Category Archives: news

काशीपुर एटीएम लूटकांड : अंतरराज्यीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार

नैनीताल, 03 Jan, (एजेंसी) : उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने काशीपुर एटीएम लूट कांड के आरोपी अंतर्राज्यीय गिरोह के फरार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के तीन सदस्य पहले से जेल में बंद हैं।

मिली जानकारी के अनुसार विगत 19 दिसंबर की रात को कुछ बदमाश काशीपुर के चामुंडा काम्पलैक्स स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम को उखाड़ ले गये थे। यह घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।

ऊधमसिंह नगर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टीएस मंजूनाथ की अगुवाई में पुलिस की कई टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद इस मामले में एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। यह गिरोह राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं हरियाणा कई जगहों में इस प्रकार की घटना को अंजाम दे चुका था।

पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों नाजिम, तासिम उर्फ काला उर्फ पहलवान और शमशुद्दीन निवासी सहारपुर, उप्र को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनका साथी इंतजार निवासी ग्राम शाहपुर, थाना गंगोही, सहारनपुर, उप्र फरार हो गया था।

पुलिस आरोपी की तलाश में अनवरत दबिश देती रही लेकिन आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा। आखिर आरोपी को बीती रात को काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक तमंचा और कुछ रूपये भी बरामद हुए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ राजस्थान और अन्य जगहों में विभिन्न धाराओं में पांच अभियोग पंजीकृत हैं। आरोपी ने उत्तराखंड के काशीपुर, राजस्थान के कोठपुतली, चैमू और उप्र के मथुरा में एटीएम लूटने की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया है।

****************************

 

भागलपुर में हथियार के साथ चार अपराधी गिरफ्तार

भागलपुर, 03 Jan, (एजेंसी) : बिहार में भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की योजना बना रहे चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

भागलपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित रंजन ने बताया कि इस क्षेत्र के गोसाईदासपुर गांव में एक अपराधी ललन यादव के घर में कुछ अपराधियों के एकत्र होने की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) अजय चौधरी के नेतृत्व में गठित पुलिस की विशेष टीम ने मंगलवार को उक्त ठिकाने पर छापेमारी कर चार अपराधियों को दबोच लिया।

रंजन ने बताया कि पकड़े गए अपराधी ललन यादव के पास से एक लोडेट कट्टा जब्त हुआ और जबकि उसके घर की तलाशी के दौरान एक लोडेड पिस्तौल, एक सेमी राइफल तथा 19 जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि अन्य तीन अपराधियों की पहचान संजय यादव, सुनील दास और मनीष कुमार के रुप में हुई है। मास्टर माइंड ललन यादव के विरुद्ध कई आपराधिक मामला दर्ज है और अन्य तीन के अपराधिक इतिहास की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

**********************

 

गरीबों के हक पर डकैती डालने वालों को जाति दिखाई पड़ती है : योगी

लखनऊ 03 Jan, (एजेंसी) : समाजवादी पार्टी (सपा) समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों के हक पर डकैती डालने वालों को आज जाति दिखाई पड़ती है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से संवाद करते हुए योगी ने कहा कि जाति की राजनीति करने वाले लोग समाज को विभाजित करने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहकर समाज को एकजुट करते हुए राष्ट्रीय सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करना होगा। आज देश में गरीबों के लिए सिर्फ योजनाएं ही नहीं बन रही हैं बल्कि उनका क्रियान्वयन भी हो रहा है।

शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के गांव, गरीब और नौजवान तक पहुंच रही हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य हर व्यक्ति के चेहरे पर खुशहाली लाना है।

लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम के तहत योगी ने मेरठ, बस्ती, चंदौली, महोबा और बाराबंकी के लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान वह प्रदेश के सभी 75 जिलों में 800 स्थानों पर आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से ऑनलाइन जुड़े। उन्होने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रदेश में 642 मोदी गारंटी वैन चल रही हैं।

उत्तर प्रदेश के 57709 ग्राम पंचायतों में से अब तक 36983 ग्राम पंचायतों में मोदी गारंटी वैन पहुंच चुकी है। साथ ही 762 नगर निकायों में 1027 कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। अबतक प्रदेश के अंदर लगभग पौने तीन करोड़ लोगों से यह यात्रा जुड़ चुकी है।

****************************

 

खेल का अनुशासन हर क्षेत्र में लाने से बनेगा श्रेष्ठ भारत: तोमर

भोपाल, 03 Jan, (एजेंसी) : मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि खेल में अनुशासन का बहुत महत्व है, यही अनुशासन यदि हर क्षेत्र में हो तो हमारा भारत बहुत जल्दी श्रेष्ठ भारत बन सकता है।

तोमर ने आज राजधानी के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पर आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वैसे तो व्यक्ति के जीवन में शिक्षा का बड़ा महत्व है, लेकिन शिक्षा के साथ-साथ खेल का भी महत्व है। मुझे प्रसन्नता है कि रवींद्र नाथ टैगोर विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ ही खेल, संस्कृति, तकनीकि, कौशल विकास के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है। खेल सामान्य तौर पर शारीरिक व्यायाम तक ही सीमित नहीं है, यह अनुशासन एवं जीवन जीने की कला के भी जरूरी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी प्रतियोगिता में खिलाड़ी अनुशासन का प्रदर्शन न करें तो वह प्रतियोगिता पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकती है। खेल के मैदान में प्रितस्पर्धा को सफल बनाने के लिए जब हम मैदान में हैं तो हमारी प्रमुख भूमिका अनुशासन की है। यही अनुशासन खिलाड़ी को सफलता दिलाता है और उसे गौरव की अनुभूति भी कराता है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश की सरकार ने खेल को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पिछले दिनों खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। बेहतर खेल सुविधाओं, सरकार की नीतियों एवं खिलाडय़िों के अभूतपूर्व प्रदर्शन के कारण ओलंपिक से लेकर सभी मंचों पर भारत का गौरव बढ़ा है।

इस अवसर पर स्कोप ग्लोबस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सिद्धार्थ चतुर्वेदी, संचालक खेल एवं युवक कल्याण विभाग रवि गुप्ता, पूर्व आलंपियन एवं अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद, रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलपति रजनीकांत, आलंपियन एवं हॉकी के क्षेत्र में अर्जुन अवार्ड से सम्मानित विवेक सागर प्रसाद एवं अन्य गणमान्य नागरिक, देशभर से आई हॉकी टीमों के खिलाड़ी, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।

***************************

 

सहारनपुर में शातिर अपराधी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

सहारनपुर 03 Jan, (एजेंसी) : उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की देवबन्द कोतवाली पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद 25 हजार रूपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मकबरा पुलिया भनैडा रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाईकिल पर सवार दो लोगों को रुकने का संकेत दिया गया जिस पर बदमाशों ने फायरिंग करते हुये भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर मोटर साईकिल फिसल गई। पुलिस टीम के नजदीक पहुँचने पर बदमाशों ने फिर से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग मे एक बदमाश को पैर मे गोली गली है जिसे पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरा बदमाश ईंख के खेतों के बीच से भागने मे सफल रहा।

गिरफ्तार बदमाश की पहचान मोबीन उर्फ भूरा के रूप में हुई है, जिस पर पूर्व मे गौकशी के मुकदमे पंजीकृत हैं व वर्तमान में थाना रामपुर मनिहारान पर गैंगस्टर एक्ट मे मुकदमे मे वाँछित अभियुक्त है। घायल बदमाश को उपचार के लिये चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।

***************************

 

विदेश में भारतीय मिशनों पर हमला करने वाले 43 खालिस्तानी समर्थकों की हुई पहचान

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी) : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 43 खालिस्तानी समर्थकों की पहचान की है, जो कथित तौर पर 19 मार्च को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान लंदन में भारतीय उच्चायोग में हिंसा में शामिल थे और जिन्होंने कथित तौर पर 2 जुलाई को सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास को निशाना बनाया था।

एनआईए के अनुसार, ओटावा और लंदन में भारत के उच्चायोगों के साथ-साथ अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारत के महावाणिज्य दूतावास पर हमले भी पूरे वर्ष विदेशों में भारतीय हितों के खिलाफ अपराधों पर एनआईए की कार्रवाई का केंद्र बने रहे। विदेश में भारतीय मिशनों पर हमलों के पीछे की साजिश को उजागर करने के एजेंसी के प्रयासों के तहत 50 से अधिक छापे और तलाशी देखी गईं।

इस जांच में पाया गया कि ऐसे तत्व उस भीड़ में शामिल थे जो भारतीय मिशनों पर पहुंची। ऐसे 43 संदिग्धों की पहचान हुई। एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, एनआईए ने हाल के महीनों में इन मामलों में अपनी जांच तेज कर दी है और भारत में 80 से अधिक लोगों से पूछताछ की है, जिन पर हमलों की साजिश का हिस्सा होने का संदेह है।

एनआईए ने दावा किया कि जांच और अभियोजन विशेषज्ञता, प्रभावी फॉलोअप की वजह से 2023 में 94.70 फीसदी मामलों में सजा हुई है। जो 2022 में दोषसिद्धि दर 94.39 प्रतिशत से ज्यादा है।

एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि ‘एनआईए ने इस साल 2022 में 490 की तुलना में 625 लोगों को गिरफ्तार किया था। यह लगभग 28 प्रतिशत ज्यादा है। प्रवक्ता ने कहा, 625 में से 65 को आईएसआईएस मामलों में, 114 को जिहादी आतंकी मामलों में, 45 को मानव तस्करी के मामलों में, 28 को आतंकवादी और संगठित आपराधिक गतिविधि के लिए और 76 को वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) मामलों में गिरफ्तार किया गया।

एनआईए के मुताबिक ‘एनआईए ने 2023 में कुल 68 मामले दर्ज किए, जिसमें आतंक से संबंधित घटनाओं की एक विस्तृत श्रृंखला शामिल थी। इनमें कई राज्यों में 18 जिहादी आतंकी मामले, जम्मू-कश्मीर से तीन मामले, वामपंथी उग्रवाद के 12 मामले, पंजाब में आतंकवादी और संगठित आपराधिक गतिविधि से जुड़े सात मामले, पूर्वोत्तर के पांच मामले और नकली भारतीय मुद्रा नोट (एफआईसीएन) से संबंधित दो मामले शामिल हैं। 2022 में, एनआईए ने 73 मामले दर्ज किए थे, जो 2021 में दर्ज 61 मामलों से 19.67 प्रतिशत अधिक है, और एजेंसी के लिए यह अब तक का उच्चतम स्तर है

******************************

 

शीत लहर की चपेट में दिल्ली, न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी): भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शीत लहर की मजबूत पकड़ के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार की सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने हल्के कोहरे की भी भविष्यवाणी की है और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को सुबह 7.30 बजे पालम में सबसे कम विजिबिलिटी 500 मीटर दर्ज की गई।

हालांकि, सुबह करीब 9 बजे पालम में विजिबिलिटी सुधरकर 700 मीटर हो गई, जबकि सफदरजंग में 500 मीटर दर्ज की गई। भारतीय रेलवे के मुताबिक, कोहरे के कारण कम से कम 26 ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। चेन्नई-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस, अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस और अजमेर-कटरा एक्सप्रेस छह घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं।

इस बीच, शहर भर के कई स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आनंद विहार क्षेत्र में पीएम2.5 का स्तर 301 पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा और पीएम10 का स्तर 166 यानी ‘मध्यम’ पर पहुंच गया।

शून्य और 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘अच्छा’ माना जाता है, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे टी3 पर भी पीएम2.5 का स्तर 321 पर था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी है, जबकि पीएम10 का स्तर 221 था, जो क्रमशः ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

**************************

 

अडानी-हिंडनबर्ग मामले में सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : SEBI ही करेगी मामले की जांच, SIT जांच से किया इनकार

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी) : हिंडनबर्ग-अडानी मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया है और अडानी समूह को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी जांच से इनकार कर दिया है और सेबी को ही जांच करने को कहा है। हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अडानी समूह के खिलाफ लगे आरोपों की जांच करने वाले बाजार नियामक सेबी के अधिकार क्षेत्र में दखल देने का सीमित अधिकार है। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जे बी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने अपना फैसला सुनाया कि सेबी (SEBI) की जांच मे सुप्रीम कोर्ट दखल नहीं देगा।

सुप्रीम कोर्ट ने सेबी को 2 बाकी मामलों की जांच के लिए 3 महीने का समय दिया। बता दें कि अडाणी-हिंडनबर्ग विवाद से जुड़ी विभिन्न याचिकाओं पर प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने 24 नवंबर को याचिकाओं पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सेबी की जांच उचित है। सेबी ने 24 में से 22 मामलों की जांच की है। बाकी बचे दो मामलों की जांच भी दो महीने में पूरी कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश हम दे रहे हैं। सेबी सक्षम प्राधिकरण है। कोर्ट ने कहा कि OCCPR की रिपोर्ट के आधार पर SEBI की जांच पर संदेह नहीं किया जा सकता। इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने जांच को SEBI से SIT को सौंपने से इनकार कर दिया।

हिंडनबर्ग-अडानी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इस मामले की जांच सेबी ही करेगी। SIT को जचांच ट्रांसफ़र नहीं होगी। कोर्ट ने कहा कि सेबी इस जांच के लिए सक्षम एजेंसी है, इआसलिए हमें इसमें दखल देने की जरूरत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने भारत सरकार और सेबी को भारतीय निवेशकों के हित को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर काम करने को कहा। कोर्ट ने सेबी से कहा है कि मौजूदा नियामक तंत्र को बेहतर बनाने के लिए एक्सपर्ट कमेटी के सुझाव पर काम करें।

इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने एक्सपर्ट कमेटी के सदस्यों पर उठे सवालो को खारिज किया और कहा कि हितों के टकराव की याचिकाकर्त्ता की दलील बेमानी है। कोर्ट ने कहा कि बिना पुख्ता आधार के जांच सेबी से ट्रांसफर करने का कोई आधार नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर SEBI की जांच पर संदेह करना या किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं है। इस तरह से सुप्रीम कोर्ट से अडानी को बड़ी राहत मिली है।

*************************

 

राम मंदिर के बाद जल्द लागू होगा CAA!, लोकसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार की तैयारी

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी) : केंद्र की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव से पहले अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है। साथ ही सरकार के सूत्रों ने यह भी बताया कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA) के नियम को लोकसभा चुनाव की घोषणा से बहुत पहले अधिसूचित किया जाएगा। आपको बता दें कि इस विधेयक को दिसंबर 2019 में संसद द्वारा मंजूरी दे दी गई थी। इस विधेयक में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हिंदुओं, सिखों, बौद्धों, जैनियों, पारसियों और ईसाइयों को भारतीय नागरिकता देने की वकालत की गई है। वहीं, मुसलमानों को इससे अलग रखा गया है।

कानून पारित होने के तुरंत बाद देश भर में इसके खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। इस कानून के अधिनियमों को कभी भी अधिसूचित नहीं किया गया है। सरकार ने नियम बनाने के लिए बार-बार विस्तार की मांग की है। सूत्रों ने बताया है कि नियम अब तैयार हैं। ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार है। सूत्रों ने यह भी बताया कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और आवेदक अपने मोबाइल फोन से भी आवेदन कर सकते हैं। सूत्रों ने कहा, “हम आने वाले दिनों में सीएए के लिए नियम जारी करने जा रहे हैं। एक बार नियम जारी होने के बाद कानून लागू किया जा सकता है और पात्र लोगों को भारतीय नागरिकता दी जा सकती है।”

पिछले हफ्ते पश्चिम बंगाल में भाजपा की सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा सीएए के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “दीदी (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी) अक्सर सीएए के बारे में हमारे शरणार्थी भाइयों को गुमराह करती हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि सीएए देश का कानून है और इसे कोई नहीं रोक सकता। सबको नागरिकता मिलने वाली है। यह हमारी पार्टी की प्रतिबद्धता है।”

मोदी सरकार द्वारा लाए गए सबसे ध्रुवीकरण वाले कानूनों में से एक के कार्यान्वयन में देरी के लिए सरकार द्वारा कई कारण जिम्मेदार ठहराए गए हैं। इसका एक प्रमुख कारण असम और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में सीएए को लेकर हो रहा जोरदार विरोध है। असम में विरोध प्रदर्शन इस आशंका से भड़के थे कि यह कानून राज्य की जनसांख्यिकी को स्थायी रूप से बदल देगा। विरोध प्रदर्शन केवल उत्तर-पूर्व तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी फैल गया। सीएए की संवैधानिक वैधता को चुनौती देते हुए इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग सहित कई याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट के समक्ष हैं।

***************************

 

बिहार में प्रखंड प्रमुख के पति की गोली मारकर हत्या

कटिहार 03 Jan, (एजेंसी): बिहार के कटिहार जिला के फलका थाना क्षेत्र में प्रखंड प्रमुख के पति के अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में उनका एक कर्मचारी घायल हो गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फलका प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह के पति कंचन मंडल बुधवार की रात अपने गिट्टी, बालू की दुकान कंचन दीप ट्रेडर्स पर बैठे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने पहुंचकर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में गोली लगने से कंचन मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनका कर्मचारी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर कटिहार के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चला है। उन्होंने हालांकि यह कहा कि जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

************************

 

फिर मुश्किलों में घिरीं TMC की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा, जासूसी के आरोप में CBI को शिकायत

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी): संसद से निष्कासित TMC की पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर से मुश्किलों में घिरतीं नजर आ रही हैं। पूर्व सांसद महुआ मोइत्रा पर अपने पूर्व प्रेमी जासूसी करवाने का आरोप लगा है। इस मामले में एडवोकेट जय अनंत देहाद्राई ने CBI में महुआ मोइत्रा के खिलाफ अवैध रूप से जासूसी करने की शिकायत दी है।

सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई ने महुआ मोइत्रा पर अपने पूर्व प्रेमी की निगरानी कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने 29 दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद को एक चिट्ठी लिखी। उन्होंने बताया कि टीएमसी नेता अपने पूर्व प्रेमी को उनके फोन नंबर के जरिए ट्रैक कर रही है। साथ ही वह बंगाल पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की मदद से कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी प्राप्त कर रही है।

सीबीआई को लिखे पत्र में देहाद्राई ने आरोप लगाया कि महुआ मोइत्रा 2019 में सुहान मुखर्जी नाम के एक व्यक्ति को ट्रैक कर रही थी। उन्होंने कहा, ‘महुआ ने मुझे मौखिक और लिखित रूप से बताया था कि वह अपने पूर्व प्रेमी को ट्रैक कर रही थी, क्योंकि उसे उस पर एक जर्मन महिला के साथ रिलेशन में होने का शक था। सुप्रीम कोर्ट के वकील ने अपनी चिट्ठी में कुछ चैट के स्क्रीनशॉट भी लगाए हैं।

***************************

 

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांडः NIA की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा और राजस्थान में 31 जगहों पर की छापेमारी

नई दिल्ली 03 Jan, (एजेंसी): जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है। बुधवार सुबह सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी हरियाणा और राजस्थान में 31 जगहों पर छापेमारी की और तलाशी लेने पहुंची। तलाशी अभियान फिलहाल जारी है। इस हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

राजस्थान पुलिस की टीम भी जांच में एनआईए का सहयोग कर रही है। राज्य पुलिस में अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने इस मामले की जांच के लिए जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश बिश्नोई के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। 5 दिसंबर को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के आवास पर उनसे मिलने के बहाने पहुंचे तीन बदमाशों ने उनपर 15 से ज्यादा गोलियां चलाई।

स्कूटी पर आए 2 बदमाशों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से मिलने के बहाने उनसे बातचीत की। तकरीबन 10 मिनट तक बातचीत करने के बाद दोनों बदमाशों ने ताबतोड़ गोलियां चला दी। इस हत्या को लेकर राजपूत समुदाय में काफी आक्रोश दिखा। राजस्थान, एमपी सहित कई राज्यों में राजपूत समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए और दोषियों की कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

**********************

 

गिरा हुआ मोबाइल फोन पाने के लिए मेट्रो ट्रैक पर कूद गई महिला

बेंगलुरु 02 Jan, (एजेंसी): एक चौंकाने वाली घटना में एक महिला अपना मोबाइल लेने के लिए 750 केवी बिजली वाले मेट्रो ट्रैक पर कूद गई। यह घटना इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन पर शाम 6:45 बजे हुई।

महिला को पटरी पर देख सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचित किया और बिजली काट दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटनाक्रम के परिणामस्वरूप पीक ऑवर के दौरान पर्पल लाइन पर मेट्रो सेवाएं 15 मिनट तक बाधित रहीं।

बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने मंगलवार को कहा कि इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन पर हुई घटना में महिला का मोबाइल फोन मेट्रो ट्रैक पर गिर गया था। यात्री अपना फोन वापस पाने के लिए ट्रैक के नीचे गई और सुरक्षाकर्मियों ने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा उपकरण सक्रिय कर दिए। फोन वापस पाने के बाद, वह एक सह-यात्री की मदद से प्लेटफाॅर्म पर वापस आ गई। बीएमआरसीएल कर्मचारियों को सेवाओं की बहाली के लिए उपकरणों को रीसेट करना पड़ा।

**************************

 

पेट्रोल-डीजल के बाद शुरू हुई दूध की किल्लत, कई स्थानों पर सब्जियों की सप्लाई प्रभावित

मुंबई 02 jan, (एजेंसी)-केंद्र सरकार के नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ देशभर में ट्रक, डंपर और बस चालक हड़ताल पर हैं। कई राज्यों में सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन जारी है। यह आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा, जिससे मुंबई में दूध की आपूर्ति बुरी तरह बाधित हुई। दूध ले जाने वाले हजारों ट्रक राष्ट्रीय, अंतर-राज्य या राज्य राजमार्गों पर विभिन्न स्थानों पर फंसे रहे और शहर में नहीं पहुंच सके।

इसकी वजह से विभिन्न राज्यों में पेट्रोल-डीजल, सब्जी जैसी अति आवश्यक चीजों की आवाजाही पर असर दिख रहा है। मध्यप्रदेश में ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के चलते पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है। इंदौर के पेट्रोल पंप पर सुबह से लाइनें लगी हुई हैं। हड़ताल के असर के चलते AICTSL बसें की बसें आज भी बंद रहीं। इंदौर से भोपाल और अन्य शहरों की तरफ जाने वाली बसों का संचालन बंद रखा गया है। आईबस और सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। इसमें भी कई रूट की बसें अभी तक शुरू नहीं हुई हैं।

मध्य प्रदेश, राजस्थान, समेत 10 राज्यों से पेट्रोल-डीजल पंप ड्राई होने की खबरें हैं। यहां लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। फल, सब्जी, दूध, कृषि के सामानों की सप्लाई प्रभावित हो रही है। कई जगह प्रशासन ट्रांसपोटर्स से संपर्क कर आपूर्ति बहाल करवाने में लगा है। ट्रांसपोर्ट बॉडी के मुताबिक एक दिन के हड़ताल से करीब 120 से 150 करोड़ के कारोबार पर असर होता है. ऐसे में 3 दिन की हड़ताल से 450 करोड़ के नुकसान की आशंका है. इस हड़ताल की वजह से देश भर में महंगाई बढ़ने का खतरा बढ़ गया है.

बड़ी संख्या में मुंबई वालों को अपनी पसंदीदा सुबह की चाय और बच्चों के लिए दूध के बिना काम चलाना पड़ा। कुछ क्षेत्रों में डिलीवरी सुबह 10 बजे या उसके बाद बहुत देर से हुई। मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (एमएमपीए) के अनुसार, महाराष्ट्र के भीतरी इलाकों, गुजरात, मध्य प्रदेश में सहकारी समितियों या खेतों और मुट्ठी भर कॉरपोरेट्स से दूध ले जाने वाले अधिकांश ट्रकों को रोक दिया गया। दूध कोल्हापुर, सांगली, नासिक, सतारा (महाराष्ट्र), इंदौर, देवास (दोनों मध्य प्रदेश) या आनंद, बनासकांठा, सूरत और मेहसाणा (सभी गुजरात) जैसे जिलों से प्रतिदिन इंसुलेटेड टैंकरों में मुंबई लाया जाता है।

एमएमपीए समिति के सदस्य चंदन सिंह ने , ”मुंबई को हर दिन लगभग 50-60 लाख लीटर दूध की आवश्यकता होती है, जिसमें से 60 प्रतिशत गाय का दूध और बाकी भैंस का दूध होता है। हजारों ट्रक बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।”

चंदन सिंह ने कहा कि प्रत्येक इंसुलेटेड मिल्क-टैंकर में 20 टन तक दूध ले जाने की क्षमता है, जहां से इसे अंतिम खुदरा विक्रेताओं तक वितरण के लिए दो-तीन टन की क्षमता वाले मिनी-टैंकरों में स्थानांतरित किया जाता है।

****************************

 

सीएम धामी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावास कौलागढ़ के भवन का किया लोकार्पण

देहरादून 02 Jan, (एजेंसी)  : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय छात्रावास कौलागढ़ के भवन का लोकार्पण किया। इस भवन का शिलान्यास पिछले वर्ष मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ही किया था। 04 करोड़ 09 लाख 40 हजार रूपये की लागत से बना यह भवन एक साल से कम समय में बनकर तैयार हुआ। उन्होंने इस छात्रावास के बच्चों को गणवेश पहनाये और कंबल भी प्रदान किये। उन्होंने आवासीय छात्रावास का अवलोकन भी किया और बच्चों को छात्रावास में दी जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया।

बता दें कि उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिये गये थे कि छात्रावासों में बच्चों को बेहतर गुणवत्ता के संसाधन उपलब्ध कराये जाएं। छात्रावास की बेहतर व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष प्रकट किया। इस छात्रावास में 100 बच्चों के लिए आवासीय व्यवस्थाएं की गई है। इस अवसर पर उन्होने घोषणा की कि कमजोर, अपवंचित एवं साधन विहीन वर्ग की बेटियों की शिक्षा के लिए बनाये गये कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खोले गये छात्रावासों एवं नेताजी सुभाषचन्द्र बोस छात्रावास के निकटवर्ती 11 विद्यालयों का इंटर स्तर पर उच्चीकरण भी किया जायेगा।

इस अवसर पर उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित भी किया। उन्हों ने कहा कि नये वर्ष की शुरूआत में बच्चों के बीच आकर उन्हें सुखद अनुभव हुआ है। पिछले वर्ष 02 जनवरी 2023 को इसी विद्यालय के परिसर से मुख्यमंत्री द्वारा राजकीय बालिका इण्टर कालेज कौलागढ़ के मुख्य भवन एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावास झड़ीपानी का लोकार्पण और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस छात्रावास कौलागढ़ का भी शिलान्यास किया गया था।

उन्होंने कहा कि इस छात्रावास भवन का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर है। उनके जीवन से हमें ऊर्जा, परिश्रम और संकल्प से ही महान कार्य करने की सीख मिलती है। राज्य में कमजोर, पिछड़े, अनाथ एवं संसाधन विहीन बच्चों की शिक्षा व्यवस्था के लिए इस प्रकार के 13 छात्रावास संचालित हैं, जिनमें 1000 बच्चों के लिए नि:शुल्क व्यवस्थाएँ की गयी है। बालिकाओं के लिए 40 कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका छात्रावास अलग से संचालित किये जा रहे हैं, जिसमें सभी सुविधाएँ नि:शुल्क दी जा रही हैं। इस दौरान विधायक सविता कपूर शिक्षा महानिदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा बंशीधर तिवारी और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहें ।

*************************

 

राम के लिए बलिदान कोठारी बंधुओं की बहन ने कहा, एक बार मोदी जी से मिलना है…

सिलीगुड़ी 02 Jan, (एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नित्य सैकड़ों लोगों से मिलते हैं। 33 साल पहले दो भाईयों के बलिदान होने के बाद दुख और गर्व के साथ राम मंदिर के लिए संघर्ष करने वाली एक बहन भी उनसे मिलने को आतुर हैं। वह उन्हें दंडवत प्रणाम करना चाहती हैं। उनकी मां के आंसू नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद थम गए थे।

उसके पहले मां अयोध्या जाती थीं तो रामलला के पास खड़ी होकर खूब रोती थीं। बिलखती थीं। लोग अचरज से देखते थे। यह कौन रामभक्त हैं…जो उन्हें देखकर रोती है? फिर पता चलता था कि यह राम कोठारी और शरद कोठारी की मां हैं।

1990 में जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में भाग लेकर मुलायम सिंह सरकार में पुलिस की गोली से बलिदान हो गए। कोठारी बंधुओं की मां जानकर लोग उनके पैर छूने लगते थे। वर्दी वाले जवान भी उन्हें प्रणाम करने लगते थे। 2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने तो वह पूरे विश्वास से कहती थीं कि अब रोने की जरूरत नहीं है।

अब अयोध्या में राम आएंगे। 2016 में राम और शरद कोठारी की मां सुमित्रा लाल कोठारी का निधन हो गया। बहन पूर्णिमा कोठारी कोलकाता में रहती हैं। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए उनके पास आमंत्रण पत्र आया है, लेकिन वह 10 जनवरी को ही अयोध्या पहुंच जाएंगी।

वह अयोध्या में राम के ‘आगमनÓ के पूर्व की प्रत्येक गतिविधि और घटना को अपने हृदय में बसा लेना चाहती हैं। वर्षों तक उन्होंने इस दिन का इंतजार किया है। पूर्णिमा कहती हैं कि 1990 के बाद राम मंदिर के लिए अधिसंख्य संघर्ष में वह अयोध्या गई हैं। तब लगता था कि दशरथ की यह नगरी उदास है। उजाड़ है।

राम के आगमन की खबर आई तो मौसम ही बदल गया। अपनी अयोध्या में अपने राम आ रहे हैं। मन में भी ढोल-नगाड़े बजते हैं। पूर्णिमा 1990 के पूर्व अपने घर-आंगन को याद करती हैं। वह घरेलू लड़की थीं।

दोनों भाई राम, अयोध्या और राष्ट्रनिर्माण की बातें करते थे। वह सुनती थीं, लेकिन बहुत मतलब नहीं रहता था। भाई बलिदान हुए तो माता-पिता और पूर्णिमा दुख से नहीं घिरे। घर से निकल पड़े।

भाईयों के नाम पर संगठन बनाया। राम मंदिर के लिए हर संघर्ष में शामिल हुए। पूर्णिमा के पिता हीरा लाल कोठारी और माता सुमित्रा लाल कोठारी राम मंदिर निर्माण का शुभ दिन देखने के पूर्व ही दिवंगत हो गए, लेकिन पूर्णिमा को लगता है कि वह आसपास ही हैं।

*************************

 

मेरठ में स्पोर्ट्स कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

मेरठ, 02 Jan, (एजेंसी) : उत्तर प्रदेश के मेरठ में  दिनदहाड़े एक स्पोर्ट्स कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने यहां बताया कि परतापुर क्षेत्र के घाटपुर निवासी सुधीर कुमार शर्मा की बागपत रोड पर गुर्जर चौक में एसआर स्पोर्ट्स के नाम से खेल के सामान की दुकान है। सुधीर आज धूप सेंकने के लिए दुकान के बाहर अपने कुछ साथी दुकानदारों के साथ खड़े थे।

बताया गया है कि इसी दौरान फ्लाईओवर के ऊपर से कुछ अज्ञात हमलावरों ने दो गोलियां चलाईं जिसमें एक सुधीर के सीने में लगी और वह गिर गये। उनके साथियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक देहात कमलेश बहादुर ने छानबीन के आधार पर आशंका व्यक्त की है कि संभवत हमलावरों ने गोली सुधीर से कुछ दूरी पर खड़े कार सवार युवकों पर चलाई थी, जिसका निशाना सुधीर बन गये। उन्होंने बताया कि आस पास के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज निकाल कर हमलावरों की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।

***********************

 

राजनाथ ने बालिकाओं के लिए पहले सैनिक स्कूल का किया उद्घाटन

नयी दिल्ली 02 Jan, (एजेंसी) : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मथुरा के वृन्दावन में बालिकाओं के लिए पहले पूर्ण सैनिक विद्यालय संविद गुरुकुलम सैनिक स्कूल का उद्घाटन किया। इस विद्यालय में 870 बालिका विद्यार्थियों को शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस स्कूल का उद्घाटन सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में गैर सरकारी संगठनों,निजी क्षेत्र और राज्य सरकार के विद्यालयों के साथ साझेदारी के अंतर्गत 100 नए सैनिक स्कूलों की स्थापना की पहल के तहत किया गया है, जिनमें से 42 विद्यालय स्थापित किए जा चुके हैं।

ये मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों के अतिरिक्त बनाये गये विद्यालय हैं, जो पहले से ही पूर्ववर्ती तरीकों के तहत संचालित किये जा रहे हैं। रक्षा मंत्री ने इस अवसर पर संविद गुरुकुलम बालिका सैन्य विद्यालय को उन लड़कियों के लिए आशा की किरण बताया, जो सशस्त्र बलों में शामिल होने तथा मातृभूमि की रक्षा करने की इच्छा रखती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में महिलाओं को सशस्त्र बलों में उनका उचित स्थान दिया है, जो वर्षों से उपेक्षित रही थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिलाओं को अपने पुरुष समकक्षों की तरह ही राष्ट्र की रक्षा करने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इतिहास में वह स्वर्णिम क्षण था, जब हमने सैनिक स्कूलों में लड़कियों के प्रवेश लेने को स्वीकृति प्रदान की थी। रक्षा मंत्री ने कहा कि आज देश की महिलाएं न केवल लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं, बल्कि वे सीमाओं की सुरक्षा भी कर रही हैं।

*********************

 

ममता ने टीएमसी के 27वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई

कोलकाता, 02 Jan, (एजेंसी) : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की संस्थापक व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी के 27वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी ‘मां-माटी मानुष ने हमेशा लोगों के कल्याण के साथ-साथ देशवासियों के लिए भी बड़ा प्रयास किया है।

पूर्व कांग्रेस नेता बनर्जी ने आज ही के दिन 1998 में इस पुरानी पार्टी के साथ वर्षों बिताने के बाद कुछ अनुयायियों के साथ टीएमसी की स्थापना की थी और उन्हें समझ आ गया था कि एआईसीसी पश्चिम बंगाल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे से नहीं लड़ेगी। दो असफल विधानसभा चुनावों के बाद सुश्री बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी ने कम्युनिस्टों को बाहर कर दिया, जिन्होंने पूर्वी भारत के इस हिस्से (बंगाल) में लगभग तीन दशकों तक शासन किया था।

सुश्री बनर्जी ने एक्स पर एक बयान में कहा,”मैं हमारी पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता और समर्थक के समर्पण और आत्म-बलिदान का विनम्रतापूर्वक सम्मान करती हूं। आज टीएमसी परिवार को सभी के प्यार और स्नेह का आशीर्वाद मिला है।”

उन्होंने कहा, ‘आपने हम पर जो अटूट विश्वास जताया है और हमें वर्षों तक लगन से आपकी सेवा करने के लिए सशक्त बनाया है, उसके लिए आपके प्रति हमारी हार्दिक कृतज्ञता है।

************************

 

मोदी ने गुजरात को सूर्य नमस्कार करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर दी बधाई

अहमदाबाद, 02 Jan, (एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार तो गुजरात को 108 स्थानों पर सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ सूर्य नमस्कार करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी और सभी लोगों से आग्रह किया है कि वे अपार लाभों के कारण सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है कि गुजरात ने एक उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ वर्ष 2024 का स्वागत किया है और108 स्थानों पर एक साथ सबसे अधिक लोगों द्वारा सूर्य नमस्कार करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।

जैसा कि हम सभी जानते हैं कि 108 की संख्‍या हमारी संस्कृति में एक विशेष महत्व रखती है। सूर्य नमस्कार के स्थानों में प्रतिष्ठित मोढेरा सूर्य मंदिर भी शामिल है, जहां अनेक लोग इसमें शामिल हुए। यह वास्तव में योग और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का सच्चा प्रमाण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आप सभी से यह आग्रह करता हूं कि सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इसके बहुत अधिक लाभ हैं।

*************************

 

हिमाचल में पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार, HRTC ने 51 रूट बंद किए, पंजाब में भी बचा सिर्फ दो दिन का स्टॉक

शिमला 02 Jan, (एजेंसी) : हिट एंड रन को लेकर संशोधित कानून के विरोध में ट्रक, बस और अन्य चालकों की हड़ताल का बड़ा असर हिमाचल प्रदेश में देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत हो गई है। मंडी, ऊना और कुल्लू-मनाली में तेल के टैंकर नहीं पहुंचे हैं और ऐसे में वाहन चालकों को खासी परेशानी हो रही है। जानकारी के अनुसार, मंडी जिले में एचआरटीसी के कई रूट ठप्प हो गए हैं। सुंदरनगर डिपो की बसों लॉन्ग और लोकल रूट पर डीजल की किल्लत के चलते बंद कर दिए गए हैं। मंडी में डीसी ने पेट्रोल पंप संचालकों को 10 लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल ना देने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही स्टॉर बरकरार रखने के आदेश दिए हैं। वहीं इसी बीच पंजाब में भी कुछ जगहों पर पेट्रोल डीजल की किल्लत आ रही है। पंजाब में भी के केवल 2 ही दिन का स्टॉक बचा है।

Outcry for petrol and diesel in Himachal, HRTC closed 51 routes : एचआरटीसी की सुंदरनगर डिपो के प्रबंधक अजिंदर चौधरी ने उच्चधिकारियों को पत्र लिखकर जानकारी दी कि ट्रक चालकों की हड़ताल के चलते डिपो लॉन्ग और लोकल रूट पर बसें नहीं चला पाएगी। डिपो की तरफ से एक लिस्ट दी गई है, जिसमें बताया गया है कि चंडीगढ़ और पठानकोट के लिए रूट्स को क्लब किया गया है। साथ ही कुल 51 लोकल रूट को बंद कर दिया गया है।

पेट्रोल डीजल के सकंट के बीच मंडी के डीसी अरिंदम चौधरी ने पेट्रोल पंप्स ऑपरेटर्स को आपातकालीन आवश्यकताओं के लिए पेट्रोल- डीजल का न्यूनतम रिजर्व बनाए रखने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुसार, पेट्रोल पंप्स ऑपरेटर्स को 25000 लीटर से अधिक भंडारण क्षमता के पेट्रोल पंप्स में 3000 लीटर डीजल और 2000 लीटर पेट्रोल तथा 25000 लीटर से कम भंडारण क्षमता के पेट्रोल पंप्स में 2000 लीटर डीजल और 1000 लीटर पेट्रोल रिजर्व रखने का आदेश दिया गया है।

डीसी ने हिदायत दी है कि कोई भी डीलर एक समय में 10 लीटर से अधिक रिफिलिंग ना करें। अतिआवश्यक होने की स्थिति में संबंधित एसडीएम की पूर्व मंजूरी आवश्यक होगी। पेट्रोल डीजल को किसी भी प्रकार के कंटेनर में भरकर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। आपातकालीन वाहनों (एम्बुलेंस, फायरब्रिगेड आदि) और सार्वजनिक परिवहन को तेल भरवाने में प्राथमिकता दी जाएगी।

उधर मनाली में भी पेट्रोल डीजल की दिक्कत पेश आ रही है। किसी भी पंप में 10 लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जा रहा है। इस कारण मनाली में टूरिस्ट को भी काफी दिक्कत है। मनाली गए वीरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि उन्हें 10 लीटर से अधिक पेट्रोल नहीं दिया गया है। मनाली के मॉल रोड के साथ लगते पेट्रोल पंप केवल डीजल ही मिल रहा है। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को मुश्किल हो रही है। एक ट्रेवल एजेंट टुअर पैकेज पूरा किया बिना ही वापस लौट गया है।

उधर, मनाली में विंटर कार्निवाल का आगाज करने गए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के पास समस्या का समाधान है। प्रदेश में फिलहाल पेट्रोल डीजल की कमी नहीं है। इस मामले पर मुख्य सचिव के साथ बैठक की है। बता दें कि शिमला में मुख्य सचिव ने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ की बैठक की है।

**************************

 

सो रहा था पूरा परिवार, घर में लग गई आग… दो मासूम समेत चार की जिंदा जलकर मौत

बेगूसराय 02 Jan, (एजेंसी) : बिहार के बेगूसराय में सोमवार की रात बड़ा हादसा हो गया। यहां बिजली की लाइन में शार्ट सर्किट होने से एक घर में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि घर में सोए लोगों को बाहर भागने का भी मौका नहीं मिला। इस हादसे में दो बच्चों समेत 4 लोग जिंदा झुलस गए। बड़ी मुश्किल से इन्हें निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Four including two innocent people were burnt to death : पुलिस के मुताबिक घटना बछवारा थाना क्षेत्र के अरवा पंचायत में वार्ड नंबर 8 की है। यहां सोमवार की रात नीरज पासवान के मकान में लगी बिजली की लाइन में अचानक से शार्ट सर्किट हो गया। घर वाले जब तक कुछ समझ पाते, पूरी लाइन ब्लास्ट हो गई। इससे निकली चिनगारी से घर में रखे सामान में आग लग गई। देखते ही देखते इस आग ने विकराल रूप ले लिया। ऐसे में घर वाले अपनी जान बचाने के लिए बाहर भी नहीं भाग पाए।

पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त नीरज पासवान के अलावा उनकी पत्नी कविता और उनके दोनों बच्चे लव एवं कुश घर में सोए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के बाद इन लोगों ने घर से बाहर निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन उस समय तक आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। ऐसे में ये लोग चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाए और अंदर आग से झुलस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि नीरज पासवान की पत्नी कविता गर्भवती थी।

इस हादसे के बाद पूरे गांव का माहौल गम में तब्दील हो गया है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। नीरज के पिता रामकुमार पासवान ने बताया कि वह दियारा में अपने खेतों की रखवाली के लिए गए थे। वहीं पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। भागकर आए, लेकिन उस समय तक सबकुछ खत्म हो चुका था।

***************************

 

प्रधानमंत्री मोदी आज से तमिलनाडु, लक्षद्वीप, केरल के दो दिवसीय दौरे पर, जनता को देंगे सौगात

नई दिल्ली 02 Dec, (एजेंसी): इस दौरान वह तमिलनाडु में 19,850 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। तमिलनाडु में रेल, सड़क, तेल एवं गैस और शिपिंग क्षेत्रों से संबंधित अनेक परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही तिरुचिरापल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्रीसाथ आईजीसीएआर, कलपक्कम में तैयार स्वदेशी प्रमाणित फास्ट रिएक्टर फ्यूल रीप्रोसेसिंग प्लांट (डीएफआरपी) भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगे।

लक्षद्वीप में मोदी 1,150 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे । इनमें दूरसंचार, पेयजल, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों से संबंधित विकास परियोजनाएँ शामिल हैं। आजादी के बाद पहली बार लक्षद्वीप को सबमरीन ऑप्टिक फाइबर केबल से जोड़ा जाएगा

): इस दौरान वह तमिलनाडु में 19,850 करोड़ रुपये से अधिक की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। तमिलनाडु में रेल, सड़क, तेल एवं गैस और शिपिंग क्षेत्रों से संबंधित अनेक परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही तिरुचिरापल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्रीसाथ आईजीसीएआर, कलपक्कम में तैयार स्वदेशी प्रमाणित फास्ट रिएक्टर फ्यूल रीप्रोसेसिंग प्लांट (डीएफआरपी) भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह भारतीदासन विश्वविद्यालय के 38वें दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगे।

लक्षद्वीप में मोदी 1,150 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे । इनमें दूरसंचार, पेयजल, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों से संबंधित विकास परियोजनाएँ शामिल हैं। आजादी के बाद पहली बार लक्षद्वीप को सबमरीन ऑप्टिक फाइबर केबल से जोड़ा जाएगा।

*************************

 

लोकसभा चुनाव पर नजर : बंगाल भाजपा पार्टी के जनसंगठनों को सक्रिय करने के लिए करेगी अहम बैठक

कोलकाता 02 Jan, (एजेंसी): पश्चिम बंगाल भाजपा इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में पार्टी के सभी ‘मोर्चों’ या जनसंगठनों को सक्रिय करने के उद्देश्य से बुधवार को एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेगी। भाजपा की राज्य समिति के एक सदस्य ने कहा, प्रस्तावित बैठक को ‘संयुक्त मोर्चा बैठक’ नाम दिया गया है, जहां राज्य समिति के नेताओं के अलावा, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

हालांकि, भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने इसे पार्टी के सभी मोर्चों के नेतृत्व के साथ एक नियमित बैठक करार दिया। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव से पहले ऐसी बैठकें अक्सर आयोजित की जाएंगी।”

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने कहा कि बुधवार की बैठक इस मायने में महत्वपूर्ण होगी, क्‍योंकि युवाओं और महिलाओं के जनसंगठनों को छोड़कर पार्टी का कोई भी अन्य मोर्चा राज्य के सामने आने वाले कई ज्वलंत मुद्दों पर हाल के दिनों में सड़कों पर सक्रिय नहीं दिखा है। गृहमंत्री अमित शाह द्वारा पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से कम से कम 35 सीटें जीतने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण हो गया है कि पार्टी की राज्य समिति और इन पार्टी मोर्चों के नेतृत्व के बीच मजबूत समन्वय हो।

पार्टी के एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, “इस लिहाज से बुधवार की बैठक महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि यह मुख्य रूप से इस समन्वित दृष्टिकोण प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करेगी।” इस बीच, राज्य भाजपा ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले सोमवार को एक अभियान शुरू किया। राज्य समिति के सदस्य ने कहा, “लोगों के बीच पत्रक बांटे जाएंगे, जिसके लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे।”

*******************