क्रिकेट जगत के लिए त्रासदी : पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में जान गंवाने वाले अफगान क्रिकेटरों के प्रति जय शाह ने जताई संवेदना

नई दिल्ली 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक में मारे गए अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों के निधन पर शोक जताया है। शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदना व्यक्त की। जय शाह ने एक्स पर लिखा, “तीन युवा अफगान क्रिकेटरों, कबीर आगा, सिबगतुल्लाह और हारून, की मृत्यु पर गहरा दुःख हुआ है, जिनके सपने एक मूर्खतापूर्ण हिंसा के कारण अधूरे रह गए।

ऐसी होनहार प्रतिभा का जाना न केवल अफगानिस्तान के लिए, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत के लिए एक त्रासदी है। हम अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और इस हृदयविदारक क्षति पर शोक व्यक्त करने वाले सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।” अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की तरफ से एयरस्ट्राइक की निंदा की है और मृत तीनों युवा क्रिकेटरों के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

एसीबी ने एक्स पर दावा किया, “इस हमले में कई लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन स्थानीय क्रिकेटर भी शामिल हैं, जो पक्तिका प्रांत की राजधानी शराना में एक दोस्ताना मैच खेलकर घर लौट रहे थे। एसीबी इसे अफगानिस्तान के खेल समुदाय, उसके एथलीटों और क्रिकेट परिवार के लिए एक बड़ी क्षति मानता है।”

एसीबी ने कहा कि पीड़ितों के प्रति सम्मान दर्शाते हुए उसने पाकिस्तान में होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।

बता दें कि पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच त्रिकोणीय टी20 सीरीज होनी थी। अफगानिस्तान की जगह अब जिम्बाब्वे को शामिल किया गया है।

बीसीसीआई ने भी पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में मारे गए अफगानिस्तान के युवा क्रिकेटरों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, बोर्ड इस दुःख की घड़ी में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी), क्रिकेट जगत और दिवंगत खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस भयावह और अनुचित हमले की निंदा करता है।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को कहा, “निर्दोष लोगों, खासकर होनहार खिलाड़ियों की जान जाना बेहद दुखद और चिंता का विषय है। हम अफगानिस्तान के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और उनके दुख और क्षति में शामिल हैं।”

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हाल ही में हुए हवाई हमले में तीन युवा अफगान क्रिकेटरों की दुखद मौत पर बेहद दुख और स्तब्धता व्यक्त की है। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा कि हम उस हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसने परिवारों, समुदायों और क्रिकेट जगत से तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छीन लिया, जिनकी एकमात्र महत्वाकांक्षा अपने पसंदीदा खेल को खेलना था।

***********************

 

महाराष्ट्र : शिरडी साईं बाबा संस्थान में 76 लाख का विद्युत घोटाला, 47 अधिकारियों-कर्मचारियों पर FIR

शिरडी 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। देशभर के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के सबसे बड़े केंद्र शिरडी के श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट में एक बड़ा आर्थिक घोटाला सामने आया है।

संस्थान के विद्युत विभाग में 76 लाख रुपए के विद्युत सामान के गबन का खुलासा लेखा परीक्षण (ऑडिट) के दौरान हुआ है। इस मामले में शिरडी पुलिस ने संस्थान के 47 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज किया है।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जांच में खुलासा हुआ कि यह बात एक साल पहले हुए ऑडिट में सामने आई थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया था।

प्रशासन की लापरवाही को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता संजय बाबुताई काले ने न्याय के लिए औरंगाबाद हाई कोर्ट की खंडपीठ में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की।

न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए, दिनांक 15 अक्टूबर को शिरडी पुलिस को सभी 47 आरोपियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के इस सख्त रुख के बाद ही शिर्डी पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई पूरी की।

एक रिपोर्ट के अनुसार, विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर साजिश रची। उन्होंने अपने अधीनस्थ विद्युत सामग्री का सही पंजीकरण नहीं किया।

कई कीमती वस्तुओं को जानबूझकर ‘डेड स्टॉक रजिस्टर’ में फर्जी तरीके से दर्ज कर दिया गया, जबकि हकीकत में वे सामग्री संस्थान से गायब थीं।

इस तरह, अधिकारियों-कर्मचारियों ने संस्थान को करोड़ों का आर्थिक नुकसान पहुंचाया।पुलिस जांच में सामने आया है कि 39 आरोपियों ने अपनी जिम्मेदारी की राशि संस्थान को चुका दी है, लेकिन 8 आरोपी पर अभी भी बकाया हैं।

फरियादी संजय काले ने इस पूरे घोटाले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत हासिल किए थे।

उनकी गहन छानबीन ने विद्युत विभाग में चल रही गैरव्‍यवस्‍था, फर्जी प्रविष्टियां और सामग्री की हेराफेरी का पूरा ब्यौरा सामने ला दिया। स्थानीय स्तर पर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्हें अंततः उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद, शिरडी पुलिस ने दस्तावेजों, ऑडिट रिपोर्टों और जवाबदेही की समीक्षा के लिए एक टीम का गठन किया है।

इस घटना ने ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारियों और उनकी निगरानी प्रणाली के लिए एक बड़ी चेतावनी जारी की है कि अब उन्हें आर्थिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कड़ाई से लेखापरीक्षण लागू करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

*************************

 

बिहार चुनाव 2025: मतदान वाले दिन सभी को मिलेगा सवेतन अवकाश, चुनाव आयोग की घोषणा

नई दिल्ली 19 Oct,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत निर्वाचन आयोग बिहार विधानसभा चुनाव और 8 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों की तारीखों की घोषणा कर चुका है। मतदान के दिन सभी कर्मचारियों को सवेतन अवकाश देने का आदेश जारी किया गया है।

आयोग ने कहा कि यह कदम मतदाताओं को अपने वोट का इस्तेमाल करने में आसानी प्रदान करने के लिए उठाया गया है। बिहार में पहला चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। इसके अलावा सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव भी 11 नवंबर को ही होंगे।

जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135बी के तहत हर कर्मचारी, चाहे वह किसी व्यवसाय, उद्योग या अन्य प्रतिष्ठान में काम करता हो, मतदान के दिन सवेतन अवकाश पाने का हकदार है।

इस दौरान उनकी तनख्वाह में कोई कटौती नहीं होगी। अगर कोई नियोक्ता इस नियम का उल्लंघन करता है तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है। दैनिक वेतनभोगी और आकस्मिक कर्मचारी भी इस सुविधा के हकदार हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग अपने मतदान क्षेत्र से बाहर अन्य जगहों पर नौकरी करते हैं, लेकिन अपने मूल मतदान क्षेत्र में वोटर हैं, उन्हें भी मतदान के दिन सवेतन अवकाश मिलेगा। इससे वे अपने वोट डालने के लिए समय निकाल सकेंगे। यह नियम सुनिश्चित करता है कि हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का पूरा मौका मिले।

निर्वाचन आयोग ने सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों को निर्देश दिया है कि वे इस नियम का सख्ती से पालन कराएं। इसके लिए सभी नियोक्ताओं और संबंधित विभागों को जरूरी हिदायतें जारी की जाएं। आयोग का मकसद है कि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सुगम हो, ताकि हर नागरिक बिना किसी परेशानी के वोट डाल सके।

बिहार में इस घोषणा से कर्मचारियों और दैनिक मजदूरों में खुशी की लहर है। आयोग ने नियोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवकाश का लाभ देने में सहयोग करें ताकि लोकतंत्र मजबूत हो। यह कदम मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

*************************

 

ब्रह्मोस सिर्फ भारत नहीं, दुनिया में मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार: CM योगी

लखनऊ 19 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आत्मनिर्भर भारत का एक नया अध्याय लिखा गया, जब ब्रह्मोस एयरोस्पेस लिमिटेड की लखनऊ इकाई में उत्पादित सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों के पहले बैच का फ्लैग ऑफ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। भारत माता की जय’ के जयघोष के बीच जब मिसाइलों का पहला जत्था रवाना हुआ तो समारोह गर्व, गौरव और देशभक्ति से गूंज उठा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रह्मोस केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपने मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से ब्रह्मोस लखनऊ में विकसित हुआ है, जो देश की खुशहाली का माध्यम बना है। जब व्यक्ति सुरक्षित रहता है, तभी चैन की नींद सोता है। लखनऊ में बनी मिसाइल पूरे देशवासियों की सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ संकल्प को साकार करने का यह क्षण प्रफुल्लित करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह मिसाइल न केवल भारत की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि दुनिया में अपने मित्र देशों की रक्षा करने का सबसे सक्षम हथियार भी है। ब्रह्मोस के माध्यम से भारत अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ मित्र राष्ट्रों की सुरक्षा जरूरतों को भी पूरा करने में सक्षम हो गया है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

सीएम योगी ने 2018 के पहले इन्वेस्टर्स समिट का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ में ही प्रधानमंत्री ने दो डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की घोषणा की थी, जिसमें से एक उत्तर प्रदेश को मिला। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट के 6 नोड्स में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर के कार्य सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं।

लखनऊ में ब्रह्मोस, झांसी में भारत डायनामिक्स लिमिटेड (बीडीएल) और अमेठी में एके-203 जैसे प्रोजेक्ट चल रहे हैं। अब तक 2,500 एकड़ से अधिक लैंड इन 6 नोड्स में उपलब्ध कराई गई है, जिससे 15,000 से अधिक नौजवानों को नौकरियां मिली हैं।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस केंद्र में आईटीआई, पॉलिटेक्निक और इंजीनियरिंग डिग्रीधारक युवा काम कर रहे हैं, जो देश की सुरक्षा और रोजगार दोनों की पूर्ति कर रहे हैं। यह आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है।

सीएम योगी ने बताया कि राज्य सरकार आईआईटी कानपुर और आईआईटी बीएचयू के साथ मिलकर दो ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित कर रही है, जिससे डिफेंस टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह लखनऊ की भूमि अब राष्ट्र रक्षा, उद्योग, रोजगार और विकास के चारों आयामों को एक साथ साध रही है। यही उत्तर प्रदेश के बदलते चेहरे और आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।”

सीएम योगी ने कहा कि आज डीजी ब्रह्मोस ने 40 करोड़ का जीएसटी चेक सौंपा है। हर वर्ष 100 ब्रह्मोस मिसाइल बनेंगी, जो बढ़कर 150 तक पहुंचेंगी, तो 150-200 करोड़ जीएसटी मिलेगा। यह ‘आम के आम और गुठली के दाम’ जैसा है। लखनऊ की लैंड अब सोना उगल रही है। यह देश की सुरक्षा की पूर्ति कर रही है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रही है। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर डीआरडीओ को और लैंड उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

सीएम योगी ने झांसी में 56,000 एकड़ के नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का जिक्र किया और कहा कि चित्रकूट में एक्सप्रेस-वे पर नोड विकसित हो रहा है। आईआईटी कानपुर और बीएचयू के साथ दो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर काम चल रहा है।

उन्होंने मेक इन इंडिया को मेक फॉर द वर्ल्ड बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयास से ब्रह्मोस लखनऊ में विकसित हुआ है, जो देश की खुशहाली को वितरित करने का माध्यम बना है।

जब व्यक्ति सुरक्षित रहता है, तभी चैन की नींद सोता है। लखनऊ में बनी मिसाइल पूरे देशवासियों की सुरक्षा और समृद्धि की गारंटी है।

*************************

 

Ranchi DC की अध्यक्षता में दीपावली / काली पूजा / छठ पर्व 2025 से संबंधित बैठक आयोजित

सभी छठ तालाबों और घाटों में सुरक्षित गहराई में बैरिकेड करने के निर्देश

छठ पर्व के दौरान ट्रैफिक पुलिस द्वारा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू करने के निर्देश

इन पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित रूप से हो। टीम बना कर मानकों का पालन करने का निर्देश

पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने एवं लोकल थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश

रांची,17.10.2025 – आगामी दीपावली / काली पूजा / छठ पर्व, 2025 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 17 अक्टूबर 2025 को समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रांची नगर निगम को सभी प्रमुख घाटों की सफाई, चूना छिड़काव और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर निम्न निर्देश दिए गए:-

1. सुरक्षा व्यवस्था: सभी घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। महिला पुलिस की भी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

2. स्वच्छता व्यवस्था: नगर निगम द्वारा घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और रौशनी की व्यवस्था करने के निर्देश।

3. स्वास्थ्य सुविधा: प्रत्येक प्रमुख घाट पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

4. बिजली एवं जलापूर्ति: विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और पेयजल विभाग को पर्याप्त जल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

5. यातायात व्यवस्था: ट्रैफिक पुलिस द्वारा घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी।

6. आपदा प्रबंधन दल की तैनाती: एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीम को सतर्क मोड में रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

7. सभी छठ तालाबों और घाटों में सुरक्षित गहराई में बैरिकेड करने के निर्देश।

8. दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था, विधि व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए।

9. छठ घाटों में अस्थाई चेंजिग रूम बनाने को लेकर निर्देश।

10. इन पूजा के दौरान वालंटियर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

11. बिजली विभाग के सभी पदाधिकारी/कर्मी सभी फोन उठाए। ताकि किसी भी आपात स्थिति होने पर लोग उनसे संपर्क कर पाए।

12. सभी प्रमुख स्थानों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए।

13. पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखने एवं लोकल थाना द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।

14. सभी काली पूजा पंडालों एवं छठ घाटों की साफ सफाई करने के निर्देश दिए गए।

15. छठ, काली पूजा समिति के सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है, इसे सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से लगातार निगरानी रखें और जनसहभागिता को बढ़ावा दें। साथ ही उपायुक्त ने विशेष रूप से कहा की इन पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित रूप से हो। टीम बना कर मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

पर्व के दौरान बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार एंटी क्राइम चेकिंग चलाने का निर्देश वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दिया गया।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था राँची, श्री राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक शहर, ग्रामीण एवं ट्रैफिक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची, श्री उत्कर्ष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू, श्री किस्टो बेसरा, जिला नजारत उप समाहर्ता राँची, डॉ. सुदेश कुमार, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता), सभी सम्बंधित डीएसपी, विद्युत विभाग के पदाधिकारी, अग्निशमन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

*************************

 

दिनदहाड़े करोड़ों की डकैती का पर्दाफाश, कंपनी कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड; रिश्तेदारों संग दिया था वारदात को अंजाम

मुंबई 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): मुंबई पुलिस ने एक दिनदहाड़े डकैती के मामले को सुलझाते हुए 2.29 करोड़ रुपए के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह डकैती सेवरी इलाके में हुई थी, जिसे एक ज्वैलरी कंपनी के कर्मचारी और उसके राजस्थान के रिश्तेदारों ने मिलकर अंजाम दिया था।

पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। रफी अहमद किदवई (आरएके) मार्ग पुलिस के अनुसार घटना 13 अक्टूबर की दोपहर करीब ढाई बजे हुई।

मास्टर चेन एंड ज्वेल्स के डिलीवरी एजेंट श्यामलभाई होथीभाई रबारी (31) और उनके सहयोगी जगदीश केराभाई आल, क्वालिटी एसे एंड हॉलमार्क एलएलपी से 2,067.143 ग्राम सोने के आभूषण लेकर कालाचौकी स्थित कंपनी के कारखाने जा रहे थे। सेवरी कोर्ट के पास जकारिया बंदर रोड पर दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारी।

एक बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया और 2.29 करोड़ रुपए मूल्य का सोना लूटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही श्यामलभाई ने अपने नियोक्ता राज कोठारी को बताया, जिन्होंने आरएके मार्ग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की। पुलिस उपायुक्त रागसुधा आर (जोन 4) की देशरेख में वरिष्ठ निरीक्षक विनोद तावड़े ने आठ पुलिस टीमें गठित कीं।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच से श्यामलभाई की कहानी पर संदेह हुआ। गहन जांच में पता चला कि श्यामलभाई ने अपने सहयोगी जगदीश और राजस्थान के दो रिश्तेदारों, भानाराम भगराज रबारी (21) और लीलाराम नागजी देवासी (21) के साथ मिलकर इस फर्जी डकैती की साजिश रची थी।

पुलिस ने डिजिटल सुरागों के आधार पर भानाराम और लीलाराम को गुजरात के अहमदाबाद के ओधव गांव से पकड़ा, जब वे राजस्थान के जालोर जिले में अपने गांव भागने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस ने चारों आरोपियों से चोरी का पूरा सोना और उनके मोबाइल फोन बरामद किए। जांच में सामने आया कि श्यामलभाई पिछले छह-सात सालों से कंपनी में काम कर रहे थे और कंपनी की प्रक्रियाओं से अच्छी तरह वाकिफ थे।

आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने यह साजिश रची। आभूषण 11 अक्टूबर को हॉलमार्किंग के लिए दिए गए थे और 13 अक्टूबर को इन्हें लेने के बाद श्यामलभाई और जगदीश ने नकली डकैती का नाटक किया। पुलिस ने कुछ ही दिनों में मामले को सुलझा लिया, लेकिन अन्य संभावित अपराधों की जांच जारी है।

**********************

 

गुजरात कैबिनेट का विस्तार आज, रिवाबा जडेजा और जीतू वघानी समेत 27 नेता हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल

गांधीनगर 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार के नए मंत्रिमंडल का गठन आज सुबह 11 बजे होने जा रहा है। गुरुवार को सीएम आवास पर हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी कैबिनेट ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के लिए यह बड़ा कदम उठाया है।

 मंत्रिमंडल विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में होगा, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। पूरी कैबिनेट के एक साथ इस्तीफे से राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, पिछली सरकार के कुछ मंत्री दोबारा से नई टीम में शामिल किए जा सकते हैं।

इस बार भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में करीब 27 नए सदस्यों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी सौराष्ट्र क्षेत्र को विशेष महत्व दे सकती है, क्योंकि हाल के समय में आम आदमी पार्टी का इस क्षेत्र में प्रभाव बढ़ा है। जयेश रादडिया और जीतू वघानी जैसे नेताओं के भी मंत्री बनने की चर्चा है।

सूत्रों के मुताबिक मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों में जयेश रादडिया, शंकर चौधरी, उदय कांगड़, अमित ठाकर, अमित पोपटलाल शाह, हीरा सोलंकी, महेश कासवाला, कौशिक वेकारिया, रीवाबा जाडेजा, अर्जुन मोढवाडिया शामिल हैं।

वहीं, माना जा रहा है कि गुजरात की नई कैबिनेट में मांडवी-कच्छ से अनिरुद्ध दवे, चोर्यासी से संदीप देसाई, लिंबायत से संगीता पाटिल और नडियाद से पंकज देसाई शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए अल्पेश ठाकोर, हार्दिक पटेल और सी जे चावड़ा को भी मंत्री बनाया जा सकता है।

***************************

 

कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर तीसरी बार फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

नई दिल्ली 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- कॉमेडियन कपिल शर्मा लगातार ही गैंगस्टर्स के निशाने पर बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीसरी बार उनके कनाडा स्थिति कैप्स कैफे पर फायरिंग हुई। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू (नेपाली) ने गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दें, इससे पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ही कपिल के कैफे पर दो बार फायरिंग करवाई थी।

कैफे पर कम से कम तीन राउंड गोलियां चलाई गई हैं। हालांकि, अच्छी बात ये है कि किसी के भी घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने के कुछ पल बाद का दृश्य दिखाया गया है।

फायरिंग के बाद लारेंस गैंग ने लिखा, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो कैप्स कैफे में तीन बार फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं।

हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें। जो लोग अवैध काम करते हैं, लोगों से काम करवा कर पैसे नहीं देते हैं, वो भी तैयार रहें। जो भी बॉलीवुड में धर्म के खिलाफ बोलते हैं, वो भी तैयार रहें। गोली कहीं से भी आ सकती है। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।”

************************

 

दिल्ली में 80 दिन तक वैश्विक स्तर के संगीत व सांस्कृतिक समारोह आयोजित होंगे: सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली 17 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली अब केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि भारत की ‘क्रिएटिव कैपिटल’ बनने की राह में तेजी से आगे बढ़ रही है। राजधानी में आने वाले 80 दिनों में 30 से अधिक बड़े और यादगार भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे, जो पहले कभी नहीं हुए।

उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली को ‘इवेंट-फ्रेंडली सिटी’ बनाने के लिए ही बड़े स्टेडियमों व सभागारों के किराए में प्रभावी कमी गई है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपग्रेड किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे आयोजनों को सरलता से कराने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम से इवेंट परमिशन, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा प्रक्रिया आसान बनाई जा रही है, ताकि दिल्ली की लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को बेहतर बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि दिल्ली सरकार ‘विरासत भी-विकास भी’ मंत्र के साथ सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

नामी कलाकार देंगे अपनी प्रस्तुति

दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी। इसमें दिल्ली सरकार के पर्यटन तथा कला, संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने भी अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 80 दिनों में देश की राजधानी में सांस्कृतिक व संगीत की लहर चलेगी, जब देश और विदेश के बड़े कलाकार राजधानी में अपनी प्रस्तुति देंगे।

इनमें ट्रैविस स्कॉट, कृष्ण दास, जाकिर खान, पैपोन, एपी ढिल्लों, अरमान मलिक, जोनिता गांधी, राधिका दास सहित अनेक सितारे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली सरकार, इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन (फेमा) और पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के संयुक्त सहयोग से की जा रही है, ताकि इन कार्यक्रमों का स्तर भी बरकरार रहे, किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या अन्य परेशानी न हो और वहां आने वाले दर्शक पूरा आनंद ले सकें।

मुख्यमंत्री का कहना था कि राज्यों के लिए “कॉन्सर्ट इकोनॉमी” एक महत्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्र है, जिस पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया जी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके निरंतर सहयोग से दिल्ली सरकार इस दिशा में अहम कदम उठा पा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समय था जब दिल्ली में बड़े-बड़े कॉन्सर्ट्स और कार्यक्रमों का आयोजन करने से आयोजक हिचकिचाते थे, क्योंकि उन्हें आवश्यक सुविधाएं और संस्थागत सहयोग नहीं मिल पाता था। इस चुनौती को समझते हुए सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि केंद्र और दिल्ली सरकार के अधीन सभी प्रमुख स्टेडियम जैसे जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, इंदिरा गांधी स्टेडियम, नेशनल स्टेडियम, त्यागराज स्टेडियम और छत्रसाल स्टेडियम के टैरिफ रेट कम किए जाएं और उनकी सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत किया जाए।

करोड़ों रुपये की है लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि आयोजकों को अधिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इवेंट परमिशन, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू किया जा रहा है। इस प्रणाली का सफल उपयोग पहले कांवड़ यात्रा, रामलीला समितियों, दुर्गा पूजा और छठ पर्व के आयोजनों में किया जा चुका है। अब इसी मॉडल को इवेंट मैनेजमेंट सेक्टर में भी लागू किया जा रहा है ताकि दिल्ली ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ में और आगे बढ़ सके।

उन्होंने उल्लेख किया कि भारत में लगभग 150 अरब रुपये की लाइव एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में इस समय दिल्ली का शेयर करीब 2500 से 3000 करोड़ रुपये का है, जिसे आने वाले वर्षों में हासिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि वे आगामी सांस्कृतिक आयोजनों और सकारात्मक बदलावों के लिए तैयार रहें, क्योंकि अब दिल्ली देश और दुनिया से आने वाले मेहमानों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि दिल्ली सरकार विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त नए इवेंट वेन्यू विकसित करेगी, जहां लाखों लोग एक साथ कॉन्सर्ट्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दिल्ली अब एक ‘इवेंट-फ्रेंडली सिटी’ के रूप में विकसित होगी, जहां न केवल लोगों का उत्साह बढ़ेगा, बल्कि वैश्विक समुदाय भी यहां आने को इच्छुक रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार ‘विरासत भी-विकास भी’ के मंत्र के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

यह तो अभी शुरुआत है

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन तथा कला, संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का यह विज़न है कि दिल्ली को लाइव एंटरटेनमेंट और ‘कंसर्ट इकॉनॉमी’ का केंद्र बनाया जाए। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस विज़न को दिल्ली में लागू करने के लिए एक ठोस और व्यावहारिक रोडमैप तैयार किया है।

श्री मिश्रा ने बताया कि इस परिवर्तन के पीछे एक विस्तृत और समर्पित प्रक्रिया रही है। दिल्ली सरकार ने फेमा, फिक्की और इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े 40 से अधिक प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ एक राउंडटेबल मीटिंग की, जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री ने सक्रिय रूप से भाग लिया और महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

इस चर्चा में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि दिल्ली में बड़े इवेंट्स न होने का एक मुख्य कारण हमारे कार्यक्रम स्थलों की दरें बहुत ज्यादा थीं। केंद्र सरकार ने एक महीने के भीतर दिल्ली के प्रमुख स्टेडियमों के टैरिफ दरों को घटाने का निर्णय लिया। जैसे ही यह निर्णय लागू हुआ, दिल्ली दोबारा बड़े और भव्य कार्यक्रमों का केंद्र बनने लगी।

श्री मिश्रा ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है। दिल्ली सरकार के पास इससे भी बड़ा रोडमैप है, जो प्रधानमंत्री जी के विज़न और मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शी योजना को मूर्त रूप देगा। यह रोडमैप दिल्ली को कला, संस्कृति, भाषा और पर्यटन के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा।

**************************

 

 

पंजाबी बाग चौक को अब स्व. मदन लाल खुराना चौक के नाम से जाना जायेगा

नई दिल्ली 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): राजधानी दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा पंजाबी बाग पुल के नीचे स्थित पुराने जनरल स्टोर चौक का नामकरण दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मदन लाल खुराना के जन्मदिन के अवसर पर किया गया।

इस चौक का लोकार्पण समारोह आज उनकी जन्म जयंती 15 अक्टूबर 2025 को हुआ। आयोजन का संचालन लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के तत्वावधान में किया गया।

नामकरण पट्टिका का अनावरण दिल्ली सरकार लोक निर्माण मंत्री श्री परवेश साहिब सिंह, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री कपिल मिश्रा, श्री रविन्द्र इंद्राज, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, विधायक श्री राजकुमार भाटिया ने किया।

इस मौके पर विधायक हरीश खुराना की माताजी श्रीमती राज मदन लाल खुराना, विशेष रूप से इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बने। क्षेत्रीय विधायक श्री हरीश खुराना इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने वीडियो कॉल के माध्यम से समस्त क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ प्रेषित की और खुराना जी के कार्यों को याद किया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की पहल के तहत राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से महत्त्वपूर्ण स्थलों को स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और जननेताओं के नाम से जोड़ा जा रहा है।

इससे नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं, को ऐसे नाम करण से महान हस्तियों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय मदन लाल खुराना जी ने दिल्ली की सेवा में जो समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी दिखाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि यह चौक केवल एक नाम नहीं, बल्कि उस व्यक्ति की स्मृति है जिसने दिल्ली को आधुनिक विकास की राह पर आगे बढ़ाया। यह चौक नागरिकों को यह याद दिलाएगा कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है।

विधायक हरीश खुराना ने अपने पिताश्री स्व मदन लाल खुराना को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस चौक का नामकरण न केवल भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र की पहचान और गौरव का प्रतीक भी बनेगा।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चौक को आकर्षक बनाने, नई प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने और यातायात को सुचारू करने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

इस मौके पर सामाजिक न्याय मंत्री श्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह चौक सिर्फ दिल्ली की विरासत का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी राजधानी के सतत विकास और आधुनिकता का नया आयाम है। इस सफलता के लिए सभी अधिकारियों और टीम को मेरी हार्दिक बधाई।

कपिल मिश्रा ने कहा, आइए, मिलकर दिल्ली को और भी गौरवशाली, स्मार्ट और प्रगतिशील बनाने की इस यात्रा को आगे बढ़ाएं।

स्वर्गीय मदन लाल खुराना के नाम से इसे जोड़ना दिल्ली की राजनीति और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है। मदन लाल खुराना दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रिय मुख्यमंत्री रहे।

उनके कार्यकाल में सड़क, पुल, परिवहन और नागरिक बुनियादी ढांचे में जो विकास हुआ, उसने दिल्ली के शहरी ढांचे को नई पहचान दी। पंजाबी बाग, रानी बाग और पश्चिमी दिल्ली के नागरिकों के बीच वे एक सच्चे जननायक के रूप में जाने जाते थे।

इस मौके पर करोल बाग जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर, पूर्व विधायक सुभाष सचदेवा, पी के चंदला, पूर्व पार्षद वेद गुप्ता, विपिन मल्होत्रा, राजू लाम्बा, भाजपा मोती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक आनंद, कर्मपुरा मंडल अध्यक्ष के.के. तिवारी, रमेश नगर मंडल अध्यक्षा श्रीमती दिव्या गोसाई, पूर्व पार्षद वरिष्ठ पत्रकार मनोज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, व्यापारिक संघों के पदाधिकारी तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

****************************

 

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय में बड़ा घोटाला, 3 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज

भोपाल 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में मेडिकल शाखा के अधिकारियों ने फर्जी बिल बनाकर 15 लाख रुपए हड़प लिए।

यहां तैनात तीन पुलिसकर्मियों ने मिलकर फर्जी मेडिकल बिल बनाकर 10 लाख रुपये का भुगतान करा लिया। इस मामले में डीएसपी ओपी मिश्र की शिकायत पर तीनो के खिलाफ धोखा धड़ी का केस दर्ज किया गया है।

जहांगीराबाद थाना प्रभारी चतुर्भुज राठौर ने बताया कि मुख्यालय में तैनात पुलिसकर्मी आरोपियों के नाम हर्ष, नीरज और राजपाल ठाकुर हैं। तीनों पुलिस मुख्यालय में कैशियर पद पर कार्यरत थे।

जांच के दौरान पता चला कि तीनों ने आपसी मिलीभगत से तीन अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर फर्जी इलाज के बिल तैयार किए गए और उन्हें विभाग से पास कराकर करीब 10 लाख रुपए का भुगतान लिया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मेडिकल बिलो की जांच के दौरान कई दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। जब अस्पताल से इन इलाजों की पुष्टि की गई तो पता चला कि ऐसे किसी मरीज का रेकॉर्ड वहां मौजूद नहीं है।

इसके बाद डीएसपी ओपी मिश्र ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की गई और तीन पुलिस जवान के खिलाफ धोखाधड़ी व फर्जीवाड़े की धाराओं में केस दर्ज कराया गया। जांच में जुटी पुलिस ने दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

इसी तरह के फर्जी बिल पास कराने के मामले में सिवनी, बालाघाट और झाबुआ जिलों में भी केस दर्ज किए गए है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।

भोपाल पुलिस मुख्यालय में जुड़े धोखाधड़ी में जिसके नाम तैयार बिल पास किया गया है उससे भी पूछताछ की जाएगी। जांच के बाद जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

***************************

 

पंजाब DIG के घर से 5 करोड़ का कैश, सोने के गहने समेत कई सामान बरामद, CBI ने नोट गिनने के लिए मंगाई मशीन


चंडीगढ़ 17 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के DIG हरचरण सिंह भुल्लर को CBI ने 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने मंडी गोबिंदगढ़ के एक स्क्रैप कारोबारी से रिश्वत की मांग की थी।  दिल्ली और चंडीगढ़ से आई CBI की संयुक्त टीम ने ट्रैप बिछाकर उन्हें मोहाली स्थित कार्यालय से पकड़ा।

सूत्रों के अनुसार, CBI की 52 सदस्यीय टीम भुल्लर के मोहाली स्थित दफ्तर और चंडीगढ़ के सेक्टर-40 में बने उनके आलीशान घर की कई घंटों तक तलाशी ले रही है। इस दौरान लगभग एक करोड़ रुपए नकद, तीन बैग और एक अटैची में भरे हुए मिले हैं। नोटों की गिनती के लिए मशीनें मंगानी पड़ीं। इसके अलावा सोने-चांदी के गहने और अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। अब तक मिली अपडेट के अनुसार उनके पास से 5 करोड़ रुपए का कैश बरामद किया गया है।

फिलहाल भुल्लर को एक गोपनीय स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। CBI के सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता एक स्क्रैप व्यापारी ने 11 अक्टूबर को शिकायत दी थी कि DIG ने रिश्वत मांगने के लिए एक बिचौलिए कृष्नु को भेजा था। CBI ने पहले कृष्नु को पकड़ा और उसी के बयान के आधार पर DIG को ट्रैप किया गया। CBI की योजना है कि शुक्रवार को भुल्लर को मोहाली CBI कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य पुलिस अधिकारी या राजनैतिक लोग भी शामिल थे या नहीं।

DIG हरचरण सिंह भुल्लर 2007 बैच के IPS अधिकारी हैं। उनके पिता महल सिंह भुल्लर पंजाब के DGP रह चुके हैं, जबकि उनके भाई कुलदीप सिंह भुल्लर कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। भुल्लर को 27 नवंबर 2024 को रोपड़ रेंज का DIG बनाया गया था। इस कार्रवाई के बाद पंजाब पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। यह मामला पंजाब में पुलिस तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर CBI के अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशनों में से एक माना जा रहा है।

***********************

 

राहुल गांधी ने हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से की मुलाकत, कहा- यूपी में लगातार हो रहा दलितों का उत्पीड़न

फतेहपुर 17 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि पर देश का सियासी माहौल अभी भी गर्म है। हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से शुक्रवार को रायबरेली सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुलाकात की है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ हत्यारों जैसा व्यवहार हो रहा है। हरिओम की बहन बीमार है, उसे घर में बंद कर रखा गया है। उत्तर प्रदेश में लगातार दलितों का उत्पीड़न हो रहा है।

भाजपा राज में पूरे देश में दलितों के साथ अत्याचार और बलात्कार हो रहा है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए हरिओम के परिवार को न्याय देने की मांग की और अपराधियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

राहुल गांधी ने कहा कि सुबह से ही पीड़ित परिवार को धमकाया गया है। कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। हम उनकी हर संभव मदद करेंगे।

कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “नेता विपक्ष राहुल गांधी ने फतेहपुर में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा। कुछ दिनों पहले दलित समाज से आने वाले हरिओम जी की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उनका परिवार बेहद पीड़ा से गुजर रहा है और न्याय की उम्मीद में है। जो हरिओम वाल्मीकि के साथ हुआ, वह इस देश के संविधान के प्रति घोर अपराध है। ऐसी ओछी विचारधारा समाज पर कलंक है।

हम इस अन्याय और अत्याचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। ये देश मनुवाद से नहीं, बाबा साहेब के संविधान से चलेगा।”
वहीं, राहुल गांधी के दौरे से पहले हरिओम वाल्मीकि के घर जाने वाले रास्तों पर विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में लिखा है कि “गिद्ध बनकर मंडराते हैं, नफरत फैलाने आते हैं,” “दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ,” “हमें जाति पति में बताने की तुम्हारी ये कोशिश कभी कामयाब नहीं होगी,” और कई अन्य पोस्टर लगे हैं।

रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि को लोगों ने चोर समझकर 2 अक्टूबर की रात पीट-पीटकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया था।

फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन की पहल पर हरिओम वाल्मीकि की बहन कुसुम देवी को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में आउटसोर्स के तहत स्टाफ नर्स के रूप में नियुक्ति पत्र दिया गया है।

*************************

 

सीएम ममता ने दार्जिलिंग के महाकाल मंदिर में की पूजा-अर्चना

दार्जिलिंग 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दार्जिलिंग के महाकाल मंदिर में गुरुवार को पूजा-अर्चना की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं से बात की। उनके साथ मंत्री अरूप विश्वास और अन्य मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उत्तर बंगाल और पहाड़ के दूसरे दौरे पर है। यहां उन्होंने दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों को लेकर बुधवार को एक प्रशासनिक बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने आपदा में लोगों की मदद करने वालों लोगों को सम्मानित किया था।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पूजा अर्चना के बाद सिलीगुड़ी के लिए रवाना हो गया है। आज ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकता लौट सकती है।

************************

 

गुजरात की राजनीति में भूचाल, सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली ,16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में शुक्रवार को होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

गुरुवार को मुख्यमंत्री समेत सभी मौजूदा मंत्रियों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि यह कदम आगामी कैबिनेट विस्तार की तैयारी के तहत उठाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रिमंडल में लगभग 10 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है, जबकि करीब आधे मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।

बीजेपी संगठन के शीर्ष नेतृत्व की ओर से नए चेहरों को मौका देने और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नई टीम तैयार करने की कवायद चल रही है।

कैबिनेट विस्तार का कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 11:30 बजे तय किया गया है। फिलहाल गुजरात मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत कुल 17 मंत्री हैं, जिनमें आठ कैबिनेट मंत्री और आठ राज्य मंत्री (रूशस्) शामिल हैं।

संविधान के अनुसार, 182 सदस्यीय विधानसभा वाले राज्य में अधिकतम 27 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

हाल ही में हुए राजनीतिक फेरबदल में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा को भारतीय जनता पार्टी की गुजरात इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जिन्होंने केंद्रीय मंत्री सी. आर. पाटिल की जगह ली। माना जा रहा है कि उनकी यह नियुक्ति भी नए राजनीतिक समीकरणों का हिस्सा है, जिसके चलते पार्टी आगामी मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश करेगी।

*************************

 

रामालय फाउंडेशन ने पेरिस में भारत के यूनेस्को राजदूत को भेंट किया श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन

रामालय फाउंडेशन ने यूरोप में श्रीकृष्ण लीला के अंतरराष्ट्रीय समर्पण का विस्तार किया

नई दिल्ली , 16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  पेरिस में एक भावनात्मक मुलाकात के दौरान रामालय फाउंडेशन और जेपीएसआर प्रभु श्रीराम – इन्सेंस विद अ स्टोरी के संस्थापक प्रशांत कुमार ने भारत के यूनेस्को में राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि विशाल वी. शर्मा को ‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ भेंट किया।

यह आयोजन यूरोप में चल रही ‘श्रीकृष्ण लीला अंतरराष्ट्रीय समर्पण श्रृंखला’ का हिस्सा था। यह मुलाकात भारत के यूनेस्को मिशन के दूतावास में हुई, जहाँ दोनों ने भारतीय आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत की आधुनिक विश्व में प्रासंगिकता पर सार्थक संवाद किया। बातचीत के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि भारत की सभ्यतागत परंपराएँ आज भी वैश्विक स्तर पर शांति, संतुलन और आपसी समझ की प्रेरणा देती हैं।

राजदूत विशाल वी. शर्मा ने भारत की सभ्यता, दर्शन और संस्कृति की उस गहराई पर विचार साझा किए जो विश्व के राष्ट्रों को जोड़ने का सेतु बनती है। उन्होंने कहा, “भारत की संस्कृति सदैव सीमाओं से परे रही है। कला, सुगंध और भक्ति जैसे माध्यमों से ऐसे प्रयास पूरी दुनिया में भारत की आत्मा का संदेश फैलाते हैं।”

इस अवसर पर प्रशांत कुमार ने कहा, “राजदूत विशाल शर्मा जी से भेंट हमारे लिए प्रेरणादायक रही। भारतीय दर्शन की उनकी गहरी समझ और भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंचों पर सशक्त करने का उनका प्रयास, उसी भावना को दर्शाता है जिस पर ‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ आधारित है — भक्ति, कला और चेतना। उनके मार्गदर्शन से हमें भारत की सुगंध और कहानियों को विश्व तक पहुँचाने में निरंतर प्रेरणा मिलेगी।

‘श्रीकृष्ण लीला कलेक्शन’ कला, सुगंध और कथा का एक अनोखा संगम है, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की दस दिव्य लीलाओं को पारंपरिक पट्टचित्र कला, प्राचीन सुगंधीय विधाओं और भावनात्मक कथाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। यह संग्रह भारत की आत्मा और सौंदर्य का संवेदनशील प्रतिनिधि है , जो आध्यात्मिकता, शिल्पकला और भक्ति को आधुनिक सांस्कृतिक अनुभव में जोड़ता है।

पेरिस में यह प्रस्तुति ‘श्रीकृष्ण लीला इंटरनेशनल समर्पण सीरीज़’ का एक अहम अध्याय रही, जिसकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ इससे पहले भारत, लंदन और कोपेनहेगन में भी की जा चुकी हैं।

यह पहल रामालय फाउंडेशन के उस उद्देश्य को आगे बढ़ाती है, जो भारत की परंपराओं और वैश्विक चेतना के बीच सेतु निर्माण के लिए सुगंध को शांति और सौहार्द की भाषा के रूप में प्रस्तुत करता है।

***********************

 

यूपी में 16 साल बाद पत्रकार बृजेश गुप्ता हत्याकांड में इंसाफ, चार को उम्रकैद

कानपुर ,16 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। 16 साल पुराने सनसनीखेज पत्रकार बृजेश गुप्ता हत्याकांड में आखिरकार न्याय की जीत हुई। एडीजे-19 राकेश सिंह की अदालत ने न्यूज एंकर कनिका ग्रोवर, उसके भाइयों सन्नी और मन्नी, तथा रिश्तेदार सुरजीत सिंह को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, सबूत मिटाने के आरोप में बंटी उर्फ राजीव कुमार को पांच साल कैद की सजा दी गई।

बाबूपुरवा निवासी पत्रकार प्रभात गुप्ता के छोटे भाई बृजेश गुप्ता स्थानीय चैनल के संचालक थे। 13 जून 2009 की शाम करीब साढ़े चार बजे वह गौशाला चौराहे पर प्रभात से मिले और बोले कि कनिका ग्रोवर को घर छोडऩे जा रहे हैं। इसके बाद वे लौटकर नहीं आए।

अगले दिन उनकी कार की पिछली सीट पर बोरी में बंद उनका शव मिला। सिर पर चोट, एक आंख खुली, दूसरी बंद और रिवॉल्वर व पांच अंगूठियां गायब थीं। इस दृश्य ने पूरे कानपुर को दहला दिया।

जांच में खुलासा हुआ कि कनिका के पिता, राजेंद्र ग्रोवर, को चरस तस्करी और चोरी के केस में पुलिस ने जेल भेजा था।
इसकी जानकारी बृजेश ने कनिका को दी थी और बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी से नाराज होकर कनिका ने भाइयों सन्नी-मन्नी और रिश्तेदार सुरजीत सिंह के साथ साजिश रची।

बृजेश को बुलाया गया, फिर हथौड़े और चाकू से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी गई। बाद में शव को बोरे में भरकर कार में डाल दिया गया।

अभियोजन पक्ष ने 10 गवाहों को पेश किया। एडीजीसी गौरेंद्र नारायण त्रिपाठी के अनुसार सबूतों और गवाहों के बयान ने आरोपियों की भूमिका स्पष्ट कर दी। अदालत ने चारों मुख्य आरोपियों को आजीवन कारावास और सबूत मिटाने वाले बंटी को पांच साल की सजा सुनाई।

पत्रकार प्रभात गुप्ता ने उस समय गोविंद नगर थाने में कनिका, सन्नी, मन्नी, उनकी मां अल्का, सुरजीत और बंटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

लंबे कानूनी संघर्ष के बाद आया यह फैसला एक तरफ परिवार के लिए राहत लेकर आया, बल्कि दूसरी तरफ पत्रकारों की सुरक्षा और न्याय प्रणाली की मजबूती पर सवाल खड़े कर गया।

************************

 

CM योगी के बिहार दौरे से एनडीए की मुसीबत शुरू हो जाएगी: पप्पू यादव

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्णिया लोकसभा सीट से सांसद पप्पू यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार दौरे पर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया कि योगी के दौरे से एनडीए की मुश्किलें शुरू हो जाएंगी।

पप्पू यादव ने कहा कि बिहार नफरत की भूमि नहीं है। यह गुरु गोविंद, महात्मा बुद्ध, लोहिया, जेपी, महात्मा गांधी, बाल्मीकि, राष्ट्रकवि दिनकर, विद्यापति और राजेंद्र बाबू की धरती है, जो शांति और प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि योगी जी को समझना चाहिए था कि बिहार नफरत की भूमि नहीं, शांति की भूमि है।

महागठबंधन में राजद और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने गठबंधन को मजबूत करती है और उसे सम्मान देती है। उन्होंने बताया कि गठबंधन की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं।

उन्होंने कहा, “हम दो कदम पीछे हटकर गठबंधन को मजबूत करने को तैयार हैं। जिन्हें मुख्यमंत्री बनना है, उन्हें अहंकार छोड़ना होगा। हम सम्मान देने को तैयार हैं।

सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि वह नाराज नहीं हैं और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पप्पू यादव ने कांग्रेस को बिहार में मजबूत करने का भरोसा जताया।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कहे कि पप्पू यादव कोहिनूर है, तो बिहार एक तरफ हो जाएगा। राहुल गांधी बस हमें आशीर्वाद दे दें।

उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। उन्होंने कहा कि एनडीए में कोई दिल्ली जा रहा है, कोई नाराज है।

मुख्यमंत्री चेहरा को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए भी बिना सीएम फेस के चुनाव लड़ रही है, लेकिन उनसे कोई सवाल नहीं पूछता।

उन्होंने कहा कि एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है, लेकिन चुनाव बाद क्या होगा, सभी को पता है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी इसके संकेत दिए थे।

कांग्रेस की उम्मीदवार सूची पर पप्पू यादव ने कहा कि एनडीए को उनकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि महागठबंधन में सब ठीक है और जल्द ही कांग्रेस की लिस्ट जारी हो जाएगी।

************************

 

Diwali से पहले ही वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर के पार, इन इलाकों में हाल बेहद खराब

नोएडा 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले ही वायु प्रदूषण ने खतरनाक स्तर पार कर लिया है। गुरुवार सुबह आंकड़ों से पता चलता है कि गाजियाबाद के लोनी और नोएडा के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों से भी अधिक खराब स्थिति में पहुंच गई है।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार, यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। गाजियाबाद में लोनी का एक्यूआई 339 दर्ज किया गया, जो पूरे क्षेत्र में सबसे अधिक है। वहीं, नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 358 तक पहुंचा, जो चिंता का सबसे बड़ा कारण है।

गाजियाबाद के अन्य इलाके भी पीछे नहीं हैं- वसुंधरा और इंदिरापुरम दोनों का एक्यूआई 287 है और संजय नगर का एक्यूआई 260 रहा। नोएडा में हालात गंभीर बने हुए हैं। सेक्टर-116 में एक्यूआई 334, सेक्टर-1 में 257 और सेक्टर-62 में 207 दर्ज किया गया। दिल्ली में भी स्थिति बेहतर नहीं है।

आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार का एक्यूआई 335, वजीरपुर का 337, बवाना का 281 और मुंडका का 297 है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन अधिकांश इलाके ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं। हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को देखते हुए, वायु प्रदूषण से निपटने के लिए बनाए गए ग्रेप (ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान) के पहले चरण को लागू कर दिया गया है।

इसके तहत निर्माण कार्यों पर रोक और डीजल जनरेटर के उपयोग पर प्रतिबंध जैसे उपाय शामिल हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अगर प्रदूषण का स्तर इसी तरह बना रहा, तो जल्द ही ग्रेप का दूसरा और सख्त चरण लागू किया जा सकता है।

अक्टूबर के आंकड़े बताते हैं कि ओजोन और पीएम10 प्रमुख प्रदूषक तत्व रहे हैं। कई दिनों पर इनका स्तर बहुत अधिक दर्ज किया गया, जो दिवाली से पहले ही वायु गुणवत्ता में गिरावट का संकेत दे रहा था। ‘बहुत खराब’ श्रेणी का एक्यूआई स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है।

इस स्थिति में सभी नागरिकों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय रोगियों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है। लंबे समय तक बाहर रहने से बचना चाहिए और घर के अंदर हवा शुद्ध करने वाले उपकरणों का उपयोग करना चाहिए।

सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। दिवाली से पहले ही दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।

*************************

 

मुंबई में बांग्लादेशी गुरु मां गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों पर 30 सालों से भारत में रह रही थी; कई मामले हैं दर्ज

मुंबई 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुंबई पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर ‘गुरु मां’ के नाम से मशहूर ज्योति को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 30 सालों से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रही थी।

यह मामला तब सामने आया जब पिछले कुछ महीनों से अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। मार्च 2025 में शिवाजी नगर पुलिस ने रफीक नगर से कुछ बांग्लादेशी ट्रांसजेंडरों को गिरफ्तार किया था।

इस दौरान ज्योति को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन उस समय उसके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित सभी भारतीय दस्तावेज मौजूद थे, इसलिए उसे छोड़ दिया गया था।

इसके बाद पुलिस ने ज्योति की ओर से तैयार किए गए भारतीय जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई, जिसमें वे सभी दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद पुलिस ने बाबू अयान खान उर्फ ज्योति उर्फ गुरु मां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ज्योति का असली नाम बाबू अयान खान है। वह 300 से अधिक फॉलोअर्स की ‘गुरु मां’ थी और मुंबई के रफीक नगर, गोवंडी व अन्य इलाकों में उसके 20 से ज्यादा घर बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, ज्योति के खिलाफ मुंबई के शिवाजी नगर, नारपोली, देवनार, ट्रॉम्बे और कुर्ला पुलिस स्टेशनों में भी कुछ अन्य मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस ने उसे पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।

मुंबई पुलिस ने कहा कि यह गिरफ्तारी उन लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में अवैध रूप से निवास कर रहे हैं।

इसके साथ के कितने लोग अभी रह रहे हैं? पुलिस इसके बारे में पता लगा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसने जो भी फर्जी दस्तावेज बनवाए थे, वे कहां से बनवाए थे और अभी तक किस-किस के बने हैं।

***************************

 

हमारी आयात नीति हितों के आधार पर…, रूस से तेल खरीद बंद करने के ट्रंप के दावों पर बोला विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि भारत जल्द ही रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा, भारत सरकार ने इस पर आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने स्पष्ट किया कि भारत की ऊर्जा नीति पूरी तरह से राष्ट्रीय हितों और उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती है।

 जयसवाल ने कहा कि भारत तेल और गैस का एक बड़ा आयातक देश है, और मौजूदा अस्थिर वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भारत की आयात नीति इसी लक्ष्य के अनुरूप तैयार की जाती है।

मंत्रालय के अनुसार, स्थिर ऊर्जा मूल्य और विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करना भारत की ऊर्जा रणनीति के मुख्य उद्देश्य हैं। इसके तहत भारत अपने ऊर्जा स्रोतों का विस्तार और विविधीकरण लगातार कर रहा है ताकि किसी एक बाजार पर निर्भरता कम हो सके।

विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ भारत की ऊर्जा साझेदारी लंबे समय से मजबूत हो रही है। पिछले दस वर्षों में इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, और मौजूदा अमेरिकी प्रशासन ने भी भारत के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने में रुचि दिखाई है। जयसवाल ने बताया कि इस विषय पर दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है और भारत अपने ऊर्जा हितों की रक्षा के लिए संतुलित दृष्टिकोण बनाए रखेगा।

**************************

 

बिहार विधानसभा चुनाव: JDU ने 44 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी, चेतन आनंद को नबीनगर से मिला टिकट

पटना 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में शामिल जदयू ने गुरुवार को उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में कुल 44 उम्मीदवारों के नाम हैं। इससे पहले बुधवार को पार्टी ने 57 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी।

सूची के मुताबिक, रुपौली से कलाधार मंडल को प्रत्याशी बनाया गया है जबकि धमदाहा से मंत्री लेसी सिंह फिर से चुनावी मैदान में होंगी।

इसी तरह शीला मंडल फुलपरास से, जबकि कदवा से दुलालचंद गोस्वामी, बरारी से विजय सिंह निषाद, गोपालपुर से बुलो मंडल, सुल्तानगंज से ललित नारायण मंडल और चकाई से मंत्री सुमित कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

झाझा से दामोदर रावत, नवादा से विभा देवी, बेलागंज से मनोरमा देवी, रफीगंज से प्रमोद कुमार सिंह और नबीनगर से पूर्व सांसद आनंद मोहन के पुत्र चेतन आनंद को टिकट दिया गया है।

इसके अलावा घोसी से ऋतुराज कुमार जदयू के प्रत्याशी होंगे। जहानाबाद से पार्टी ने चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, कुर्था से पप्पू कुमार वर्मा, नोखा से नागेंद्र चंद्रवंशी और चैनपुर से मंत्री जमा खान को उम्मीदवार बनाया है।

काराकाट से महाबली सिंह एनडीए के प्रत्याशी होंगे तो कहलगांव से शुभानंद मुकेश चुनावी मैदान में उतरेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी।

इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

***************************

 

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला — कहा-ट्रंप से डरे हुए हैं पीएम

नई दिल्ली 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद भारत की राजनीति में हलचल मच गई है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा।

उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश के सम्मान का सौदा कर दिया। ट्रंप का कहना है कि उनकी नाराजगी और धमकियों से डरकर मोदी ने आश्वासन दिया कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा।

यह साफ है कि नरेंद्र मोदी कमजोर प्रधानमंत्री हैं और उनकी हरकतों ने देश की विदेश नीति को चौपट कर दिया है। रूस हमेशा भारत का विशेष सहयोगी रहा है।

खुद के ‘झप्पी वाले रिश्ते’ सुधारने के लिए देश के रिश्ते खराब मत कीजिए।” इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं।”

राहुल गांधी ने इसके साथ ही प्रधानमंत्री से पाँच सवाल भी पूछे

1. क्या ट्रंप को यह अधिकार है कि वे भारत की तेल नीति पर निर्णय लें?

2. बार-बार अनदेखी के बावजूद क्या मोदी सरकार ट्रंप को बधाई संदेश भेजती रही?

3. वित्त मंत्री की अमेरिका यात्रा क्यों रद्द की गई?

4. प्रधानमंत्री शर्म-अल-शेख सम्मेलन में क्यों शामिल नहीं हुए?

5. ऑपरेशन सिंदूर पर विरोध क्यों नहीं जताया गया?

राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की विदेश नीति पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए और यह बताना चाहिए कि क्या भारत अब अमेरिका के दबाव में काम कर रहा है।

*********************

 

इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और पत्नी सुधा मूर्ति ने कर्नाटक जाति जनगणना में भाग लेने से किया इनकार

बेंगलुरु 16 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । इन्फोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति और उनकी पत्नी, लेखिका सुधा मूर्ति ने कर्नाटक में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा कराए जा रहे विवादास्पद सामाजिक-आर्थिक और शैक्षणिक सर्वेक्षण, जिसे आमतौर पर जाति जनगणना के रूप में जाना जाता है, इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया।

दोनों ने सर्वेक्षण करने वाली स्वायत्त सरकारी संस्था, कर्नाटक राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को एक स्व-सत्यापित पत्र प्रस्तुत किया है। आधिकारिक सर्वेक्षण प्रपत्र में, नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति ने कहा कि वे व्यक्तिगत कारणों से विवरण देने से इनकार कर रहे हैं। पत्र के प्रारूप में लिखा था, “हम और हमारा परिवार जनगणना में भाग नहीं लेंगे और हम इस पत्र के माध्यम से इसकी पुष्टि कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि वे किसी भी पिछड़ी जाति से संबंधित नहीं हैं और सर्वेक्षण में उनकी भागीदारी सरकार के लिए किसी काम की नहीं होगी। नारायण मूर्ति ने पत्र में कहा, “इसलिए, हम इसमें भाग नहीं ले रहे हैं।”

हाल ही में, गणनाकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के बेंगलुरु के सदाशिवनगर स्थित आवास पर एक सर्वेक्षण किया। शिवकुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ इस प्रक्रिया में भाग लिया। धर्म, जाति और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों पर सवाल पूछे गए, जिनका शिवकुमार ने धैर्यपूर्वक जवाब दिया।

हालांकि, सभी आवश्यक जानकारी प्रदान करने के बावजूद, गणनाकर्ताओं ने उनसे और सवाल पूछे। लंबी पूछताछ से चिढ़कर, शिवकुमार ने कथित तौर पर कहा, “आप सिर्फ सवाल पूछने में इतना समय क्यों लगा रहे हैं? बहुत ज्यादा सवाल कर रहे हैं।”

इस बीच, वरिष्ठ अधिवक्ता बीवी आचार्य ने हाल ही में यह विचार व्यक्त किया कि जाति जनगणना में भाग न लेना ही बेहतर होगा, और आगाह किया कि अगर कोई इसमें भाग लेता है, तो व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का खतरा है।
कर्नाटक की जाति जनगणना की समय सीमा बढ़ा दी गई है।

राज्य भर में सर्वेक्षण 12 अक्टूबर तक और बेंगलुरु में 24 अक्टूबर तक पूरा होना है। इससे पहले, 7 अक्टूबर की समय सीमा अधूरे आंकड़ों के संग्रह के कारण पूरी नहीं हो पाई थी।

सर्वेक्षण को पूरा करने में आसानी के लिए, स्कूलों को आधे दिन के कार्यक्रम में समायोजित किया गया है और सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूल नई समय सीमा तक सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संचालित होंगे, साथ ही कुछ दशहरा की छुट्टियों को भी बढ़ा दिया गया है।

यह निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि सर्वेक्षण 7 अक्टूबर की समय सीमा तक पूरा नहीं हो पाया था।

अक्टूबर 2025 की शुरुआत तक कर्नाटक में चल रहे जाति सर्वेक्षण में लगभग 83 प्रतिशत परिवारों को शामिल किया गया है, जिसमें राज्य के कुल 1.43 करोड़ परिवारों में से 1.22 करोड़ परिवारों की गणना की गई है।

*************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version