नायब सैनी ने चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा

नायब सैनी ने पंचकूला स्थित मनसा देवी के दरबार में लगाई हाजिरी

पंचकूला  31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन हरियाणा के पंचकूला स्थित शक्तिपीठ माता मनसा देवी में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पहुंचे। अपनी धर्म पत्नी संग उन्होंने मनसा देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “नवरात्रि के पावन अवसर पर सेक्टर 28, पंचकूला में स्थापित नवरात्रि पंडाल में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। शक्ति, भक्ति और समर्पण का यह पर्व प्रदेश के सभी परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।”

दूसरे पोस्ट में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लिखा, आज संत कबीर कुटीर पहुंचने परिवारजनों ने माता की चुनरी भेंट की। इसके लिए परिवारजनों का आभार प्रकट कर, उन्हें नवरात्र के पावन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। उनके द्वारा बताए गए विभिन्न विषयों को सुना और निवारण हेतु मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तीसरे पोस्ट में सीएम ने लिखा,”हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2082 के पावन अवसर पर ‘लैंड ऑफ गीता’ धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र स्थित ब्रह्मसरोवर पर आयोजित महाआरती में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर उपस्थित परिवारजनों को नववर्ष और नवरात्र की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। मैं माता रानी से प्रदेश के अपने परिवारजनों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करता हूं।”

चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। यहां पर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की एंट्री के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।

वहीं, दिल्ली के प्राचीन मंदिरों में से एक कालकाजी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां पर सोमवार को भारी संख्या में श्रद्धालु कालकाजी में दर्शन करने के लिए पहुंचे। यहां पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं ने बताया कि भीड़ काफी ज्यादा है। नवरात्रि को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यवस्था की है।

एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि नवरात्रि के दूसरे दिन मां कालका के दर्शन कर बहुत अच्छा लग रहा है। कालकाजी मंदिर के पीठाधीश्वर सुरेंद्रनाथ अवधूत ने बताया कि नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है, जिसको लेकर कालकाजी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई है।

जम्मू के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां पहुंची एक श्रद्धालु ने कहा कि यहां की सजावट बहुत सुंदर है। कल, मैंने दरबार में आरती में भाग लिया। फूलों की सजावट बहुत सुंदर है। यहां आकर बहुत अच्छा लग रहा है।

**********************************

कार चालक ने फुटपाथ पर बैठे दो श्रमिकों को मारी टक्कर

नोएडा में तेज रफ्तार का कहर

नोएडा 31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना सेक्टर 126 इलाके में एक तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी कार ने फुटपाथ पर बैठे दो श्रमिकों को जोरदार टक्कर मार दी।

यह हादसा थाना सेक्टर 126 इलाके के सेक्टर 94 स्थित एम3एम प्रोजेक्ट के पास हुआ। दोनों पीड़ित श्रमिक बुरी तरह से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी चालक कार बेचने और खरीदने का काम करता है।

इससे पहले, शुक्रवार रात गौतमबुद्ध नगर के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक रोडवेज बस ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना बादलपुर क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड पर ग्राम डेरी मच्छा के सामने दादरी की ओर जा रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। चारों व्यक्ति अपने कामकाज से अपनी ठेली लेकर वापस लौट रहे थे।

बताया गया था कि ड्राइवर काफी लापरवाही और तेजी से बस चलाते हुए सामने से आ रहा था, जिसने इन सभी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दो व्यक्तियों, गौरव और निखिल, ने दम तोड़ दिया। दोनों बुलंदशहर जिले के खानपुर गांव के रहने वाले थे। वहीं, रचित और मनीष को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही थाना बादलपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया और आरोपी चालक राजेश को गिरफ्तार कर लिया था।

****************************

 

बीड मस्जिद विस्फोट मामले में एटीएस ने आरोपियों से की पूछताछ

टेरर एंगल की पड़ताल

बीड  31 March, (Rns) । महाराष्ट्र के बीड जिले में गेवराई तहसील के अर्धा मसला गांव में मस्जिद में हुए ब्लास्ट के बाद बीड पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनसे पूछताछ जारी है।

घटना के बाद एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीम भी मौके पर पहुंची और देर रात तक दोनों आरोपियों से पूछताछ की। एटीएस इस बात की समानांतर जांच कर रही है कि इस घटना में कोई टेरर एंगल शामिल है या यह आरोपियों की महज शरारत थी।

वहीं, आधिकारिक तौर पर यह मामला लोकल क्राइम ब्रांच के पास है, जो इसकी गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों के बैकग्राउंड की छानबीन कर रही है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ट्रैक कर रही है।

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस ब्लास्ट की साजिश में कितने लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था। अधिकारियों ने बताया कि मामले की तह तक जाने के लिए सभी पहलुओं पर बारीकी से काम किया जा रहा है।

बीड जिले में रविवार को एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

बीड पुलिस अधीक्षक नवनीत कावर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि रविवार तड़के करीब पौने तीन बजे मस्जिद में धमाका हुआ था। सूचना मिलते ही 20 मिनट के भीतर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और सुबह साढ़े पांच बजे तक स्थिति का जायजा लिया गया।

उन्होंने कहा, “दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने मस्जिद के अंदर विस्फोटक उपकरण का इस्तेमाल कर धमाका किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपियों का मुस्लिम समाज के कुछ बच्चों से विवाद हुआ था, जिसके बदले में उन्होंने यह कदम उठाया।”

कावर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और स्थानीय क्राइम ब्रांच को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच की निगरानी के लिए एक पुलिस इंस्पेक्टर को विशेष रूप से नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा, “यह उच्च स्तरीय जांच होगी, जो निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन पर भरोसा रखने की अपील की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।

******************************

 

उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक धूमधाम से मनाई जा रही ईद

सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम

नई दिल्ली  31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । देशभर में आज ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही लोग नए कपड़ों में सजे-धजे ईदगाह और मस्जिदों में पहुंचे।

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।

दिल्ली के इंद्रलोक इलाके में नॉर्थ जिले की पुलिस ड्रोन के जरिए नजर रख रही है। ईदगाह और मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के बाद लोग खुशी-खुशी एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर सभी दलों के प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को ईद को प्रेम और भाईचारे का प्रतीक बताया और अपील की कि लोग मिल-जुलकर इसका जश्न मनाएं।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद राशिद फिरंगी ने भी देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी।

उन्होंने कहा, “आज पूरा देश ईद-उल-फितर मना रहा है। मैं सभी को दिल से बधाई देता हूं। सुबह से लोग ईदगाह की ओर जा रहे हैं। मेरी गुजारिश है कि लखनऊ के इस्लामिक सेंटर की ईद एडवाइजरी का पालन करें। नमाज से पहले गरीबों में फितरा बांट दें, ताकि वे भी खुशियों में शामिल हों।”

उन्होंने आगे कहा, “ईद का दिन रोजेदारों के लिए अल्लाह का इनाम है। अपनी और परिवार की दुआ के साथ देश की तरक्की और हिफाजत के लिए भी दुआ करें।”

उत्तर प्रदेश के संभल की शाही जामा मस्जिद में सुबह 9:30 बजे नमाज हुई। यह मस्जिद पहले विवादों में रही है, इसलिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट था। भारी पुलिस बल तैनात किया गया। नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा में ईदगाह पर नमाज के लिए भारी भीड़ जुटी। एडीएम, एसपी देहात और पीएसी के साथ पुलिस तैनात रही। ड्रोन से निगरानी हुई। प्रशासन ने शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

मुजफ्फरनगर में ईद की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी अभिषेक सिंह मौके पर मौजूद रहे। जिले को 8 जोन और 21 सेक्टरों में बांटा गया। सांसद हरेंद्र मलिक ने नमाजियों को बधाई दी। एसएसपी ने कहा, “ईद सकुशल संपन्न हुई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे।”

वहीं, मुंबई के कल्याण में रमजान ईद बड़े उत्साह से मनाई गई। दुर्गाडी किला के ईदगाह पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की। लोगों ने गले मिलकर शुभकामनाएँ दीं। शहर में कड़ी पुलिस व्यवस्था रही।

एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने कहा, “सभी को ईद की बधाई। हमने सड़क पर नमाज पढ़ी और देश-दुनिया की शांति के लिए दुआ की। पुलिस का शुक्रिया, जिन्होंने अच्छे इंतजाम किए।” उन्होंने मुंबई पुलिस के डीसीपी दत्तात्रेय कांबले से गले मिलकर मुबारकबाद दी।

तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के नागोर बीच पर तमिलनाडु तौहीद जमात ने विशेष नमाज का आयोजन किया। हजारों लोगों ने हिस्सा लिया और नमाज के बाद गले मिलकर बधाई दी। त्रिची के तेन्नुर में उझावर संधाई मैदान में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे। यहां भी एकता और भाईचारे का माहौल रहा।

चेन्नई के मायलापुर स्थित जुम्मा मस्जिद में खास नमाज़ अदा की गई। तमिलनाडु के मुख्य काजी ने बताया कि कल चांद दिखाई दिया, जिसके बाद आज से रमज़ान शुरू हो गया। इस ऐलान के बाद लोग मायलापुर की जुम्मा मस्जिद में जमा हुए और नमाज पढ़ी। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।

बिहार की राजधानी पटना के दानापुर में सैनिक बारीक ग्राउंड पर ईद की नमाज हुई। हजारों नमाजियों ने अल्लाह से अमन और तरक्की की दुआ मांगी। तो अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह में विशेष नमाज अदा की गई। शाहजहानी मस्जिद में नमाजियों की भीड़ रही। देश में अमन और भाईचारे की दुआ मांगी गई।

***************************

 

हरियाणा : नूंह में ईद पर लहराए गए फिलिस्तीनी झंडे

तख्तियां लेकर निकले नमाजी, बोले- इजराइल के हमले से दुखी

नूंह 31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : आज ईद का त्योहार देश में बड़ी खुशी के साथ मनाया जा रहा है। वहीं इस दौरान हरियाणा के नूंह से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिले में ईद की नमाज के बाद फिलिस्तीन के झंडे लहराए गए हैं।

नमाज के बाद नमाजियों ने हाथों में तख्तियां और फिलिस्तीन के झंडे लेकर फिलिस्तीन के पक्ष में नारे लगाए। इस दौरान नमाजियों ने कहा कि उन्होंने नमाज कर फिलिस्तीन में अमन और शांति की दुआ मांगी है।

Haryana: Palestinian flags were hoisted on Eid in Nuh, Namazis came out with placards, said- saddened by Israel’s attack : इस दौरान जितने भी नमाजी वहां थे उनका कहना था कि फिलिस्तीन में इजराइल के हमले से उन्हें काफी दुख पहुंचा है। इससे पूरी दुनिया के मुस्लिम परेशान हैं।

इजरायल के हमलों में वहां हजारों की संख्या में लोग मारे गए हैं। इसलिए, उन्होंने ईद पर नमाज अदा कर फिलिस्तीन को प्रति समर्थन जाहिर किया है। उन्होंने देश के सभी मुसलमानों से अपील की कि फिलिस्तीन का समर्थन करें। इस दौरान किसी भी हिंसा की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद था।

इस दौरान पुलिस ने रोड को घेरकर चल रहे नमाजियों को एक तरफ हटाया। इस जुलूस में मुस्लिम समुदाय के लोगों, जिनमें बूढ़े, जवान और बच्चे सभी शामिल थे, ने फिलिस्तीन का झंडा लहराना शुरू किया। बेशक, वे फिलिस्तीन के समर्थन में जुलूस निकाल रहे थे, लेकिन उन्होंने भारत का समर्थन करते हुए तिरंगा भी लहराया।

यह मामला हरियाणा के नूंह जिले के गांव घासेड़ा का है। सोमवार को यहां के ईदगाह में ईद की नमाज के मुस्लिम समुदाय के लोग जमा हुए थे। उन्होंने पहले ईदगाह में नमाज अता की। इसके बाद बाहर रोड पर निकलकर फिलिस्तीन के समर्थन में जुलूस निकाला।

**************************

सोनिया गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर बोला हमला

नई दिल्ली 31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह देश के शैक्षिक ढांचे को कमजोर कर रही है।

उनके मुताबिक सरकार “नुकसानदेह नतीजों की ओर ले जाने वाले एजेंडे” पर चल रही है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा साझा किए गए एक अखबार के लेख में उन्होंने कहा है कि आज भारतीय शिक्षा को ‘3सी’ का सामना करना पड़ रहा है – केंद्रीकरण, कमर्शियलाइजेशन और कम्युनिलिज्म।

सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिलने वाले अनुदान को रोककर राज्य सरकारों को मॉडल स्कूलों की पीएम-श्री योजना को लागू करने के लिए मजबूर कर रही है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की आलोचना करते हुए, वह लेख में कहती हैं, “हाई-प्रोफाइल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की शुरुआत ने एक ऐसी सरकार की वास्तविकता को छिपा दिया है जो भारत के बच्चों और युवाओं की शिक्षा के प्रति बेहद उदासीन है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की आलोचना करते हुए, उन्होंने लेख में कहा, “हाई-प्रोफाइल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 की शुरुआत ने एक ऐसी सरकार की वास्तविकता को छिपा दिया है, जो भारत के बच्चों और युवाओं की शिक्षा के प्रति बेहद उदासीन है। पिछले एक दशक में केंद्र सरकार के ट्रैक रिकॉर्ड ने स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया है कि शिक्षा में, यह केवल तीन मुख्य एजेंडा के सफल कार्यान्वयन से चिंतित है- केंद्र सरकार के साथ सत्ता का केंद्रीकरण, निजी क्षेत्र में शिक्षा में निवेश का व्यावसायीकरण और आउटसोर्सिंग, पाठ्यपुस्तकों, पाठ्यक्रम और संस्थानों का सांप्रदायिकरण।”

उनका कहना है कि केंद्रीकरण के सबसे हानिकारक परिणाम शिक्षा के क्षेत्र में हुए हैं। केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के शिक्षा मंत्री शामिल हैं, सितंबर 2019 से नहीं बुलाई गई है।

उन्होंने सरकार पर राज्यों से परामर्श न करने और उनके विचारों पर विचार न करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, “एनईपी 2020 के माध्यम से शिक्षा में प्रतिमान बदलाव को अपनाने और लागू करने के दौरान भी, केंद्र सरकार ने इन नीतियों के कार्यान्वयन पर एक बार भी राज्य सरकारों से परामर्श करना उचित नहीं समझा। यह सरकार की जिद का प्रमाण है कि वह अपने अलावा किसी और की आवाज नहीं सुनती, यहां तक कि ऐसे विषय पर भी जो भारतीय संविधान की समवर्ती सूची में है।”

उन्होंने कहा कि संवाद की कमी के साथ-साथ “धमकाने की प्रवृत्ति” भी बढ़ी है और उन्होंने इसके लिए पीएम-श्री (या पीएम स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया) योजना का उदाहरण दिया।

सोनिया गांधी ने केंद्र पर शिक्षा प्रणाली के व्यावसायीकरण का भी आरोप लगाया है, उन्होंने कहा कि यह “पूरी तरह से एनईपी के अनुपालन में खुलेआम हो रहा है।”

उन्होंने कहा, “2014 से, हमने देश भर में 89,441 सरकारी स्कूलों को बंद और समेकित होते देखा है और 42,944 अतिरिक्त निजी स्कूलों की स्थापना की गई है। देश के गरीबों को सरकारी शिक्षा से बाहर कर दिया गया है और उन्हें बेहद महंगी तथा कम विनियमित निजी स्कूल व्यवस्था के हाथों में धकेल दिया गया है।”

उन्होंने यह भी कहा कि उच्च शिक्षा में केंद्र ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ब्लॉक अनुदान की पूर्ववर्ती प्रणाली के स्थान पर उच्च शिक्षा वित्तपोषण एजेंसी (हेफा) की शुरुआत की है।

उन्होंने लिखा, “विश्वविद्यालयों को हेफा से बाजार ब्याज दरों पर ऋण लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसे उन्हें अपने स्वयं के राजस्व से चुकाना होगा। अनुदान की मांग पर अपनी 364वीं रिपोर्ट में, शिक्षा पर संसदीय स्थायी समिति ने पाया कि इन ऋणों का 78% से 100% हिस्सा विश्वविद्यालयों द्वारा छात्र शुल्क के माध्यम से चुकाया जा रहा है। दूसरे शब्दों में, सार्वजनिक शिक्षा के वित्तपोषण से सरकार के पीछे हटने की कीमत छात्रों को फीस वृद्धि का सामना करना पड़ रहा है।”

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने केंद्र पर शिक्षा में सांप्रदायिक एजेंडे का पालन करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने लिखा, “केंद्र सरकार का तीसरा जोर सांप्रदायिकता पर है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की लंबे समय से चली आ रही वैचारिक परियोजना की पूर्ति है, शिक्षा प्रणाली के माध्यम से नफरत पैदा करना और उसे बढ़ावा देना।”

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्यपुस्तकों को भारतीय इतिहास को साफ-सुथरा बनाने के लिए संशोधित किया गया है।

उन्होंने लेख में कहा, “महात्मा गांधी की हत्या और मुगल भारत पर अनुभागों को पाठ्यक्रम से हटा दिया गया है। इसके अलावा, भारतीय संविधान की प्रस्तावना को पाठ्यपुस्तकों से हटा दिया गया था, जब तक कि जनता के विरोध के कारण सरकार को एक बार फिर अनिवार्य रूप से शामिल करने के लिए बाध्य नहीं होना पड़ा।”

उन्होंने विश्वविद्यालयों में की जा रही नियुक्तियों को भी उठाया है।

उन्होंने लिखा, “हमारे विश्वविद्यालयों में, हमने शासन-अनुकूल विचारधारा वाले पृष्ठभूमि के प्रोफेसरों की बड़े पैमाने पर भर्ती देखी है, भले ही उनके शिक्षण और छात्रवृत्ति की गुणवत्ता हास्यास्पद रूप से खराब हो। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों और भारतीय प्रबंधन संस्थानों में प्रमुख संस्थानों में नेतृत्व के पद, जिन्हें पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के मंदिर के रूप में वर्णित किया था, को विनम्र विचारधारा वालों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।”

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया है कि पिछले एक दशक में शिक्षा प्रणालियों को व्यवस्थित रूप से “सार्वजनिक सेवा की भावना से मुक्त कर दिया गया है और शिक्षा नीति को शिक्षा की गुणवत्ता और पहुंच के बारे में किसी भी चिंता से मुक्त कर दिया गया है।”

******************************

 

फरदीन खान से शबाना आजमी तक, सितारों ने दी ईद की मुबारकबाद

मुंबई 31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : ईद त्योहार के मौके पर सोमवार को फिल्म जगत के सितारे जश्न मनाते नजर आए। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कलाकारों ने खुशियों के त्योहार की प्रशंसकों को मुबारकबाद दी। सूची में अभिनेत्री शबाना आजमी, फरदीन खान के साथ ही स्वरा भास्कर, सोनाक्षी सिन्हा का भी नाम शामिल है।

इंस्टाग्राम पर परिवार के साथ तस्वीर को शेयर करते हुए अभिनेता फरदीन खान ने लिखा, “यह ईद नई ऊर्जा, समझ और उस दयालुता का समय हो जो हमें एक साथ जोड़े। आपको और आपके परिवार को ईद मुबारक।“

तस्वीर में फरदीन के साथ उनके दोनों बच्चे और मां नजर आईं।

अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ईद के मौके पर बेटी राबिया, पति फहाद अहमद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तस्वीरों और वीडियोज को शेयर किया। एक तस्वीर में राबिया अपने दादा के साथ चांद देखती हैं, तो दूसरी पोस्ट में ईदी लेती दिखाई दीं। तस्वीर पर स्वरा ने लिखा, “राबू को ईदी मिल गई।“

इस बीच एक अन्य तस्वीर में स्वरा ने तंज कसा। तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने लिखा, “उत्तर प्रदेश में ईद की नमाज के लिए जाते हुए लोग अपने ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट को संभालकर रखें।“

अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने दो तस्वीरें शेयर कीं। अपनी पहली तस्वीर में उन्होंने गुड़ी पड़वा, नवरात्रि, चेति चांद के साथ ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, शेयर की गई दूसरी तस्वीर में वह पति जहीर के साथ नजर आईं।

अभिनेत्री शबाना आजमी ने चांद की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, “चांद मुबारक सबको।”

अभिनेत्री जन्नत जुबैर ने प्रशंसकों को ईद की मुबारकबाद देते हुए जानकारी दी कि वह मदीना में अपने परिवार के साथ ईद मना रही हैं। उनके साथ उनके पिता जुबैर अहमद रहमानी, मां नाजनीन जुबैर रहमानी और भाई अयान जुबैर रहमानी भी थे। धार्मिक यात्रा के दौरान पूरा परिवार पारंपरिक मुस्लिम परिधान पहने कैमरे के लिए पोज देता नजर आया।

अपने प्रियजनों के साथ मदीना की यात्रा के अपने अनुभव को साझा करते हुए, जन्नत ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा, “ईद मुबारक… आज अपने परिवार के साथ मदीना में ईद मनाई और मेरा दिल भर आया। एक सपना सच हुआ। अल्लाह हमारी प्रार्थनाओं और रोजा को स्वीकार करें और हम सभी को शांति, सुरक्षा और प्रेम प्रदान करें।”

सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में खूबसूरत शहर मदीना की झलक भी दिखी।

जन्नत के साथ मदीना की यात्रा के दौरान उनकी करीबी दोस्त और एक्ट्रेस रीम समीर भी शामिल थीं। रीम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, “आज तक की मेरी सबसे अच्छी ईद। अल्लाह का बहुत-बहुत शुक्र है हर चीज के लिए।”

*****************************

 

ईद उल फितर आज : सीएम योगी ने दी बधाई, बोले- ये प्रेम और भाईचारे का त्योहार

लखनऊ 31 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे खुशी और मेल मिलाप का संदेश देने वाला पर्व बताया है। त्योहार को देखते हुए प्रदेश भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य मंत्री कार्यालय की तरफ से इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया गया। इस पोस्ट में ईद उल फितर की सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी गई। पोस्ट में कहा गया कि मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ईद-उल-फितर का त्योहार खुशी और मेल-मिलाप का संदेश लेकर आता है।

पोस्ट में आगे कहा गया कि खुशियों का यह त्योहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही, आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। इस पर्व पर सभी को सद्भाव तथा सामाजिक सौहार्द को और सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के मौलाना खालिद राशिद फिरंगी ने ईद-उल-फितर के मौके पर देशवासियों को मुबारकबाद दी।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश ईद का त्योहार मना रहा है। सुबह से ही बच्चे, बूढ़े और जवान नहा-धोकर ईदगाह की ओर जा रहे हैं। मौलाना ने लोगों से कुछ खास बातों का ध्यान रखने की अपील की।

मौलाना ने कहा, “मैं सभी देशवासियों को ईद की दिली मुबारकबाद देता हूं। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, फिरंगी महल, लखनऊ ने इस साल भी ईद एडवाइजरी जारी की है। मेरी गुजारिश है कि इसे मानें। जल्दी ईदगाह पहुंचें ताकि आपको वहां जगह मिल सके। जितना आगे खड़े होंगे, उतना ज्यादा सवाब मिलेगा। कोशिश करें कि नमाज ईदगाह के अंदर ही हो, सड़कों पर न पढ़ें। इससे कोई विवाद या परेशानी नहीं होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “ईद की नमाज से पहले गरीबों में फितरा जरूर बांट दें। इससे वे भी हमारी खुशियों में शामिल हो सकेंगे। ईद का दिन अल्लाह की ओर से रोजेदारों के लिए इनाम का दिन है। आज दुआएं कबूल होती हैं। अपने और परिवार के लिए दुआ करें, साथ ही देश की तरक्की और सुरक्षा के लिए भी दुआ मांगें।”

मौलाना ने इस मौके पर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

मौलाना खालिद राशिद ने ईद को शांति और खुशी से मनाने पर जोर दिया। उनकी सलाह थी कि सड़कों पर नमाज से बचें, ताकि किसी तरह का विवाद न हो।

ईद-उल-फितर के मौके पर संभल में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शाही जामा मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 9:30 बजे होगी। इस दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह मस्जिद पहले विवादों में रही है, इसलिए प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। शांति बनाए रखने के लिए इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

ईद-उल-फितर के मौके पर रामपुर में नमाजी सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में जुटना शुरू हो गए हैं। नमाज सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे के बीच होगी। इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई परेशानी न हो। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

ईद-उल-फितर के मौके पर हरदोई में ईदगाह में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज के बाद नमाजी बाहर निकले और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

एसपी नीरज कुमार जादौन सहित वरिष्ठ अधिकारी ईदगाह के बाहर मौजूद थे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच नमाज बिना किसी परेशानी के पूरी हुई।

एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा, “सभी जनपद वासियों को ईद की शुभकामनाएं। कोतवाली सिटी क्षेत्र के ईदगाह में अभी-अभी नमाज खत्म हुई है। सभी नमाजियों ने अच्छे तरीके से नमाज अदा की और एक-दूसरे को बधाई दी। पूरे जिले में पुलिस अलर्ट है। हर जगह ड्यूटी लगाई गई है और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। हम ईद को शांतिपूर्ण और खुशी से संपन्न कराएंगे।”

***************************

 

वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने किया मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन

फिल्म उद्योग से जुड़े फिल्मकारों, कलाकारों व कामगारों के लिए वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन एवं लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के संयुक्त तत्वाधान में पीछे दिनों अंधेरी (वेस्ट), मुम्बई स्थित माहेश्वरी भवन में मुफ्त नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।

यह निःशुल्क नेत्र जांच शिविर जरूरतमंद लोगों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें प्रसिद्ध डॉ. प्रेम अग्रवाल, डॉ. प्रतीक अग्रवाल और डॉ. पूजा अग्रवाल अपनी टीम के साथ लोगों की आंखों की जांच की और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा वितरित किया । साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन भी किया गया ।

इस अवसर पर वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन की ओर से प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन पवन खेतान, महासचिव दिलीप दलवी, कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र मेहरा के साथ लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के सचिव आनंद अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल तथा वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के कार्यकारी समिति सदस्य महावीर जैन, अंजना शर्मा, सुभाष दुरगकर, रवि सिन्हा, अनीता नाइक, दिनेश आशीवाल, चांदनी गुप्ता, अनुराधा मेहता, हीराचंद दंड, राहुल सुगंध, अक्षय सिंह, प्रिया राठौड़ और अमित चंद्रा मौजूद थे।

वेस्टर्न इंडिया फिल्म एवं टीवी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम शिर्के और लायंस क्लब ऑफ मिलेनियम के अध्यक्ष राजेंद्र झुनझुनवाला के द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस 10 वें चिकित्सा नेत्र शिविर में कुल 600 लाभार्थियों को जांच के पश्चात चश्मा व दवाइयां भी दी गई। 22 मार्च 1960 को स्थापित वेस्टर्न इंडिया फिल्म प्रोडयूसर्स एसोसिएशन फिल्म निर्माताओं को सरंक्षण देने में अग्रणी रही है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

 

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला

कहा— आर्थिक संकट में फंसा देश, कारोबारियों के सामने खड़ी की गईं मुश्किलें

लखनऊ 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नव्व अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट में फंस गया है। कारोबारियों के लिए व्यापार करना कठिन होता जा रहा है और सरकार ने उनके सामने तमाम समस्याएं खड़ी कर दी हैं।

उन्होंने यह बातें लखनऊ के होटल ताज में तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित छोटे कारोबारियों एवं उद्यमियों के कार्यक्रम में कहीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों ने बैंकिंग सेक्टर को बुरी तरह प्रभावित किया है। बैंकों को आपस में विलय करने की नौबत आ गई है और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ केवल नाम का रह गया है।

पूरा व्यापार जीएसटी और टीडीएस की उलझनों में फंसा हुआ है, जबकि ‘मेक इन इंडिया’ का कोई असर दिखाई नहीं देता। चीन का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है और सरकार ने बाजार बाहरी ताकतों के हवाले कर दिया है।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में केवल कुछ गिने-चुने कारोबारियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि बाकी व्यापारियों को संघर्ष करना पड़ रहा है। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, लेकिन सरकार इसे छिपाने के लिए झूठे आंकड़े पेश कर रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने का दावा कर रही है, तो 80 करोड़ लोग सरकारी राशन पर निर्भर क्यों हैं?उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह विफल हो चुकी हैं। देश में बेरोजगारी की स्थिति पहले कभी इतनी भयावह नहीं थी। युवा नौकरी और रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि महिलाओं को व्यापार और उद्योग में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं दिए जा रहे।

एमएसएमई सेक्टर के विकास की जरूरत है, लेकिन यहां भी सरकार की उदासीनता साफ दिख रही हैसमाजवादी पार्टी के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने हमेशा व्यापार को सरल और सुगम बनाने के प्रयास किए। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने मुख्यमंत्री रहते हुए चुंगी और 3/7 को खत्म किया था।

उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है तो व्यापारियों और उद्योगपतियों को सुविधाएं दी जाएंगी, महिलाओं को व्यापार में आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे और उन्हें सुरक्षा तथा सम्मान मिलेगा।भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया गया, जिसके किनारे किसानों के लिए मंडियां बनाई गईं। इस एक्सप्रेस-वे पर सेना के लड़ाकू विमानों की लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी भी तैयार की गई थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 17 एक्सप्रेस-वे बनाने का दावा किया, लेकिन हकीकत यह है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे भ्रष्टाचार का शिकार हो गया और उद्घाटन के तुरंत बाद धंस गया।प्रदेश में निवेश को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा किया है, लेकिन जमीन पर कोई भी नया उद्योग या फैक्ट्री नजर नहीं आ रही। सरकार ने कहा था कि प्रदेश में मिसाइल और टैंक बनाने का कारखाना लगेगा, लेकिन आठ साल बीतने के बाद अब तक यहां एक सुतली बम तक नहीं बना।

उन्होंने बिजली संकट पर भी सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में एक भी यूनिट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन नहीं किया। बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अब इसे निजी हाथों में बेचने की तैयारी की जा रही है।कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने देश के भविष्य को लेकर चिंता जताई और जनता से 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताने की अपील की।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का “पीडीए” एक सकारात्मक विचारधारा है, जबकि भाजपा का “एनडीए” नकारात्मक राजनीति कर रहा है।इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नव्व शिवपाल सिंह यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान कारोबार और व्यापार को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, औद्योगिक भूमि और अधोसंरचना सहायता, सब्सिडी और प्रोत्साहन योजनाएं, बिजली आपूर्ति और श्रम कानून सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापक पूजा खिलवानी, मार्गदर्शक पं. सुनील कुमार वशिष्ठ, संरक्षक नव्व नितिन कोहली और शम्मी बोहरा समेत अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नव्व राजेंद्र चौधरी, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह और महासचिव मीनाक्षी अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कारोबारी उपस्थित रहे।

***************************

 

मराठी नहीं सीखा तो कान के नीचे मारूंगा’

भाषा को लेकर फिर हुआ कलेश, VIDEO आया सामने

मुंबई 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): महाराष्ट्र में भाषा को लेकर एक और विवाद सामने आया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ भाषा को लेकर बहस करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद, एक युवक आता है और गार्ड को धमकी देता है।

वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक गार्ड को 15 दिनों के भीतर मराठी भाषा सीखने का अल्टीमेटम दे रहा है। साथ ही, उसे यह भी कहते हुए सुना जा सकता है कि “मराठी नहीं सीखी तो कान के नीचे मारूंगा”।

इस धमकी भरे बयान के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और इस घटना की निंदा की जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह घटना कहां की है और सिक्योरिटी गार्ड किस स्थान पर कार्यरत है।

वीडियो में दिख रहे अन्य लोग भी गार्ड के साथ भाषा को लेकर बहस करते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन युवक की धमकी ने इस पूरे मामले को तूल दे दिया है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद इस घटना पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

************************

 

गोपालगंज में अमित शाह के कार्यक्रम में शामिल हुए, भाजपा नेता राकेश सिंह

पटना , 30 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के दौरे पर हैं। गोपालगंज में न्यू पुलिस लाइन, चैनपट्टी में आयोजित विशाल जनसभा में शामिल हुआ. भाजपा नेता बिहार भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्य समिति सदस्य राकेश सिंह व अन्य ने थावे मंदिर मे माता का  पूजा और दर्शन कर जिला की खुशहाली की कामना की.

पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश कुमार जिला महामंत्री धर्मेंद्र साह मंडल अध्यक्ष मंटू बाबा भाजपा नेता संजय सिंह मंडल अध्यक्ष अजय नाथ पूरी मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह राहुल पासवान मंडल अध्यक्ष मिथलेश मांझी पवन सिंह सुमंत बाबा विवेक सिंह मोनू सिंह सरोज यादव सरवन कुमार संतोष शर्मा राम दयाल शर्मा विक्रम साह सहित अनेक लोग उपस्थित थे.

सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी जी के जन्मदिन पर बधाई दी.

 

******************************

 

सीएम भजनलाल शर्मा ने चैत्र नवरात्र स्थापना पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की

जयपुर ,30 मार्च (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन मुख्यमंत्री निवास में विधिवत पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की तथा राज राजेश्वरी मंदिर में सपरिवार मां दुर्गा की आराधना की।

शर्मा ने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी एवं समृ़द्ध जीवन की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

***************************

 

52 टन राहत सामग्री के साथ नौसैना के जहाज व वायुसेना के विमान म्यांमार रवाना

नई दिल्ली 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): म्यांमार में 28 मार्च को आए विनाशकारी भूकंप के बाद, भारत सरकार ने वहां सहायता पहुंचाने के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया है। 30 मार्च को भारत की ओर से नौसैनिक जहाजों के जरिए करीब 52 टन राहत सामग्री म्यांमार भेजी जा रही है। इस राहत सामग्री में पीड़ितों के लिए वस्त्र, पीने का साफ पानी, खानपान की वस्तुएं, दवाइयां आदि शामिल हैं।

पीड़ित लोगों को सहायता पहुंचाने के इस अभियान में भारतीय नौसेना, वायु सेना और इंडियन आर्मी अपना योगदान दे रही है। वायुसेना के मुताबिक, म्यांमार के लोगों के साथ भारतीय वायुसेना ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत राहत और बचाव मिशन में निरंतर कार्यरत है।

रविवार को इस विषय में जानकारी देते हुए वायुसेना ने बताया कि अविलंब वायुसेना ने अपने विमान सेवा में लगाए हैं। अब तक वायुसेना के विमानों से कुल 96.3 टन आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जा चुकी है।

सेना चिकित्सा कोर तथा एनडीआरएफ के 198 कर्मियों को तीन वायुसेना के सी-130 जे और दो सी-17 विमानों के जरिए हवाई मार्ग से भेजा गया है।

म्यांमार को सहायता पहुंचाने के लिए ऑपरेशन ब्रह्मा विदेश मंत्रालय के नेतृत्व में, भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, नौसेना और एनडीआरएफ के सहयोग से जारी है।

वहीं, नौसेना ने बताया कि भारतीय नौसेना के जहाज सतपुरा और सावित्री, जो पूर्वी नौसेना कमांड से हैं, वे म्यांमार के शहर यांगून के लिए रवाना हो चुके हैं। यह भारतीय नौसेना की तत्काल व मानवतावादी सहायता और आपदा राहत के प्रति प्रतिक्रिया का हिस्सा है।

इसके अतिरिक्त, भारतीय नौसेना के जहाज करमुक और एलसीयू 52, जो अंडमान और निकोबार कमांड से हैं, 30 मार्च 2025 को यांगून के लिए रवाना हो रहे हैं।

नौसेना ने अपने समुद्री जहाजों को राहत कार्यों में उतारने का फैसला किया है ताकि इन कार्यों में तुरंत सहायता की जा सके। नौसेना ने बताया कि इन जहाजों पर लगभग 52 टन राहत सामग्री लदी हुई है, जिसमें आवश्यक वस्त्र, पीने का पानी, खाद्य सामग्री, दवाइयां और आपातकालीन सामग्रियां शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारतीय नौसेना क्षेत्र में ‘पहली प्रतिक्रिया देने वाला’ बने रहने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि 28 मार्च को म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप की त्वरित प्रतिक्रिया में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत तत्काल मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए एक विशेष चिकित्सा कार्य बल तैनात किया है।

मेडिकल रिस्पॉन्डर्स की 118 सदस्यीय टीम आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और आपूर्ति के साथ शीघ्र ही म्यांमार रवाना हुई है। राहत एवं बचाव ऑपरेशन के हिस्से के रूप में भारतीय सेना आपदा में घायल हुए लोगों की तत्काल देखभाल के लिए 60 बिस्तरों वाला चिकित्सा उपचार केंद्र भी स्थापित कर रही है।

सेना की यह मेडिकल सुविधा ट्रामा के मामलों, आपातकालीन सर्जरी और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को संभालने में सक्षम है। इससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सहायता मिलेगी, जो आपदा के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई है।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह मानवीय सहायता भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ की नीति तथा ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ – विश्व एक परिवार है – के शाश्वत भारतीय सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। भारतीय सेना संकट के समय मित्र देशों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहती है, जो इस क्षेत्र में सबसे पहले प्रतिक्रिया देने के भारत के संकल्प को दर्शाता है। इस तैनाती को विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर समन्वित किया गया है।

*******************************

 

पंजाब सरकार ने बिजली की दरें घटाई

600 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा पूरा

अमृतसर 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । पंजाब सरकार के बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बिजली दरों में कमी कर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है।

हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि नई टैरिफ दरें 1 अप्रैल 2025 से लागू होंगी, जिसमें बिजली की दरों को कम किया गया है। इसके साथ ही एक करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं बढ़ाया गया है।

मंत्री ने कहा, “पंजाब सरकार लंबे समय से लोगों के हित में फैसले ले रही है ताकि बिजली उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो। पिछले तीन वर्षों से राज्य के लोगों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है, जो आम आदमी पार्टी सरकार का जनता से किया गया वादा था और इसे पूरा किया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि बिजली की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने गोइंदवाल में एक बड़ा थर्मल पावर प्लांट भी खरीदा है।

हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि 2025-26 के लिए नई टैरिफ दरों में वाणिज्यिक कनेक्शनों की दरें कम की गई हैं और उद्योगपतियों को 10 रुपये प्रति किलोवाट की कटौती का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा, “बिजली विभाग को 311.5 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है, जिसके चलते हमने टैरिफ दरों में कमी की है।”

उन्होंने पंजाब सरकार के हालिया बजट को लोकहितैषी और सराहनीय कदम करार देते हुए कहा कि पिछले तीन साल में सरकार ने बेहतरीन काम किया है और अगले दो साल में यह गति और तेज होगी। मंत्री ने जोर देकर कहा कि पंजाब सरकार लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है और बिजली दरों में कमी इसका एक बड़ा उदाहरण है।

पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बिजली दरों में कटौती की घोषणा की है, जिसे भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा राज्य के लोगों के लिए एक तोहफे के रूप में पेश किया जा रहा है।

इस घोषणा से पंजाब के घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

********************************

 

देवरिया से प्रयागराज तक चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में उमड़े लोग

देवरिया/प्रयागराज 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन और हिंदू नववर्ष की शुरुआत के साथ देशभर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देवरिया के देवरही मंदिर और राजराजेश्वरी मां केला देवी मंदिर से लेकर प्रयागराज के मां कल्याणी देवी मंदिर तक, सुबह से ही श्रद्धालु मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस मौके पर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

देवरिया में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने नवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने के लिए देवरही मंदिर का दौरा किया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर में मां दुर्गा के नौ रूपों की भव्य झांकियां सजाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालु मां के दर्शन कर उनकी महिमा को समझ सकें। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि नई पीढ़ी को मां के अलौकिक स्वरूप का ज्ञान हो। नवरात्रि के दौरान हर शाम 5 से 7 बजे तक दुर्गा सप्तशती पाठ होगा, जिसके बाद भव्य आरती होगी। 3 अप्रैल को जागरण और अष्टमी पर आतिशबाजी का आयोजन भी होगा।”

जिलाधिकारी ने स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, बिजली और सीसीटीवी कैमरों के साथ पुलिस तैनाती के निर्देश दिए। मंदिर मार्ग, यातायात और पार्किंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त करने को कहा।

देवरिया के ऐतिहासिक राजराजेश्वरी मां केला देवी मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुट गई। मंगला दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया गया है। नौ दिनों तक विशेष हवन और आरती का आयोजन होगा। भक्त मां से सुख-समृद्धि की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। एक श्रद्धालु ने कहा, “मां के दर्शन से मन को शांति मिलती है।”

देवरिया के प्राचीन शक्तिपीठों जैसे मां कालिकन धाम, दुर्गन भवानी, हिंगलाज, आहोरवा भवानी और बड़ी दुर्गा काली मंदिर में भी सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। लोग हवन और पूजन में हिस्सा ले रहे हैं। प्रशासन ने मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

प्रयागराज के शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में भी सुबह से भक्त मां शैलपुत्री के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर में पूजा, जागरण और भजन-कीर्तन का माहौल है। एक भक्त ने बताया, “हर साल नवरात्रि पर मां के दर्शन करने आते हैं। आज का दिन बहुत खास है। मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।”

चैत्र नवरात्रि का आगाज 30 मार्च से हुआ है तो 6 अप्रैल को रामनवमी के साथ समापन होगा। इस बार नवरात्रि 9 की बजाय 8 दिन की होगी। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जा रही है। नवरात्रि में मां के नौ रूपों की पूजा होती है। कलश स्थापना के साथ यह पर्व शुरू हुआ। मान्यता है कि इस दौरान मां पृथ्वी पर आती हैं। भक्त पूजा, हवन और उपवास के जरिए मां का आशीर्वाद मांगते हैं।

हिंदू नववर्ष की शुरुआत भी आज से हुई। इसे चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के रूप में मनाया जाता है। मंदिरों में भक्ति का माहौल है। लोग मां से सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी जगह व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा है, ताकि भक्तों को कोई असुविधा न हो।

****************************

 

एनडीए में विनिंग कॉम्बिनेशन ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा: चिराग पासवान

पटना 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस बीच एनडीए घटक दलों में शामिल लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए को गौर से देखें तो इसमें विनिंग कॉम्बिनेशन है।

आने वाले चुनाव में यह गठबंधन ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव का वर्ष है। एनडीए के साथी समय-समय पर मिलकर एक-दूसरे को समझ रहे हैं। कुछ दिन पहले हमारी दिल्ली में मुलाकात हुई थी।

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। वे न चेहरा तय कर पा रहे हैं, न गठबंधन का स्वरूप तय कर पा रहे हैं। राजद और कांग्रेस में जिस तरह से दरारें देखने को मिल रही हैं, वह यह दर्शाता है कि एक तरफ विपक्ष बिखरा हुआ है, तो वहीं दूसरी तरफ मजबूत एनडीए है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अमित शाह बिहार में मौजूद हैं। इस दौरान वे इस बात को समझेंगे कि जनता को इस गठबंधन से क्या आशाएं हैं। साथ ही गठबंधन के साथियों के साथ मुलाकात में यह भी विचार किया जाएगा कि हम और बेहतर कर सकें। इस दिशा में भी चर्चा होगी।

चारा घोटाले में गबन की गई राशि को वापस लिए जाने के बिहार सरकार के प्रयास पर उन्होंने कहा कि घोटाले की राशि वसूलना बिल्कुल सही है। ये जनता का पैसा है, वापस आना ही चाहिए। लुटे गए पैसे जनता के थे।

विधानसभा चुनाव में एनडीए के चेहरे को लेकर उन्होंने कहा कि हमारा नेता कौन होगा, किसके चेहरे पर चुनाव लड़ेंगे, हमारे लिए ये मुद्दा है ही नहीं। आज की बैठक में हम लोग उससे आगे बढ़ेंगे। सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष सभी जिलों में कार्यकर्ता सम्मेलन कर रहे हैं। इससे एकजुटता का संदेश गया है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सब कुछ को लेकर लड़ाई है। अभी तो असली लड़ाई सीट शेयरिंग को लेकर होगी। पिछली बार कांग्रेस को 70 सीट मिली थी, तो इस बार भी कम से कम उतना ही मांगेगी। सीट बंटवारा महागठबंधन के लिए मुश्किल होने वाला है। एनडीए में बड़ी सहजता से यह कार्य होगा।

वक्फ संशोधन बिल पर उन्होंने कहा कि शुरू से हम लोगों ने स्पष्ट कर के रखा था कि सबकी बात सुननी चाहिए। तभी यह बिल जेपीसी में गया। हमारी पार्टी के लोग भी उस समिति में थे।

कई मुस्लिम संगठन हैं, जो बदलाव के समर्थन में हैं। सड़कों पर नमाज और नवरात्रि में मीट की दुकानों को बंद करने पर उन्होंने कहा कि ये सब फालतू बातें हैं। शुरू से सारे धर्मों के लोग शांति से अपना पर्व मनाते रहे हैं। इस पर चर्चा होनी ही नहीं चाहिए।

***************************

 

पीएम मोदी ने टेक्सटाइल वेस्ट को बताया ‘बड़ी चुनौती’

बोले, इससे निपटने में कुछ स्टार्टअप कर रहे अच्छा काम

नई दिल्ली 30 March, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देश को संबोधित किया। उन्होंने कपड़ों की बात की। बताया कि कैसे टेक्सटाइल वेस्ट भारत के लिए चुनौती खड़ा कर रहा है और इससे निपटने के लिए क्या किया जा सकता है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘मन की बात’ में हम देशवासियों की उपलब्धियों के साथ ही अक्सर सामाजिक विषयों को भी उठाते हैं । कई बार चुनौतियों पर भी चर्चा होती है। इस बार ‘मन की बात’ में, मैं एक ऐसी चुनौती के बारे में बात करना चाहता हूं, जो सीधे हम सब से जुड़ी हुई है। ये चुनौती है ‘टेक्सटाइल वेस्ट’ की।

पीएम मोदी ने कहा कि आप सोच रहे होंगे, ये टेक्सटाइल वेस्ट क्या नई बला आ खड़ी हुई है। दरअसल, टेक्सटाइल वेस्ट पूरी दुनिया के लिए नई चिंता की एक बड़ी वजह बन गया है। आजकल दुनिया भर में पुराने कपड़ों को जल्द-से-जल्द हटाकर नए कपड़े लेने का चलन बढ़ रहा है।

क्या आपने सोचा है कि जो पुराने कपड़े आप पहनना छोड़ देते हैं, उनका क्या होता है? यही टेक्सटाइल वेस्ट बन जाता है। इस विषय में बहुत सारी ग्लोबल रिसर्च हो रही है। एक रिसर्च में यह सामने आया है, सिर्फ एक प्रतिशत से भी कम टेक्सटाइल वेस्ट को नए कपड़ों में रिसाइकिल किया जाता है—एक प्रतिशत से भी कम! भारत दुनिया का तीसरा ऐसा देश है, जहां सबसे ज्यादा टेक्सटाइल वेस्ट निकलता है। यानी चुनौती हमारे सामने भी बहुत बड़ी है।

उन्होंने आगे कहा, ” लेकिन मुझे खुशी है कि हमारे देश में इस चुनौती से निपटने के लिए कई सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। कई भारतीय स्टार्टअप ने टेक्सटाइल वेस्ट रिकवरी फैसिलिटी पर काम शुरू किया है। कई ऐसी टीमें हैं, जो कचरा बीनने वाले हमारे भाई-बहनों के सशक्तिकरण के लिए भी काम कर रही हैं।

कई युवा साथी टिकाऊ फैशन के प्रयासों में जुड़े हैं। वे पुराने कपड़ों और जूते-चप्पलों को रिसाइकिल कर जरूरतमंदों तक पहुंचाते हैं। टेक्सटाइल वेस्ट से सजावट की चीजें, हैंड बैग, स्टेशनरी और खिलौने जैसी कई वस्तुएं बनाई जा रही हैं। कई संस्थाएं आजकल सर्कुलर फैशन ब्रांड को मशहूर करने में जुटी हैं। नए-नए रेंटल प्लेटफॉर्म भी खुल रहे हैं, जहां डिज़ाइनर कपड़े किराए पर मिल जाते हैं।”

पीएम मोदी ने कुछ संस्थाओं का भी जिक्र किया जो कपड़ों को दोबारा पहनने लायक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ संस्थाएं पुराने कपड़े लेकर उसे दोबारा उपयोग करने लायक बनाती हैं और गरीबों तक पहुंचाती हैं। साथियों, टेक्सटाइल वेस्ट से निपटने में कुछ शहर भी अपनी नई पहचान बना रहे हैं।

हरियाणा का पानीपत टेक्सटाइल वेस्ट रिसाइक्लिंग के ग्लोबल हब के रूप में उभर रहा है। बेंगलुरू भी नवीन तकनीकी समाधान से अपनी एक अलग पहचान बना रहा है। यहां आधे से ज्यादा टेक्सटाइल वेस्ट को जमा किया जाता है, जो हमारे दूसरे शहरों के लिए भी एक मिसाल है। इसी प्रकार तमिलनाडु का त्रिपुर वेस्ट मैनेजमेंट ट्रीटमेंट और नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से टेक्सटाइल वेस्ट मैनेजमेंट में जुटा हुआ है।

**************************

 

खेलो इंडिया पैरा गेम्स की लोकप्रियता बढ़ी

इस बार पहले से ज्यादा खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा : पीएम मोदी

नई दिल्ली 30 march, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड में ‘खेलो इंडिया पैरा गेम्स’ में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना की और उनके संघर्ष और हौसले को लेकर प्रेरणादायक बातें साझा की।

उन्होंने कहा, “‘मन की बात’ में अब बात हौसलों के उड़ान की! चुनौतियों के बावजूद जज्बा दिखाने की। कुछ ही दिन पहले सम्पन्न हुए खेलो इंडिया पैरा गेम्स में एक बार फिर खिलाड़ियों ने अपनी लगन और प्रतिभा से सबको हैरान कर दिया। इस बार पहले से ज्यादा खिलाड़ियों ने इन खेलों में हिस्सा लिया। इससे पता चलता है कि पैरा स्पोर्ट्स कितना पॉपुलर हो रहा है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रयासों के लिए बधाई दी और विशेष रूप से हरियाणा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को उनके प्राप्त किए गए स्थानों के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, “मैं खेलो इंडिया पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। हरियाणा, तमिलनाडु और यूपी के खिलाड़ियों को पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी ने इस खेल के दौरान दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा बनाए गए राष्ट्रीय रिकॉर्डों का उल्लेख करते हुए कहा, “इन खेलों के दौरान हमारे दिव्यांग खिलाड़ियों ने 18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए, जिनमें से 12 तो हमारी महिला खिलाड़ियों के नाम रहे।” इसके बाद उन्होंने गोल्ड मेडल जीतने वाले आर्म रेसलर जॉबी मैथ्यू के पत्र को पढ़ा, जिसमें उन्होंने अपने संघर्ष के बारे में लिखा था।

जॉबी मैथ्यू का पत्र पढ़ते हुए पीएम मोदी ने कहा, “उन्होंने लिखा है- मेडल जीतना बहुत खास होता है, लेकिन हमारा संघर्ष सिर्फ पोडियम पर खड़े होने तक सीमित नहीं है। हम हर रोज एक लड़ाई लड़ते हैं। जीवन कई तरीके से हमारी परीक्षा लेता है, बहुत कम लोग हमारे संघर्ष को समझ पाते हैं। इसके बावजूद हम साहस के साथ आगे बढ़ते हैं। हम अपने सपनों को पूरा करने में जुटते हैं। हमें ये विश्वास रहता है कि हम किसी से कम नहीं हैं।”

पीएम मोदी ने जॉबी मैथ्यू और सभी दिव्यांग खिलाड़ियों के संघर्ष को प्रेरणादायक बताया और कहा, “जॉबी मैथ्यू और हमारे सभी दिव्यांग साथियों से कहना चाहता हूं कि आपके प्रयास हमारे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है।”

इसके बाद उन्होंने दिल्ली में आयोजित ‘फिट इंडिया कॉर्निवाल’ की चर्चा की, जिसमें करीब 25,000 लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा, “दिल्ली में एक और भव्य आयोजन ने लोगों को बहुत प्रेरणा दी है, जोश से भर दिया है। एक इन्नोवेटिव आइडिया के रूप में पहली बार फिट इंडिया कॉर्निवाल का आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 25,000 लोगों ने हिस्सा लिया। इन सभी का एक ही लक्ष्य था – फिट रहना और फिटनेस को लेकर जागरूकता फैलाना।”

प्रधानमंत्री ने आयोजन के लाभों के बारे में बताया और लोगों से आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्रों में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करें। उन्होंने कहा, “मेरा आग्रह है कि आप अपने क्षेत्रों में भी इस तरह के कार्निवाल का आयोजन करें। इस पहल में ‘माई भारत’ आपके लिए बहुत मददगार बन सकता है।”

******************************

 

पीएम मोदी ने जल संरक्षण को बताया अहम

कैच द रेन अभियान का किया जिक्र

नई दिल्ली 30 March, Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड में जल संरक्षण को देश के लिए जरूरी बताया। इस दौरान उन्होंने देशभर में जलशक्ति मंत्रालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की और जल संरक्षण के महत्व को समझाया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “गर्मी का मौसम शुरू होते ही शहर-शहर, गांव-गांव, पानी बचाने की तैयारियां भी शुरू हो जाती हैं। अनेक राज्यों में वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़े कामों ने, जल संरक्षण से जुड़े कामों ने नई तेजी पकड़ी है। जलशक्ति मंत्रालय और अलग-अलग स्वयंसेवी संस्थाएं इस दिशा में काम कर रही हैं।”

उन्होंने जल संरक्षण के उपायों का जिक्र करते हुए कहा, “देश में हजारों कृत्रिम तालाब, चेक डेम, बोरवेल रिचार्ज, कम्युनिटी सॉक पिट का निर्माण हो रहा है। हर साल की तरह इस बार भी ‘कैच द रेन’ अभियान के लिए कमर कस ली गई है।

ये अभियान भी सरकार का नहीं बल्कि समाज का है, जनता-जनार्दन का है।” पीएम मोदी ने जल संचय जन-भागीदारी अभियान को भी महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह प्रयास है कि “जो प्राकृतिक संसाधन हमें मिले हैं, उसे हमें अगली पीढ़ी तक सही सलामत पहुंचाना है।”

प्रधानमंत्री ने उदाहरण के तौर पर बताया कि कैसे बारिश की बूंदों को संरक्षित कर पानी बर्बाद होने से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सालों में इस अभियान के तहत देश के कई हिस्सों में जल संरक्षण के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।

मैं आपको एक दिलचस्प आंकड़ा देता हूं, पिछले 7-8 साल में नए बने टैंक, तालाब और अन्य जल रिचार्ज संरचनाओं से 11 बिलियन क्यूबिक मीटर उससे भी ज्यादा पानी का संरक्षण हुआ है।” प्रधानमंत्री ने इस आंकड़े को समझाते हुए कहा, “अब आप सोचेंगे कि 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी कितना पानी होता है?

उन्होंने आगे कहा कि भाखड़ा नांगल बांध में जो पानी जमा होता है, उसकी तस्वीरें तो आपने जरूर देखी होंगी। ये पानी गोविंद सागर झील का निर्माण करता है। इस झील की लंबाई ही 90 किलोमीटर से ज्यादा है।

इस झील में भी 9-10 बिलियन क्यूबिक मीटर से ज्यादा पानी संरक्षित नहीं हो सकता है। और देशवासियों ने अपने छोटे-छोटे प्रयास से, देश के अलग-अलग हिस्सों में 11 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी के संरक्षण का इंतजाम कर दिया है – है ना ये शानदार प्रयास!”

प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के गडग जिले के लोगों के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “कुछ साल पहले यहां के दो गांव की झीलें पूरी तरह सूख गईं। एक समय ऐसा भी आया जब वहां पशुओं के पीने के लिए भी पानी नहीं बचा।

धीरे-धीरे झील घास-फूस और झाड़ियों से भर गई। लेकिन गांव के कुछ लोगों ने झील को पुनर्जीवित करने का फैसला किया और काम में जुट गए।” पीएम मोदी ने कहा कि गांव के लोगों के प्रयासों को देखकर “आसपास की सामाजिक संस्थाएं भी उनसे जुड़ गईं। सब लोगों ने मिलकर कचरा और कीचड़ साफ किया और कुछ समय बाद झील वाली जगह बिल्कुल साफ हो गई। अब लोगों को इंतजार है बारिश के मौसम का।”

प्रधानमंत्री ने इस उदाहरण को ‘कैच द रेन’ अभियान का एक शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, “आप भी सामुदायिक स्तर पर ऐसे प्रयासों से जुड़ सकते हैं।

इस जन-आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए आप अभी से योजना जरूर बनाइए, और आपको एक और बात याद रखनी है – हो सके तो गर्मियों में अपने घर के आगे मटके में ठंडा जल जरूर रखिए। घर की छत पर या बरामदे में भी पक्षियों के लिए पानी रखिए। देखिएगा, ये पुण्य कार्य करके आपको कितना अच्छा लगेगा।

**************************

 

PM बनने के बाद मोदी ने पहली बार किया संघ मुख्यालय का दौरा

संस्थापक हेडगेवार को दी श्रद्धांजलि

नागपुर 30 March, Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 9 बजे नागपुर पहुंचे हैं। संघ के शताब्दी वर्ष में पीएम मोदी ने संघ मुख्यालय का दौरा किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी का संघ मुख्यालय का यह पहला दौरा है और इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने पीएम मोदी के दौरे को लेकर कहा कि उनके नागपुर आगमन से पूरे विदर्भ में उत्साह का माहौल है। 47 स्थानों पर उनके स्वागत की तैयारी की गई है।

बता दें कि पीएम मोदी डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर गए और आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर की समाधि पर श्रद्धांजलि की।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी आरएसएस के स्मृति मंदिर पहुंचे और उन्होंने डॉ. हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने नागपुर में दीक्षाभूमि का भी दौरा किया। यह वह स्थान है जहां डॉ. बीआर अंबेडकर और उनके अनुयायियों ने बौद्ध धर्म अपनाया था। पीएम मोदी ने महात्मा बुद्ध की भी पूजा की। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी साथ मौजूद रहे।

***************************

 

चैत्र नवरात्रि शुरू : मां वैष्णो देवी की अटका आरती होती है बेहद खास

नई दिल्ली 30 March, Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : आज से चैत्र नवरात्रि शुरू हो गई है और माता वैष्णो देवी मंदिर सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं। यहां होने वाली अटका आरती एक बेहद खास अनुष्ठान है, जिसे देखने और उसमें शामिल होने की इच्छा हर भक्त की होती है, लेकिन अटका आरती में शामिल होने के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग कराना आवश्यक है। अगर आप भी माता वैष्णो देवी की अटका आरती में शामिल होना चाहते हैं, तो यहां हम आपको इसकी पूरी बुकिंग प्रक्रिया और इससे जुड़ी जरूरी जानकारी देंगे।

अटका आरती माता वैष्णो देवी के दरबार में होने वाली विशेष पूजा है, जो दिन में दो बार—सुबह और शाम को आयोजित की जाती है। इस आरती के दौरान मंदिर परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया जाता है और केवल आरती बुकिंग कराने वाले श्रद्धालुओं को ही इसमें शामिल होने का अवसर मिलता है। आरती के दौरान वैदिक मंत्रों, भजनों और शंख-घंटियों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। मान्यता है कि इस आरती में शामिल होने से माता की विशेष कृपा प्राप्त होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

वैष्णो देवी अटका आरती में शामिल होने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कराई जाती है। बुकिंग की प्रक्रिया बेहद आसान है।

सबसे पहले आप श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटमांवैष्णोदेवीडॉटओआरजी पर जाएं। यहां अपना अकाउंट बनाएं या लॉगिन करें। अगर आपका पहले से अकाउंट है, तो यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करें। अगर नया अकाउंट बनाना है, तो रजिस्ट्रेशन करें और अपनी डिटेल्स भरें। इसके बाद अटका आरती बुकिंग सेक्शन पर जाएं, फिर वेबसाइट के ऑनलाइन सर्विसेज सेक्शन में जाएं। यहां अटका आरती बुकिंग के विकल्प पर क्लिक करें।

इसके बाद आप आरती की तारीख चुनें। आपके सामने एक कैलेंडर खुलेगा, जिसमें उपलब्ध तारीखें दिखाई देंगी। अपनी सुविधानुसार मनचाही तारीख का चयन करें। फिर श्रद्धालुओं की संख्या दर्ज करें। एक बार बुकिंग करने पर अधिकतम चार श्रद्धालुओं को शामिल किया जा सकता है। अपनी और अपने साथ जाने वाले श्रद्धालुओं की व्यक्तिगत जानकारी (नाम, उम्र, आईडी प्रूफ) दर्ज करें। इसके बाद पेमेंट करना होगा।

पेमेंट सफल होने के बाद, आपको ईमेल और मोबाइल नंबर पर बुकिंग कंफर्मेशन और एक ई-रसीद प्राप्त होगी। इस ई-रसीद को यात्रा के दौरान साथ रखना जरूरी है।

आपको बता दें कि अटका आरती बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होती है, इसलिए जल्दी बुकिंग कराना जरूरी है। श्रद्धालुओं को समय से 1-2 घंटे पहले मंदिर परिसर में पहुंचना अनिवार्य होता है। मोबाइल फोन, कैमरा, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मंदिर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होती। सुविधा के लिए यात्रा से पहले श्राइन बोर्ड की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर लें।

****************************

 

पीएम मोदी ने नवरात्रि और नव संवत्सर की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

नई दिल्ली 30 march, Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  । चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ नव संवत्सर (हिंदू नव वर्ष) की शुरुआत हो गई है। साथ ही नवरात्रि का पावन पर्व भी रविवार से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को नवरात्रि और नव संवत्सर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को नवरात्रि और नव संवत्सर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा, “समस्त देशवासियों को नव संवत्सर की ढेरों शुभकामनाएं। यह पावन-पुनीत अवसर आप सभी के जीवन में नया उत्साह लेकर आए, जो विकसित भारत के संकल्प में भी नई ऊर्जा भरे।”

इसके बाद एक और पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, “देशवासियों को नवरात्रि की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। शक्ति-साधना का यह पावन पर्व हर किसी के जीवन को साहस, संयम और सामर्थ्य से परिपूर्ण करे। जय माता दी!”

इसके अलावा, पीएम मोदी ने नवरात्रि को “शक्ति और साधना” का त्योहार बताते हुए, प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज द्वारा देवी को समर्पित एक भजन भी एक्स पर शेयर किया। पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, “नवरात्रि की शुरुआत मां भगवती के उपासकों में भक्ति का एक नया उत्साह जगाती है। मां भगवती की आराधना को समर्पित पंडित जसराज का यह भजन सभी को मंत्रमुग्ध कर देगा।”

इसके अलावा पीएम मोदी ने सभी को गुड़ी पड़वा और उगादि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं!

बता दें कि नवरात्रि हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है। नवरात्रि मां दुर्गा और उनके नौ रूपों की पूजा के लिए समर्पित है। यह त्योहार साल में चार बार आता है: क्रमशः चैत्र नवरात्रि, शारदीय नवरात्रि, माघ नवरात्रि और आषाढ़ नवरात्रि। हालांकि, इनमें से चैत्र और शारदीय नवरात्रि सबसे अधिक लोकप्रिय और व्यापक रूप से मनाई जाती हैं।

वहीं, हिंदू नववर्ष को ‘हिंदू संवत्सर’ या ‘विक्रम संवत’ के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह नए साल की शुरुआत का प्रतीक है। यह मुख्य रूप से चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है। यह दिन चैत्र नवरात्रि के पहले दिन के साथ भी मेल खाता है। हिंदू नववर्ष को भारत के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग नामों और परंपराओं के साथ उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

*************************

 

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की

रांची, 29.03.2025(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – रांची के हरमू स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय (कैंप) मे पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष दिशोम गुरु आदरणीय श्री शिबू सोरेन जी के मार्गदर्शन और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सह माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए, सिमडेगा जिला की सामाजिक कार्यकर्ता सह जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती रोज प्रतिमा सोरेन ने पार्टी के माननीय केंद्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार पांडेय जी के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी के केंद्रीय महासचिव श्री विनोद कुमार पांडेय जी के द्वारा सभी लोगों को अंगवस्त्र देकर पार्टी में शामिल किया गया |

***********************