छत्तीसगढ़: प्रधानमंत्री मोदी ने की बच्चों के साथ दिल की बात, दिखा अलग स्नेह

रायपुर  01 NOv, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान, उन्होंने ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत दिल की बीमारी से जूझने वाले और सफल इलाज करा चुके बच्चों से मुलाकात की।

कार्यक्रम में पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान श्री सत्य साईं बाबा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने हृदय रोग से स्वस्थ हुए बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किया और ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के दौरान उनसे संवाद किया।

अब तक अस्पताल में 2500 बच्चों का सफल इलाज हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। पीएम मोदी भी प्रसन्न थे और बच्चों के साथ उनका एक अलग स्नेह नजर आया।

इसके कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में ब्रह्माकुमारी के ‘शांति शिखर’ का उद्घाटन किया, जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान का एक आधुनिक केंद्र है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन बहुत विशेष है। आज हमारा छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है। छत्तीसगढ़ के साथ ही झारखंड और उत्तराखंड के भी 25 वर्ष पूरे हुए हैं। आज देश के और भी कई राज्य अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं। मैं इन सभी राज्यों के निवासियों को स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।

अपने उद्घाटन भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास से देश का विकास के मंत्र पर चलते हुए हम भारत को विकसित बनाने के अभियान में जुटे हैं।

विकसित भारत की इस अहम यात्रा में ब्रह्माकुमारी जैसी संस्था की बहुत बड़ी भूमिका है। मैं बीते कई दशकों से आप सबके साथ जुड़ा हुआ हूं। मैंने इस आध्यात्मिक आंदोलन के विस्तार को देखा है।

पीएम मोदी ने कहा, “मैंने इस आध्यात्मिक आंदोलन को वटवृक्ष की तरह विस्तार लेते हुए देखा है। 2011 में अहमदाबाद में ‘फ्यूचर ऑफ पावर’ कार्यक्रम, 2012 में संस्था की स्थापना के 75 वर्ष, 2013 में प्रयागराज का कार्यक्रम, आबू जाना हो या गुजरात के कार्यक्रमों में जाना मेरे लिए रूटीन-सा हो गया था।”

उन्होंने कहा कि चाहे ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ हो या ‘स्वच्छ भारत’ अभियान, जब भी मैं आया हूं, मैंने यहां के प्रयासों को बड़ी ईमानदारी से देखा है।

*****************************

 

भारत ने महिलाओं के स्वास्थ्य में बनाए तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली 01 Nov, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को अपने ‘एक्स’ सोशल मीडिया हैंडल पर बड़ी खुशखबरी साझा की है। भारत ने महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान में तीन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किए हैं। यह उपलब्धि देश की महिलाओं और बच्चों की सेहत सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अभियान का नाम है- स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान। इसे पोषण माह के साथ जोड़कर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलाया गया। इसका मुख्य मकसद महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को बेहतर बनाना था। साथ ही बीमारियों की जल्दी पहचान करना, जरूरी इलाज उपलब्ध कराना और परिवारों को मजबूत बनाना था।

इस अभियान के तहत पूरे देश के सभी जिलों में 19.7 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में 11 करोड़ से अधिक लोग शामिल हुए। यहां महिलाओं की जांच, दवाइयां, पोषण सलाह और अन्य सेवाएं मुफ्त दी गईं। यह सब कुछ निवारक स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस करते हुए किया गया, यानी बीमारी आने से पहले ही रोकथाम।

जेपी नड्डा ने कहा कि यह रिकॉर्ड महिलाओं के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता दिखाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरित यह अभियान ‘सेवा और भारत प्रथम’ की भावना पर आधारित है। इससे एक स्वस्थ महिला, मजबूत परिवार और विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है।

यह तीनों रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से दिए गए हैं। ये उपलब्धियां न सिर्फ संख्या में बड़ी हैं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में भी कामयाब रही हैं। अभियान में ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों को कवर किया गया, ताकि हर महिला तक पहुंच बन सके।
सरकार का दावा है कि ऐसे कार्यक्रमों से एनीमिया, कुपोषण और मातृ मृत्यु दर जैसी समस्याएं कम होंगी। आगे भी ऐसे अभियान चलते रहेंगे।

***************************

 

महाराष्ट्र के 12 जिलों में येलो अलर्ट, मुंबई-ठाणे में सतर्क रहें: आईएमडी

मुंबई 01 Nov,(Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट शनिवार सुबह सात बजे जारी किया गया। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

आईएमडी के अनुसार, मौसम में नमी बढ़ने से हल्की बारिश हो सकती है। यह चेतावनी मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, रायगढ़, नंदुरबार, धुले, जलगांव, पुणे, नासिक, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों के लिए लागू है।

विशेषज्ञों का कहना है कि अरब सागर के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अभी भी महाराष्ट्र पर पड़ रहा है, जिससे दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ नमी लाने वाली हवाएं सक्रिय हैं। हालांकि, बारिश हल्की रहेगी, लेकिन इससे सड़कों पर फिसलन और छोटे-मोटे जलभराव की आशंका है।

मुंबई में शनिवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। हवा की गति 10-15 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी दिशा से चलेगी। आईएमडी ने लोगों को बरसाती मौसम में सावधानियां बरतने का निर्देश दिया है।

इसमें बिजली के उपकरणों से दूर रहना, फिसलन भरी सड़कों पर वाहन धीरे चलाना, बाढ़ प्रभावित इलाकों से बचना और पानी से भरे गड्ढों के पास न जाना शामिल है। अगर तेज हवा या बिजली चमकने लगे, तो तुरंत घर के अंदर शरण लें।

यह चेतावनी मौसम पूर्वानुमान के तहत जारी की गई है, जो हर तीन घंटे में अपडेट होती रहेगी। आईएमडी के मुंबई क्षेत्रीय केंद्र ने कहा कि अगले कुछ दिनों में मौसम में सुधार होगा, लेकिन नवंबर के पहले सप्ताह तक हल्की बारिश की घटनाएं बनी रह सकती हैं।

दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने के बाद भी ये असमय की वर्षा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। विशेष रूप से मुंबई जैसे घनी आबादी वाले शहर में, जहां जल निकासी की समस्या आम है, ऐसे पूर्वानुमान महत्वपूर्ण हो जाते हैं।

आईएमडी ने किसानों, मछुआरों और यात्रियों को भी सलाह दी है कि वे स्थानीय मौसम अपडेट चेक करें। वेबसाइट पर जाकर जिला-वार पूर्वानुमान देखा जा सकता है।

विभाग ने जोर दिया कि ऐसी चेतावनियां जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए हैं, इसलिए इन्हें हल्के में न लें। महाराष्ट्र सरकार ने भी संबंधित जिलों के प्रशासन को अलर्ट कर दिया है ताकि आवश्यक इंतजाम किए जा सकें।

****************************

 

जेएंडके को छोड़कर भारत में 2013 के बाद नहीं हुआ कोई बड़ा आतंकी हमला’…., देश की सुरक्षा स्थिति पर गरजे NSA

नई दिल्ली 01 Nov, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने सरदार पटेल स्मारक व्याख्यान में देश की सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2013 के बाद से जम्मू-कश्मीर को छोड़कर देश के किसी भी हिस्से में आतंकी हमला नहीं हुआ है।

अजीत डोभाल ने कहा कि तथ्य स्पष्ट हैं और इन पर कोई विवाद नहीं हो सकता। भारत ने आतंकवाद का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2005 को देश में एक बड़ी आतंकी घटना हुई थी और उसके बाद 2013 में आखिरी बार देश के अंदरूनी क्षेत्रों में आतंकवादी हमला हुआ था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर को छोड़कर पूरा देश आतंकवादी हमलों से सुरक्षित रहा है।

एनएसए ने बताया कि भले ही दुश्मन ताकतें सक्रिय रहीं, लेकिन भारत की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता के कारण देश के भीतरी हिस्सों में कोई बड़ी घटना नहीं हुई। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि 2014 के बाद से वामपंथी उग्रवाद में भारी कमी आई है।

डोभाल ने कहा, 2014 की तुलना में वामपंथी उग्रवाद अब 11 प्रतिशत से भी कम क्षेत्रों में सिमट गया है। जिन जिलों को पहले उग्रवाद प्रभावित घोषित किया गया था, उनमें से अधिकांश को अब सुरक्षित घोषित किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि भारत अब राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों का प्रभावी ढंग से जवाब देने में सक्षम हो गया है। “सिर्फ यह कहना पर्याप्त नहीं है कि हमने सुरक्षा उपाय किए हैं, बल्कि यह भी जरूरी है कि हर भारतीय खुद को आंतरिक और बाहरी दोनों ही खतरों से सुरक्षित महसूस करे,” डोभाल ने कहा।

एनएसए ने समाज के हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान और महिलाओं की सुरक्षा पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, “वंचित, कमजोर और हाशिए पर पड़े लोगों की देखभाल और उन्हें सशक्त बनाना आवश्यक है। आधुनिक शासन में महिलाओं को सुरक्षा, समानता और सशक्तिकरण की भावना देना सुशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।”

****************************

 

 

पर्यावरण संरक्षण की ओर बड़ा कदम, इस राज्य में प्लास्टिक की बोतलों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला

बेंगलुरू  01 Nov, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य भर के सभी सरकारी कार्यालयों और मीटिंग्स में प्लास्टिक पानी की बोतलों के उपयोग पर सख्त रोक लगाने का आदेश दिया है। अब सभी सरकारी कार्यक्रमों और दफ्तरों में पीने के लिए केवल पर्यावरण के अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

 मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले भी ऐसे निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब इस नियम को कड़ाई से लागू किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्षों को कहा गया है कि वे अपने-अपने विभागों में इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें और इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तुरंत जारी करें।

साथ ही, सिद्धारमैया ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सरकारी बैठकों, कार्यक्रमों और सचिवालय सहित सभी सरकारी कार्यालयों में राज्य की सार्वजनिक संस्था कर्नाटक मिल्क फेडरेशन (KMF) के ‘नंदिनी’ ब्रांड के डेयरी और खाद्य उत्पादों के उपयोग को अनिवार्य कर दिया है। अब इन आयोजनों में चाय, कॉफी, दूध और अन्य डेयरी उत्पाद केवल ‘नंदिनी’ से ही उपलब्ध होंगे।

सरकार का कहना है कि इन कदमों से न केवल पर्यावरण की सुरक्षा होगी, बल्कि राज्य के स्थानीय डेयरी उद्योग को भी मजबूती मिलेगी। सभी विभागों को आदेश का सख्ती से पालन करने और प्रत्येक बैठक एवं कार्यक्रम में इस नियम को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

सिद्धारमैया ने कहा, “राज्य भर के सभी सरकारी कार्यालयों और आधिकारिक बैठकों में पीने के पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलों की बजाय पर्यावरण के अनुकूल सामग्रियों का उपयोग किया जाना चाहिए।

इस निर्देश को कड़ाई से लागू करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।” इसके अलावा उन्होंने सभी विभागों को सचिवालय और अन्य सरकारी कार्यक्रमों में “सरकारी स्वामित्व वाले कर्नाटक दुग्ध संघ (KMF) के नंदिनी उत्पादों का अनिवार्य उपयोग” करने का निर्देश भी दिया।

**************************

 

भारत के इस राज्य में गरीबी हुई खत्म, CM ने खुद विधानसभा में किया ऐलान

नई दिल्ली 01 Nov, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को राज्य विधानसभा में घोषणा की कि केरल ने चरम गरीबी को समाप्त कर दिया है। वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार का दावा है कि ऐसा करने वाला केरल देश का पहला राज्य है।

मुख्यमंत्री ने यह ऐलान राज्य गठन दिवस के अवसर पर विधानसभा के विशेष सत्र में किया।

2021 में शुरू की गई चरम गरीबी उन्मूलन परियोजना के तहत राज्य सरकार ने 64,006 परिवारों को अत्यंत गरीब के रूप में चिन्हित किया था। इन परिवारों को चार वर्ष तक चलने वाली इस योजना के अंतर्गत आवास, भोजन, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सहायता दी गई।

स्थानीय स्वशासन मंत्री एम. बी. राजेश ने बताया कि नीति आयोग के अध्ययन में पहले ही यह पाया गया था कि केरल की गरीबी दर देश में सबसे कम 0.7% है। उन्होंने कहा, “हमने सर्वेक्षणों के जरिए 64,006 परिवारों के 1,03,099 व्यक्तियों को चरम गरीबी में पाया और उन्हें योजनाओं से जोड़ा।”

विपक्षी कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने सरकार के दावे को पूर्ण धोखाधड़ी बताते हुए सदन से वॉकआउट किया। विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन ने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान संसदीय नियमों का उल्लंघन है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विजयन ने कहा, “यूडीएफ जब धोखाधड़ी कहता है, तो वह अपने आचरण की बात कर रहा है। हमने वही किया है जो हमने कहा था।”

******************************

 

वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मची भीषण भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

श्रीकाकुलम 01 Nov, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में कार्तिक मास की एकादशी के पावन अवसर पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी, इसी दौरान मची भगदड़ में कम से कम 9 श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बेतहाशा बढ़ गया। एकादशी होने के कारण सुबह से ही मंदिर में हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।

अचानक हुई धक्का-मुक्की से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कई लोग नीचे गिर पड़े और भीड़ उन्हें कुचलती हुई आगे निकल गई।

चश्मदीदों का कहना है कि सुबह से ही मंदिर में भीड़ काफी बढ़ गई थी और श्रद्धालुओं की संख्या के मुकाबले पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण हालात बेकाबू हो गए।

जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जिला प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है और हालात पर काबू पाने के लिए मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भीड़ नियंत्रण में चूक कहां हुई।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

मैंने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं और स्थानीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा है।”

वहीं, केंद्रीय मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “एकादशी के दिन यह एक बड़ी त्रासदी हुई। हमारी सरकार घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार प्रदान कर रही है।

सूचना मिलते ही मैंने अधिकारियों, जिला मंत्री अत्चन्नायडू और स्थानीय विधायक गौथु सिरीशा से बात कर पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने के आदेश दिए हैं।”

****************************

 

भारत का राजकोषीय घाटा अप्रैल-सितंबर अवधि में पूरे वर्ष के लक्ष्य का 36.5 प्रतिशत रहा

नई दिल्ली  ,31 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। भारत का राजकोषीय घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों (अप्रैल-सितंबर अवधि) में 5.73 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो कि पूरे वर्ष के लिए बजट में निर्धारित लक्ष्य का 36.5 प्रतिशत है।

यह जानकारी शुक्रवार को सरकार की ओर से जारी किए गए डेटा में दी गई। आंकड़ों के मुताबिक, राजकोषीय घाटा फिलहाल नियंत्रण में है और इससे अर्थव्यवस्था के लिए स्थिर वृद्धि का रास्ता तैयार होता है।

अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल प्राप्तियां 17.30 लाख करोड़ रुपए रही हैं, जबकि कुल व्यय 23.03 लाख करोड़ रुपए रहा। यह 2025-26 के बजट में निर्धारित लक्ष्य का क्रमश: 49.5 प्रतिशत और 45.5 प्रतिशत था।

राजस्व प्राप्तियां 16.95 लाख करोड़ रुपए रही हैं, जिनमें से कर राजस्व 12.29 लाख करोड़ रुपए और गैर-कर राजस्व 4.66 लाख करोड़ रुपए रहा।

भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा केंद्र सरकार को 2.69 लाख करोड़ रुपए का लाभांश स्वीकृत किए जाने से गैर-कर राजस्व में वृद्धि हुई, जो पिछले वर्ष के ट्रांसफर 2.11 लाख करोड़ रुपए से अधिक है। इससे केंद्र सरकार को अपने राजकोषीय घाटे को और कम करने में मदद मिलेगी।

कुल सरकारी खर्च अप्रैल-सितंबर अवधि में 23 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि में 21.1 लाख करोड़ रुपए था।

यह राजमार्गों, बंदरगाहों और रेलवे क्षेत्रों में बड़ी इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर सरकार के बढ़ते खर्च को दर्शाता है, जो भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिकी टैरिफ उथल-पुथल से उत्पन्न बढ़ती आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच देश में आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025 के बजट में राजकोषीय घाटे का लक्ष्य सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 4.9 प्रतिशत रखा है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 5.6 प्रतिशत था।

घटता राजकोषीय घाटा अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। इससे सरकार की उधारी में कमी आती है, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में कॉर्पोरेट और उपभोक्ताओं को ऋण देने के लिए अधिक धनराशि बचती है, जिससे आर्थिक विकास में तेजी आती है।

****************************

 

नोएडा की अनुरक्षण व सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, कई निर्देश जारी

नोएडा 31 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय डॉ. लोकेश एम द्वारा नोएडा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर नोएडा की अनुरक्षण व सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नोएडा प्राधिकरण के ए0के0 अरोड़ा, महाप्रबन्धक (सिविल) व विजय रावल उप महाप्रबन्धक (सिविल) एवं वर्क सर्किल – 1,2,3,6 के वरिष्ठ प्रबन्धक एवं जनस्वास्थ्य विभाग -2 के परियोजना अभियन्ता उपस्थित रहे ।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय द्वारा भ्रमण के दौरान शहर के उद्योग मार्ग, एम.पी. – 1 मार्ग, एम.पी.-2 मार्ग, डी.एस.सी. मार्ग, जोनल रोड सं0-6 व 8 तथा सैक्टर – 8, 9, 11, सैक्टर-75, 76, 77, कैलाश अस्पताल के सामने वाले मार्ग इत्यादि क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी महोदय द्वारा दृष्टिगत हुई कमियों के निराकरण हेतु निर्देश दिए गए जैसे कि सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर सडक़ों पर उत्पन्न गड्ढों की मरम्मत हेतु बनाये गये पैच सडक़ के लेवल के बराबर नहीं है ।

इस सम्बन्ध में निर्देशित किया गया कि भविष्य में किये जाने वाले पैच – रिपेयर को सडक़ के लेवल पर बनाया जाये। सडक़ों पर विभिन्न स्थानों पर व्हीप – होल बन्द पाये गये, जिनकी सफाई करवाते हुए खुलवाने हेतु जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया ।

सैक्टर-1 में एक औद्योगिक भूखण्ड से नाले में सीवर प्रवाहित होता हुआ पाया गया,जिसके सम्बन्ध में सम्बन्धित औद्योगिक इकाई को नोटिस निर्गत करने हेतु वर्क सर्किल – 1 के वरिष्ठ प्रबन्धक को निर्देशित किया गया। साथ ही अन्य क्षेत्रों का भी निरीक्षण करते हुए नोटिस निर्गत की कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया ।

*****************************

 

सरकार का बड़ा फैसला- अब 10 साल पुरानी डीजल और 15 साल पुरानी पेट्रोल गाड़ियां नहीं होंगी स्क्रैप, मिलेगा NOC

नई दिल्ली 31 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)  राजधानी दिल्ली के वाहन मालिकों को रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब 10 साल से पुरानी डीज़ल गाड़ियों और 15 साल से पुरानी पेट्रोल गाड़ियों को स्क्रैप करने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है।

सरकार ने वाहन रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियमों में अहम संशोधन करते हुए पुराने वाहनों के लिए NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी करने की समय सीमा हटा दी है।

NOC मिलने के बाद वाहन मालिक अपनी गाड़ी को किसी दूसरे राज्य में दोबारा रजिस्टर करा सकते हैं, जहां ऐसी गाड़ियों पर बैन नहीं है। सरकार के इस कदम से न सिर्फ वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान से राहत मिलेगी, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर पुरानी गाड़ियों की संख्या भी घटेगी। इससे प्रदूषण कंट्रोल में भी मदद मिलेगी और गाड़ियों की स्क्रैपिंग को लेकर चल रही परेशानी भी कम होगी।

बता दें कि पहले नियम यह था कि अगर आपकी गाड़ी दिल्ली में रजिस्टर्ड है और उसकी उम्र 10 (डीजल) या 15 (पेट्रोल) साल से ज्यादा हो चुकी है, तो दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) केवल रजिस्ट्रेशन खत्म होने के एक साल के भीतर ही मिलती थी।

लेकिन अब इस एक साल की समय सीमा को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अब पुरानी गाड़ियों के मालिक कभी भी NOC के लिए आवेदन कर सकते हैं, चाहे गाड़ी का रजिस्ट्रेशन खत्म हुए कई साल क्यों न हो गए हों।

1 नवंबर से दिल्ली में नहीं चलेंगी ऐसी गाड़ियां

दिल्ली में तेजी से बढ़ते हवा के प्रदूषण को काबू करने के लिए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) के आदेश पर दिल्ली ट्रांसपोर्ट विभाग ने कड़ा कदम उठाया है।

1 नवंबर 2025 से राजधानी की सीमाओं पर BS-VI स्टैंडर्ड से पुरानी बाहरी राज्यों की कमर्शियल गाड़ियों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। विभाग लोगों को एसएमएस के जरिए इसकी जानकारी दे रहा है।

यह फैसला खासतौर पर सर्दियों में एयर क्वालिटी के खतरनाक लेवल पर पहुंचने से रोकने के मकसद से लिया गया। ट्रांसपोर्ट विभाग ने इस बारे में सार्वजनिक सूचना भी जारी कर दी है।

**************************

 

रेलवे स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंज़ूरी

नई दिल्ली 31 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) दीपावली व छठ पर्व पर यात्रियों के सुगम आवगमन हेतु नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया था जिसको यात्रियों द्वारा काफी सराहा गया।

इसी की सफलता को देखते हुए माननीय रेल मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्टेशन की तर्ज पर भारतीय रेलवे के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी होल्डिंग एरिया विकसित करने की योजना को मंज़ूरी दी है।

देश भर में भारतीय रेलवे के 76 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे। माननीय रेल मंत्री जी के निर्देशानुसार सभी होल्डिंग एरिया 2026 के त्यौहारी सीज़न से पहले ही बन कर तैयार किए जाने है।

उत्तर रेलवे के नामित स्टेशन:- नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हज़रत निज़ामुद्दीन, दिल्ली जं, गाजियाबाद, जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, लुधियाना, लखनऊ , वाराणसी, अयोध्या धाम, हरिद्वार। सहित 76 स्टेशनों की सूची है

***********************

 

अब सड़कों पर कचरा फेंका तो मिलेगा,रिटर्न गिफ्ट’, घर पहुंचेगा आपका ही कूड़ा और लगेगा इतना जुर्माना

बेंगलुरु ,31 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)।  ग्रेटर बेंगलुरु में अब सड़कों को गंदा करने वालों की खैर नहीं है। जो लोग अपने घर का कूड़ा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकते हैं, उनके लिए ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी ने सख्त और अनोखी मुहिम शुरू की है।

इस पहल के तहत जो व्यक्ति सड़क पर कचरा फेंकते पकड़े जाएंगे, उनका वही कचरा ‘रिटर्न गिफ्ट’ के रूप में उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। इसे गार्बेज डंपिंग फेस्टिवल नाम दिया गया है — जिसका उद्देश्य है, शहर को गंदा करने वालों को सबक सिखाना और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना।

‘स्वच्छता में लापरवाही अब नहीं चलेगी’

बेंगलुरु सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड के सीईओ करीगौड़ा ने बताया कि शहर में करीब 5,000 गाडिय़ां रोज़ाना घरों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र करती हैं। इसके बावजूद कई लोग खुले में कचरा फेंकने की आदत नहीं छोड़ते।

उन्होंने कहा, हमने सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए निगरानी बढ़ाई है और कई ऐसे लोगों के वीडियो मिले हैं जो सड़कों को कूड़ेदान बना रहे हैं। करीगौड़ा के अनुसार, जागरूकता बढ़ाने और अनुशासन कायम करने के लिए यह रिटर्न गिफ्ट नीति लागू की गई है। सड़क पर कचरा फेंकने वालों के घर जाकर सफाईकर्मी वही कचरा लौटाएंगे, साथ ही 2,000 का जुर्माना भी वसूला जाएगा।

सोशल मीडिया पर चर्चा

इस अनोखी मुहिम को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। कुछ लोग इसे स्वच्छ भारत की भावना को मज़बूत करने वाला कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे सख्त कार्रवाई मान रहे हैं।

करीगौड़ा ने कहा, यह कोई अजीबोगरीब गतिविधि नहीं है। हमारे कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को कचरा अलग-अलग करने के तरीके सिखा रहे हैं। सोशल मीडिया के ज़रिए भी जागरूकता फैलाई जा रही है।

शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने कई इलाकों में बड़े डस्टबिन लगाने का भी काम शुरू कर दिया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से उन इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है जहां लोग खुले में कचरा डालते हैं। करीगौड़ा ने कहा कि बेंगलुरु ‘गार्डन सिटी’ है और इसकी खूबसूरती बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

**************************

 

पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी और दामाद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाए, कोर्ट का पुलिस कमिश्नर को आदेश

गुरुग्राम ,31 अक्टूबर  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दो मरे हुए लोगों का प्लॉट बेचकर चार करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कोर्ट ने बड़ा आदेश सुनाया है।

कोर्ट ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की बेटी रोशनी बिश्नोई और दामाद अनूप बिश्नोई को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं। दोनों के गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए हैं।

कोर्ट ने पुलिस कमिश्नर को सख्त आदेश दिए हैं कि दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएं। रोशनी भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की बहन हैं।

बताया जाता है कि यह मामला 2016-17 का है। तब दो प्लाटों जिनमें एक की कीमत 1.60 करोड़ एवं दूसरे की कीमत 50 लाख के करीब थी। इन दोनों को बेचा गया था। इस मामले में 2 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

*****************************

 

आज भी 1984 के सिख विरोधी दंगों को याद करके सिहर उठता हूं: हरदीप पुरी

नई दिल्ली ,31 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। 31 अक्टूबर को 1984 सिख विरोधी दंगों की 41वीं बरसी पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि आज हम स्वतंत्र भारत के इतिहास के सबसे काले धब्बों में से एक की बरसी मना रहे हैं।

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि मैं आज भी 1984 के उन दिनों को याद करके सिहर उठता हूं, जब असहाय और निर्दोष सिख पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का बिना सोचे-समझे कत्लेआम किया गया था। उनकी संपत्तियों और धार्मिक स्थलों को कांग्रेस नेताओं और उनके साथियों के नेतृत्व में भीड़ ने लूट लिया था।

यह सब इंदिरा गांधी की नृशंस हत्या का ‘बदला’ लेने के नाम पर किया गया था। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, यह वह समय था जब पुलिस मूकदर्शक बनकर खड़ी रहने को मजबूर थी, जबकि सिखों को उनके घरों, वाहनों और गुरुद्वारों से बाहर निकाला जा रहा था और जिंदा जलाया जा रहा था। राज्य की मशीनरी औंधे मुंह गिरी हुई थी। रक्षक ही अपराधी बन चुके थे।

उन्होंने कहा, सिखों के घरों और संपत्तियों की पहचान के लिए मतदाता सूचियों का इस्तेमाल किया गया। कई दिनों तक भीड़ को रोकने की कोई कोशिश नहीं की गई। इसके बजाय, ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है’ वाले अपने बयान से प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सिखों के नरसंहार का खुला समर्थन किया।

कांग्रेस नेता गुरुद्वारों के बाहर भीड़ का नेतृत्व करते देखे गए, जबकि पुलिस भी खड़ी तमाशबीन बनी रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बनी संस्थाओं ने ही अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर इन नेताओं को खुली छूट दे दी।

उन्होंने आरोप लगाए, एक कांग्रेस विधायक के घर पर नेताओं ने बैठक की और फैसला किया कि सिखों को सबक सिखाना होगा। कारखानों से ज्वलनशील पाउडर और रसायन मंगवाए गए और भीड़ को दिए गए।

नानावती आयोग की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने लिखा, सालों बाद, नानावती आयोग (2005) ने इस सब की पुष्टि की, जिसने बहुत स्पष्ट रूप से कहा कि ‘कांग्रेस (आई) के नेताओं के खिलाफ विश्वसनीय सबूत हैं जिन्होंने भीड़ का नेतृत्व किया और हमलों को उकसाया।’ यहां तक कि उनकी अपनी रिपोर्ट ने भी वही पुष्टि की जो पीडि़त हमेशा से जानते थे।

कांग्रेस नरसंहार को रोकने में विफल नहीं रही। उसने इसे संभव बनाया। बाद में, कांग्रेस दशकों तक बेशर्मी से सिख विरोधी हिंसा को नकारती रही। उन्होंने अपराधियों को संरक्षण दिया और उन्हें इनाम के तौर पर अच्छी पोस्टिंग (यहां तक कि चुनाव लडऩे के लिए पार्टी टिकट भी) दी।

उन्होंने सिख दंगों के दौरान उनके घर पर हुए हमलों का भी जिक्र किया। केंद्रीय मंत्री ने लिखा, मेरी सिख संगत के अन्य सदस्यों की तरह, यह हिंसा मेरे घर के पास भी पहुंची।

मैं उस समय जिनेवा में एक युवा प्रथम सचिव के रूप में तैनात था और अपने माता-पिता की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित था, जो एसएफएस, हौज खास में एक डीडीए फ्लैट में रहते थे।

मेरे हिंदू दोस्त ने समय रहते उन्हें बचाया और खान मार्केट में मेरे दादा-दादी के घर की पहली मंजिल पर ले गए, जबकि दिल्ली और कई अन्य शहरों में अकल्पनीय हिंसा भड़की हुई थी।

इस दौरान हरदीप सिंह पुरी ने दंगों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और पीडि़त परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। उन्होंने कहा, यह समय समावेशी विकास और शांति के उस युग को महत्व देने का है, जिसमें हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रह रहे हैं।

आज भारत न सिर्फ अपने अल्पसंख्यकों को सुरक्षित रखता है, बल्कि बिना किसी पूर्वाग्रह या भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास भी सुनिश्चित करता है।

*******************************

 

रेलवे स्टेशनों पर अब ब्रश करना, बर्तन धोना और थूकना पड़ेगा महंगा, यात्रियों पर लगेगा भारी जुर्माना

नई दिल्ली 31 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) – अगर आप ट्रेन यात्रा के दौरान प्लेटफॉर्म पर लगे नल से ब्रश करते हैं या खाना खाने के बाद बर्तन धोते हैं, तो अब सावधान हो जाइए। रेलवे ने ऐसे यात्रियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेल अधिनियम 1989 के तहत स्टेशन परिसर में तय स्थानों को छोड़कर अन्य जगह ब्रश करना, थूकना, कपड़े या बर्तन धोना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में यात्रियों पर 500 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

स्वच्छता बनाए रखने के लिए रेलवे का विशेष अभियान

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वाणिज्य निरीक्षक प्रभारी डीडी शुक्ला ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय और वॉशरूम जैसे विशेष स्थान तय किए गए हैं।

उन्होंने कहा, “प्लेटफॉर्म पर लगे नलों या खुले स्थानों पर व्यक्तिगत स्वच्छता के कार्य करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य यात्रियों के लिए असुविधाजनक भी है।”

निरीक्षण और जुर्माने की कार्रवाई

शुक्ला ने बताया कि वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किए जा रहे हैं और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। जल्द ही सभी स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें ऐसे यात्रियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित शौचालयों और वॉश बेसिन का ही उपयोग करें।

साथ ही चिप्स के रैपर, बोतलें या अन्य कचरा ट्रेन या स्टेशन पर न फेंकें। रेलवे ने कहा है कि “स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है, नियम तोड़ने पर जुर्माना और यात्रा में परेशानी दोनों का सामना करना पड़ सकता है।”

***************************

 

Ranchi DC श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने किया निरीक्षण प्रखंड सह अंचल कार्यालय बुढ़मू का औचक निरीक्षण

कोई भी कर्मचारी बेवजह लोगों को ना दौड़ाए अगर कोई कर्मचारी जान-बुझ कर ऐसा करता हैं, तो उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी:- उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री

राँची,31.10.2025  – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को प्रखंड सह अंचल कार्यालय बुढ़मू का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अपर समाहर्ता राँची, श्री रामनारायण सिंह, अंचल अधिकारी, बुढ़मू , श्री सच्चिदानंद वर्मा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, श्री धीरज कुमार, उपस्थित थे।

कोई भी कर्मचारी बेवजह लोगों को ना दौड़ाए अगर कोई कर्मचारी जान-बुझ कर ऐसा करता हैं, तो उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जाँच की और सभी कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अंचल एवं प्रखंड कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके समाधान के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए जाएँ।

उपायुक्त ने कड़े शब्दों में कहा की कोई भी कर्मचारी बेवजह लोगों को ना दौड़ाए अगर कोई कर्मचारी जान-बुझ कर ऐसा करता हैं, तो उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुँचने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की चेतावनी दी।

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “यदि कोई कर्मचारी भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है और जाँच में इसकी पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल कार्यालय में उपस्थित आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि अन्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का निपटारा समयबद्ध तरीके से हो

उपायुक्त ने ये अपील की कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी शिकायतों का निपटारा समयबद्ध तरीके से हो। इस निरीक्षण का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना हैं।

****************************

 

25वां झारखंड राज्य स्थापना दिवस: कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारी हेतु महत्वपूर्ण बैठक

उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

सभी पदाधिकारियों को निर्धारित की गई जिम्मेदारियां

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण एवं अहम निर्देश दिए गए

रांची,31.10.2025 – उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची की अध्यक्षता में 31 अक्टूबर 2025 को 25वें झारखंड राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी सभागार में राज्य स्थापना दिवस में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की संपूर्ण तैयारी को लेकर जिला के सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु हर पहलू पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राँची, श्री राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त रांची श्री सौरव भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी श्री उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी रांची (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वर नाथ, पुलिस अधीक्षक नगर रांची श्री पारस राणा तथा जिला के अन्य सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर व्यवस्था को परिपूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन झारखंड की गौरवशाली विरासत, संस्कृति एवं विकास यात्रा का प्रतीक है, इसे भव्य एवं यादगार बनाने में सभी की पूर्ण प्रतिबद्धता अपेक्षित है।

सभी पदाधिकारियों को निर्धारित की गई जिम्मेदारियां

बैठक में कार्यक्रम के विभिन्न आयामों जैसे मंच व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, अतिथि सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, पार्किंग एवं आपातकालीन प्रबंधन आदि के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की गईं। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं दक्षता से करेंगे तथा किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण एवं अहम निर्देश

उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम के समय मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेराबंदी, प्रवेश-निकास द्वार, स्वागत कक्ष, मीडिया सेंटर, चिकित्सा व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए, जिनमें शामिल हैं:

1. स्टेडियम परिसर में पूर्ण स्वच्छता एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करना।

2. सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं सीसीटीवी निगरानी।

3. अतिथियों हेतु प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन।

4.यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्गों की योजना।

5. कार्यक्रम के दौरान जन सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था।

निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारियों के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन अत्यंत सफल एवं भव्य होगा।

झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी एवं अन्य आकर्षक आयोजन शामिल होंगे।

****************************

 

पेंशन दरबार-सह-सेवा निवृति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन

सेवानिवृत हुए कुल 10 शिक्षकों को मोमेंटो, शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया

जिला का यह कार्यक्रम जिसमें सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति के ही दिन सेवानिवृत्ति के सारे लाभ दे दिए गए

रांची, 31.10.2025 – जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त, रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में  31 अक्टूबर 2025 को कार्यालय कक्ष में पेंशन दरबार-सह-सेवा निवृति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

उपायुक्त द्वारा सेवानिवृत हुए कुल 10 शिक्षकों को मोमेंटो, शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया।

जानकारी हो की जिला का यह कार्यक्रम जिसमें सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति के ही दिन सेवानिवृत्ति के सारे लाभ दे दिए गए।

सेवा निवृत्ति होने वाले शिक्षक जिन्हें उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया

1.  श्रीमती अलका रानी देमता, स.शि. रा.उत्क्र.म.वि. जामचुआं, नामकुम

2. श्रीमती अमृता सहाय स.शि. रा.प्रा.वि. हेहल राँची-1

3. श्रीमती निर्मला एक्का, स.शि. रा.उत्क्र.म.वि. सिसई,

4. जे.एस.पी.डी. मिंज स.शि. रा.प्रा.वि. बनहारा, कॉके

5. श्रीमती मुक्ता कुमारी एक्का, स.शि. रा.उत्क्र.म.वि. सुतियाम्बे, काँके

6.  श्री सुरेन्द्र बारला, स.शि. रा.प्रा.वि. मेरही, कॉके

 7. श्रीमती सलोमी एक्का, स.शि. रा.उत्क्र.म.वि. सुगनु, लालगंज, काँके

8.  श्रीमती सरोजनी एक्का, स.शि. संत अलोईस मध्य विद्यालय राँची

 9. श्रीगती प्रभा कुजूर, स.शि. संत तेरेसा बा.म.वि. माण्डर

10. श्रीमती फुलकेरिया, भवरा, स.शि. निर्मला मध्य विद्यालय सामलौंग, राँची

उपायुक्त ने इस आयोजन में सभी सेवानिवृत हो रहे शिक्षकों को ढेर सारी शुभकामनाऐं देते हुए साथ ही उन्होंने कहा की आज सेवानिवृत्ति के ही दिन रिटायरमेंट बेनिफिट का सारा लाभ दिया जा रहा है, यह बहुत बड़ी बात है।

साथ उन्होंने सभी सेवानिवृत शिक्षकों से विशेष रूप से कहा की शिक्षकों को अपने आप को व्यस्त रखे।

उपायुक्त ने सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों शुभकामनाऐं देते भगवान से प्रार्थना करते हुए कहा की ईश्वर आपको लम्बी उम्र और अच्छा स्वास्थ्य दे। आप सभी को जीवन के अगली कड़ी के लिए शुभकामनाऐं आप सभी नए नए कार्यों में उपलब्धि पाए।

*****************************

 

बारिश में भी नहीं थमी आस्था, 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पूरी की 14 कोसी परिक्रमा

प्रभु राम की परीक्षा में भक्त हुए सफल, भोर से पहले ही शुरू हुई अयोध्या में परिक्रमा

मानवता का उदाहरण बने एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, बुजुर्ग महिला को कराया पार

बारिश में भी उमड़ा जनसैलाब, अब प्रशासन जुटा पंचकोसी परिक्रमा की तैयारी में

अयोध्या 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । रामनगरी अयोध्या में भारी बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने राम का नाम लेते हुए 14 कोसी परिक्रमा को पूरा किया। बारिश के दौरान भक्तों का यही कहना था कि प्रभु राम परीक्षा ले रहे हैं। इसमें सभी भक्त शत प्रतिशत पास हो गए। तकरीबन 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के परिक्रमा करने का अनुमान लगाया गया है।

परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। परिक्रमा मार्गों पर बड़ी संख्या में पुरुष व महिला पुलिस कर्मियों के साथ सादी वर्दी में भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ड्रोन से पूरे मेले की निगरानी की जा रही है। परिक्रमा एटीएस की निगरानी में शुरू होगी खास भीड़ भाड़ वाले स्थान परिक्रमा पथ पर सुरक्षा के इंतजाम हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासनिक अधिकारी मार्गों पर दिन भर भ्रमण करते दिखे।

अयोध्या में परिक्रमा शुरू करने का मुहूर्त गुरुवार की भोर में चार बजकर 40 मिनट पर था, लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहले ही परिक्रमा शुरू कर दी थी। रात भर चौदह कोसी मार्ग पर मेले जैसा माहौल रहा। 42 किलोमीटर की परिधि में जुड़वा शहर मानव श्रृंखला से घिरा रहा।धार्मिक मान्यता है कि 14 कोसी परिक्रमा को पूरा करने पर सात जन्मों का पुण्य प्राप्त होता है।अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक परिक्रमा का आयोजन आज भी अपनी परंपरा के मुताबिक होता है।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए परिक्रमा पथ पर बालू बिछाया गया था, ताकि नंगे पांव चलने वाले परिक्रमार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जगह-जगह पर खोया-पाया कैम्प लगाए गए हैं। परिक्रमा पूरी होने के साथ आस्था का समुद्र सरयू तट से प्रमुख मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए उमड़ने लगा।

वहीं परिक्रमा पूरी होते ही परिक्रमार्थियों की भीड़ पुण्य सलिला सरयू में डुबकी लगा स्नान-दान कर प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए जुट गई। प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन के साथ राम मंदिर में दर्शन पूजन का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर मार्गों पर भ्रमण करते दिखे।

परिक्रमा पथ पर जगह जगह भंडारे लगाए गए थे। समाजसेवी संगठनों व निजी संस्थाओं की तरफ से स्टाल भंडारे के स्टाल लगाए गए थे। पूरी सब्जी चावल व बुंदिया का वितरण भी किया गया। कई जगहों पर परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल भी बने थे, जहां पहुंच लोगों ने आराम भी किया।

इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य शिविरों का भी लाभ उठाया। वहीं परिक्रमा मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम अयोध्या की ओर से विशेष सफाई व्यवस्था की गई थी। कर्मचारियों की अतिरिक्त टीमों को चौबीसों घंटे तैनात रखा गया हैं। लगातार चल रहे सफाई अभियान के चलते श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण में परिक्रमा करने का अवसर मिला।

चौदह कोसी परिक्रमा करने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। अयोध्या मंडल से ही नहीं बल्कि अन्य जनपदों से भी श्रद्धालु अयोध्या में परिक्रमा करने पहुंचे थे। सीतापुर से आई लक्ष्मी ने बताया कि वह हर साल परिक्रमा के लिए आती हैं। अब तो रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं। भव्य दर्शन का सौभाग्य मिल जाता है।

प्रयागराज के स्वप्निल अपनी पत्नी के साथ आए थे। दोनों ने साथ में परिक्रमा की।मण्डल के जिलों के अलावा बहराइच, सीतापुर, कानपुर, लखनऊ, बरेली, गोंडा, प्रयागराज समेत अन्य जिलों के अलावा नेपाल से भी श्रद्धालु पहुंचे थे। चौदह कोसी परिक्रमा के दौरान अयोध्या में सेवा और संवेदना का सुंदर दृश्य देखने को मिला। परिक्रमा में शामिल एक बुजुर्ग महिला जब भीड़ और थकान से आगे बढ़ने में असमर्थ हुईं, तो अयोध्या एसपी ग्रामीण बलवंत कुमार चौधरी ने स्वयं पहल कर उन्हें व्हीलचेयर पर बैठाकर कुछ दूरी तक मार्ग पार कराया।

श्रद्धालुओं ने इस संवेदनशील पहल को पुलिस की मानवता और सेवा भावना का प्रतीक बताया। भीड़ के बीच यह दृश्य सभी को भावुक कर गया। एसपी ग्रामीण ने कहा हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा हमारी जिम्मेदारी है। वृद्धजन और महिलाएं इस यात्रा की आत्मा हैं, उनकी सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य है।

परिक्रमा का उत्साह युवाओं में देखा गया। टोलियों में पहुंचे युवाओं में सबसे पहले परिक्रमा कर लेने की होड दिखी। रुदौली से आए अर्जुन, अनिल व अजय ने साथ में परिक्रमा की। उन्होंने बताया कि उन लोगों ने पांच घंटे में ही परिक्रमा पूरी कर की। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं भी परिक्रमा करते देखी गईं।

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा।श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश के बावजूद परिक्रमार्थियों के पांव रुके नहीं। प्रशासन की तरफ से परिक्रमार्थियों के लिए सभी प्रबंध किए गए थे। अब पंचकोसी परिक्रमा को सकुशल पूरा कराने की तैयारी है।

***************************

 

हिमाचल में गिराई जाएगी संजाैली मस्जिद, कोर्ट ने सुनाया फैसला

शिमला 30 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में स्थित संजौली मस्जिद पूरी तरह से हटाई जाएगी। एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट यजुवेंद्र सिंह ने वक्फ बोर्ड और संजौली मस्जिद कमेटी की याचिका पर आज (गुरुवार को) फैसला सुनाया। मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जिला अदालत में चुनौती के बाद मस्जिद को तोड़ने का काम रोक दिया गया था।

गुरुवार को जिला अदालत ने भी संजौली मस्जिद का पूरा ढांचा गिराने के आदेशों को बरकरार रखा है। उल्लेखनीय है कि संजौली मस्जिद मामला करीब 16 साल तक शिमला के नगर निगम आयुक्त कोर्ट में चलता रहा। इस दौरान 50 से भी ज्यादा बार इस केस पर सुनवाई हुई। 31 अगस्त 2024 को शिमला के मेहली में दो गुटों में मारपीट के बाद से मस्जिद विवाद गरमाया।

1 और 5 सितंबर 2024 को शिमला में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। 11 सितंबर को संजौली-ढली में उग्र प्रदर्शन किया गया। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इससे हिंदू संगठन भड़क गए। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में भी प्रदर्शन शुरू हुए और लोग सड़कों पर उतरे।

**************************

 

जस्टिस सूर्यकांत देश के अगले CJI किए गए नियुक्‍त, बीआर गवई की लेंगे जगह

नई दिल्‍ली 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को देश का अगला मुख्य न्यायाधीश (CJI) नियुक्त किया गया है। वह 24 नवंबर 2025 को भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।

मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बी.आर. गवई 23 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। परंपरा के अनुसार, उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस सूर्यकांत के नाम की सिफारिश की थी।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने एक्‍स पर एक पोस्‍ट में लिखा, “भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत को 24 नवंबर 2025 से भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है। मैं उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

जस्टिस सूर्यकांत का 14 महीने का होगा कार्यकाल

हरियाणा के हिसार जिले में 10 फरवरी 1962 को मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे जस्टिस सूर्यकांत 24 मई, 2019 को सुप्रीम कोर्ट के में जज बने थे। उनका कार्यकाल 14 महीने का होगा और वे 9 फरवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। जस्टिस सूर्यकांत देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर दो दशकों के अनुभव के साथ आए हैं, जिसमें अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, लोकतंत्र, भ्रष्टाचार, पर्यावरण और लैंगिक समानता पर ऐतिहासिक फैसले शामिल हैं।

**************************

 

ईडी के छापे में 3 करोड़ नकदी व 10 करोड़ के आभूषण बरामद

कोलकाता 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) ।  बंगाल में नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में एक दिन पहले बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की राज्य के कई ठिकानों पर की गई छापेमारी में लेक टाउन स्थित एक कारोबारी के फ्लैट और तारातला इलाके के उसके गोदाम से करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी और 10 करोड़ मूल्य के सोने के आभूषण मिले हैं। सूत्रों के अनुसार, यह कारोबारी राज्य के एक मंत्री का बेहद करीबी है।

ईडी की कार्रवाई बुधवार सुबह से देर रात तक चली। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने नोट गिनने की मशीन मंगवाकर नकदी की गिनती की। जांच एजेंसी को संदेह है कि यह रकम नगर निगम में भर्ती से जुड़ी भ्रष्टाचार की कमाई का हिस्सा हो सकती है, जिसे गोदाम में छिपाया गया था।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, संबंधित व्यापारी के कई कारोबार हैं और वह चार से पांच कंपनियों के निदेशक के रूप में भी जुड़ा है। वर्ष 2004 से 2022 के बीच उसने कई क्षेत्रों में निवेश किया। उसके पास शहर में फ्लैट और कई लग्जरी वाहन हैं।

पूछताछ के दौरान संबंधित व्यापारी ने गोदाम में रखी गई नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे पहले भी नगर निगम भर्ती घोटाले के सिलसिले में ईडी ने राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु के दफ्तर, उनके पुत्र के रेस्तरां और दक्षिण दमदम नगर निगम के पार्षद निताई दत्ता के घर पर छापे मारे थे।

तब एजेंसी को करीब 45 लाख रुपये नकद मिले थे। उसी जांच के आधार पर कई व्यापारियों के नाम सामने आए, जिनमें यह व्यापारी भी शामिल है। इससे पहले मंगलवार को भी ईडी ने बेलेघाटा स्थित हेमचंद्र नस्कर रोड पर दो व्यवसायी भाइयों के घर और कार्यालय तथा प्रिंसेप घाट इलाके में एक वित्तीय कंपनी पर तलाशी ली थी।

एजेंसी का मानना है कि दक्षिण दमदम नगर निगम के तत्कालीन उपाध्यक्ष रहते हुए सुजीत बसु के कार्यकाल में एबीएस इंफोजेन नामक कंपनी को भर्ती से संबंधित कई अनुबंध दिए गए थे। यह कंपनी ओएमआर परीक्षा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालती थी।

*************************

 

जबतक शरीर में खून है आप लोगों के लिए लड़ते रहुंगीः ममता बनर्जी

सीएम ममता की लोगों से अपील, जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाए

कोलकाता 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज चुनावी सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर कहा है कि, जब तक मेरे मेरे शरीर में एक  बूंद भी खून है मै आप लोगों के लिए लड़ते रहुंगी।

सीएम ममता बनर्जी ने उक्त बात एसआईआर के कथित डर को  लेकर कथित तौर पर आत्महत्या की बढ़ रही घटनाओं पर कही। उन्होंने साफ कहा कि लोगों के अधिकार जिस तरह से नहीं छिने जा सकते वहीं किसी को उसके जन्मभूमि से बेदखल नहीं किया जा सकता है।

सीएम ममता ने साफ कहा कि, “जिन्होंने अपना पूरा जीवन इसी धरती पर बिताया है, उन्हें ही आज यह साबित करना पड़ रहा है कि वह इसी धरती की संतान है! मानवता के साथ इससे बड़ा विश्वासघात और क्या हो सकता है?” बता दे कि कथित तौर पर उत्तर 24 परगना के पानीहाटी, कूचबिहार के दिनहाटा और बीरभूम के इलमबाजार के बाद, राज्य में मतदाता सूची की विशेष गहन समीक्षा (एसआईआर) की घोषणा के बाद से 72 घंटों में तीन घटनाएं हुई हैं।

दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग और भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा, “हम भाजपा की दहशत, विभाजन और घृणा की राजनीति के दुखद परिणाम देख रहे हैं।”  उन्होंने ट्वीट किया कि खरदा के पानीहाटी निवासी प्रदीप कर (57) ने 27 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली।

उन्होंने पत्र में लिखा, “एनआरसी मेरी मौत के लिए ज़िम्मेदार है।” 28 अक्टूबर को कूच बिहार के दिनहाटा निवासी एक बुज़ुर्ग ने एसआईआर प्रक्रिया में उत्पीड़न के डर से अपनी जान देने की कोशिश की। और फिर आज, गुरुवार को, पश्चिम मेदिनीपुर निवासी क्षितिज मजूमदार (95) ने इलम बाजार में आत्महत्या कर ली—इस डर से कि उनकी जमीन छीन ली जाएगी, उनका अस्तित्व ही सवालों के घेरे में आ जाएगा।

साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों को समझाते हुए कहा, “किसी को भी उत्तेजित नहीं होना चाहिए, किसी को भी जल्दबाजी में कदम नहीं उठाना चाहिए। मां-माटी-जनता की सरकार आपके साथ है। हम बंगाल में किसी भी तरह से एनआरसी लागू नहीं होने देंगे—न तो सामने के दरवाजे से और न ही पिछले दरवाजे से।” सीएम ममता ने अमित शाह पर निशाना साधते हुए तीखा सवाल किया, “इस राजनीति से प्रेरित मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या केंद्रीय गृह मंत्री जिम्मेदारी लेंगे? क्या भाजपा में सच्चाई स्वीकार करने का साहस है.”

***************************

अखिलेश यादव बोले – बिहार में बदलाव तय, तेजस्वी के नेतृत्व में बनेगी इंडिया गठबंधन सरकार, भाजपा धोखेबाज पार्टी

गाजीपुर 30 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के साथ सैदपुर पहुंचकर विधायक अंकित भारती के विवाह समारोह में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है। खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर बढ़ने के लिए अब बिहार तैयार है।

उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और हम सब उनके साथ हैं। बिहार में नई ऊर्जा और नई दिशा के साथ विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार के साथ षड्यंत्र किया है। यह पार्टी चुनाव के वक्त इस्तेमाल करती है और बाद में धोखा देती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है, उसने बिहार की जनता को भी धोखा दिया है। जनता अब सब समझ चुकी है और इंडिया गठबंधन के साथ खड़ी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार की साख देश और विदेश दोनों में खत्म हो चुकी है। अमेरिका के राष्ट्रपति तक अब प्रधानमंत्री की नीतियों पर टिप्पणी कर रहे हैं और उनका मज़ाक बना रहे हैं। एक तरफ अमेरिका अपने उद्योग और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए टैरिफ बढ़ा रहा है, वहीं भाजपा सरकार चीन के साथ व्यापार बढ़ाकर देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर रही है।

चीन ने हमारे बाजारों पर कब्जा कर लिया है, जबकि भाजपा सरकार की नीतियों ने महंगाई और बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद और डीएपी नहीं मिल रही, सरकारी धान खरीद नहीं हो रही, बिचौलिए किसानों की मेहनत लूट रहे हैं।

समाजवादी सरकार में एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां बनाई जा रही थीं ताकि किसानों को फसल का उचित मूल्य मिल सके, लेकिन भाजपा सरकार ने उन कामों को रोक दिया। उन्होंने वादा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों की मदद की जाएगी, मंडियां बनेंगी और युवाओं को नौकरी व रोजगार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता को सिर्फ भाषणों में उलझाए हुए हैं। उत्तर प्रदेश में निवेश नहीं आ रहा, जबकि दक्षिण भारत के भाजपा शासित प्रदेशों में उद्योग लग रहे हैं। भाजपा समाज में झगड़े और नफरत फैलाने का काम कर रही है। अब भाजपा के इंजन आपस में ही टकराने लगे हैं।

मतदाता सूची में एसआईआर घोटाले के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव कर रही है। पीडीए समुदाय के मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है, लेकिन उनके बीच बीएलओ नहीं हैं। भाजपा पीडीए से घबराकर षड्यंत्र कर रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है और 2027 में इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग का दायित्व है कि वोटर लिस्ट निष्पक्ष रखे, लेकिन उपचुनावों और विधानसभा चुनावों में स्पष्ट भेदभाव दिखाई देता है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि केवल कपड़े पहन लेने से कोई योगी नहीं बनता, योगी होना व्यवहार और लोकभाषा से सिद्ध होता है।

महंगाई और किसानों की बदहाली पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि खाद, बीज, मजदूरी, बिजली सब महंगे हो गए हैं लेकिन गन्ने का मूल्य उसी अनुपात में नहीं बढ़ा। चीनी मिलों पर पिछले वर्ष का बकाया भुगतान तक बाकी है।

भाजपा सरकार किसानों की जेब काट रही है।इससे पहले गाजीपुर पहुंचने पर अखिलेश यादव और शिवपाल सिंह यादव का कार्यकर्ताओं ने फूल, मालाओं और गुलदस्तों से भव्य स्वागत किया। पूरा वातावरण समाजवादी नारों और उत्साह से गूंज उठा।

**************************

 

हर समय हर वक्त सच के साथ

Exit mobile version