शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चला जांच अभियान
कचहरी चौक, बड़ा तालाब, हरमू चौक, गाड़ीखाना चौक सहित आसपास के इलाकों में की गई जांच
अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत ने युवाओं को दी सख्त चेतावनी
कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर होगी कार्रवाई
रांची,01.06.2026 – जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार शहर में सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, अनावश्यक जमावड़ा एवं नशापान जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज रात अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कचहरी चौक से बड़ा तालाब, हरमू चौक से गाड़ीखाना चौक एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की गई। प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित लोगों की जांच की तथा उनसे पूछताछ की।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर युवकों का अनावश्यक जमावड़ा पाया गया। टीम द्वारा उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशे से दूर रहने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की हिदायत दी गई। अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार रजत ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
श्री कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़, नशापान एवं असामाजिक गतिविधियां न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करती हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को भी प्रभावित करती हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के लिए अड्डाबाजी, नशापान तथा अन्य अवांछित गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे अपनी ऊर्जा को सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में लगाएं, सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करें तथा रांची को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
********************************
