Category Archives: news

राज्यपाल ने ममता बनर्जी की फरियाद ठुकराई, राजभवन में मनाया बंगाल स्थापना दिवस

कोलकाता 20 June (एजेंसी): मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस से किए गए आग्रह को नजरअंदाज करते हुए मंगलवार को राजभवन में पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों द्वारा परेड के साथ की गई, जिसकी निगरानी स्वयं राज्यपाल ने की। इसके बाद पीस रन और सिट एंड ड्रा प्रतियोगिता हुई, इसमें राज्यपाल हर समय मौजूद रहे।

अपने उद्घाटन भाषण में, राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश के बाद राजभवन में पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। सोमवार देर शाम, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल को एक विज्ञप्ति भेजकर मंगलवार को गवर्नर हाउस में पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस नहीं मनाने का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को पत्र लिखा था कि,मैं यह जानकर हैरान हूं कि पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आपने 20 जून को राजभवन, कोलकाता में एक कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों ने कभी भी पश्चिम बंगाल के स्थापना दिवस को नहीं मनाया। क्योंकि उस समय की परिस्थितां बहुत दुखद थीं। उन्होंने कहा कि वह इस फैसले का सख्त विरोध करती हैं।

इस दिन को मनाने पर मुख्यमंत्री की आपत्ति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी के लोकसभा सदस्य दिलीप घोष के अनुसार चूंकि प्रत्येक भारतीय राज्य का स्थापना दिवस होता है, इसलिए इसे मनाने पर आपत्ति तर्कहीन है। मुख्यमंत्री इतिहास को तोड़ मरोड़ कर पेश करने का प्रयास कर रही हैं।

इस पर पलटवार करते हुए, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के राज्य प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि राज्यपाल एक विशेष राजनीतिक एजेंडे को पूरा करने के लिए दिन मना रहे हैं। उन्होंने कहा, यह पश्चिम बंगाल के इतिहास को विकृत करने का एक स्पष्ट प्रयास है। यह पश्चिम बंगाल की विरासत के खिलाफ है और इसलिए हम इस कदम का कड़ा विरोध करते हैं।

******************************

 

नोएडा में 54 कोचिंग सेंटर को नोटिस, 2 दिन में रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश

नोएडा 20 June (एजेंसी): दिल्ली में मुखर्जी नगर के कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद नोएडा का शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोएडा व ग्रेटर नोएडा में आग से बचाव के इंतजाम किए बिना चल रहे 54 कोचिंग संस्थानों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में सभी सेंटर को दो दिन के अंदर पंजीकरण कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश कोचिंग अधिनियम के तहत कोचिंग चलाने के लिए संबंधित जिले के जिला विद्यालयी निरीक्षक कार्यालय में पंजीकरण कराना जरूरी है। पंजीकरण के लिए अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना भी अनिवार्य है। लेकिन यह कोचिंग सेंटर माध्यमिक शिक्षा विभाग में पंजीकरण कराए बिना चल रहे हैं। ऐसे में इनके अग्निशमन विभाग की एनओसी पर भी संशय है।

इससे पहले 2020 में भी बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटरों को नोटिस जारी किए गए थे। उस समय सूरत के एक कोचिंग सेंटर में आग लगी थी। जिसके बाद यहां के अग्निशमन विभाग ने कोचिंग सेंटरों की फायर एनओसी की जांच की थी। जिसमें कई कोचिंग सेंटर को बंद भी कराया गया था। लेकिन समय के साथ फिर से कोचिंग सेंटर खुल गए। जहां बच्चे पढ़ रहे हैं।

जिनको नोटिस जारी किया गया है उनमें आईएमएस कोचिंग सेंटर, भारद्वाज क्लासेस, काशवी इंस्टीट्यूट, आई प्रूफ लनिर्ंग सॉल्यूशन, बीकन क्लासेज, रामाज्ञा इंस्टीट्यूट, मार्कसमेन क्लासेज, एल्फा-बीटा क्लासेज, डीडी टार्गेट, विशाल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, मॉड्यूलर एजुकेशन, प्रसंथीलियम क्लासेज, पदमावती इंस्टीट्यूट, अर्थ सेंटर फॉर लनिर्ंग, विभोर इंस्टीट्यूट, ए मिशन फॉर एक्सीलेंस, पीआईई एजुकेशन, केजीयान इंस्टीट्यूट, एंट्रोफी क्लासेज, टेकावेरा सॉल्यूशन, स्कॉलर्श एकेडमी, सिनहल क्लासेज, बिलियंट टियूटेरियलस, वाईजूस क्लासेज, एआईसी एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ काम्पेटेटिव, महेंद्रा, विद्या मंदिर, नारायण कोचिंग सेंटर, टेक्सास रिव्यू, प्रथम कोचिंग सेंटर, प्लूटस एकेडमी, मेरिट मेकर्स, केरियर पावर, टाइम कोचिंग सेंटर शामिल हैं।

*******************************

 

बिपरजॉय ने 105 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, राजस्थान में पहली बार मॉनसून से पहले बाढ़ जैसी स्थिति

जयपुर 20 June (एजेंसी): चक्रवात बिपरजॉय के कारण राजस्थान के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई है। इसने कई रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। राजस्थान में पहली बार मॉनसून से पहले बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। जयपुर आईएमडी के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, बिपरजॉय चक्रवात ने जून के महीने में अजमेर में बारिश के 105 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 17 जून, 1917 को, अजमेर में एक ही दिन में कुल 119.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी, जो जून महीने में सबसे अधिक थी।

राधेश्याम शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह 8.30 बजे से सोमवार की सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे के अंतराल में अजमेर में 131.8 मिमी बारिश होने के बाद यह रिकॉर्ड टूट गया। चार दिनों में चक्रवात बिपरजॉय के कारण कई इलाकों में बारिश हुई है, जिससे बाड़मेर, पाली, राजसमंद, भीलवाड़ा और अजमेर में बाढ़ आ गई है। पिछले 24 घंटे में पाली के मुथाना में 530 मिमी बारिश हुई। दूसरी तरफ बूंदी, अजमेर, भीलवाड़ा के कई गांवों में बिजली नहीं है।

मौसम विभाग ने कोटा, बारां-सवाई माधेपुर में मंगलवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया। 17 जून को शहर में 91.3 मिमी बारिश दर्ज करने के बाद जोधपुर में 12 साल का रिकॉर्ड भी टूट गया। पिछला रिकॉर्ड 28 जून 2016 को बना था, जब लगभग 74 मिमी बारिश हुई थी।

राजस्थान में 16 जून से 19 जून तक चक्रवात के कारण औसतन 100 मिमी बारिश हुई, जो मॉनसून के मौसम के दौरान औसत बारिश का लगभग 24 प्रतिशत है। राजस्थान में मॉनसून (जून से सितंबर) के दौरान औसतन 415 मिमी बारिश होती है। जून महीने के शुरूआती दिनों में औसतन 50 मिमी बारिश दर्ज की जाती है।

****************************

 

सुप्रीम कोर्ट ने दिया ममता सरकार को झटका, पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में तैनात रहेंगे अद्धसैनिक बल

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी): उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल स्थानीय निकाय के चुनाव के मद्देनजर राज्य के सभी संवेदनशील जिलों में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनात करने के उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाएं मंगलवार को खारिज कर दी। न्यायमूर्ति बी भी नागरत्न और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की अवकाशकालीन पीठ ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 13 और 15 जून के आदेशों को न्याय संगत बताते हुए उनकी पुष्टि की जबकि राज्य सरकार और पश्चिम बंगाल चुनाव आयोग की विशेष अनुमति याचिकाएं खारिज कर दी। पश्चिम बंगाल में आठ जुलाई, 2023 को पंचायत चुनाव होने वाले हैं।

इस चुनाव में हिंसा की खबरों और आशंकाओं के मद्देनजर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी‌ के अलावा कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और अन्य द्वारा दायर जनहित याचिकाओं पर उच्च न्यायालय ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती का निर्देश दिया था। उच्च न्यायालय ने 13 जून को आयोग से संवेदनशील इलाकों में केंद्रीय बलों की तैनाती के लिए अनुरोध भेजने को कहा था। इसके बाद 15 जून को उच्च न्यायालय ने 48 घंटे के भीतर सुरक्षाबलों को तैनात करने का निर्देश दिया था। शीर्ष अदालत ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के 13 और 15 जून के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर शीघ्र सुनवाई करने की राज्य चुनाव आयोग की गुहार म सोमवार को स्वीकार करते हुए मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की अनुमति दी थी। न्यायमूर्ति सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली अवकाशकालीन पीठ के समक्ष आयोग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी अरोड़ा ने सोमवार को विशेष उल्लेख के दौरान तत्काल सुनवाई की गुहार लगाई थी। पीठ ने याचिकाओं पर मंगलवार को सुनवाई करने की सहमति व्यक्त की थी।

पश्चिम बंगाल सरकार और चुनाव आयोग ने उच्च न्यायालय के आदेश को शीर्ष अदालत में अलग-अलग चुनौती दी थी।

**************************

 

लू के कहर से निपटेगी केंद्र सरकार, अधिक कहर वाले राज्यों में भेजी जाएगी अफसरों की टीमें

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी)-उत्तर भारत के अधिकतर राज्य़ों में लू कहर बरपा रही है। इसी कहर के बीच स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में आज हाईलेवल बैठक हुई।

बैठक खत्म होने के बाद मांडविया ने कहा, ‘जिन राज्यों में लू चल रही है और लू की घटनाएं हुई हैं। वहां आपदा प्रबंधन, मौसम विभाग और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों की एक टीम राज्य सरकार की सहायता के लिए भेजी जाएगी। गौरतलब है कि देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से कई लोग बेहाल हैं। लू लगने से बीते 72 घंटे में यूपी और बिहार में 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। बिहार के गया जिले में बढ़ते तापमान के बीच अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में सोमवार को 58 मरीज भर्ती हुए. राज्य में भीषण गर्मी के चलते पटना के जिलाधिकारी ने 12वीं कक्षा तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों को 24 जून तक के लिए स्थगित कर दिया है।

******************************

 

संप्रभुता का सम्मान व विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में भारत का विश्वास : पीएम मोदी

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने, कानून के शासन का पालन करने और मतभेदों और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में विश्वास रखता है। अमेरिका की राजकीय यात्रा के लिए रवाना होने से पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल के साथ एक साक्षात्कार में, मोदी ने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और गरिमा की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून और देशों की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए व विवादों को कूटनीति और संवाद से सुलझाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, कुछ लोग कहते हैं कि हम तटस्थ हैं, लेकिन हम तटस्थ नहीं हैं। हम शांति के पक्ष में हैं।

प्रधानमंत्री ने साक्षात्कार में कहा, दुनिया को पूरा विश्वास है कि भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता शांति है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंध में मोदी ने कहा कि परिषद की वर्तमान सदस्यता का मूल्यांकन होना चाहिए और दुनिया से पूछा जाना चाहिए कि क्या वह भारत को वहां रखना चाहती है।

प्रधान मंत्री ने कहा कि भारत जो कुछ भी कर सकता है, वह करेगा और संघर्ष को समाप्त करने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सभी वास्तविक प्रयासों का समर्थन करेगा।

उन्होंने कहा कि चीन के साथ सामान्य द्विपक्षीय संबंधों के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में अमन-चैन जरूरी है।

मोदी ने साक्षात्कार के दौरान कहा कि वह स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं, मैं जो कहता हूं और करता हूं, वह मेरे देश की विशेषताओं और परंपराओं से प्रेरित और प्रभावित है। मैं इससे ताकत हासिल करता हूं।

उन्होंने कहा, मैं अपने देश को दुनिया के सामने वैसा ही पेश करता हूं, जैसा मेरा देश है और खुद को जैसा मैं हूं।

भारत-अमेरिका संबंधों पर प्रधानमंत्री ने साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका और भारत के नेताओं के बीच अभूतपूर्व विश्वास है।

उन्होंने कहा, भारत एक उच्च और व्यापक भूमिका का हकदार है।

साक्षात्कार में प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से कहा गया, हम भारत को किसी भी देश की जगह लेने वाले के रूप में नहीं देखते हैं। हम इस प्रक्रिया को भारत को दुनिया में अपना सही स्थान प्राप्त करने के रूप में देखते हैं।

उन्होंने कहा, आज दुनिया पहले से कहीं अधिक परस्पर जुड़ी हुई और अन्योन्याश्रित है।

********************************

 

भोपाल में जानवरों जैसा बर्ताव करने वालों पर एनएसए की कार्रवाई

भोपाल 20 June (एजेंसी): मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक से जानवरों जैसा बर्ताव करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। छह लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है जिनमें से तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है और उनके मकानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रात में शुरू हो गई। बीते रोज राजधानी में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक से बर्बरतापूर्ण तरीके से मारते-पीटते और उसके गले में जानवरों जैसा पट्टा डालकर उसे घसीटते हुए दिखाया गया। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का बयान आया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस सक्रिय हुई और तहकीकात की गई तो यह मामला टीला जमालपुर थाना क्षेत्र का निकला। यह बात सामने आई कि पीजीबीटी कॉलेज ग्राउंड में युवक के साथ यह बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया था जिसमें छह लोग शामिल थे।

पुलिस जब पीड़ित तक पहुंची तो उसने बताया कि पंचवटी कॉलोनी के रहने वालों ने उसके साथ मारपीट की, वहीं पीड़ित के भाई का आरोप है कि उसे अपने मकान को सस्ते में बेचकर दूसरे स्थान पर जाना पड़ा, फिर भी ये लोग धर्मांतरण का दबाव डाल रहे हैं और पैसों की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ रासुका के तहत मामला दर्ज किया और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है।

राज्य के गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया को बताया कि 24 घंटे के अंदर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। मगर पुलिस ने छह घंटे में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर रासुका की कार्यवाही कर दी गई है, उनका अतिक्रमण चिन्हित कर लिया गया है, अतिक्रमण पर बुलडोजर चलेगा।

थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया गया है और ऐसी घृणित मानसिकता वाले लोग ऐसी घृणित सोच को ही हम कुचलने की कोशिश करेंगे, मूल है इस घृणित सोच को कुचलना और भोपाल में ऐसी कार्रवाई हो जो प्रदेश में नजीर बने।

*******************************

 

बेंगलुरु, दक्षिण कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी

बंगलुरू 20 June (एजेंसी): भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार से बेंगलुरु और कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी के अनुसार, बेंगलुरु शहर, बेंगलुरु ग्रामीण, चामराजनगर, चिक्काबल्लापुरा, चिक्कमगलुरु, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, हासन, कोडागु, कोलार, मैसूरु, रामनगर, शिवमोग्गा, तुमकुरु और विजयनगर जिलों में भारी बारिश होगी।

बीदर, धारवाड़, गडग, रायचूर, कोप्पल, यादगीर के उत्तरी आंतरिक जिलों में भी बारिश होगी। दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़ और उडुपी के तटीय जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। बेंगलुरु में मंगलवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहे। कोलार जिले में सोमवार को भारी बारिश हुई, जिससे आम की फसल प्रभावित हुई।

*****************************

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 65वां जन्मदिन आज, PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके 65वें जन्मदिन पर बधाई दी। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई। हमारे लोगों के कल्याण के लिए ज्ञान, गरिमा और प्रतिबद्धता की एक किरण, देश की प्रगति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा की जाती है।

उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं। इस बीच, राष्ट्रपति मुर्मू ने जगन्नाथ रथ यात्रा 2023 से पहले मंगलवार सुबह हौज खास, दिल्ली में जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।

***********************************

 

2024 से पहले BJP एक्टिव, सांसदों को फॉर्म जारी कर पूछा- बताओ अब तक कितना काम किया

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी)- लोकसभा चुनाव में अभी करीब सालभर का समय बचा हुआ है, लेकिन केंद्र में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी अभी से सक्रिय हो गई है और सांसदों का लेखा-जोखा तैयार करने में जुट गई है। बीजेपी ने अब सभी सांसदों को 2 पन्नों के नोट्स के साथ 3 फॉर्म भेजा है, जिसमें पूछा गया है कि महाजनसंपर्क अभियान के दौरान आपने कितना काम किया और कितने घरों तक पहुंच रही। इस फॉर्म को भरकर सांसदों को प्रदेश कार्यालय या फिर दिल्ली में संसदीय कार्यालय में जमा कराना होगा।

सांसदों से इस फॉर्म के जरिए पूछा गया है कि महाजनसंपर्क अभियान में सांसद कितने घरों तक पहुंचे और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में कितना काम किया है। साथ ही उन्हें आगे के टारगेट भी दिए गए हैं। इस रिपोर्ट की 2024 के आम चुनाव में टिकट बंटवारे में भी अहम भूमिका रहेगी।

100-100 मीडिया इन्फ्लुएंसर की लिस्ट मांगी
सांसदों को अपने-अपने लोकसभा क्षेत्र में 100-100 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की लिस्ट भी भेजनी है। इनका सम्मेलन कराना है। इसमें यह भी बताना है कि कितने इन्फ्लुएंसर बीजेपी के लिए अच्छा लिखते हैं, कितने खराब और कितने लोग तटस्थ रहते हैं।

इसके अलावा सभी सांसदों को अपनी लोकसभा सीट में 1000 विशिष्ट लोगों की लिस्ट देनी होगी। इनमें पद्म पुरस्कार विजेता, खिलाड़ी, टीचर, डॉक्टर और शहीद परिवार के लोग शामिल हों। साथ ही उन्हें अपने क्षेत्र में 40 से 50 कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करनी है। हर एक कार्यकर्ता को रोजाना सुबह 20 और शाम को 20 यानी दिनभर में कम से कम 40 लोगों से संपर्क करना है। मोदी सरकार के 9 साल के कामों के बारे में बताकर उन्हें उसकी एक बुकलेट भी देनी है।

सांसदों ने अपने इलाके में कितने सम्मेलन किए और उसमें अलग-अलग वर्गों की कितनी सहभागिता रही, यह भी फार्म में भरकर बताना है। खासतौर पर यह जानकारी भी देनी है कि लाभार्थी, व्यापारी और सामाजिक स्तर पर आयोजित सम्मेलनों में कितनी संख्या में लोग आए। बीजेपी के सांसदों को अब तक के अपने काम के बारे में बताने के अलावा उनके लिए आगे के टारगेट भी सेट किए गए हैं। पार्टी की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, सभी सांसदों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर अपने-अपने क्षेत्र में 1000 से 2000 के बीच का कार्यक्रम करना है। कार्यक्रम की फोटो सरल ऐप पर डाउनलोड करनी होगी।

पीएम नरेंद्र मोदी 27 जून को सभी बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करने वाले हैं और इसके लिए सांसदों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारी करनी होगी।

**************************

 

ओडिशा रेल हादसा: सिग्नल जेई आमिर खान का परिवार लापता, CBI ने सील किया घर

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी): ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे को लेकर सीबीआई ने बालासोर सिग्नल जेई आमिर खान का घर सील कर दिया है। जांच टीम ने कुछ दिन पहले ही हादसे को लेकर सिग्नल जेई से पूछताछ की थी। जिसके बाद से ही सिग्नल जेई अपने परिवार के साथ लापता है। 2 जून को हुए इस हादसे में अब तक 290 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि सैकड़ों लोगों का अभी भी इलाज चल रहा है।

सीबीआई को ओर से ट्रेन हादसे की जांच की शुरुआत 6 जून को गई। इससे पहले इस मामले में सीबीआई केस दर्ज की थी। सरकार की ओर से मामले की सीबीआई जांच का आदेश तब दिया गया जब इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के साथ छेड़छाड़ की आशंका व्यक्त की गई। हादसे के बाद रेलवे के अधिकारियों ने कहा था कि हो सकता है कि इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की गई हो।

बता दें, यह हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार से जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस बालासोर में डिरेल होकर लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। वहीं, उसके कुछ डिब्बे बगल की पटरी से गुजर रही दूसरी पैसेंजर ट्रेन से भी टकरा गए थे। हादसा इतना भीषण था डिब्बों के परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि कोरोमंडल ट्रेन का इंजन मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया था। हादसे में अब तक 292 यात्रियों की मौत हो चुकी है। जिस वक्त हादसा हुआ था उस समयें करीब 1200 लोग घायल हुए थे। इसमें 100 से अधिक बुरी तरह से चोटिल हुए थे।

*******************************

 

गर्मी से अब मिलेगी राहत, शुरू हुआ बारिश का दौर, जानिए आपके राज्य में कब होगी बारिश

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी)- भारत इस सम गर्मी की मार झेल रहा है। वहीं इस बीच राहत की खबर है। कई राज्यों में बारिश आने का अनुमान जताया जा रहा है। राजस्थान में कम दाब का क्षेत्र बनने से अगले 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में 20 जून को भारी बारिश का अनुमान है। मानसून के आगे बढ़ने के साथ ही देश के अन्य राज्यों में भी बादल बरसने को तैयार हैं। मध्य प्रदेश में अधिकतर जगहों पर मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।

बिहार झारखंड में बरसेंगे बादल

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पूर्वी राज्यों और उप-हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल में 21-22 जून को बारिश का अनुमान है। वहीं ओडिशा में 21-23 जून तक बारिश होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में 20 और 21 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में अगले पांच दिन बारिश का अनुमान

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी तेज हवाओं और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में बारिश के साथ ही तेज हवाएं भी चलेंगी। दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बिजली कड़कने की घटनाएं हो सकती हैं। तमिलनाडु में मंगलवार को और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश होने का अनुमान है। चेन्नई, थिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलापट्टू जिलों में मंगलवार सुबह भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के आसपास के इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में चलेगी लू

मध्य प्रदेश और पूर्वी भारत में अगले चार-पांच दिन गर्मी से थोड़ी राहत रहेगी और अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की कमी होगी। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना के अधिकतर हिस्सों में अगले 24 घंटे तक लू का प्रकोप जारी रहेगा।

*************************

 

पांच पत्नियों वाले शख्स ने लड़की का अपहरण कर किया छठवीं बार किया निकाह, FIR पर दी ये धमकी

शामली 20 June (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के शामली जिले के पांच पत्नी रखने वाले शख्स ने अब 19 साल की लड़की का अपहरण कर उससे निकाह किया। घटना के प्रकाश में आने के बाद स्थानीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ स्वामी यशवीर सिंह सहित हिंदू कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

महिला अभी भी आरोपी के साथ है। बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने 22 जून से पहले लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर ज्ञापन दिया और चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो वे गांव में धरना प्रदर्शन करेंगे। यह जानने के बाद कि पीड़िता के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है, आरोपी ने उन्हें फोन किया और धमकी दी, अगर समय रहते एफआईआर से उसका नाम नहीं हटाया गया, तो वह उनकी दूसरी बेटी को भी ले जाएगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि आरोपी की पांच पत्नियां हैं और उसकी पांच पत्नियों में से केवल एक मुस्लिम है और अन्य चार हिंदू हैं। इससे पता चलता है कि वह शख्स जानबूझकर धर्म परिवर्तन के लिए हिंदू महिलाओं को निशाना बनाता है और फिर छोड़ देता है। आरोपी राशिद पर छपरौली थाने में कई मामले दर्ज हैं। इस बीच, पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

******************************

 

ईरान में पाकिस्तानी शख्स ने भारतीय जोड़े को बनाया बंधक, होटल में ले जाकर की ये हरकत

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी)- गुजरात के अहमदाबाद शहर के नरोदा के एक युवा जोड़े को एक पाकिस्तानी एजेंट ने ईरान में बंधक बना लिया और उसने उनकी रिहाई के लिए पैसे की मांग की है। पुलिस ने इस मामले जानकारी दी और कहा कि गुजराती जोड़ा ने अमेरिका में अवैध रूप से घुसने के लिए उससे संपर्क किया था। पुलिस उपायुक्त (अपराध) चैतन्य मांडलिक ने कहा कि इस संबंध में नरोदा इलाके के कृष्णानगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और अहमदाबाद शहर की अपराध शाखा ने जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी ने बताया कि यह घटना देश के बाहर हुई है, इसलिए अपराध शाखा ईरान में भारतीय दूतावास से सभी विवरणों के साथ संपर्क करेगी। जोड़े की पहचान पंकज पटेल और उनकी पत्नी निशा पटेल के रूप में हुई है, वहीं अपराध शाखा इसकी पुष्टि भी करेगी। पुलिस ने बताया कि जोड़े के परिवार ने कुछ कागजात कृष्णनगर पुलिस के साथ साझा किए हैं जिसके अनुसार पता चलता है कि दोनों अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने हैदराबाद के एक एजेंट के संपर्क किया था जिसने उनके हवाई टिकट की व्यवस्था की।

पुलिस ने कहा कि एजेंट की योजना के अनुसार, दंपति को ईरान के तेहरान में उतरना था और फिर निर्देश के अनुसार आगे बढ़ना था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले जब वे तेहरान हवाईअड्डे पर उतरे तो एक पाकिस्तानी एजेंट उन्हें एक होटल में ले गया और फिरौती के लिए उन्हें बंधक बना लिया। पाकिस्तानी एजेंट और उसके साथियों ने पंकज पटेल की पिटाई की और उसके परिजनों को एक वीडियो भेजा और दंपति को रिहा करने के लिए बड़ी रकम मांगी।

***************************

 

अमेरिका के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री मोदी, बोले- US का दौरा दोनो देशों के मजबूत संबंधों का प्रतिबिंब

नई दिल्ली 20 June (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के पहले राजकीय दौरे पर मंगलवार सुबह रवाना हो गए। मोदी का अमेरिका दौरा 21 जून से शुरू होकर 24 जून को खत्म होगा और यहां से प्रधानमंत्री मिस्र के दौरे पर जाएंगे।

मोदी ने अमेरिका रवाना होने से पहले विश्वास व्यक्त किया कि उनकी अमेरिका की यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा “मैं राष्ट्रपति जो बाइडेन और प्रथम महिला डॉ जिल बाइडेन के निमंत्रण पर अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जा रहा हूं। यह विशेष निमंत्रण हमारे लोकतंत्रों के बीच साझेदारी के उमंग और शक्ति को दर्शाता है।”

प्रधानमंत्री की इस यात्रा की खास बात यह है कि वह दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।

मोदी ने कहा, न्यूयॉर्क से बुधवार को मेरी यात्रा शुरू होगी, जहां अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के सदस्यों के साथ मैं संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाऊंगा। मैं उस स्थान पर इस विशेष उत्सव मनाने की प्रतीक्षा कर रहा हूं जिसने दिसंबर 2014 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता प्रदान करने वाले भारत के प्रस्ताव का समर्थन किया था।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति बाइडेन और अन्य वरिष्ठ अमेरिकी नेताओं के साथ मेरी चर्चा हमारे द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ जी 20, क्वाड और आईपीईएफ जैसे बहुपक्षीय मंचों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस ने हमेशा भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत समर्थन प्रदान किया है। अपनी यात्रा के दौरान मैं अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरी अमेरिका यात्रा लोकतंत्र, विविधता एवं स्वतंत्रता के साझा मूल्यों पर आधारित हमारे संबंधों को मजबूती प्रदान करेगी। साझा वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए हम दोनों देश मजबूती के साथ खड़े हैं।

मोदी ने कहा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर मैं वाशिंगटन डीसी से काहिरा की यात्रा करूंगा। मैं पहली बार एक घनिष्ठ मित्र देश की राजकीय यात्रा करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। हमें इस वर्ष अपने गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति सिसी की अगवानी करने का अवसर प्राप्त हुआ। मैं राष्ट्रपति सीसी और मिस्र सरकार के वरिष्ठ सदस्यों के साथ अपनी सभ्यता और बहुआयामी साझेदारी को और ज्यादा प्रगाढ़ करने के लिए चर्चा की प्रतीक्षा कर रहा हूं। मुझे मिस्र में जीवंत भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करने का भी अवसर प्राप्त होगा।

**************************

 

मशहूर एक्टर रामचरण के घर गूंजी किलकारी, पत्नी ने बेबी गर्ल को दिया जन्म

हैदराबाद 20 June (एजेंसी): मशहूर एक्टर राम चरण की पत्नी व उद्यमी उपासना कामिनेनी कोनिडेला ने मंगलवार को बेबी गर्ल को जन्म दिया। अपोलो अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन के जरिए बच्चे के जन्म की घोषणा की। बच्चा और मां दोनों ठीक हैं।

मेगास्टार चिरंजीवी और परिवार के लोग नए मेहमान का स्वागत करने के लिए सुबह-सुबह अस्पताल में उनसे मिलने गए। उपासना को सोमवार को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस कपल ने पिछले हफ्ते अपनी 11वीं शादी की सालगिरह मनाई।

चिरंजीवी दादा बन चुके हैं और अब फैंस को उनके घर में ग्रैंड सेलिब्रेशन का इंतजार है। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि मां और बेटी दोनों ही स्वस्थ हैं। फिलहाल परिवार की ओर से इस खुशखबरी को साझा नहीं किया गया है। लेकिन जल्द ही वह लोग अपनी इस खुशी में फैंस को शामिल कर सकते हैं।

*************************

 

पुरी में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, अहमदाबाद में मंगल आरती में शामिल हुए अमित शाह

पुरी 20 June (एजेंसी): विश्व प्रसिद्ध ओड़िशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू हो गई है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष यह यात्रा आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से शुरू होकर आषाढ़ शुक्ल की दशमी तक चलती है। इस रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ विराजमान होते हैं और इनके साथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा भी होते हैं। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पुरी के मंदिर से निकलते हुए गुंडिचा मंदिर जाती है। गुंडिचा मंदिर को भगवान जगन्नाथ की मौसी का घर कहा जाता है।

इस गुंडिचा मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा तीनों ही आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तक रुकते हैं। फिर इसके बाद वापस अपने पुरी के मंदिर में वापस लौट आते हैं। इस रथ को देखने के लिए और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद पाने के लिए देश-दुनिया से भक्त बड़ी संख्या में पुरी आते हैं।

अहमदाबाद में देश की दूसरी सबसे बड़ी जगन्नाथ रथ यात्रा

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा मंगलवार को देशभर में निकाली जा रही है। ओडिशा के पुरी में होने वाली रथयात्रा के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा अहमदाबाद के जमालपुर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में होती है। गृहमंत्री अमित शाह ने सुबह जमालपुर जगन्नाथ मंदिर में परिवार समेत मंगला आरती की।

अहमदाबाद में रथयात्रा सुबह 7 बजे शुरू हो गई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पाहिंद विधि कर रथ यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले सुबह 4.30 बजे भगवान को खिचड़ा हुआ। 6.30 बजे भगवान की तीनों मूर्तियों को रथ में विराजमान किया गया।

****************************

 

राहुल गांधी और खडग़े 23 जून को पटना आएंगे, पार्टी में खासा उत्साह

पटना 19 जून,(एजेंसी)। विपक्षी दलों को एकजुट करने के मद्देनजर 23 जून को पटना में होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी उसी दिन बिहार की राजधानी पहुंचेंगे। ये दोनों नेताओं के पटना आगमन को लेकर कांग्रेसियों में खासा उत्साह है। कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि दोनों नेता पटना हवाई अड्डे से सीधे प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा।

इस दौरान ये दोनों नेता प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओ से मिलेंगे और उन्हें संबोधित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी पहली बार बिहार आ रहे हैं। दोनों नेताओं के स्वागत के लिए विशेष तैयारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सदाकत आश्रम के बाद दोनों नेता विपक्षी दलों की आयोजित बैठक में शामिल होंगे।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटे हैं। इसी के तहत 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में 15 से अधिक दलों के नेताओं के भाग लेने की संभावना है।

*****************************

 

पंचायत चुनाव में सेंट्रल फोर्स की तैनाती पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई

कोलकाता 19 जून,(एजेंसी)। बंगाल के पंचायत चुनाव में सेंट्रल फोर्स की तैनाती की खबर पर राज्य भर में चर्चा है। सेंट्रल फोर्स की तैनाती से जहां केन्द्र की भाजपा सरकार के बंगाल में ताकत दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं बंगाल की ममता सरकार के लिए सेंट्रल फोर्स की तैनाती सिर दर्द से कम नहीं है। ऐसे में कलकत्ता हाईकोर्ट ने 15 जून को पंचायत चुनाव में सेंट्रल फोर्स की तैनाती का आदेश दिया था।

लेकिन ममता सरकार और राज्य चुनाव आयोग ने उक्त फैसले का विरोध किया और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। सुप्रीम कोर्ट आज सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार हो गया। कोर्ट आज यानी मंगलवार को इसकी सुनवाई करेगा। गौरतलब हो कि, भाजपा और कांग्रेस ने बंगाल में हिंसा को लेकर दो याचिकाएं लगाई थीं।

15 जून को चीफ जस्टिस शिवगणमन और जस्टिस उदय कुमार की बेंच ने पंचायत चुनाव में संवेदनशील जिलों में सेंट्रल फोर्स तैनात करने का निर्देश दिया था। इस पर चुनाव आयोग ने कहा था कि संवेदनशील जगहों की पहचान करने में थोड़ा वक्त लगेगा। कोर्ट ने इस पर कहा कि अधिक समय लेने से केवल नुकसान होगा। चुनाव आयोग और बंगाल सरकार ने फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।

******************************

नेपाल के सिनेमाघरों में आदिपुरुष की स्क्रीनिंग पर रोक, मुंबई में डॉयलॉग राइटर को मिली सुरक्षा

काठमांडू 19 जून,(एजेंसी)। फिल्म आदिपुरुष में सीता के जन्मस्थान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद नेपाल में फिल्म की स्क्रीनिंग बंद कर दी गई है। नेपाल में फिल्म के एकमात्र वितरक मनोज राठी ने बताया कि पूरे देश में स्क्रीनिंग रोक दी गई है। काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने 15 जून को नेपाल की राजधानी में सिनेमा हॉल को निर्देश दिया था कि जब तक निर्माता सीता के जन्मस्थान की गलती को सुधार नहीं लेते, तब तक फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी जा सकती।

नेपाल के संविधान के अनुच्छेद 5 और 56 (6) का हवाला देते हुए, शाह ने कहा कि संघीय, प्रांतीय और स्थानीय सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे राष्ट्रीय हितों की रक्षा करें और बिना किसी बदलाव के फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति देने से नेपाल की राष्ट्रीयता, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय पहचान को अपूरणीय क्षति हो सकती है। मेयर की चेतावनी के एक दिन बाद, काठमांडू के सभी सिनेमाघरों ने सुरक्षा कारणों से आदिपुरुष की स्क्रीनिंग बंद कर दी।

मेयर ने रविवार को फिल्म के खिलाफ अपने विरोध का आह्वान किया और सिनेमा हॉल से फिल्म को प्रदर्शित नहीं करने का आग्रह किया, जब तक कि फिल्म निर्माता कथित गलती को ठीक नहीं कर लेते। नेपाल के सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म की स्क्रीनिंग की मंजूरी को वापस लेने का फैसला किया है। नेपाल फिल्म यूनियन के वाइस चेयरमैन भास्कर धुनगाना ने कहा, हमने सुरक्षा कारणों से फिल्म की स्क्रीनिंग बंद करने का फैसला किया है। रामायण के अनुसार, सीता का जन्म जनकपुर में हुआ था, जो नेपाल में पड़ता है और भगवान राम ने आकर उनसे विवाह किया था।

प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म आदिपुरुष पर लगातार बढ़ रहे विवाद के बीच मनोज मुंतशिर ने खुद की जान पर खतरा बताते हुए मुंबई पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। जिस पर मुंबई पुलिस ने काफी विचार-विमर्श करने के बाद अब लिरिसिस्ट को सुरक्षा दे दी है। रिपोट्र्स के मुताबिक, आदिपुरुष के डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर को मुंबई पुलिस ने सुरक्षा प्रदान की है, इतना ही नहीं मुंबई पुलिस ने ये भी बताया कि वह इस मामले की छानबीन कर रही है।

***********************************

 

नीतीश सरकार को झटका, जीतन राम मांझी गुट ने किया महागठबंधन से समर्थन वापस लेने का ऐलान

पटना 19 June (एजेंसी): बिहार से बड़ी खबर सामने आई है। नीतीश सरकार को झटका देते हुए हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने महागठबंधन से पार्टी का समर्थन वापस लेने का ऐलान किया है। हिंदुस्तान हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने कहा कि जीतन राम मांझी और वह खुद आज दिल्ली जाएंगे और नई संभावनाओं पर विचार करेंगे। साथ ही दिल्‍ली में एनडीए के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। उन्‍होंने कहा कि वो खुले मन से नए संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं।

सुमन ने पिछले हफ्ते ही नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इस दौरान नीतीश कुमार पर जद (यू) में अपनी पार्टी के विलय का दबाव बनाने का आरोप लगाया था। सुमन ने कहा कि वह विकल्प तलाशने के लिए बाद में दिल्ली आएंगे और अगर भाजपा नीत गठबंधन उन्हें निमंत्रण देता है तो वह एनडीए के आमंत्रण पर विचार करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि, हम तीसरा मोर्चा स्थापित करने का विकल्प भी खुला रख रहे हैं। ‘

*******************************

 

53वें जन्मदिन पर राहुल गांधी को बधाई देने वालों का तांता

नई दिल्ली 19 June (एजेंसी) । कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके 53वें जन्मदिन पर पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य लोगों ने बधाई दी। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने कहा, एक निडर नेता और भारत को एकजुट रखने के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए। प्यार में उनके अटूट विश्वास के लिए, एक ऐसा प्यार जो क्षमा करने, विश्वास करने, आशा करने और मतभेदों को गले लगाने के लिए तैयार है।

हमारे अपने ‘मोहब्बत की दुकान’ के लिए जन्मदिन मुबारक हो राहुल गांधी जी। साथ ही ट्विटर पर खड़गे ने कहा, राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। संवैधानिक मूल्यों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता और विपरीत परिस्थितियों में आपका अदम्य साहस सराहनीय है। आप करुणा और सद्भाव का संदेश फैलाते हुए सच बोलना जारी रखें और लाखों भारतीयों की आवाज बनें।

अपने संदेश में कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, राहुल गांधी इस अंधेरे समय में प्रकाश की किरण हैं, जो एक विकसित, सुरक्षित और शांतिप्रिय भारत का सपना देखते हैं।

उनके निस्वार्थ संघर्ष, समावेशिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, उनके प्रगतिशील विचार और गरीबों के लिए उनके समर्पण को सलाम। हमारे समय के दूरदर्शी राहुल जी को जन्मदिन की बधाई!

कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठन भी इस दिन को सेलिब्रेट कर रहे हैं।

इस बीच, सोमवार को दिल्ली में राहुल गांधी के आवास के बाहर ‘हैप्पी बर्थडे’ के पोस्टर लगे।

*******************************

 

नोएडा : हाईकोर्ट ने यमुना के डूब क्षेत्र में बुलडोजर चलाने पर लगाई रोक

नोएडा 19 June (एजेंसी) । नोएडा प्राधिकरण यमुना के डूब क्षेत्र में बने फॉर्म हाउस को ध्वस्त नहीं कर सकता। हाईकोर्ट ने डूब क्षेत्र में प्राधिकरण के ध्वस्तीकरण प्रक्रिया पर स्टे लगा दिया है। कोर्ट ने यथा स्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया है। साथ ही 30 दिनों के अंदर फॉर्म हाउस मामले में प्राधिकरण को फैसला लेने की बात कही है। कोर्ट ने आदेश में कहा है कि याचिकाकर्ता को तीन सप्ताह में अपनी आपत्ति दर्ज करवानी होगी। इसके साथ ही न तो प्राधिकरण वहां कोई ध्वस्तीकरण अभियान चलाएगा न ही फॉर्म हाउस मालिक वहां कोई निर्माण करेंगे। इससे पहले भी फार्म हाउस मालिकों ने अपनी आपत्तियों के प्रत्यावेदन प्राधिकरण को दिए थे। जिनका निस्तारण करने हुए प्राधिकरण ने जवाब दिया था। हालांकि इस जवाब से याचिकाकर्ता संतुष्ट नहीं हुए।

प्राधिकरण ने हाल ही में यमुना के डूब क्षेत्र में बने फार्म हाउसों पर बुलडोजर चलवा दिया। इस कार्रवाई के विरोध में फार्म हाउस मालिकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। प्राधिकरण ओएसडी प्रसून द्विवेदी ने बताया कि ध्वस्तीकरण मामले में कोर्ट से स्टे हुआ है। विधि सलाहकार से बातचीत करके ही आगे अपना जवाब दिया जाएगा।

गौरतलब है कि यमुना के करीब 5 हजार हेक्टेयर से ज्यादा की जमीन पर 900 फॉर्म हाउस है। जिसे ड्रोन सर्वे के जरिए प्राधिकरण ने नोटिफाइ किया था। पहले फेज में प्राधिकरण ने 150 फॉर्म हाउस और 4 क्लब को ध्वस्त किया था। इसके बाद फार्म हाउस मालिक हाईकोर्ट चले गए। हाईकोर्ट ने मालिकों से कहा कि वे सभी प्राधिकरण में अपनी लिखित आपत्ति जमा कर सकते है। इसके बाद प्राधिकरण इसकी जांच करेगा। प्राधिकरण ने अधिकतर प्रत्यावेदनों का निपटारा कर दिया है। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्यवाही फिर शुरू की गई। लेकिन वहां भी स्टे मिल गया।

यमुना डूब क्षेत्र में बढ़ती अवैध फार्म हाउस की संख्या का अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने गुपचुप तरीके से रजिस्टर्ड जीपीए पर रोक लगा दी है। अब नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण की एनओसी के बाद ही डूब क्षेत्र की जमीन की खरीद बिक्री के लिए रजिस्टर्ड जीपीए भी हो सकेगा। निबंधन विभाग में डूब क्षेत्र में आने वाले गांव की जमीन पर वर्ष 2020 से रजिस्ट्री प्रतिबंधित है। यह रोक जिला आपदा प्रबंधन कमेटी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने लगाई है। प्राधिकरण ने यमुना के अधिसूचित क्षेत्र और बाढ़ के मैदान में निर्माण के खिलाफ जून में सार्वजनिक नोटिस जारी किया था। इसमें लिखा था कि यूपी औद्योगिक विकास अधिनियम के प्रावधान के तहत प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में बिना पूर्व अनुमति के निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता है। यदि किसी के द्वारा कोई निर्माण किया गया है तो उसे अविलम्ब हटा दें, अन्यथा यदि नोएडा के अधिसूचित क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण पाया जाता है तो उसे ध्वस्त कर दिया जायेगा।

गौरतलब है कि 1976 में 36 गांवों को मिलाकर नोएडा को बनाया गया। 2031 मास्टर प्लान के अनुसार इसका क्षेत्र बढ़ाकर 20 हजार 2016 हेक्टेयर किया गया। ये पहला ऐसा शहर है, जिसमें करीब 5 हजार 36 हेक्टेयर जमीन डूब क्षेत्र यानी यमुना और हिंडन का रिवर बेंड है। प्राधिकरण के तत्कालीन चेयरमैन रमा रमण ने वर्ष 2015 में बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कर हिंडन व यमुना नदी के किनारे की लगभग 5036 हेक्टेयर जमीन को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की थी। रिवर फ्रंट में झीलें, पार्क, साइकिल ट्रैक, पैदल पथ, बगीचा, बैठने के स्थान समेत कई सुविधाएं विकसित की जानी थीं।

*******************************

 

अयोध्या में भरत कुंड को किया जाएगा विकसित

लखनऊ 19 June (एजेंसी) । उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भगवान राम से जुड़े प्राचीन स्थलों के कायाकल्प की योजना के तहत अयोध्या में भरत कुंड को विकसित करने को मंजूरी दे दी है। अयोध्या प्रशासन ने राम मंदिर से लगभग 5 किमी दूर स्थित एक प्राचीन सूर्य मंदिर, सूर्य कुंड के जीर्णोद्धार का काम पहले ही पूरा कर लिया है।

अयोध्या के महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा, भारत कुंड को सूर्य कुंड की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जगह के महत्व और गौरव को बहाल किया जाएगा और जल निकाय को पुनर्जीवित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना अयोध्या विकास योजना का हिस्सा थी।

मंदिर परिसर, जिसमें एक जल निकाय भी है, को 24 करोड़ रुपये की लागत से फिर से निर्मित किया गया है और अब, यह भगवान राम की विशेषता वाले एक लेजर और साउंड शो की मेजबानी करेगा।

त्रिपाठी ने कहा, अयोध्या से लगभग 15 किमी दूर स्थित, भरत कुंड एक ऐसा स्थान है, जहां भगवान राम के 14 साल के वनवास के बाद छोटे भाई भरत ने अपने कोशल राज्य पर शासन किया था। इसी स्थान पर भरत ने भी भगवान राम के वनवास से लौटने के लिए तपस्या की थी।

भाजपा के एक नेता ने कहा कि सरकार अगले जनवरी में राम मंदिर खुलने के बाद अयोध्या आने वाले भक्तों को पौराणिक महत्व वाले स्थानों का प्रदर्शन करना चाहती है।

भाजपा नेता ने कहा, यदि कोई भक्त अयोध्या आता है, तो उसे कम से कम तीन दिन यहां रहना चाहिए। पर्यटकों को रोकने के लिए पौराणिक कथाओं में कई महत्वपूर्ण स्थानों को विकसित करना जरूरी है।

भरत कुंड राज्य के सबसे पुराने जल निकायों में से एक है और हिंदुओं के लिए इसका बहुत महत्व है क्योंकि इस स्थान का रामायण में विशेष उल्लेख मिलता है।

मृत्यु के बाद की रस्म ‘श्राद्ध’ को करने के लिए भी यह स्थान महत्वपूर्ण है।

*****************************