कैमूर में महिला प्रधानाध्यापिका की गोली मारकर हत्या

भभुआ 17 jan, (एजेंसी) : बिहार में कैमूर जिले में रामगढ़ थानान्तर्गत ग्राम बलुआ प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका जयंति देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के रामगढ़ थानान्तर्गत ग्राम बलुआ प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सोमवार की रात अपने घर लौट रही थी तभी पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने गोली मार दी। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गयी।

सूत्रों ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। इस सिलसिले मे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। शव को अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

*****************************

 

हवाई यात्रियों के लिए मोदी सरकार का बड़ा कदम, 6 एयरपोर्ट्स पर बनेंगे वॉर रूम

नई दिल्ली 17 Jan, (एजेंसी)- कोहरे के कारण फ्लाइट्स में हो रही देरी को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने SOP जारी की है। इसके तहत दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता मेट्रो एयरपोर्ट्स पर पैसेंजर्स की सुविधा के लिए वॉर रूम बनाए जाएंगे। किसी भी फ्लाइट के लेट होने की स्थिति में दिनभर में एयरलाइंस कंपनी को तीन बार रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया है, साथ ही CISF की चौबीस घंटे मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी।

नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘सभी छह मेट्रो हवाई अड्डों के लिए प्रतिदिन तीन बार घटनाओं के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है।’ दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता मेट्रो हवाई अड्डे हैं। मंत्री ने कहा कि यात्रियों की असुविधा के संबंध में किसी भी मुद्दे का तुरंत समाधान करने के लिए छह मेट्रो हवाई अड्डों पर एयरलाइन संचालकों और हवाई अड्डों द्वारा ‘वॉर रूम’ स्थापित किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही चौबीसों घंटे सीआईएसएफ कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सिंधिया ने सोशल मीडिया पर लिखा चौबीसों घंटे पर्याप्त सीआईएसएफ जनशक्ति की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। दिल्ली एयरपोर्ट पर RWY 29L को आज CAT III चालू कर दिया गया है। री-कार्पेटिंग के बाद दिल्ली हवाई अड्डे पर CAT III के रूप में RWY 10/28 का परिचालन भी शुरू किया जाएगा।

***************************

 

राम मंदिर दुनिया के लिए बनेगा प्रेरणास्रोत : अरुण गोविल

अयोध्या 17 jan, (एजेंसी)  : अस्सी के दशक में घर घर में आस्था की सुगंध फैलाने वाले रामानंद सागर निर्देशित टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले बालीवुड अभिनेता अरुण गोविल ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर बन रहे दिव्य और भव्य राम का मंदिर पूरे विश्व के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा।

अरुण गोविल ने आज लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी और माता सीता की भूमिका निभाने वाली दीपिका चिखलिया के साथ प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर और श्रीराम जन्म भूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। बाद में एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर बन रहे रामलला का दिव्य और भव्य राम मंदिर पूरे विश्व के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगा।

पूरे विश्व में सनातन संस्कृति पिछले कुछ वर्षों में धूमिल हो गयी थी, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से फिर से एक संदेश जागेगा जो हमारी संस्कृति की विरासत है वह पूरे विश्व को पता लगेगी। यह मंदिर प्रेरणास्रोत होगा। हमारी आस्था का केन्द्र तो है ही यह हमारा गौरव और हमारी पहचान बनायेगी। उन्होंने कहा ‘राम के आदर्शों को सभी को अपनाना चाहिए।’

**************************

 

सांसद नुसरत जहां की मुश्किलें बढ़ी, फ्लैट धोखाधड़ी मामले में होना होगा अदालत में पेश

कोलकाता 17 jan, (एजेंसी): एक्ट्रेस से तृणमूल कांग्रेस की सांसद बनीं नुसरत जहां की मुसीबतें बढ़ रही हैं। कोलकाता की एक अदालत ने फैसला सुनाया कि नुसरत जहां को एक रियल स्टेट कंपनी के निदेशक के रूप में अपने जुड़ाव से संबंधित मामले में अदालत में पेश होना होगा, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को उचित दरों पर फ्लैट देने का वादा करके कई करोड़ रुपये की ठगी की गई थी।

पिछले साल सितंबर में एक अदालत ने इस मामले में नुसरत जहां को पेश होने का आदेश दिया था। हालांकि, उन्होंने इस आदेश को ऊपरी अदालत में चुनौती दी, लेकिन, अदालत ने आदेश को बरकरार रखा।

नुसरत जहां पहले रियल स्टेट कंपनी सेवेन सेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक थीं। पिछले साल सितंबर में, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धोखाधड़ी मामले में नुसरत जहां से पूछताछ की थी।

आरोप है कि फर्म ने वरिष्ठ नागरिकों को आकर्षक दरों पर आवासीय फ्लैट देने का वादा करके उनसे कई करोड़ रुपये इकट्ठा किए। शिकायत के अनुसार, उन्हें फ्लैट उपलब्ध कराने के बजाय, उनके पैसे का इस्तेमाल नुसरत जहां सहित निदेशकों द्वारा निजी आवासीय आवास खरीदने के लिए किया गया था।

हालांकि, नुसरत जहां ने आरोपों से इनकार किया था और दावा किया था कि उन्होंने उक्त रियल स्टेट कंपनी से लगभग 1.16 करोड़ रुपये का लोन लिया था, और ब्याज सहित 1.40 करोड़ रुपये से ज्यादा का लोन चुका दिया था।

हालांकि, उन्होंने मीडिया के उन सवालों का कोई जवाब नहीं दिया, जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने हाउसिंग लोन देने वाले किसी बैंक या रजिस्टर्ड फाइनेंशियल इंटिट्यूड के बजाय एक रियल स्टेट से लोकल फर्म से लोन क्यों लिया।

**********************

 

रोडवेज कर्मचारी 24 जनवरी को प्रदेशभर में करेंगे चक्का जाम

भिवानी 17 Jan, (एजेंसी) : हरियाणा सरकार रोडवेज कर्मचारियों की मांगे मान कर पत्र जारी नहीं करती है तो 24 जनवरी को सांझा मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर में रोडवेज का पूर्णतय चक्का जाम किया जायेगा। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ की बैठक यूनियन कार्यालय में संपन्न हुयी। बैठक की अध्यक्षता डिपो प्रधान अनिल फौजी ने की। वहीं संचालन सचिव अनिल नागर ने किया। इस दौरान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र दिनोद मुख्य रूप से बैठक में शामिल हुए। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुये डिपो प्रधान अनिल फौजी और सचिव अनिल नागर ने कहा कि पिछले काफी समय से रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को लेकर रोडवेज का कर्मचारी आंदोलनरत है।

संघ के राज्य प्रधान नरेन्द्र दिनोद, राज्य उप महासचिव पवन शर्मा और पूर्व डिपो प्रधान प्रदीप दुग्गल ने बताया कि सरकार से कर्मचारियों की मांगों को लेकर कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन उसे हर प्रकार से नकार देती है। चार दौर की बातचीत हो चुकी है। सरकार कर्मचारियों की मांगे मान लेती है, लेकिन पत्र जारी कर लागू नहीं करती है। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों की और ध्यान दिलाते हुये बताया कि कर्मचारियों की समय से वेतन विसंगति दूर करना ,कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना पुरानी पेंशन बहाल करना, 2016 के चालकों को पक्का करना, काटे गये अर्जित अवकाश को दोबारा से लागू करना, कौशल विकास निगम को भंग करना, रोडवेज विभाग में सरकारी बसों को बढ़ाना आदि मुख्य मांगें है, जिन्हें प्रदेश सरकार लागू करने में आनाकानी कर रही है। नरेंद्र दिनोद ने कहा कि सरकार को चेताते हुये कहा कि अगर समय रहते सरकार कर्मचारियों की मांगे मान कर पत्र जारी नहीं करती है, तो 24 जनवरी को सांझा मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर में रोडवेज का पूर्णतय चक्का जाम रहेगा।

**************************

 

 

इंडिगो की फ्लाइट 4 घंटे लेट, ऋचा चड्ढा ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

नई दिल्ली 17 Jan, (एजेंसी) : बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने बुधवार को कहा कि उन्हें भी इंडिगो एयरलाइंस की दो घरेलू उड़ानों में देरी का सामना करना पड़ा। एक्ट्रेस ने एक्स पोस्ट में कहा कि उन्होंने पिछले तीन दिनों में 3 फ्लाइट्स में सफर किया, जिनमें से दो इंडिगो की थीं और तीसरी इंटरनेशनल फ्लाइट थी, जो समय पर थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोहरा और मुंबई में हाल ही में एयर शो ने इंडिगो की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। ”3 दिनों में मेरी तीसरी फ्लाइट में… पहले दिन इंडिगो में 4 घंटे से ज्यादा की देरी हुई, दूसरे दिन, इंडिगो में फिर 4 घंटे की देरी, कुछ रुट्स पर डायरेक्ट फ्लाइट्स अक्सर इंडिगो की होती हैं।

तीसरे दिन, इंटरनेशनल फ्लाइट, इसमें कोई समस्या नहीं आई।” ”14 जनवरी को मुंबई में एयर शो था, जिसकी वजह से सुबह रनवे बंद कर दिया गया और फिर उत्तर भारत में कोहरा/धुंध- दिल्ली रनवे बंद… क्या यह इसका असर था? पूरे देश में फ्लाइट्स में देरी हुई। कर्मचारियों को ज्यादा काम करना पड़ रहा है।” एक्ट्रेस ने आगे हालिया घटना का जिक्र किया, जिसमें एक यात्री ने इंडिगो पायलट के साथ मारपीट की थी। ऋचा चड्ढा ने कहा, “मुझे हैरानी है कि केवल एक व्यक्ति पर हमला हुआ, क्योंकि गुस्सा बहुत ज्यादा बढ़ रहा है (मैं हिंसा को बर्दाश्त नहीं करती)।”

**************************

 

राज्य में नामांतरण के लिये आयोजित विशेष शिविरों में 50,796 लंबि मामले निपटाये : जिम्पा

चंडीगढ़ 17 jan, (एजेंसी) : पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने बताया कि नामांकरण के लंबित मामलों को निपटाने के लिये राज्य भर में आयोजित विशेष शिविरों में 50,796 मामले निपटाये गये हैं। जिम्पा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अंतर्गत 15 जनवरी को पूरे पंजाब की तहसीलों और सब-तहसीलों में लोकहित को मुख्य रखते हुए इंतकाल के पैंडिंग (लम्बित) पड़े मामले निपटाने के लिए दूसरा विशेष शिविर लगाया गया। इससे पहले छह जनवरी को भी विशेष शिविर लगाया गया था, जोकि बेहद सफल रहा था।

उन्होंने बताया कि इन दोनों शिविरों के दौरान इंतकालों के लम्बित पड़े पहले शिविरों में 31,538 जबकि दूसरे शिविरों में 19,258 मामलों का निपटारा किया गया है। पन्द्रह जनवरी को विशेष कैंप के दौरान जिम्पा ने ख़ुद बलाचौर, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर और पटियाला तहसीलों का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों के साथ बातचीत करके आ रही समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किये। पहले कैंप के दौरान उन्होंने होशियारपुर, फगवाड़ा, फिल्लौर, लुधियाना पूर्वी, लुधियाना पश्चिमी और शहीद भगत सिंह नगर तहसीलों का दौरा करके कामकाज का जायज़ा लिया था।

राजस्व मंत्री ने बताया कि जिन लोगों के इंतकाल के मामले पैंडिंग पड़े थे, उन्होंने संबंधित तहसील/सब-तहसील में पहुँच कर इंतकाल सम्बन्धी आ रही समस्या का मौके पर समाधान करवाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार लोगों की परेशानियां घटाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्राप्त हुई रिपोर्ट के अनुसार दूसरे विशेष शिविर के दौरान सबसे ज़्यादा 3528 इंतकाल लुधियाना जि़ले में दर्ज किये गये। इसी तरह अमृतसर जि़ले में 508, बरनाला में 353, बठिंडा में 623, फ़तेहगढ़ साहिब में 646, फाजिल्का में 733, फरीदकोट में 386, फिऱोज़पुर में 409, गुरदासपुर में 1233, होशियारपुर में 1456 और जालंधर जि़ले में 996 इंतकालों का निपटारा किया गया। कपूरथला में 444, मालेरकोटला में 197, मानसा में 636, मोगा में 433, पटियाला में 934, पठानकोट में 551, रूपनगर में 856, साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर में 1227, शहीद भगत सिंह नगर में 501, संगरूर में 1458, श्री मुक्तसर साहिब में 593 और तरन तारन में 557 इंतकाल दर्ज किये गये हैं।

***************************

 

आज का राशिफल

मेष राशि-

आज का दिन आपके लिए नयी उमंग से भरा रहने वाला है। आपका हंसमुख स्वभाव दूसरों को ख़ुश रखेगा। कहीं रुका हुआ पैसा आज आपको वापस मिलेगा, जिससे आर्थिक हालात में सुधार आएगा। आज अपने परिवार के साथ कहीं घूमने का प्लान बनायेंगे। बच्चे आज घर पर खेल-कूद में व्यस्त रहेंगे। आज किसी अनुभवी व्यक्ति से मिलकर आपको अपनी कई समस्याओं का हल मिल जाएगा। जीवनसाथी आज आपके ऊपर ख़ास ध्यान देंगे और आपकी बातों को ध्यान से सुनेंगे। छात्रों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग- पीला

शुभ अंक- 3

वृष राशि-

आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज आप किसी भी पुरानी बातों में न उलझें। जो व्यापारी अपने कारोबार के सिलसिले में घर से बाहर जा रहे हैं उनके लिए धन लाभ के योग बन रहे हैं। आज आपकी रूचि सामाजिक गतिविधियों में ज्यादा रहेगी। आज किसी ऐसे इंसान से मिलने की संभावना है जो बिजनेस में आपको लाभ दिलायेगा। आज आपका व्यक्तित्व लोगों को आपकी तरफ आकर्षित कर सकता है। ऑफिस के किसी कार्य को पूरा करने में जल्दबाजी न करें। दाम्पत्य जीवन में नयी-नयी खुशियां आएंगी। कार्यों में जीवनसाथी का सहयोग मिलने से मन प्रसन्न रहेगा।

शुभ रंग- गोल्डन

शुभ अंक- 2

मिथुन राशि-

आज का दिन आपके लिए उत्तम रहने वाला है। प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। आज आप नया घर लेने का विचार करेंगे। परिवार वालों से इस पर विचार विमर्श करेंगे। बच्चे आज आपको अपनी उपलब्धियों से गर्व का अनुभव कराएंगे। दिन को ख़ास बनाने के लिए स्नेह और उदारता के छोटे-छोटे तोहफ़े लोगों को दें। समय का सदुपयोग करना सीखें। आज आप कुछ रचनात्मक करने की कोशिश करें। ड्राईफ्रूट्स का बिजनेस कर रहे लोगों को अच्छा मुनाफा होगा, बिजनेस को और आगे बढ़ाने का प्लान बनायेंगे।

शुभ रंग- काला

शुभ अंक- 9

कर्क राशि-

आज का दिन आपके लिए शानदार रहने वाला है। आपके जीवनसाथी का प्यारा बर्ताव आपका दिन ख़ुशनुमा बना देगा। जो लोग अपने करीबियों या रिश्तेदारों के साथ मिलकर बिजनेस कर रहे हैं उन्हें आपस में ताल-मेल बैठकर काम करने की जरुरत है। अपना समय और ऊर्जा दूसरों की मदद करने में लगाएं, लेकिन ऐसे मामलों में पडऩे से बचें जिनसे आपका कोई लेना-देना नहीं है। जीवनसाथी के साथ हंसते खिलखिलाते, हर पल का आनंद लेते हुए आप अच्छा महसूस करेंगे। आज आप बिजनेस को नई दिशा देने के बारे में विचार करेंगे। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह भी लेंगे।

शुभ रंग- लाल

शुभ अंक- 6

सिंह राशि-

आज का दिन आपके लिए बेहतर रहने वाला है। जि़ंदगी का भरपूर लुत्फ़ उठाने के लिए अपनी महत्वाकांक्षाओं को क़ाबू में रखें। योग का सहारा लेंगे, जो आध्यात्मिक, मानसिक और शारीरिक तौर पर स्वस्थ रखकर दिल और दिमाग़ को बेहतर बनाता है। आज किसी महिला की मदद से आपको करोबार या नौकरी में आर्थिक लाभ होने की संभावना है। आज आपको अपनी सोच सकारात्मक रखकर कार्य करने की जरुरत है। जॉब की तलाश कर रहे लोगों को आज किसी जानकर की मदद से जॉब मिलेगी। छात्रों का मन पढ़ाई में लगेगा। लवमेट आज कहीं घूमने जायेंगे, एक दूसरे को उपहार भी देंगे।

शुभ रंग- सफेद

शुभ अंक- 7

कन्या राशि-

आज का दिन आपके लिए व्यस्तता से भरा रहने वाला है। घर के जरूरतों को आज नजरंदाज न करें। आपके परिवार को आपसे बहुत ज़्यादा उम्मीदें हैं, जिसके चलते आपको थोड़ी और मेहनत करने की आवश्यकता है। आज लवमेट आज एक-दूसरे के भावनाओं की कद्र करेंगे, जिससे रिश्ते में और मधुरता आयेगी। आज आपको जीवनसाथी के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। आज आप किसी करीबी रिश्तेदार से देर तक फोन पर बात कर सकते हैं और अपने जीवन में चल रही बातों को शेयर करेंगे।

शुभ रंग- नारंगी

शुभ अंक- 1

तुला राशि-

आज का दिन आपके लिए ख़ास रहने वाला है। अगर आपकी योजना बाहर घूमने-फिरने की है तो आपका वक़्त हंसी-ख़ुशी और सुकून भरा रहेगा। आज आप घर के सजावट का सामान खरीदने मार्केट जायेंगे। दफ़्तर के कामकाज में ज़्यादा व्यस्तता के चलते आज आप घर देर से पहुंचेंगे। आज कोई व्यक्ति आपकी बातों को सुनने से ज्यादा अपनी बातें कहना पसंद करेगा। आज आप अपने मित्रों से मिलने का प्लान बना सकते हैं। घर के बड़े-बुजुर्गों से आपकी अच्छी बातचीत होगी। कुछ नयी जानकारी मिलेगी जो आपके लिए कारगर साबित होगी।

शुभ रंग- पीच

शुभ अंक- 8

वृश्चिक राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। बिजनेस में प्राप्त हुआ धन आप दूबारा अपने बिजनेस में ही लगायेंगे। किसी आवश्यक कार्य में आप भाई-बहन से सलाह लेंगे। आज जीवनसाथी के साथ समय बिताने से रिश्ते में और मधुरता आएगी। आज परिवार के साथ आप घूमने जा सकते है। किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। लवमेट के व्यवहार में आये पोजिटिव बदलाव से आपको प्रसन्नता होगी। वकालत कर रहे छात्रों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है।

शुभ रंग- ग्रीन

शुभ अंक- 1

धनु राशि-

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। अचानक आए ख़र्चे आपको थोड़े उलझन में डाल सकते है, लेकिन आप जल्द ही सब नियंत्रण में कर लेंगे। आज आपके रूखे बर्ताव के कारण कोई आपकी बातों से असहमत हो सकता है। आज के दिन आप अपने लिए समय निकालें और अपनी कमियों और खुबियों पर गौर करें। इससे आपके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। आज कार्यस्थल पर आपके जोशीले अंदाज से आपके सहकर्मी आपसे प्रभावित होंगे। बॉस आपके कार्यों की तारीफ करेंगे।

शुभ रंग- नीला

शुभ अंक- 9

मकर राशि-

आज का दिन फेवरेबल रहने वाला है। आज आपका कोई पड़ोसी आपसे मदद मांग सकता है। घर की समस्याओं को समझने के लिए आज घर के किसी वरिष्ठ शख्स के साथ आप वक्त गुजार सकते हैं। आज का दिन अपने व्यक्तित्व को निखारने में लगा सकते हैं। छात्र आज कॉलेज द्वारा मिले प्रोजेक्ट को पूरा करने में सफल होंगे। ग्रेजुएशन पूरा कर चुके छात्र आज किसी प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म भरेंगे, साथ ही उसकी तैयारी भी शुरू कर देंगे। आज आपका दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहने वाला है।

शुभ रंग- मैरून

शुभ अंक- 4

कुंभ राशि-

आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहने वाला है। पहले किया गया निवेश फ़ायदेमंद रहेगा और समृद्धि लेकर आएगा। आज आप आर्थिक मामलों को ज़रूरत से ज़्यादा गंभीरता से लेंगे और उसे दूर करने के लिए कोई विचार करेंगे। आज आप अपने दोस्त के साथ कहीं घूमने का प्लान करेंगे। आज कुछ नया और सृजनात्मक करने के लिए अच्छा दिन है। आज जीवनसाथी आपसे किसी कार्य को पूरा करने के लिए सलाह लेंगे, आपकी सलाह कारगर साबित होगी। आज घर पर परिवार के साथ आप अलग-अलग पकवानों का आनंद लेंगे।

शुभ रंग- ग्रे

शुभ अंक- 6

मीन राशि-

आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आपके आस- पास के लोग आपको प्रोत्साहित करेंगे व आपके काम को सराहेंगे। घर पर कोशिश करें कि आपका व्यवहार ज्यादा गुस्से वाला न हो, गुस्से पर नियंत्रण रखे, पारिवारिक माहौल बेहतर बना रहेगा । कुछ लोगों से मिलाना आपके जीवन में नयापन लाएगा और आपको ख़ुशमिज़ाज रखेगा। घर पर मिले किसी पुराने सामान को देखकर आज आप खुश हो सकते हैं । मित्र से आज आपको कुछ अनोखा उपहार मिल सकता है।

शुभ रंग- मैजेंटा

शुभ अंक- 8

*********************************

 

 

भव्य मंदिर के साथ ही नव्य अयोध्या के भी दर्शन कराएगी रामनगरी

अयोध्या  ,16 जनवरी (एजेंसी)।  योगी सरकार ने विगत कुछ वर्षों में अयोध्या का कायाकल्प कर दिया है। हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं को यहां धरातल पर उतारा गया है, जिसके बाद यह नगरी श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार है। अयोध्या नगरी में घुसते ही साफ़ सुथरी पक्की सडक़ श्रद्धालुओं का स्वागत कर रही है। सडक़ के बीच में लगे सूर्य स्तंभ, रात के अंधेरे में रामनगरी की सुंदरता को दुगुना बढ़ा रहे हैं। प्रवेश द्वार देखकर ही इस बात का एहसास हो जाता है कि आप किसी दिव्य नगरी में प्रवेश कर रहे हैं। पूरे रास्ते आपको दीवारों पर भगवान राम से जुड़ी अदभुत वॉल पेंटिंग देखने को मिलेगी जो आपको श्रद्धा से सराबोर कर देगी।

सरयू नदी को बनाया गया है स्वच्छ और निर्मल : मुख्यमंत्री योगी ने सत्ता में आने के बाद सरयू नदी और यहां के घाटों का कायाकल्प कर दिया है। करोड़ों रुपए खर्च कर योगी सरकार ने यहां नदी की स्वच्छता के साथ ही साफ सुथरे घाटों का निर्माण करवाया है। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि 12 महीने सरयू का जल घाटों पर बना रहे। इसके लिए एक्सपर्ट की टीम लगी हुई है। नदी की स्वच्छता और निर्मलता इतनी है कि किसी भी घाट पर स्नान किया जा सकता है। प्रतिदिन होने वाली सरयू आरती ने घाटों की पवित्रता को भी सुनिश्चित करने का काम किया है। अब सरकार इस पर क्रूज और बोट भी चलाने जा रही है जो श्रद्धालुओं के अनुभव को और भी अलौकिक बना देगा।

मंदिर जाने वाले चौराहे में लगी है बड़ी वीणा : सरयू घाट से राम लला के मंदिर जाने वाले चौराहे में बड़ी सी वीणा लगी हुई है। इसे लता मंगेशकर चौक या वीणा चौक भी कहा जाता है। अयोध्या के विकास के क्रम में डबल इंजन की सरकार ने इसकी स्थापना की है। आजकल ये चौक अयोध्या का केंद्र बिंदु बना हुआ है। यहां शासन और प्रशासन के अधिकारियों के साथ साथ नेशनल और इंटरनेशनल मीडिया का भारी जमावड़ा है। जाहिर है जहां मीडिया है, वहां लोगों की भीड़ होगी ही। सैंकड़ों यूट्यूबर, रील्स मेकर यहां अपने कैमरों के साथ शूट करते दिख जाएंगे। विशिष्ट अतिथियों के साथ ही आम लोग भी यहां वीणा के साथ सेल्फी लेने के लिए आतुर दिखाई देंगे। इसके अलावा इस समय यहां विभिन्न तरह की गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ललित कला विभाग के छात्र यहां से लेकर राम मंदिर तक सडक़ पर रंगोली बना रहे हैं।

****************************

 

अवनियापुरम जल्लीकट्टू: सांड को काबू करने वालों में कार्तिक को चुना गया सर्वश्रेष्ठ

चेन्नई 16 Jan, (एजेंसी): तमिलनाडु के मदुरै में पोंगल उत्सव के हिस्से के रूप में आयोजित ‘अवनियापुरम जल्लीकट्टू प्रतियोगिता’ में सांड को काबू करने वालों में कार्तिक को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। अवनियापुरम जल्लीकट्टू आयोजित किया गया था। जिले में सीजन का दूसरा जल्लीकट्टू मंगलवार को पलामेडु में होगा और 17 जनवरी को जिले का प्रसिद्ध अलंगनल्लूर जल्लीकट्टू आयोजित किया जाएगा।

अवनियापुरम जल्लीकट्टू में 825 सांडों की भागीदारी देखी गई। आयोजन के दस राउंड में लगभग 430 सांडों पर काबू पाने वालों ने भी भाग लिया, जिसमें 17 सांडों को काबू कर कार्तिक विजयी हुए। सी.आर. कार्तिक कुमार को सम्मान के तौर पर एक कार, गाय और बछड़ा मिला।

घटना के दौरान सांडों को काबू करने वाले, दर्शकों और पुलिसकर्मियों सहित लगभग 150 लोग घायल हो गए। घायलों में से नौ को मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल को भी मामूली चोटें आईं।

घटना के दौरान छह सांड घायल हो गए और एक सांड का पैर टूट गया।

भारतीय रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने घायल हुए लोगों को दवाएं प्रदान कीं, जबकि राज्य पशुपालन विभाग ने सांडों का इलाज शुरू किया।

कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियों को भी तैनात किया गया था। सरकारी राजाजी अस्पताल और जिला मुख्यालय अस्पताल के 16 सामान्य चिकित्सक और 9 विशेषज्ञ ड्यूटी पर थे। घायलों की तत्काल जांच के लिए स्थान पर एक मोबाइल एक्स-रे यूनिट भी तैनात की गई थी।

गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करने और किसी भी तरह की जानमाल की हानि को रोकने के लिए उस स्थान पर एक एटीएलएस (एडवांस्ड ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट) यूनिट भी लगाई गई थी।

**********************************

 

कोलकाता से रांची आ रही बस में 20 लाख की डकैती

रांची 16 Jan, (एजेंसी): कोलकाता से रांची आ रही एक यात्री बस में मंगलवार तड़के भीषण डकैती हुई है। चार हथियारबंद अपराधियों ने बस पर सवार कई यात्रियों से लगभग 20 लाख रुपए की रकम लूट ली। इस दौरान अपराधियों ने एक व्यक्ति को चाकू भी मार दिया, जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। वारदात रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र के नावाडीह के पास हुई है।

बताया गया कि अपराधियों ने हथियार के बल पर शिवम नामक यात्री से लूटपाट की। उन्होंने ड्राइवर पर बंदूक के बट से हमला किया और बस को रुकवाया।बस पर सवार तीन सब्जी कारोबारी से पैसों से भरे बैग लूटे गए। लूटपाट के बाद अपराधी जंगल की तरफ भाग गए। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस इसकी जांच कर रही है।

****************************

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की लखनऊ हनुमान सेतु मंदिर में सफाई

नई दिल्ली 16 jan, (एजेंसी): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में जाकर मंदिर की सफाई व स्वच्छता का कार्य किया। उन्होंने स्वच्छ तीर्थ अभियान के अन्तर्गत श्रमदान किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह का कहना था कि उन्होने प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक, हनुमानजी की सेवा करने का सौभाग्य मिला।

राजनाथ सिंह ने एक चौपाई साझा करते हुए कहा, “हनुमान तेहि परसा कर पुनि कीन्ह प्रनाम, राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहां बिश्राम।”

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्त देशवासियों से आह्वान किया है कि सभी लोग अपने आस पास के मंदिरों में स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। इसी के अंतर्गत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को राजधानी दिल्ली के गुरू संत रविदास के ऐतिहासिक मंदिर में झाड़ू लगाकर और सफाई कर पार्टी के ‘स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान’ में शामिल हुए थे।

‘स्वच्छ तीर्थ स्वच्छता अभियान’ के तहत मंदिर में सफाई करने के बाद नड्डा ने कहा था कि पीएम मोदी के आह्वान पर पार्टी ने तय किया है कि मकर संक्रांति के दिन 14 जनवरी से शुरू कर 22 जनवरी तक पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता हरेक तीर्थस्थल और मंदिर के सफाई अभियान में शामिल होंगे और वहां भजन-कीर्तन भी करेंगे।

अयोध्या में 22 जनवरी को होने जा रहे राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के मुताबिक भाजपा ने देशभर में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई है।

***************************

 

मुंबई में फ्रेंचाइजी चाहने वालों से यूपी में बड़ी नकदी ठगी गई

लखनऊ 16 Jan, (एजेंसी): अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर उस कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर कई लोगों से पैसे ठगे हैं, जिसका नाम उन्होंने अपनी फर्जी वेबसाइट में इस्तेमाल किया था।

मामला लखनऊ के इंदिरा नगर के गाजीपुर इलाके का बताया गया है। धोखाधड़ी तब सामने आई जब एक वकील ने मुंबई पुलिस की एक टीम के साथ हाल ही में यहां इंदिरा नगर स्थित कंपनी के कार्यालय का दौरा किया।

कंपनी के निदेशक विजय शर्मा ने कहा कि वह अपने कार्यालय में मुंबई पुलिस और वकील को देखकर चौंक गए। उन्होंने उन्हें बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उनकी कंपनी की फ्रेंचाइजी मुंबई में कुछ लोगों को बेच दी है और वह भी जांच के दायरे में हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस को पूरा सहयोग किया। शर्मा ने कहा, “आखिरकार, जब उन्हें यहां कुछ भी गलत नहीं मिला, तो मुझे राहत महसूस हुई।” उन्होंने पुलिस को बताया कि वह धोखाधड़ी में शामिल नहीं थे, लेकिन, शुरू में उन्होंने उनकी दलीलें नहीं सुनीं।

विजय शर्मा ने आगे कहा कि जब मुंबई पुलिस ने उनसे कोई जानकारी साझा नहीं की तो उन्होंने खुद ही इस रहस्य से पर्दा उठाने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, “मुझे पता चला कि कुछ लोगों ने मेरी कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाई थी और इसकी फ्रेंचाइजी खरीदने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे थे। उन्होंने वर्ली के एक बैंक में एक फर्जी खाता भी खोला था।”

*****************************

 

MLC उपचुनाव के लिए BJP ने किया प्रत्याशी का ऐलान, दारा सिंह चौहान को मिला टिकट

नई दिल्ली 16 jan, (एजेंसी): भाजपा ने दारा सिंह चौहान को उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधान परिषद उपचुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। संख्या बल को देखते हुए चौहान का चुनाव जीतना भी तय ही माना जा रहा है। दारा सिंह चौहान योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रह चुके हैं। लेकिन, 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था।

बतौर सपा उम्मीदवार 2022 में चौहान विधानसभा का चुनाव जीतकर फिर से विधायक बन गए। लेकिन, पिछले वर्ष चौहान सपा और विधानसभा, दोनों से इस्तीफा देकर फिर से भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने उन्हें घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार भी बनाया था। लेकिन, चौहान घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी उम्मीदवार से हार गए।

चौहान ने इसी महीने 4 जनवरी को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। इससे पहले चौहान ने अलग-अलग मौकों पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष से भी मुलाकात कर अपना पक्ष रखा था। विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित हो जाने के बाद दारा सिंह चौहान का योगी मंत्रिमंडल में फिर से मंत्री बनना भी लगभग तय माना जा रहा है।

***************************

 

ट्रांसजेंडर के लिये बनेगा बोर्ड, जिलास्तर पर भी कमेटी होगी गठित – कृपानंद झा

 *महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बताईं विभाग के चार वर्षों की उपलब्धियां और नवीन प्रयासों की दी जानकारी*

 *पेंशनधारियों में बीते चार सालों में 82 प्रतिशत की वृद्धि, 35 लाख से ज्यादा लाभार्थी*

 *2023-24 में 10 लाख से ज्यादा कंबल का वितरण*

*सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 9 लाख बालिकाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य*

 *6850 आंगनबाड़ी केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में किया जायेगा विकसित*

रांची, 16.01.2024 (FJ)  –  झारखंड में ट्रांसजेंडर्स के उत्थान के लिये बोर्ड का गठन किया जायेगा। साथ ही प्रत्येक जिला में उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जायेगा। वर्तमान में ट्रांसजेंडरों को ओबीसी-टू का दर्जा दिया गया है और विभाग उनके उत्थान के लिये एक समेकित योजना तैयार कर रहा है। उक्त जानकारी महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय के कांफ्रेंस हॉल में पत्रकार वार्ता में कही।

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा ने बताया कि विभागीय स्तर पर सामाजिक उत्थान की दिशा में माननीय मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर विभिन्न स्तर पर सामाजिक सुरक्षा के तहत कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंन विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सर्वजन पेंशन योजना के तहत राज्य में कुल नौ योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें तीन योजनाएं केन्द्र संपोषित हैं तथा 6 योजनाएं राज्य सरकार द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पेंशनधारियों को ससमय लाभान्वित किया जा सके, इसके लिये सरकार ने अलग से 100 करोड़ का रिवॉल्विंग फंड का इंतजाम किया है। चार वर्षों में राज्य के पेंशनधारियों में 82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 2023 में आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत कुल 6 लाख 56 हजार से ज्यादा पेंशन के आवेदन प्राप्त हुए हैं। 50 से 60 आयु वर्ग की एससी-एसटी महिलाएं भी वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र होंगी। अतिरिक्त लाभार्थी की अपेक्षित संख्या लगभग 18 लाख है।

विभागीय सचिव ने बताया कि राज्य में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत किसी कारणवश ड्रॉप आउट हो रही बच्चियों को प्रोत्साहित करने के लिये और उन्हें शिक्षित बनाने के लिये 2023-24 में अब तक 6 लाख 21 हजार लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया गया है। वहीं बीते 2022–23 में 7 लाख 28 हजार से ज्यादा बच्चियों एवं किशोरियों को लाभान्वित किया गया था। बता दें कि सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में जिनकी पहली 2 संतान बेटियां हैं, उनको मानदंडों में छूट दी गई है।

*6850 आंगनबाड़ी केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में किया जायेगा विकसित*

श्री कृपानंद झा ने बताया कि राज्य में कुल 378 हजार 432 आंगनबाड़ी केन्द्रों में से 6850 केन्द्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। साथ ही 29 हजार से ज्यादा सेविकाओं को स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 10 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन का निर्माण डीएमएफटी/ सीएसआर फंड के तहत कराने की योजना है। साथ ही केन्द्रों में एलपीजी सिलेंडर, वाटर प्यूरीफायर और स्मार्ट टीवी आदि जैसी सुविधा दी जायेगी। मानदेय को लेकर कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिये 9500 रुपये प्रतिमाह तथा सहायिकाओं के लिये 4750 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। इसके अलावा प्रतिवर्ष क्रमशः 500 रुपये और 250 रुपये मानदेय वृद्धि का प्रावधान भी किया गया है। सेविकाओं और सहायिकाओं की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाकर 62 वर्ष कर दी गई है।

सेविकाओं और सहायिकाओं को सुविधा देने के साथ केन्द्रों में प्रदाय सेवाओं को ज्यादा प्रभावकारी बनाने का प्रयास भी विभाग की ओर से किया जा रहा है। मातृ किट वितरण की योजना सरकार ने शुरू की है। साथ ही सेनेटरी नैपकिन का भी वितरण किया जायेगा। महिला कल्याण हेतु भी विभाग बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। राज्य में विधवा पुनर्विवाह पर सरकार की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक राशि उपलब्ध कराई जायेगी। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में 11 हजार 880 कन्याओं को विवाह पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गयी है। राज्य में 6 लाख गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित करने के लिये योजना शीघ्र प्रारंभ करने की कार्यवाही की जा रही है। वहीं बाल कल्याण के तहत विषम परिस्थितियों में रह रहे बच्चों के संरक्षण और देखभाल के लिये बच्चों को 4 हजार रुपये प्रति बच्चा स्पॉन्सरशिप उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक यह लाभ 4 हजार 497 बच्चों को दिया जा चुका है। विधि के उल्लंघन में लिप्त बच्चों के मामलों के निपटारा हेतु सृजित किशोर न्याय बोर्ड को बढ़ाकर 26 किया गया है, ताकि ऐसे मामलों में उचित एवं त्वरित निपटान किया जा सके। चाइल्ड इन कंफ्लिक्ट विद ला के लिए रांची जिले में 1107.23 लाख से 50 शैय्या वाले एक प्लेस आफ सेप्टी के निर्माण की योजना है। इसके तहत राज्य के तीन जिला दुमका, पलामू और लातेहार में ऐसे तीन होम तैयार किये जाने की योजना है, जिसमें एक ही कैंपस में ओल्ड एज होम और चिल्ड्रेन होम होंगे।

*जल्द भरी जायेंगी रिक्तियां*

विभाग के अधीन बाल विकास परियोजना के रिक्त पदों में विरुद्ध 64 पदों पर तथा महिला पर्यवेक्षिकाओं के रिक्त पदों के विरुद्ध 444 पदों पर नियुक्ति संबंधी कार्रवाई की जा रही है। इन रिक्त पदों को भरने के लिये जेपीएससी और जेएसएससी की सहायता ली जायेगी।

***************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कोयला मंत्रालय के अपर सचिव श्री एम नागराजू और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सीएमडी डॉ बी वीरा रेड्डी ने शिष्टाचार मुलाकात की

रांची,16.01.2024 (FJ) मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज कोयला मंत्रालय के अपर सचिव श्री एम नागराजू और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के सीएमडी डॉ बी वीरा रेड्डी ने शिष्टाचार मुलाकात की।

इस मौके पर सीसीएल के साथ टीवीएनएल के विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री विनय कुमार चौबे भी इस मौके पर मौजूद थे।

**************************

 

झारखंड राज्य स्तरीय पुरूष -महिला मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल कप प्रतियोगिता सम्पन्न

रांची  (FJ)  – तीन दिवसीय झारखंड राज्य स्तरीय पुरूष -महिला मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल कप प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि पर्यटन, खेलकूद, संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार के माननीय मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन अंसारी जी थे।

आगंतुकों का स्वागत उपनिदेशक खेलकूद निदेशालय मनीष कुमार,अवर सचिव खेलकूद निदेशालय राजेश तिवारी,जिला खेल पदाधिकारी, रांची शिवेंद्र कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, धनबाद दिलीप कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, हजारीबाग उपवन वाड़ा एवं जिला खेल पदाधिकारी चाईबासा ने संयुक्त रूप से किया।

सर्वप्रथम राष्ट्रीय युवा दिवस सह स्वामी विवेकानन्द जयंती पर विभागीय मंत्री ने विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया।

जबकि मंच का संचालन वरीय प्रशिक्षक अजय झा एवं विश्वजीत पात्रा ने संयुक्त रूप से किया।

अन्त में धन्यवाद ज्ञापन उपनिदेशक, साझा राज किशोर खाखा ने किया।

इस अवसर पर फुटबॉल प्रशिक्षक सुनील कुमार, प्रशिक्षक शाहिद अंसारी, गोपाल तिर्की, अंगद कुमार हंसराज, प्रेमचंद पूर्ति, सुनील महली, काली चरण महतो, रेमण्ड मिंज, बिरसी मुंडू, मुकेश कुमार,राजू साहु,तपन राऊत एवं कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सह विभागीय मंत्री मोहम्मद हफीजुल हसन अंसारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को नगद राशि,पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

तत्पश्चात पूरे राज्य के प्रतिभावान ग्यारह खिलाड़ियों को खिलाड़ी सम्मान राशि योजना के तहत नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया , पांच खिलाड़ियों को खिलाड़ी कल्याण कोष के तहत खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता राशि देकर सम्मानित किया गया एवं सात प्रशिक्षक/खिलाड़ी को कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को विभिन्न कोर्स करने हेतु सहायता राशि दिया गया।
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रांची जिला ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में पश्चिमी सिंहभूम को 2-0 से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

तृतीय स्थान पर पूर्वी सिंहभूम जिला एवं चतुर्थ स्थान पर रांची जिला उपविजेता टीम रही।

पुरुष वर्ग के फाइनल में धनबाद जिला ने रांची जिला को कड़े संघर्षपूर्ण मैच में 1-0 से हराकर विजेता बना।

तृतीय स्थान पर पाकुड़ जिला एवं चतुर्थ स्थान पर लोहरदगा जिला की टीम रही।

पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार धनबाद जिला के मनीष मूर्मू एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार रांची जिला के विक्की कुमार को दिया गया जबकि महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रांची जिला के पूनम कुमारी एवं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला के लक्ष्मी मूर्मू को दिया गया।

**************************

 

मेरा एकमात्र काम लोगों का मनोरंजन करना है : सलमान खान

16.01.2024 (एजेंसी)  –  बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कहा कि एक अभिनेता के रूप में उनका सबसे बड़ा और एकमात्र काम लोगों का भरपूर मनोरंजन करना है।सलमान की नवीनतम रिलीज टाइगर 3 अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम हो रही है। उसी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, टाइगर फ्रेंचाइजी को पहली फिल्म से ही सभी प्लेटफार्मों चाहे वह थियेटर हो, या सैटेलाइट भरपूर प्यार मिल रहा है।

उन्होंने कहा, यह देखना आश्चर्यजनक लगता है कि टाइगर 3 पहले सिनेमाघरों और अब स्ट्रीमिंग पर कैसे हिट रही।उन्होंने कहा, मैं अपने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने दर्शकों के साथ संपर्क में हूं और मैं अब टाइगर 3 के ओटीटी पर आने के बाद लोगों का प्यार देख सकता हूं।सलमान ने कहा, एक अभिनेता के रूप में मेरा सबसे बड़ा और एकमात्र काम लोगों का भरपूर मनोरंजन करना है और मुझे खुशी है कि टाइगर 3 को दुनिया भर के लोग पसंद कर रहे हैं।

सलमान ने आगे कहा, टाइगर 3 एक ऐसी फिल्म है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। जब यह सिनेमाघरों में हिट हो गई तो यह बेहद निजी लगा और अब यह रिलीज होने के कुछ ही दिनों के भीतर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिट हो गई है।उन्होंने कहा, टाइगर हमेशा लोगों का मनोरंजन करने के लिए मौजूद रहेंगे।टाइगर 3 में कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी भी हैं।

*****************************

 

अगर मुझसे टेंटपोल फिल्म या सीरीज के लिए संपर्क किया जाता है तो मैं स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म तलाशने के लिए तैयार हूं : सोनम कपूर

16.01.2024 (एजेंसी)  –  अगर एक्ट्रेस सोनम कपूर से किसी टेंटपोल फिल्म या सीरीज के लिए संपर्क किया जाता है तो वह स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म तलाशने के लिए तैयार हैं।सोनम ने कहा, मेरे लिए अच्छे कंटेंट और अच्छी सिनेमा का हिस्सा बनना ही मायने रखता है। जिस प्लेटफॉर्म पर इसे रिलीज किया जा रहा है वह महत्वहीन है क्योंकि दुनिया बदल गई है। मैं स्ट्रीमिंग पर एक ऐसे प्रोजेक्ट का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित हूं जो लोगों को प्रभावित करेगा। मुझे वहां कंटेंट की विविधता बहुत पसंद है।

सोनम स्ट्रीमिंग पर कंटेंट देखने की शौकीन हैं और खुश हैं कि कैसे प्लेटफॉर्म ने कंटेंट के महत्व पर गौर करना शुरू किया है।उन्होंने साझा किया, मैं हमेशा से स्ट्रीमिंग में अपना कदम रखना चाहती थी, बशर्ते कि मैं एक टेंटपोल फिल्म या ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर सीरीज का नेतृत्व कर रही हूं। मैं सालों से स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म द्वारा बनाए जा रहे आउटस्टैंडिंग कंटेंट की सबसे ज्यादा दर्शक रही हूं।एक्ट्रेस, जो अपनी प्रेग्नेंसी के बाद फिल्मांकन में वापस आ गई हैं, ने कहा: मेरा मानना है कि स्ट्रीमिंग प्लेटफार्मों ने हमारे देश के कंटेंट को आगे बढ़ाया है, इसे अधिक क्रिएटिव रूप से गतिशील बना दिया है।

स्ट्रीमिंग कंटेंट ने ग्लोबल लेवल के साथ-साथ भारत में भी जो स्तर स्थापित किया है, वह अविश्वसनीय है। स्ट्रीमिंग आपको एक कलाकार के रूप में बहुत सारे एक्सेपरिमेंट करने की अनुमति देती है। यह मेरे लिए बहुत ही रोमांचक माध्यम है। इसलिए, मैं स्ट्रीमिंग पर अपनी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।सोनम ने कहा, मुझे पता है कि स्ट्रीमिंग पर मेरी शुरुआत में काफी समय लग गया है और मुझे उम्मीद है कि मैं जो पेश करने जा रही हूं वह लोगों को वास्तव में पसंद आएगा।

****************************

 

नो फिल्टर नेहा के छठे सीजन के साथ वापसी करेंगी अभिनेत्री नेहा धूपिया

16.01.2024 (एजेंसी)  –  लोकप्रिय पॉडकास्ट नो फिल्टर नेहा के छठे सीजन के साथ अभिनेत्री नेहा धूपिया वीडियो फॉर्मेट में वापसी कर रही हैं। अभिनेत्री पॉडकास्ट की निर्माता हैं।आगामी सीजन में नेहा को फिल्म उद्योग की प्रसिद्ध हस्तियों के साथ बातचीत करते हुए दिखाया जाएगा, जो श्रोताओं को इन प्रतिष्ठित व्यक्तियों के जीवन की एक विशेष झलक पेश करेगी।

कुल आठ एपिसोड के साथ प्रत्येक एपिसोड खुलासे और अनफिल्टर्ड क्षणों का खजाना बनने के लिए तैयार है।मशहूर हस्तियों के साथ अनफिल्टर्ड बातचीत के लिए नेहा धूपिया के अनूठे दृष्टिकोण ने श्रोताओं को प्रभावित किया है, जिससे यह शो डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में एक प्रमुख शो बन गया है।उसी के बारे में बात करते हुए नेहा ने कहा, मैं जियो टीवी के साथ एक नए वीडियो प्रारूप में नो फिल्टर नेहा के छठे सीजन को फिर से पेश करने के लिए उत्साहित हूं।

पॉडकास्ट को वास्तविक और सहज चर्चाओं के स्थान के रूप में विकसित होते देखना उल्लेखनीय रहा है। भारतीय सिनेमा की प्रमुख हस्तियों के 8 एपिसोड वाला यह सीजन और भी अधिक रोमांचक होने वाला है। फिल्म उद्योग के ग्लैमरस क्षेत्र की झलक पेश करने वाली स्पष्ट और अनफिल्टर्ड बातचीत के लिए खुद को तैयार करें।नया सीजन दर्शकों के लिए जियो टीवी पर उपलब्ध होगा।

****************************

 

रश्मिका मंदाना ने फिटनेस गोल्स किए सेट, कहा- स्ट्रेचिंग करना न भूलें

16.01.2024 (एजेंसी)  –  एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने सोमवार सुबह अपने वर्कआउट की एक तस्वीर साझा की और कहा कि किसी को स्ट्रेचिंग करना नहीं भूलना चाहिए।फोटो शेयरिंग एप्लिकेशन इंस्ट्राग्राम पर रश्मिका के 41.1 मिलियन फॉलोअर्स है। रश्मिका ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जिम में वर्कआउट करते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की।

उन्होंने ब्लैक कलर की टी शर्ट और रेड शॉर्ट्स पहने हुए है।फोटो को कैप्शन दिया गया: स्ट्रेच करना न भूलें!! यह आपके शरीर के लिए अच्छा है! गुड मॉर्निंग सभी कोवर्कफ्रंट की बात करें तो, उन्हें अब से पहले एनिमल में देखा गया था, जिसमें रणबीर कपूर रणविजय सिंह और अजीज हक की दोहरी भूमिका में थे।उनकी अगली फिल्म पुष्पा 2: द रूल, रेनबो और द गर्लफ्रेंड है।

**********************************

 

अमृतसर में पाकिस्तानी ड्रोन बरामद

जालंधर 16 Jan, (एजेंसी) : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पंजाब पुलिस ने राज्य के अमृतसर जिले के गांव भरोपाल से एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया। बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि दोपहर के समय, ड्रोन की उपस्थिति के संबंध में बीएसएफ से विशेष सूचना पर, बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा जिला अमृतसर के गांव भरोपाल के बाहरी इलाके में एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

उन्होंने बताया कि अपराह्न लगभग साढे तीन बजे सर्च ऑपरेशन के दौरान पार्टी ने एक चीन निर्मित क्वाडकॉप्टर (मॉडल – डीजेआई मविक 3 क्लासिक) ड्रोन बरामद किया।

****************************

 

दिल्ली शराब घोटाला मामला : ED ने BRS नेता के. कविता को आज पूछताछ के लिए बुलाया, AAP को 100 करोड़ रिश्वत देने का है आरोप

नई दिल्ली 16 Jan, (एजेंसी) : ED ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच के सिलसिले में BRS नेता के. कविता को पूछताछ के लिए तलब किया है। आधिकारिक सूत्रों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 45 वर्षीय बेटी कविता को मंगलवार को दिल्ली में जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि उनके एजेंसी के सामने पेश होने को लेकर संदेह है और उन्होंने एक ईमेल के जरिए जांच अधिकारी को अपना निर्णय बता दिया है।

ED questioning BRS leader K. Kavita called today in Delhi liquor scam : कविता के वकील नितेश राणा ने बताया, ‘सुप्रीम कोर्ट का एक आदेश है जिसमें कहा गया है कि ED इस मामले में के. कविता को तलब नहीं कर सकती।’ ED सूत्रों ने कहा कि BRS नेता को पिछले साल सुप्रीम कोर्ट से अस्थायी राहत मिली थी जो अब मान्य नहीं है। इस मामले में पिछले साल कविता से 3 बार पूछताछ की गई है और केंद्रीय एजेंसी ने PMLA के तहत उनका बयान भी दर्ज किया था। BRS की MLC कविता कह चुकी हैं कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और आरोप लगाया था कि BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ED का ‘इस्तेमाल’ कर रही है।

ED ने इसी केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथा समन जारी किया है और 18 जनवरी को पेश होने को कहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछली बार जब कविता ईडी के सामने पेश हुई थीं तो उनका सामना हैदराबाद के व्यवसायी और मामले के आरोपी अरुण रामचंद्रन पिल्लई के बयानों से कराया गया था, जिनके कथित तौर पर उनके साथ करीबी संबंध हैं। ED के मुताबिक, पिल्लई ने कविता और अन्य से जुड़े एक कथित शराब कार्टेल ‘साउथ ग्रुप’ का प्रतिनिधित्व किया था, जिसने 2020-21 के लिए अब समाप्त हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति के तहत मार्केट में एक बड़ी हिस्सेदारी पाने के लिए AAP को लगभग 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी।

ED के मुताबिक, ‘साउथ ग्रुप’ में सरत रेड्डी (अरबिंदो फार्मा के पूर्व प्रवर्तक), मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी (आंध्र प्रदेश में ओंगोल लोकसभा सीट से YSR कांग्रेस सांसद), उनके बेटे राघव मगुंटा, कविता और अन्य शामिल हैं। ED ने पिल्लई के हिरासत कागजात में यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने मामले में कविता के ‘बेनामी निवेश का प्रतिनिधित्व किया।’ इस मामले में कविता से केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पूछताछ की थी। मनी लॉन्ड्रिंग का ED मामला CBI की प्राथमिकी का संज्ञान लेते हुए दर्ज किया गया था।

****************************

 

गांव लाठ में दोहरे हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत 16 jan, (एजेंसी) : हरियाणा में सोनीपत पुलिस टीम ने छापामारी कर गांव लाठ में दोहरे हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश, रवीन्द्र निवासी गांव लाठ और मैनपाल गांव बलियाना रोहतक के रूप में की गयी है। पुलिस प्रवक्ता देवेन्द्र सिंह ने बताया कि गत 15 सितम्बर को मनजीत गांव लाठ ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी थी कि वह, उनके ताऊ का पुत्र रमेश और उनके दादा राजसिंह मोटरसाइकिलों पर सवार होकर घर निकले थे।

गांव के चौक पर पहुंचे ही थे कि पीछे गाड़ियों में सवार आये आरोपियों ने रमेश और राजसिंह की मोटरसाइकिल से उतारकर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान गांव के चौक पर खड़े एक अन्य व्यक्ति गुरचरण निवासी गांव जोली को भी पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

***************************