All posts by Dilip Singh

रघुराम राजन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने रविवार को हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मौकेे पर उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, जो वित्त मंत्री भी हैं और उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डी. श्रीधर बाबू भी उपस्थित थे।

केंद्र सरकार के आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्य कर चुके राजनकाम किया, ने रेवंत रेड्डी के साथ अपने अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने वर्तमान वित्तीय स्थिति और राज्य के आर्थिक विकास के लिए अपनाई जाने वाली आवश्यक रणनीति पर चर्चा की।

राजन ने राज्य की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए कुछ सुझाव दिए।

इस मौके पर मुख्य सचिव शांति कुमारी, विशेष सचिव, वित्त रामकृष्ण राव और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव शेषाद्री भी उपस्थित थे।

************************

 

बंगाल को बेवजह संसद की सुरक्षा में सेंधमारी से जोड़ा जा रहा : ममता

कोलकाता ,17 दिसंबर (एजेंसी)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कहा कि हाल ही में संसद भवन में हुई सुरक्षा में सेंधमारी से जानबूझकर पश्चिम बंगाल को जोड़ा जा रहा है, ताकि वहां की गंभीर सुरक्षा खामियों से ध्यान भटकाया जा सके।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मामले के मुख्य आरोपी ललित झा का पश्चिम बंगाल से कोई घनिष्ठ संबंध नहीं है।

उन्होंने झा के कथित बंगाल कनेक्शन के बारे में अपनी पहली टिप्पणी में कहा, उसके बिहार और झारखंड से संबंध थे, पश्चिम बंगाल से नहीं। इसलिए अनावश्यक रूप से इस मामले में हमारे राज्य का नाम घसीटा जा रहा है। यहां तक कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी इस मामले में

सुरक्षा व्यवस्था में खामियां स्वीकार की हैं। हम बस इतना चाहते हैं कि किसी स्वतंत्र एजेंसी से पूरी तरह से जांच हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस सुरक्षा चूक मुद्दे पर सदन में मुखर रहे विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया।

ममता को नई दिल्ली में 19 दिसंबर को विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक में भाग लेना है और 20 दिसंबर को प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना है।

बैठक में उनके साथ तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी के भी आने की काफी संभावना है।

**************************

 

अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा : चंद्रबाबू

अमरावती ,17 दिसंबर (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि अमरावती के किसानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

राज्य की तीन राजधानियां बनाने के जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार के फैसले के खिलाफ अमरावती के किसानों के विरोध के चार साल पूरे होने पर तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) सुप्रीमो ने कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

नायडू ने एक्स पर पोस्ट किया, चार साल हो गए हैं जब आंध्र प्रदेश को बिना राजधानी वाला राज्य बनाने के लिए भविष्य के शहर अमरावती को छोड़ दिया गया। एक लालची, ईर्ष्या से भरे आदमी जगन मोहन रेड्डी के विनाशकारी फैसलों के कारण हजारों किसान जिन्होंने अपनी जमीनें दे दी थीं, अब सड़कों पर हैं।

आगामी चुनाव में राज्य में टीडीपी के सत्ता में आने को लेकर आश्वस्त नायडू ने कहा कि तीन महीने में सभी गलतियां ठीक हो जाएंगी।
टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने कहा कि चार साल पहले वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने अपने विभाजनकारी कदम से लोगों की राजधानी अमरावती को नष्ट करना शुरू कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये की इमारतों को मलबे में बदल दिया गया और जिन किसानों ने अपनी जमीनें दे दीं, उन्हें यातनाएं दी गईं।

उन्होंने कहा, इतना सब करने के बावजूद जगन लोगों की राजधानी अमरावती को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा सके।

चंद्रबाबू नायडू के बेटे लोकेश ने विश्वास जताया कि जगन का विनाशकारी शासन तीन महीने में समाप्त हो जाएगा।

जगन मोहन रेड्डी ने 17 दिसंबर 2019 को घोषणा की कि अमरावती को राज्य की राजधानी के रूप में विकसित करने के पिछली टीडीपी सरकार के फैसले को उलटते हुए, राज्य की तीन राजधानियाँ बनाई जाएंगी।

वाईएसआरसीपी सरकार ने विशाखापत्तनम को प्रशासनिक राजधानी, कुरनूल को न्यायिक राजधानी और अमरावती को विधायी राजधानी बनाने का प्रस्ताव रखा।

इससे अमरावती के किसानों ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिन्होंने राजधानी के लिए 33 हजार एकड़ जमीन दी थी और चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने भी मेगा परियोजना के कुछ घटकों पर काम किया था।

किसानों, महिलाओं और अन्य वर्गों के आंदोलन को रविवार को चार साल पूरे हो गए।

***************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की सेना में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने की वकालत

हैदराबाद ,17 दिसंबर (एजेंसी)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सशस्त्र बलों में परंपरा और नवीनता के बीच संतुलन बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि परंपरा का पालन करते हुए सशस्त्र बलों को नवाचार को भी समान महत्व देना चाहिए जो उन्हें बदलते समय के अनुरूप तैयार करता है।

वह हैदराबाद के बाहरी इलाके डंडीगल में वायु सेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित कर रहे थे।

प्रशिक्षण पूरा करने वाले कुल 213 फ्लाइट कैडेटों (25 महिलाओं सहित) को भारतीय वायु सेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है।

उन्होंने युवा अधिकारियों से नये विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन कभी नहीं खोने का आह्वान किया।
सिंह ने अधिकारियों को सलाह दी कि वे न केवल परंपरा को उचित महत्व दें क्योंकि वे समय की कसौटी पर कसे जा चुके हैं, बल्कि नवाचार पर भी ध्यान केंद्रित करें।

उन्होंने कहा, अगर परंपरा का पालन बिना सोचे-समझे लंबे समय तक किया जाता है, तो इससे व्यवस्था में विकृति आ जाती है। इस स्थिति से बचने के लिए लगातार बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए कुछ नया करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, अगर हम केवल परंपरा का पालन करेंगे तो हम एक मृत झील की तरह होंगे। हमें एक बहती हुई नदी की तरह बनना होगा। इसके लिए हमें परंपरा के साथ-साथ नवीनता भी लानी होगी।

रक्षा मंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि वे उड़ते रहें और ऊंचाइयों को छूते रहें, लेकिन जमीन से अपना जुड़ाव बनाए रखें।
उन्होंने नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों को बधाई दी और उनके बेदाग प्रदर्शन, सटीक ड्रिल मूवमेंट और परेड के उच्च मानकों के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने उनसे किसी भी परिस्थिति में नए विचारों, नवीन सोच और आदर्शवाद के प्रति अपना खुलापन नहीं खोने का आग्रह किया।

उन्होंने पासिंग आउट परेड को युवा अधिकारियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन बताया क्योंकि वे कैडेट से अधिकारी बनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में वे परीक्षा से पहले प्रशिक्षक से सीख रहे थे। उसके विपरीत अब वास्तविक जीवन में उन्हें पहले परीक्षा का सामना करना होगा और अपनी गलतियों से सीखना होगा। उन्होंने कहा, खुला आसमान और जीवन आज से आपके प्रशिक्षक हैं।

कमीशनिंग समारोह के दौरान, फ्लाइट कैडेटों को रक्षा मंत्री द्वारा उनकी ‘स्ट्राइप्स’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद अकादमी के कमांडेंट द्वारा स्नातक अधिकारियों को ‘शपथ’ दिलाई गई।

सिंह ने स्नातक फ्लाइट कैडेटों को राष्ट्रपति कमीशन प्रदान किया। स्नातक अधिकारियों में 25 महिलाएं शामिल थीं जिन्हें भारतीय वायुसेना की विभिन्न शाखाओं में नियुक्त किया गया है। भारतीय नौसेना के आठ अधिकारियों, भारतीय तटरक्षक बल के नौ और मित्र देशों के दो अधिकारियों को भी उनका उड़ान प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ‘विंग्स’ से सम्मानित किया गया।

रक्षा मंत्री ने प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किये। उड़ान शाखा के फ्लाइंग ऑफिसर अतुल प्रकाश को पायलट पाठ्यक्रम में समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका और वायु सेना प्रमुख स्वोर्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। फ्लाइंग ऑफिसर अमरिंदर जीत सिंह को ग्राउंड ड्यूटी शाखाओं के बीच योग्यता के समग्र क्रम में प्रथम स्थान पाने के लिए राष्ट्रपति पट्टिका से सम्मानित किया गया।

इससे पहले, रक्षा मंत्री का स्वागत वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी.आर. चौधरी ने किया। परेड द्वारा उन्हें सामान्य सलामी दी गई और उसके बाद एक प्रभावशाली मार्च पास्ट किया गया।

कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड के दौरान प्रशिक्षक विमानों द्वारा एक समकालिक फ्लाई-पास्ट किया गया, जिसमें पिलाटस पीसी-7 एमके ढ्ढढ्ढ, हॉक और किरण के साथ-साथ चेतक हेलीकॉप्टर भी शामिल थे।

परेड का समापन नए कमीशन प्राप्त अधिकारियों द्वारा रवीन्द्रनाथ टैगोर के ‘आनन्दलोके’ के स्वरों पर धीमी गति से दो कॉलम में मार्च करने के साथ हुआ।

सुखोई-30एमके1 द्वारा लुभावने एरोबेटिक शो, हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ‘सारंग’ द्वारा सिंक्रोनस एरोबेटिक्स और ‘सूर्यकिरणÓ एरोबेटिक टीम ने भी परेड में हिस्सा लिया।

**************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आप परिवार के साथ समय बिताएंगे। घर का वातावरण खुशनुमा बना रहेगा। छोटे बच्चों को कोई बड़ा सरप्राइज मिल सकता है। कुछ लोग आपके किसी काम में मदद भी कर सकते हैं। आपको किस्मत का पूरा-पूरा साथ मिलेगा। दूसरे लोग आपके कामकाज से प्रभावित होंगे। आपकी तरक्की के नये रास्ते खुलेंगे। आप किसी काम को नये सिरे से। शुरू करने के बारे में विचार कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ सहयोगियों की जरूरत पड़ सकती है। सेहत को लेकर थोड़ा ध्यान रखने की जरूरत है।

* शुभ रंग

*अंक- लाल 4

वृष राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। ऑफिस के किसी काम से आपकी लम्बी यात्रा हो सकती है। यात्रा लाभदायक रहेगी। बुजुर्ग अपने किसी बचपन के दोस्त से मिलकर अपनी पुरानी यादों को फिर से ताजा करेंगे। आज आपके आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आयेगा। व्यावसायिक कार्यों के लिहाज से आज का दिन बेहतर है। आप हर काम को धैर्य और समझदारी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। जो लोग फिल्म जगत से जुड़े हैं उनको आज काम का अच्छा ऑफर मिल सकता है।

* शुभ रंग

*अंक- नीला 2

मिथुन राशि-

आज आपका दिन उत्साह से भरा रहने वाला है। आपका रुझान अध्यात्म की तरफ रहेगा, आप किसी धार्मिक कार्यक्रम की योजना बना सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपको बढ़ोत्तरी के नये अवसर मिलेंगे। इस राशि के जो लोग मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। उनके लिए लाभ के योग बन रहे हैं। अगर आप कोई नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं तो आज आपके लिए शुभ दिन है। घर में खुशियां बनी रहेंगी। आज शत्रु पक्ष आपके सामने नतमस्तक होगा। छात्र किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने का मन बनाएंगे।

* शुभ रंग

*अंक- पिच 6

कर्क राशि-

आज का दिन आपके लिए मिला-जुला रहेगा। किसी जरूरी चीज को खरीदने में आपके पैसे खर्च हो सकते हैं। इस राशि के जो लेखक हैं, उनकी कोई कविता लोगों को काफी पसंद आएगी। आपको किसी संस्था के द्वारा सम्मानित भी किया जा सकता है। जीवनसाथी के साथ आपका ताल मेल अच्छा बना रहेगा, घर का फैंसी डेकोरेशन करवाने का मन बना सकते हैं। आपको किसी जरूरी काम में पड़ोसियों का सहयोग मिलेगा, आपका बिगड़ता काम बन जायेगा। माता-पिता का आशीर्वाद आपके साथ बना रहेगा। स्टूडेंट आज कोई नया कोर्स ज्वाइन कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- मैहरुन 7

सिंह राशि-

आज का दिन शानदार रहेगा। ऑफिस में आपको मनपसंद काम दिया जा सकता है। काम करने में मन लगा रहेगा। आपसे एक्सपर्ट के तौर पर।सलाह ली जा सकती है। इस राशि के लोगों की प्राइवेट नौकरी में प्रमोशन के साथ ही।इनकम बढऩे के भी चांस नजर आ रहे हैं। छात्र अपने कुछ विषयों को लेकर अधिक रुचि दिखायेंगे। एजुकेशन सेक्टर में काम कर रहे लोगों का दिन राहत से भरा रहेगा। बिजनेसमैन को काम में कुछ नए अनुभव मिल सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- सिल्वर 8

कन्या राशि-

आपके लिए दिन अनुकूल रहने वाला है। लोग आपके काम की तारीफ करेंगे। आप खुद भी अपने काम से संतुष्ट रहेंगे। जीवनसाथी के साथ बाहर डिनर पर जाने का अच्छा मौका है, किसी रेस्टोरेंट जयेंगे। स्पोर्ट्स से जुड़े लोग किसी नई एक्टिविटी में भाग लेंगे। आज आपकी सेहत अच्छी बनी रहेगी।छात्र अपने करियर के लिए किसी सीनियर से सलाह ले सकते हैं, सही सलाह आपके करियर को किसी अच्छे मुकाम पर पहुंचा सकती है। आपको काम में मुनाफा मिलेगा।

* शुभ रंग

*अंक- बैंगनी  9

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आपके सभी काम समय से पूरे होंगे।ऑफिस में आपको सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। आपके सकारात्मक विचार किसी व्यक्ति को प्रभावित कर सकते हैं। आपकी मदद दूसरों के लिए फायदेमंद होगी। स्टूडेंट्स अपनी पढ़ाई को लेकर कुछ बदलाव कर सकतेहैं। कठिन विषयों को समझने के लिए अपने सिनीयर की मदद लेंगे। आज आप घर के किसी काम में जीवनसाथी की मदद भी ले सकते हैं। रिश्ते बेहतर रहेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- गोल्डन, 6

वृश्चिक राशि-

आज का दिन जीवन में।किसी नयी खुशी का संकेत लायेगा। जीवनसाथी कोई बड़ी खुशखबरी दे सकते हैं जिससे परिवार के बाकी लोग भी काफी खुश नजर आयेंगे। रिश्तों और काम के बीच तालमेल बना रहेगा। आर्थिक रूप से आप स्ट्रांग रहेंगे। इंजीनियर्स को कोई बड़ा फायदा होगा। इस राशि के जोमैनेजर पोस्ट के लोग है अपने काम को अच्छे से संभालेंगे। बच्चों के साथ शॉपिंग करने मॉल जा सकते हैं, उन्हें काफी अच्छा लगेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है।

* शुभ रंग

*अंक- गुलाबी 8

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। काम की गति बनी रहेगी। आप खुद को रिलेक्स फील करेंगे। इस राशि के जो लोग अविवाहित हैं, उनके रिश्ते की बात घर पर चल सकती है। घर का माहौल अच्छा रहेगा। काम के मामले में कुछ लोग आपसे सलाह मांग सकते हैं। वर्क फ्रॉम होम कर रहे लोगो का काम अच्छा चलेगा।दूसरे लोग भी आपकी योजना से प्रभावित होंगे। माता पिता से भविष्य की योजना के बारे में विचार विमर्श कर सकते हैं।

* शुभ रंग

*अंक- ग्रे 4

मकर राशि-

आज का दिन जीवन में अहम मोड़ लायेगा। आपको अपने करियर का कोई बड़ा फैसला लेना पड़ सकता है। ध्यान रहे जो भी करें, सोच-समझ कर करें। काम की वजह से आप परिवार को पूरा समय नहीं दे पायेंगे। लेकिन परिवार का साथ बना रहेगा। कुछ मामलों में थोड़ा भावुक हो सकते हैं। राइटर की कोई बुक पब्लिश होगी, जिसे लोगों का काफी प्यार मिलेगा। आपकी वाणी में मधुरता बनी रहेगी। नए कामों को करने में भाग्य आपका पूरा साथ देगा। छात्रों के लिए आज का दिन उनके अनुकूल रहेगा।

* शुभ रंग

*अंक- पीला 9

कुंभ राशि-

आज का दिन नई उमंगों के साथ शुरू होने वाला है। आपका कोई नजदीकी मित्र आपसे मिलने आ सकता है। आप उनसे अपनी कोई निजी समस्या शेयर कर सकते हैं। परिवार की उलझनों को सुलझाने में आपको मदद मिलेगी। इस राशि के छात्रों के लिए दिन ठीक-ठाक है।पढ़ाई में आ रही समस्याएं दूर हो जाएगी। आपको नतीजों की ज्यादा फिक्र ना करके अपने काम पर ध्यान देने की जरूरत है। बड़े-बुजुर्ग आपको कोई खास सलाह भी दे सकते हैं। नवविवाहित दंपत्ति के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, एक दूसरे को समझने की कोशिश करेंगे।

* शुभ रंग

*अंक- नारंगी 2

मीन राशि-

आज आपका दिन शानदार रहेगा। लोग आपकी बातों पर पूरा ध्यान देंगे। यात्रा की योजना बन सकती है। पैसों से जुड़ी समस्याओं का समाधान आज निकल जायेगा। रोजमर्रा के काम पूरे हो सकते हैं। दिनभर मस्ती के मूड में रहेंगे। आपको किस्मत का साथ मिलेगा। अधिकारी आपके काम की तारीफ करेंगे। दूसरों के सामने अपनी बात को खुलकर रख सकते हैं। लोग आपकी बातों को इम्पोर्टेंस देंगे। शाम को जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बीतेगा। प्रसाशनिक कार्यों में आज आपको सफलता मिलेगी।

* शुभ रंग

*अंक- हरा, 5

***************************

 

बहुत गंभीर जांच कर पता लगाना होगा कि संसद सुरक्षा उल्लंघन के पीछे कौन हैं: मोदी

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुए उल्लंघन पर विपक्षी दलों की विस्तृत बयान की मांग के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली टिप्पणी में इस घटना को “बहुत गंभीर” करार दिया और कहा कि विस्तृत जांच की जाएगी और इसके पीछे कौन से तत्व हैं इसका पता लगाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए।

मोदी ने एक मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में बताया ,”लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि इसके पीछे कौन से तत्व हैं और उनके उद्देश्य क्या हैं। इस पर बहस करने की कोई जरूरत नहीं है, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।”

गौरतलब है कि 2001 के संसद हमले की 22वीं बरसी पर 13 दिसंबर को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दो लोग लोकसभा की आगंतुक गैलरी से कूद गए और पीले रंग का धुआं भी फेंक दिया। उन्हें सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस ने संसद के बाहर से दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया। मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

शनिवार को, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 13 दिसंबर की सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान नहीं देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना की और यह भी कहा कि वे वोट मांगने के लिए पहले प्रधान मंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी का उपहास करते रहने की उनकी आदत है।

यहां पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा, “यह सुरक्षा उल्लंघन एक गंभीर मुद्दा है और सरकार इस पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है। हम संसद में बार-बार पूछ रहे हैं कि गृह मंत्री को सुरक्षा उल्लंघन पर संसद में बयान देना चाहिए।” राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा,”लेकिन गृह मंत्री सदन में नहीं आना चाहते हैं और क्या हुआ और क्या कारण थे इस पर बयान नहीं देना चाहते हैं।

लेकिन वह टेलीविजन शो में जाते हैं और बयान देते हैं। वह सदन चलाने के लिए तैयार नहीं हैं। यह अच्छा नहीं है। और जो लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं, हमें उनसे कोई उम्मीद नहीं है। ” शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार संसद सुरक्षा मामले को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सुरक्षा उल्लंघन के पीछे बेरोजगारी और महंगाई मुख्य कारण है।

भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें और इंडिया ब्लॉक के नेताओं को संसद उल्लंघन में शामिल लोगों के कांग्रेस, टीएमसी और सीपीआई (एम) के साथ घनिष्ठ संबंधों के बारे में बताना चाहिए। एक्स पर एक पोस्ट में, बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, राहुल गांधी कभी निराश नहीं करते, हमेशा बेकार बातें करते हैं। भारत में बेरोजगारी 3.2 प्रतिशत है, जो छह वर्षों में सबसे कम है।

**************************

 

स्वतंत्रता से संबंधित जमानत आवेदनों पर जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी)-सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया है कि अग्रिम जमानत आवेदन सहित जमानत आवेदनों पर निर्णय स्वतंत्रता से संबंधित हैं और सभी उच्च न्यायालयों द्वारा शीघ्रता से इस पर फैसला लिया जाना चाहिए। न्यायमूर्ति सीटी रविकुमार और न्यायमूर्ति संजय कुमार की पीठ ने यह टिप्पणी तब की जब उसने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के एक आदेश के खिलाफ एक आरोपी द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका पर सुनवाई की, जिसमें उसके आवेदन को “कालानुक्रमिक क्रम में” सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया गया था।

पीठ ने कहा, “हमें यह मानने में कोई झिझक नहीं है कि इस तरह का आदेश अग्रिम जमानत/नियमित जमानत से संबंधित मामले में निश्चितता के बिना, वह भी मामले को स्वीकार करने के बाद, निश्चित रूप से आवेदन पर विचार करने में देरी करेगा और ऐसी स्थिति व्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए हानिकारक होगी।”

अपने आदेश में, शीर्ष अदालत ने कहा कि यह “चिंता का विषय” है कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता से संबंधित मामलों पर जल्द से जल्द निर्णय लेने की आवश्यकता के बार-बार आदेशों के बावजूद, वही स्थिति बनी हुई है।

इसने आदेश दिया कि इसके आदेश की एक प्रति रजिस्ट्रार जनरल और सभी उच्च न्यायालयों के सभी संबंधितों को भेजी जाए ताकि जल्द से जल्द जमानत आवेदनों या अग्रिम जमानत आवेदनों की सूची सुनिश्चित की जा सके। अपीलकर्ता के संबंध में, सर्वोच्च न्यायालय ने उच्च न्यायालय द्वारा लंबित अग्रिम जमानत आवेदन पर फैसला होने तक गिरफ्तारी से सुरक्षा प्रदान की। इसने स्पष्ट किया: “हम यह भी स्पष्ट करते हैं कि अंतरिम संरक्षण का अनुदान याचिकाकर्ता द्वारा दायर जमानत आवेदन पर विचार को प्रभावित नहीं करेगा और इस पर अपनी योग्यता के आधार पर विचार किया जाएगा।”

***************************

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल ने वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को किया रवाना

जयपुर 17 Dec, (एजेंसी) : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘स्वस्थ भारत” के संकल्प को साकार करती वेदांता पिंकसिटी हॉफ मैराथन को रविवार को सुबह यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शर्मा ने जगतपुरा में आयोजित इस मैराथन को सुबह सात बजे झंडी दिखाकर रवाना किया और हजारों धावकों को आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और उत्साहित रहकर देश में राजस्थान को अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यह मैराथन ‘रन फॉर जीरो हंगर‘ के महत्वपूर्ण उद्देश्य से हो रही है। इस आयोजन में 12 हजार से अधिक धावकों को एकजुट किया गया है। इससे एक लाख से अधिक जरूरतमंदों भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

हम सभी को मिलकर इस संकल्पना को साकार करना होगा। मैराथन में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किमी की कूल रन और पांच किमी की ड्रीम रन कैटेगरी में धावकों ने दौड़ पूरी कर फिटनेस और एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर वेदांता समूह एवं आयोजन से जुड़ी प्रिया अग्रवाल हेब्बर, आकर्ष हेब्बर, डॉ. स्टीव मूर, अरूण मिश्रा और डॉ. मनोज सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

***************************

 

 

भाजपा नेता ने ब्रिटेन में भारतीय छात्र के लापता होने पर जयशंकर से मांगी मदद

नई दिल्ली 17 Dec, (एजेंसी): भाजपा के एक नेता ने पूर्वी लंदन से 15 दिसंबर से लापता एक भारतीय छात्र के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मदद मांगी है। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स को जानकारी दी कि गुरशमन सिंह भाटिया लॉफबोरो विश्वविद्यालय का छात्र है और 15 दिसंबर से लापता है।

सिरसा के अनुसार, भाटिया को आखिरी बार पूर्वी लंदन के कैनरी व्हार्फ में देखा गया था। उन्होंने लॉफबोरो विश्वविद्यालय और भारतीय उच्चायोग से उनका पता लगाने का भी आग्रह किया है।

सिरसा ने एक्स पर लिखा,”लॉफ़बोरो विश्वविद्यालय के छात्र जीएस भाटिया 15 दिसंबर से लापता हैं। आखिरी बार कैनरी घाट, पूर्वी लंदन में देखा गया था। जयशंकर जी का ध्यान आकर्षित करते हुए हम उसे ढूंढने के प्रयासों में शामिल होने का आग्रह करते हैं।”

सिरसा द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए उसके विश्वविद्यालय पहचान पत्र के अनुसार, वह स्नातकोत्तर का छात्र है। इसकी वेबसाइट के अनुसार, इंग्लैंड के लीसेस्टरशायर में स्थित लॉफबोरो विश्वविद्यालय में 130 से अधिक देशों के लगभग 18,000 अंतर्राष्ट्रीय छात्र हैं।

****************************

 

अंतर-धार्मिक क्रिसमस उत्सव एक महान और महत्वपूर्ण पहल: सी.टी. रवि कुमार

*चावारा सांस्कृतिक केंद्र ने क्रिसमस महोत्सव 2023 की मेजबानी की*

*शांति और सद्भाव के लिए प्रसिद्ध गणमान्य व्यक्ति और वैश्विक आस्था वाले नेता हुए एकजुट*

*महोत्सव ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विविधता में एकता का किया प्रदर्शन* 

नई दिल्ली, 17 दिसंबर (एजेंसी)।अंतर-धार्मिक ‘क्रिसमस महोत्सव’ “क्रिस्तु महोत्सव-2023” एक महान और महत्वपूर्ण पहल है, जो न केवल जश्न मनाने या उपहारों के आदान-प्रदान के बारे में है, बल्कि शांति और सद्भाव के बारे में भी है, जिसका आदर्श वाक्य है “सभी को शामिल करें, किसी को न छोड़ें”। चावारा सांस्कृतिक केंद्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति रवि कुमार ने कहा कि यह त्योहार कहीं और स्वर्ग खोजने के बजाय पृथ्वी पर रहकर यहीं स्वर्ग खोजने पर जोर देता है। इस कार्यक्रम की थीम थी ‘विविधता का उत्सव – भारत का उत्सव’ और यह डायोसेसन कम्युनिटी सेंटर, अशोक प्लेस, गोल डाक खाना, दिल्ली में आयोजित किया गया।इस उत्सव का उद्देश्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के दिव्यांग बच्चों के बीच खुशी फैलाना था। उत्सव को यूट्यूब पर भी लाइव-स्ट्रीम किया गया।

न्यायमूर्ति सी.टी. रवि कुमार के कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद दिल्ली के आर्कबिशप अनिल कूटो, फरीदाबाद के आर्कबिशप कुरियाकोस भरानिकुलांगरा और शिक्षा और मीडिया के जनरल काउंसलर डॉ. फादर मार्टिन मल्लाथ सीएमआई, जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने दर्शकों को संबोधित किया। मुख्य पादरी जनरल सेंट जॉन क्राइसोस्टॉम डायोसीज गुड़गांव-दिल्ली आरईवी. फादर वर्गीस वल्लिककट सहित मुख्य समारोहकर्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए।

इस उत्सव में कला, साहित्य और संस्कृति के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया गया, जिसमें एपिस्कोपल चर्च, विभिन्न समुदायों और क्षेत्रीय लोगों को एक साथ लाया गया, जो एक भारतीय त्योहार मनाने के समान एकता में विविधता को दर्शाता है।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर संसद सदस्य लोकसभा डॉ. लोरहो एस. फोज, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग उपाध्यक्ष श्री. केरसी कैखुशरू देबू,  भारतीय सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक गोस्वामी सुशीलजी महाराज शामिल हुए। ग्लोबल संत समाज कल्याण फाउंडेशन के संस्थापक चेयरमैन स्वामी चंद्रदेव जी, निजामुद्दीन औलिया दरगाह के ट्रस्टी सूफी अजमल निज़ामी, यहूदी समुदाय के दिल्ली प्रमुख रब्बी ईजेकील इसहाक मालेकर, आचार्य फ्रॉम चिट्स(Cihts)वाराणासी के आचार्य येशी फुंटसॉक ने भी इस अवसर पर शोभा बढ़ाई। इस मौके पर आचार्य सुशील मुनि मिशन के संस्थापक विवेक मुनिजी महाराज, गुरुद्वारा बंगला साहिब के प्रधान  पुजारी सिंह साहिब ज्ञानी रंजीत सिंह जी, सार्वजनिक सूचना बहाई उपासना गृह दिल्ली की निदेशक कार्मेल त्रिपाठी, डीएसटी संयुक्त सचिव(प्रशासन)  ए. धनलक्ष्मी, डायलॉग एंड इकोमेनिज्म कमीशन आर्क डायोसीज ऑफ दिल्ली के क्षेत्रीय सचिव आरईवी. डॉ. नॉर्बर्ट हरमन एसवीडी और केरला बीजेपी स्टेट वाइस प्रेटिडेंट एएन राधाकृष्णन भी उपस्थित रहे।

क्रिसमस के बारे में बोलते हुए आर्कबिशप अनिल कूटो ने कहा, “क्रिसमस शांति, खुशी, आशा और प्रेम का संदेश देता है। हम इस क्रिसमस को प्यार और एकता के संदेश के साथ मना रहे हैं, दिलों को जोड़ रहे हैं और इसे भारत के लिए एक त्योहार बना रहे हैं। डॉ. फादर कार्यक्रम के आयोजक, चावरा सांस्कृतिक केंद्र दिल्ली के निदेशक, रॉबी कन्ननचिरा सीएमआई ने कहा, “क्रिसमस यीशु के जन्म का स्मरणोत्सव है – प्रेम का राजकुमार जिसने सभी को शामिल किया और किसी को बाहर नहीं किया।

ईसा मसीह के निस्वार्थ प्रेम की रोशनी इस दुनिया से नफरत और ईर्ष्या के अंधेरे को दूर कर देगी। दिव्यांग बच्चों के साथ क्रिसमस मनाने से घायल मानवता ठीक हो जाती है। अधिवक्ता डॉ. के.सी. जॉर्ज ने दिव्यांग बच्चों की प्रशंसा करते हुए क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि यह त्योहार उनके स्वास्थ्य और शिक्षा में योगदान देगा। उन्होंने इसे दिलों का त्योहार बताया, जिसका लक्ष्य देश में भाईचारा और सद्भावना फैलाना है।

चावारा सांस्कृतिक केंद्र के चेयरमैन डॉ. फादर मार्टिन मैलाथ सीएमआई ने उत्सव पर टिप्पणी करते हुए इसे समाज में शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए अंतर-धार्मिक संवाद, कला, साहित्य और सांस्कृतिक चर्चा की एक पहल बताया। उन्होंने इसकी तुलना शांति, खुशी और आशा के क्रिसमस संदेश से की और अनुमान लगाया कि यह त्योहार देश में लोगों के बीच एकता का सकारात्मक संदेश फैलाएगा।

*****************************

 

एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए पीएम मोदी ने अपना काफिला रोका

वाराणसी 17 Dec, (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में अपने रोड शो के दौरान एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रोक दिया।

प्रधानमंत्री के वाहनों का काफिला एक बैरिकेड वाली सड़क के किनारे रुक गया, जबकि एम्बुलेंस को उसके बगल से जाने दिया गया।

प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वह वाराणसी और पूर्वांचल के लिए 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की 37 परियोजनाओं का शुभारंभ और उद्घाटन करेंगे।

इसमें सड़क और पुल, स्वास्थ्य और शिक्षा, पुलिस कल्याण, स्मार्ट सिटी और शहरी विकास परियोजनाएं, रेलवे और हवाई अड्डों को लेकर परियोजनाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी रविवार शाम नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के दूसरे संस्करण का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में वह काशी तमिल संगमम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो कन्याकुमारी और वाराणसी के बीच चलेगी।

पिछले साल भी इसी तरह की एक घटना में, एम्बुलेंस के लिए जगह देने के लिए गुजरात में प्रधानमंत्री का काफिला मुख्य सड़क पर रुक गया था। यह घटना तब हुई थी जब पीएम मोदी और अधिकारी अहमदाबाद से गांधीनगर जा रहे थे।

इससे पहले हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक रैली मैदान से लौटने के बाद पीएम मोदी ने एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपना काफिला रोक दिया था।

*******************************

 

भरोसा टूटने से हरियाणा में हर रोज हड़ताल कर रहे सरकारी कर्मी : कुमारी सैलजा

अंबाला 17 Dec, (एजेंसी) । पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहाकि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों का भरोसा पूरी तरह से खो चुकी है। भरोसा टूटने के कारण ही किसी न किसी महकमे के कर्मी हर रोज हड़ताल पर जा रहे हैं।

कर्मचारियों से चुनाव के वक्त किए वायदे 4 साल बीतने पर गठबंधन सरकार पूरे नहीं कर पाई है। ऐसे में मांगें मनवाने के लिए हड़ताल पर जाना कर्मचारियों की मजबूरी है, लेकिन इसका खामियाजा प्रदेश के आमजन को भुगतना पड़ रहा है।

मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि शहरी निकाय विभाग के सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण प्रदेश के शहरों में गंदगी के अंबार लगने शुरू हो गए हैं। हड़ताल लंबी चली तो शहरों में रह रहे लोगों का जीवन काफी मुश्किल हो सकता है, क्योंकि साफ-सफाई न होने व गंदगी के ढेर लगने से बदबू इनके लिए परेशानी का सबब बन सकती है।

इनके साथ ही नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम का अन्य स्टाफ, जिसमें क्लर्क, ठेके पर लगे कर्मी भी हड़ताल पर होने से आम जनता के अन्य काम होने भी बंद हो गए हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहाकि इससे पहले ग्रामीण सफाई कर्मियों की हड़ताल लंबी चल चुकी है। उस समय गांवों में गंदगी ने जीना मुहाल कर दिया था। जबकि, अपनी मांगों के लिए आशा वर्कर्स का लंबा चला संघर्ष तो किसी से भी छिपा नहीं है।

ऐसा कोई दिन नहीं जाता। जब प्रदेश के अखबारों की सुर्खियां किसी न किसी कर्मचारी संगठन की हड़ताल या धरना न बनती हों। सरकार कर्मचारियों का विश्वास खो चुकी है और कर्मचारी अब सिर्फ चुनाव के इंतजार में हैं, ताकि इस सरकार को चलता किया जा सके।

कुमारी सैलजा ने कहाकि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार अपने कर्मचारियों की मांगों को लगातार अनसुना कर रही है। मजबूरी में कर्मचारियों को सरकार तक आवाज पहुंचाने के लिए हड़ताल का सहारा लेना पड़ता है, इससे सरकारी दफ्तरों में कामकाज ठप हो जाता है और जनता के काम भी नहीं हो पाते।

गठबंधन सरकार को चाहिए कि उसने चुनाव के समय कर्मचारी संगठनों से जो भी वायदे किए थे, उन्हें बिना किसी देरी को पूरा करे। ताकि, कर्मियों के सामने हड़ताल पर जाने की नौबत ही न आए।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा रोडवेज में नए परमिट देने के विरोध में कर्मचारी यूनियन सभी डिपो पर प्रदर्शन करने कर चुकी है, लेकिन इनकी मांग को अनसुना किया जा रहा है। बिजली कर्मचारी भी अपने धरने-प्रदर्शन को चरणबद्ध तरीके से चला रहे हैं।

किसी कर्मचारी वर्ग के साथ सरकार ने वादाखिलाफी की है तो किसी की मांगों पर समय रहते विचार नहीं किया। किसी महकमे में निजीकरण के खिलाफ आवाज बुलंद हो रही है, तो कहीं पर कौशल रोजगार निगम के जरिए ठेके पर स्टाफ रखने पर नाराजगी है।

**************************

 

पश्चिम बंगाल में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

कोलकाता 17 Dec, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल पुलिस ने बीरभूम जिले में एक पत्थर की खदान से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है।

पुलिस ने बताया कि विस्फोटक शनिवार शाम को चंदनपुर इलाके में एक खाली खदान से बरामद किए गए। पुलिस ने कहा, जब्त वस्तुओं में डेटोनेटर के 150 बक्से, डेटोनेटर के छह बक्से और 14 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट शामिल हैं।

खदान के मालिक कालीन हांदा की कुछ साल पहले मौत हो गई थी और तब से खदान लावारिस हालत में पड़ी हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच की जा रही है। एनआईए पहले से ही 30 जून 2022 को बीरभूम जिले के मुहम्मदबाजार इलाके में एक यात्री वैन से 81,000 डेटोनेटर की बरामदगी से संबंधित एक पुराने मामले की जांच कर रही है।

राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के अधिकारियों ने डेटोनेटर जब्त किया और साथ ही तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई। एनआईए ने उसी साल 29 सितंबर को जांच की जिम्मेदारी संभाली और जांच शुरू होने के 90 दिनों के भीतर मामले में आरोप पत्र दायर किया।

इसी साल जुलाई में एनआईए ने इसी मामले में बीरभूम से एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता मनोज घोष को भी गिरफ्तार किया था। डेटोनेटर का उपयोग बीरभूम के इलाकों में काफी आम है, जहां कई पत्थर की खदानें हैं। डेटोनेटर का उपयोग पत्थर की खदानों में उपयोग के उद्देश्य से क्षेत्र में पत्थर के ब्लॉकों को विस्फोट करने के लिए किया जाता है।

*****************************

 

खुलासा : जयपुर में छापे 10 करोड़ के नकली नोट प्रदेशभर में खपाए

झुंझुनूं  17 Dec, (एजेंसी) । जयपुर में 10 करोड़ रुपए के नकली नोट छापकर झुंझुनूं सहित प्रदेशभर में खपाने का मामले में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने प्रदेशभर में ये नोट खपाए हैं। झुंझुनूं के चिड़ावा में हुई डीएसटी और चिड़ावा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के बाद यह चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गिरोह के लोगों ने 10 करोड़ के नकली नोट छापकर प्रदेश में खपाए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जोधपुर में रहने वाले मास्टर मांइड की तलाश कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में अमित कुमार ने बताया कि लंबे समय से वह अपने गिरोह के लोगों के साथ जयपुर में बैठकर नकली नोट छाप रहा था। 500 के अलावा 200 और 100 रूपए के नकली नोट भी छापे गए थे। जिन्हें प्रदेशभर में खपाया गया और अब तक 10 करोड़ के नकली नोट चला चुका है। पूछताछ में सामने आया कि है कि जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और झुंझुनूं में सर्वाधिक नकली नोट खपाए गए। इस खुलासे के बाद अब झुंझुनूं की जिला स्पेशल टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि झुंझुनूं डीएसटी और पुलिस थाना चिड़ावा ने शनिवार को संयुक्त कार्यवाही करते हुए नकली नोट चलाते एक बदमाश को पकड़ा है। उसके पास से 500-500 रुपए के 22 नकली नोट जब्त किए गए थे। अमित कुमार पुत्र हवासिंह जाट पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और पिलानी के पास खुडानिया गांव का रहने वाला है। वह जयपुर में बैठकर नकली नोट छापता था।

*************************

 

खडग़े ने 21 दिसंबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलाई

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। उत्तर भारत के तीन राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार के कुछ दिनों बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई है, जो पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है। यह बैठक 21 दिसंबर को बुलाई गई है।

सीडब्ल्यूसी की बैठक तीन राज्यों में पार्टी की हार और हाल ही में संसद में बड़े पैमाने पर सुरक्षा चूक के मद्देनजर हो रही है।
बैठक में 14 सांसदों – 13 लोकसभा से और एक राज्यसभा से सांसदों को शीतकालीन सत्र के शेष समय के लिए निलंबन पर भी चर्चा हो सकती है।

19 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय विकास समावेशी गठबंधन (इंडिया) ब्लॉक की बैठक निर्धारित की गई है।
पार्टी नेता ने कहा कि सीडब्ल्यूसी के दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पार्टी की रणनीति सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

******************************

 

वसुंधरा, शिवराज समेत संसद से इस्तीफा देकर विधायक बने नेताओं को भी मिलेगी अहम जिम्मेदारी

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के चयन के साथ ही उन नेताओं के भविष्य को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं जिन्होंने पार्टी आलाकमान के आदेश पर विधान सभा का चुनाव जीतने के बाद संसद से इस्तीफा दे दिया था।दअरसल, भाजपा ने चुनावी रणनीति के तहत विधान सभा चुनाव में चार राज्यों में 21 सांसदों को मैदान में उतारा था, जिसमें से 12 सांसद विधायकी का चुनाव जीते थे।पार्टी आलाकमान के निर्देश पर इन सभी 12 सांसदों ने संसद से इस्तीफा देकर राज्य की राजनीति में सक्रिय होने को स्वीकार कर लिया।

उस समय यह कहा गया था कि इनमें से कई मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ।संसद से इस्तीफा देने वाले सांसदों में नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल, राव उदय प्रताप, राकेश सिंह, रीति पाठक, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, दीया कुमारी, किरोड़ी लाल मीणा, महंत बालकनाथ, रेणुका सिंह, अरुण साव और गोमती साय शामिल थे।इन 12 नेताओं में से अरुण साव को छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री और दीया कुमारी को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है, वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश विधान सभा का स्पीकर बनाने का फैसला किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जल्द ही दिल्ली से अपने-अपने राज्यों की विधान सभा में गए हुए बाकी 9 नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी देने जा रही है।बताया जा रहा है कि इनमें से 5-6 विधायकों को राज्य में मंत्री बनाया जा सकता है। दो विधायकों ने मंत्री नहीं बनने का इशारा करते हुए संगठन के लिए ही काम करने की बात कही है। इनमें से कुछ को 2024 में फिर से लोक सभा चुनाव लड़वाया जा सकता है।

वहीं शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और वसुंधरा राजे सिंधिया की बात करें तो छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह जो कि वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, छत्तीसगढ़ विधान सभा के स्पीकर के तौर पर अगले 5 वर्ष सक्रिय राजनीति से दूर रहेंगे।वसुंधरा राजे सिंधिया वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और अगर सब कुछ ठीक रहा तो शिवराज सिंह चौहान को भी पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

यह भी बताया जा रहा है कि पार्टी शिवराज और वसुंधरा दोनों को अगले वर्ष होने वाले लोक सभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका दे सकती है और अगर ये दोनों नेता तैयार हो जाते हैं तो उन्हें लोक सभा चुनाव लड़वाकर राष्ट्रीय राजनीति में भी लाया जा सकता है।

***********************

 

कोरोना के नए सब वेरिएंट ने बढ़ाई टेंशन, सेहत विभाग हुआ अलर्ट

*अस्पतालों में मॉक ड्रिल करने के आदेश*

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। केरल के कुछ हिस्सों में कोविड सब वेरिएंट छ्वहृ.1 पाए गए हैं, जिसके बाद इसको लेकर चिंताएं थोड़ी बढ़ गई हैं। शनिवार को केरल में एक 79 वर्षीय महिला में कोविड का नया सब वेरिएंट पाया गया था, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। भारत एसएआरएस-सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (आईएनएसएसीओजी) को अनुक्रमण और नए खतरनाक कोविड -19 वेरिएंट पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसने केरल के उन हिस्सों की जांच की है, जहां जेएन.1 पाया गया है

आईएनएसएसीओजी के प्रमुख एन.के. अरोड़ा ने कहा, इस वेरिएंट को अलग कर दिया गया है और नवंबर में रिपोर्ट किया गया है। यह बीए.2.86 का एक सब वेरिएंट है। हमारे पास जेएन.1 के कुछ मामले हैं। उन्होंने कहा, भारत निगरानी कर रहा है और यही कारण है कि अब तक किसी अस्पताल में भर्ती होने या गंभीर बीमारी की सूचना नहीं मिली है।

मालूम हो कि जेएन.1 को पहली बार सितंबर 2023 में संयुक्त राज्य अमेरिका में पाया गया था। नेशनल इंडियन मेडिकल एसोसिएशन कोविड टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष राजीव जयदेवन के अनुसार, सात महीने के अंतराल के बाद, भारत में मामले बढ़ रहे हैं। केरल में, लोगों के कोविड होने की खबर है, लेकिन फिलहाल किसी तरह की गंभीर स्थिति नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा, जीनोम सीक्वेंसिंग से पता चलता कि किस क्षेत्र में कैसा वायरस फैल रहा है। उदाहरण के लिए, भारत में, अप्रैल 2023 की लहर के दौरान, एक्सबीबी सबलाइनेज को संक्रमण का मुख्य कारण पाया गया। हालांकि, दिसंबर जीनोम सीक्वेंसिंग के परिणाम अभी भी आ रहे हैं और शुरुआती जांच से पता चल रहा है कि केरल में जेएन.1 मामला पाया गया।

जयदेवन ने कहा कि जेएन.1 वेरिएंट तेजी से फैलने और प्रतिरक्षा से बचने में सक्षम है। उन्होंने कहा, जेएन.1 एक गंभीर रूप से प्रतिरक्षा-रोधी और तेजी से फैलने वाला वेरिएंट है। इसका असर उन लोगों पर जल्दी होगा, जो पहले भी कोविड का शिकार हो चुके हैं और जिन लोगों का टीकाकरण हुआ है। जेएन.1 कई पश्चिमी देशों में तेजी से बढ़ रहा है।

****************************

 

नागपुर में सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में बड़ा धमाका, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

*रेस्क्यू टीम पहुंची*

नागपुर,17 दिसंबर (एजेंसी)। महाराष्ट्र में नागपुर के बाजार गांव में एक बड़ा धमाका हुआ है। यह धमाका सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में हुआ है। इस हादसे में 9 लोगों की मौत होने की खबर है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है किकंपनी के कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के समय यह ब्लास्ट हुआ। पुलिस के मुताबिक अब तक चार लोगों को जख्मी हालत में बचाया भी गया है। हालांकि अभी तक साफ नहीं हो सका है कि अंदर कितने लोग और फंसे हैं।

यह हादसा नागपुर ग्रामीण इलाके में हुई है। नागपुर ग्रामीण एसपी के मुताबिक मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। फिलहाल 9 लोगों की मौत की शुरुआती जानकारी आई है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल चार लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि बचाव टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, हालांकि अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि हादसे के वक्त कितने लोग अंदर काम कर रहे थे या फिर कितने लोग हादसे के बाद खुद भाग कर बाहर आ गए।

एसपी ग्रामीण के मुताबिक हादसा इतना तेज था कि कंपनी की इमारत का एक हिस्सा भी ध्वस्त हो गया है। इस धमाके की आवाज काफी दूर तक सूनी गई। इससे हड़कंप मच गया। उन्होंने बताया कि इस इमारत के मलबे में भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। मौका स्थिति को देखते हुए अन्य रेस्क्यू टीमों को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक हादसे की वजह भी सामने नहीं आई है। दरअसल अभी सभी टीमों का मुख्य फोकस बचाव कार्य पर है।

***************************

 

हिमाचल में भीषण अग्निकांड, जिंदा जल गए मां और भाई-बहन, पिता भी झुलसे

ऊना,17 दिसंबर (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश में भीषण अग्निकांड की खबर है। ऊना जिले के हरोली में झुग्गी में भीषण आग लग गई। इसमें 9 महीने के बेटे, पांच साल की बच्ची और मां की जलकर मौत हो गई, जबकि पिता आग में बुरी तरह झुलस गया।

थाना टाहलीवाल की बाथु ग्राम पंचायत में देर रात अज्ञात कारणों से तीन झुग्गियों में आग लग गई। हादसे में सुमित देवी (25) पत्नी विजय शंकर निवासी उत्तर प्रदेश हाल निवासी बाथु, उसका बेटा अंकित (9 माह) और बेटी नैना (5) जिंदा जल गए।

जब आग लगी तब सभी सो रहे थे और अचानक आग भड़क गई। जब तक इन लोगों को पता चल पाता, तब तक आग झुग्गी को चारों ओर से लपेट में ले चुकी थी।

**********************

 

संसद सुरक्षा चूक : राजस्थान से जले हुए फोन के हिस्से बरामद

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संसद सुरक्षा चूक मामले में आरोपियों के फोन के हिस्से राजस्थान के नागौर इलाके से बरामद किए हैं, जहां मुख्य साजिशकर्ता ललित झा ने पहले उन्हें तोड़ा और फिर जला दिया।

जांच से जुड़े एक सूत्र ने कहा, सबूत हासिल करने के लिए झा को राजस्थान ले जाया गया और हमने टूटे हुए फोन बरामद किए हैं।
झा ने अपनी योजना को अंजाम देने से ठीक पहले चार अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन ले लिए और जल्दबाजी में भाग निकला।

उन्होंने कथित तौर पर संसद के बाहर अमोल और नीलम के विरोध प्रदर्शन को भी फिल्माया और इसे नीलक्खा आइच नाम के एक व्यक्ति के साथ साझा किया, जो पश्चिम बंगाल में एक एनजीओ (सामोवादी सुभाष) से जुड़ा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम राज्य के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा आइच से पूछताछ करने के लिए पश्चिम बंगाल जा सकती है।

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को झा को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के बाद, छठे आरोपी महेश कुमावत को भी शनिवार को एक सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

गुरुवार को, उसी अदालत ने चार आरोपियों सागर शर्मा, मनोरंजन डी, नीलम आज़ाद और अमोल शिंदे को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। इन चारों को बुधवार को संसद परिसर से गिरफ्तार किया गया था।

***************************

 

अरब सागर में समुद्री अपहरण के खिलाफ नौसेना की त्वरित कार्रवाई

नई दिल्ली,17 दिसंबर (एजेंसी)। अरब सागर में समुद्री अपराध की घटना रोकने के लिए भारतीय नौसेना द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई है। समुद्री अपराध रोकने के मिशन के तहत माल्टा ध्वज वाले पोत एमवी रुएन के अपहरण पर अपनी नौसेना ने यह त्वरित प्रतिक्रिया दी।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 18 चालक दल वाले इस पोत ने यूकेएमटीओ पोर्टल, पीएम पर 14 दिसंबर, 2023 पर मई डे संदेश भेजा था, जिसमें लगभग छह अज्ञात कर्मियों के सवार होने का संकेत दिया गया था।

भारतीय नौसेना ने संकट की इस स्थिति पर त्वरित प्रतिक्रिया दी और इस क्षेत्र में निगरानी करने वाले अपने समुद्री गश्ती विमान को पहले भेजा।

इसके बाद एमवी रुएन पोत का पता लगाने और उसकी सहायता करने के लिए अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती रोकने के लिए तैनात अपने युद्धपोत को भी भेजा।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यहां विमान ने 15 दिसंबर, 2023 की सुबह अपहृत पोत के ऊपर से उड़ान भरी। इसके बाद भारतीय नौसेना का विमान लगातार इसकी गतिविधि की निगरानी कर रहा था।

एमवी रुएन पोत सोमालिया के तट की ओर बढ़ रहा था। भारतीय नौसेना के युद्धपोत, जिसे समुद्री डकैती रोधी गश्त के लिए अदन की खाड़ी में तैनात किया गया था, ने भी 16 दिसंबर, 2023 की सुबह एमवी रुएन को रोक लिया है।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इस क्षेत्र में अन्य एजेंसियों या एमएनएफ के समन्वय से पूरी स्थिति की गहराई से निगरानी की जा रही है। भारतीय नौसेना, इस क्षेत्र में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों व मित्र देशों के साथ व्यापारी पोत परिवहन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

*************************

 

टोक्यो आसियान-जापान शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा

टोक्यो ,16 दिसंबर (एजेंसी)। जापान और 10 दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संघ (आसियान) के बीच 50 साल की दोस्ती और सहयोग को चिह्नित करने के लिए टोक्यो शनिवार से तीन दिवसीय आसियान-जापान शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

आसियान के महासचिव कंबोडिया के काओ किम होर्न जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के निमंत्रण पर 16 से 18 दिसंबर के शिखर सम्मेलन में आसियान सचिवालय से एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

शिखर सम्मेलन पिछले दशकों में आसियान-जापान संबंधों में प्राप्त उपलब्धियों का जायजा लेगा और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की भविष्य की दिशा तय करेगा।

श्री किशिदा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। वह रविवार को एक भव्य रात्रिभोज का भी आयोजन करेंगे और अन्य एशियाई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

*******************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन खुशियां लेकर आने वाला है। पहले शुरू किया हुआ काम आज पूरा हो जायेगा, जिसका सकारात्मक परिणाम आपको मिलेगा। आज अपना धैर्य बनाये रखें और समय के साथ चलें। अपने जज्बात काबू में रखें फायदा होगा। आज आपको तरक्की के नये रास्ते मिलेंगे। दिक्कतों का तेजी से मुकाबला करने की क्षमता आपको ख़ास पहचान दिलाएगी। इस राशि के लोगों को आज जीवनसाथी से किसी जरूरी काम में मदद मिलेगी, जिससे काम सरलता से पूरा हो जायेगा। घर में कई दिन से रखा हुआ कबाड़ आज बाहर कर दें, इससे पारिवारिक अनबन खत्म होगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 4

वृष राशि-

आज का दिन ठीक-ठाक रहेगा। इस राशि के कारोबारी अपनी प्लानिंग सबको न बताये, तो सफलता जरूर हासिल होंगी। आज आपके सोचे हुए काम पूरे हो जायेंगे। किसी काम में निवेश करने से पहले अच्छी तरह से जांच-पड़ताल कर लें। इससे आप नुकसान से बचे रहेंगे। शाम को बच्चों के साथ खेलने से मानसिक उलझन कम होगा। छात्रों के लिए दिन अच्छा है, उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विदेशगमन कर सकते हैं। अगर आप जॉब की तलाश में है तो आपको मनचाही नौकरी मिलने की संभावना है।

* शुभ रंग- हरा

* शुभ अंक- 6

मिथुन राशि-

आज का दिन आपके लिए लकी रहेगा। आप की नई तकनीक आपके व्यवसाय को आगे बढ़ाएगी। आज आपको आय के विभिन्न स्रोत मिलेंगे और अच्छी आमदनी होगी। कारोबार में आज कुछ ऐसी बाते सामने आएंगी जो भविष्य में फायदेमंद रहेगी। किसी नये काम की शुरूआत करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। धनलाभ के नये आसार बनेंगें। इस राशि के इंजीनियर्स के लिए आज का दिन अच्छा है। आज किसी कॉलेज से आपको टीचिंग के लिए ऑफर मिलने वाला है।

* शुभ रंग- गोल्डन

* शुभ अंक- 9

कर्क राशि-

आज का दिन अनुकूल रहने वाला है। कई उलझे सवालों के जवाब आज आपको मिल जायेगा, कन्फ्यूजन की स्थिति खत्म होगी। किसी काम से आज आपको बड़ा फायदा होने वाला है, साथ ही अधूरा काम पूरा हो जायेगा। आज खर्च में इजाफा बचत को ज्यादा मुश्किल बना देगा। आज कुछ निजी काम में बहन का सहयोग उम्मीद से अधिक मिलने वाला है। विवाहित आज किसी अच्छी जगह पिकनिक के लिए जायेंगे। आज जीवनसाथी आपको कोई खूबसूरत तोहफा दे सकते हैं। इससे रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी।

* शुभ रंग- काला

* शुभ अंक- 6

सिंह राशि-

आज का दिन अनुकूल रहेगा। इस राशि के लोग आज समझदारी से काम करेंगें तो आपको फायदा जरूर होने वाला है। बैंकिंग सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा है। पदोन्नती के अवसर मिलने के आसार बन रहे हैं। आज आपके मन में अधिक पैसे कमाने के नये विचार आयेंगें। मुश्किल परिस्थिति में आज किसी मित्र का सहयोग प्राप्त होगा। जिससे दोस्ती में और भी मजबूती आयेगी। आज किसी अजनबी पर तुरंत भरोसा न करें, वरना कोई आपके सीधेपन का फायदा उठा सकता है। आज का दिन समझ-बूझ के कदम उठाने का है, इसलिए तब तक अपने विचार व्यक्त न करें जब तक आवश्यकता न हो।

* शुभ रंग- नीला

* शुभ अंक- 1

कन्या राशि-

आज आपका दिन अच्छा रहेगा। अगर आज कहीं यात्रा पर जा रहे है तो फायदा होने वाला है। स्वास्थ्य आज थोड़ा डाउन हो सकता है, लेकिन समय से देखभाल करने से लाभ होगा। अगर आप यात्रा कर रहें है तो सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखना न भूलें। आज आपका कठिन परिश्रम फलदायी सिद्ध होगा। आपका आकर्षक और चुम्बकीय व्यक्तित्व सभी के दिलों को अपनी तरफ खींचेगा। आज दूर का कोई रिश्तेदार आपसे मिलने घर आ सकता है। आज किसी छोटी कन्या का पैर छूने से रूका हुआ सभी काम पूरा हो जायेगा।

* शुभ रंग- पीला

* शुभ अंक- 6

तुला राशि-

आज का दिन नई सौगात लेकर आयेगा। कारोबार में वृद्धि के लिए आज का दिन शुभ है। पहले से बनी योजनाओं को लागू करना आज ठीक रहेगा। आस-पास के लोग आज आपसे खुश रहेंगें। पुरानी टेंशन आज खत्म होगी। इस राशि जो लोग पयर्टन के क्षेत्र से जुड़े हैं उन्हें आज आर्थिक लाभ मिलने वाला है। आज आप काम के प्रति सचेत रहें कोई विरोधी आपके व्यापार को नुकसान पहुंचाने की नकामयाब कोशिश कर सकता है। छात्रों को आज प्रोजेक्ट पूरा करने में बड़ी बहन का सहयोग मिलेगा। कुल मिलाकर आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- गुलाबी

* शुभ अंक- 4

वृश्चिक राशि-

आज आपका मन अध्यात्म में अधिक लगा रहेगा। जो छात्र कोई कंपिटिशन एग्जाम दिये हैं, उन्हें अच्छे रिजल्ट मिलेंगे। इस राशि के नवविवाहित आज किसी समारोह में आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आज किसी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात होगी जिससे मिलकर मन प्रसन्न हो जायेगा। किसी नये व्यापार में माता-पिता की राय कारगर साबित होने वाली है। जीवनसाथी के व्यवहार में आज सकारात्मक बदलाव आयेगा, जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। घर में नन्हें मेहमान के आने से उत्सव का माहौल बना रहेगा। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- भूरा

* शुभ अंक- 7

धनु राशि-

आज आपका दिन खुशहाल रहेगा। आज आपकी सेहत पहले से बेहतर रहेगी। हालात के उजले पहलू की ओर देखें और आप पाएंगे कि चीजें सुधर रही हैं। कॉलेज में दोस्तों के साथ हंसी-मजाक होगा साथ ही बीच में किसी बात को लेकर मीठी नोक-झोंक होगी। आज खुद को व्यर्थ के कामों से दूर रखें। वरना आपका अधिक समय फीजूल के कामों में निकल जायेगा। आज आप किसी जरूरतमंद की मदद करेंगें। इससे आपको मानसिक संतुष्टि मिलेगी। घर के किसी सदस्य को बढ़ी सफलता मिलने के योग बने हुए हैं।

* शुभ रंग- नारंगी

* शुभ अंक- 2

मकर राशि-

आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज व्यापारियों के लिए दिन शुभ हैं। धन लाभ होने के आसार नजर आ रहे हैं। साझेदारी करना आज आपके लिए फायदेमंद रहेगा। जमीन से जुड़ा कोई बड़ा मामला सुलझ जायेगा। आज ऑफिस में नई पहल करने के लिए दिन अच्छा है। लाभ होने की संभावना बन रही है। करियर में आज कुछ बदलाव होने वाला है, तरक्की के नये रास्ते खुलेंगें। आपके मान-सम्मान में बढ़ोत्तरी होगी। दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान बदलना पड़ सकता है।

* शुभ रंग- बैंगनी

* शुभ अंक- 2

कुंभ राशि-

आज का दिन नया बदलाव लाने वाला है। प्रॉपर्टी डीलर के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा, अचानक धनलाभ होगा। आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। इस राशि की महिलाओं को आज जीवनसाथी से सरप्राइज मिल सकता है जिसे पाकर आपका मन प्रसन्न हो जायेगा। किसी ब्राम्हण को आदरपूर्वक भोजन कराने से परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। आर्ट, मीडिया से जुड़े लोगों को नौकरी के नये अवसर मिलने के योग हैं। नवविवाहित आज किसी धार्मिक स्थल पर घूमने जायेंगे। कुल मिलाकर आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

* शुभ रंग- ग्रे

* शुभ अंक- 5

मीन राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आज आपके काम में आत्मविश्वास की झलक दिखाई देगी। आज आप दूसरों को अपनी बातों से आकर्षित कर लेंगे। कोई रूका हुआ काम अपनों की मदद से पूरा हो जायेगा। इस राशि के छात्रों को आज प्रतियोगी परिक्षा से संबंधी कोई शुभ समाचार मिलने वाला है, जिसे सुनकर आपके चेहरे खिल उठेंगे। आपकी लाइफस्टाइल में इम्प्रूवमेंट देखने को मिलेगा। आज कुछ अनुभवी लोगों से आपकी मुलाकात होगी, जिनसे कुछ नया सीखने को मिलेगा।

* शुभ रंग- पिच

* शुभ अंक- 8

*******************************

 

कांग्रेस 18 दिसंबर को शुरू करेगी डोनेट फॉर देश क्राउड फंडिंग अभियान

नई दिल्ली ,16 दिसंबर (एजेंसी)। कांग्रेस पार्टी चंदा जुटाने के लिए क्राउड फंडिंग अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस ने इस अभियान का नाम डोनेट फॉर देश रखा है। 18 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिल्ली से इसकी शुरुआत की जाएगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को अपने ऑनलाइन क्राउड फंडिंग अभियान डोनेट फॉर देश लॉन्च की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष से प्रेरित है। इस अभियान का उद्देश्य एक श्रेष्ठ भारत बनाने में कांग्रेस पार्टी को सशक्त करना है। यह अभियान बेहतर भारत के लिए दान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 138 साल की यात्रा का जश्न है।

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी देशवासियों से 138 रुपए के गुणक (जैसे, 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए, या अधिक) दान करने के लिए अनुरोध करती है, ताकि कांग्रेस पार्टी एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके। कांग्रेस ने इस ऑनलाइन क्राउडफंडिंग के लिए दो चैनल बनाए हैं। इनमें एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल ष्ठशठ्ठड्डह्लद्गद्बठ्ठष्.द्बठ्ठ और आधिकारिक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस वेबसाइट 222.द्बठ्ठष्.द्बठ्ठ शामिल हैं।

यह अभियान मुख्य रूप से कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक ऑनलाइन होगा, जिसके बाद यह अभियान जमीनी अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी से जुड़े स्वयंसेवी घर-घर जाएंगे और प्रत्येक बूथ में कम से कम 10 घरों को लक्षित करके हर घर से कम से कम 138 रुपए का अंशदान सुनिश्चित करेंगे। वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी के राज्य स्तर के पदाधिकारियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्षों और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पदाधिकारियों को कम से कम 1,380 रुपए का योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

वेणुगोपाल ने यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी के 138वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 28 दिसंबर को नागपुर में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक रैली में कम से कम दस लाख लोग शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि जो लोग आर्थिक सहयोग करना चाहते हैं, उन्हें भारतीय नागरिक होना चाहिए और उनकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। दानदाताओं को दान प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

***************************