Category Archives: news

बिहार में महिला पुलिसकर्मी की प्रेम प्रसंग में चली गई जान !

पटना 30 Oct, (एजेंसी): बिहार की राजधानी पटना के एक होटल में 20 अक्तूबर को महिला पुलिसकर्मी शोभा कुमारी (21) की हत्या मामले की गुत्थी पुलिस अब तक नहीं सुलझा पाई है। इस बीच, हालांकि इस मामले के मुख्य आरोपी शोभा के पति गजेंद्र कुमार ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।

गजेंद्र की मानें तो यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का है, जिसमे शोभा को अपनी जान गंवानी पड़ी। शोभा से जहानाबाद के जोगियाडीह गांव निवासी गजेंद्र का 2016 में प्रेम विवाह हुआ। गजेंद्र और शोभा की एक बेटी भी है। बकौल गजेंद्र शोभा का एक एसएसबी जवान से प्रेम संबंध था। कई बार इसे लेकर उस पर दबाव बनाया गया, लेकिन वह उस जवान को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी।

गजेंद्र का कहना है कि इस कारण वह काफी परेशान था। गजेंद्र ने पुलिस को बताया कि शोभा ने ही हत्या के उद्देश्य से उसे पटना के होटल में बुलाया। जब वह होटल आया तब शोभा ने बैग से कट्टा निकाला और मेरे ऊपर तान दी। इसी दौरान छीना झपटी में उसे गोली लग गई। मुझे कुछ नहीं पता कैसे क्या हो गया। मैं बहुत परेशान था।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि उसने हत्या नहीं की है, वह डर के कारण फरार हो गया। उन्होंने तो यहां तक दावा किया कि शोभा के अन्य जवान से प्रेम प्रसंग की जानकारी उसके परिजनों को भी थी और उन्होंने भी उसे समझाया था। गजेंद्र पेशे से टीचर है और उनकी पत्नी बीएमपी की जवान थी। दशहरा को लेकर उसकी ड्यूटी पटना में थी। पति ने बताया कि 7 साल पहले उसकी शोभा से लव मैरिज हुई थी। हम दोनों एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे। हमने उसे पढ़ने के लिए पटना भेजा, तभी यह सब हुआ।

उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी मेरे सामने अपने प्रेमी से बात करती थी। उल्लेखनीय है कि 20 अक्तूबर की सुबह अरवल जिला निवासी और महिला पुलिस शोभा का शव पटना के एक होटल के कमरे से बरामद किया गया था। उसके बाद से उसका पति गजेंद्र फरार था। गजेंद्र पर शोभा की हत्या करने का आरोप है। गजेंद्र ने रविवार को जहानाबाद के काको थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। पटना डीएसपी (विधि व्यवस्था) कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि आरोपी को पटना लाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

***************************

 

मध्यप्रदेश में आज नामांकन पत्र भरने का अंतिम दिन, शिवराज भरेंगे पर्चा

भोपाल 30 Oct, (एजेंसी) : मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने का आज आखिरी दिन है। आज ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र भरेंगे। भाजपा के अनुसार चौहान दोपहर में लगभग दो बजे बुधनी में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

इसके पहले वे सपरिवार अपने गृह गांव जैत पहुंचेंगे। वे जैत में नर्मदा पूजन, हनुमान मंदिर में पूजन और पैतृक घर में कुल देवी देवताओं का पूजन करेंगे। इसके बाद वे सलकनपुर में मां विजयासन की पूजा करेंगे और वहां से बुधनी पहुंचेंगे। बुधनी चौहान का परंपरागत क्षेत्र है और वे लगातार इसका प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। राज्य में सभी 230 क्षेत्रों में मतदान 17 नवंबर को होगा। दोनों दल अपने सभी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुके हैं। कल 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और दो नवंबर को नाम वापसी का अंतिम दिन है।

******************************

 

लोकसभा चुनाव: भाजपा विस्तारक प्रशिक्षण लेकर जुटेंगे मैदान में

लखनऊ 30 Oct, (एजेंसी): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए उसने कई राज्यों के विस्तारकों की बैठक गाजियाबाद में बुलाई है। यहां पर उन्हें प्रशिक्षण देंने के बाद वह लोकसभा मैदान में पूरी ताकत के साथ उतार देगी।

भाजपा की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, 30 और 31 अक्टूबर को लोकसभा विस्तारकों का प्रशिक्षण शिविर गाजियाबाद में लगाया जा रहा है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, महामंत्री सुनील बंसल, वी सतीश, यूपी भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सहित और कई बड़े नेता शामिल होंगे।

भाजपा के जानकारों ने बताया कि इस शिविर में लोकसभा क्षेत्रों के विस्तारक शामिल होंगे। संगठन का शीर्ष नेतृत्व उन्हें ट्रेनिंग देगा कि चुनाव की तैयारियां किस तरह से करनी हैं। ये विस्तारक यहां से जो सीखकर जाएंगे, उन्हें विधानसभा विस्तारकों को बताएंगे और उसी अनुसार चुनाव की तैयारियों पर काम चलेगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनावों को लेकर विस्तारकों की बैठक हो रही है। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर समेत नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के विस्तारक भाग ले रहे हैं। उन्हें अलग अलग सत्रों में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्घाटन बीएल संतोष करेंगे।

ज्ञात हो कि भाजपा का सबसे ज्यादा जोर इस समय पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर है। यही वजह है कि संगठन ने हाल ही में तीन बड़े कार्यक्रमों की शुरुआत गाजियाबाद से की है। मेरी माटी-मेरा देश अभियान की शुरुआत करने के लिए कुछ दिनों पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गाजियाबाद आए थे। जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों के प्रशिक्षण की शुरुआत भी भाजपा ने गाजियाबाद से की थी। अब देशभर के सभी लोकसभा विस्तारकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग भी गाजियाबाद में हो रहा है।

*****************************

 

रेलवे क्रासिंग पर वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आई महिला व उसकी दो बेटियां, मौत

मेरठ 30 Oct, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाना इलाके में कासमपुर रेलवे क्रासिंग पर वंदे भारत ट्रेन की चपेट में एक महिला और उसकी दो बेटियां आ गई। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोना (40) , इशिका (17)और चारू( 7) के रूप में हुई।

शहर पुलिस अधीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि करीब 7 बजे सूचना मिली कि कंकरखेड़ा थाना इलाके में कासमपुर रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन की चेपट आने से तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

एएसपी ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रेन आने का समय था और रेलवे फाटक दोनों ओर से बंद था। इसी बीच महिला और उसकी बेटियां रेलवे लाइन क्रास करने लगीं और ट्रेन की चेपट में आ गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जांच जारी है।

************************

 

मप्र में बसपा की यूपी की सीमावर्ती सीटों पर जोर आजमाइश

भोपाल 30 Oct, (एजेंसी): मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में शुरुआती दौर में कमजोर और शांत नजर आ रही बहुजन समाज पार्टी ने भी अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। उसका सारा जोर उत्तर प्रदेश की सीमावर्ती सीटों पर है।

बसपा सुप्रीमो मायावती इन इलाकों में नौ जनसभाएं करने वाली हैं। मध्य प्रदेश का ग्वालियर-चबल बुंदेलखंड और विंध्य वह इलाका है जो उत्तर प्रदेश की सीमा को स्पर्श करता है। यहां दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के मतदाता निर्णायक भी हैं।

इस क्षेत्र में बसपा, सपा का वोट बैंक है और ये अपनी इस ताकत को और बढ़ाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इन दोनों दलों ने बड़ी संख्या में उम्मीदवार भी इन इलाकों में उतारे हैं। बसपा ने मध्य प्रदेश के इन इलाकों में ही सबसे ज्यादा उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है और इनमें अधिकतम वे उम्मीदवार हैं जो कांग्रेस और भाजपा के बागी हैं।

बसपा सुप्रीमो मायावती भी इन इलाकों का दौरा करने वाली है और अपनी ताकत को बढ़ाने की कोशिश में लगी है। मायावती आगामी दिनों में नौ जनसभाओं को संबोधित करने वाली हैं। ये जनसभाएं ग्वालियर-चंबल के अशोक नगर, दतिया, भिंड व मुरैना, बुंदेलखंड के सागर, दमोह, छतरपुर और निवाड़ी में है, वही विंध्य क्षेत्र के सतना, रीवा जिलों में भी जनसभाएं प्रस्तावित हैं।

*****************************

 

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के छठे दिन आंदोलनकारी जारांगे-पाटिल की तबीयत बिगड़ी

जालना 30 Oct, (एजेंसी): अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के छठे दिन आंदोलनकारी नेता मनोज जारांगे-पाटिल का स्वास्थ्य सोमवार को गिर गया, उधर अपनी आरक्षण की मांग को लेकर मराठा राज्य में और आक्रामक हो गए हैं। कमज़ोर दिखाई दे रहे जारांगे-पाटिल अपने गांव अंतरावली-सरती में एक मंच पर समर्थकों के साथ भूख हड़ताल पर हैं।

वह हाथ में माइक्रोफोन लेकर ज्यादा देर तक बैठ नहीं पा रहे थे, इसलिए मीडिया से बात करने की कोशिश करते हुए वह लेट गए, उनके हाथ कांप रहे थे, उनकी आंखों के आसपास काले घेरे दिखाई दे रहे थे और कमजोरी प्रतीत हो रही थी। मराठों की मांग पर राज्य सरकार की कैबिनेट उप-समिति की दिन में एक बैठक होगी और इसमें कुछ घोषणाएं किए जाने की संभावना है।

इस बीच, मराठा आरक्षण के समर्थन में नांदेड़ में कम से कम नौ बस डिपो सोमवार को बंद रहेंगे। धाराशिव (पूर्व में उस्मानाबाद जिला) में छह सरकारी बसों पर पथराव किया गया, और जालना में अन्य चार बसों पर पथराव किया गया। बीड में दो तहसीलदारों के वाहनों पर हमला किया गया। कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने यवतमाल में होने वाले ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के पोस्टरों पर काला रंग पोत दिया, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे करने वाले हैं।

उनके बेटे और सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने सोमवार को नासिक की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी क्योंकि मराठों ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के अपने गांवों या कस्बों में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। सीएम और उनके कई कैबिनेट सहयोगियों ने दोहराया है कि सरकार मराठा कोटा देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन इसे कानूनी रूप से फुलप्रूफ बनाने के लिए और अधिक समय की आवश्यकता होगी।

सत्तारूढ़ शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एपी), विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के सहयोगी दल कांग्रेस, राकांपा (सपा) और शिव सेना (यूबीटी) के कई नेताओं को राज्य भर के विभिन्न जिलों में लगभग चार हजार गांवों में उनके प्रवेश पर पाबंदी का सामना करना पड़ा है।

जारांगे-पाटिल ने चेतावनी दी कि अगर उनका ‘दिल धड़कना बंद’ कर देगा, तो ‘राज्य सरकार भी सांस लेना बंद कर देगी।’ राकांपा (एसपी) के एक समूह ने तत्काल मराठा आरक्षण की मांग को लेकर रविवार को राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की और एमवीए प्रतिनिधिमंडल भी इसी तरह की याचिका के साथ सोमवार को उनसे मुलाकात कर सकता है।

**********************

 

कतर में फांसी की सजा पानेे वाले आठ पूर्व नेवी अफसरों के परिवार से मिले विदेश मंत्री, दिया ये आश्वासन

नई दिल्ली 30 Oct, (एजेंसी): विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कतर में फांसी की सजा पाने वाले 8 भारतीयों के परिवारों से मुलाकात की। जयशंकर ने मुलाकात के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि भारत सरकार मामले को सर्वोच्च महत्व दे रही है और सभी भारतीयों की सजा रोकने के लिए तेजी से काम कर रही है। बातचीत के दौरान जयशंकर ने कहा कि परिवारों की चिंताओं और दर्द को मैं पूरी तरह महसूस करता हूं। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास करना जारी रखेगी। इस संबंध में परिवारों के साथ निकटता से समन्वय भी करेगी।

बता दें कि कतर की एक अदालत ने 8 पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारियों को मौत की सजा सुनाई है। कतर का कहना है कि ये सभी लोग कतर की जारूसी कर देश को खतरा पहुंचा रहे थे। आठों पूर्व भारतीय नौसेना अधिकारियों को बीते साल हिरासत में लिया गया था। इनपर देश की जासूसी करने का आरोप लगाया गया था। इन भारतीयों पर इजरायल के लिए कतर के सबमरीन प्रोजेक्ट की गुप्त जानकारी चुराने का आरोप लगा है।

कतर की अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद विदेश मंत्रालय ने इस फैसले पर हैरानी और एतराज जताया था। मंत्रालय ने कहा कि वो इस फैसले से स्तब्द हैं और कानूनी विकल्प तलाश रही है। बता दें कि ये सभी लोग अपनी रिटायरमेंट के बाद दोहा की एक कंपनी में काम करते थे, जिसके काम से वो कतर गए थे।

*************************

जम्मू-कश्मीर में सेना को बड़ी सफलताः केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, आतंकवादी ढेर

जम्मू  30 Oct, (एजेंसी): उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में पुलिस और सेना के संयुक्त अभियान में घुसपैठ की कोशिश नाकाम होने के बाद एक आतंकवादी मारा गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा, “कल शुरू हुए एक संयुक्त अभियान में सेना और कुपवाड़ा पुलिस ने केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया, इसमें एक आतंकवादी मारा गया है।”

पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है। एक सप्ताह से भी कम समय में कुपवाड़ा में घुसपैठ की यह दूसरी कोशिश नाकाम की गई है। इसके पहले 26 अक्टूबर को कुपवाड़ा जिले के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पुलिस और सेना द्वारा शुरू किए गए एक संयुक्त अभियान में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया था।

***********************

 

आंध्र प्रदेश रेल हादसाः अब तक 13 लोगों की मौत- 22 ट्रेनें रद्द, 18 के रूट बदले

विशाखापत्तनम 30 Oct, (एजेंसी): आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में यात्री ट्रेन के सिग्नल पार कर दूसरी यात्री ट्रेन से टकराने से 13 यात्रियों की मौत हो गई और 50 से अधिक अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कोठावलासा मंडल (ब्लॉक) में कंटाकपल्ली जंक्शन के पास विशाखापत्तनम-रायगड़ा पैसेंजर से टकरा जाने के बाद विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर ट्रेन के कम से कम पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे के बाद 18 ट्रेनों को रूट डायवर्ट किया गया है, जबकि 22 ट्रेनों को फिलहाल रद्द कर दिया गया है

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन के वाल्टेयर डिवीजन के विजयनगरम-कोत्तावलासा रेलवे खंड में अलमांडा और कंटाकपल्ली के बीच हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ। इस हादसे में ट्रेन नंबर 08532 विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर और 08504 विशाखापत्तनम-रायगड़ा पैसेंजर स्पेशल की टक्कर हो गई। अधिकारियों ने बताया कि विशाखापत्तनम-रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन के सिग्नल ओवरशूटिंग के कारण टक्कर हुई। दुर्घटना का संभावित कारण मानवीय भूल है।

विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर ट्रेन के पीछे के पांच डिब्बे और विशाखापत्तनम-रायगड़ा पैसेंजर का लोको पटरी से उतर गया। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने बचाव और राहत अभियान चलाया। दुर्घटनास्थल पर अंधेरा था, जिससे बचाव कार्य मुश्किल हो गया।

विजयनगरम जिला कलेक्टर नागा लक्ष्मी ने कहा कि 32 घायलों को विजयनगरम के सरकारी सामान्य अस्पताल, विशाखा एनआरआई और मेडिकवर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सभी घायल आंध्र प्रदेश के हैं। उनमें से चार की हालत गंभीर है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक को विशाखापत्तनम ले जाया गया। राज्य के मंत्री बोत्सा सत्यनारायण, कलेक्टर नागा लक्ष्मी और पुलिस अधीक्षक दीपिका पाटिल बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे थे। वाल्टेयर मंडल रेल प्रबंधक सौरभ प्रसाद और पूर्वी तट रेलवे के अन्य अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ राहत ट्रेनें चलाई गई हैं और अन्य बचाव उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

***************************

 

सांसद भारत दर्शन के मेधावी पहुँचे इसरो सैटेलाइट सेंटर, अक्षरधाम मंदिर और विश्व प्रसिद्ध गांधी आश्रम

हमीरपुर ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की अनूठी पहल सांसद भारत दर्शन योजना के दूसरे संस्करण में 21 छात्रों व दो अध्यापकों का दल गुजरात भ्रमण पर है। यात्रा के चौथे दिन हमीरपुर के होनहार छात्र गुजरात के अहमदाबाद में हैं जहां उन्हें आज गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल जी व गृह मंत्री हर्ष सांघवी जी से स्नेहिल भेंट का शुभ अवसर प्राप्त हुआ।

दोनों वरिष्ठ नेतागणों से राजनीति और मैनेजमेंट के गुर सीख कर छात्र बेहद प्रभावित दिखें और उनका हिमाचली रीति रिवाज से आदर सम्मान भी किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने छात्रों को समय देने हेतु गुजरात के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री जी का धन्यवाद ज्ञापन किया और भेंट की जानकारी देते हुए बताया, गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री जी व गृह मंत्री जी ने मेरे हमीरपुर के बच्चों को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा स्थापित गुजरात के सुप्रसिद्ध डेवलपमेंट मॉडल से अवगत कराया। यह छात्रों को राज्य व राष्ट्र निर्माण से जोडऩे में बेहद अहम सिद्ध होगा।

इससे पूर्व छात्रों को पाबीबेन रबारी जी और डॉ नीलेश प्रियदर्शी का भी सानिध्य प्राप्त हुआ जिन्होंने उन्हें स्वयं सहायता समूह से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझाया। इस मुलाकात को छात्रों के लिए बेहद अहम बताते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में स्वयं सहायता समूहों के लिए अपार संभावनाएं हैं इसलिए यह बेहद जरूरी है कि हमारे छात्र इस विषय में पारंगत हों। इससे हमारे हिमाचल का भविष्य सुदृढ़ होगा।

दिन के पहले प्रहर के कार्यक्रमों के पश्चात दोपहर में छात्रों को इसरो के सैटेलाइट सेंटर ले जाया गया जहां कार्यरत वैज्ञानिकों से मिलकर छात्र बेहद उत्साहित दिखें। छात्रों ने यहां चंद्रयान, गगनयान और आदित्य मिशन से जुड़ी अपनी सभी जिज्ञासाएं शांत कीं और आगे स्पेस के क्षेत्र में करियर संभावनाओं के बारे में भी जाना। इसरो केंद्र से निकलकर छात्रों का दल सुप्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर और गांधी आश्रम गया जहां उन्हें धर्म, संस्कृति और भारतीय स्वाधीनता आंदोलन से जुड़े विभिन्न तथ्यों को बारीकी से समझने का मौका मिला।

दिन भर के व्यस्ततम कार्यक्रमों के पश्चात शाम को छात्रों को अहमदाबाद के प्रसिद्ध मानेक चौक पर ले जाया गया जहां उन्होंने गुजरात के स्ट्रीट फूड व पारंपरिक व्यंजनों का लुफ्त उठाया।

***************************

 

नागालैंड सरकार की डियर पूजा बम्पर लॉटरी का 5 करोड़ का इनाम फाजिल्का में लगा

लुधियाना ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। नागालैंड सरकार की डियर पूजा बम्पर 2023 लॉटरी जिसका ड्रॉ 20 अक्टूबर को निकाला गया, इसमें पहला पुरस्कार पूरे 5 करोड़ रुपए का वेस्ट बंगाल लॉटरी सिंडिकेट के एरिया डिस्ट्रीब्यूटर विशेष डिस्ट्रिब्यूटर्स के लुधियाना के स्टॉकिस्ट भनोट एंटरप्राइज़ के फाजि़ल्का के सेलर रूप चंद लॉटरी को लगा।

विशेष डिस्ट्रिब्यूटर्स के वीरेंद्र खत्री ने बताया की डियर लॉटरी एकमात्र लॉटरी है जिसका प्रथम पुरस्कार जानता में दिये जाने की गारंटी है। उन्होंने आगे बताया कि पंजाब सरकार का डियर दिवाली बम्पर 2023 भी दूकानों पे उपलब्ध है जिसका प्रथम पुरस्कार कुल 7.50 करोड़ का है जो कि पंजाब में लॉटरी के इतिहास में सबसे बड़ा है। वीरेन्द्र खत्री ने बताया की डियर लॉटरी के ड्रॉ पूरी पारदर्शिता से निकाले जाते हैं जो यूट्यूब पे भी लाईव देखें जा सकते हैं।

पंजाब सरकार ने अपनी 20 रुपए, 50 रुपए, 100 रुपए, 200 रुपए और 500 रुपए वाली लॉटरी टिकटों के पहले इनाम भी जनता में ही गारंटेड देने का ऐलान किया है, जिसमें 20 रुपए में 5 लाख और 50 रुपए में 5 लाख रुपए 100 रुपए में 10 लाख 200 रुपए में 1.50 करोड़ 500 रुपए में 7.50 करोड़ 2.50-2.50 करोड़ के तीन पुरस्कार जीतने का मौक़ा है । इसके साथ ही दूसरे और तीसरे इनाम भी दिए जाएंगे।

****************************

 

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 – सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 30 अक्टूबर को जारी होगी चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना

जयपुर ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए 30 अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी होने के साथ ही समस्त रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा लोक सूचना जारी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन प्रपत्र भरने की अंतिम तारीख 6 नवम्बर रहेगी।

उक्त अवधि के दौरान 5 नवबंर को रविवार होने के कारण नामांकन दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। नामांकन प्रपत्रों की जांच 7 नवम्बर को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 नवम्बर है। पूरे प्रदेश में एक ही चरण में 25 नवम्बर को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। मतगणना 3 दिसम्बर को होगी।

गुप्ता ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के अंतर्गत राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 के लिए नामांकन दाखिल करते समय सामान्य अभ्यर्थी को 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी को 5 हजार रुपये जमानत राशि जमा करना होगी।

उन्होंने बताया कि नामांकन भरने पहुंचे अभ्यर्थी के साथ 4 व्यक्ति सहित कुल 5 व्यक्ति ही रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) के कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन भरने पहुंचे व्यक्ति के काफिले में केवल तीन वाहनों को ही आरओ कार्यालय के 100 मीटर के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। नामांकन भरने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी जो दोपहर 3 बजे तक चलेगी।

दोपहर 3 बजे के उपरांत कक्ष में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश करने या दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी और आरओ भारत निर्वाचन आयोग के इन निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित कराएं। नामांकन भरने की निर्धारित पूरी अवधि में आरओ अपने कार्यालय में उपस्थित रहें एवं संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करावें।

अभ्यर्थियों को नामांकन के समय सभी सुसंगत एवं आवश्यक दस्तावेज जैसे जमानत राशि का प्रमाण, प्रारूप-ए एवं बी, शपथ पत्र आदि के साथ आना होगा। यदि अभ्यर्थी उसी निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नहीं है जहां से वह चुनाव लड़ रहा है तो अभ्यर्थी को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली की प्रति या निर्वाचक नामावली से संबंधित भाग की प्रमाणित प्रति दाखिल करनी होगी। एक अभ्यर्थी एक ही निर्वाचन क्षेत्र के लिए 4 नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है एवं अधिकतम 2 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ सकता है।

*****************************

 

सरकारी धन गबन मामला : दिल्ली के उपराज्यपाल ने 10 पुलिस अफसरों के खिलाफ मुकदमे की दी मंजूरी

नई दिल्ली ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने 2.44 करोड़ रुपये के सरकारी धन गबन मामले में दिल्ली पुलिस के 10 अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। 2019 में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात के अपराध के लिए आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा 2 सब-इंस्पेक्टर, 3 हेड कांस्टेबल और 5 कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

आरोपियों की पहचान उप-निरीक्षक (एसआई) मीना कुमारी, हरेंद्र (एसआई), विजेंदर सिंह, विजू पीके, आनंद कुमार (सभी हेड कांस्टेबल), कृष्ण कुमार, अनिल कुमार, रविंदर, संजय दहिया और रोहित (सभी कांस्टेबल) के रूप में की गई है। इन पर वेतन, एरियर और ट्यूशन फीस आदि के फंड को अपने निजी इस्तेमाल में गबन करने का आरोप लगाया गया है।

आपराधिक प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 197 (1) के तहत इन अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देते हुए एलजी ने कहा कि रिकॉर्ड पर उपलब्ध सबूतों की सावधानीपूर्वक जांच करने पर उनके खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है। दिल्ली पुलिस को एक अन्य आरोपी विजय पाल (हेड कांस्टेबल), का ट्रैफिक का मामला भी शीघ्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

इन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मांगते हुए गृह विभाग ने प्रस्तुत किया कि प्रकटीकरण बयानों में कृष्ण, विजेंद्र सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी ने उनके द्वारा सरकारी धन के गबन की बात स्वीकार की है और गवाहों के बयान, जब्ती ज्ञापन के साथ-साथ खातों को भी स्वीकार किया है। अन्य छह आरोपी व्यक्तियों के बयान उनके व्यक्तिगत उपयोग के लिए धन की हेराफेरी में उनकी संलिप्तता को दर्शाते हैं।

ईओडब्ल्यू, दिल्ली ने इस मामले में चार आरोपियों – कृष्ण, विजेंदर सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है और अन्य छह के खिलाफ आरोप पत्र दायर करने के लिए अदालत से मंजूरी मांगी गई है। दिल्ली पुलिस संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के प्रावधानों को लागू करके पहले ही कृष्ण कुमार, विजेंदर सिंह, अनिल कुमार और मीना कुमारी को सेवा से बर्खास्त कर चुकी है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खाते सीज होने के कारण गबन की गई धनराशि की वसूली नहीं हो सकी है।

**************************

 

कांग्रेस बताए उसे राम शब्द से आपत्ति है या मंदिर से- सुधांशु त्रिवेदी

भोपाल ,29 अक्टूबर (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वह बताएं कि उसे राम से आपत्ति है या मंदिर से।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के प्रवास पर आए भाजपा सांसद त्रिवेदी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कांग्रेस का एक पुराना रोग जो अक्सर टीस मारता रहता है, इन दिनों फिर उभर आया है।

कांग्रेस राम मंदिर के विषय को लेकर चुनाव आयोग चली गई है। मैं कांग्रेस के लोगों से यह पूछना चाहता हूं कि उन्हें ‘राम’ शब्द से आपत्ति है या ‘मंदिर’ से। अगर राम से आपत्ति है, तो यह शब्द महात्मा गांधी की समाधि पर लिखा है। रघुपति राघव राजाराम उनका प्रिय भजन था और रामराज्य उनका आदर्श था। क्या यह सब सांप्रदायिक है? अगर मंदिर शब्द से आपत्ति है, तो चुनाव के मौसम में कांग्रेस के नेता ही सबसे ज्यादा मंदिर जा रहे हैं और फोटो खिंचवा रहे हैं। अगर कांग्रेस को राम और मंदिर शब्दों पर आपत्ति नहीं है, तो राममंदिर शब्द पर आपत्ति क्यों है?

भाजपा नेता ने कहा कि वास्तव में राममंदिर का निर्माण पूरा होते देख कांग्रेस के सीने की आग भड़क उठी है, क्योंकि वह कभी नहीं चाहती थी कि राममंदिर का निर्माण हो।त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस राममंदिर का निर्माण कभी नहीं चाहती थी और वह यह भी नहीं चाहती थी कि यह विवाद सुलझे। 22-23 दिसंबर 1949 की रात जब अयोध्या में श्री रामलला का प्राकट्य हुआ, तो उत्तरप्रदेश के तत्कालीन कांग्रेसी मुख्यमंत्री इस मामले को रफादफा करने के लिए फैजाबाद गए, लेकिन जिला मजिस्ट्रेट ने उन्हें रोक दिया। बाद में जब यह विवाद अदालत पहुंचा, तो 1961 तक मुस्लिम वर्ग इसमें पक्षकार ही नहीं बना।

उन्होंने कहा कि आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के के.के. मोहम्मद ने अपनी किताब में लिखा है कि उस समय मुस्लिम समाज में एक विचार था कि हमें इस चक्कर में नहीं पडऩा चाहिए। लेकिन टाइटल सूट की मियाद बीतने के 11 दिन पहले दिसंबर 1961 में वे अचानक पक्षकार बन गए। त्रिवेदी ने दावा किया कि निश्चित तौर पर कांग्रेस ने ही मुस्लिम पक्ष को इसके लिए उकसाया था।भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यही नहीं, 1976 में इंदिरा गांधी के जमाने में जब आर्कियोलॉजिकल सर्वे की खुदाई चल रही थी, तो नीचे आठ खंबे निकल आए। तब वामपंथी इतिहासकारों के दबाव में सरकार ने खुदाई रुकवा दी और कोर्ट से यह स्टे ले लिया गया कि खुदाई कभी नहीं की जाएगी, क्योंकि उन्हें डर था कि अगर खुदाई हुई, तो कुछ निकल आएगा।त्रिवेदी ने कहा कि 21 वीं सदी में रडार मैपिंग की टेक्नोलॉजी आ गई। कोर्ट ने खुदाई के लिए मना किया था, रडार मैपिंग जैसी तकनीक के प्रयोग पर रोक नहीं थी। इसलिए जब अटल जी की सरकार ने रडार मैपिंग कराकर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की, तो कोर्ट ने खुदाई की परमिशन दे दी।

खुदाई में 2003 में सबकुछ निकल आया। उसके बाद कांग्रेस के ही नेता वकील का चोला ओढ़ कर तथाकथित बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी की ओर से कोर्ट में खड़े होते थे।त्रिवेदी ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव ने 7 दिसंबर 1992 को कहा था कि हम बाबरी मस्जिद दोबारा तामीर करेंगे। उन्होंने 15 जनवरी 1993 को फिर एक इंटरव्यू में इस बात को दोहराया। उत्तरप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने विधानसभा में यही बात कही थी।

ये लोग सिर्फ जन भावना का ही अपमान नहीं कर रहे थे, सांप्रदायिक वातावरण बिगाड़ रहे थे और इस्लाम का भी अपमान कर रहे थे, क्योंकि ये लोग इस्लाम की मान्यता के अनुसार काफिर थे और एक काफिर को मस्जिद की तामीर करने का हक नहीं है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद पर बैठे ये लोग संविधान का भी अपमान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 6 दिसंबर 1992 की घटना के बाद कांग्रेस ने उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और राजस्थान की सरकारों को बर्खास्त कर दिया था।

इसके पीछे कांग्रेस का क्या तर्क था? उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की कैबिनेट ने यह फैसला लिया, तब कमलनाथ कैबिनेट मंत्री हुआ करते थे। कांग्रेस के लोग कहते थे 2019 से पहले इसका जजमेंट मत आने दीजिए, वरना भाजपा को राजनीतिक लाभ मिल जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट द्वारा कभी विवादित रहे स्थल को स्पष्ट तौर पर राम जन्मभूमि कहे जाने के बावजूद कांग्रेस के लोग ‘बाबरी मस्जिद’ शब्द का प्रयोग कर रहे हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर तौलती रही है जबकि हमारे लिए यह आस्था का विषय था और है।

***************************

 

मणिपुर से असम लाई गई 5 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार

गुवाहाटी , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। असम पुलिस ने कार्बी आंगलोंग जिले में एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 5 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। वहीं, ड्रग तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के मुताबिक ड्रग्स की खेप मणिपुर से आ रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने एक सूचना मिलने के बाद बीती रात जिले के लाहौरिजन चौकी क्षेत्र के पास एक कार को रोका। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सैकिया ने कहा, वाहन की गहन तलाशी के बाद हमने भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जो मणिपुर का है।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस ऑपरेशन की प्रशंसा की और एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें 50 साबुन के डिब्बे मिले हैं जिनमें 637.28 ग्राम हेरोइन थी। उन्होंने लिखा, असम में चल रहे ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत, कार्बी आंगलोंग पुलिस ने पड़ोसी राज्य से आ रहे एक वाहन को रोका और 50 साबुन के डिब्बों में रखी 637.28 ग्राम हेरोइन बरामद की। इस संबंध में ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। असम पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के दिशानिर्देशों के अनुसार, जब्त की गई ड्रग्स की कुल कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये होगी।

****************************

 

क्रिप्टोकरंसी मामले में हमीरपुर जिला में एसआईटी की बड़ी कार्रवाई : कई जगहों पर छापेमारी

हमीरपुर , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। क्रिप्टोकरंसी मामले को लेकर हमीरपुर जिले में रविवार को एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। शिकायतों को लेकर जिलेभर के तकरीबन एक दर्जन जगहों पर छापेमारी जारी है।

अलग-अलग टीमें जिलेभर के कई क्षेत्रों में संबंधित घरों में पहुंचकर रिकॉर्ड को खंगाल रही हैं। जिले में दो दर्जन से ज्यादा शिकायतें क्रिप्टोकरंसी मामले को लेकर आई हैं। इनमें तीन मामले भी पुलिस में दर्ज हैं। 100 करोड़ से ज्यादा का यह गड़बड़ झाला बताया जा रहा है।

कहां-कहां जारी है छापेमारी;

नौहंगी में दो जगह पर और रंगस पंचायत में कुछ और स्थानों पर भी पुलिस की टीम जांच कर रही हैं। इसी तरह सुजानपुर इलाके में भी एसआईटी की टीमें जांच कर रही हैं। कुछ और टीमें अलग-अलग पंचायतों में पहुंचकर संबंधित घरों में छानबीन में जुटी हैं। तकरीबन एक दर्जन ठिकानों पर यह कार्रवाई जारी है।

बड़े लोग साइलेंट;

क्रिप्टोकरंसी मामले में जिन लोगों ने पैसा लगाया है, उन्हें बड़े लोग साइलेंट मोड पर चले गए हैं। जिला मुख्यालय के अलावा अन्य इलाकों में उनकी मौजूदा स्थिति से इस बात का पता चल रहा है कि उन्होंने समय रहते बहुत कमाई की। और अब यदि कुछ पैसा डूबने की स्थिति में भी चला गया है, तो उन्हें ज्यादा फर्क नहीं पड़ा होगा। लेकिन ऐसे लोगों की चर्चा शहर में खूब है।

पूर्व कर्मचारी के घर भी हुई जांच;

एसआईटी की टीम ने रविवार को पुलिस के उस कर्मचारी के घर पर जाकर भी छानबीन की है, जो इस मामले में संलिप्त बताया गया है। उसका भी अच्छा खासा कारोबार क्रिप्टोकरंसी में पिछले कुछ सालों से जारी था। इधर, एएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि टीमें जांच कर रही हैं, लेकिन पूरा ब्यौरा शाम तक ही मिल पाएगा।

*************************

 

25टी बोलार्ड पुल टग महाबली का लॉन्च

नई दिल्ली , 29 अक्टूबर (एजेंसी)। 25टी बोलार्ड पुल (बीपी) टग, ‘महाबली’ को  मेसर्स शॉफ्ट शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड, भरूच, गुजरात में सीएमडीई सुनील कौशिक, एनएम, डब्ल्यूपीएस (एमबीआई) द्वारा लॉन्च किया गया था। यह टग रक्षा मंत्रालय की “मेक इन इंडिया” पहल का गौरवशाली ध्वजवाहक है। भारत सरकार की “आत्मनिर्भर भारत” पहल के अनुरूप, तीन 25टी बीपी टग के निर्माण और वितरण के लिए एक एमएसएमई, मेसर्स शॉफ्ट शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड (एसएसपीएल) के साथ अनुबंध संपन्न हुआ। ये टग भारतीय शिपिंग रजिस्टर (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के तहत बनाए गए हैं।

टग की उपलब्धता नौसेना के जहाजों और पनडुब्बियों को बर्थिंग और अन-बर्थिंग, मोड़ और सीमित पानी में पैंतरेबाज़ी के दौरान सहायता की सुविधा प्रदान करके आईएन की परिचालन प्रतिबद्धताओं को गति प्रदान करेगी। टग्स जहाजों के साथ-साथ और लंगरगाह पर अग्निशमन सहायता भी प्रदान करेगा, और इसमें सीमित खोज और बचाव अभियान चलाने की क्षमता होगी।

****************************

 

बंगाल में नशा तस्‍करी के पीछे पूर्वोत्तर के विद्रोही समूहों की संलिप्तता का संदेह

कोलकाता 29 Oct, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल में एक महीने से भी कम समय में 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खेप की बरामदगी के बाद विशेष कार्य बल के अधिकारियों को ऐसे रैकेटों के पीछे विभिन्न पूर्वोत्तर क्षेत्र आधारित विद्रोही समूहों के हाथ होने का संदेह है। राज्य पुलिस सूत्रों ने कहा कि कई कारण हैं जो संदेह को बढ़ाते हैं।

राज्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, पिछले एक महीने के दौरान इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों ने कबूल किया है कि इन प्रतिबंधित नशीले पदार्थों की खेप की आपूर्ति मुख्य रूप से विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों से होती थी। हालांकि, अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों ने दावा किया है कि ये खेप बिचौलियों-संचालकों द्वारा उन्हें सौंपी गई थी और उन्हें उन स्रोत संगठनों के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं है जहां से ये खेप वास्तव में आ रही थी। जहां विक्रेताओं को आपूर्ति के मूल स्रोत के बारे में कोई सुराग नहीं है, पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूहों की भागीदारी के बारे में संदेह को मजबूत बनाता है।

राज्य पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह सबको पता है कि पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूह इस क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न नशीले पदार्थ विनिर्माण रैकेटों को वित्त पोषित करते हैं। इसके बाद निर्माता क्षेत्र में उत्पादित इन उच्च गुणवत्ता वाले प्रतिबंधित नशीले पदार्थों को मध्यवर्ती संचालकों के माध्यम से पूरे देश में विभिन्न तस्करों तक प्रसारित करते हैं। इस बहु-श्रृंखला व्यापार में विशिष्ट घटना यह है कि विनिर्माण स्तर पर बहुत कम शीर्ष को छोड़कर कोई भी वित्तपोषकों के साथ बातचीत नहीं कर सकता है, जो पूर्वोत्तर स्थित विद्रोही समूहों के प्रतिनिधि हैं। यह हाल ही में बंगाल में भंडाफोड़ किए गए रैकेट से स्पष्ट है कि गिरफ्तार लोगों को फाइनेंसरों के बारे में कोई सुराग नहीं है।”

इस संबंध में संदेह का दूसरा बिंदु पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार किए गए तस्कराें से जब्त किए गए नशीले पदार्थों की खेप की उच्च और शुद्ध गुणवत्ता है। राज्य पुलिस के सूत्रों ने कहा कि हालांकि बंगाल से सटे ओडिशा, बिहार और यहां तक ​​कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी इसी तरह के नशीले पदार्थ विनिर्माण अड्डे हैं, लेकिन वहां उत्पादित खेप की गुणवत्ता और शुद्धता विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों में उत्पादित की तरह उच्च नहीं है।

*******************************

 

भाजपा सांसद का महुआ मोइत्रा पर तंज, उनके पास नैतिकता पैनल की जांच से बचने के लिए साक्षात्कार देने का है समय

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा के बीच वाकयुद्ध रविवार को और तेज हो गया, जब भगवा पार्टी के नेता ने कथित तौर पर संसद में प्रश्नों के लिए नकद मामले में संसद की आचार समिति से बचकर मीडिया को साक्षात्कार देने के लिए उन पर निशाना साधा। दुबे ने एक्स को संबोधित करते हुए कहा, मीडिया के सभी सम्मानित मित्रों से अनुरोध है कि लोकसभा की एथिक्स कमेटी पैसे लेकर भ्रष्टाचार और राष्ट्रीय सुरक्षा को ताक पर रखने की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि समिति के सामने जो आया है, वह ”गोपनीय” है। भाजपा के लोकसभा सांसद ने कहा,”आरोपी के पास कमेटी के पास जाने का समय नहीं लेकिन मीडिया को इंटरव्यू देने के लिए पर्याप्त समय है। मैंने आज तक इस विषय पर किसी भी मीडिया को इंटरव्यू नहीं दिया है, यह संसद की गरिमा है।” आरोपी सांसद के मित्र दर्शन हीरानंदानी जी हैं, जो उनके विदेश जाने, रहने, कीमती सामान देने और यात्रा खर्च (नकद) देने के लिए जिम्मेदार हैं। हलफनामे में इसका उल्लेख है। हमें समिति की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। यह पक्ष और विपक्ष का सवाल नहीं है, पुरुष या महिला का नहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा, भ्रष्टाचार, संसद की गरिमा और हम सांसदों के आचरण और व्यवहार का सवाल है। कृपया संसद को निर्णय लेने दें।”

उनकी यह टिप्पणी मोइत्रा द्वारा कई मीडिया आउटलेट्स को दिए गए साक्षात्कार के बाद आई है। उन्हें सबसे पहले एथिक्स कमेटी ने 31 अक्टूबर को अपने सामने पेश होने के लिए कहा था। घटनाक्रम के बाद, मोइत्रा ने एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष विनोद सोनकर को एक पत्र भेजकर कहा कि वह अपने पूर्व निर्धारित निर्वाचन क्षेत्र कार्यक्रम समाप्त होने के बाद 5 नवंबर के बाद किसी भी समय पेश होंगी।

सोनकर को लिखे अपने दो पेज के पत्र में, पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से तृणमूल कांग्रेस सांसद ने कहा कि 20 अक्टूबर को दुबई में भारतीय उच्चायोग में नोटरीकृत एक हलफनामा समिति को स्वत: संज्ञान के आधार पर प्रस्तुत किया गया था और हीरानंदानी द्वारा सार्वजनिक रूप से मीडिया में जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि हीरानंदानी ने 23 अक्टूबर को एक समाचार चैनल को दिए सार्वजनिक साक्षात्कार में समिति के सामने पेश होने की इच्छा व्यक्त की थी।

उनके पत्र के बाद, एथिक्स कमेटी ने उन्हें फिर से 2 नवंबर को पेश होने के लिए कहा। एथिक्स कमेटी ने मोइत्रा को चेतावनी दी है कि 2 नवंबर से आगे की तारीखों में कोई विस्तार नहीं किया जाएगा। आचार समिति भाजपा सांसद दुबे के आरोपों की जांच कर रही है कि मोइत्रा ने व्यवसायी हीरानंदानी के कहने पर व्यवसायी गौतम अदाणी पर लोकसभा में सवाल पूछने के लिए नकद और लाभ लिया। गुरुवार को दुबे और वकील जय अनंत देहाद्राई ने मोइत्रा के खिलाफ पैनल को “मौखिक साक्ष्य” दिए।

******************************

 

दिवाली को लेकर PM मोदी की लोगों से अपील, स्थानीय स्तर पर बने उत्पाद खरीदने का किया आग्रह

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): दिवाली का मौसम नजदीक आने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से स्थानीय स्तर पर बने उत्पाद खरीदने का आग्रह किया। अपने मासिक रेडियो प्रसारण ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने कहा, जब आप अपनी दिवाली भारत में बने, भारतीयों द्वारा बनाए गए उत्पादों से रोशन करेंगे, अपने परिवार की हर छोटी-छोटी जरूरत को स्थानीय स्तर पर पूरा करेंगे, तो दिवाली की चमक और बढ़ जाएगी। उन कारीगरों के जीवन में, एक नई दिवाली चमकेगी, जीवन का एक सवेरा होगा, उनका जीवन अद्भुत होगा। भारत को आत्मनिर्भर बनाएं, ‘मेक इन इंडिया’ को चुनते रहें, ताकि करोड़ों देशवासियों की दिवाली भी रोशन हो।

उन्होंने आगे बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर एक बहुत बड़े देशव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है। इस संगठन का नाम है- ‘मेरा युवा’ ‘भारत’ यानी मेरा भारत। मेरा भारत संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्र निर्माण के विभिन्न आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा। विकसित भारत के निर्माण में भारत की युवा शक्ति को एकीकृत करने का यह एक अनूठा प्रयास है। प्रधान मंत्री ने आगे कहा, मेरा युवा भारत की वेबसाइट मेरा भारत भी लॉन्च होने वाली है। मैं युवाओं से आग्रह करूंगा कि मेरे देश के आप सभी युवा, मेरे देश के आप सभी बेटे-बेटियां माई भारत जीओवी डॉट इन पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए साइन अप करें।

पीएम मोदी ने कहा, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की भी पुण्य तिथि है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ मिजोरम और राजस्थान के आदिवासी बहुल राज्यों में आगामी चुनावों के बीच विशाल आदिवासी वोट बैंक पर नजर रखते हुए, पीएम मोदी ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में बिरसा मुंडा, तांतिया भील और कई अन्य आदिवासी व्यक्तित्वों द्वारा किए गए योगदान को याद किया।

हमें गर्व है कि योद्धा टंटिया भील ने हमारी धरती पर जन्म लिया। हम शहीद वीर नारायण सिंह को पूरी श्रद्धा के साथ याद करते हैं, जो कठिन परिस्थितियों में अपने लोगों के साथ खड़े रहे। चाहे वीर रामजी गोंड हों, वीर गुंडाधुर हों, भीमा नायक हों, उनका साहस आज भी प्रेरणा देता है। अल्लूरी सीताराम राजू ने आदिवासी भाई-बहनों में जो भावना भरी, उसे देश आज भी याद करता है।

उन्‍होंने कहा, हमें पूर्वोत्तर में कियांग नोबांग और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से भी बहुत प्रेरणा मिलती है। आदिवासी समुदाय से ही देश को राजमोहिनी देवी और रानी कमलापति जैसी वीरांगनाएं मिलीं। देश इस समय आदिवासी समाज को प्रेरणा देने वाली रानी दुर्गावती जी की 500वीं जयंती मना रहा है। मुझे आशा है कि देश के अधिक से अधिक युवा अपने क्षेत्र की आदिवासी विभूतियों के बारे में जानेंगे और उनसे प्रेरणा लेंगे। देश अपने आदिवासी समाज का आभारी है। पीएम मोदी ने कहा, स्वाभिमान और राष्ट्र का उत्थान सर्वोपरि है।

*******************************

 

केरल ब्लास्ट के बाद दिल्ली और UP में हाई अलर्ट जारी, CM विजयन ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): केरल में हुए बम धमाके के बाद दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सेंट्रल एजेंसियों के संपर्क में है। यूपी एटीएस को भी अलर्ट किया गया है। ATS की टीमें बीते दिनों में मिले नए इनपुट को फिर से खंगालने में लगी हैं। इन सबके बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। कल सुबह 10 बजे सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कॉन्फ्रेंस हॉल में सर्वदलीय बैठक होगी।

केरल के कलामासेरी कन्वेंशन सेंटर में रविवार को हुए बम विस्फोटों की जांच से पता चला है कि विस्फोट को अंजाम देने के लिए टिफिन बॉक्स में रखे गए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया था। धमाकों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 40 घायल हो गए। घायलों में सात लोगों की हालत गंभीर है। केरल के डीजीपी शेख दरवेश साहब ने बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण विस्फोट होने की शुरुआती रिपोर्टों को खारिज कर दिया और पुष्टि की कि वह एक बम विस्फोट था।

सूत्रों ने यह भी पुष्टि की है कि यह आतंक पैदा करने के इरादे से किया गया कृत्य था। विस्फोट के समय कन्वेंशन सेंटर में लगभग 2,000 लोग प्रार्थना के लिए एकत्र हुए थे। कोच्चि से राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी (एनआईए) की चार सदस्यीय टीम मौके पर थी। सूत्रों ने पुष्टि की कि नई दिल्ली से एनआईए टीम जांच संभालने के लिए केरल रवाना हो गई है।

पुलिस के अनुसार, उस स्थान से कई विस्फोटों की सूचना मिली थी, जहां यहोवा के साक्षी विश्वासियों की बैठक आयोजित की गई थी। विस्फोट सुबह करीब 9 बजे हुए थे। हॉल को सील कर दिया गया था और केरल पुलिस का आतंकवाद निरोधक दस्ता घटनास्थल पर था।

यहोवा के साक्षी ईसाइयों का एक समूह है जो खुद को प्रोटेस्टेंट नहीं मानते हैं। यहोवा साक्षी सम्मेलन एक वार्षिक सभा है, जहां बड़ी सभाएं होती हैं, जिन्हें क्षेत्रीय सम्मेलन कहा जाता है, जो तीन दिनों तक आयोजित की जाती हैं। सूत्रों के मुताबिक यह आयोजन पिछले शुक्रवार को शुरू हुआ था और रविवार को इसका समापन होना था।

सूत्रों ने कहा कि सभी घायलों को कलामासेरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस घटना को “बहुत दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी। सीएम विजयन, जो दिल्ली में अपनी पार्टी की बैठक में भाग ले रहे हैं, ने राज्य के सहकारिता मंत्री वी.एन. वासवन को प्रतिनियुक्त किया है।

****************************

 

हरियाणा सरकार ने खेड़की दौला टोल प्लाजा के लिए जमीन की पेशकश की

चंडीगढ़ 29 Oct, (एजेंसी): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एनएचएआई को 30 एकड़ जमीन मुफ्त देने की पेशकश की है, और केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर खेड़की दौला टोल प्लाजा को उधर ट्रांसफर करने का अनुरोध किया है।

नितिन गडकरी को संबोधित एक संचार में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेड़की दौला टोल प्लाजा राजमार्ग पर एक बड़ी बाधा है, जिससे गुरुग्राम क्षेत्र में यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रैफिक जाम होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पंचगांव गांव में एक नया टोल प्लाजा स्थापित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को जमीन की पेशकश की है।

यह रणनीतिक स्थान यातायात प्रवाह को सुविधाजनक बनाने और गुरुग्राम शहरी क्षेत्रों में भीड़भाड़ को कम करने में मदद करेगा।

मुख्यमंत्री ने गडकरी को आश्वासन दिया है कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) पूरी प्रक्रिया का त्वरित और कुशल परिवर्तन सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द भूमि हस्तांतरित करने के लिए तैयार है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस कदम से मौजूदा यातायात बाधा का समाधान होने और क्षेत्र के समग्र विकास में योगदान मिलने की उम्मीद है।

******************************

 

PM मोदी का ऐलान, एकता दिवस पर रखी जाएगी युवाओं के सबसे बड़े संगठन मेरा युवा भारत की नींव

नई दिल्ली 29 Oct, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज घोषणा की कि इस वर्ष 31 अक्टूबर को एकता दिवस के मौके पर आज़ादी के अमृत महोत्सव का समापन होने के साथ ही एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन ‘मेरा युवा भारत’ की नींव रखी जाएगी जो नौजवानों को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा।

मोदी ने यहां आकाशवाणी पर अपने नियमित मासिक कार्यक्रम मन की बात की 106 वीं कड़ी में यह घोषणा की। मोदी ने कहा कि 31 अक्टूबर का दिन हम सभी के लिए बहुत विशेष होता है। इस दिन हमारे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म-जयंती मनाते हैं। हम भारतवासी, उन्हें, कई वजहों से याद करते हैं, और श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। सबसे बड़ी वजह है – देश की 580 से ज्यादा रियासतों को जोड़ने में उनकी अतुलनीय भूमिका।

उन्होंने कहा कि हम जानते हैं हर साल 31 अक्टूबर को गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर एकता दिवस से जुड़ा मुख्य समारोह होता है। इस बार इसके अलावा दिल्ली में कर्तव्य पथ पर एक बहुत ही विशेष कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। उन्होंने कहा, “आपको याद होगा, मैंने पिछले दिनों देश के हर गाँव से, हर घर से मिट्टी संग्रह करने का आग्रह किया गया था।हर घर से मिट्टी संग्रह करने के बाद उसे कलश में रखा गया और फिर अमृत कलश यात्राएं निकाली गईं। देश के कोने-कोने से एकत्रित की गयी ये माटी, ये हजारों अमृत कलश यात्राएं अब दिल्ली पहुँच रही हैं।यहाँ दिल्ली में उस मिट्टी को एक विशाल भारत कलश में डाला जाएगा और इसी पवित्र मिट्टी से दिल्ली में ‘अमृत वाटिका’ का निर्माण होगा। यह देश की राजधानी के हृदय में अमृत महोत्सव की भव्य विरासत के रूप में मौजूद रहेगी।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “31 अक्टूबर को ही देशभर में पिछले ढ़ाई साल से चल रहे आजादी के अमृत महोत्सव का समापन होगा। आप सभी ने मिलकर इसे दुनिया में सबसे लंबे समय तक चलने वाले महोत्सव में से एक बना दिया। अपने सेनानियों का सम्मान हो या फिर हर घर तिरंगा, आजादी के अमृत महोत्सव में, लोगों ने अपने स्थानीय इतिहास को, एक नई पहचान दी है। इस दौरान सामुदायिक सेवा की भी अद्भुत मिसाल देखने को मिली है।”

श्री मोदी ने कहा, “मैं आज आपको एक और खुशखबरी सुना रहा हूँ, विशेषकर मेरे नौजवान बेटे-बेटियों को, जिनके दिलों में देश के लिए कुछ करने का जज़्बा है, सपने हैं, संकल्प हैं।ये खुशखबरी देशवासियों के लिए तो है ही है, मेरे नौजवान साथियो आपके लिए विशेष है। दो दिन बाद ही 31 अक्टूबर को एक बहुत बड़े राष्ट्रव्यापी संगठन की नींव रखी जा रही है और वो भी सरदार पटेल की जन्मजयन्ती के दिन। इस संगठन का नाम है – मेरा युवा भारत, यानी माईभारत संगठन। यह संगठन भारत के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण के विभिन्न आयोजनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।” उन्होंने कहा, “ये, विकसित भारत के निर्माण में भारत की युवा शक्ति को एकजुट करने का एक अनोखा प्रयास है। ‘मेरा युवा भारत’ की वेबसाइट माईभारत भी शुरू होने वाली है। मैं युवाओं से आग्रह करूँगा, बार-बार आग्रह करूंगा कि आप सभी मेरे देश के नौजवान, आप सभी मेरे देश के बेटे-बेटी माईभारत डॉट जीओवी डॉट इन पर रजिस्टर करें और विभिन्न कार्यक्रम के लिए साइन अप करें।”

मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी जी की पुण्यतिथि भी है। मैं उन्हें भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।

**************************

 

केरल की रैली में हमास नेता की मौजूदगी पर बवाल, BJP ने कहा- देश के लिए चिंता की बात

तिरुवनंतपुरम 29 Oct, (एजेंसी): इजरायल-हमास युद्ध को तीन सप्ताह से अधिक का समय हो गया है, लेकिन इस युद्ध के थमने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इस बीच केरल में फलस्तीन के समर्थन में एक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हमास नेता भी वर्चुअली रूप से शामिल हुए। भाजपा की केरल उपाध्यक्ष ने इस पर सवाल खड़े किए हैं।

हमास नेता खालिद मशाल के रैली में वर्चुल शामिल होने पर केरल की भाजपा उपाध्यक्ष वीटी रेमा ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि हमास नेता खालिद मशल का रैली में वर्चुअल तौर पर शामिल होना इस्लामिक आतंकवादियों के एक समूह ने भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष देश में अपनी असली मानसिकता दिखाई है।

वहीं, केरल भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने भी हमास नेता के कार्यक्रम में शिरकत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि इस तरह के आयोजन अस्वीकार्य हैं।

बता दें कि केरल में जमात-ए-इस्लामी की युवा शाखा सॉलिडैरिटी यूथ मूवमेंट ने फलस्तीन के समर्थन में एक सभा का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में हमास नेता ने वर्चुअली रूप से शिरकत की थी। हमास के पूर्व प्रमुख मशाल ने सभा को अरबी भाषा में संबोधित किया था।

*****************************