Category Archives: news

1 रात में 9 करोड़ की शराब पी गए इस जिले के लोग, पूरे दिसंबर में बिक्री हुई करीब 140 करोड़

ग्रेटर नोएडा 02 जनवरी,(एजेंसी)। गौतमबुद्ध नगर जिले में नए साल का जश्न लोगों ने जमकर मनाया और 31 दिसंबर की रात पूरे जिले में 9 करोड़ की शराब तो पी गए। सिर्फ दिसंबर महीने में हुई शराब की बिक्री पिछले साल की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक रही। जिससे आबकारी विभाग के राजस्व में बढ़ोतरी हुई है।

31 दिसंबर, 2022 को सिर्फ शहरवासी 9 करोड़ की शराब गटक गए। जिसमें कंट्री लिकर, फॉरेन लिकर और बीयर शामिल है। वहीं अगर दिसंबर, 2022 की बात करें तो करीब 139.6 करोड़ की शराब जिले के लोग पी गए। रिकॉर्ड तोड़ शराब बिक्री से राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे का कारण पिछले 2 सालों से कोरोना की पाबंदियां के बाद मिली छूट का भी असर माना जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर के सहायक आबकारी आयुक्त आर बी सिंह ने बताया कि शहर में 98 बार लाइसेंस, 82 के करीब ओकेशनल लाइसेंस, 140 फॉरेन लिकर, 138 बीयर शॉप, 25 मॉडल शॉप, 231 देशी शॉप और 15 प्रीमियम रिटेल वेंडर की शॉप्स हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर, 2022 में कुल 139.6 करोड़ रुपए की बिक्री हुई है। पिछले साल के मुकाबले 23 फीसद लिकर की बिक्री ज्यादा हुई है। बिक्री से आबकारी विभाग की बल्ले बल्ले हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में शराब की तकरीबन 550 दुकाने हैं।

गौतमबुद्ध नगर शहरवासी 31 दिसंबर यानी नए साल पर 2,30,000 बल्क लीटर शराब पी गए। आबकारी विभाग के मुताबिक 31 दिसंबर को 9 करोड रुपए से ज्यादा की शराब शहरवासी पी गए। जिससे राजस्व में बढ़ोतरी हुई है।

इसके साथ ही साथ आबकारी विभाग ने कई जगह कार्रवाई भी की है। कार्रवाई की बात करें तो आबाकारी विभाग ने अवैध शराब बिक्री पर भी नकेल कसी है। जिसमें 82 जगहों पर कार्रवाई दिसंबर महीने में की गई है और 2512 लीटर शराब जब्त की गई है।

न्यू ईयर के लिए 82 अन्य जगहों पर भी 1 दिन से 3 दिन तक ऑकेशनल लाइसेंस लेकर जमकर पार्टी की गई है। जिसके चलते राजस्व में बढ़ोतरी हुई है और शराब की खपत बहुत ज्यादा हुई है। आबकारी विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक इन 82 लोगों ने 1 दिन से 3 दिन तक के ऑकेशनल लाइसेंस के लिए आबकारी विभाग में अप्लाई किया था। सारे मानकों को देखते हुए 1 दिन की 11 हजार की फीस लेकर आबकारी विभाग ने राजस्व वसूला। 1 दिन से 3 दिन तक के ऑकेजनल लाइसेंस दिया था। 10 लाख रुपए से ज्यादा का राजस्व ऑकेशनल लाइसेंस लेने से आबकारी विभाग को प्राप्त हुआ है।

*************************************

 

उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा, सुरक्षा एजेंसियों ने लिया जायजा

गाजियाबाद 02 जनवरी 2023 (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा  शुरू हो जाएगी। राहुल गांधी यात्रा के साथ दिल्ली के रास्ते यूपी में एंट्री करेंगे। प्रियंका गांधी भी उनके साथ रहेंगी। यूपी में उनकी 130 किमी की यात्रा 3 जिलों यानी गाजियाबाद, बागपत और शामली के 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। विभिन्न जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता गाजियाबाद पहुंचना शुरू हो गए हैं। वहीं, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने गाजियाबाद में डेरा डाल दिया है। सीआरपीएफ की एक टीम ने पूरे रूट का दौरा करके सुरक्षा व्यवस्थाएं देखी हैं।

बागपत में मवींकला गांव के पास दो लाख वर्ग फीट में जर्मन हैंगर टेंट लगाया गया है, जहां कार्यकर्ता नाइट स्टे करेंगे। राहुल भारत जोड़ो यात्रियों के लेकर दोपहर करीब 12 बजे लोनी बॉर्डर के रास्ते गाजियाबाद में एंट्री करेंगे। वे लोनी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को बागपत बॉर्डर के नजदीक द हरि कैसल रिजॉर्ट पर पहुंचकर नाइट स्टे करेंगे। वहीं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओँ के लिए इसी फॉर्म हाउस के सामने ईंट भट्टे के पास 2 लाख वर्ग फीट एरिया में जर्मन हैंगर लगाया गया है।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (ग्रामीण) ईरज राजा ने सोमवार सुबह यात्रा के रूट का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाएं देखी। इस रूट पर मंगलवार को सुबह से देर शाम तक किसी भी तरह का वाहन नहीं चलेगा। सुरक्षा के लिहाज से आस-पास के जिलों से भी पुलिस, एलआईयू और इंटेलिजेंस से जुड़े लोगों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

*******************************

 

पंजाब सीएम के घर के पास मिला बम , पुलिस ने पूरा इलाका किया सील

चंडीगढ़ 02 जनवरी 2023 (एजेंसी)। सेक्टर 2 में राजिंदरा पार्क में सोमवार को दोपहर जिंदा बम मिलने से इलाके में दहशत का माहौल हो गया। इस पार्क के पास ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान और हरियाणा के सीएम मनोहरलाल खट्टर के निवास हैं।

कुछ ही दूरी पर हेलीपेड भी, जहां पंजाब के सीएम का हेलीकॉप्टर लैंड करता है। खबर आने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। चंडीगढ़ पुलिस की अलग अलग टीमें बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड लेकर पहुंच गए हैं। तलाशी जारी है। बम को चारों तरफ से कवर दिया गया है। वहीं चंडीमंदिर में आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है।

आर्मी की बम डिस्पोजल टीम भी चंडीगढ़ पहुंच गई है। जानकारी के मुताबिक, राजिंदरा पार्क में आम के बाग में यह बम पड़ा हुआ मिला था। यह क्षेत्र केंद्र शासित प्रदेश के अधिकार क्षेत्र में आता है। इधर से गुजर रहे किसी राहगीर को यहां बम जैसी वस्तु दिखी थी।

इसकी सूचना उसने 100 नंबर पर पुलिस को दी। खबर लगते ही इस इलाके के पुलिस अधिकारी और चंडीगढ़ की डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंच गई है। जांच के बाद यहां एक जिंदा बम मिला है।

*******************************

 

नया साल, नई सरकार, मध्य प्रदेश कांग्रेस ने चुनावों के लिए पोस्टर अभियान शुरू किया

भोपाल  02 जनवरी,(एजेंसी)। नए साल की पूर्व संध्या पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भोपाल में राज्य पार्टी मुख्यालय के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगाया, जिसमें नया साल, नई सरकार का नारा दिया गया और पार्टी के राज्य प्रमुख कमलनाथ को मध्य प्रदेश का भविष्य का मुख्यमंत्री घोषित किया गया है। 31 दिसंबर को पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं के द्वारा व्यापम चौक के एक बस स्टॉप पर पोस्टर लगाया गया था। अगले दिन तक इसी तरह के पोस्टर भोपाल में अन्य स्थानों पर दिखाई दिए और अब पूरे राज्य में अभियान चलाया जा रहा है।

इसके अलावा, नया साल, नई सरकार और कांग्रेस का हाथ, कमलनाथ जैसे नारों वाले नए पोस्टर सामने आए हैं और ये पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि कांग्रेस अगले चुनावों में राज्य के चुनावों में जीत हासिल करेगी और भाजपा कहीं नहीं दिखाई देगी।

गांधी ने नए साल की पूर्व संध्या पर अपनी भारत जोड़ो यात्रा के हिस्से के रूप में नई दिल्ली में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि मैं इसकी गारंटी दे सकता हूं, आप इसे लिख सकते हैं और चुनाव परिणामों के बाद उस समय मुझे दिखा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इसका कोई सवाल ही नहीं है, भाजपा मध्य प्रदेश में कहीं नजर नहीं आएगी। मैंने सोचा था और कहा था कि महाराष्ट्र में हमें बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन मध्य प्रदेश में पूरी तरह से अंतधार्रा है, वहां कांग्रेस तूफान है।

इसके जवाब में प्रदेश भाजपा यूनिट ने यह कहकर कमलनाथ पर तंज कसा कि चुनाव करीब एक साल दूर हैं और उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री घोषित कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह कांग्रेस में ही हो सकता है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में दिग्विजय सिंह से पूछना चाहिए। उनके भाई लक्ष्मण सिंह पहले ही कांग्रेस विधायकों के प्रदर्शन पर सवाल उठा चुके हैं।

*******************************

 

बिहार : पूर्व कृषि मंत्री के बयानों को लेकर जदयू ने तेजस्वी को दी नसीहत

पटना  02 जनवरी,(एजेंसी)।  नए साल की शुरूआत में ही सत्ताधारी महागठबंधन के दो दल राजद और जदयू आमने सामने आ गए है। जदयू संसदीय बोर्ड के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने राजद के नेता तेजस्वी यादव से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह पर कार्रवाई करने को कहा है।
बिहार के पूर्व कृषि मंत्री और राजद के विधायक सुधाकर सिंह लगातार सरकार खासकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे है। इस बीच, जदयू के उपेंद्र कुशवाहा ने इन बयानों पर आपत्ति जताते हुए तेजस्वी यादव से कार्रवाई करने की मांग की है।

सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार को नाइट वॉचमैन कहा है। उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर कहा कि तेजस्वी यादव अपने विधायक को राजनीति में भाषाई मर्यादा सिखाइए। राजनीति में इसकी बड़ी अहमियत होती है।

उन्होंने कहा कि वे उस शख्सियत को शिखंडी कह रहे हैं, जिन्होंने बिहार को उस खौफनाक मंजर से मुक्ति दिलाने की मर्दानगी दिखाई थी, वह भी तब जब उसके खिलाफ कुछ भी बोलने के पहले लोग दाएं-बाएं झांक लेते थे।

ऐसे बयानों से प्रदेश की लाखों-करोड़ों जनता एवं वर्तमान जदयू और तत्कालीन समता पार्टी के उन हजारों कार्यकर्ताओं की भावना को चोट पहुंचती है, जिन्होंने उस दौर में नीतीश कुमार का साथ दिया, कुर्बानी दी।

कुशवाहा ने लिखा कि सुधाकर सिंह को बताईए, कम से कम बिहार को उस खौफनाक मंजर से बाहर निकालने जैसे कार्यों के लिए तो नीतीश कुमार को बिहार का इतिहास निश्चित ही याद करेगा। अब आप ही बताइए, अबतक जनता के आशीर्वाद से राज्य में सबसे अधिक बार मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने का रिकॉर्ड कायम करने वाले इतने बड़े नेता को कोई नाईट गॉर्ड कहे, यह बिहार की समस्त जनता का अपमान नहीं तो और क्या है?

उन्होंने अंत में कहा कि ऐसे बयानों पर जितनी जल्दी रोक लगे उतना श्रेयस्कर होगा। गठबंधन के लिए और शायद आपके लिए भी।

**************************

 

नोटबंदी पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला इस कदम को बरकरार रखने के तौर पर नहीं देखा जा सकता : माकपा

नई दिल्ली  02 जनवरी,(एजेंसी)। नोटबंदी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए माकपा ने कहा कि पांच सदस्यीय संविधान पीठ के फैसले की व्याख्या इस कदम को बनाए रखने के तौर पर नहीं की जा सकती। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की 500 और 1000 के नोट बंद करने के फैसला को सही बताया। जस्टिस अब्दुल नजीर की अध्यक्षता वाली 5 जजों की बेंच में 4 जजों ने पक्ष में फैसला सुनाया, लेकिन जस्टिस बीवी नागरत्ना ने फैसले पर असहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नोटबंदी कानून के माध्यम से होने चाहिए थी।

सीपीआई (एम) के पोलित ब्यूरो ने एक बयान में कहा, इस मामले में निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिया गया था, जिसने आरबीआई की राय मांगी थी। इसलिए, इस फैसले को लागू करने से पहले संसद की मंजूरी लेनी चाहिए थी।

पार्टी ने कहा कि बहुमत के फैसले में कहा गया है कि नोटबंदी का उन उद्देश्यों के साथ उचित संबंध था जिसे हासिल करने की कोशिश की गई थी और यह प्रासंगिक नहीं है कि उद्देश्य हासिल किया गया था या नहीं।

पार्टी ने कहा कि इस तरह का फैसला लेने के सरकार के कानूनी अधिकार को बरकरार रखते हुए यह बहुमत का फैसला इस तरह के फैसले के प्रभाव के बारे में कुछ नहीं कहता है। नोटबंदी के कारण करोड़ों लोगों को रोजगार देने वाली भारत की अनौपचारिक अर्थव्यवस्था तबाह हो गई। छोटे पैमाने के औद्योगिक क्षेत्र, एमएसएमई को पंगु बना दिया, जिससे करोड़ों लोगों की आजीविका नष्ट हो गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2016 में फैसले के बाद से एक महीने के अंदर 82 लोगों की जान चली गई।

सीपीआई (एम) ने कहा, काले धन का पता लगाने और इसे विदेशी बैंकों से वापस लाने, नकली मुद्रा को समाप्त करने, टेरर फंडिंग को समाप्त करने, भ्रष्टाचार को मिटाने और अर्थव्यवस्था में कैश की निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से लिए गया इस निर्णय से कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। इसके विपरीत, आरबीआई के अनुसार नोटबंदी की पूर्व संध्या पर जनता के पास मुद्रा 17.7 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर अब 30.88 लाख करोड़ रुपये हो गई है, यानी 71.84 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

सीपीआई (एम) ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का बहुमत का फैसला केवल इस तरह के निर्णय लेने के सरकार के अधिकार को बरकरार रखता है और किसी भी तरह से इस तरह के फैसले के परिणामों का समर्थन नहीं करता है.

**************************************

 

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजस्थान के राजभवन में संविधान उद्यान का लोकार्पण करेंगी

जयपुर 02 जनवरी,(एजेंसी)। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान एवं इससे जुड़े सौंदर्यीकरण कार्यों का 3 जनवरी मंगलवार को लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजभवन में कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मंगलवार प्रात: 11.20 बजे यहां स्थापित मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा एवं महाराणा प्रताप की अपने घोड़े चेतक के साथ विश्रान्ति मुद्रा में स्थापित प्रतिमा का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात वे संविधान पार्क का लोकार्पण एवं अवलोकन करेंगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री शांति धारीवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन शिरकत करेंगे।

राज्यपाल कलराज मिश्र की अभिनव पहल पर राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने 26 जनवरी, 2022 को राजभवन में संविधान उद्यान का शिलान्यास किया था।

*********************************

 

जेलर को धमकी देने का मामला : सुप्रीम कोर्ट ने मुख्तार अंसारी की सजा पर लगाई रोक

नई दिल्ली  02 जनवरी,(एजेंसी)।  2003 में एक जेलर को धमकी देने और उस पर पिस्तौल तानने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें यूपी के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी को दोषी ठहराया गया था और सात साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। अंसारी फिलहाल बांदा जेल में बंद हैं।

जस्टिस बी.आर. गवई और विक्रम नाथ की बेंच ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी और उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया। गैंगस्टर-राजनेता अंसारी ने हाईकोर्ट द्वारा उसे दोषी ठहराए जाने को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी।

हाईकोर्ट ने पिछले साल सितंबर में अंसारी को इस मामले में बरी करने के निचली अदालत के आदेश को रद्द कर दिया था। कोर्ट ने माना कि ट्रायल कोर्ट ने जेलर के सबूतों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया था और केवल उसकी जिरह पर विचार किया था। उन्होंने अंसारी को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 353, 504 और 506 के तहत दोषी पाया था।

हाईकोर्ट ने धारा 353 के तहत अपराध के लिए अंसारी को दो साल के सश्रम कारावास और 10,000 रुपये का जुर्माना और धारा 504 के तहत अपराध के लिए दो साल की जेल और 2,000 रुपये का जुर्माना और धारा 506 के तहत अपराध के लिए सात साल की जेल और 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया था।

ट्रायल कोर्ट का ²ष्टिकोण स्पष्ट रूप से गलत था और ट्रायल कोर्ट द्वारा पारित निर्णय और आदेश अस्थिर था।

2003 में, लखनऊ जिला जेल के जेलर ने एक एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि अंसारी से मिलने आए लोगों की तलाशी का आदेश देने के लिए उन्हें धमकी दी गई थी। जेलर ने यह भी दावा किया कि अंसारी ने उस पर पिस्तौल तान दी थी। निचली अदालत द्वारा अंसारी को बरी किये जाने के बाद राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय का रूख किया था।

*********************************

 

राजौरी में आतंक पीड़ित के घर में रहस्यमय विस्फोट में बच्चे की मौत

जम्मू 02 Jan (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सोमवार को एक बच्चे की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राजौरी जिले के डांगरी गांव में पीड़िता के घर में रहस्यमय विस्फोट हुआ जिसमें बच्चे की मौत हुई।

विस्फोट गांव में उस जगह पर हुआ जहां रविवार शाम को आतंकवादियों ने चार नागरिकों की हत्या कर दी थी और छह अन्य को घायल कर दिया था।

इस बीच, राजौरी कस्बे में आतंकी हमले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है।

बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी ने सोमवार को होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

************************

 

कांग्रेस विधायक के वीडियो मामले में एसपी को दिए कार्रवाई के निर्देश : गृह मंत्री

भोपाल 02 Jan (एजेंसी): मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि कांग्रेस विधायक द्वारा पिस्टल लहराने के मामले में अनूपपुर पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस विधायक द्वारा पिस्टल लहरा कर डांस करने से कोई भी अनहोनी हो सकती हैं। अनूपपुर एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

कोतमा विधायक सुनील जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे नए साल की एक पार्टी में हवाई फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही वे हवाई फायर करते हुए डांस भी कर रहे हैं। डॉ मिश्रा इसी वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

*************************

 

पन्ना में रिश्वत लेते पकड़ी गई थाना प्रभारी

पन्ना 02 Jan (एजेंसी): मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक थाने में पदस्थ थाना प्रभारी व एक आरक्षक को लोकायुक्त पुलिस की टीम ने पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है।

सागर लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार टीम ने देवेंद्र नगर थाना में थाना प्रभारी ज्योति सिकरवार और आरक्षक अमर सिंह बागरी को कल रात्रि 50 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आरती सिंह और एसडीओपी भी थाने पहुंच गये।

इस दौरान लोकायुक्त टीम और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई। थाने में कई घंटे तक चले इस ड्रामे और हंगामे के बीच पहले आरक्षक अमर सिंह बागरी और कुछ देर बाद थाना प्रभारी ज्योति सिकरवार लोकायुक्त टीम को चकमा देकर वहां से गायब हो गये।

लोकायुक्त टीम अपनी कस्टडी से भाग निकले आरक्षक और थाना प्रभारी को देर रात तक खोजती रही।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार खमरिया निवासी विनोद यादव ने लोकायुक्त में शिकायत की थी कि दउवन टोला निवासी उसके रिश्तेदारों की एफआईआर में धाराएं घटाने और दूसरे पक्ष पर बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगी जा रही है। थाना में लोकायुक्त टीम व पुलिस के बीच हुई झड़प के वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं।

***************************

 

 

शिवराज आज मंत्रियों के साथ बैठक कर तैयार करेंगे नए साल का रोडमैप

भोपाल 02 Jan (एजेंसी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज प्रदेश के मंत्रियों के साथ बैठक कर नए साल का रोडमैप तैयार करेंगे।

चौहान ने दो दिन पहले बताया था कि वे कई साल से वर्ष के अंत में शिर्डी जाते हैं और वहीं नए साल की कार्ययोजना बनाते हैं। शिर्डी से जाते ही अपने सारे मंत्रियों व अधिकारियों की संयुक्त बैठक करते हैं और वहीं से नए साल के रोडमैप पर सरकार का काम प्रारंभ हो जाता है।
इसी क्रम में आज वे मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।

इस संबंध में गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि आज मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे विकास और जनहित का रोडमैप तैयार करेंगे।

***************************

 

राजस्थान में बड़ा रेल हादसा, सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे पटरी से उतरे- कई यात्री जख्मी

जयपुर 02 Jan (एजेंसी): राजस्थान में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। बांद्रा से जोधपुर जाने वाली सूर्यनगरी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे पटरी से उतरे गए। यह हादसा पाली के राजकियावास के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 17 लोगों को चोट आई है। हालांकि अब तक किसी के जान जाने की सूचना नहीं मिली है। घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद एक यात्री ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, “मारवाड़ जंक्शन से प्रस्थान करने के पांच मिनट के भीतर ट्रेन के अंदर कंपन की आवाज सुनाई दी और दो-तीन मिनट के बाद ट्रेन रुक गई। हम नीचे उतरे और देखा कि कम से कम आठ स्लीपर क्लास के डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे। हालांकि 15 से 20 के अंदर घटनास्थल पर एंबुलेंस, रेलवे की टीम और पुलिस टीम आ गई। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कप्तान शशि किरण ने बताया कि आज सुबह करीब 3:30 बजे सूचना मिली कि सूर्यनगरी एक्सप्रेस रजकियावास और बोमदरा के बीच पटरी से उतर गया है। ट्रेन के करीब 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हालांकि किसी जनहानी की सूचना नहीं। उच्चाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं. राहत-बचाव कार्य जारी है। महाप्रबंधक- उत्तर पश्चिम रेलवे एवं अन्य उच्चाधिकारी जयपुर स्थित मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

**************************

 

जैन तीर्थ श्री सम्मेद शिखरजी को पर्यटन स्थल बनाने का विरोध

*दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद में सड़कों पर उतरे लाखों लोग*

नई दिल्ली 01 जनवरी,(एजेंसी)। झारखंड सरकार के खिलाफ सड़कों पर लोग उतार आये हैं। दरअसल, सरकार ने जैन समुदाय के तीर्थ स्थानों में से एक श्री सम्मेद शिखरजी  को पर्यटन स्थल घोषित किया, जिसके बाद से जैन समुदाय भड़क उठा और झारखंड सरकार को लेकर आक्रोश में है।

आज देश की आर्थिक राजधानी मुंबई सहित देश भर में झारखंड सरकार के इस फैसले को लेकर लोगों ने विरोध जताया। इतना ही नहीं, गुजरात के पलिताना में एक जैन मंदिर में तोडफ़ोड़ की भी घटना घटी थी। इन सबके खिलाफ भारी संख्या में लोग सड़कों पर विरोध प्रदर्शन के लिए उतरे। समाज के लोग दिल्ली के प्रगति मैदान और इंडिया गेट पर इकट्ठा हुए।

प्रदर्शनकारियों के एक डेलिगेशन ने इस संबंध में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ज्ञापन दिया है। इस मामले में प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वो झारखंड सरकार के सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने के खिलाफ है। यह जैन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। इससे तीर्थ को नुकसान होगा। प्रदर्शनकारी झारखंड सरकार से फैसला बदलने की मांग कर रहे हैं।

इस मसले को लेकर जैन समुदाय के लोग 26 दिसंबर से देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं, रविवार को यह प्रदर्शन तेज हो गए। झारखंड का हिमालय माने जाने वाले इस स्थान पर जैनियों का पवित्र तीर्थ शिखरजी स्थापित है।

इस पुण्य क्षेत्र में जैन धर्म के 24 में से 20 तीर्थंकरों ने मोक्ष की प्राप्ति की।

यहां पर 23वें तीर्थकर भगवान पार्श्वनाथ ने भी निर्वाण प्राप्त किया था।

**************************

 

नए साल पर एलपीजी सिलेंडर के दाम में 25 रुपये की बढ़ोतरी, महंगा होगा बाहर खाना खाना

नई दिल्ली 01 जनवरी,(एजेंसी)। 2023 में बाहर खाना खाना अब महंगा हो जाएगा, क्योंकि तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने नए साल के पहले दिन रविवार को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 25 रुपये की बढ़ोतरी की। नई दरें इसी दिन से लागू हो गई हैं।

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर कीमतों में बढ़ोतरी के साथ नई दिल्ली में इसकी कीमत 1,768 रुपये प्रति सिलेंडर होगी।

मुंबई में एक वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,721 रुपये होगी, जबकि कोलकाता और चेन्नई में इसकी कीमत क्रमश: 1,870 रुपये और 1,917 रुपये प्रति सिलेंडर होगी।

****************************

 

तमिलनाडु में सहपाठियों के उत्पीडऩ के चलते 80 आदिवासी छात्रों ने छोड़ा स्कूल

चेन्नई 01 जनवरी,(एजेंसी)। तमिलनाडु के तंजावुर जिले में कम से कम 80 आदिवासी छात्रों ने अपने सहपाठियों द्वारा कथित रूप से अपमानित किए जाने और उनका मजाक उड़ाए जाने के बाद स्कूल जाना बंद कर दिया है। छात्र नारिकुरवा समुदाय के हैं। जिला शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, अन्य छात्र उनकी अजीबोगरीब बोली और तौर-तरीकों को लेकर उनका मजाक उड़ाते हैं, जिसके कारण छात्रों को स्कूल छोडऩा पड़ा।

तंजावुर जिले के अधिकारियों के अनुसार, आंगनवाड़ी कर्मचारियों, पुलिस, चाइल्डलाइन, एकीकृत स्कूल शिक्षा विभाग और ब्लॉक संसाधन शिक्षकों के सहयोग से जिले में एक सर्वेक्षण के बाद छात्रों की पहचान की गई।

टीम ने जिले में ड्रापआउट पर एक स्टडी में पाया कि पिछले शैक्षणिक वर्ष में 1,700 छात्रों ने स्कूल छोड़ दिया था। टीम ने पाया कि नारिकुरवा समुदाय के 80 छात्रों ने स्कूल आना बंद कर दिया।

शिक्षकों ने बताया कि छात्र नारिककुरुवा बस्ती के मेला उल्लूर गांव से थे और वे प्राइमरी सेक्शन में पढ़ रहे थे।

छात्रों को स्कूल तक पहुंचने के लिए जंगल से होकर पानी की धाराओं और जंगली जानवरों को पार करना पड़ता है, लेकिन उनके साथी छात्रों ने उनका मजाक बनाया, जिसके बाद उन्होंने स्कूल जाना बंद कर दिया।

तंजावुर जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि जिला अधिकारी उनके आवास में एक स्कूल स्थापित करने की योजना बना रहे हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके निवास स्थान के आसपास एक स्कूल था, लेकिन कोविड-19 महामारी के दौरान इसे बंद कर दिया गया और अधिकारी अब इस स्कूल को फिर से शुरु करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि छात्रों को उचित शिक्षा मिल सके।

*******************************

 

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों ने अंधाधुंध बरसाई गोलियां, दो लोगों की मौत, चार घायल

श्रीनगर 01 जनवरी,(एजेंसी)। आज देर शाम जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के डांगरी गांव में आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई वही, चार लोग घायल हो गए।

जानकारी मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना स्थल पर पहुंचे टीम ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

सीआरपीएफ के बंकर पर ग्रेनेड फेंका, नागरिक घायल

उधर, श्रीनगर के हवाल चौक में रविवार को आतंकियों ने सीआरपीएफ की 28 बटालियन के बंकर पर ग्रेनेड से हमला किया। उनका निशाना चूक गया और ग्रेनेड सड़क पर फट गया। इससे एक नागरिक समीर अहमत मल्ला घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है।

****************************

 

CM धामी का ऐलान, पंत की जान बचाने वालों को इस खास दिन सम्मानित करेगी उत्तराखंड सरकार

देहरादून 01 Jan (एजेंसी): ऋषभ पंत की कार हादसे में जान बचाने वाले हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर सुनील कुमार और कंडक्टर परमजीत को उत्तराखंड सरकार ने सम्मानित करने का फैसला किया है। उत्तराखंड के सीएम धामी के इस बात का ऐलान किया है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार इन दोनों को 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के दिन सम्मानित करेगी। धामी ने कहा, हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर और कंडक्टर ने क्रिकेटर ऋषभ पंत की जिंदगी बचाई।

हमने उन्हें 26 जनवरी को सम्मानित करने का फैसला किया है। पंत की जान बचाने के लिए इससे पहले हरियाणा राज्य परिवहन निगम ने ड्राइवर सुनील कुमार और कंडक्टर परमजीत को सम्मानित किया था।

गौरतलब है कि बीते दिनों दिल्ली-देहरादून हाइवे पर भारतीय क्रिकेटर पंत की कार का ऐक्सिडेंट हो गया था, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची थी। पंत फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

ऋषभ पंत को सिर और घुटने में गंभीर चोटें आईं हैं। इसके अलावा पीठ और पैर के कुछ हिस्सों में भी चोटें आईं। इस हादसे के बाद हरियाणा रोडवेज बस के चालक और परिचालक ने मसीहा बनकर ऋषभ पंत की जान बचाई थी। दोनों ने सबसे पहले बस रोककर ऋषभ पंत को कार से दूर किया। इसके बाद ऐंबुलेंस को फोन कर उन्हें अस्पताल भेजा।

******************************

 

 

कमलनाथ ने प्रदेशवासियों को दी नई वर्ष की शुभकामनाएं

भोपाल 01 Jan (एजेंसी): मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नव वर्ष 2023 के लिए प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दी हैं।

कांग्रेस की ओर जारी विज्ञप्ति के अनुसार कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता से कहा कि हम सब ‘नया साल, नई सरकार’ का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश गंगा जमुनी तहजीब का प्रदेश है। यही भारत का ऐसा प्रदेश है, जहां इतनी बड़ी संख्या में आदिवासी भाई बहन रहते हैं, अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं और सभी धर्म और सभी जातियों के लोग रहते हैं। हमारे आपसी प्रेम और सौहार्द के कारण ही मध्य प्रदेश को शांति का टापू कहा जाता है।

कमलनाथ ने कहा कि हम सब मिलकर 2023 में प्रदेश में नई सरकार बनाएंगे प्रदेश की नई पहचान बनाएंगे और स्वर्णिम मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे। सभी प्रदेशवासियों को नव वर्ष की अनंत शुभकामनाएं।

*****************************

 

बुरी ताकतों से जूझ रही है तृणमूल : अभिषेक

कोलकाता 01 जनवरी,(एजेंसी)। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पार्टी एक मजबूत ताकत बन गई है जो देश में बुरी ताकतों से लड़ रही है।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री बनर्जी ने कहा, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में, मैंने इसे देश भर में अपने पकड़ का विस्तार करने के लिए अपना मिशन बना लिया। हम एक दुर्जेय ताकत बन गए हैं जो इस देश में बुरी ताकतों से लड़ रही है।
उन्होंने कहा वर्ष 2022 मेरे लिए बहुत कुछ सीखने और व्यक्तिगत विकास में से एक रहा है। श्री बनर्जी ने कहा, मैंने साल की शुरुआत मां त्रिपुरेश्वरी के आशीर्वाद से की, जिन्होंने मुझे पूरे साल नकारात्मकता से लडऩे की ताकत दी।

पार्टी महासचिव ने कहा मुझे अपने विरोधियों के निरंकुश उत्पीडऩ और निशाने का सामना करना पड़ा। हालांकि, मेरी मां-माटी-मानुष के आशीर्वाद ने मुझे डटे रहने की ताकत दी। मुझे लगता है कि यह मेरे लिए एक बड़ी सीख रही है कि चाहे आपके रास्ते में कितने भी हमले क्यों न हों, अखंडता आपको अपने सिर के साथ विजयी होने में मदद करेगी।

**************************

 

अमित शाह ने अगले कर्नाटक चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले से किया इनकार

बेंगलुरू 01 जनवरी,(एजेंसी)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में अगले विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय लड़ाई की संभावना से इनकार किया और लोगों से देशभक्तों या टुकड़े-टुकड़े गिरोह से जुड़ी पार्टियों में से एक को चुनने का फैसला करने की अपील की।

शाह ने कहा कि कर्नाटक में अगले साल होने वाले चुनाव में त्रिकोणीय नहीं बल्कि सीधी लड़ाई है। यहां बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, यहां दो खेमे हैं, लेकिन इस बार सीधी लड़ाई है। कोई त्रिकोण लड़ाई नहीं है, क्योंकि जेडीएस को वोट देने का मतलब कांग्रेस को वोट देना है।

उन्होंने कहा, ”क्योंकि, चुनाव से पहले वे एक-दूसरे के खिलाफ लड़ते हैं, लेकिन नतीजों के बाद वे इलू इलू करते हैं और सरकार बनाते हैं। इसलिए, क्या यह सीधी लड़ाई नहीं है? शाह ने कहा कि बीजेपी राज्य में अकेले चुनाव लड़ेगी और अपने दम पर सरकार बनाएगी।

उन्होंने कहा, जेडीएस अफवाह फैला रही है कि भाजपा उसके साथ आएगी और सरकार बनाएगी। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम किसी पार्टी के साथ नहीं जा रहे हैं। हम अकेले लड़ेंगे और अपने दम पर सरकार बनाएंगे।

उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे या तो देशभक्तों की पार्टी चुनने का फैसला करें या फिर देश में टुकड़े-टुकड़े गैंग से जुड़ी पार्टियों को।

**********************************

 

प्रधानमंत्री 12 जनवरी को 26वें राष्ट्रीय युवा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

धारवाड़ 01 जनवरी,(एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी धारवाड़ जिले में 13 से 16 जनवरी के बीच आयोजित होने वाले 26वें चार दिवसीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। धारवाड़ जिले के उपायुक्त गुरुदत्त हेगड़े ने यह जानकारी दी। यह पहली बार है कि कर्नाटक राज्य के इस हिस्से में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

गुरुदत्त हेगड़े ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर से 7500 से अधिक युवा कलाकार सम्मेलन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित युवा सम्मेलन के व्यवस्थित, अनुशासित और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए तेजी से तैयारी चल रही है और 17 विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और प्रतिभागियों और मेहमानों के स्वागत के लिए उनके बीच कार्य वितरित किए गए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जनवरी 22 को हुबली शहर के रेलवे मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में युवा महोत्सव के उद्घाटन की घोषणा करेंगे, वहीं महोत्सव की विभिन्न गतिविधियां कैंपस मैदान में आयोजित की जाएंगी।

*******************************

 

वयस्क एक साथ रहने को स्वतंत्र : हाईकोर्ट

प्रयागराज 01 जनवरी,(एजेंसी)। इलाहाबाद उच्च न्यायालय (एचसी) ने कहा है कि दो वयस्क एक साथ रहने के लिए स्वतंत्र हैं और किसी भी व्यक्ति को उनके शांतिपूर्ण ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

इस फैसले में कोर्ट ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक लड़की के पिता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी को रद्द कर दिया। न्यायमूर्ति सुनीत कुमार और न्यायमूर्ति सैयद वाइज मियां की इलाहाबाद उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि आपसी सहमति के साथ दो वयस्कों के बीच लिव-इन रिलेशनशिप वैध है।

खंडपीठ ने कहा कि एस. खुशबू बनाम कन्नियाम्मल के ऐतिहासिक मामले में शीर्ष अदालत ने कहा है कि लिव-इन रिलेशनशिप भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार के दायरे में आता है।

*********************************

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर दी नववर्ष की शुभकामनाएं, लिखा- आपका 2023 शानदार हो!

नई दिल्ली,01 जनवरी (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नववर्ष की शुभकामनाएं दी. प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर शुभकामनाएं देते हुए लिखा- आपका 2023 शानदार हो !.

यह आशा, खुशी और ढेर सारी सफलता से भरा हो.

सभी को अद्भुत स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले.

*****************************