Category Archives: news

संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संत सेवालाल महाराज 285वीं जयंती के समारोह का समापन

नई दिल्ली, 17 फरवरी (एजेंसी)। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने संत सेवालाल महाराज चैरिटेबल ट्रस्ट, नई दिल्ली के सहयोग से, संत सेवालाल महाराज 285वीं जयंती के समारोह का समापन 19 फरवरी 2024 को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, संसद मार्ग, नई दिल्ली में कर रहा है। इस उपलक्ष में श्री ओम बिड़ला, लोकसभा के स्पीकर, श्रीमती मीनाक्षी लेखी, सांस्कृतिक और विदेशी मामलों के राज्य मंत्री, और श्री मंजिंदर सिंह सिरसा, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव की महत्वपूर्ण उपस्थिति से होगा।

संत सेवालाल महाराज जी की पाँचवी जयंती है ! संत सेवालाल महाराज चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा की जाने वाली प्रशंसनीय कार्यों की पहचानते हुए , संस्कृति मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है कि ट्रस्ट के महत्वपूर्ण योगदान को स्वीकृत करके बनजारा समुदाय के लिए बंजारा धर्म गुरु संत सेवालाल महाराज जी के जन्मदिन को समर्पित किया जाएगा और इसी कारण यह 2023 में आज़ादी का अमृत महोत्सव का हिस्सा बना।संत सेवालाल महाराज, जो 15 फरवरी 1739 को कर्नाटक के शिवमोगा जिले के सुरगोंडनकोप्पा में पैदा हुए थे, बंजारा समुदाय के सामाजिक सुधारक और आध्यात्मिक गुरु के रूप में पूजे जाते हैं।

अपने जीवन भर में, संत सेवालाल महाराज ने अपने लडेनिया समूह के साथ सारे देश में फैले वनवासियों और खगोली जनजातियों की सेवा करने के लिए यात्रा की। उनकी आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा में अद्वितीय ज्ञान के साथ, आध्यात्मिक दृष्टिकोण से, उन्होंने जनजाति समुदायों के बीच प्रसार में मिथ्या और अंधविश्वासों को दूर करने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने उनके जीवन के दौरान उनके जीवनशैली में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे बंजारा समुदायों को विभिन्न राज्यों में बसने का सुयोग मिला। संत सेवालाल जी का समाधि स्थल महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मानोरा तालुका में, पोहरादेवी में स्थित है, जिसे बंजारा काशी भी कहा जाता है।

इस कार्यक्रम को कर्नाटक के गुलबर्गा के सांसद डा उमेश जाधव, महाराष्ट्र के मृदा एण्ड पर्यावरण मंत्री श्री संजय राठोड एवं  ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शंकर पवार द्वारा किया जा रहा है!  बंजारा समुदाय भारत के 22 राज्यों मे करीब 10 से 12 करोड़ की आबादी है और इनकी जयंती को बड़े ही सम्मानपूर्वक एवं गौरवमाय तरीके से मनाया जाता है| इस कार्यक्रम मे देश भर से 2000 से अधिक लोगों की सम्मिलित होने की आशा है |

संत सेवालाल महाराज के योगदान को और उनके समुदाय और राष्ट्र के प्रति समर्पिति को मान्यता देने के लिए समारोह का समापन होगा।

****************************

 

भारत गौरव श्रृंखला में प्रेरणादायक हस्तियों का नाम जोड़ तैयार करेंगे डाटा

*भारत गौरव श्रृंखला की दिल्ली से की गई भव्य शुरुआत*

नई दिल्ली, 17 फरवरी (एजेंसी)। दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया के सभागार में बहुत बड़े समाजसेवी डॉ पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने देश के अलग-अलग राज्यों में राष्ट्र सेवा को समर्पित महानुभावों को भारत गौरव सम्मान से “भारत गौरव श्रृंखला” के तहत सम्मानित किया। डॉक्टर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह  ने बताया बीते कई वर्षों से वह लॉजिस्टिक्स इंडस्ट्री में काम करते हुए आज जिस मुकाम पर पहुंचे हैं। उससे देश में ही नहीं विदेश में भी उनकी अपनी एक अलग पहचान है।

वर्तमान में वह देश की जानी-मानी कंपनी एशिया शिपिंग कंपनी के कंट्री हेड हैं साथ ही वह अपने सामाजिक आचरण व सामाजिक कार्यों के कारण देश की कई जानी-मानी संस्थाओं के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़कर राष्ट्र सेवा में सलग्न हैं। उनके सामाजिक कार्यों व उनके कार्यक्षेत्र में नित् नए आयाम स्थापित करने पर उन्हें कई बार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।

अपनी सामाजिक कार्यों की जिम्मेदारी को समझते हुए डॉक्टर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह जी ने नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल सामाजिक संस्था के साथ मिलकर एक बहुत ही नेक मुहिम की शुरुआत की है। जिसको  “भारत गौरव श्रृंखला”  नाम दिया गया है। इस श्रृंखला के तहत डॉक्टर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह  ने बताया कि वह देश की छुपी प्रेरणादायक महान हस्तियों का नाम इस श्रृंखला में जोड़कर उनका एक डाटा तैयार करेंगे। जिसे डिजिटल प्लेटफार्म के द्वारा राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।

जिसके परिणाम स्वरूप सच्चे मन से राष्ट्र सेवा में लगे हुए महानुभावों को एक नई पहचान मिलेगी। जिससे प्रेरित होकर हमारे राष्ट्र के प्रत्येक युवा और जन समुदाय में राष्ट्र प्रेम के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार होगा। सही मायने में उनके मन में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत होगी और यही उनकी समाज के प्रति अपनी सेवा होगी।

डॉक्टर पुष्पेंद्र ने बताया कि उनका ये प्रोजेक्ट, देश के अलग अलग राज्यो में ही नही बल्कि विदेशों में भी भारत का नाम रोशन करने वाले भारतीयों को इस “भारत गौरव श्रृंखला” में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करेगा।

“भारत गौरव श्रृंखला” के तहत इस आयोजन में देश के अलग अलग राज्यो से आये समाजसेवियों में श्री प्रदीप कुमार, मूर्तिकार महावीर भारती, अर्जुन वर्मा, चंद्रहास रजक, मूर्तिकार निर्मला कुल्हारी, स्मिता सिंह ,गीतांजलि सिंह, निधि चंद्राकर, तरुण निहाल, अतरगु उदय कुमार रेड्डी, श्री राजमाता फाउंडेशन, वैध बलभद्र मेहता, सुधांशु कुमार, बुकीति श्रुति, गुगूलोत कुमार, बुकिती प्रीति को सम्मानित किया गया।

*****************************

 

दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय परिषद की अहम बैठक में शामिल हुए रूड़ी

*दिल्ली के भारत मंडपम में दो दिवसीय बैठक शुरू*

नई दिल्ली , 17 फरवरी (एजेंसी) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक शनिवार से राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आरंभ हो गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के चुनावी अभियान की व्यापक रूपरेखा पेश करेंगे। बैठक में सारण के सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता  राजीव प्रताप रुडी, जिलाध्यक्ष श्री रंजीत सिंह, जिला सह प्रभारी, विस्तारक दिलीप कुमार के साथ अन्य पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हुए। राष्ट्रीय परिषद की इस बैठक में केंद्रीय मंत्री, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री, राज्यों के मंत्री, राष्ट्रीय और राज्य में पार्टी के पदाधिकारी समेत सांसद और विधायकों सहित लगभग 12000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस संदर्भ में सांसद  रुडी ने बताया कि  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  ने आगामी पहले ही लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए 370 और उसकी अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए 400 से ज्यादा सीट पर जीत की बात कही है। इस बैठक में इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को  प्रधानमंत्री लिए प्रेरित करेंगे और साथ ही इसकी रुपरेखा भी प्रस्तुत की जायेगी। उन्होंने बताया कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे और अगले दिन प्रधानमंत्री श्री मोदी रविवार को समापन सत्र को संबोधित करेंगे।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से आरंभ होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने भारत मंडपम पहुंचे जहां पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। श्री रुडी ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए।

प्रधानमंत्री ने उनका अभिवादन किया और फिर विकसित भारत की अवधारणा पर आधारित विकसित भारत प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया। मालूम हो कि प्रतिनिधियों के लिए बैठक स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के भारत को विकसित देश बनाने के दृष्टिकोण और उनकी सरकार द्वारा लोगों के कल्याण और देश की प्रगति के लिए किए गए कार्यों को दर्शाया गया है।

**************************

 

जगतगुरु रामभद्राचार्य और गीतकार गुलज़ार को मिलेगा ज्ञानपीठ पुरस्कार, चयन समिति ने किया ऐलान

नई दिल्ली 17 Feb, (एजेंसी): ज्ञानपीठ पुरस्कार चयन समिति ने वर्ष 2023 के लिए 58वां ज्ञानपीठ पुरस्कार की घोषणा की। इस वर्ष यह पुरस्कार दो भाषाओं संस्कृत के लिए जगतगुरु रामभद्राचार्य और उर्दू के लिए विख्यात गीतकार गुलज़ार को दिए जाने की घोषणा की गई है। भारतीय ज्ञानपीठ के महाप्रबंधक आर. एन. तिवारी ने बताया कि सुप्रसिद्ध कथाकार और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित प्रतिभा राय की अध्यक्षता के हुई चयन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में चयन समिति के अन्य सदस्य और ज्ञानपीठ के निदेशक मधुसुदन आनन्द शामिल थे।

ज्ञात हो कि सन 1944 में स्थापित भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा वर्ष 1965 से भारतीय साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिवर्ष यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। संस्कृत भाषा को दूसरी बार और उर्दू के लिए पांचवीं बार यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। देश के सर्वोच्च साहित्य सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार के रूप में विजेताओं को पुरस्कार स्वरुप रुपये 11 लाख रुपए की राशि, वाग्देवी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

1950 में जौनपुर (उत्तर प्रदेश) के खांदीखुर्द गांव में जन्मे रामभद्राचार्य चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) में रहने वाले एक प्रख्यात विद्वान, शिक्षाविद्, बहुभाषाविद्, रचनाकार, प्रवचनकार, दार्शनिक और हिन्दू धर्मगुरु हैं। वे रामानन्द सम्प्रदाय के वर्तमान चार जगद्‌गुरु रामानन्दाचार्यों में से एक हैं और इस पद पर 1988 से प्रतिष्ठित हैं। वे चित्रकूट में स्थित संत तुलसीदास के नाम पर स्थापित तुलसी पीठ नामक धार्मिक और सामाजिक सेवा संस्थान के संस्थापक और अध्यक्ष हैं। वे बहुभाषाविद् हैं और 22 भाषाएं बोलते हैं। वे संस्कृत, हिन्दी, अवधी, मैथिली सहित कई भाषाओं में आशुकवि और रचनाकार हैं।

आर. एन. तिवारी ने बताया कि उन्होंने 240 से अधिक पुस्तकों और ग्रंथों की रचना की है, जिनमें चार महाकाव्य (दो संस्कृत और दो हिन्दी में), रामचरितमानस पर हिन्दी टीका, अष्टाध्यायी पर काव्यात्मक संस्कृत टीका और प्रस्थानत्रयी (ब्रह्मसूत्र, भगवद्‌गीता और प्रधान उपनिषदों) पर संस्कृत भाष्य सम्मिलित हैं। उन्हें तुलसीदास पर भारत के सर्वश्रेष्ठ विशेषज्ञों में गिना जाता है। वे रामचरितमानस की एक प्रामाणिक प्रति के सम्पादक हैं, जिसका प्रकाशन तुलसी पीठ द्वारा किया गया है। 2015 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया है।

वहीं, भारतीय ज्ञानपीठ से सम्मानित होने वाले सम्पूर्ण सिंह कालरा (1934) ‘गुलज़ार’ नाम से प्रसिद्ध हैं व हिन्दी फिल्मों के एक प्रसिद्ध गीतकार हैं। इसके अतिरिक्त वे एक कवि, पटकथा लेखक, फ़िल्म निर्देशक, नाटककार तथा प्रसिद्ध शायर हैं। उनकी रचनाएं मुख्यत हिन्दी, उर्दू तथा पंजाबी में हैं। गुलज़ार को वर्ष 2002 में सहित्य अकादमी पुरस्कार और वर्ष 2004 में भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।

वर्ष 2009 में डैनी बॉयल निर्देशित फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ में उनके लिखे गीत ‘जय हो’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गीत का ऑस्कर पुरस्कार मिल चुका है। इसी गीत के लिए उन्हें ग्रैमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

अपनी लम्बी फ़िल्मी यात्रा के साथ-साथ गुलज़ार अदब के मैदान में नई-नई मंज़िलें तय करते रहे हैं। नज़्म में इन्होंने एक नई विधा “त्रिवेणी” का आविष्कार किया है, जो तीन पंक्तियों की गैर मुकफ़्फ़ा नज़्म होती है। गुलज़ार ने नज़्म के मैदान में जहां भी हाथ डाला, अपने नयेपन से नया गुल खिलाया। कुछ समय से वो बच्चों की नज़्म-ओ-नस की तरफ़ संजीदगी से मुतवज्जा हुए हैं।

*******************************

 

मौसम की मिलेगी सटीक जानकारी, ISRO ने श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया INSAT-3DS सैटेलाइट

नई दिल्ली 17 Feb, (एजेंसी): इसरो ने आज इनसैट-3डीएस को लांच कर दिया। इस सैटेलाइट के जरिए भारत के लिए मौसम की सटीक जानकारी जुटाना आसान होगा। इस सैटेलाइट को आज श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से लांच किया गया। नसैट-3 डीएस उपग्रह भूस्थैतिक कक्षा में स्थापित किए जाने वाले तीसरी पीढ़ी के मौसम विज्ञान उपग्रह का अनुवर्ती मिशन है, और यह पूरी तरह से पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित है।

गत एक जनवरी को पीएसएलवी-सी58/एक्सपोसैट मिशन के सफल प्रक्षेपण के बाद 2024 में इसरो का यह दूसरा मिशन है। इस उपग्रह का भार 2,274 किलोग्राम है। क्रियान्वित होने के बाद यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत विभिन्न विभागों-भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), राष्ट्रीय समुद्र प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईओटी), राष्ट्रीय मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान केंद्र और भारतीय राष्ट्रीय समुद्र सूचना सेवा केंद्र को सेवा प्रदान करेगा। उपग्रह को ले जाने वाले रॉकेट की लंबाई 51.7 मीटर है।

इसरो ने कहा कि मिशन के प्राथमिक उद्देश्य हैं: पृथ्वी की सतह की निगरानी करना, मौसम संबंधी महत्व के विभिन्न वर्णक्रमीय चैनलों में समुद्री अवलोकन और उसके पर्यावरण को पूरा करना; वायुमंडल के विभिन्न मौसम संबंधी मापदंडों की ऊर्ध्वाधर प्रोफ़ाइल प्रदान करना; डेटा संग्रह प्लेटफार्मों (डीसीपी) से डेटा संग्रह और डेटा प्रसार क्षमताएं प्रदान करना; और उपग्रह सहायता प्राप्त खोज और बचाव सेवाएं प्रदान करना।

यह उपग्रह वर्तमान में कार्यरत इनसैट-3डी और इनसैट-3डीआर उपग्रहों के साथ-साथ मौसम संबंधी सेवाओं को भी बढ़ाएगा। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न विभाग जैसे भारत मौसम विज्ञान विभाग, राष्ट्रीय मध्यम-सीमा मौसम पूर्वानुमान केंद्र, भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान, भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र और विभिन्न अन्य एजेंसियां और संस्थान बेहतर मौसम पूर्वानुमान तथा मौसम संबंधी सेवाएं प्रदान करने के लिए इनसैट-3डीएस उपग्रह डेटा का उपयोग करेंगे।

****************************

 

कर्नाटक हाईकोर्ट ने हुबली दंगा मामले में 106 लोगों को जमानत दी

बेंगलुरु 17 Feb, (एजेंसी): कर्नाटक उच्च न्यायालय ने हुबली दंगा मामले में 106 लोगों को जमानत दे दी।

न्यायमूर्ति श्रीनिवास हरीशकुमार और न्यायमूर्ति वेंकटेश नाइक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने फैसला सुनाया।

16 अप्रैल, 2022 को कर्नाटक के हुबली शहर में एक उत्तेजक व्हाट्सएप पर हिंसा भड़क उठी, जिसमें एक मस्जिद के ऊपर धार्मिक झंडे की फोटोशॉप की गई तस्वीर लगाई गई थी।

पुलिस ने हिंसा के सिलसिले में 152 लोगों को गिरफ्तार किया था और मामले में 12 मामले दर्ज किए थे।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी 35 लोगों को जमानत दे दी थी, जबकि मामले के सिलसिले में हिरासत में लिए गए नाबालिग लड़कों को भी जमानत दे दी गई है।

गुस्साई भीड़ ने लोगों और पुलिस स्टेशन पर हमला किया, 10 पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एक पुलिस निरीक्षक और छह पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

***************************

इसरो नेे एक बार फिर अशुभ माने जाने वाले 13 के अंक से किया किनारा

चेन्नई 17 Feb, (एजेंसी): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने एक बार फिर अपने जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (जीएसएलवी) रॉकेट को नंबर देते समय ’13’ नंबर को छोड़ दिया है – जिसे आमतौर पर “अशुभ” माना जाता है। राकेट शनिवार शाम को मौसम उपग्रह इन्सैट-3डीएस के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार है। जीएसएलवी रॉकेट की आखिरी उड़ान 29 मई, 2023 को थी और रॉकेट का कोडनेम ‘जीएसएलवी-एफ12’ रखा गया था।

तार्किक रूप से, अगले जीएसएलवी रॉकेट का क्रमांकन ‘जीएसएलवी-एफ13’ होना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

शनिवार शाम 2,274 किलोग्राम वजनी इनसैट-3डीएस लेकर उड़ान भरने वाले जीएसएलवी रॉकेट को ‘जीएसएलवी-एफ14’ कोडनेम दिया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि इसी नंबरिंग योजना का पालन इसरो ने अपने अन्य रॉकेट पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (पीएसएलवी) के मामले में भी किया था।

रॉकेट पीएसएलवी-सी12 को भेजने के बाद, इसरो ने अपने अगले पीएसएलवी रॉकेट के लिए एक नंबर आगे बढ़ते हुए इसे ‘पीएसएलवी-सी14’ नाम दिया, जिसने ओशनसैट -2 और छह यूरोपीय नैनो उपग्रहों को कक्षा में स्थापित किया।

इसरो के अधिकारी अपने लॉन्च रोस्टर से पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल-सी13 (पीएसएलवी-सी13) नाम के रॉकेट की अनुपस्थिति को स्पष्ट करने में असमर्थ हैं।

एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया था, “इस नंबर के साथ ऐसा कोई रॉकेट नामित नहीं है।” उन्होंने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या अंतरिक्ष एजेंसी 13 नंबर को अशुभ मानती है।

मजे की बात यह है कि अपोलो-13 के चंद्रमा पर उतरने में विफलता के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने उस नंबर पर किसी अन्य मिशन का नाम नहीं रखा है।

हाल ही में, दो अंतरिक्ष एजेंसियों – भारत के इसरो और अमेरिका के नासा के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बनाए जा रहे पृथ्वी विज्ञान उपग्रह नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार (एनआईएसएआर) के विदाई समारोह में अपनी-अपनी परंपराओं का पालन किया।

दक्षिणी कैलिफोर्निया में जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी (जेपीएल) के बाहर और एनआईएसएआर उपग्रह के स्केल मॉडल के सामने, नासा के एनआईएसएआर परियोजना प्रबंधक फिल बरेला और इसरो के एनआईएसएआर के परियोजना निदेशक सीवी श्रीकांत ने औपचारिक रूप से नारियल फोड़े।

किसी महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पहले नारियल फोड़ना भारत में किसी कार्य के सुचारू रूप से पूरा होने का मार्ग प्रशस्त करने की एक शुभ परंपरा है।

अपनी ओर से, जेपीएल के निदेशक लॉरी लेशिन ने अपने संगठन की परंपरा के अनुसार इसरो प्रतिनिधिमंडल को भाग्यशाली मूंगफली का एक जार भेंट किया, जिसमें अध्यक्ष एस.सोमनाथ भी शामिल थे।

इसरो के एक अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने आईएएनएस को बताया कि जहां तक अंधविश्वासों का सवाल है, तो अधिक दिलचस्प रूसी अंतरिक्ष यात्रियों की परंपरा है, जो प्रक्षेपण केंद्र के रास्ते में अपनी ट्रांसफर बस के दाहिने पिछले पहिये पर पेशाब कर देते हैं।

इसरो भले ही विभिन्न ग्रहों पर रॉकेट और उपग्रह भेज रहा हो, लेकिन वह अंधविश्वासों और मान्यताओं को भी मानता रहा है।

सेवानिवृत्त अधिकारी ने कहा, भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी राहु कालम् पर रॉकेट उड़ान के लिए उलटी गिनती शुरू नहीं करेगी।

राहु कालम्, या राहु ग्रह की साढ़े साती को कोई भी नया काम शुरू करने के लिए “अशुभ” माना जाता है।

उन्होंने कहा, “अंतर-ग्रहीय मिशनों के मामले में, रॉकेट के प्रक्षेपण समय के साथ शुभ समय का मेल संभव नहीं है। बाद का निर्णय उस दिन लक्ष्य ग्रह की स्थिति के आधार पर किया जाता है, जब अंतरिक्ष यान अपनी कक्षा में प्रवेश करने की उम्मीद करता है। इसलिए रॉकेट की उलटी गिनती शुभ समय पर शुरू हुई।”

इसी तरह प्रत्येक रॉकेट मिशन से पहले, इसरो अधिकारी आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में प्रसिद्ध भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में प्रार्थना करते हैं और उड़ान की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगने के लिए भगवान के चरणों में रॉकेट की प्रतिकृति रखते हैं।

पिछले कुछ वर्षों में, श्रीहरिकोटा रॉकेट बंदरगाह के पास कुछ और मंदिरों को सूची में जोड़ा गया है और अधिकारी या उनके कनिष्ठ उन मंदिरों में जाते हैं और मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना करते हैं।

इसी तरह, रॉकेट के विभिन्न चरणों का एकीकरण शुरू करने से पहले पूजा या समारोह आयोजित किए जाते हैं।

हालांकि, भारत का 450 करोड़ रुपये का मंगल ऑर्बिटर मिशन मंगलवार को उड़ान भरकर एक तरह से परंपरा को तोड़ने वाला रहा।

इसरो के एक अधिकारी ने बताया, “इसरो के इतिहास में यह पहली बार था कि किसी रॉकेट को मंगलवार को लॉन्च किया गया । मंगलवार को आम तौर पर अशुभ दिन माना जाता है।”

हालांकि, मार्स ऑर्बिटर मिशन में शामिल एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनके लिए मंगलवार एक भाग्यशाली दिन है, क्योंकि मिशन सफल रहा।

इसरो के एक सेवानिवृत्त रॉकेट वैज्ञानिक के अनुसार, एक परियोजना निदेशक रॉकेट लॉन्च के दिन नई शर्ट पहनते हैं।

इसरो के एक पूर्व प्रमुख ने बताया, “यह सभी व्यक्तिगत मान्यताएं हैं। कोई भगवान और जहर के साथ जोखिम नहीं ले सकता।”

***************************

 

मणिपुर हथियार लूट मामले में बड़ा एक्शन, 7 पुलिसकर्मी निलंबित; चुराचांदपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद

इंफाल 17 Feb, (एजेंसी): इंफाल पूर्वी जिले में 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स शिविर से मंगलवार को भीड़ द्वारा हथियार और गोला-बारूद लूटने के बाद ड्यूटी में लापरवाही के लिए मणिपुर राइफल्स के सात जवानों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने निलंबन आदेश का हवाला देते हुए कहा कि 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स शस्त्रागार से हथियार और गोला-बारूद लूटे जाने के बाद सात कर्मियों को “कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही” के कारण निलंबित कर दिया गया।

पुलिस ने कहा कि इस मामले के सिलसिले में छह लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, और बुधवार रात आरोपियों से चार इंसास राइफलें, एक एके घटक -2, सेल्फ-लोडिंग राइफलों की कुछ मैगजीन और 9 मिमी गोला-बारूद के 16 छोटे बक्से बरामद कर ली गई है।गुरुवार रात लगभग 400 लोगों की भीड़ द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पर धावा बोलने की कोशिश के बाद आदिवासी बहुल चुराचांदपुर जिले में शुक्रवार से पांच दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं।

सुरक्षा बलों ने आंसूगैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को नियंत्रित किया, हालांकि शुक्रवार देर रात तक इलाके में तनाव व्याप्त था। मंगलवार को कुछ ग्रामीण स्वयंसेवकों के साथ एक भीड़ इंफाल पूर्वी जिले के चिंगारेल में 5वीं बटालियन मणिपुर राइफल्स के शिविर में घुस गई और हथियार और गोला-बारूद लेकर भाग गई।

*************************

 

झारखंड में कैबिनेट विस्तार के साथ कांग्रेस में बवाल, 11 विधायकों ने बजट सत्र के बहिष्कार की दी धमकी

रांची 17 Feb, (एजेंसी): झारखंड में चंपई सोरेन कैबिनेट का विस्तार तो हो गया है, लेकिन इसके साथ ही सरकार में दूसरी सबसे बड़ी साझीदार कांग्रेस का आंतरिक कलह सतह पर आ गया है। सरकार की अगुवाई कर रही झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक वैद्यनाम राम ने भी मंत्रियों की सूची में अपना नाम काटे जाने पर बागी तेवर अपना लिया है। कैबिनेट में कांग्रेस कोटे से जिन चार लोगों को जगह मिली है, वे पूर्व की हेमंत सोरेन सरकार में भी मंत्री थे। इससे कांग्रेस के 11 विधायक नाराज हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को दो-टूक कह दिया है कि कैबिनेट से इन चारों को हटाकर नए चेहरों को मंत्री नहीं बनाया गया तो वे विधानसभा के बजट सत्र का बहिष्कार करेंगे।

नाराज विधायकों ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को एक पत्र भी सौंपा है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के नाराज विधायक एक साथ राज्य से बाहर भी जा सकते हैं। इन विधायकों का कहना है कि हेमंत सोरेन की सरकार में शामिल इन चारों मंत्रियों की परफॉर्मेंस बेहद खराब रही है। उन्होंने चार साल में कभी पार्टी के दूसरे विधायकों की नहीं सुनी। कार्यकर्ताओं से दूरी बनाए रखी। इन्हें हटाने की मांग हेमंत सरकार के ही कार्यकाल से होती रही है, लेकिन अब फिर से बनी कैबिनेट में उन्हें जगह दी गई है, अगर बदलाव नहीं हुआ तो आगामी चुनावों में पार्टी को काफी नुकसान होगा।

नाराज विधायकों ने एकजुटता बनाए रखने के लिए कई दौर की मीटिंग की है। नाराज चल रहे विधायकों में कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, राजेश कच्छप, इरफान अंसारी, उमाशंकर अकेला, रामचन्द्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, दीपिका पांडेय सिंह, अंबा प्रसाद, सोनाराम सिंकू, शिल्पी नेहा तिर्की, भूषण बाड़ा शामिल हैं। इधर झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक बैद्यनाथ राम भी सख्त नाराज हैं। उनका नाम शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची में शामिल किया गया था, लेकिन कांग्रेस की आपत्ति की वजह से शपथ ग्रहण समारोह के करीब एक घंटे पहले उनका नाम काट दिया गया।

दरअसल, झारखंड में कैबिनेट में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। हेमंत सोरेन की सरकार में 11 मंत्री ही थे। 12 वें मंत्री के खाली बर्थ पर कांग्रेस दावा करती रही है। इस बार भी जब शपथ लेने वाले मंत्रियों के नामों की सूची सामने आई तो कांग्रेस ने 12वें मंत्री पद के लिए दबाव बढ़ा दिया और इस वजह से आखिरी क्षणों में बैद्यनाथ राम को ड्रॉप कर 12वां बर्थ खाली रखा गया है।

बैद्यनाथ राम ने कहा है कि यह उनका ही नहीं, दलित समुदाय का अपमान है। कैबिनेट में दलित समुदाय का एक भी मंत्री नहीं है। अगर पार्टी नेतृत्व ने दो दिनों में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे कड़ा फैसला लेने को बाध्य हो जाएंगे।

****************************

 

दिल्ली के जखीरा फ्लाईओवर के पास मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतरे

नई दिल्ली ,17 फरवरी (एजेंसी)। दिल्ली में शनिवार को पटेल नगर-दयाबस्ती सेक्शन पर मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना शहर के जखीरा फ्लाईओवर के पास हुई है। ट्रैक के पास कुछ लोगों के हताहत होने की खबर मिल रही थी। रेलवे के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने ट्रैक पर किसी व्यक्ति के हताहत होने की संभावना से इनकार नहीं किया है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

बताया जाता है कि सुबह 11:42 बजे के आसपास फायर ब्रिगेड को मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर लोकल पुलिस, फायर ब्रिगेड के अधिकारी और रेलवे अधिकारी पहुंच गए। मालगाड़ी के 10 डब्बे पलटे हुए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत बचाव का कार्य शुरू कर दिया है।

मालगाड़ी में लोहे की शीट के रोल लदे थे। पटरी पर किसी के फंसे होने की संभावना से राहत बचाव में लगे कर्मियों ने पूरी तरह इनकार नहीं किया है। अभी राहत-बचाव कार्य जारी है।

*****************************

 

दंगल की छोटी बबीता सुहानी भटनागर का निधन, 19 साल की उम्र में कहा अलविदा

मुंबई ,17 फरवरी (एजेंसी)। मनोरंजन जगत से बुरी खबर सामने आ रही है. आमिर खान की सुपरहिट फिल्म दंगल मं छोटी बबीता फोगाट का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस का 19 साल की उम्र में निधन हो गया है. जूनियर बबीता फोगाट बनने वली एक्ट्रेस का असली नाम सुहानी भटनागर था. जो पिछले कुछ समय से बीमार थीं. इस चलते एम्स में भी उनका इलाज चल रहा था. मगर तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा न सके और 17 फरवरी 2024 को सुहानी भटनागर का निधन हो गया.

सुहानी भटनागर के निधन से उनका परिवार सदमे में हैं.एक्ट्रेस के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुहानी परिवार के साथ फरीदाबाद में ही रहती थीं. शनिवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांसें ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार अजरोंदा स्वर्ग आश्रम में किया जाएगा.

सुहानी भटनागर ने साल 2016 में आमिर खान की फिल्म दंगल से बॉलीवुड डेब्यू किया था. उन्हें सिंगिंग और डांसिंग का काफी शौक था. उनकी मां का नाम पूजा भटनागर है. डेब्यू से पहले उन्होंनेकई ऐड्स में भी काम किया था. फिल्म दंगल में भी उनके काम को काफी पसंद किया गया था जिनके डायलॉग पर लोगों ने खूब ठहाके मारे थे. अब छोटी सी उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है.
दंगल की बात करें तो ये फिल्म नितेश तिवारी ने बनाई थी जो कि साल 2016 में रिलीज हुई थी. आमिर खान ने फिल्म में पहलवान महावीर सिंह फोगाट का रोल निभाया था तो साक्षी तंवर ने उनकी पत्नी का. वहीं फातिमा सना शेख बड़ी बेटी गीता फोगाट बनती हैं तो सुहानी फोगाट बड़ी होकर सान्या मल्होत्रा में बदल जाती हैं जिन्होंने यंग बबीता का रोल प्ले किया था.

****************************

 

किसानों के लिए केंद्र सरकार ने उठाया बड़ा कदम, FCI की अधिकृत पूंजी दोगुनी कर 21 हजार करोड़ रुपए की

नई दिल्ली 17 Feb, (एजेंसी): सरकार ने कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की अधिकृत पूंजी को 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 21 हजार करोड़ रुपये करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि एफसीआई देश की खाद्य सुरक्षा प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खाद्यान्न की खरीद, रणनीतिक खाद्यान्न भंडार का रखरखाव, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) को वितरण व बाजार में खाद्यान्न की कीमतों का स्थिरीकरण शामिल है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि अधिकृत पूंजी में दो गुना से अधिक की वृद्धि अपने जनादेश को प्रभावी ढंग से पूरा करने में एफसीआई की परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फंड की आवश्यकता के अंतर को पूरा करने के लिए, एफसीआई नकद ऋण, अल्पावधि ऋण, तरीके और साधन अग्रिमों का सहारा लेता है। अधिकृत पूंजी में वृद्धि ब्याज का बोझ कम होगा, आर्थिक लागत कम होगी और अंततः सरकार की सब्सिडी में कमी भी आएगी।

पूंजी के इस प्रवाह के साथ, एफसीआई अपनी भंडारण सुविधाओं का आधुनिकीकरण, परिवहन नेटवर्क में सुधार और उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर भी काम करेगा। मंत्रालय ने कहा कि ये उपाय न केवल फसल कटाई के बाद के नुकसान को कम करने के लिए, बल्कि उपभोक्ताओं को खाद्यान्न के कुशल वितरण को सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक हैं।

सरकार कार्यशील पूंजी की आवश्यकता और पूंजीगत संपत्ति के निर्माण के लिए एफसीआई को इक्विटी प्रदान करती है। एफसीआई मौजूदा आंतरिक प्रणालियों (एफएपी, एचआरएमएस) और बाहरी प्रणालियों (राज्य खरीद पोर्टल, सीडब्ल्यूसी/एसडब्ल्यूसी) का लाभ उठाते हुए एक एकीकृत आईटी प्रणाली बनाने के लिए व्यापक पहल कर रहा है। ई-ऑफिस कार्यान्वयन ने पहले ही एफसीआई को कम कागजी संगठन बना दिया है। एफसीआई के लिए मुख्य परिचालन सॉफ्टवेयर के रूप में काम करने वाले एकीकृत आईटी समाधानों की ये पहल, सूचना का एक एकल स्रोत प्रदान करेगी और कार्यों को सुव्यवस्थित करेगी।

अपनी दक्षता बढ़ाने के एक हिस्से के रूप में, एफसीआई सीमेंट सड़कों, छत के रखरखाव, रोशनी और वेटब्रिज अपग्रेड, खाद्य सुरक्षा को बढ़ाने जैसे कार्यों को निष्पादित कर रहा है। प्रयोगशाला उपकरणों की खरीद और क्यूसी प्रयोगशालाओं के लिए एक सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के विकास का उद्देश्य गुणवत्ता जांच में सुधार करना है। मंत्रालय के बयान के अनुसार, एमएसपी-आधारित खरीद और एफसीआई की परिचालन क्षमताओं में निवेश के लिए सरकार की दोहरी प्रतिबद्धता किसानों को सशक्त बनाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और देश के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सहयोगात्मक प्रयास का प्रतीक है।

*************************

 

कांग्रेस में नहीं लग रहा दिग्गजों का दिल, कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ हो सकते हैं BJP में शामिल

भोपाल 17 Feb, (एजेंसी): कांग्रेस को आज बड़ा झटका लग सकता है। झटका यह है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। कमलनाथ ने आज अपना छिंदवाड़ा दौरा रद्द किया और भोपाल होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। उनके साथ उनके सांसद बेटे नकुलनाथ भी दिल्ली जा रहे हैं। दोनों के दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या कमल नाथ भाजपा में शामिल होंगे? कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘कल रात मेरी कमल नाथ जी से बातचीत हुई। वह छिंदवाड़ा में हैं। वो वह व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपना राजनीतिक करियर नेहरू-गांधी परिवार के साथ शुरू किया था। आप उस व्यक्ति से सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी के परिवारों को छोड़ने की उम्मीद नहीं कर सकते हैं और आपको उनसे ऐसी उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए।’

कमलनाथ के बारे में कहा जाता है कि वो राज्यसभा जाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। कांग्रेस ने अशोक सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार बना दिया। कमलनाथ की ‘नाराजगी’ तब भी देखने को मिली जब वो अशोक सिंह के नामांकन में शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, जब पार्टी ने अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया था तो कमलनाथ ने अशोक सिंह को शुभकामनाएं दी थीं।

उधर, नकुलनाथ ने अपने एक्स और फेसबुक अकाउंट के बायो से कांग्रेस का लोगो हटा दिया है। इसके अलावा कमलनाथ के खास माने जाने वाले पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X से कांग्रेस का लोगो हटा दिया है। पहले हाथ के पंजे के चिह्न के साथ उनकी फोटो थी, लेकिन अब किसी भी पार्टी का लोगो नहीं है।

***************************

 

चुनाव चिन्ह छीने जाने पर शरद पवार ने लिया संकल्प, नए सिरे से करेंगे शुरुआत

पुणे 17 Feb, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि देश ने कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी कि जिसने पार्टी बनाई, उसे ही पार्टी से निकाल दिया गया हो, लेकिन एनसीपी के साथ ऐसा हुआ। शरद पवार ने अपनी पार्टी के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया। शनिवार सुबह अपने गोविंद बाग स्थित आवास पर बड़ी संख्या में समर्थकों और जनता से मुलाकात करते हुए 83 वर्षीय पवार ने कहा कि अतीत में भारत में कई पार्टी विवाद हुए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि न केवल पार्टी का नाम बल्कि एनसीपी का प्रतिष्ठित ‘घड़ी’ चिन्ह भी छीन लिया गया, जो कानून के अनुरूप नहीं है। हर कोई जानता है कि एनसीपी की स्थापना किसने की। अब पार्टी ने इस मामले में राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और न्याय की उम्मीद जताई है। पवार ने कहा, सिंबल खोने को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। मैं अब तक 14 चुनाव लड़ चुका हूं। उनमें से पांच ‘बैलों की जोड़ी’, ‘गाय और बछड़ा’, एक ‘चरखा’, ‘हाथ’ और अंत में, ‘घड़ी’ के चिन्ह पर थे। चुनाव चिन्ह छीनने का मतलब यह नहीं कि संगठन खत्म हो गया।

उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक पहुंच बढ़ाने और जनता को पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को समझाने और पार्टी उनके लिए क्या कर सकती है, इसकी आवश्यकता पर जोर दिया। पवार ने कहा, मुझे नहीं लगता कि नए सिरे से शुरुआत करने पर भी ज्यादा दिक्कतें होंगी। हम एक नई उम्मीद के साथ पूरे महाराष्ट्र में घूमेंगे और लोगों से मिलेंगे, उन्हें मनाएंगे, नए चिन्ह के साथ ज्यादा दिक्कतें नहीं होंगी।

दरअसल, एनसीपी विधायकों की अयोग्यता मामले में महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शरद पवार गुट को झटका देते हुए कहा कि, अजित पवार गुट ही असली एनसीपी है। इससे पहले, भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) ने अजीत पवार गुट को मान्यता दी थी और उन्हें एनसीपी का नाम और ‘घड़ी’ चिन्ह दिया था। अजित पवार के हालिया भाषणों में लोगों से उन्हें और उनके उम्मीदवारों को वोट देने की अपील पर शरद पवार ने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि वह जनता की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता चुनाव के दौरान उचित निर्णय लेगी।

***************************

पद्मश्री से सम्मानित पहले शेफ इम्तियाज कुरैशी का निधन, 93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली ,16 फरवरी (एजेंसी)।  विश्व विख्यात शैफ इम्तियाज कुरैशी का 93 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। नित नए पकवान बनाना न सिर्फ उनका पेशा, बल्कि शौक भी था, जिसके बलबूते उन्होंने लखनऊ के मशहूर व्यंजन दम पुख्त को विश्व मानचित्र पर स्थान दिलवाया। यही नहीं, उनकी अप्रतिम प्रतिभा को सम्मान देते हुए उन्हें 2016 में पद्मश्री पुरस्कार दिया गया।

निरक्षर कुरैशी ने नौ साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। उन्हें अपनी लंबी मूँछों और सांता क्लॉज जैसे लुक के लिए भी जाना जाता था। उन्हें अक्सर खालिस उर्दू में रसोई की कहानियाँ साझा करने सुना जा सकता था। वे नए लजीज पकवान इजाद करने के लिए मशहूर थे जिनका आइडिया उन्हें अपने साथ काम करने वाले लोगों के साथ बातचीत में मिलता था।

उन्होंंने अपने व्यंजनों की दीवानी गजल गायिका बेगम अख्तर के लिए लब-ए-महशौख नामक मिठाई इजाद की। दिल्ली के मशहूर फ्रेंच शेफ रोजर मोनकोर्ट से उन्होने सॉस के राज जाने जो फ्रेंच खानों की खासियत हैं। शुरुआत में कुरैशी को पहलवान बनने का खूमार चढ़ा, तो उन्होंने हाजी इश्तियाक और गुलाम रसूल के सानिध्य में रहकर पहलवानी के दांवपेंच सीखे। इसके बाद उन्होंने लखनऊ स्थित एक कंपनी में काम करना शुरू किया।

खास बात यह है कि इस कंपनी ने 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान सैनिकों के लिए खाना बनाने का काम किया था।

कुरैशी को एक दफा पंडित जवाहर लाल नेहरू की सेवा करने का मौका मिला। यही नहीं, मांसहारी व्यंजनों के लिए जाने जाने वाले कुरैशी ने एक बार उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री सी.पी. गुप्ता के लिए स्वादिष्ट शाकाहारी भोजन बनाकर सभी का दिल जीत लिया।
उन्होंने शाकाहारी भोजन में तुरुश-ए-पनीर, सूखे बेर और संतरे से भरे पनीर के एस्केलोप्स जैसे व्यंजनों का अविष्कार किया, जो बाद में लोगों को खूब भाए।

उनकी प्रसिद्धी जैसे-वैसे फैलती गई, वैसे-वैसे उनकी मांग में भी तेजी देखने को मिली। लखनऊ के तत्कालीन होटल क्लार्क्स अवध ने उन्हें काम पर रखा और फिर समूह के नए होटल के लिए आईटीसी होटल्स के संस्थापक अजीत हक्सर ने उन्हें चुना। उन्होंने जहां कहीं भी काम किया, वहां उनकी खूब प्रशंसा हुई। इम्तियाज़ क़ुरैशी के निधन के साथ भारत ने एक ऐसा शेफ खो दिया है, जिसने न केवल भारतीय बढिय़ा भोजन को एक नया जीवन और अपना व्यक्तित्व दिया, बल्कि निरक्षर होने के बावजूद दुनिया भर में इसके बेहतरीन और सबसे रंगीन प्रवक्ता बन गए।

*****************************

 

प्रदर्शन दौरान किसानों ने एंबुलैंस को दिया राह

उचाना ,16 फरवरी (एजेंसी)। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक किसानों ने खटकड़ टोल को वाहनों के लिए फ्री करवाया तो हाइवे पर पालवां बस स्टैंड से आगे सड़क के बीचों-बीच चारपाई डाल कर, टै्रक्टर खड़े कर रोड को जाम रखा। चार घंटे तक रोड को जाम रखा। धरने को किसान नेताओं द्वारा संबोधित किया गया।

विभिन्न कर्मचारी यूनियनों ने यहां पहुंच कर अपना समर्थन दिया। किसान नेता आजाद पालवां ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर टोल को तीन घंटे फ्री करवाया गया तो चार घंटे तक रोड को जाम रखा गया। धरने पर पहुंच कर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने अपना समर्थन दिया। जिस तरह से पहले एक साल से अधिक समय तक किसानों को धरना देना पड़ा था तब जाकर सरकार मानी थी ऐसे ही इस बार भी सरकार को झुकाने के लिए किसानों को एकजुट होना होगा।

जब तक सरकार पर दबाव नहीं होगा सरकार किसानों की मांगों को नहीं मानेगी। इस मौके जब नरवाना की तरफ से एंबुलेंस आती दिखाई दी तो तुरंत प्रभाव से किसानों ने सड़क के बीच से उठते हुए एंबुलैंस को जाने के लिए रास्ता दिया।

***************************

 

किसान आंदोलन के बीच योगी सरकार का बड़ा फैसला, उत्तर प्रदेश में छह महीने हड़ताल पर पाबंदी

लखनऊ ,16 फरवरी (एजेंसी)। योगी सरकार ने आज अहम फैसला लेते हुए उत्तर प्रदेश में छह महीने के लिए हड़ताल पर पाबंदी लगा दी है। हड़ताल पर बैन का नियम राज्य सरकार के अधीन सरकारी विभागों, निगम और प्राधिकरण पर लागू रहेगा। इस फैसले संबंधी अधिसूचना अपर मुख्य सचिव कार्मिश डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने जारी की है।

माना जा रहा है कि देश में चल रहे किसान आंदोलन के चलते सरकार ने यह फैसला लिया है। सरकार इस प्रकार का फैसला पहले भी ले चुकी है। यूपी में सरकार ने साल 2023 मई में छह महीने के लिए हड़ताल पर प्रतिबंध लगाया था। उस दौरान कोरोना संकट जारी था। सीएम योगी ने कोविड की समस्याओं को देखते हुए एम्सा एक्ट लागू करके हड़ताल पर प्रतिबंध लगा दिया था। जो अधिसूचना जारी हुई है उसके अनुसार एस्मा एक्ट लगने के बाद भी अगर कोई कर्मचारी हड़ताल या प्रदर्शन करते पाया जाता है, तो हड़ताल करने वालों को एक्ट उल्लंघन के आरोप में बिना वारंट के गिरफ्तार किया जाएगा।

************************

 

देश में फैल रही नफरत के पीछे डर और डर का कारण अन्याय : राहुल गांधी

सासाराम ,16 फरवरी (एजेंसी)।  कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि आज देश में नफरत फैलाया जा रहा है। फैल रही नफरत के पीछे का कारण डर है और इस डर का कारण अन्याय है। आज देश के हर हिस्से में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्तर पर अन्याय हो रहा है।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को ‘भारत जोड़ो न्याय यात्राÓ के क्रम में मोहनिया में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आज तक किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं किया है, जबकि कांग्रेस सरकार ने किसानों के 70 हजार करोड़ रुपए माफ कर दिए। उन्होंने एमएसपी की लीगल गारंटी देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि हम किसानों को कानूनी गारंटी देंगे ताकि किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिल सके। यह एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है। आज देश में हर तरफ अन्याय हो रहा है। यह सरकार अग्निवीरों को शहीद का दर्जा नहीं दे रही।

उन्होंने देश में जाति गणना कराने की बात करते हुए कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो पूरे देश में जाति जनगणना कराएंगे। इससे पता लग सकेगा कितने लोगों के पास धन है।

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्राÓ में शुक्रवार को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी साथ रहे। यह यात्रा शुक्रवार की शाम उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई।

****************************

 

कांग्रेस ने बैंक खातों के फ्रीज होने के मामले में बीजेपी पर बेबुनियाद आरोप लगाए : रविशंकर प्रसाद

नई दिल्ली ,16 फरवरी (एजेंसी)। बैंक खातों के फ्रीज के मामले में कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा पर लगाया गया यह आरोप कि उनका अकाउंट भाजपा के दबाव में फ्रीज किया गया है, वह पूरी तरह से बेबुनियाद है।

प्रसाद ने कांग्रेस के आरोप की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने लिए पैसे की अच्छी व्यवस्था करती है, भ्रष्टाचार भी करती है, लेकिन हिसाब-किताब नहीं करती है।

उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ की गई कार्रवाई को आयकर विभाग की रूटीन प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के तहत 105 करोड़ रुपये के टैक्स की मांग की गई, कांग्रेस ने इसके खिलाफ अपील की, जिसमें 20 प्रतिशत राशि जमा करनी पड़ती है, लेकिन कांग्रेस ने सिर्फ 78 लाख जमा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपील में भी नियमों और प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

प्रसाद ने इस पूरे मामले में भाजपा की भूमिका होने के आरोप को स्पष्ट तौर पर खारिज करते हुए बताया कि यह इनकम टैक्स का सीधा मामला है और इसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रसाद ने कहा कि जब जनता ने ही उन्हें वोट नहीं देने का मन बना लिया है तो भाजपा क्या करे। राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर रहे हैं, लेकिन उनका गठबंधन ही टूट रहा है।

************************

 

कांग्रेस को राहत, फ्रीज खातों से रोक हटी

नई दिल्ली 16 Feb, (एजेंसी) – कांग्रेस के फ्रीज खातों पर लगी रोक हट गई है। यह रोक इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल ने हटाई है। कुछ देर पहले ही कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पार्टी के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपए की रिकवरी मांगी है।

पार्टी के नेता विवेक तन्खा ने बताया है कि इनकम टैक्स अपालेट ट्रिब्यूनल ने कांग्रेस को अंतरिम राहत देते हुए उसे खातों को चलाने की छूट दी है। ट्रिब्यूनल इस मामले में अंतरिम राहत के लिए बुधवार को सुनवाई करेगा। वहीं, केंद्र सरकार पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने कहा डरो मत मोदी जी, कांग्रेस धन की ताकत का नहीं, जन की ताकत का नाम है। हम तानाशाही के सामने न कभी झुके हैं, न झुकेंगे।

PM मोदी ने राजस्थान में 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले- तेजी से काम कर रही डबल इंजन सरकार

जयपुर 16 Feb, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राजस्थान में करीब 17,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। पीएम द्वारा वर्चुअली लॉन्च की गई परियोजनाओं में रेलवे, सड़क और ऊर्जा क्षेत्र, पेयजल, पेट्रोलियम और अन्य विभागों के विकास कार्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा, ”राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को राजस्थान के विकास के लिए 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इन योजनाओं से राजस्थान के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। मैं इस उपलब्धि के लिए राजस्थान के लोगों को बधाई देता हूं।”

शिलान्यास के बाद पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक बहुत ही महत्वपूर्ण योजना ‘पीएम सूर्य घर’ शुरू की है। इसके तहत सरकार हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की तैयारी कर रही है। शुरुआत में देशभर में एक करोड़ परिवारों को जोड़ा जाएगा। इसके लिए केंद्र हर परिवार को छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सीधे उनके बैंक खाते में मदद भेजेगा। इस प्रोजेक्ट पर 75,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे।

इस परियोजना से मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के लोगों को लाभ होगा। राजस्थान सरकार ने भी पांच लाख लोगों को ये कनेक्शन देने की योजना बनाई है। विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के चार वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं। ये वर्ग युवा, महिला, किसान और गरीब हैं। हमारे लिए यही चार सबसे बड़ी जातियां हैं। मुझे खुशी है कि इन वर्गों के सशक्तिकरण के लिए मोदी ने जो गारंटी दी थीं, उन्हें डबल इंजन सरकार पूरा कर रही है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए 70 हजार भर्तियां निकाली हैं। आपने ‘मोदी की गारंटी’ पर भरोसा किया और डबल इंजन सरकार बनाने में मदद की और राजस्थान का डबल इंजन तेजी से काम करना शुरू कर दिया है।

पीएम ने याद दिलाया, ”मैंने लाल किले की प्राचीर से कहा था कि ये समय भारत का है। आजादी के बाद आज भारत स्वर्णिम दौर में प्रवेश कर चुका है। भारत को वह मौका मिल गया है जब वह 10 साल पहले के दौर की निराशा को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने लगा है।”

पीएम ने कहा, ”2014 से पहले देश में क्या चल रहा था? घोटालों और बम धमाकों की चर्चा हमेशा होती रहती थी। लोग सोचते थे कि हमारा और देश का क्या होगा। कांग्रेस के शासनकाल में यही माहौल था। आज हम बात कर रहे हैं विकसित भारत-विकसित राजस्थान की। आज हम बड़े सपने देख रहे हैं और बड़े संकल्प ले रहे हैं।”

पीएम ने हाल ही में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की जयपुर यात्रा की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कहा, ”कुछ दिन पहले जयपुर में आपने फ्रांस के राष्ट्रपति का जो स्वागत किया, उसकी गूंज आज भी पूरे फ्रांस में हो रही है। यही तो राजस्थान के लोगों की खासियत है। राजस्थान के हमारे भाई-बहन लोगों पर अपना प्यार और स्नेह बरसाने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ते।”

विदेशों के नेता जब भारत के विकास की गति देखते हैं तो हैरान रह जाते हैं। विकसित भारत के लिए विकसित राजस्थान जरूरी है। विकास के लिए रेल, सड़क, बिजली और पानी जरूरी है।

जब हमें ये सुविधाएं मिलेंगी तो किसानों को फायदा होगा, पशुपालकों को फायदा होगा, उद्योगों को फायदा होगा, फैक्ट्रियां लगेंगी, पर्यटन को फायदा होगा, निवेश आएगा और नौकरियां आएंगी।

जब सड़कें बनती हैं, रेलवे पटरियां बिछाई जाती हैं, जब घर बनते हैं तो रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इसलिए इस साल के केंद्रीय बजट में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 11 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यह कांग्रेस सरकार से छह गुना ज्यादा है।

जब यह राशि खर्च की जाएगी तो राजस्थान के पत्थर, सिरेमिक, सीमेंट आदि उद्योगों को फायदा होगा। शिलान्यास कार्यक्रम में खातीपुरा स्टेशन पर लंबित कोच केयर कॉम्प्लेक्स और जयपुर तथा आगरा मंडल के लिए सबसे महत्वपूर्ण बांदीकुई-आगरा ट्रैक दोहरीकरण परियोजना शामिल थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण का अंत राजस्थान की जनता को नई परियोजनाओं के लिए बधाई देकर किया।

*************************

 

भारतीय नाैसेना को मिलेगी और मजबूती, 29 हजार करोड़ रुपये के रक्षा साैदे को मिली मंजूरी

नई दिल्ली 16 Feb, (एजेंसी)- भारतीय नौसेना की और मजबूती के लिए रक्षा मंत्रालय ने आज बड़े साैदे को मंजूरी दी है। मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब नौ मेरीटाइम सर्विलांस एयरक्राफ्ट और भारतीय तटरक्षक बल के लिए छह पेट्रोल एयरक्राफ्ट खरीदे जाएंगे। सौदे के तहत 15 मेरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट मेड इन इंडिया प्रोजेक्ट के तहत देश में ही बनाए जाएंगे।

इसके अलावा सी-295 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट भी बनाए जाएंगे। यह सौदा कुल 29 हजार करोड़ रुपये का होगा। रक्षा सूत्र की माने तो 15 समुद्री गश्ती विमान मेड इन इंडिया सी-295 परिवहन विमान पर बनाए जाएंगे। भारतीय नौसेना और तटरक्षक बेड़े में इन नए परिवर्धन से निगरानी, टोही और गश्ती क्षमताओं में वृद्धि होने की उम्मीद है।

************************

 

चुनाव आयोग के फैसले से शरद पवार नाखुश, खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

नई दिल्ली 16 Feb, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कहा कि वो शरद पवार की याचिका को सूचीबद्ध करने पर विचार करेगा। दरअसल, पवार ने हाल ही में चुनाव आयोग के फैसले को चुनौती देते हुए कोर्ट में याचिका दाखिल की है। बता दें कि बीते दिनों आयोग ने डिप्टी सीएम अजीत पवार के गुट वाले एनसीपी को असली एनसीपी बताया था और उन्हें पार्टी का चुनाव चिन्ह घड़ी आवंटित किया था। इस पर शरद पवार ने आपत्ति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

शरद पवार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड की अध्यक्षता वाली पीठ से मांग की है कि वो इस मामले को सूचीबद्ध करें। सिंघवी ने कहा कि अगर इस सप्ताह के अंत में शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में शरद पवार गुट को पार्टी व्हिप के अधीन किया गया तो एक अजीब स्थिति पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा, हमारी स्थिति उद्धव ठाकरे से भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाएगी, क्योंकि अभी तक हमें कोई चुनाव चिन्ह आवंटित नहीं किया गया है।

अजित पवार को प्रतिवादी बनाने की याचिका शरद पवार ने 12 फरवरी को वकील अभिषेक जेबराज के माध्यम से दायर की थी। बता दें कि अजित पवार गुट पहले से ही इस मामले में कैविएट याचिका दाखिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत कोई भी फैसला करने से पहले इसे सुने। इसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचे।

गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अपने फैसले मे अजित पवार को असली शिवसेना बताया था। सनद रहे कि 2023 में शिवसेना में हुए विभाजन के बाद पैदा हुए सियासी बवाल पर अजित और शरद गुट की ओर से याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर बीते दिनों चुनाव आयोग ने अपना फैसला सुनाया था, लेकिन अब शरद पवार ने इस पर आपत्ति जताते हुए सुप्रीम कोर्ट का रूख किया है।

गौरतलब है कि गत जुलाई में अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया था, इसके बाद उन्होंने एकनाथ शिंदे की नेतृत्व वाली सरकार के खेमे में शामिल हो गए, जहां उन्हें डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से पार्टी और चुनाव चिन्ह पर दावा किया गया।

***********************

 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले प्रियंका गांधी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती

नई दिल्ली 16 Feb, (एजेंसी): कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की तबीयत अचानक खराब हो होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ऐसे में प्रियंका गांधी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शुक्रवार को शामिल नहीं होंगी। जानकारी के मुताबिक प्रियंका गांधी कुछ दिन में सही होने के बाद ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचेंगी।

उन्होंने एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में जुड़ूंगी। तब तक के लिए चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं।

गुरुवार को यह यात्रा सासाराम में थी। इसके बाद राहुल गांधी की यात्रा मोहनिया होते हुए चंदौली में प्रवेश करेगी। प्रियंका गांधी को चंदौली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना है। जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश में यात्रा की अवधि में कटौती नहीं की गई है। यह यात्रा यूपी में 8 दिनों तक रहने वाली है।

***************************