Beware of number plate tamperers Strict campaign by Ranchi Traffic Police

नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले सावधान: रांची ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान

रांची,29.03.2026 – : राजधानी रांची में वाहन नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक इस मामले में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और कुछ आरोपियों को जेल भी भेजा गया है।

हाल के दिनों में शहर के पुनदाग, खेलगांव और टाटीसिलवे थाना क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर लूट की कई घटनाएं सामने आई हैं। जांच में यह बात सामने आई कि अपराधियों ने जिन वाहनों का इस्तेमाल किया, उनकी नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई थी या कई मामलों में नंबर प्लेट गायब थी, जिससे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान नहीं हो सकी।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पहले लोग ऑनलाइन चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट में बदलाव करते थे, लेकिन अब अपराधी भी इसी तरीके का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

इस मामले पर राकेश सिंह ने कहा कि बीते 2-3 महीनों में 10 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं। 4 लोगों को जेल भेजा गया है, जबकि करीब 50 वाहनों को जब्त कर कोर्ट में कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नंबर प्लेट में छेड़छाड़ करना एक आपराधिक अपराध है और इसमें कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

राजधानी में ट्रैफिक पुलिस द्वारा सभी चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि ऐसे वाहनों को तुरंत पकड़कर कोर्ट प्रॉसिक्यूशन के लिए भेजा जाए।

दरअसल, अब शहर में अधिकांश जगहों पर कैमरों के जरिए स्वचालित चालान काटे जा रहे हैं। इससे बचने के लिए कुछ लोग नंबर प्लेट पर कपड़ा या अन्य चीजें लगाकर नंबर छिपाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब इस तरह की हरकतों पर पुलिस की नजर है।

******************************