी पार्टी ही दे सकती है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जनता भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी।नेपाल में भारतीय पत्रकारों की पिटाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की विदेश नीति की विफलता है।

उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एकजुट होकर भाजपा की सांप्रदायिक और नफरत की राजनीति को समाप्त कर देगा और एक नई व्यवस्था स्थापित करेगा।

***************************

 

एक करोड़ से ज्यादा की नकदी बरामद,सट्टा रैकेट का भंडाफोड़

दक्षिण दिनाजपुर 15 Sep, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। जिले में पुलिस ने एक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यह अवैध धंधा विभिन्न ऐप्स और वेबसाइटों के ज़रिए चलाया जा रहा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अवैध रैकेट के चंगुल में फंसकर कई परिवार अपनी जान गंवा चुके हैं।

दक्षिण दिनाजपुर ज़िला पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में छापेमारी कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार रात भर की गई छापेमारी में ज़िले के अलग-अलग ठिकानों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद की गई। दक्षिण दिनाजपुर के पुलिस अधीक्षक चिन्मय मित्तल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “अवैध सट्टा रैकेट के कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार लोगों के पास से हमने 1 करोड़ 34 लाख 97 हज़ार रुपये बरामद किए हैं।” हालाँकि, पुलिस के अनुमान के अनुसार, इस रैकेट से और भी लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस सरगनाओं की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षिण दिनाजपुर जिले में सट्टेबाजी के रैकेट बढ़ रहे हैं जो विभिन्न ऐप और वेबसाइट के माध्यम से संचालित होते हैं।

सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद, जिला पुलिस प्रशासन ने पूरे जिले में अभियान चलाया। कुछ दिन पहले, सट्टेबाजी रैकेट से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस को इस रैकेट के तीन मास्टरमाइंडों के ठिकाने का पता चला। मास्टरमाइंड में से एक, पिंटू घोष को गिरफ्तार किया गया था, जो एक स्थानीय होटल व्यवसायी है। आरोप है कि सट्टेबाजी का रैकेट उसके द्वारा चलाया जा रहा था।

पिंटू घोष से पूछताछ के बाद, अपूर्व सरकार और कुणाल दास नाम के दो और लोगों को सिक्किम के गंगटोक से गिरफ्तार किया गया। जबकि अपूर्व गंगारामपुर के नयाबाजार हाई स्कूल में शिक्षक हैं।

जांचकर्ताओं ने रविवार रात बालुरघाट के रघुनाथपुर इलाके में उनके ससुराल वालों के घर पर छापा मारा, जहां से 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की भारी मात्रा में सट्टेबाजी की रकम बरामद की गई। गिरोह में शामिल होने के संदेह में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।

****************************

मुंबई में लगातार बारिश के जनजीवन बेहाल

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मुंबई ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुंबई और उसके आसपास के जिलों में रविवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले कुछ घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई के कई जिलों में रविवार रात से ही लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसकी वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों को इस दौरान सतर्क और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

इसी बीच लगातार हो रही बारिश का असर सोमवार सुबह देखा गया। बांद्रा रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर पानी भर गया। लेकिन, अभी तक ट्रेनों का परिचालन बंद नहीं किया गया है।

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में भी सुबह से गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। इसके कारण शहर के शास्त्री चौक इलाके में जगह-जगह जलभराव हो गया है।

तेज बारिश होने से महिला समाज स्कूल परिसर में भी पानी भर गया है और यहां का नजारा तालाब की तरह दिखने लगा। जलभराव के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश ने मोनोरेल सेवा पर भी असर डाला। बारिश के कारण तकनीकी खराबी के चलते इसके परिचालन में दिक्कतें पैदा हुईं।
बीएमसी ने मौसम पूर्वानुमान में शहर और उपनगरों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ सामान्यत: बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है।

इसी के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।

वहीं, भारी बारिश और तेज हवा को देखते हुए मछुआरों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। बारिश के दौरान मछली पकडऩे जैसे कार्यों से दूरी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, लोगों से समुद्र किनारे नहीं जाने को कहा गया है।

प्रशासन ने कहा है कि लोग मौसम से जुड़ी आधिकारिक जानकारी प्राप्त करते रहें और किसी भी तरह की गलत सूचनाओं से बचें।

******************************

 

दिल्ली-हरियाणा समेत पूरे एनसीआर में गैंगस्टर्स के 25 ठिकानों पर छापेमारी

380 पुलिसकर्मी ऑपरेशन में जुटे

नई दिल्ली/चंडीगढ़ ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली पुलिस ने सुबह तड़के दिल्ली और हरियाणा समेत पूरे एनसीआर में गैंगस्टर्स व उनके गुर्गों के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस ऑपरेशन में 25 टीमों के साथ करीब 380 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई लग्जरी गाडिय़ां जैसे मर्सडीज और ऑडी बरामद की हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में नकदी, महंगी घडिय़ां और अवैध हथियार भी मिले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुलिस को 40 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगस्टर्स की आर्थिक कमर तोडऩे और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए की गई है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है और बरामदगी से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।

**********************

 

अमृतसर पहुंचे राहुल गांधी, बाढ़ पीडि़तों से की मुलाकात

राजा वडि़ंग, प्रताप सिंह बाजवा समेत कई लीडर मौजूद

अमृतसर ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए पंजाब पहुंच गए है।

अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह घोनेवाल गांव पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनका दर्द जाना।

राहुल गांधी के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद हैं। राहुल गांधी गुरदासपुर और पठानकोट भी जाएंगे।

हालांकि, 5 दिन पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था। उन्होंने हालात को देखते हुए पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया था।

बता दें कि पंजाब में बाढ़ से 23 जिलों के 2 हजार 97 गांव प्रभावित हुए है। लगभग 1 लाख 91 हजार 926 हेक्टेयर में फसलें डूब गईं। 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो चुकी है।

अब तक 3 लाख 88 हजार 92 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों की ओर से राहत अभियान अभी तक चलाया जा रहा है।

*************************

 

दिल्ली में ईडी मुख्यालय पहुंची पूर्व सांसद और एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती, अवैध सट्टेबाजी ऐप मामले में होगी पूछताछ

नई दिल्ली ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की पूर्व सांसद और बंगाली फिल्म एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े एक मामले में समन भेजा था। इस समन के बाद मिमी चक्रवर्ती सोमवार को दिल्ली स्थित ईडी के मुख्यालय पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी।

मिमी चक्रवर्ती का नाम एक ऐसे ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिस पर मनी लॉन्ड्रिंग और टैक्स चोरी जैसे गंभीर आरोप हैं।

ईडी को शक है कि मिमी चक्रवर्ती ने ऐप से जुड़ा प्रमोशनल कंटेंट किया है, जिससे लोगों को इसमें निवेश के लिए आकर्षित किया गया। यही वजह है कि एजेंसी अब उनके इस प्लेटफॉर्म से जुड़ाव और इससे जुड़े पैसों के लेनदेन की जांच कर रही है।

ईडी इस पूरे मामले में सिर्फ मिमी चक्रवर्ती से ही नहीं, बल्कि कई और बड़े नामों से पूछताछ कर चुकी है और आगे भी करेगी। इसी कड़ी में बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला को भी समन भेजा गया है।

उन्हें 16 सितंबर को ईडी के दिल्ली मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है। उर्वशी रौतेला भी इस ऐप के कुछ विज्ञापन और प्रमोशन में नजर आई थीं।

ईडी जानना चाहती है कि इन प्रमोशन के बदले कितनी रकम दी गई और क्या इनका इस्तेमाल लोगों को इस अवैध ऐप की ओर आकर्षित करने के लिए किया गया।

इससे पहले पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना को भी इसी केस में समन भेजा गया था और अगस्त में पूछताछ की गई थी। शिखर धवन को भी इसी महीने समन किया गया है। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े अभिनेता राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज का नाम भी इस मामले में सामने आया था।

राणा दग्गुबाती ने साफ किया कि उनका इस तरह के किसी प्लेटफॉर्म से 2017 के बाद कोई लेना-देना नहीं रहा। प्रकाश राज ने भी माना था कि उन्होंने साल 2016 में बेटिंग ऐप का प्रचार किया था, जो उस समय कानूनी था, लेकिन अब वह इसे अपनी नैतिकता के खिलाफ मानते हैं।

यह पूरा मामला हैदराबाद के मियापुर थाने में दर्ज एक एफआईआर से शुरू हुआ था। वहां के रहने वाले एक कारोबारी फनीन्द्र शर्मा ने शिकायत दी थी कि सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े सेलिब्रिटीज और इन्फ्लुएंसर गैरकानूनी बेटिंग ऐप्स का प्रचार कर रहे हैं, जिससे लाखों लोग इसमें पैसा लगा रहे हैं और आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं।

सरकार की ओर से हाल ही में बताया गया है कि वह 2022 से अब तक 1,500 से ज्यादा ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक करने के आदेश दे चुकी है।

ईडी की यह जांच इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें बड़े-बड़े फिल्मी सितारे और क्रिकेटर शामिल हैं, जिनकी बातों का आम लोगों पर गहरा असर पड़ता है।

**************************

 

तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार से पूछा सवाल

यूट्यूबर की पिटाई करने वाले मंत्री पर कार्रवाई क्यों नहीं?

पटना ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने जाले विधायक और मंत्री जीवेश मिश्रा और उनके समर्थकों पर कथित रूप से एक यूट्यूबर की पिटाई और अभद्र व्यवहार करने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की गई?

पटना में सोमवार को एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं, और मुझे उम्मीद है कि मंत्री जीवेश मिश्रा पर कार्रवाई होगी, जिन्होंने सवाल पूछने पर एक पत्रकार से अभद्र व्यवहार किया।

उन्होंने उम्मीद जताई है कि उन्हें राज्य मंत्रिपरिषद से हटाकर जेल भेजा जाएगा। क्या प्रधानमंत्री सिर्फ वोट के लिए यहां आ रहे हैं? क्या यह ‘जंगलराज नहीं है? अगर यह जंगलराज नहीं है तो क्या है?

उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले की एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई है। मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है। वे खुद इस मामले को लेकर दरभंगा के जाले जा रहे हैं। मंत्री पद की एक गरिमा होती है। यूट्यूबर ने सिर्फ सड़क को लेकर एक सवाल पूछा था। इस मामले में कार्रवाई हो। अगर कार्रवाई नहीं की गई तो जनता भी जवाब देगी।
इससे पहले तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री के बिहार आगमन पर निशाना साधा था।

दूसरी तरफ, तेजस्वी यादव के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, तेजस्वी यादव को अपने पिता से कुछ सीख लेनी चाहिए, या यूं कहें कि उनके पिता को कुछ ज्ञान देना चाहिए था। उनके पिता ने चारा घोटाले से जो पैसा गंवाया था, उससे आज राज्य का बड़ा विकास हो सकता था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल के कार्यकाल में देश विकास की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही विदेशों में भी भारत अपना डंका बजा रहा है। जब भी प्रधानमंत्री मोदी बिहार आते हैं, हजारों करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करते हैं, जिससे बिहार के विकास को गति मिलती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और लालू यादव के 10 साल के शासन को भ्रष्टाचार ने घेर लिया था। इन लोगों का काम केवल अपना और परिवार का विकास करना है।

*****************************

 

डीएमके संस्थापक अन्नादुरई की जयंती पर सीएम स्टालिन ने दी श्रद्धांजलि

चेन्नई ,15  सितंबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने पूर्व सीएम और द्रविड़ नेता सीएन अन्नादुरई की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने एक स्पेशल वीडियो भी शेयर किया।

सीएम स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक एआई-जनरेटेड वीडियो शेयर किया, जिसमें सीएन अन्नादुरई अलग-अलग अवतार में नजर आ रहे हैं। साथ ही, उनकी कुछ पुरानी फोटो और वीडियो को भी इसमें दिखाया गया है।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने अपने पोस्ट में अन्नादुरई (जिन्हें ‘पेरारिग्नर अन्ना के नाम से जाना जाता है) को ‘तमिलनाडु को जीवन देने और द्रविड़ मुन्नेत्र कडग़म (डीएमके) में प्राण फूंकने वाला नेता बताया।

उन्होंने कहा, जिन्होंने तमिलनाडु का निर्माण किया, उस नेता का सिर कभी झुकने नहीं दिया जाएगा। तमिलनाडु हमेशा ऊंचा रहेगा।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने अपने तमिल पोस्ट में भावुक श्रद्धांजलि के साथ लिखा, वो नेता जिन्होंने तमिलों को तमिल भाषा दी। हमें डीएमके के रूप में जीवन देने वाले महान सपूत। हम अपने नेता द्वारा निर्मित तमिलनाडु को कभी सिर झुकाने नहीं देंगे।

एआई-निर्मित वीडियो की रिलीज ने अपनी तकनीकी इनोवेशन और प्रतीकात्मकता के लिए ध्यान आकर्षित किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने बताया कि अन्नादुरई की स्मृति में एआई का उपयोग परंपरा और आधुनिकता का मिश्रण दर्शाता है, जो यह दिखाता है कि तकनीक का उपयोग पिछले नेताओं के आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और संरक्षित करने के लिए किया जा सकता है।

सीएन अन्नादुरई ने 1949 में डीएमके की स्थापना की थी और 1967 से 1969 में अपनी मृत्यु तक तमिलनाडु के पहले मुख्यमंत्री रहे। अपने वक्तृत्व, सामाजिक सुधारों और तमिल पहचान को मजबूत करने के प्रयासों के लिए प्रसिद्ध अन्ना आज भी राज्य के राजनीतिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महान व्यक्तित्व हैं।

उनकी जयंती हमेशा पार्टी आयोजनों, फूलों की श्रद्धांजलि और सामूहिक समारोहों के साथ मनाई जाती है।

एआई के माध्यम से स्मृति वीडियो जारी करके मुख्यमंत्री स्टालिन ने इस स्मरण में एक आधुनिक आयाम जोड़ा है, जो तकनीकी रचनात्मकता के साथ राजनीतिक श्रद्धांजलि का मिश्रण है। यह श्रद्धांजलि डीएमके के तमिल गौरव की रक्षा और समकालीन तमिलनाडु में अन्नादुरई की विरासत को बनाए रखने के निरंतर जोर को भी रेखांकित करती है।

************************