Blood donation camp organized at BIT Mesra; over 400 units of blood collected

रांची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT), मेसरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से रिम्स एवं अन्य अस्पतालों के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 400 से अधिक यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के छात्र मामलों के डीन डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसलिए हम सभी को इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए और दूसरों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ओ.पी. पांडेय ने रक्तदान को एक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

शिविर में संस्थान के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 400 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीत कुमार, डॉ. संजीव तिवारी, डॉ. अभिजीत नाग, डॉ. प्रांजल कुमार और डॉ. सुमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष पुरुषोत्तम, महासचिव आनंद, संयुक्त सचिव रितेश और सौरव सहित अन्य कार्यकारी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ रक्तदान के महत्व का संदेश भी दिया।

**************************