Category Archives: news

हरियाणा में पूर्व विधायक रमेश गुप्ता समेत 2 दर्जन नेताओं ने ज्वाइन की कांग्रेस

चंडीगढ़ 22 Feb, (एजेंसी) । हरियाणा कांग्रेस में अन्य दलों से बड़े नेताओं की बंपर जॉइनिंग का दौर जारी है। आम आदमी पार्टी छोड़कर लाडवा से पूर्व विधायक रमेश गुप्ता, जेजेपी के पूर्व नेता व हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के पूर्व चेयरमैन अमीरचंद चावला, आम आदमी पार्टी की तरफ से यमुनानगर मेयर का चुनाव लड़ चुके संदीप गोयल और इनेलो किसान सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष महिपाल राणा समेत 2 दर्जन नेताओं ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस का दामन थामा।

इन नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। दोनों नेताओं ने पार्टी में शामिल होने पर सभी का स्वागत किया और पूरे मान-सम्मान का भरोसा दिलाया। जॉइनिंग का यह कार्यक्रम ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान को लेकर हुई पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक से पहले हुआ। बैठक में अभियान के लिए नियुक्त सभी जिला प्रभारी, जिला और ब्लॉक के को-ऑर्डिनेटर्स शामिल हुए।

बैठक में एआईसीसी की तरफ से नियुक्त हरियाणा के संयोजक सुभाष चोपड़ा ने कहा कि वो जब भी हरियाणा आते हैं, हर बार बड़ी तादाद में पार्टी में ज्वाइनिंग देखने को मिलती है। इससे पता चलता है कि हरियाणा की हवा कांग्रेस के पक्ष में चल रही है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वो जनता के बीच जाएं तो भाजपा की कुनीतियों को उजागर करने के साथ भविष्य में कांग्रेस सरकार बनने पर होने वाले विकास कार्यों का रोड मैप भी दें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के जरिए पार्टी को जो मोमेंटम मिला है, वह कम नहीं होना चाहिए। राहुल गांधी द्वारा नफरत की राजनीति के खिलाफ दिया गया मोहब्बत का यह संदेश घर-घर तक पहुंचाना कांग्रेसजनों की जिम्मेदारी है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस मौके पर कहा कि चुनाव और युद्ध में हार-जीत का फैसला फौज की मजबूती करती है। कांग्रेस के पास अपने कार्यकर्ताओं की मजबूत फौज है। भारत जोड़ो यात्रा की सफलता ने साबित कर दिया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह में हैं। इसी जोश के साथ वह ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान को भी सफल बनाएंगे। जनभावनाओं से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने वाली है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जनता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ जाती है। प्रत्येक कार्यकर्ता अभी से जनता के मुद्दों के प्रति सजगता रखे। प्रदेश को फिर से विकास के हर पैमाने पर देश में नंबर वन बनाना हमारा लक्ष्य होगा।

चौधरी उदयभान ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता 14 वादों के साथ जनता के बीच में जाएंगे। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम देने, बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन देने, कटी हुई पेंशन व बीपीएल कार्ड दोबारा बहाल करने, परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी का झंझट खत्म करने, खाली पड़े पदों पर पक्की भर्तियां करने, कौशल रोजगार निगम को खत्म करने, बैकलॉग भरने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, पुरानी खेल नीति लागू करने जैसे मुद्दे कांग्रेस के वादों में शामिल हैं। उदयभान ने कहा कि राहुल गांधी के सवालों और छत्तीसगढ़ में होने वाले कांग्रेस के अधिवेशन से बीजेपी घबराई हुई है। इसी बौखलाहट में वहां छापेमारी करवाई जा रही है।

****************************

 

SOG जांच में संजीवनी घोटाले में प्रमाणित हुआ है गजेन्द्र सिंह शेखावत का जुर्म- अशोक गहलोत

जयपुर 22 Feb, (एजेंसी)  । सीएम अशोक गहलोत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह पर पलटवार करके आरोप लगाया है कि केन्द्रीय मंत्री शेखावत संजीवनी को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड घोटाले के मामले में जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं जबकि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के अनुसंधान में अन्य गिरफ्तार किए जा चुके अभियुक्तों के समान धाराओं में ही उनके ऊपर जुर्म प्रमाणित हो चुका है. वो स्वयं इस बात को अच्छे से जानते हैं ।

गहलोत ने कहा कि वो जानते हैं कि 1 लाख से अधिक पीड़ितों की जिंदगीभर की जमापूंजी के करीब 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को संजीवनी सोसाइटी ने लूटा है. इस मामले में प्रोपर्टी अटैच करने के अधिकार SOG के पास ना होकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के पास हैं. SOG ने गत 2 वर्षों में ED को 5 बार संजीवनी सोसाइटी से जुड़ी प्रोपर्टी अटैच करने का आग्रह किया है परन्तु देशभर में विपक्षी नेताओं के घर छापे मारने वाली ED ने अभी तक कार्रवाई कर संजीवनी घोटाले के आरोपियों की प्रोपर्टी तक अटैच नहीं की है ।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री हैं, यदि बेकसूर हैं तो गरीबों का पैसा वापस दिलवाने के लिए आगे क्यों नहीं आते? सेंट्रल रजिस्ट्रार ने इस मामले में एक लिक्विडेटर नियुक्त किया है परन्तु वो तब ही पीड़ितों का पैसा लौटा पाएगा जब संजीवनी सोसाइटी की प्रोपर्टी अटैच होकर वहां से पैसे की रिकवरी होगी. केन्द्र सरकार को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जिसमें राजस्थान सरकार पूरा सहयोग करेगी ।
उन्होंने कहा कि संजीवनी घोटाला पीड़ित संघ के लोग करीब 6 महीने पहले जयपुर में मुख्यमंत्री निवास एवं 2 दिन पहले जोधपुर सर्किट हाउस में मेरे से मिले थे । उनकी बातें सुनकर मैं भी भावुक हो गया कि किस प्रकार उन्हें झांसे में लेकर उनकी मेहनत की जमा पूंजी लूटी गई । कई पीड़ितों के तो करोड़ों रुपये इस घोटाले में डूब गए हैं । मेरे पास सभी पीड़ितों की बातों की वीडियो रिकॉर्डिंग है जिसमें उनका दर्द फूट रहा है. अगर नैतिक साहस है तो गजेन्द्र सिंह को उनकी बातें सुननी चाहिए और समझना चाहिए कि उन्होंने कितना बड़ा अपराध किया है. केन्द्रीय मंत्री होने के नाते ED से अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं करवा पाए इसका जवाब जनता को देना होगा. राजस्थान सरकार पीड़ितों को इंसाफ सुनिश्चित करने के लिए लगातार ED से संपर्क साधेगी ।

*****************************

 

आजम खान के समर्थन में सपा विधायकों ने पहनी शेरवानी

लखनऊ 22  Feb, (एजेंसी) । समाजवादी विधायक बुधवार को शेरवानी पहनकर उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचे। सपा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव भी लाल टोपी के साथ काली शेरवानी पहने नजर आए।

विधायकों ने कहा कि यह उनके नेता मोहम्मद आजम खान को समर्थन देने का उनका तरीका था, जिन्होंने न केवल राज्य विधानसभा की सदस्यता खो दी है बल्कि मतदान का अधिकार भी खो दिया है।

आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी अपनी सदस्यता और मतदान का अधिकार खो दिया है।

विधायकों ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार व्यक्तिगत प्रतिशोध के कारण आजम खां और उनके परिवार को लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रही है।

**************************

 

कलाई को मजबूती देने में मदद कर सकती हैं ये 5 आसान एक्सरसाइज

22.02.2023  (एजेंसी)  – अगर आपकी कलाई चोट, दर्द या कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी समस्याओं के लिए अतिसंवेदनशील हैं तो इसे मजबूत करने वाली एक्सरसाइज आपको बहुत लाभ पहुंचा सकती हैं। अच्छी बात है कि इन एक्सरसाइज से कलाई पर दबाव नहीं पड़ता है और इसके लचीलेपन में भी सुधार होता है।

आइए आज हम आपको पांच तरह की कलाई की एक्सरसाइज के बारे में बताते हैं, जिन्हें घर पर करना आसान है। रिस्ट सर्कलसबसे पहले एक्सरसाइज मैट पर अपनी पीठ को सीधा रखते हुए बैठें या खड़े हो जाएं। अब अपने हाथों को कंधे के समान आगे की ओर बढ़ाएं और प्रत्येक हथेली से मु_ी बनाएं। इसके बाद अपनी कोहनियों को स्थिर रखते हुए अपनी कलाइयों को बाईं ओर मोड़ें, फिर उन्हें ऊपर की ओर मोड़ें। अब मु_ी को दाईं ओर मोड़ें और फिर नीचे की ओर झुकाएं। इसी तरह मु_ी को क्लॉकवाइज और एंटी-क्लॉकवाइज में 8’0 बार दोहराएं।

रिस्ट स्ट्रेचिंग रिस्ट स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज का अभ्यास भी कलाई के दर्द से लेकर कई समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकता है। इसके लिए अपने एक हाथ को सामने की तरफ करते हुए दूसरे हाथ से उसकी उंगलियों को पकड़ें और धीरे से उन्हें नीचे की ओर स्ट्रेच करें। इन्हें कुछ सेकेंड के लिए ऐसे ही रखें और फिर छोड़ दें। दूसरे हाथ से भी इसी तरह एक्सरसाइज करें।

इस एक्सरसाइज को रोजाना पांच बार करें। रेजिस्टेंस बैंड रिस्ट फ्लेक्सनसबसे पहले कुर्सी पर बैठकर अपनी दाईं हथेली के चारों ओर एक ट्यूब रेजिस्टेंस बैंड लपेटें और अपने दाएं पैर के साथ बैंड के दूसरे छोर पर कदम रखें। अब अपनी दाईं कोहनी को अपनी दाईं जांघ पर रखकर हथेली ऊपर की ओर करें। यह शुरुआती स्थिति है। इसके बाद अपनी मु_ी को नीचे फर्श की ओर लाएं। इस मुद्रा को एक सेकंड के लिए रोकें। फिर अपनी कलाई को अपने शरीर की ओर घुमाएं। ऐसा 10 बार करें। रिस्ट एक्सटेंशन सबसे पहले अपने हाथों को सामने की तरफ करते हुए कंधों की सीध में फैलाएं।

अब अपने एक हाथ की उंगलियों की मदद से दूसरे हाथ की उंगालियों को पीछे की ओर स्ट्रेच करें। दो सेकंड के लिए इसी मुद्रा में ठहरें। अब अपने हाथों को पूरी तरह से तब तक न खोलें जब तक आपकी उंगलियां स्ट्रेचिंग महसूस न करें। ऐसा दोनों हाथों से करें और इस प्रक्रिया को रोजाना कम से कम पांच बार दोहराएं। फोम रोलिंग इस एक्सरसाइज के लिए आप टेनिस या क्रिकेट की गेंद का प्रयोग कर सकते हैं।

लाभ के लिए अपनी कलाई को गेंद के ऊपर रखें और इस दौरान हथेली को नीचे की ओर रखें। अब थोड़ा दबाव डालें और अपनी कलाई गोलाकार गति में घुमाएं। दूसरे हाथ से भी ऐसा ही करें। यह एक्सरसाइज कलाई की मांसपेशियों की मालिश करने में मदद करेगी।

**************************

 

नल कनेक्शन देने में यूपी ने झारखंड और पश्चिम बंगाल को भी पछाड़ा

लखनऊ 21 फरवरी, (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश सरकार ने नल कनेक्शन देने के मामले में झारखंड और पश्चिम बंगाल को भी पछाड़ दिया है। बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए यूपी ने 81 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाने वाले राज्यों में भी अपनी स्थिति मजबूत बना ली है।

सर्वाधिक नल कनेक्शन देने की संख्या में यूपी देश में चौथे नम्बर पर पहुंच गया है। जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना से लगभग 5 करोड़ से अधिक लोगों को घर-घर नल से शुद्ध पेयजल का लाभ मिलने लगा है।

कोविड के मजबूत झटके के बावजूद योगी सरकार ने तेज रफ्तार पकड़ते हुए जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना को ग्रामीणों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। आंकड़ों के मुताबिक यूपी में मंगलवार तक 81,87,394 ग्रामीण परिवारों तक टेप कनेक्शन पहुंचा दिये हैं। योजना से 4,91,24,364 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना से यूपी के 31.1 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों तक हर घर जल पहुंचाने का सपना पूरा हो चुका है। जबकि झारखंड में 30.95 और पश्चिम बंगाल में 30.56 ग्रामीण परिवारों तक ही टेप वाटर सप्लाई पहुंची है। यूपी में जहां प्रत्येक दिन 30 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिये जा रहा है।

वहीं झारखंड में यह आंकड़ा प्रतिदिन 2,500 और पश्चिम बंगाल में प्रतिदिन 7 हजार ग्रामीण परिवारों तक ही सीमित है। यूपी से कम आबादी वाले राज्य होने के बावजूद पश्चिम बंगाल और झारखंड कुल नल कनेक्शन देने में भी पीछे छूट गये हैं।

21 फरवरी के आंकड़ों के मुताबिक देश में बिहार 1,59,00,575, महाराष्ट्र 1,07,34,14 और गुजरात 91,18,449 राज्य ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन देने में यूपी से आगे हैं।

उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यूपी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन बहुत जल्द नम्बर वन बनने जा रही है। हम बहुत जल्द ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन देने में देश के अन्य राज्यों को भी पीछे छोड़ेने जा रहे हैं। इस माह के अंत तक हमने राजस्थान को पछाडऩे का लक्ष्य रखा है

*************************

 

अग्निपथ भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, ITI पास आउट भी कर सकेंगे आवेदन

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी) : केंद्र की एनडीए सरकार ने सेनाओं में जवानों की भर्ती के लिए नई योजना बनाई थी जिसमें युवा खुलकर सेना में भर्ती होने के लिए दिन-रात एक कर अपना दमखम दिखा रहे है। केंद्र ने अग्निपथ योजना का ऐलान किया था। सरकार ने अब योजना को लेकर एक बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत ITI- पॉलिटेक्निक पास आउट आवेदन भी कर सकेंगे।

सेना ने अग्निपथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को बढ़ा दिया है। प्री स्किल्ड युवा भी अग्निपथ भर्ती में हिस्सा ले सकेंगे। ITI- पॉलिटेक्निक पास आउट टेक्निकल ब्रांच में आवेदन कर सकेंगे। इस बड़े बदलाव के बाद अब और अधिक युवा उम्मीदवारों को नौकरी मिलने का अवसर बढ़ गया है।

बता दें कि बीती 16 फरवरी से अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के रजिस्‍ट्रेशन शुरू हुए हैं। अग्निपथ भर्ती वर्ष 2023-24 के लिए अविवाहित पुरुष अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर विजिट कर ऑनलाइन माध्‍यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की लास्‍ट डेट 15 मार्च, 2023 है जबकि चयन परीक्षा 17 अप्रैल, 2023 को आयोजित की जाएगी।

****************************

 

हैदराबाद निकाय चुनाव : BRS-AIMIM एकजुट, ओवैसी के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे KCR

हैदराबाद 21 Feb, (एजेंसी) : हैदराबाद स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। एमएलसी सीट आवंटित करने के एआईएमआईएम के अनुरोध पर विचार करते हुए बीआरएस प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने एआईएमआईएम का समर्थन करने का फैसला किया है। तेलंगाना सीएमओ ने इसकी जानकारी दी है।

मुख्यमंत्री केसीआर के समर्थन के ऐलान के बाद एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि एमएलसी चुनाव के लिए हमारे उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए हम तेलंगाना के मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर की पार्टी बीआरएस और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM राज्य में भाजपा को रोकने के लिए यह रणनीति तैयार की है। दोनों पार्टियां मिलकर भाजपा के वोटरों में सेंध लगाना चाह रही हैं।

हालांकि, ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने सीट के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा अभी नहीं की है। महबूबनगर-रंगारेड्डी-हैदराबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के साथ सीट के लिए मतदान 13 मार्च को होगा।

**************************

 

इंडिगो की नई उड़ानें शुरू : मुंबई-सिलचर, दिल्ली-ईटानगर के लोगों को मिलेंगी सुविधा

कोलकाता 21 Feb, (एजेंसी) : भारत की अग्रणी विमान कंपनी इंडिगो ने दो मार्च से मुंबई-सिलचर और दिल्ली-ईटानगर के बीच कोलकाता के रास्ते नयी उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।

इन उड़ानों का उद्देश्य घरेलू संपर्क को मजबूत करना और ग्राहकों को बढ़े हुए उड़ान विकल्पों की पेशकश करना है। मुंबई-सिलचर के बीच नया कनेक्शन हवाई यात्रा के समय को आधा कर देगा।

इंडिगो के ग्लोबल हेड (सेल्स) विनय मल्होत्रा ​​ने कहा,“घरेलू पहुंच बढ़ाने के अपने दृष्टिकोण के तहत, हमने कोलकाता के रास्ते बॉम्बे-सिलचर और दिल्ली-ईटानगर के बीच नए कनेक्शन पेश किए हैं। इन गंतव्यों के लिए यात्रा की बढ़ती मांग के जवाब में इन उड़ानों को जोड़ा गया है।

मल्होत्रा ने कहा कि हमें विश्वास है कि इन कनेक्शनों के शुरू होने से कई ग्राहकों को लाभ होगा, विशेष रूप से गर्मी का मौसम आ रहा है। हम घरेलू कनेक्टिविटी बढ़ाने और हमारे विस्तृत नेटवर्क में सस्ती यात्रा का अनुभव, विनम्र, समय पर, परेशानी मुक्त और प्रदान करने के अपने वादे पर खरा उतरने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

‘शांति के द्वीप’ के रूप में भी जाने जाने वाले सिलचर असम के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। सिलचर अपने लुभावने दृश्यों, खेतों और चाय उत्पादों के कारण दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करता है।

कोलकाता के रास्ते मुंबई और सिलचर के बीच कनेक्टिविटी से शहरों में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। एक अन्य मार्ग जो पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने में मदद करेगा, कोलकाता के माध्यम से दिल्ली और ईटानगर के बीच नई कनेक्टिंग उड़ान है, जो पर्यटकों को इन स्थानों की यात्रा करने के विकल्प प्रदान करती है।

*****************************

 

पटरी पर दौड़ने को तैयार देश की पहली रैपिड रेल

हवाई जहाज जैसी सुविधाओं से लैस हैं ये ख़ास ट्रेन

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी): नए साल पर रेलवे अपने यात्रियों को एक बड़ा तोहफा देने जा रहा हैं। जी हां बहुत जल्द ही रेलवे अब रैपिड रेल की शुरुआत करने जा रहा है। नाम के हिसाब से आपने अंदाजा लगा ही लिया होगा कि ये रेल बाकी रेलगाड़ियों से तेज होगी। देश की पहली रैपिड रेल ट्रायल रन के बाद पटरियों पर दौड़ने को पूरी तरह से तैयार हैं। इस रैपिड रेल में मेरठ से दिल्ली तक का सफर सिर्फ 45 मिनट में किया जा सकता हैं।

इसके पहले सेक्शन की शुरुआत अब किसी भी दिन हो सकती है। पहला सेक्शन गाजियाबाद के दुहाई से साहिबाबाद तक है जो 17 किलोमीटर है. इस बीच पांच स्टेशन हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 2025 में रैपिड रेल यात्रियों के लिए तैयार हो जाएगी। इतना ही नहीं प्रथम चरण में 13 रैपिड ट्रेनों के ही संचालन करने का प्लान हैं।

****************************

 

आयुष्मान योजना में धोखाधड़ी : जम्मू-कश्मीर के 13 अस्पतालों पर कार्रवाई

जम्मू 21 Feb, (एजेंसी) : जम्मू-कश्मीर राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एसएचए) ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) में धोखाधड़ी के लिए 13 अस्पतालों के पैनल से निलंबित कर दिया है और 17 अन्य पर भारी जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि 2022 में फर्जी गतिविधियों में शामिल अस्पतालों पर 1.77 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 1.34 करोड़ रुपए से अधिक की राशि एसएचए द्वारा अब तक वसूल की जा चुकी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिन अस्पतालों को कार्रवाई का सामना करना पड़ा है, उनमें इब्न सिना अस्पताल पर 24 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया और निलंबित, क्वालिटी केयर अस्पताल पर 6.64 लाख रुपए, नारायणा अस्पताल पर 54.62 लाख रुपए का जुर्माना लगा, इसबी अस्पताल के पैनल को निलंबित और वसीम मेमोरियल अस्पताल को पैनल से निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा चनापोरा (श्रीनगर) के फ्लोरेंस अस्पताल पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, शादाब अस्पताल पर 22 लाख रुपए का जुर्माना, मोहम्मदिया अस्पताल पर 6 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया, सोनवार (श्रीनगर) के किडनी अस्पताल पर 18.72 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस अस्पताल को पिछले साल फरवरी में पैनल से निलंबन का भी सामना करना पड़ा था।

केडी आई क्लिनिक अस्पताल पर 1 लाख रुपए का जुर्माना और पैनल से निलंबन, एएससीओएमएस पर जम्मू में 2.66 लाख रुपए जुर्माना, जबकि अल-नूर अस्पताल, मिडसिटी अस्पताल और साउथ सिटी नसिर्ंग होम को पिछले साल सितंबर में पैनल से निलंबन का सामना करना पड़ा था।

सेंटर फॉर आई केयर अस्पताल पर 1.64 रुपए जुर्माना और पिछले साल दिसंबर में पैनल से निलंबन। श्रीनगर के नूरा अस्पताल पर 5.54 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया, बाबा नायक अस्पताल पर 69,000 रुपए का जुर्माना, रक्षा किडनी अस्पताल पर 20 लाख रुपए जुर्माना और नेशनल हॉस्पिटल जम्मू को पैनल से निलंबित कर दिया गया।

********************************

 

ठाकरे vs शिंदे विवाद: 22 फरवरी को सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी) : शिवसेना के नाम और सिंबल की लड़ाई के बीच सुप्रीम कोर्ट ने एंट्री कर दी है। सुप्रीम कोर्ट अब इस मुद्दे पर सुनवाई करेगा। चुनाव आयोग के आदेश के खिलाफ उद्धव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट कल दोपहर 3.30 बजे सुनवाई करेगा।

बता दें, चुनाव आयोग ने शिवसेना का नाम और पार्टी का सिंबल शिंदे गुट को देने का फैसला किया था, जिसके बाद उद्धव गुट ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटकाया था। उद्धव सोमवार को संविधान पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई चाहते थे। हालांकि अदालत ने यह कहते हुए सुनवाई नहीं की थी कि अर्जेंट सुनवाई के लिए एक प्रक्रिया है, जिसका पालन किया जाना जरूरी है।

वहीं सुनवाई के लिए उद्धव गुट की तरफ से दलील दे रहे कपिल सिब्बल ने कहा कि पहले ही उद्धव गुट के कार्यालय पर कब्जा किया जा चुका है। अगर इसकी सुनवाई नहीं हुई तो उनके बैंक खाते भी छीन लिए जाएंगे। चुनाव आयोग का आदेश सिर्फ विधानसभा के 33 सदस्यों पर आधारित है।

शिवसेना का नाम और निशान मिलने से उत्साहित शिंदे गुट ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर ये मांग कर दी थी कि बिना उनका पक्ष सुने कोई भी एकतरफा आदेश पारित न किया जाए।

******************************

 

12 सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की तलवार, जगदीप धनखड़ ने समिति को भेजा मामला

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी)- राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने 12 सांसदों के खिलाफ कथित रूप से विशेषाधिकार का हनन करने के मामले की जांच करने को कहा है। यह जांच संसद की एक समिति करेगी। राज्यसभा के बुलेटिन के अनुसार नौ सदस्य कांग्रेस के और तीन सदस्य आम आदमी पार्टी (आप) के हैं।

जिन सांसदों के खिलाफ यह कार्रवाई होनी है उनमें कांग्रेस में शक्तिसिंह गोहिल, नारणभाई जे राठवा, सैयद नासिर हुसैन, कुमार केतकर, इमरान प्रतापगढ़ी, एल हनुमंतैया, फूलो देवी नेताम, जेबी एम हिशाम और रंजीत रंजन हैं। आम आदमी पार्टी सदस्यों में संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता और संदीप कुमार पाठक हैं।

*******************************

 

पंजाब, हरियाणा समेत देशभर में 70 से ज्यादा ठिकानों पर NIA की रेड

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी)-  मंगलवार सुबह देशभर में 70 से ज़्यादा ठिकानों पर एनआईए ने बड़ी छापेमारी की है। ये कार्रवाई गैंगस्टर्स और उनके सिंडिकेट के खिलाफ की गई है।

ये छापेमारी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी समेत कई इलाकों में की गई है। जानकारी के अनुसार, रेड की यह कार्रवाई हरियाणा के सिरसा और नारनौल में गैंगस्टरों के ठिकानों पर हुई।

बताया जाता है कि यह रेड गैंगस्टर टेरर फंडिंग केस में हुई है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश में हुई एक साथ कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सिरसा के कालांवाली में भी टीम पहुंची है।

इससे पहले भी कालांवाली में जग्गा सिंह और डबवाली में चौटाला में छोटू भाट के निवास पर रेड पड़ चुकी है। बठिंडा में गैंगस्टर रम्मी के घर पर टीम ने रेड की। इसके अलावा प्रदेश में और भी कई जगह छापेमारी की गई है।

***********************

 

शादी के लिए पुरुषों और महिलाओं की उम्र नहीं होगी समान, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका

नई दिल्ली 21 Feb, (एजेंसी) – सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पुरुषों और महिलाओं के लिए विवाह की एक समान उम्र सुनिश्चित करने का निर्देश देने वाली याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए कहा कि वह ऐसा कानून बनाने के लिए संसद को परमादेश जारी नहीं कर सकता।

भारत के प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ ने याचिकाकर्ता-अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की भी खिंचाई करते हुए कहा : “हम यहां आपको या राजनीति के किसी भी वर्ग को खुश करने के लिए नहीं बैठे हैं। आप मुझे अनावश्यक टिप्पणियां मत दें।

यह कोई राजनीतिक मंच नहीं है ..।”

मामले की सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि अदालत को संसद के परम ज्ञान को टालना चाहिए और “हमें खुद को कानून का अनन्य संरक्षक नहीं मानना चाहिए। संसद भी कानून का संरक्षक है।” उपाध्याय ने कहा कि इस मामले में लैंगिक समानता से जुड़ा एक प्रश्न शामिल है और कानून के संरक्षक के रूप में अदालत को पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित करते हुए विसंगति को दूर करने के लिए हस्तक्षेप करना चाहिए।

पीठ में शामिल जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जे.बी. पारदीवाला ने उपाध्याय को बताया कि हालांकि वह पुरुषों और महिलाओं, दोनों के लिए शादी की उम्र 21 साल चाहते हैं, याचिका में प्रार्थना शादी की न्यूनतम उम्र को पूरी तरह से निर्धारित करने वाले प्रावधान को खत्म करने के लिए थी।

प्रधान न्यायाधीश ने उपाध्याय से कहा कि इस प्रावधान को खत्म करने से ऐसी स्थिति पैदा होगी, जब महिलाओं के लिए शादी की कोई न्यूनतम उम्र नहीं होगी।

पीठ ने जोर देकर कहा कि यह अनुच्छेद 32 के तहत घिसा-पिटा कानून है और वह कानून बनाने के लिए संसद को परमादेश जारी नहीं कर सकती और न ही कानून बना सकती है। उपाध्याय ने कहा कि चूंकि पुरुषों और महिलाओं, दोनों के लिए विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने के लिए संसद में एक कानून लाया गया है और विचार के लिए स्थायी समिति को भेजा गया है, इसलिए केंद्र सरकार से जवाब मांगा जाना चाहिए।

हालांकि, उनकी दलीलें पीठ को राजी नहीं कर सकीं। सुनवाई के समापन पर उपाध्याय द्वारा की गई कुछ दलीलों से पीठ नाराज हो गई। शीर्ष अदालत द्वारा यह स्पष्ट किए जाने के बाद कि वह कानून बनाने के आदेश जारी नहीं करेगी, उपाध्याय ने कहा कि बेहतर होता कि दिल्ली हाईकोर्ट को इस मामले की जांच करने दी जाती।

इस पर प्रधान न्यायाधीश ने उनसे कहा : “हम यहां आपकी राय सुनने के लिए नहीं हैं। सौभाग्य से, हमारी वैधता इस बात पर निर्भर नहीं करती कि आप हमारे बारे में क्या महसूस करते हैं। हम आपके बारे में जो महसूस करते हैं, उस पर आपकी अनावश्यक टिप्पणी नहीं चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “हम यहां अपना संवैधानिक कर्तव्य निभाने के लिए हैं, यहां आपको खुश करने के लिए नहीं हैं।

न ही हम यहां किसी राजनीतिक वर्ग को खुश करने के लिए हैं। आप बार के सदस्य हैं, हमारे सामने तथ्य के साथ बहस करें। यह कोई राजनीतिक मंच नहीं है।” अदालत ने उपाध्याय के इस सुझाव पर भी विचार करने से इनकार कर दिया कि यह मामला विधि आयोग को भेजने की स्वतंत्रता दी जाए।

*******************************

 

इंडिगो की फ्लाइट में बम की अफवाह, लखनऊ में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

रांची 21 Feb, (एजेंसी)-दिल्ली से झारखंड के देवघर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। इसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई। सूचना के अफवाह निकलने पर एहतियात के तौर पर लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद मॉक ड्रिल भी किया गया। बताया जाता है कि लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट (अमौसी एयरपोर्ट) पर दोपहर 12:20 बजे फ्लाइट की लैंडिंग के बाद उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। हवाई अड्डे पर सुरक्षा खतरे का पता लगाने के लिए जांच की गई। लेकिन यह सूचना अफवाह निकली। जांच पूरी होने के बाद विमान को देवघर के लिए फिर रवाना किया गया।

इस बाबत इंडिगो एयलाइंस की ओर जारी बयान में कहा गया कि दिल्ली से देवघर जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6 ई 6191 को बम की धमकी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। वहां सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और विमान को टेकऑफ के लिए मंजूरी दे दी गई। एयरलाइंस ने बताया कि उसकी ओर से जांच में सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग किया गया। इंडिगो के अधिकारियों ने कहा कि टेकऑफ के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। इस संबंध में देवघर एयरपोर्ट के सुरक्षा प्रभारी सह डीएसपी सुमन आनंद ने बताया कि दरअसल सूरत से दिल्ली आने वाली फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली थी, जो बाद में अफवाह साबित हुई। वही फ्लाइट दिल्ली से चलकर देवघर आती है।

**************************

 

उद्धव गुट को एक और बड़ा झटका, विधानमंडल में पार्टी कार्यालय पर शिंदे गुट ने किया कब्जा

मुंबई 20 Feb, (एजेंसी : असली शिवसेना घोषित किए जाने और ‘धनुष-बाण’ का चुनाव चिन्ह दिए जाने के चार दिन बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट के नेता महाराष्ट्र विधानमंडल में पार्टी कार्यालय पहुंचे। मुख्य सचेतक भरत गोगावाले के नेतृत्व में विधायक अगले सप्ताह यहां शुरू हो रहे आगामी बजट सत्र से पहले एक विशेष बैठक के लिए शिवसेना कार्यालय परिसर में पहुंचे।

शिंदे समूह के विधायकों ने स्पीकर राहुल नार्वेकर से मुलाकात की और इस मामले में संचार का आदान-प्रदान किया था, और कार्यालय के आवंटन की मांग की थी।

पार्टी की नजर नागपुर विधान भवन में पार्टी कार्यालय, मुंबई में पार्टी मुख्यालय शिवालय, बाकी हिस्सों में 200 से अधिक ‘शाखाएं’, विभिन्न निकायों में शिवसेना कार्यालय और पिछले 56 वर्षों में पार्टी द्वारा स्थापित अन्य संपत्तियों पर भी है।

हालांकि, वर्तमान संकेतों के अनुसार, शिंदे समूह दादर में प्रतिष्ठित शिवसेना भवन की लालसा नहीं कर सकता, जो कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नियंत्रण में है।

कई विधायकों ने शुक्रवार 17 फरवरी के अपने फैसले के लिए भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) की सराहना की, जिसने ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के दावों के खिलाफ ‘असली’ शिवसेना के रूप में मान्यता दी।

ठाकरे समूह ने सोमवार को चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है और विधायकों की अयोग्यता के लंबित मामले का फैसला शीर्ष अदालत द्वारा किए जाने तक इसके कार्यान्वयन पर रोक लगाने की मांग की है और इस मामले की मंगलवार को सुनवाई होने की संभावना है।

*************************

 

उपेंद्र कुशवाहा ने छोड़ा नीतीश का साथ, JDU से अलग होकर नई पार्टी के गठन का किया ऐलान

पटना 20 Feb, (एजेंसी): जेडीयू संसदीय बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का जनता दल युनाइटेड (JDU) से नाता टूट चुका है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार से नाराज चल रहे उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को जदयू से अलग होकर अपनी नई पार्टी के गठन का ऐलान कर दिया है। उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी नई पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक जनता दल (RLJD) पार्टी रखा है।

जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने भी पुष्टि कर दी है कि उपेंद्र कुशवाहा का जेडीयू से कोई नाता नहीं है। उपेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जिन उद्देश्यों को लेकर वह जेडीयू में आए थे वह पूरा नहीं हो पाया। उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश पर अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जेडीयू में जो भी लोग घुटन महशूस कर रहे हैं उनका नई पार्टी में स्वागत है।

मीडिया से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को राज्य चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जॉर्ज फर्नाडिंस के कारण नीतीश कुमार मुखिया बने थे। उस समय जनता तबाह थी। हमने बिहार की जनता को उस हालात से निकालने के लिए 10-12 साल तक संघर्ष चला। हम सब साथ रहे। बिहार को खौफनाक मंजर से निकालने में पूरी ताकत लगा दी।

कुशवाहा ने नीतीश कुमार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि उस समय नीतीश जी ने बहुत अच्छा काम किया लेकिन अंत भला तो सब भला होता है। बाद में अंत भला नहीं हुआ। आज जिस ओर नीतीश कुमार चल पड़े हैं, वो बहुत बुरा है। आज से नई शुरुआत होगी। बड़े फैसले के लिए साथियों के लिए बुलाया है।

******************************

 

पटना पार्किंग पर विवाद के बाद दबंगों ने 5 लोगों को मारी गोली, भड़के ग्रामीणों ने घर-गाड़ियों को फूंका

पटना 20 Feb, (एजेंसी): बिहार की राजधानी पटना में पार्किंग को लेकर शुरू हुए विवाद ने भयानक झगड़े का रूप ले लिया जिसके बाद पांच लोगों को गोली मार दी गई। इस घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। गोलीबारी में एक ही परिवार के गौतम कुमार और रौशन कुमार नामक युवक की हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जहां आरोपी उमेश राय के घर पर जमकर पथराव और रोड़ेबाजी की। वहीं उमेश राय के घर, सामुदायिक भवन, आईटीआई सेंटर और गोदाम को भी आग के हवाले कर दिया।

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उमेश राय की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में भी आग लगा दी। घटना के बाद विभिन्न थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बवाल कर रहे उपद्रवियों को खदेड़ दिया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

हालांकि तबतक करोड़ों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। गौरतलब है कि व्यामशाला की जमीन को लेकर उमेश राय और चंद्रिका राय का लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के क्रम में ही आज गाड़ी पार्किंग को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, रोड़ेबाजी और गोलीबारी की घटना हो गई, जिसमें गोली लगने से चंद्रिका राय के संबंधी गौतम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

*******************************

 

दिल्ली में AIMIM प्रमुख ओवैसी के सरकारी आवास पर हमला, अज्ञात लोगों ने किया पथराव

नई दिल्ली 20 Feb, (एजेंसी): AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के अशोका रोड स्थित आवास पर कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इस संबंध में असदुद्दीन ओवैसी ने शिकायत दर्ज कराई। ओवैसी ने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने पथराव किया जिसमे उनके घर की खिड़कियों के कांच टूट गए। हमले के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद एडिशनल डीसीपी ने उनके आवास का दौरा किया है।

पुलिस ने मौके से सबूत भी जुटाए हैं और छानबीन की जा रही है। असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटना के बाद का वीडियो भी अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया है। ओवैसी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘मेरे दिल्ली आवास पर फिर से हमला हुआ है। 2014 के बाद यह चौथी घटना है। इससे पहले आज रात, मैं जयपुर से लौटा और मेरे घरेलू नौकर ने बताया कि बदमाशों के एक झुंड ने पथराव किया, जिससे खिड़कियां टूट गईं। दिल्ली पुलिस को इन्हें तुरंत पकड़ना चाहिए। यह चिंताजनक है कि यह घटना एक तथाकथित “उच्च सुरक्षा” क्षेत्र में हुई है। मैंने पुलिस को शिकायत दी है और वे मेरे आवास पर पहुंच गए हैं।’

AIMIM प्रमुख की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है और आला अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस ने जांच के बाद ओवैसी के आवास से कुछ पत्थर बरामद किए हैं और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

*************************

 

रेलवे का दुर्घटनाओं को रोकने के लिए देश में सघन जांच और संरक्षा अभियान शुरू

कोटा 20 Feb, (एजेंसी): भारतीय रेलवे ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूरे देश भर में सघन जांच और संरक्षा अभियान शुरू करने का निर्णय किया है।

पश्चिमी-मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुरू हुआ यह अभियान अगले एक महीने तक जारी रहेगा।
भारतीय रेलवे ने डिब्बों-इंजनों के पटरी से उतरने, सिग्नल पासिंग एट डेंजर (एसपीएडी) और अन्य प्रकार की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे बोर्ड, जोनल रेलवे और डिवीजनों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे विभिन्न सेक्शनों, लॉबी, रखरखाव केंद्रों, कार्यस्थलों आदि पर जाएं और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निर्धारित सुरक्षित परिचालन और रखरखाव प्रथाओं की जांच और लागू करने के लिए कार्य पद्धतियों की गहन समीक्षा करें।

अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि असामान्य घटनाएं सहायक लोको पायलटों-लोको पायलटों द्वारा सिग्नलिंग पहलुओं और ब्रेकिंग प्रथाओं के पालन पर जोर दिया गया है। गति प्रतिबंधों का पालन, ट्रैक मशीनों-टॉवर वैगनों के ऑपरेटरों की काउंसलिंग,कार्य स्थल की सुरक्षा,शॉर्ट-कट इत्यादि की रोकथाम के उपाय करने सहित अधिकारियों को परिचालन,रखरखाव,कार्य पद्धतियों का निरीक्षण करने के लिए अनुभाग-लॉबी रखरखाव केंद्र एवं कार्यस्थल में पर्याप्त समय बिताने का निर्देश दिया गया है।

************************

 

मोदी के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की कोशिश में जुटे नीतीश कुमार की पार्टी में घमासान, शुरू हो सकती है विरासत की जंग

नई दिल्ली/पटना 20 Feb, (एजेंसी): 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम में जुटे नीतीश कुमार की अपनी पार्टी में घमासान बढ़ने जा रहा है। पिछले कई महीनों से नीतीश कुमार-लालू यादव गठबंधन के खिलाफ सार्वजनिक रूप से लगातार बयानबाजी करने वाले जनता दल (यूनाइटेड) के असंतुष्ट नेता उपेंद्र कुशवाहा सोमवार को भविष्य की राजनीति को लेकर बड़ा ऐलान करने जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, उपेंद्र कुशवाहा और नीतीश कुमार के रास्ते अलग-अलग होने जा रहे हैं, यह लगभग तय हो चुका है और अब इसका औपचारिक ऐलान मात्र बाकी है। हालांकि इस बार कुशवाहा जेडीयू से अलग होकर सिर्फ नई पार्टी ही बनाने नहीं जा रहे हैं बल्कि यह बताया जा रहा है कि वे बिहार में एक जमाने में लालू राज के खिलाफ आंदोलन करने की नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत पर भी कब्जा करने की कोशिश करेंगे।

कुशवाहा पहले की तरह इस बार सिर्फ समता पार्टी की विरासत पर ही दावेदारी नहीं जताएंगे बल्कि जॉर्ज फर्नाडीस और शरद यादव जैसे दिवंगत लोकप्रिय नेता की विरासत पर दावेदारी जताकर महागठबंधन से नाराज जेडीयू नेताओं को भी अपने पाले में लाने की कोशिश करेंगे।

अगर कुशवाहा, ऐसा कर पाते हैं तो 2024 के लोकसभा चुनाव में वे बिहार में एक बार फिर से एनडीए गठबंधन का हिस्सा हो सकते हैं। आपको बता दें कि कुशवाहा आरएलएसपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पहले भी एनडीए के सहयोगी और मोदी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीनों पहले कुशवाहा ने एनडीए का साथ छोड़ कर बिहार में विपक्षी दलों के साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया था। 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने अपनी पार्टी आरएलएसपी का जेडीयू में विलय कर दिया लेकिन नीतीश सरकार में बड़ा पद न मिलने से नाराज कुशवाहा ने महागठबंधन सरकार और अपने ही मुख्यमंत्री के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया।

अब उपेंद्र कुशवाहा, सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बड़ा ऐलान करने जा रहे हैं जिस पर भाजपा के साथ-साथ महागठबंधन की भी निगाहें टिकी हुई हैं। आपको याद दिला दें कि, इस बार नीतीश से अलग होने के बाद भाजपा ने पहले ही यह घोषणा कर रखी है कि वो राज्य में इस बार छोटी-छोटी पार्टियों के साथ ही गठबंधन करेंगे।

***************************

 

दुर्दांत अपराधी साहब सिंह पुलिस मुठभेड़ में ढेर

बुलंदशहर 20 Feb, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत एक मुठभेड़ में एक लाख रूपये के इनामी राशि वाले कुख्यात डकैत साहब सिंह को मार गिराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सोमवार को बताया कि बीती रात गुलावठी पुलिस और गौतमबुद्ध नगर एसटीएस के संयुक्त अभियान में एक अपराधी से मुठभेड़ हुई जिसमें वह मारा गया। मारे गये बदमाश की शिनाख्त साहब सिंह बाबरिया के नाम से हुई है।

उन्होने बताया कि मारा गया बदमाश डकैत गिरोह का सरगना था। डकैती के दौरान इसने दो नवजात समेत पांच लोगों की निर्मम हत्या की थी। गोंडा पुलिस ने इस पर एक लाख का इनाम घोषित किया हुआ है।

इसके अलावा बुलंदशहर के एक मुकदमे में भी यह वांछित था और इस पर 25 हजार रूपये का ईनाम घोषित है। मारे गये डकैत पर विभिन्न जनपदों मे़ डकैती और हत्या के एक दर्जन से ऊपर मुकदमे दर्ज है।

************************

 

गंदेरबल में हिमस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त

श्रीनगर 20 Feb, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में गंदेरबल जिला के रेजिन गगनगीर इलाके में हिमस्खलन की चपेट में आने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि रेजिन गगनगीर में आज शाम हुए हिमस्खलन के कारण किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। भूस्खलन के कारण श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है।

जिला पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की बचाव टीमें मौके पर हैं। राजस्व और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र को साफ कर दिया गया है और प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग को बीकन अधिकारियों की मदद से साफ किया जाएगा।अधिकारियों ने किसी आपात स्थिति या सूचना के लिए सेल नंबर भी जारी किए हैं।

****************************

 

मेघालय में भाजपा का होगा मुख्यमंत्री

शिलांग 20 Feb, (एजेंसी): मेघालय में चुनाव प्रचार के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को विश्वास व्यक्त किया कि मेघालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्यमंत्री होगा।

साल 2018 के विधानसभा चुनावों के बाद नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सरमा ने कहा, “मुख्यमंत्री भाजपा से होगा, मैंने कहा था कि मुख्यमंत्री भाजपा से होना चाहिए।”

श्री कोनराड के संगमा सरकार के खिलाफ विभिन्न भ्रष्टाचार के आरोपों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “राज्य के लोगों को कथित भ्रष्टाचार पर मेघालय डेमोक्रेटिक एलायंस (एमडीए) सरकार के खिलाफ कार्रवाई करनी है।”

उन्होंने कहा कि सरमा ने कहा कि भाजपा कोनराड संगमा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ कुछ भी आरोप नहीं लगा रही है, लेकिन हम यह कहने की कोशिश कर रहे हैं कि केंद्र सरकार ने तुरा, शिलांग और हर जगह मेडिकल कॉलेज के निर्माण जैसी परियोजनाओं के लिए धन स्वीकृत किया है।

उन्होंने कहा, “अब हम उन चीजों को भौतिक रूप से देखना चाहते हैं। अगर यह शारीरिक रूप से नहीं चल रहा है तो मेघालय सरकार को लोगों को जवाब देना है कि यह क्यों नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “कृपया जवाब दें कि मेडिकल कॉलेज कहाँ गायब हो गए हैं।”

*****************************