रांची। दुर्गा पूजा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने बिजली संबंधी समस्याओं और विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया। प्रमुख पूजा पंडालों में बिजली कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ सभी पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र सुरक्षित रखने को कहा गया।
इस वर्ष नशामुक्ति अभियान पर विशेष जोर रहेगा। रांची के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पूजा पंडालों में नशामुक्ति जागरूकता फ्लेक्स लगाना अनिवार्य होगा, ताकि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।
प्रशासन ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही, अग्निशमन व्यवस्था मजबूत करने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
विसर्जन व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने घाटों की साफ-सफाई कराने और सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की टीमों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में दुर्गा पूजा मना सकें।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली, अग्निशमन, पथ निर्माण सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
************************************
