Category Archives: news

योग दिवस कार्यक्रम के बाद लोगों के बीच पहुंच गए PM मोदी

श्रीनगर 21 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को लोगों के बीच पहुंच गए और उनसे बातचीत की।

बारिश के चलते योग का कार्यक्रम शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में कराया गया। योग कार्यक्रम की अगुवाई खुद पीएम मोदी ने की। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कन्वेंशन सेंटर के लॉन में पीएम मोदी पहुंच गए जहां करीब 40 मिनट तक उन्होंने लोगों से बात की।

प्रधानमंत्री जब लोगों से बातचीत करने के लिए बाहर आए तो बारिश भी रुक गई।

जब वे लोगों के बीच से गुजरे तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पंक्तियों के बीच से चलते हुए वो कई बार रुके और लोगों के अभिवादन का मुस्कुरा कर जवाब दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कुछ युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।

श्रीनगर में सुबह हुई बारिश के बावजूद योग दिवस समारोह शानदार तरीके से मनाया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार के ऐतिहासिक कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर से 50,000 से 60,000 लोगों की भागीदारी पर खुशी जताई।

***************************

Read this also :-

विजय वर्मा स्टारर मटका किंग की शूटिंग शुरू, जारी हुआ नया पोस्टर

मिर्जापुर 3 का ट्रेलर हुआ रिलीज, कुर्सी की लड़ाई का खूनी खेल

बर्फीले पहाड़ों के शिखर से लेकर समुद्री तट तक छाया योग

नई दिल्ली 21 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  : आज 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, भारत से लेकर अमेरिका तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह लोगों में दिखाई दे रहा है। विश्व के कई देशों में 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व किया। वहीं, तीनों भारतीय सेनाओं और अर्धसैनिक बलों ने ऊंची बर्फीली चोटियों से लेकर समुद्र तक विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास किया।

सिक्किम स्थित मुगुथांग सब सेक्टर में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर योगाभ्यास किया गया। यहां आईटीबीपी के जवानों ने योगासन किए। जवानों ने लेह के पैंगोंग त्सो में भी योग किया। भारतीय सेना के जवान देश की उत्तरी सीमा पर स्थित बर्फीली चोटियों पर योग करते दिखे। सेना के जवानों ने पूर्वी लद्दाख में भी योग किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे भी योग कार्यक्रमों में शामिल हुए। दिल्ली में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने योग किया। इस साल योग दिवस की थीम “स्वयं और समाज के लिए योग” है जो व्यक्तिगत तंदुरुस्ती और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में योगासन करने के उपरांत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि उन्हें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग प्रेमियों के साथ अभ्यास करने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग विश्व के कोने-कोने तक पहुंच गया है।

दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, किरेन रिजिजू समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने योग किया। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भी योग किया।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग के अभ्यास के माध्यम से वैश्विक स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के संदेश के साथ हजारों प्रतिभागियों को एक साथ लाना है। इससे पहले योग के लाभों की समग्रता को अधिक से अधिक बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी ग्राम प्रधानों को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें कहा गया था, “मैं आपसे जमीनी स्तर पर योग और मोटे अनाजों के बारे में अधिक जागरूकता फैलाकर समग्र स्वास्थ्य को जनांदोलन बनाने का आग्रह करता हूं।”

वर्ष 2015 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत के बाद से ही प्रधानमंत्री इसके प्रचार में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। उन्होंने दुनिया भर के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थानों पर योग दिवस के आयोजनों की मेजबानी की है, जिनमें दिल्ली का कर्तव्य पथ, चंडीगढ़, देहरादून, रांची, लखनऊ, मैसूरु और न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय शामिल हैं।

*************************

Read this also :-

विजय वर्मा स्टारर मटका किंग की शूटिंग शुरू, जारी हुआ नया पोस्टर

मिर्जापुर 3 का ट्रेलर हुआ रिलीज, कुर्सी की लड़ाई का खूनी खेल

देशभर में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

PM मोदी ने श्रीनगर में गिनाए योग के फायदे

श्रीनगर 21 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 10वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर श्रीनगर में आयोजित मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम का नेतृत्व किया और योगाभ्यास के लाभों को गिनाते हुए लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

यहां शेरे कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में काफी संख्या में स्त्री-पुरुष शामिल हुए। मोदी ने कहा कि योग इस आपाधापी भरे जीवन और सूचनाओं के अंबार से प्रभावित मन को एकाग्रता की शक्ति प्रदान करता है। इससे स्वास्थ्य अच्छा रहता है। उन्होंने कहा कि आज योग से प्रेरित पर्यटन बढ़ा रहा है, जो कारोबार और रोजगार में भी योगदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि योग के लाभों को देखते हुए आज सेना के लोगों से लेकर अंतरिक्ष यात्रियों तक को योगाभ्यास कराया जा रहा है। जेलों में कैदियों को भी योग-ध्यान कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें जम्मू-कश्मीर के लोगों में योगाभ्यास के प्रति बड़ा उत्साह दिखा है। उन्होंने इस अवसर पर केंद्र शासित प्रदेश सहित देश और पूरी दुनिया के योग प्रेमियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी।

उल्लेखनीय है कि भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया है। इस अवसर पर दुनिया भर में योगाभ्यास के विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। मोदी दो दिन से जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं।

******************************

Read this also :-

विजय वर्मा स्टारर मटका किंग की शूटिंग शुरू, जारी हुआ नया पोस्टर

मिर्जापुर 3 का ट्रेलर हुआ रिलीज, कुर्सी की लड़ाई का खूनी खेल

18 जून को आयोजित यूजीसी-नेट रद्द, सीबीआई जांच के आदेश

नई दिल्ली 20 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । शिक्षा मंत्रालय ने देश के विभिन्न शहरों में आयोजित यूजीसी-नेट 2024 (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग-राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) को रद्द कर दिया है। मंत्रालय का कहना है कि धांधली की सूचना मिलने पर यह फैसला किया गया। मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा 18 जून को दो पालियों में यूजीसी-नेट आयोजित किया गया था।

एक बयान में, शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि यूजीसी को गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई से परीक्षा में धांधली की सूचना मिली है।

बयान में कहा गया है, “परीक्षा प्रक्रिया में उच्चतम स्तर की पारदर्शिता और पवित्रता सुनिश्चित करने के लिए, शिक्षा मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि यूजीसी-नेट 2024 को रद्द कर दिया जाए। अब फिर से परीक्षा आयोजित की जाएगी, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। मामले की जांच सीबीआई करेगी।”

इस बीच, शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार रात को यह भी कहा कि नीट-यूजी 2024 से संबंधित मामले में ग्रेस मार्क्स से संबंधित मुद्दे को पहले ही सुलझा लिया गया है। पटना में परीक्षा के संचालन में कथित अनियमितताओं के संबंध में, बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

बयान में कहा गया है, “सरकार इस रिपोर्ट के मिलने पर आगे की कार्रवाई करेगी। सरकार परीक्षाओं की पवित्रता सुनिश्चित करने और छात्रों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति/संगठन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

********************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

विपक्ष पेपर लीक के मुद्दे को संसद में उठाएगा : राहुल गांधी

नई दिल्ली 20 June ((Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि विपक्ष पेपर लीक के मुद्दे को संसद में उठाएगा। उन्होंने कहा, मणिपुर से महाराष्ट्र तक की उनकी न्याय यात्रा में सैकड़ों युवकों ने पेपर लीक का विषय रखा था।

पेपर लीक के बाद कार्रवाई होनी चाहिए, सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।पेपर लीक की घटनाओं को राहुल गांधी ने एंटी नेशनल एक्टिविटी कहा है। उन्होंने कहा कि दावा यहां तक किया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध को रोक दिया, लेकिन ऐसा कैसे है कि वह भारत में पेपर लीक को रोकने में सक्षम नहीं हैं। पेपर लीक के पीछे का कारण यह है कि शिक्षा प्रणाली पर भाजपा के मूल संगठन (आरएसएस) का कब्जा हो गया है। जब तक इसे वापस नहीं लिया जाएगा, पेपर लीक होते रहेंगे।

विभिन्न परीक्षाएं आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर राहुल गांधी ने कहा एनटीए की कोई विश्वसनीयता नहीं है। यदि इन मामलों में केंद्र सरकार एनटीए को क्लीन चिट देती है तो इसका कोई मतलब नहीं है। एनटीए की विश्वसनीयता शून्य है। शिक्षा प्रणाली पर एक संगठन का कब्जा हो गया है। वे हर पद पर अपने लोगों को बिठाते हैं। इसे पलटना होगा।

यूजीसी नेट रद्द किए जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक के बाद कार्रवाई करना एक बात है। लेकिन, पेपर लीक से पहले जो प्रणालियां थी, विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के नियम, उनका पुनर्मूल्यांकन, अध्ययन और पुन: डिज़ाइन करना होगा। ये बातें हमने अपने घोषणा पत्र में लिखी हैं और विपक्ष सरकार पर दबाव बनाकर ये बातें करवाने की कोशिश करेगा। अब यह स्पष्ट है कि हम एक आपदा पर बैठे हैं और हमारे पास एक ऐसी सरकार है, जो अपंग है। यह एक गहरा राष्ट्रीय संकट है।

नीट प्रकरण में बिहार में हो रही जांच को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि जांच होनी चाहिए और जिन लोगों ने भी पेपर लीक कराया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पेपर लीक से देश के युवाओं को, देश के भविष्य को जबरदस्त चोट पहुंचती है। एक परीक्षा रद्द की गई है, पता नहीं दूसरी परीक्षा रद्द की जाएगी या नहीं। कोई न कोई तो इसके लिए जिम्मेदार है और उनको एकदम पकड़ा जाना चाहिए।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर आप मेरिट के आधार पर लोगों को नौकरी नहीं देंगे, अगर विचारधारा के आधार पर लोगों को वाइस चांसलर बनाएंगे, अयोग्य व्यक्तियों को वाइस चांसलर बनाएंगे, परीक्षा लेने का जो तरीका है, उसमें एक खास विचारधारा के लोगों को डालेंगे तो ऐसा होगा। भारत के संस्थान निष्पक्ष नहीं रह गए हैं, उन्हें एक विचारधारा से जोड़ दिया गया है। इसका केंद्र पहले मध्य प्रदेश हुआ करता था। अब, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश है।

***************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

5 महीने में तीन करोड़ श्रद्धालुओं ने विश्वनाथ धाम में किए दर्शन

वाराणसी 20 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । काशी विश्वनाथ मंदिर में साल दर साल श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हो रही है। बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन करने की सुगमता और बढ़ी हुई सुविधाओं के चलते श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां आ रहे हैं।पिछले पांच महीने यानी जनवरी से मई तक शिव भक्तों की संख्या में 48.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मंदिर के दिव्य और भव्य निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि 1 जनवरी से लेकर 31 मई 2024 तक 2,86,57,473 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। साल 2023 में इस समय सीमा के दौरान 1,93,32,791 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे। यानी पिछले साल के मुकाबले बाबा के दरबार में इस साल 93,24,682 श्रद्धालु अधिक पहुंचे।

बाबा विश्वनाथ के बदवार में दर्शन करने आईं यशोदा बताती हैं कि बाबा के धाम में बहुत शानदार व्यवस्था है। भक्तों के लिए मंदिर में पानी की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर में तेज धूप से बचने के लिए जगह-जगह टेंट लगाई गई है।

एक श्रद्धालु भानुमति गर्ग बताती हैं कि बाबा के दरबार में दर्शन के लिए बहुत ही अच्छी व्यवस्था है। दर्शन के बाद यहां आप बैठ भी सकते हैं। भक्तों के लिए पानी की व्यवस्था की गई है, खाली पैर चलने में लोगों के पैर न जले, इसके लिए कालीन की व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर 2021 को पीएम मोदी ने काशी विश्‍वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण किया। काशी कॉरिडोर बनने के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को अब गलियों और संकरे रास्तों से गुजरना नहीं पड़ता है। अब श्रद्धालु गंगा घाट से कॉरिडोर के रास्ते बाबा विश्‍वनाथ के दर्शन के लिए जा सकते हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग में से एक है।

*****************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

झारखंड में माननीयों के वेतन-भत्ते बढ़ाने पर भाजपा ने सरकार को घेरा

रांची  20 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । झारखंड के पूर्व सीएम और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में सीएम, मंत्रियों और विधायकों के वेतन-भत्ते में वृद्धि पर राज्य सरकार को घेरा है।उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के लिए पैसे की कमी रहती है, लेकिन सत्ताधारियों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए धन की वर्षा होने लगती है।

दरअसल, झारखंड कैबिनेट ने बुधवार को सीएम, मंत्रियों, विधायकों, स्पीकर, पार्टी सचेतकों के वेतन-भत्ते में एकमुश्त भारी इजाफे का निर्णय लिया है।

इस पर बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जहां गठबंधन सरकार के पास महिलाओं को चूल्हा खर्च देने के नाम पर 2,000 रुपए तक नहीं हैं, जहां बेरोजगारी भत्ता देने में सरकार की रूह कांप उठती है, जहां किसानों के 2 लाख तक कर्ज माफी करने में सरकार के पास पैसे नहीं बचते है, जहां गरीबों की थाली में दो वक्त की रोटी मुहैया कराने में पैसे की कमी हो जाती है, उसी गठबंधन सरकार के लिए, खुद के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।”

भाजपा नेता ने कहा, “जहां मुख्यमंत्री को महीने के 80,000 रुपए, मंत्री और राज्यमंत्री को 65,000 रुपए तथा विधायकों को 40,000 रुपए कम पड़ जाते हों, वहीं झारखंड की आम जनता के भविष्य और जीवन यापन के लिए सरकार के पास दो आना भी नहीं है।”

बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा, “ये कैसी सरकार है, जिसकी सांसें बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में फूलने लगती हों, छात्रों के लिए नौकरी का विज्ञापन निकालने में हाथ थरथराने लगते हों, मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने में जिनकी इंसानियत मर जाती हो, महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में जिनके पैरों के नीचे की जमीन खिसक जाती हो, गरीबों के बेहतर जीवन यापन की गारंटी देने में जिनकी कलम चलनी बंद हो जाती हो, किसानों के साथ न्याय करने में जिनके पसीने छूटने लगते हों, झारखंड की जनता जानना चाहती है कि जब बात खुद के इंतजाम की आती है तो इतने पैसे सरकार के किस बटुए में आ जाते हैं।”

उन्होंने सवाल किया, “सरकार के आंगन में लगा वो कौन सा पैसों का पेड़ है, जो सत्ताधारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए ही धन की वर्षा करता है और सभी के वेतन में 20 हजार रुपए का इजाफा कर दिया जाता है।”

***************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

राजस्थान की 7 प्राईवेट यूनिवर्सिटी जांच के घेरे में

फर्जी डिग्री बांटने और फर्जी तरीके से पीएचडी देने का आरोप

जयपुर 20 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । भजनलाल सरकार ने प्रदेश की 7 प्राईवेट यूनिवर्सिटी के खिलाफ जांच बैठा दी है । इन प्राइवेट यूनिवर्सिटी के खिलाफ फर्जी तरीके से डिग्री बांटने, बिना मान्यता के कोर्स चलाने के साथ नियमों के खिलाफ जाकर पीएचडी कराने का आरोप लगा है ।

इन सात प्राइवेट यूनिवर्सिटी में से तीन यूनिवर्सिटी के खिलाफ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग, यानी यूजीसी ने पत्र लिखा है । उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक जांच के दायरे में चूरू की ओपीजेएस यूनिवर्सिटी, झुंझुनूं की सिंघानिया यूनिवर्सिटी, जयपुर की निर्वाण यूनिवर्सिटी, नीमराना की रैफल्स यूनिवर्सिटी, सिरोही की माधव यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ टैक्नोलॉजी शामिल है । प्रत्येक यूनिवर्सिटी की जांच के लिए अलग-अलग चार सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है ।

यह जांच कमेटी फर्जी डिग्री, बिना मान्यता के कोर्स चलाने के अलावा नियम विरूद्ध पीएचडी कराने वाली शिकायतों की जांच करेगी । वहीं रैफल्स यूनिवर्सिटी, माधव यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ टैक्नोलॉजी के लिए तो जांच के लिए यूजीसी ने राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखा है । पत्र के जरिये पीएचडी के मामलो की जांच कराने के निर्देश दिए गए है ।

आपको बता दे कि बीते दिनों उच्च शिक्षा विभाग ने एक पब्लिक नोटिस के जरिये छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए है । निर्देशों में बताया गया है कि राजस्थान में अब तक 53 निजी विश्वविद्यालय खुल चुके है और कई निजी विश्वविद्यालयों पर फर्जी डिग्री बांटने का आरोप लग चुका है, जिनकी जांच प्रक्रिया लंबित है । उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार ने यह दिशा-निर्देश जारी किए है ।

निर्देशों में बताया गया है राजस्थान में एसओजी और पुलिस की तरफ से कई निजी विश्वविद्यालयों के फर्जी डिग्री बांटने का भंडाफोड़ किया जा चुका है, इस मामले में कई लोग गिरफ्तार भी हो चुके है । साथ ही आरपीएससी की तरफ से डिग्रियों के जांच सत्यापन में भी फर्जी डिग्री बांटने का भंडाफोड़ हो चुका है ।

उच्च शिक्षा विभाग के मुताबिक सत्र 2024-25 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है । साथ ही अनेक निजी विश्वविद्यालय समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी करके विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित कर रहे है । लेकिन इस विज्ञापनों में न तो प्रवेश हेतु उपलब्ध सीटों की संख्या का उल्लेख किया जा रहा है और ना ही आवेदन की अंतिम तिथि, प्रवेश हेतु चयन का माध्यम आदि का उल्लेख किया जा रहा है ।

साथ ही ऐसे पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन आमंत्रित किये जा रहे है, जिनमें प्रवेश राज्य सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसी द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित कर उसके माध्यम से विद्यार्थी आवंटित करके ही प्रवेश दिये जा सकते है ।

उच्च शिक्षा विभाग ने पब्लिक नोटिस में यह सूचित किया है कि अभिभावक और छात्र-छात्राएं भ्रामक विज्ञापनों से बचे और निजी विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने से पहले यह सुनिश्चित कर लेवें कि विश्वविद्यालय पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए अधिकृत है ।

*****************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

राहुल पर वीडियो: पत्रकार को कर्नाटक पुलिस ने नोटिस थमाया

नोएडा 20 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कर्नाटक पुलिस गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-55 पहुंची और पत्रकार अजीत भारती की तलाश करने लगी। आसपास के लोगों और अजीत के परिवार ने सादे कपड़ों में घर के आसपास घूम रहे लोगों को देखकर उन्हें संदिग्ध समझा और इसकी सूचना नोएडा पुलिस को दी।मौके पर पहुंची नोएडा पुलिस कर्नाटक पुलिस के तीन अधिकारी को अपने साथ लेकर थाने आई और वहां पर उनसे पूरे मामले को समझा। इसके बाद कर्नाटक पुलिस के तीन अधिकारी अजीत भारती को एक नोटिस थमा कर वापस लौट गए। नोटिस के तहत अजीत भारती को 7 दिन के अंदर हाजिर होने को कहा गया है।

जानकारी के मुताबिक, अजीत भारती के घर गुरुवार दोपहर एक कैब से तीन लोग पहुंचे थे। उन्होंने खुद को कर्नाटक पुलिस से बताया। मौके पर नोएडा पुलिस भी पहुंची। नोएडा के सेक्टर-55 के ई-57 में कर्नाटक पुलिस के तीन अधिकारी पहुंचे थे।

अजीत भारती ने अपने एक वीडियो में कहा कि कर्नाटक पुलिस के तीन जवान उनके घर पहुंचे और उनके साथ लोकल पुलिस भी नहीं थी, जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। कर्नाटक से आई पुलिस ने नोएडा पुलिस की मौजूदगी में अजीत भारती को एक नोटिस थमाया और उन्हें सात दिन के अंदर हाजिर होने के लिए कहा है। अजीत भारती को नोटिस देने के बाद कर्नाटक पुलिस वापस लौट गई है।

गौरतलब है कि पत्रकार अजीत भारती ने बीते दिनों एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कुछ टिप्पणियां की थी। जिसके बाद कर्नाटक पुलिस ने हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन, वसंत नगर, बेंगलुरु में अजीत के खिलाफ मामला दर्ज किया।

दर्ज शिकायत के मुताबिक अजीत भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना पोस्ट डाला था। इसमें एक यूट्यूब का लिंक भी था। जिसको अजीत भारती चलाते हैं। पुलिस ने जो नोटिस अजीत भारती को थमाया है, उसमें लिखा है कि “दर्ज मामले की जांच के उद्देश्य से, आपको इस नोटिस की प्राप्ति के 7 दिनों के भीतर हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में सुबह 11.00 बजे हस्ताक्षरित जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश दिया जाता है।”

*************************

Read this also :-

बॉक्स ऑफिस पर वीकडेज में भी धमाल मचा रही है चंदू चैंपियन

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म मुंज्या ने पार किया 60 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा

नालंदा के सरकारी स्कूल में घुसकर प्रधानाचार्य को गोली मारी

2 हिरासत में

बिहार ,19 जून (एजेंसी)। बिहार के नालंदा में बुधवार को सरकारी स्कूल में घुसकर एक युवक ने प्रधानाचार्य को गोली मार दी। प्रधानाचार्य का नाम संतोष कुमार है।घटना एकंगरसराय प्रखंड के तेल्हाड़ा हाई स्कूल में सुबह घटी है। गोलीबारी में संतोष घायल हो गए हैं।घटना से जुड़े एक वीडियो में भगवा गमछा ओढ़े एक युवक कमरे में घुसता है और प्रधानाचार्य पर 2 गोली चलाता दिख रहा है।बता दें कि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नालंदा के दौरे पर थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रधानाचार्य को गोली छूकर निकल गई, बदमाश ने दहशत फैलाने के लिए उनपर गोली चलाई थी।शिक्षक संतोष ने बताया कि युवक पहले उन्हें कमरे से बाहर बुला रहा था, नहीं निकलने पर कमरे में घुसकर गोली मारी। संतोष कुमार की 2 दिन पहले स्कूल के बाहर कुछ युवकों से बहस हुई थी।पुलिस ने मामले में 2 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में 4 लोगों की भूमिका सामने आई है।

**************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

कांग्रेस में चरम पर परिवारवाद, नेता महसूस कर रहे घुटन : सीएम

करनाल 19 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच शह-मात का खेल शुरू हो गया है। ऐसे में कई नेता अपनी पार्टी से नाराज चल रहे हैं और दूसरी पार्टियां उसका फायदा उठाने में जुटी हुई हैं।

हरियाणा के पूर्व सीएम चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधू और भिवानी के तोशाम से विधायक किरण चौधरी और उनकी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी ने भाजपा का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और सीएम नायब सैनी ने भाजपा मुख्यालय में दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सीएम नायब सैनी ने किरण चौधरी के कांग्रेस छोड़ने पर कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस में परिवारवाद चरम पर है। कांग्रेस में जो प्रतिष्ठित लोग हैं, उन्हें अब सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्हें कांग्रेस में अब घुटन महसूस हो रही है।

कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने बेटे दीपेंद्र हुड्डा के लिए लगे हुए हैं। प्रतिष्ठित लोगों को कांग्रेस ने दरकिनार कर दिया है, कई बड़े नेता कांग्रेस से जाने वाले हैं। कांग्रेस में एक ही परिवार की चलती है। सभी बड़े नेताओं की बलि दी जा रही है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोलते हुए सैनी ने कहा कि दस साल जब हुड्डा राज्य के सीएम थे, तब कांग्रेस ने नौकरी में खाली सीट को क्यों नहीं भरी, गरीब के बेटे को पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्य का मुख्य सेवक बना दिया तो विपक्षी पार्टियों के पेट में दर्द हो रहा है।

इनका पेट खराब हो गया है। हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया। हुड्डा राज्यपाल के पास जाने की बात करते हैं। पहले अपने विधायक तो इक्कठा कर लें। विधानसभा चुनाव में गरीब लोग कांग्रेस का सूपड़ा साफ करेंगे।

वहीं प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर सीएम सैनी ने कहा कि यह परिवारवाद की राजनीति है। परिवार के बाहर कांग्रेस के नेता सोच ही नहीं सकते। वहां कोई और कार्यकर्ता ऊचे पदों पर नहीं पहुंच सकता। कांग्रेस लगातार दो डिजिट में बनी हुई है और कांग्रेस में ऐसा माहौल है जैसे कल ही शपथ लेंगे।

*******************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

SBI बैंक मैनेजर ने नहीं चुकाई उधारी, चाय वाला धरने पर बैठा

जौनपुर 19 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। खबर यूपी के जौनपुर जिले से है, जहां पर एसबीआई के बैंक मैनेजर शेखर आनंद के स्थानांतरण के बाद विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह के दौरान एक चाय विक्रेता ने बैंक मैनेजर पर 16,500 रुपए की चाय की बकाया राशि होने का आरोप लगाते हुए पैसे की मांग की।

लेकिन, बैंक मैनेजर ने चाय विक्रेता की मांग को अनसुना कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पैसा न मिलने पर चाय विक्रेता बैंक के बाहर धरने पर बैठकर हंगामा करने लगा। इस घटना की जानकारी मिलते ही व्यापार मंडल के कुछ पदाधिकारी चाय विक्रेता के समर्थन में वहां पहुंच गए और बकाया पैसे देने की मांग करने लगे। यह मामला बदलापुर थाना क्षेत्र के बरौली वार्ड में स्थित एसबीआई बैंक का है।

***************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

जाली दस्तावेज पेश करने वाले NEET अभ्यर्थी पर होगी

कानूनी कार्रवाई, हाईकोर्ट ने दिए ये निर्देश

इलाहाबाद 19 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नीट मामले से जुड़े एक केस पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान एनटीए से कहा कि नीट अभ्यर्थी ने जाली दस्तावेज पेश किए हैं और अब एनटीए इस मामले में कानूनी कार्रवाई कर सकता है। नीट छात्र ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि एनटीए उसका रिजल्ट घोषित करने में विफल रहा और उसे मेल आया है कि उसकी ओएमआर उत्तर पुस्तिका फटी हुई पाई गई। हाई कोर्ट ने एजेंसी से यह तब कहा जब लखनऊ पीठ के निर्देश पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रा की मूल ओएमआर आंसर शीट पेश की, जो सही पाई गई।

छात्र ने वीडियो भी किया था पोस्ट
बता दें कि छात्रा आयुषी पटेल ने अपनी याचिका में दावा किया कि एनटीए ने उसे एक मैसेज भेजा गया जिसमें कहा गया कि उसका रिजल्ट घोषित नहीं किया जाएगा क्योंकि उसकी ओएमआर शीट फटी हुई पाई गई थी। उसने सोशल मीडिया पर आरोपों को दोहराते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसने NEET यूजी के आयोजन में अनियमितताओं के दावों को लेकर चल रहे विवाद के बीच हलचल मचा दी थी।

फर्जी दस्तावेजों के आधार पर याचिका दायर

डाक्यूमेंट देखने के बाद कोर्ट ने पाया कि छात्र ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर याचिका दायर की है। कोर्ट ने इसे खेदजनक बताते हुए एजेंसी से कहा कि एनटीए इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। वहीं याचिकाकर्ता के एडवोकेट ने याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। एनटीए ने कोर्ट को बताया कि याचिकाकर्ता छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला एजेंसी ने पहले ही ले लिया है। कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता ने जाली डाक्यूमेंट पेश किए हैं, ऐसे में यह कोर्ट एनटीए को छात्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से नहीं रोक सकता।

***************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका

MLA किरण चौधरी अपनी बेटी के साथ BJP में हुईं शामिल

चंडीगढ़ 19 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हरियाणा के पूर्व CM चौधरी बंसीलाल की पुत्रवधु व भिवानी के तोशाम से MLA किरण चौधरी और उनकी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी BJP में शामिल हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने उन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। किरण चौधरी और श्रुति ने बीते कल ही को कांग्रेस पार्टी छोड़ी थी। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस्तीफा भेजा है। जिसमें किरण ने लिखा कि यहां पार्टी को निजी जागीर की तरह चला रहे हैं। मुझे बेइज्जत किया गया।

किरण चौधरी लोकसभा चुनाव में अपनी बेटी श्रुति चौधरी की भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से टिकट कटने के बाद से ही नाराज दिख रही थी। किरण ने खुलकर मीडिया के सामने कई बार राजनीतिक तौर पर उन्हें खत्म करने की साजिश रचने के आरोप लगाए। किरण चौधरी को भाजपा हरियाणा से राज्यसभा भेज सकती है। श्रुति चौधरी को तोशाम से विधानसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है।

लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस ने 10 में से 5 सीटें जीती थी। इसके अलावा 90 विधानसभा में से 46 पर कांग्रेस और 44 भाजपा जीती थी। ऐसे में 3 महीने बाद विस चुनाव में कांग्रेस के लिए माहौल अच्छा माना जा रहा था लेकिन अब पूर्व सीएम बंसीलाल परिवार का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

**************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

PM मोदी ने किया नालंदा यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन

CM नीतीश कुमार समेत 17 देशों के राजदूत रहे मौजूद

पटना 19 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पीएम मोदी ने आज बिहार को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने नवनिर्मित नालंदा विश्वविद्यालय परिसर का उद्घाटन किया। पीएम मोदी जब इसका उद्घाटन किया तो उनके साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। इसके अलावा 17 देशों के मिशन प्रमुख इस मौके के साक्षी बने। उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने प्राचीन विश्वविद्यालय के खंडहरों को बारीकी से निहारा है। 5वीं सदी की नालंदा यूनिवर्सिटी को आक्रांताओं ने भले ही नष्ट कर हिंदू और बौद्ध धर्म को खाक में मिलाने की कोशिश की हो। मगर, नालंदा यूनिवर्सिटी बीतती सदियों के साथ और भी ख्याति पाती गई और भी प्रख्यात होती चली गई।

पीएम मोदी ने अपने दौरे से पहले ट्वीट कर आज का दिन बेहद खास बताया है। उन्होंने कहा, ‘हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए यह बहुत खास दिन है। नालंदा का हमारे गौरवशाली हिस्से से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में बहुत मददगार साबित होगा। नालंदा यूनिवर्सिटी के नए परिसर में 2 शैक्षणिक ब्लॉक होंगे। 1900 छात्रों के बैठने की क्षमता है। 550 छात्र की क्षमता वाले हॉस्टल हैं। 2000 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर है। 3 लाख किताब की क्षमता वाली लाइब्रेरी है। नेट जीरो ग्रीन कैंपस है। विश्वविद्यालय की कल्पना भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन देशों के बीच संयुक्त सहयोग के रूप में की गई है।

नालंदा यूनिवर्सिटी का इतिहास काफी पुराना है। लगभग 1600 साल पहले नालंदा यूनिवर्सिटी की स्थापना पांचवी सदी में हुई थी। जब देश में नालंदा यूनिवर्सिटी बनाई गई तो दुनियाभर के छात्रों के लिए यह आर्कषण का केंद्र था। विशेषज्ञों के मुताबिक 12वीं शताब्दी में आक्रमणकारियों ने इस विश्वविद्यालयों को नष्ट कर दिया था। इससे पहले करीबन 800 सालों तक इन प्राचीन विद्यालय ने ना जाने कितने छात्रों को शिक्षा दी है।

नालंदा विश्वविद्यालय की नींव गुप्त राजवंश के कुमार गुप्त प्रथम ने रखी थी। पांचवीं सदी में बने प्राचीन विश्वविद्यालय में करीब 10 हजार छात्र पढ़ते थे, जिनके लिए 1500 अध्यापक हुआ करते थे। छात्रों में अधिकांश एशियाई देशों चीन, कोरिया और जापान से आने वाले बौद्ध भिक्षु होते थे। इतिहासकारों के मुताबिक, चीनी भिक्षु ह्वेनसांग ने भी सातवीं सदी में नालंदा में शिक्षा ग्रहण की थी। उन्होंने अपनी किताबों में नालंदा विश्वविद्यालय की भव्यता का जिक्र किया है। यह बौद्धों के दो सबसे अहम केंद्रों में से एक था।

******************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की सरफिरा का ट्रेलर रिलीज

अजय देवगन की फिल्म औरों में कहां दम था का पहला गाना तू हुआ रिलीज

बिहार : अररिया में बकरा नदी पर बना पुल उद्घाटन से पहले गिरा

अररिया ,18 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बिहार के अररिया में बकरा नदी पर बना 100 मीटर का पुल मंगलवार को टूटकर नदी में बह गया। पुल का आने वाले दिनों में उद्घाटन किया जाना था।पुल को 12 करोड़ रुपये की लागत से सिकटी प्रखंड क्षेत्र के पड़रिया घाट पर बनाया गया था। यह पूरी तरह से बना भी नहीं था।पुल के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें पुल 2 हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सिकटी विधायक विजय मंडल ने बताया कि पुल को ग्रामीण विकास कार्य विभाग की ओर से बनाया जा रहा था।पुल के समानांतर सड़क नहीं बनी थी और इसके खंभों को जमीन पर गाड़कर खड़ा किया गया था।

घटना के बाद एजेंसी के अधिकारी और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच शुरू हो गई है। बता दें, इससे पहले सुपौल और भागलपुर में भी नदी पर बना पुल गिर चुका है।

***************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बन रहा भारत

HAL को मिला नया ऑर्डर

नई दिल्ली 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : भारत की डिफेंस कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को रक्षा मंत्रालय की ओर से 156 लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर का ऑर्डर मिला है। नया ऑर्डर मिलने के साथ ही एचएएल के शेयर में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है और दोपहर 12 बजे यह 5,470 रुपये पर था।

एचएएल द्वारा रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा गया कि कंपनी को रक्षा मंत्रालय की ओर से 156 लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरपीएफ) मिला है। 156 में से 90 हेलीकॉप्टर भारतीय सेना और 66 हेलीकॉप्टर भारतीय वायु सेना के लिए हैं।

बता दें, आरपीएफ एक दस्तावेज होता है जिसमें किसी भी सरकार या कंपनी द्वारा अपनी आवश्यकताओं को बताया जाता है। इसमें सामान खरीदने के प्रोसेस, टाइमलाइन, नियम और शर्तों की जानकारी होती है। माना जा रहा है कि ये टेंडर 45,000 से 50,000 करोड़ रुपये का हो सकता है।

156 लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर खरीदने का प्रस्ताव एचएएल को दिया जाना, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भर बनने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नई सरकार बनने के बाद कार्यभार संभालते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा उद्देश्य देश की सुरक्षा को मजबूत करना है। साथ ही रक्षा जरूरतों में आत्मनिर्भरता हासिल करना है।

156 लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर का नया ऑर्डर मिलने से पहले एचएएल के पास 38,561 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक थी। हाल ही में भारत और अमेरिका के बीच एडवांस जीई इंजन बनाने को लेकर समझौता हुआ है। ये इंजन एचएएल की ओर से बनाए जाएंगे।

भारत में डिफेंस इंडस्ट्री तेजी से विकसित हो रही है। एक अन्य सरकारी डिफेंस कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) की ऑर्डर बुक 75,934 करोड़ रुपये की है। एलएंडटी, जो कि डिफेंस क्षेत्र में भी कारोबार करती है, उसकी ऑर्डर बुक 94,000 करोड़ रुपये की है।

******************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

 नालंदा विश्वविद्यालय : 815 साल का लंबा इंतजार होगा खत्म

 नालंदा विश्वविद्यालय के परिसर का उद्घाटन करेंगे PM मोदी

नालंदा 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : बिहार का नालंदा विश्वविद्यालय, प्राचीन शिक्षा का ऐसा केंद्र जिसको आक्रांताओं ने तबाह तो कर दिया था लेकिन, शिक्षा का यह केंद्र एक बार फिर से जनसेवा के लिए, शिक्षा के विश्वव्यापी प्रसार के लिए तैयार खड़ा है। 815 साल बाद नालंदा एक बार फिर से पूरी दुनिया में शिक्षा की अलख जगाने और इतिहास रचने के लिए उठ खड़ा हुआ है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजगीर और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा होने वाला है।

इसको लेकर एसपीजी ने दोनों स्थलों पर अपनी कमान संभाल ली है। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले यहां की तैयारियों का जायजा लिया गया। इस दौरान नालंदा विश्वविद्यालय परिसर में एसपीजी द्वारा उच्च अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक भी की गई। बैठक में सुरक्षा के हर पहलू पर विचार-विमर्श किया गया और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए कई आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

19 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नालंदा विश्वविद्यालय के नेट जीरो परिसर का शुभारंभ करने वाले हैं, जो 455 एकड़ में 1749 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। साथ ही, प्रधानमंत्री प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष का अवलोकन भी करेंगे और नालंदा विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण करेंगे।

प्रधानमंत्री के साथ भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नालंदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति अरविंद पनगढ़िया भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान नालंदा विश्वविद्यालय के स्थापना में अहम योगदान देने वाले कुल 17 देशों के राजदूत भी शामिल होंगे। नालंदा विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे कई देशों के छात्र-छात्राएं भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

कुलपति प्रोफेसर अभय कुमार सिंह ने बताया कि भारत को विश्व गुरु बनाने का जो हमारा लक्ष्य है, उसके प्रति यह एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की स्थापना से नालंदा के गौरवशाली अतीत को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया गया है। इस परिसर में विगत सत्र में 26 देशों के बच्चे अध्ययन कर रहे थे, जिनमें उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका, दक्षिण एशिया, और मध्य एशिया के देशों के छात्र शामिल हैं। यह पवित्र भूमि है, शांति और ज्ञान की भूमि है।

****************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बना कच्चा ढाबा टूटा

सात तीर्थ यात्री घायल

रुद्रप्रयाग/देहरादून 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): उत्तराखंड स्थित भगवान शंकर के ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ के पैदल यात्रा मार्ग पर सोमवार देर शाम एक कच्चा ढाबा अकस्मात टूटने से उसमें खाना खाते तीर्थयात्री ढाबे के मलवे में दब गए। राहत दलों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने मंगलवार को बताया कि केदारनाथ धाम की यात्रा पर पहुंचे सोनीपत (हरियाणा) निवासी समीर द्वारा देर रात आपदा कंट्रोल प्रबंधन को सूचित किया गया कि यात्रा पड़ाव मीठा पानी के समीप एक कच्ची दुकान (ढाबा) अचानक टूट गई है। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची तथा दुकान के अंदर मलबे में दबे सभी घायल व्यक्तियों को एमआरपी, गौरीकुंड लाई। जहाँ डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उक्त घायल व्यक्तियों को टीम द्वारा एम्बुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर भेज दिया गया है।

रजवार ने बताया कि हादसे में निकान्त यादव (14) पुत्र शिव सिंह यादव, रीना यादव (36) पत्नी शिव सिंह यादव, रेखा यादव (35) पत्नी प्रताप सिंह, आराध्य यादव (13) पुत्र प्रताप सिंह, श्रेयांश पुत्र (13) प्रताप सिंह, कार्तिक यादव (09) पुत्र शिव सिंह, सभी निवासी मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं और उज्ज्वल भाटिया फरीदाबाद (हरियाणा) को घायल अवस्था में हायर सेंटर भेजा गया है।

******************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

पति को ठिकाने लगाने के लिए पत्नी ने बुलाए भाड़े के शूटर

अम्बाला 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – हरियाणा के पानीपत के बराड़ा मर्डर केस में बड़ा खुलासा सामने आया है जिसके बाद पुलिस एक्शन मोड में है। इस मामले में सामने आया कि ढाई साल पहले विनोद का मर्डर सुपारी देकर करवाया गया था। जिसमें उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पत्नी को ठिकाने लगाने के लिए इस सनसनीखेज वारदात में शामिल थी। पुलिस टीम ने आरोपी सुमित उर्फ बंटू निवासी गोहाना को सेक्टर 11/12 की मार्केट से गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार लिया और कई खुलासे किए।

जिम ट्रेनर से हुआ पत्नी को प्यार

रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी सुमित उर्फ बंटू ने पुलिस को बताया, साल 2021 में वह पानीपत की एक जिम में ट्रेनिंग देता था। विनोद की पत्नी निधि भी वहां एक्सरसाइज करने के लिए आती थी। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हो गई। विनोद को उन दोनों के बारे में पता चला गया तो उसकी एक दो बार कहासुनी भी हुई। विनोद घर पर अपनी पत्नी निधि के साथ भी झगड़ा करने लगा। बाद में उसने और निधि ने विनोद की एक्सीडेंट में हत्या करवाने की साजिश रची।

भाड़े के शूटर, 10 लाख रुपए और घर खर्च  

एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया पूछताछ में आरोपी सुमित उर्फ बंटू ने बताया, वह जानकार ट्रक ड्राइवर देव सुनार उर्फ दीपक निवासी भटिंडा से मिला और उसको 10 लाख रुपए नकद और घर का सारा खर्च देने का प्रलोभन देकर वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया। सुमित ने देव सुनार को पंजाब नंबर की एक लोडिंग पिकअप गाड़ी दिलवाई।

देव सुनार ने 5 अक्टूबर 2021 को जान से मारने की नीयत से उक्त गाड़ी से सीधी टक्कर मारकर विनोद का एक्सीडेंट कर दिया। एक्सीडेंट मे विनोद की मौत नहीं हुई तो बाद में दोनों ने पिस्तौल से विनोद को मरवाने का प्लान बनाया। देव सुनार की जेल से जमानत करवाई और उसको दोबारा से तैयार कर अवैध हथियार उपलब्ध करवा माफी मांगने के बहाने विनोद बराड़ा के घर भेजा। इसके बाद 15 दिसंबर 2021 को देव सुनार ने घर में घुसकर पिस्तौल से विनोद बराड़ा की गोली मारकर हत्या कर दी।

आरोपी सुमित उर्फ बंटू जेल में बंद देव सुनार के केस और घर पर परिवार का पूरा खर्च खुद दे रहा था। प्लान के अनुसार, निधि मार्च 2024 में अदालत में अपनी गवाही से मुकर गई। पुलिस कप्तान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी निधि को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने सुमित उर्फ बंटू के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने के बारे में स्वीकार कर लिया। रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

एक फोन से बदल गया केस

एसपी अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी देव सुनार पानीपत जेल बंद था। पुलिस की ओर से कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका था और मामला ट्रायल पर था। इसी बीच बीते दिनों पहले मृतक विनोद बराड़ा के भाई का वॉटसअप पर एक मैसेज आया। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भाई ने मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता होने का संदेह जताया।

इसको गंभीरता से लेते हुए सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार को जांच की जिम्मेदारी सौपी गई। जिसके बाद पुराने राज को फिर से खंगाला गया और गहनता से जांच की गई। जिसके बाद आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

**************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

बीच सड़क पर रिंच से युवती का खौफनाक मर्डर

मारने के बाद बोला मेरे साथ ऐसा क्यों किया?

पालघर 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  – महाराष्ट्र के वसई शहर की एक मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति को रिंच से युवती को मारते हुए देखा गया। उस दौरान कुछ लोग इसे देखते रहे और घटना का वीडियो बनाते रहे। पुलिस ने मंगलवार को ये जानकारी दी।

वसई में गौरईपाड़ा में एक व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हत्या की घटना मंगलवार सुबह हुई। व्यक्ति युवती के खून से लथपथ शव के पास बैठा रहा और कुछ बुदबुदाता रहा। सूचना मिलने पर वालिव पुलिस स्टेशन की एक टीम मौके पर पहुंची, व्यक्ति को हिरासत में लिया और युवती के शव को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, शख्स की पहचान रोहित यादव (29) के रूप में हुई है और मृतका आरती जाधव (22) है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, नालासोपारा शहर के पास रहने वाले इस जोड़े के बीच पिछले दो साल से रिश्ता था, लेकिन रोहित को अचानक संदेह हुआ कि वह उसे धोखा दे रही है। फिर उनके बीच बहुत झगड़ा हुआ और रोहित ने चुपचाप उसके खिलाफ रंजिश पाल ली। मंगलवार सुबह (18 जून), वह वसई में एक निजी कंपनी में काम करने के लिए अपने घर से निकली।

तभी जहां गुस्साए रोहित ने गौरीपाड़ा में उससे बात की और पूछा कि उसका किसके साथ रिश्ता चल रहा है। जब वह जाने लगी तो रोहित ने अपने हाथ में लिए लोहे के रिंच से उसके सिर पर बार-बार वार किया और उसे खून से लथपथ सड़क पर गिरा दिया। वह कुछ कदम आगे बढ़ा और फिर वापस आकर देखा कि वह जिंदा है या नहीं।

जिंदा देख कर उसने पूरी ताकत से उसकी गर्दन पर वार किया और तब तक करता रहा, जब तक कि युवती की मौत नहीं हो गई। इसके बाद, वह सड़क पर उसके पास बैठ गया और कहने लगा: “मेरे साथ ऐसा क्यों किया?” आरती 12वीं तक पढ़ी है। वो गुलाबी रंग का टॉप और नीली लेगिंग पहने हुई थी।हाल ही में उसने कोई नौकरी शुरू की थी।

इस दौरान हालांकि एक व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन रोहित ने उसे धक्का देकर दूर कर दिया। लेकिन हैरानी की बात है कि दूसरे राहगीर और दुकानदार सड़क पर हो रही इस भयानक घटना को देखते रहे, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते रहे, लेकिन किसी ने भी आगे आकर उस व्यक्ति को रोकने या युवती की मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई।

**************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

आज जारी होगी किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त

वाराणसी 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वाराणसी में पीएम किसान सम्मान सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां वह किसान सम्मान निधि की 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की 17वीं किस्त जारी करेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी का अपने निर्वाचन क्षेत्र का यह पहला दौरा है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत लगभग 9.26 करोड़ लाभार्थी किसानों को 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की 17वीं किस्त जारी करने संबंधी फाइल पर हस्ताक्षर किये थे। अब वह वाराणसी में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से यह राशि किसानों के बैंक खातों में जारी करेंगे।

अब तक पीएम-किसान के तहत 11 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों को 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक का लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की 30 हजार से अधिक महिलाओं को कृषि सखी के रूप में प्रमाणपत्र भी प्रदान करेंगे। कृषि सखी कार्यक्रम का उद्देश्य पैरा एक्सटेंशन वर्कर के रूप में प्रशिक्षण और प्रमाणन प्रदान करके ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाकर गांवों का कायाकल्प करना है। यह सर्टिफिकेशन कोर्स केंद्र के ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम के उद्देश्यों के अनुरूप भी है।

इसके बाद प्रधानमंत्री दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखेंगे और यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएम रात को वाराणसी में ही रुकेंगे और बुधवार सुबह बिहार के लिए रवाना होंगे।

*****************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

राहुल गांधी ने वायनाड की जनता को धोखा दिया

इसे अपने परिवार की संपत्ति बनाना चाहते हैं : भाजपा

तिरुवनंतपुरम 18 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । केरल के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने मंगलवार को वायनाड सीट छोड़ने को लेकर राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वहां की जनता को धोखा दिया है। वह वायनाड को अपने परिवार की संपत्ति बनाना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने घोषणा की कि वह वायनाड सीट छोड़ रहे हैं। कांग्रेस ने उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को इस सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

मुरलीधरन ने कहा, “यह वायनाड के मतदाताओं के साथ सरासर धोखा है। निष्पक्ष रूप से कहें तो उन्हें प्रचार के दौरान ही वायनाड के लोगों को यह बता देना चाहिए था कि अगर वह जीतते हैं तो वह सीट छोड़ देंगे। लेकिन उन्होंने वायनाड में मतदान खत्म होने का इंतजार किया और जब मतदान खत्म हो गया तब रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। यह धोखा नहीं तो और क्या है।”

लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी वायनाड सीट से दोबारा जीत गए, लेकिन इस बार कम अंतर से।

2019 में उन्होंने 4.30 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी और 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की जीत का अंतर घटकर 3.60 लाख वोट रह गया।

हाल के चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने कहा कि अब जब प्रियंका गांधी वाड्रा को उनकी सीट से मैदान में उतारा जा रहा है, तो गांधी परिवार पलक्कड़ विधानसभा सीट से रॉबर्ट वाड्रा को उतार सकता है। पलक्कड़ में भी उपचुनाव होना है।

***************************

Read this also :-

पुष्पा 2: द रूल की रिलीज की तारीख से उठा पर्दा

फिल्म डबल इस्मार्ट की रिलीज डेट आई सामने

बिहार में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून की तैयारी

विधानसभा सत्र में आएगा प्रस्ताव

पटना 17 June (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘सात निश्चय’ के तहत अगले साल तक प्रदेश में 5 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सुशासन के कार्यक्रम 2020-25 के तहत 15 दिसंबर 2020 से लागू ‘सात निश्चय-2’ के अंतर्गत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया था।

इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उप मुख्यमंत्री, संबंधित विभागों के मंत्रियों, सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अगले एक वर्ष में लक्ष्य प्राप्ति के लिए बची हुई नौकरी एवं रोजगार देने के काम को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जाता है कि अब तक 5.16 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 1.99 लाख सरकारी नौकरी से संबंधित नियुक्तियों के लिए प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। अगले तीन महीने के अंदर नियुक्ति पत्र वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नियुक्ति करने वाले विभिन्न आयोगों को 2.11 लाख नई नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त अगले एक महीने में 2.34 लाख रिक्तियों की अधियाचना विभिन्न आयोगों को भेजी जाएगी। आगामी वर्ष में नियुक्ति के लिए 72 हजार और रिक्तियां होने का अनुमान है, जिसकी अधियाचना अगले वर्ष भेजी जाएगी।

‘सात निश्चय- 2’ के अंतर्गत 5.16 लाख नियुक्तियां की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 1.99 लाख नियुक्ति पत्र वितरण के लिए तैयार हैं। साथ ही 5.17 लाख रिक्तियों के विरूद्ध नियुक्ति प्रक्रियाधीन है। इस तरह कुल 12 लाख से अधिक सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य वर्ष 2024-25 तक रखा गया है।

‘सात निश्चय-2’ के तहत 10 लाख सरकारी नौकरी देने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, उसे पार करते हुए अगले वर्ष तक 12 लाख से अधिक लोगों को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस अभियान के तहत 10 लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 22 लाख से अधिक रोजगार सृजित किए जा चुके हैं और आने वाले एक वर्ष में 11 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने नियुक्ति के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे और परीक्षा में किसी प्रकार की अनियमितता और प्रश्न पत्र लीक न हो, इसको लेकर एक सख्त कानून बनाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इससे संबंधित प्रस्ताव आगामी विधानसभा के सत्र में लाया जाए।

******************************

Read this also :-

अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल की रिलीज टली

बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन चंदू चैंपियन की कमाई में उछाल