Category Archives: news

भारत पहुंच रहा है वायु सेना का पहला सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट, जानें इसकी खासियत के बारे में

नई दिल्ली 15 Sep, (एजेंसी): यूरोपियन कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस से भारतीय वायु सेना को अपना पहला सी-295 ट्रांसपोर्ट विमान मिल चुका है। अब 15 सितंबर को यह विमान भारत पहुंच रहा है। पहले सी 295 ट्रांसपोर्ट विमान की डिलीवरी भारतीय वायु सेना को स्पेन में दी गई है। इसके लिए भारतीय वायु सेना के एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी स्पेन पहुंचे हैं। विमान की डिलीवरी हासिल करने के उपरांत वायु सेना प्रमुख ने नए विमान में उड़ान भी भरी। ये एयरक्राफ्ट शॉर्ट टेक-ऑफ और लैंडिंग कर सकते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक यह विमान महज 320 मीटर की दूरी में ही टेक-ऑफ कर सकता है। लैंडिंग के लिए इसे मात्र 670 मीटर की लंबाई चाहिए। ऐसी स्थिति में यह विमान भारत चीन सीमा के नजदीक लद्दाख, कश्मीर, असम और सिक्किम जैसे पहाड़ी इलाकों में वायु सेना के ऑपरेशन में शामिल हो सकता है।

एयरक्राफ्ट अपने साथ 5 से 10 टन तक वजन ले जा सकता है। विमान एक बार में अपने साथ 71 सैनिक, 44 पैराट्रूपर्स, 24 स्ट्रेचर या 5 कार्गो पैलेट को ले जा सकता है। इसके साथ ही यह ट्रांसपोर्ट विमान 480 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से 11 घंटे तक उड़ान भर सकता है।

सी-295 विमान को औपचारिक रूप से स्वीकार करने के साथ ही चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने स्पेन की रक्षा मंत्री, मार्गारीटा रोबल्स से मुलाकात भी की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने से संबंधित मामलों पर चर्चा की गई।

एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ की गई डील 56 विमानों के लिए है। इनमें से 16 विमानों का निर्माण स्पेन में हो रहा है जबकि शेष बचे 40 विमान गुजरात के वडोदरा में टाटा एडवांस सिस्टम कंपनी द्वारा तैयार किए जाएंगे। यह विमान स्पेन के सेविले प्लांट में बनाया गया है। इसे 25 सितंबर को हिंडन एयरबेस में वायुसेना में शामिल किया जाएगा।

स्पेन के सेविले में मौजूद एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने कहा कि पहला विमान स्पेन में तैयार किया गया है, जबकि 17वें विमान को 2026 में भारत वडोदरा में तैयार किया जाएगा। स्पेन में भारत के राजदूत दिनेश पटनायक ने कहा कि सी-295 विमान को तय समय से 10 दिन पहले एयरबस की तरफ से वायुसेना को सौंप दिया गया।

सितंबर 2021 में भारत ने यूरोपियन कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ कुल 56 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए करीब 21,935 करोड़ रुपए की डील की है। सी295 विमान भारतीय वायु सेना के एवरो-748 विमानों का स्थान लेंगे। यह विमान भारतीय वायुसेना में बीते छह दशक पहले सेवा में आए थे।

सी295 विमान का इस्तेमाल सैन्य साजो-सामान और रसद पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान ऐसे स्थान पर भी पहुंच सकता है जहां भारी ट्रांसपोर्ट विमानों के जरिए नहीं पहुंचा जा सकता।

जानकारी के मुताबिक पहले सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की तैनाती आगरा एयरबेस में होगी। यहां इस विमान के पायलटों के लिए एक विशेष ट्रेनिंग सेंटर भी तैयार किया जा रहा है। वायु सेना के मुताबिक यह ट्रेंनिंग सेंटर अगले वर्ष तक बनकर तैयार हो जाएगा। टाटा एडवांस सिस्टम 2024 के मध्य तक सी-295 विमान बनाना शुरू करेगी।

फिलहाल, इसकी फाइनल असेम्बली लाइन का काम चल रहा है। भारत में पहला स्वदेशी सी-295 विमान 2026 में बनकर तैयार होगा। फाइनल असेम्बलिंग करने के लिए एयरबस और टाटा के हैदराबाद व नागपुर प्लांट में 14,000 से ज्यादा स्वदेशी पार्ट्स तैयार कर वडोदरा भेजे जाएंगे। रक्षा सूत्रों का कहना है कि वायुसेना के अलावा नौसेना और कोस्ट गार्ड भी 15-16 प्लेन खरीद सकती हैं। फिलहाल इस पर बातचीत चल रही है।

***************************

 

छत्तीसगढ़ मेरे लिए पावर हाउस की तरह – मोदी

*6350 करोड़ की रेल परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित*

*नौ जिलों में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास*

*सिंहदेव ने की मोदी की तारीफ*

रायगढ़/रायपुर, 14 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां 6350 करोड़ की रेल परियोजना को देश को समर्पित किया। उन्होंने राज्य के 9 जिलों में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ मेरे लिए पावर हाउस की तरह है। प्रदेश के विकास के लिए हमने निरंतर काम किया है। यहां के जंगल-जमीन की रक्षा भी करेंगे और इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भी करेंगे। आज छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में बड़ा कदम उठा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए आज अनेक योजनाओं का शुभारंभ हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में देश में ऐसे प्रोजेक्ट की संख्या बढ़ेगी और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे राज्य को जरूर मिलेगा। इसी सोच के साथ बीते 9 वर्षों में हमने छत्तीसगढ़ के बहुमुखी विकास के लिए निरंतर काम किया है। उस विजन का, उन नीतियों का परिणाम आज हमें यहां दिख रहा है। आज छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार द्वारा बड़ी योजनाएं पूरी की जा रही हैं। नई-नई योजनाओं की नींव रखी जा रही है।

बंद खदान इको टूरिज्म के रूप में विकसित

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें देश की ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करना है और पर्यावरण की भी सुरक्षा करना है। इसी दिशा में सूरजपुर जिले में बंद पड़ी खदान को इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। कोरबा क्षेत्र में भी ईको पार्क विकसित करने का काम किया जा रहा है। आज खदानों से निकले पानी से हजारों लोगों को सिंचाई और पेयजल की सुविधा प्रदान की जा रही है। इन सभी प्रयासों का सीधा लाभ इस

क्षेत्र के जनजातीय समाज के लोगों को होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आधुनिक विकास की तेज रफ्तार के साथ ही गरीब कल्याण के भी तेज रफ्तार का भारतीय मॉडल दुनिया देख रही है। कुछ दिन पहले जी.20 सम्मेलन के दौरान बड़े-बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली आए थे, ये सभी भारत के विकास, गरीब कल्याण के प्रयासों से प्रभावित होकर गए हैं। आज दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं भारत की सफलता से सीखने की बात कह रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि आज विकास में देश के हर राज्य को, हर इलाके को बराबर प्राथमिकता मिल रही है। जैसा उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें मिलकर देश को आगे बढ़ाना है। छत्तीसगढ़ और रायगढ़ का यह इलाका भी इसका गवाह है।

केंद्र की ओर से कभी हाथ तंग नहीं रहे : सिंहदेव

प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि हर 10 में से 1 व्यक्ति सिकलसेल से ग्रसित है। इनके लिए केंद्र जो काम कर रहा है, मैं उसका शुक्रिया अदा करता हूं। राज्य ने उन सभी उत्तरदायित्वों का पालन किया, जो राज्य के क्षेत्र के हैं। संघीय ढांचे को इसी तरह आगे लेकर जाएंगे। मैंने भेदभाव महसूस नहीं किया। बतौर एक साथी, बतौर हक केंद्र की ओर से कभी हाथ तंग नहीं रहे। आने वाले समय में इस संघीय ढांचे की व्यवस्था को आगे बढ़ाते रहेंगे। सभी क्षेत्रों में साझा भागीदारी से विकास करेंगे। मैं प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करता हूं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 6350 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण रेल क्षेत्र की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इसमें पेंड्रा रोड से अनूपपुर के बीच तीसरी रेल लाइन 50 किमी लंबी है। इसका निर्माण लगभग 516 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। साथ ही चांपा और जामगा रेलखंड के बीच 98 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन का निर्माण करीब 796 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। तलाईपल्ली कोयला खदान को एनटीपीसी लारा सुपर थर्मल पावर स्टेशन (एसटीपीएस) से जोडऩे वाली एमजीआर (मेरी-गो-राउंड) प्रणाली भी शामिल है। 2070 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित एमजीआर प्रणाली, कोयला खदानों से बिजली स्टेशनों तक कोयला परिवहन में सुधार के लिए बनाई गई है।

प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 50 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत कुल 210 करोड़ रुपये की लागत से दुर्ग, कोंडागांव, राजनांदगांव, गरियाबंद, जशपुर, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर और रायगढ़ जिलों में 9 क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। साथ ही सिकलसेल रोग की जांच की गई आबादी को एक लाख सिकलसेल परामर्श कार्डों का भी वितरण किया। सिकलसेल परामर्श कार्ड का वितरण राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (एनएसएईएम) के तहत किया जा रहा है।

*******************************

 

विपक्षी गठबंधन के 14 एंकर्स के बहिष्कार पर बोली बीजेपी, इन्होंने झुकने से किया इनकार तो जारी की लिस्ट

नई दिल्ली ,14 सितंबर (एजेंसी)।  देश के विभिन्न टीवी चैनल्स के 14 एंकर्स के कार्यक्रम का बहिष्कार करने के मामले में अब कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई है। विपक्षी गठबंधन ने इन एंकर्स के नाम की लिस्ट जारी कर इनके कार्यक्रम का बहिष्कार का ऐलान किया। तो, भाजपा ने आरोप लगाया है कि विपक्ष इन एंकर्स से उनके सामने रेंगने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन इन्होंने झुकने तक से इनकार कर दिया, इसलिए विपक्ष ने यह लिस्ट जारी की है।

दरअसल, विपक्षी दलों के ‘आईएनडीआईए’ गठबंधन ने मीडिया को लेकर एक बड़ा फैसला करते हुए देश के विभिन्न टीवी चैनल्स के 14 एंकर्स के कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है। गठबंधन ने एंकर्स की लिस्ट जारी कर सार्वजानिक घोषणा की है कि ‘आईएनडीआईए’ गठबंधन में शामिल कोई भी राजनीतिक दल इन एंकर्स के कार्यक्रम में अपने प्रतिनिधियों अर्थात प्रवक्ताओं या नेताओं को नहीं भेजेगा।

विपक्षी गठबंधन द्वारा जारी लिस्ट में अदिति त्यागी, अमन चोपड़ा, अमिश देवगन, आनंद नरसिम्हन, अर्नब गोस्वामी, अशोक श्रीवास्तव, चित्रा त्रिपाठी, गौरव सांवत, नाविका कुमार, प्राची पराशर, रुबिका लियाकत, शिव अरुर, सुधीर चौधरी और सुशांत सिन्हा जैसे बड़े एंकर्स के नाम हैं।

विपक्षी गठबंधन के इस फैसले की तीखी आलोचना करते हुए भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने आरोप लगाया है कि विपक्ष इन एंकर्स से उनके सामने रेंगने की उम्मीद कर रहा था। लेकिन, इन्होंने झुकने तक से इनकार कर दिया, इसलिए विपक्ष ने यह लिस्ट जारी की है।

मालवीय ने 14 एंकर्स की लिस्ट को शेयर करते हुए एक्स कर कहा, आई.एन.डी.आई. अलायंस ने उन पत्रकारों की एक सूची जारी की है, जिन्होंने झुकने से भी इनकार कर दिया, जबकि विपक्ष को उनसे रेंगने की उम्मीद थी। मालवीय ने इन एंकर्स को इस बहिष्कार को सम्मान के बैज के रूप में लेने का सुझाव देते हुए आगे कहा, उन्हें इसे सम्मान के बैज के रूप में पहनना चाहिए। उन्हें और अधिक शक्ति मिले।

********************************

 

पीएम मोदी का इंडिया पर प्रहार, बोले- घमंडिया गठबंधन की नीति सनातन परंपरा को समाप्त करने की

सागर ,14 सितंबर (एजेंसी)।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड के सागर जिले के बीना में पेट्रोकेमिकल परिसर सहित अनेक परियोजनाओं का शिलान्यास किया और इन परियोजनाओं को राज्य की तस्वीर बदलने वाला भी बताया। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि उनकी नीति सनातन परंपरा को समाप्त कर देश को गुलामी के रास्ते पर ले जाने की है।

पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित जी-20 की बैठक की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस सफलता से देश के हर नागरिक ने गर्व महसूस किया है। इस आयोजन का श्रेय मोदी को नहीं बल्कि पूरे देश की 140 करोड़ जनता को है। यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है। हम दुनिया के देशों को जोडऩे में समर्थ हैं और भारत विश्व मित्र के रूप में सामने आ रहा है। मगर कुछ लोग हैं जो देश और समाज को विभाजित करने में जुटे हुए हैं।

पीएम ने कहा, उन्होंने इंडिया एलाइंस बनाया है। कुछ लोग इसे घमंडिय़ा गठबंधन भी कहते हैं। इनका नेता तय नहीं है। नेतृत्व को लेकर भ्रम है। प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों की मुंबई में हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हिडन एजेंडा बनाया है और जो नीति बनाई है वह भारत की संस्कृति पर हमला करने की है। भारतीयों की आत्मा पर हमला करने की है। विवेकानंद हो, देवी अहिल्याबाई हो, झांसी की रानी हो या महात्मा गांधी। गांधी ने सनातन धर्म का जीवनपर्यंत पालन किया और उसके चलते ही देश को जोड़े रखा। उस परंपरा को यह घमंडिया गठबंधन के लोग खत्म करना चाहते हैं, उस ताने-बाने को तबाह करना चाहते हैं।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एकजुट होने का आग्रह करते हुए कहा कि अभी इन्होंने खुलकर हमले बोलना शुरू किया है, यह और आगे बढ़ाने वाले हैं इसलिए देश के कोने-कोने के सनातनियों को देश के लिए सतर्क रहने की जरूरत है। वे लोग सनातन को तबाह कर देश को एक हजार साल की गुलामी की ओर धकेलना चाहते हैं। हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने बीना में आयोजित समारोह में पेट्रोकेमिकल परिसर के अलावा प्रदेश की कई अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, वीरेंद्र खटीक सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

*****************************

 

पुलिस की शर्मनाक टिप्पणी : वाईएसआरसीपी ने विदेश मंत्रालय से अमेरिका के समक्ष मुद्दा उठाने का किया आग्रह

अमरावती ,14 सितंबर (एजेंसी)।  वाईएसआरसीपी संसदीय दल के नेता वी. विजयसाई रेड्डी ने गुरुवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आंध्र की एक छात्रा की मौत के बारे में एक अमेरिकी पुलिस अधिकारी की अभद्र टिप्पणियों से संबंधित मुद्दा अमेरिकी सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि जाहन्वी कंडुला की मौत के बारे में सिएटल पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई शर्मनाक टिप्पणियां भयावह हैं।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, उसे ‘सीमित मूल्य’ वाला ‘नियमित व्यक्ति’ कहना मूर्खतापूर्ण और असंवेदनशील है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) नेता ने जयशंकर से सख्त कार्रवाई के लिए इस मुद्दे को अमेरिकी सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया। आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले की 23 वर्षीय छात्रा जाह्नवी कंडुला की 25 जनवरी को सिएटल के साउथ लेक यूनियन इलाके में सिएटल पुलिस अधिकारी केविन डेव द्वारा चलाए जा रहे पुलिस वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।

सिएटल पुलिस के एक पुलिसकर्मी द्वारा जाहन्वी की मौत के बारे में मजाक करने का बॉडीकैम फुटेज लीक हो गया है, इससे आक्रोश फैल गया है। भारत ने अमेरिका से गहन जांच कराने का आग्रह किया है। 11 सितंबर को सिएटल पुलिस विभाग द्वारा जारी एक वीडियो में, एक पुलिसकर्मी को दुर्घटना पर चर्चा करते हुए मजाक करते और हंसते हुए सुना जा सकता है।

क्लिप में, सिएटल पुलिस ऑफिसर्स गिल्ड के उपाध्यक्ष डैनियल ऑडेरर को गिल्ड के अध्यक्ष के साथ एक कॉल में यह कहते हुए सुना जा सकता है, वह मर चुकी है इससे पहले कि वह हंसने लगे और जाह्नवी को एक नियमित व्यक्ति कहने लगे। उन्होंने हंसी के बीच कहा, हां, बस एक चेक लिखो। ग्यारह हजार डॉलर। क्लिप उसके यह कहने के साथ समाप्त होती है: वह वैसे भी 26 साल की थी, उसका मूल्य सीमित है।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के अडोनी शहर की रहने वाली, वह नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी के सिएटल परिसर में मास्टर की छात्रा थी। वह 2021 में अमेरिका गई थी और सूचना प्रणाली में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थी। पीडि़त परिवार ने पुलिस अधिकारी की टिप्पणी पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उनकी मां कंडुला विजयलक्ष्मी ने कहा कि परिवार को अमेरिकी सरकार से किसी मुआवजे की उम्मीद नहीं है।

***************************

 

पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध केंद्र सरकार : केंद्रीय मंत्री

नई दिल्ली ,14 सितंबर (एजेंसी)। उत्तर पूर्वी क्षेत्र (डोनर) विकास मंत्री बीएल वर्मा ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने एक्स पर लिखा, भारत सरकार अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों सहित पूरे पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी के कारण समृद्धि बढ़ रही है।

मंत्री ने अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में नेचिफू सुरंग का एक वीडियो भी साझा किया, जिसका उद्घाटन मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ पूर्वोत्तर राज्यों को धन की देवी के आठ रूपों ‘अष्ट लक्ष्मीÓ का नाम दिया था।
सरकार ने पहले कहा था कि उसने स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार से लेकर पर्यटन को बढ़ावा देने, लोगों को सशक्त बनाने और कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के अलावा सुरक्षा बढ़ाने तक क्षेत्र में बदलाव के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।

***************************

 

बीजेपी टिकट घोटाले में शामिल है कई बड़ी हस्तियां, गिरफ्तार हिंदू कार्यकर्ता का दावा

बेंगलुरु ,14 सितंबर (एजेंसी)। गिरफ्तार हिंदू कार्यकर्ता चैत्र कुंडपुरा ने गुरुवार को दावा किया कि कर्नाटक में भाजपा टिकट घोटाले में बड़ी हस्तियां शामिल हैं। यहां सिटी सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) भवन में पूछताछ के लिए ले जाए जाने के दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से यह टिप्पणी की। स्वामीजी को गिरफ्तार होने दीजिए, और सच्चाई सामने आ जाएगी। इस मामले में कई बड़ी हस्तियां शामिल हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस मामले में मुख्य आरोपी हैं, तो चैत्रा ने कहा कि इंदिरा कैंटीन (सरकार द्वारा संचालित और सब्सिडी वाला भोजन प्रदान करने वाली कैंटीन) के बिल लंबित हैं और इसीलिए यह साजिश रची जा रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें मुख्य आरोपी बनाया गया है, उन्होंने कहा, रहने दीजिए। सच्चाई सामने आ जाएगी। चैत्र के बयानों से राज्य में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है और घोटाले में भाजपा और आरएसएस के शीर्ष नेताओं की संलिप्तता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मई में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 72 नए चेहरों को टिकट दिया था, लेकिन करारी हार का सामना करना पड़ा।

कर्नाटक पुलिस ने चैत्र को मंगलवार रात उडुपी में एक उद्योगपति गोविंदा बाबू पुजारी को विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए भाजपा का टिकट दिलाने का वादा कर 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके सहयोगी होने का आरोप लगाते हुए छह लोगों को भी गिरफ्तार किया है। विजयनगर जिले के हुविनाहाडागली में हिरेहादागली मठ के अभिनव हलश्री स्वामीजी इस मामले में एक अन्य आरोपी हैं। कुंडापुरा की गिरफ्तारी के बाद से स्वामीजी फरार हैं और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। गुरुवार को चैत्रा की टिप्पणी फरार आरोपी के संदर्भ में थी, जिसने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 1.5 करोड़ रुपये लिए थे।

पुलिस के अनुसार, चैत्रा ने दक्षिण कन्नड़ जिले के बैंदुर निर्वाचन क्षेत्र से गोविंदा बाबू पुजारी को भाजपा का टिकट दिलाने का वादा किया था और दावा किया था कि वह आरएसएस के नेताओं को जानती है, जो उसे टिकट दिलवा सकते हैं। शिकायतकर्ता ने उल्लेख किया था कि उसे मठ में ले जाया गया था, जहां स्वामीजी ने पैसे की मांग की थी और उसने पैसे बेंगलुरु में अपनी जयनगर शाखा में दिए थे। स्वामीजी ने दावा किया था कि उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीबी संबंध हैं और उन्होंने यह भी आश्वासन दिया था कि अगर उन्हें टिकट नहीं मिला, तो पैसे वापस कर दिये जायेंगे। जब बाबू टिकट पाने में असफल रहे, तो उन्होंने चैत्र से अपने पैसे वापस करने को कहा।

*****************************

 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर बासमती चावल पर एमईपी का मुद्दा उठाएंगे सांसद विक्रमजीत साहनी

नई दिल्ली ,14 सितंबर (एजेंसी)। राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी केंद्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर बासमती चावल पर न्यूनतम निर्यात मूल्य (एमईपी) को तर्कसंगत बनाने में उनके हस्तक्षेप का आह्वान करने हेतु पंजाब के संसद सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। मालूम हो कि बासमती चावल का न्यूनतम निर्यात मूल्य केंद्र सरकार द्वारा 1200 डॉलर तय किया गया है, जिससे भारत से निर्यात पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

आज साहनी ने बासमती चावल निर्यातक संघ के पदाधिकारियों के साथ इस मामले को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के समक्ष अमृतसर में एक औद्योगिक संवाद बैठक सरकार सनातन मिलनी में इस मुद्दे को उठाया ।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा सांसद विक्रम सिंह साहनी को इस मुद्दे को सुलझाने का प्रयास करने हेतु एक प्रतिनिधिमंडल लेकर मंत्री गोयल से मिलेंने के लिए अधिकृत किया की ।

वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भी अपनी ओर से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को चावल निर्यात मानदंडों में छूट के लिए एक आधिकारिक पत्र लिखेंगे।
साहनी के ने बताया कि बासमती चावल पर केंद्र सरकार के न्यूनतम निर्यात मूल्य के फैसले के संबंध में पंजाब राइस मिलर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन, जो भारत में बासमती चावल व्यापार के लिए अग्रणी संघ है, उनके द्वारा उन्हें एक अनुरोध प्राप्त हुआ था।

साहनी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को एक लिखित संचार में कहा की कि वर्ष 2022-23 के लिए भारत में बासमती चावल का कुल उत्पादन 6.00 मिलियन टन है और वहीं गैर-बासमती चावल का कुल उत्पादन 135.54 मिलियन टन है। गैर-बासमती चावल के निर्यात पर कोई प्रतिबंध नहीं है, जिसके तहत प्रति टन 300 अमेरिकी डॉलर की किस्म को 20त्न निर्यात शुल्क के साथ निर्यात करने की अनुमति है। जबकि 1509 बासमती चावल, जो चावल की अधिक कीमत वाली किस्म है, की अनुमति नहीं है।

यदि चावल की कम कीमत वाली किस्म भारत से बाहर चली जाएगी और ऊंची कीमत प्रतिबंधित हो जाएगी, तो कीमतों को नियंत्रित करने का एजेंडा विफल हो जाएगा, साहनी ने कहा।

साहनी ने बताया कि बासमती चावल की खरीद भारत सरकार द्वारा पीडीएस प्रणाली के तहत नहीं की जाती है और चूंकि देश की केवल 2-3प्रतिशत आबादी ही इस उच्च कीमत वाली वस्तु का उपभोग करती है, इसलिए यह किसी भी तरह से देश में खुदरा खाद्य महंगाई पर प्रभाव नहीं डालता है।

साहनी ने कहा कि इस फैसले से हमारे देश के बासमती किसानों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। बासमती चावल की लगभग 40 किस्में स्ष्ठ850 से स्ष्ठ1600 प्रति टन तक हैं। बासमती चावल की निचली किस्मों का निर्यात बाजार में 70त्न योगदान है। भारत सरकार द्वारा लगाया गया यह एमईपी किसानों की आय पर नकारात्मक प्रभाव डालेगा क्योंकि एमईपी पर निर्णय के कारण कीमतें गिर जाएंगी।

सांसद साहनी ने आगे कहा कि 1200 अमेरिकी डॉलर पर एमईपी लगाने का निर्णय निर्यात की औसत कीमत से लगभग 350 अमेरिकी डॉलर अधिक है। भारतीय निर्यात लगभग 70त्न $850 के मूल्य वर्ग में है, जबकि $1200 – 1700 के बीच निर्यात का उच्च मूल्य भारत से निर्यात का लगभग 25-30त्न है।

इस फैसले से हमारे 70त्न बासमती चावल निर्यात पर असर पड़ेगा और भारतीय निर्यातक अपनी मेहनत से कमाया गया खरीदार आधार पाकिस्तान के हाथों खो देंगे, मालूम हो कि पाकिस्तान बासमती निर्यात बाजार में भारत का प्रतिस्पर्धी है। हाल ही में बासमती व्यवसाय के प्रमुख गंतव्य तुर्की में संपन्न इस्तांबुल खाद्य मेले में एक भी भारतीय कंपनी को कोई नया ऑर्डर नहीं मिल सका।

*****************************

 

एक हजार करोड़ के क्रिप्टो-पोंजी घोटाले में फंसे गोविंदा, ईओडब्ल्यू जल्द कर सकती है पूछताछ

भुवनेश्वर ,14 सितंबर (एजेंसी)।   ओडिशा क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) 1,000 करोड़ रुपये के ऑनलाइन क्रिप्टो पोंजी घोटाले के संबंध में बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा से पूछताछ कर सकती है।

ईओडब्ल्यू ने ‘एसटीए (सोलर टेक्नो अलायंस) टोकन’ से संचालित बड़े पैमाने पर अखिल भारतीय घोटाले का खुलासा किया। इस साल अगस्त में इसके भारत प्रमुख गुरतेज सिंह सिद्धू को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया था। ईओडब्ल्यू ने सोलर टेक्नो एलायंस की ओडिशा टीम के प्रमुख निरोद दास को भी गिरफ्तार किया है। ईओडब्ल्यू के महानिरीक्षक जेएन पंकज ने बताया, हम अभिनेता की जांच करेंगे, जिन्होंने जुलाई में गोवा के एक आलीशान सितारा होटल (बैंक्वेट हॉल) में आयोजित एसटीए के एक मेगा कार्यक्रम में भाग लिया था।

इस बैठक में ओडिशा के कई लोगों सहित एक हजार से अधिक अप-लाइन सदस्यों ने भाग लिया। फिल्म स्टार गोविंदा ने भी एसटीए को प्रमोट करते हुए कुछ वीडियो जारी किए थे। हम घोटाले में उनकी संलिप्तता की प्रकृति का पता लगाने की कोशिश करेंगे। अगर हमें उनकी संलिप्तता केवल समर्थन तक सीमित लगती है तो हम मामले में उन्हें गवाह के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ईओडब्ल्यू को गोविंदा से पूछताछ करने से पहले एसटीए के कई अन्य सदस्यों से भी पूछताछ करनी है, जो अभी भी फरार हैं, जो फिलहाल उसकी प्राथमिकता सूची में नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि ईओडब्ल्यू की अलग-अलग टीमें एसटीए के वित्तीय और तकनीकी प्रमुख सहित मास्टरमाइंड गुरतेज के फरार मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए जल्द ही पंजाब, राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगी। बाद में, हम कंपनी के राज्य प्रमुखों को भी गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि ओडिशा पुलिस के घोटाला उजागर करने के बाद एसटीए के सभी शीर्ष अधिकारी अपने मोबाइल फोन बंदकर छिप गये हैं।

उनमें से एक देश से भागने में भी कामयाब रहा, इसलिए हमने एसटीए के तीन शीर्ष सदस्यों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। हंगरी के नागरिक और गुरतेज के करीबी सहयोगी डेविड गीज़ के खिलाफ भी एलओसी जारी की गई है।

ओडिशा के भद्रक, बालासोर, भुवनेश्वर, मयूरभंज, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और क्योंझर जिलों के 10,000 से अधिक लोगों ने कथित तौर पर पोंजी घोटाले में लगभग 30 करोड़ रुपये का निवेश किया है। एसटीए के मुख्य रूप से पंजाब, राजस्थान, बिहार, झारखंड, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और असम जैसे राज्यों में दो लाख से अधिक सदस्य हैं। कंपनी ने आरबीआई की अनुमति के बिना सदस्यों से अवैध रूप से सैकड़ों करोड़ रुपये एकत्र किए हैं। नेपाल, दुबई और हंगरी में भी कई लोगों ने एसटीए में निवेश किया है।

***************************

 

अमन को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए राजीव प्रताप रूड़ी प्रधानमंत्री राहत कोष से 3 लाख दिलवाई

पटना ,13 सितम्बर (एजेंसी)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद  राजीव प्रताप रूडी की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री राहत कोष से दरियापुर प्रखण्ड के पिरारीडीह पंचायत के पटिसीतल गाँव निवासी अमन प्रकाश कुमार पिता धर्मेन्द्र सिंह किडनी ट्रांसप्लांट रोग का इलाज दिल्ली एम्स मे चल रहा है.

इन्होने अपनी बिमारी की जानकारी स्थानीय कार्यकर्ताओ जीतेन्द्र सिंह, राजविकाश, पंकज सिंह की मदद से सांसद कंट्रोल रूम नं- 18003456222 पर दिया और सांसद राजीव प्रताप रुडी के आवास पर मिलकर जानकारी दिया जिसके बाद सांसद कंट्रोल रूम द्वारा जरूरी कागजात मंगवाकर इनको इलाज के लिए 3 लाख रुपए का स्वीकृत करवाया गया तथा आगे आस्वासन दिया गया कि इलाज मे और ज्यादा खर्च लगेगा तो और भी पैसा स्वीकृत करवाया जाएगा। जिसके बाद सांसद राजीव प्रताप रुडी के निर्देश पर स्वीकृति पत्र भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य राकेश सिंह और क्षेत्रीय प्रभारी अनिल कुमार सिंह के नेतृतव मे दिया गया जिसमे मुख्य रूप से पैक्स अध्यक्ष शैलेश सिंह पैक्स अध्यक्ष अरुण सिंह, संटू सिंह,मोनू सिंह,मुन्ना सिंह,अनिल सिंह सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस कार्य के लिए ग्रामीणो ने  सांसद राजीव प्रताप रुडी  को धन्यवाद दिया और उनके कार्य की सरहाना की और कहा की राजीव प्रताप रूडी हमेशा जनहित के कार्य मे लगे रहते है।

****************************

 

दतिया में दो पक्षों के बीच गोलीबारी, पांच की मौत

दतिया 13 Sep, (एजेंसी)-मध्यप्रदेश के दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आज दो पक्षों के बीच हुयी गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गयी और तीन लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेंडा गांव में सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुयी गोलीबारी में दोनों पक्षों के पांच लोगों की मृत्यु हो गयी और तीन घायल हो गए, जिन्हें दतिया के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक ही गांव के दो परिवारों के बीच तीन दिन पूर्व खेत से मवेशी भगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के लिए आज दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराना था, लेकिन इससे पूर्व ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है।

********************************

 

अब इस वायरस ने फैलाई दहशत, मास्क पहनना हुआ अनिवार्य

कोझिकोड 13 Sep, (एजेंसी)-कोरोना के कहर को अभी लोग भूल नहीं पाए हैं कि अब निपाह वायरस पैर पसारने शुरू हो गया। इस कारण सावधानियां बरती जाने लगी हैं। केरल के केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस से दो लोगों की मौत के बाद 3 और जिले कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम में अलर्ट जारी किया गया है।

यहां के 7 ग्राम पंचायतों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन वाले इलाके और अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।

केरल सरकार ने केरल के 7 गांव के स्कूल और बैंक बंद करने का आदेश जारी किया है। यह एक ऐसा वायरस है जो जानवरों से इंसानों में फैलता है, जिसे ज़ूनोटिक डिज़ीज़ कहा जाता है। ये चमगादड़ों और सुअर के जरिए इंसानों में फैल सकता है। आपको बता दें कि कोरोना का सबसे पहला केस केरल में ही आया था और वे भी जानवरों से फैलने वाली बीमारी थी।

आपको जानकर हैरानी होगी कि कोरोना वायरस की वैक्सीन एक साल में ही तैयार हो गई लेकिन निपाह वायरस की वैक्सीन और दवाई अब तक उपलब्ध नहीं है। यह ब्रेन और नर्वस सिस्टम पर अटैक करता है। इस वायरस की वजह से इंसान बहुत जल्दी कोमा में जा सकता है। तेज बुखार, बदन दर्द, उल्टी इसके लक्षण होते हैं।

******************************

 

नियमों का उल्लंघन करने पर अजित पवार को झटका, एनसीपी का एक्स हैंडल निलंबित

मुंबई 13 Sep, (एजेंसी)-उप मुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य के नेतृत्व वाली अलग हुई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक्स हैंडल को एक पखवाड़े से अधिक समय के लिए निलंबित कर दिया गया है। पार्टी नेताओं ने यहां यह आरोप लगाया।

एक्‍स पर एक नोटिफिकेशन के अनुसार, @एनसीपीस्‍पीक्‍स1 खाते को सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म के नियमों का उल्लंघन करने के लिए निलंबित कर दिया गया है। हालांकि इसके लिए कोई विवरण नहीं दिया गया है।

शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट (@एनसीपीस्‍पीक्‍स) से कथित तौर पर शिकायत की थी कि अजित पवार ग्रुप का एक्स अकाउंट (@ncpspeaks1) उसके अपने आधिकारिक अकाउंट के समान था।

हालांकि, अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के सूत्रों ने दावा किया कि एक्स अकाउंट बुधवार को बहाल होने की संभावना है।

**************************

 

गोपाल बागले होंगे ऑस्ट्रेलिया में नये भारतीय उच्चायुक्त

नई दिल्ल्ली 13 Sep, (एजेंसी)-श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले को आस्टेलिया में नया भारतीय उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी बागले इससे पूर्व विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता और प्रधानमंत्री कार्यालय में तैनात रह चुके हैं। वह पाकिस्तान में भारत के उप उच्चायुक्त भी रह चुके हैं। बागले को जुलाई 2020 में श्रीलंका में उच्चायुक्त बनाया गया था। उनकी नयी नियुक्ति कार्यभार संभालने के समय से प्रभावी होगी।

*******************************

 

संसद के विशेष सत्र से पहले सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)- संसद का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक होने वाला है। इस सत्र से पहले केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है जोकि 17 सितंबर को होगी। सूत्रों के अनुसार, विशेष सत्र सर्वदलीय बैठक में विशेष सत्र के एजेंडे पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं, कांग्रेस संसद के विशेष सत्र के लिए एजेंडे की सूचना नहीं होने को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सत्र आरंभ होने में कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन शायद ‘एक व्यक्ति’ को छोड़कर एजेंडे के बारे में किसी के पास जानकारी नहीं है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अतीत में हुई संसद की कुछ विशेष बैठकों का उल्लेख भी किया और कहा कि विशेष बैठकों से पहले कार्यसूची की जानकारी उपलब्ध होती थी।

लोकसभा सचिवालय ने जानकारी दी है कि 17वीं लोकसभा का 13वां सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा और सरकार के कामकाज को देखते हुए यह 22 सितंबर तक चलेगा। वहीं, राज्यसभा सचिवालय ने अपने बुलेटिन में कहा था कि सदस्यों को सूचित किया जाता है कि राज्यसभा का 261वां सत्र 18 सितंबर से शुरू होगा। सत्र 18,19,20, 21 और 22 सितंबर तक चलेगा. अधिसूचना के मुताबिक, सत्र आमतौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे और फिर दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

******************************

 

सोनिया गांधी ने रची है हिन्दुत्व की हत्या की साजिश : BJP

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी गठबंधन को ‘एंटी हिन्दू कोऑर्डिनेशन कमेटी’ का नया नाम देते हुए बुधवार को कहा कि ये 26 दल मिल कर हिन्दुओं और सनातन धर्म को मिटाने को लेकर चर्चा करने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं जिसकी साजिश कांग्रेस नेता सोनिया गांधी बहुत पहले ही रच चुकी हैं।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि आज एंटी हिन्दू कोऑर्डिनेशन कमेटी यानी एएचसीसी की बैठक हो रही है , जिसमें हिन्दू धर्म काे समाप्त करने को लेकर चर्चा होनी है। कहा जा रहा है कि 26 दल लोकसभा चुनावों में सीट बंटवारे को लेकर बात करेंगे , लेकिन वे पार्टियां तो पहले से ही बंटी हुईं हैं तो इस बैठक में प्रचार, घोषणापत्र या सीट बंटवारे की कोई बात कैसे होगी। वे सिर्फ एक मकसद के लिए एकजुट हैं कि कैसे हिन्दू धर्म को समाप्त किया जाए।

डॉ. पात्रा ने कहा कि इसके कुछ नेता डेंगू, मलेरिया, कोविड, कुष्ठ, एड्स आदि रोगों से सनातन धर्म की तुलना कर रहे हैं , जबकि हर रोग को ठीक करने की शिक्षा हिन्दू धर्म देता है। विपक्षी गठबंधन का एक बड़ा नेता कह रहा है कि हिन्दू धर्म एक वैश्विक बीमारी है और इसे उखाड़ कर फेंक देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस देश की मिट्टी के नहीं हो पाये, देश के गरीब के क्या हो पाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि ऐसी बातें किसी अन्य पंथ के बारे में कुछ कहा जाता तो लोग संयुक्त राष्ट्र तक बखेड़ा खड़ा कर दिया गया होता। उन्होंने कहा कि ये सब एक सोची – समझी ‘डिज़ाइन’ है। अनेक वर्षों से भगवान राम को काल्पनिक बताया गया।  राहुल गांधी ने विदेश में कहा कि देश को सिमी से नहीं, हिन्दुत्व से खतरा है। हिन्दुओं के संगठनों की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करना , इसी सोची – समझी साजिश का हिस्सा था। डाॅ पात्रा ने कहा कि कोई कहता है कि राममंदिर के दर्शन के लिए आने वाले हिन्दुओं को गोधरा कांड की तर्ज पर जलाया जाएगा। राममंदिर के खिलाफ बयानबाजी हो रही है। तिलक लगाने और स्वास्तिक चिह्न के बारे में बोला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कि श्रीमती सोनिया गांधी ने ही हिन्दुत्व की हत्या की इस साजिश को लिपिबद्ध किया है। उन्होंने कहा कि यह अधर्मी गठबंधन है , जो देश के मूल को मिटाना चाहता है।

***************************

 

उज्ज्वला योजनाः 75 लाख नए रसोई गैस कनेक्शन देगी मोदी सरकार, 1650 करोड़ रुपए स्वीकृत

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी)-केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के विस्तार के लिए 1650 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है जिससे अगले तीन वर्ष में 75 लाख नये रसोई गैस – एलपीजी कनेक्शन दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2023-24 से वित्त वर्ष 2025-26 तक तीन वर्षों में 75 लाख एलपीजी कनेक्शन जारी करने के लिए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसका कुल व्यय 1650 करोड़ रुपये होगा।

ठाकुर ने कहा कि गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन से स्वच्छ खाना पकाने के ईंधन तक पहुंच मिलेगी, जिससे लकड़ी, कोयला, गोबर आदि जैसे खाना पकाने के ईंधन के पारंपरिक स्रोतों के उपयोग के कारण होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान हो सकेगा। इससे महिलाओं की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कुछ पात्र परिवारों के पास अभी भी एलपीजी कनेक्शन नहीं है। इसके कारण बढ़ती जनसंख्या, विवाह, प्रवासन, परिवारों का विभाजन, बचे हुए घर, अत्यंत दूरस्थ स्थान आदि है। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त 2023 तक 15 लाख पीएमयूवाई कनेक्शन की मांग थी। पीएमयूवाई से देश में एलपीजी की पहुंच बढ़ाने में प्रमुख योगदान दिया है। उज्ज्वला योजना में 14.2 किलोग्राम एक सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन, पांच किलोग्राम के दो सिलेंडर के लिए 2200 रुपये प्रति कनेक्शन और पांच किलोग्राम सिलेंडर 1300 रुपये प्रति कनेक्शन व्यय किये जाते हैं। उज्ज्वला के मौजूदा तौर-तरीकों के अनुसार, उज्ज्वला लाभार्थियों को पहला सिलेंडर और चूल्हा भी मुफ्त प्रदान किया जाता है।

ई-कोर्ट पर केंद्र सरकार का जोर
उन्होंने आगे कहा, “कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह है कि 7,210 करोड़ रुपए की ई-कोर्ट मिशन मोड परियोजना चरण 3 को आज मंजूरी दे दी गई है। इसका लक्ष्य ऑनलाइन और पेपरलेस अदालतों की स्थापना करना है… इससे न्यायिक प्रणाली और अधिक पारदर्शी हो जाएगी… कागज रहित अदालतों के लिए, ई-फाइलिंग और ई-भुगतान प्रणाली को सार्वभौमिक बनाया जाएगा… डेटा संग्रहीत करने के लिए क्लाउड स्टोरेज बनाया जाएगा. सभी अदालत परिसरों में, 4,400 ई-सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे…”।

*****************************

 

गाजियाबाद: सातवें फ्लोर के फ्लैट में लगी भीषण आग

गाजियाबाद 13 Sep, (एजेंसी): गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में एक सोसाइटी के अंदर बने टावर के सातवें फ्लोर के फ्लैट में रात डेढ़ बजे के आसपास आग लगने की सूचना फायर विभाग को मिली। मौके पर पहुंची फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया और अंदर फंसे लोगों को रेस्क्यू भी किया। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

गाजियाबाद के फायर विभाग से मिली सूचना के मुताबिक, फायर स्टेशन वैशाली में रात करीब 1:36 बजे एक्सप्रेशन टावर कोशाम्बी के फ्लैट नम्बर-709 के सातवें तल में घर में आग की सूचना मिली थी। फायर स्टेशन वैशाली से दो फायर टैंकर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुए।

घटनास्थल पर जाकर देखा गया की घर से आग की लपटे और काला धुआँ बहुत तेजी से बाहर आ रहा था। धुआँ इतना ज्यादा था कि फायर फाइटिंग करने में परेशानी हो रही थी, लेकिन कड़ी मशक्‍कत के बाद उस पर काबू पा लिया गया।

आग फ्लैट निवासी अभिजीत के घर पर लगी थी। घर में रखे बैड, सोफा, टिन अलमीरा तथा फ्रिज आदि समान जलकर नष्‍ट हो गए। धुएं के कारण आस-पास के फ्लैटो में फंसे लोगो को फायर यूनिट ने सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

**************************

 

उपराष्ट्रपति धनखड़ धार्मिक यात्रा के लिए सुरसुरा तथा सलेमाबाद जाएंगे

अजमेर 13 Sep, (एजेंसी) : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी धार्मिक यात्रा में कल 14 सितंबर को अजमेर संभाग के सुरसुरा तथा सलेमाबाद आयेंगे। उपखंड प्रशासन ने उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ दोपहर तीन बजे विशेष हैलीकॉप्टर से रूपनगढ़ आयेंगे और वहां से लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की निर्वाण स्थली सुरसुरा पहुंच कर तेजाजी के दर्शन करेंगे ।

धनखड़ इसके बाद अखिल भारतीय श्रीनिम्बार्क पीठ सलेमाबाद पहुंचेंगे और वहां मंदिर में वंदना कर श्री श्रीजी महाराज की से मुलाकात करेंगे।धनखड़ जाट समाज के प्रतिनिधियों के अलावा किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे । उपराष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं । घासलों की ढाणी में अस्थाई हैलीपेड विकसित किया गया है तथा उपखंड अधिकारीयों के साथ अजमेर जिला एवं पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है ।

खास बात ये है कि उपराष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों से कल दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं के आने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

*****************************

 

अयोध्या : श्री रामजन्मभूमि की खुदाई के दौरान मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष, कई मूर्तियां और शिवलिंग भी शामिल

अयोध्या 13 Sep, (एजेंसी) : श्री रामजन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण आखिरी चरण में है। इस दौरान खुदाई में प्राचीन मंदिर के अवशेष मिले हैं। इस बारे में राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने एक्स पर जानकारी दी।

उन्होंने एक फोटो शेयर की जिसमें ये अवशेष इकट्ठा करके रखे गए हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा, श्री रामजन्मभूमि पर खुदाई में मिले प्राचीन मंदिर के अवशेष। इसमें अनेकों मूर्तियाँ और स्तंभ शामिल हैं। हालांकि इससे अधिक कोई जानकारी अभी नहीं दी गई है।

इसमें प्राचीन मूर्तियों के अवशेष, प्राचीन मंदिर के स्तंभ, शिवलिंग के अवशेष और अन्य पत्थर शामिल हैं। ये सभी अवशेष मंदिर परिसर में सुरक्षित रखे गए हैं।

रामलला के दर्शन करने आने वाले भक्तों को ये अवशेष देखने का भी मौका दिया जा ता है। इसके लिए गैलरी में इन्हें रखा गया है जहां इनसे जुड़ी जानकारी दी जाती है। पत्थरों पर नक्काशी दिखाई दे रही है। स्तंभों पर भी नक्काशी के साथ प्रतिमाएं बनी दिख रही हैं।

*****************************

 

संसद के विशेष सत्र से पहले नए संसद भवन पर फहराया जाएगा तिरंगा

नई दिल्ली 13 Sep, (एजेंसी): अमृत काल को लेकर मोदी सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले नए संसद भवन पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। सरकार ने 18 से 22 सितंबर के दौरान संसद का यह विशेष सत्र बुलाया है। इससे एक दिन पहले 17 सितंबर को नए संसद भवन पर तिरंगा फहराए जाने की तैयारी की जा रही है।

आपको बता दें कि, 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का भी दिन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि 17 सितंबर को उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ एवं लोक सभा स्पीकर ओम बिरला संसद के नए भवन के गजद्वार पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे।

आपको बता दें कि अमृत काल को लेकर सरकार द्वारा बुलाए गए संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 18 सितंबर को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही संसद के पुराने भवन में उसी तरह से शुरू होगी जैसे कि पहले हुआ करती थी और विशेष सत्र के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर से दोनों सदनों की कार्यवाही नए भवन में हो सकती है। बताया जा रहा है कि विशेष सत्र के दूसरे दिन 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर पूजा करने के बाद नए संसद भवन में कामकाज शुरू हो जाएगा।

************************************

 

नहीं रहे केरल में भाजपा के सबसे लोकप्रिय नेता पीपी मुकुंदन, 77 वर्ष की आयु में निधन

कोच्चि 13 Sep, (एजेंसी): केरल में 80 और 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय भाजपा नेताओं में से एक पी.पी. मुकुंदन का बुधवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 77 वर्षीय वयोवृद्ध नेता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। वह आरएसएस और फिर भाजपा में सबसे लोकप्रिय और शक्तिशाली संगठन महासचिवों में से एक बनकर उभरे।

कन्नूर के रहने वाले मुकुंदन1988 से 1995 तक भाजपा के मुखपत्र के प्रबंध संपादक थे। वह 2006 से अगले एक दशक तक राज्य में भाजपा से पूरी तरह से बाहर थे, लेकिन 2016 में वापस लौट आए। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद वह पार्टी में अपनी पुरानी जगह नहीं पा सके।

संयोग से, अपने चरम पर वह भाजपा नेताओं में सबसे लोकप्रिय थे। उनके नरम और विनम्र व्यवहार ने अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के सामाजिक और सांस्कृतिक नेताओं को मदद की। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने मुकुंदन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें केरल में संघ परिवार का “बड़ा” नेता बताया। केरल विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर ने भी अनुभवी राजनेता के निधन पर दु:ख व्यक्त किया।

**************************

 

एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से करेगा आलोकित : शिवराज

भोपाल 13 Sep, (एजेंसी)- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में बन रहा एकात्मधाम पूरे राष्ट्र को चैतन्य की एकात्मता से आलोकित करेगा।चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, आदि शंकराचार्य की ज्ञानभूमि ओंकारेश्वर से एक अभिनव युग का सूत्रपात हो रहा है।इस नयनाभिराम दृश्य को देख हृदय प्रफुल्लित तथा आनंदित है।

उन्होंने कहा कि एकात्मधाम प्रकल्प पूरे राष्ट्र को चैतन्य की सार्वभौमिक एकात्मता से आलोकित करेगा। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर के ओंकार पर्वत पर एकात्मधाम का निर्माण किया जा रहा है। यहां आदि गुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। देश के प्रमुख संतों- महात्माओं की उपस्थिति में आगामी 18 सितंबर को एकात्म प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा।

*****************************

 

कावेरी विवाद: सीएम सिद्दारमैया आज करेंगे आपात सर्वदलीय बैठक

बेंगलुरु 13 Sep, (एजेंसी): कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया कावेरी जल विवाद के संबंध में बुधवार को यहां एक आपातकालीन सर्वदलीय बैठक करेंगे। सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार पानी छोड़ने के मामले में अपनी पहली अग्निपरीक्षा का सामना कर रही है। राज्य सरकार ने दावा किया है कि पानी छोड़े जाने से दक्षिण कर्नाटक के जिलों, विशेषकर बेंगलुरु शहर में पीने के पानी की आपूर्ति खतरे में पड़ जाएगी।

कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) ने अपनी नवीनतम सिफारिश में कर्नाटक सरकार से बुधवार से 25 दिनों के लिए 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने को कहा है। डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने कहा था कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है क्योंकि उसके पास पीने के पानी के लिए पर्याप्त भंडारण नहीं है।

मामला बुधवार को उच्च प्राधिकारी, कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के समक्ष आ रहा है। शिवकुमार ने यह भी कहा था कि अधिकारियों को यह बताने के लिए कहा गया है कि राज्य पानी छोड़ने की स्थिति में नहीं है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका है कि वह इस मामले में दखल नहीं देगा। सीएम सिद्दरमैया की अध्यक्षता में बैठक दोपहर 12:30 बजे विधान सौध में शुरू होगी।

उप मुख्यमंत्री शिवकुमार, कावेरी जलग्रहण क्षेत्र के मंत्री, वरिष्ठ कैबिनेट सहयोगी, पूर्व मुख्यमंत्री, संसद सदस्य और विपक्ष के नेताओं को बैठक में आमंत्रित किया गया है। मामले को लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार रात बैठक की थी। राज्य सरकार मुश्किल में आ गई है क्योंकि अगर पानी छोड़ा गया तो उसे राजधानी बेंगलुरु समेत पूरे क्षेत्र में पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। दूसरी ओर राज्य जल प्रबंधन निकायों के आदेशों को पूरा करने के लिए भी बाध्य है। तमिलनाडु को पानी छोड़े जाने का विरोध करते हुए किसान भी आंदोलन की राह पर हैं।

**************************