रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर रांची में यातायात नियमों के उल्लंघन और वाहन संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी, रांची के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने दलादली, रिंग रोड एवं कांके रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 102 वाहनों की जांच की।

जांच के दौरान वाहनों के रोड टैक्स, फिटनेस प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस, परमिट और प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर चलने वाले ओवरलोडेड वाहनों पर भी विशेष नजर रखी गई।
अभियान के दौरान कुल 17 वाहनों में आवश्यक कागजात अपडेट नहीं पाए गए। वहीं, कुछ वाहनों में ओवरलोडिंग की भी पुष्टि हुई। परिवहन विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। इस दौरान कुल 4 लाख 21 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वहीं, आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण तीन वाहनों को जब्त कर कांके रोड स्थित टीओपी परिसर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें और निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही माल का परिवहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिले में आगे भी सघन वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी
*************************