Category Archives: news

*फूल और अन्य प्राकृतिक चीजों से पलाश समूह की महिलाएं बनाती हैं हर्बल गुलाल

*फूल और अन्य प्राकृतिक चीजों से पलाश समूह की महिलाएं बनाती हैं हर्बल गुलाल

*हर्बल पलाश गुलाल बना बेहतर विकल्प

*गुलाल बन रहा ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन में सहायक

*उपायुक्त नैन्सी सहाय ने भी की महिला समूह के प्रयास की सराहना

हजारीबाग (दिव्या राजन)  –  हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड अन्तर्गत पेटो गांव की महिलाएं समूह से जुड़कर प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल कर हर्बल गुलाल बना रही हैं। इस हर्बल गुलाल तैयार करने में प्राकृतिक फल एवं फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जैसे पालक, पलाश का फूल, गेंदा फूल, गुलाब फूल, बीट, जैस्मिन तेल, अरारोट, चंदन और मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल कर हर्बल गुलाल तैयार किया जाता है।

यह गुलाल पूरी तरह ऑर्गेनिक एवं केमिकल रहित है जो शरीर की त्वचा एवं आंखों को नुकसान नहीं पहुंचाता।साथ ही इसमें प्रयोग किये जाने वाले ब्यूटी प्रोडक्ट जैसे जैस्मिन तेल, चंदन, मुल्तानी मिट्टी आदि त्वचा के लिए फायदेमंद हैं। यह हर्बल गुलाल के रूप में महिला समूह के द्वारा तैयार अबीर जेएसएलपीएस के पलाश मार्ट में उपलब्ध है। ऐसे तैयार किया जाता है गुलाल झारखण्ड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाईटी के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शांति मार्डी ने बताया समूह की महिलाएं, विभिन्न प्रकार के फूल-पत्ती और फलों को सबसे पहले गर्म पानी में उबालकर मिक्सर में पीसकर इसका मिश्रण तैयार करती हैं। फिर अरारोट के आटे में मिलाकर इसे अच्छी तरह से गूंथती हैं और फिर इसे फैलाकर सुखाती हैं। इसके बाद इसे अच्छी प्रकार से पीसा जाता हैं। इसके बाद उसमें चंदन, नायसिल पाउडर और थोड़ा सा नेचुरल परफ्यूम मिलाकर इससे हर्बल गुलाल तैयार किया जा रहा है।

गुलाल तैयार होने के बाद इसे आकर्षक पैकेट में पैकेजिंग कर जेएसएलपीएस के विभिन्न स्थानों पर स्थापित क्रय केन्द्र पलाश मार्ट में बिक्री के लिए भेजा जाता है। डेढ़ सौ ग्राम वजन के हर्बल गुलाल के पैकेट की कीमत 90 रूपया निर्धारित है। लॉट में खरीदारी के लिए इन क्रय केंद्रों में ऑर्डर भी लिया जाता है। ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा प्रशिक्षण व रोजगार ग्रामीण सेवा केन्द्र दारू की अध्यक्ष राखी देवी बताती हैं कि हर्बल रंगों के निर्माण में प्राकृतिक उत्पादों के अलावे तुलसी और लेमन ग्रास के तेल का भी उपयोग किया जाता है।

पलाश ब्रांड के अन्तर्गत हमारे द्वारा निर्मित अबीर गुलाल विगत चार वर्षो से बाजार में आमलोगों के लिए उलपब्ध कराया जा रहा है, जिसे लोगों काफी पंसद कर रहे हैं। त्योहर के अलावे वर्ष के शेष महीनों में भी कई तरह के उत्पादों का प्रोसेस कर बाजार में उपलब्ध कराया जाता है। जिससे महिलाओं को जीविकोपार्जन हेतु रोजगार के साथ आर्थिक संबलता मिल रही है।

उपायुक्त नैन्सी सहाय ने महिला समूह के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हर्बल गुलाल पूर्णता प्रकृति से प्राप्त फल, फूल आदि एवं केमिकल रहित उत्पादों से निर्मित है। इस प्राकृतिक गुलाल की मांग राज्य स्तर से भी होने लगी है, इस वर्ष में बड़े पैमान पर संलग्न महिलाओं द्वारा उत्पाद तैयार किया जा रहा है। इसके माध्यम से कई महिलाओं रोजगार के साथ आर्थिक समृद्धि प्राप्त होने लगी है।

*************************

 

झारखंड राज्य के लोहरदगा जिले के बरही चटकपुर गांव में मनाई जाती है – ढेलामार होली

https://finaljustice.in/wp-content/uploads/2023/03/dhela-mar-holi.mp3?_=1

*होली पर विशेष*

दिव्या राजन –

लठमार होली, फूलों की होली, रंगों की होली और भी न जाने कितनी तरह की होली पूरे विश्व में मनाई जाती हैं ।
ऐसी हीं एक होली झारखंड राज्य के लोहरदगा जिले के बरही चटकपुर गांव में मनाई जाती है– ढेलामार होली

बिलकुल सही समझ रहे हैं आप..
दरअसल यह परंपरा गांव के दामादों के लिए मज़ाक में शुरू की गई थी, जिसमें बाद में पूरा गांव शामिल हो गया।

परंपरा यह है कि होलिका दहन के दिन पूजा के बाद गांव के पुजारी मैदान में खंभा गाड़ देते हैं और अगले दिन इसे उखाड़ने और मिट्टी का ढेला मारने के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गांव के तमाम लोग इकट्ठा होते हैं।

मान्यता यह है कि कि जो लोग ढेलों से चोट खाने का डर छोड़कर खूंटा उखाड़ने बढ़ते हैं, उन्हें सुख सौभाग्य की प्राप्ति होती है। ये लोग सत्य के मार्ग पर चलने वाले माने जाते हैं।

बीते कुछ वर्षों में बरही चटकपुर की इस होली को देखने के लिए लोहरदगा के अलावा आसपास के जिले से बड़ी संख्या में लोग जमा होते हैं, लेकिन इसमें सिर्फ इसी गांव के लोगों को भागीदारी की इजाजत होती है।

रंगों के इस त्योहार को मनाने का तरीका जैसा भी हो लेकिन इसमें त्योहार की मिठास, खुशी और उत्साह होना चाहिए। जलन, बदला जैसे भाव और शराब और अन्य नशा का प्रयोग करने के बहाने के रूप में कभी भी इस त्योहार का प्रयोग न करें।

अंत में होली की अनेकों शुभकामनाएं ।।

*********************

 

होली पर शहर की सफाई के लिए मेयर को खुद कूड़ा हटाने की कार्यवाही देखनी चाहिए : कांग्रेस

नई दिल्ली , 07 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने दिल्लीवासियों को रंगो के त्यौहार होली की शुभकामनाएं दी। अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ तीन दिन पहले फोटो सेशन के लिए ओखला लैंडफिल साइट पर गए थे, जहां उन्होंने कहा कि लैंडफिल साइट को समतल करने की डेड लाईन मई 2024 से घटाकर दिसंबर 2023 तक करने की घोषणा पूरी तरह निराधार और दिल्लीवासियों को धोखा देने वाली है। जबकि सच्चाई यह है कि होली के त्यौहार के समय दिल्ली के लोग जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर और बदबूदार वातावरण से जूझना पड़ रहा था।

अनिल कुमार ने कहा कि शैली ओबेरॉय ने दिल्ली के मेयर के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद दावा किया था कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाला नगर निगम एमसीडी चुनावों से पहले लोगों से पार्टी की 10 गारंटी देने के लिए काम करेगा परंतु 10 गारंटी सिर्फ खोखला वादा बनकर रहने वाला है। उन्होंने कहा कि 10 गारंटी पूरी करने की वास्तविकता जल्द ही दिल्लीवालों के सामने आ जाऐगी क्योंकि पिछले 3 महीनों में इनकी प्रशासनिक नाकामी और शहर को साफ सुथरा रखने की विफलता दिल्लीवालों के सामने उजागर हो चुकी है।

अनिल कुमार ने कहा कि ऐसा लगता है कि शेली ओबेरॉय ने केजरीवाल के शासन के मॉडल पर चलने वाली है, क्योंकि अधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक में मेयर ने दिल्ली में कूड़ा व्यवस्था और जमा कूड़े के ढेरों को साफ करके लोगों के जीवन को सुचारु बनाने के दृष्टिकोण के तहत आदेश पारित करने की बजाय एमसीडी द्वारा संचालित अस्पतालों की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया और पहले से चल रही और पूरी हुई परियोजनाओं पर ध्यान देने के अधिकारियों को  निर्देश दिए गए और अरविन्द केजरीवाल की दिल्ली सरकार के पिछले 9 वर्षों के काम श्रेय खुद लिया।

अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल ने अब तक अपने 3 कार्यकाल में दिल्लीवालों से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। नए विश्वविद्यालय, स्कूल बनाने का जो वायदा किया एक भी स्कूल नहीं बनवाया। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले में मुख्य आरोपी मनीष सिसोदिया की छवि उबारने के लिए स्कूल के छात्रों और उनके माता-पिता को उनके पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने पर दबाव जरुर डाला गया परंतु उन्हें आखिर में तिहाड़ में न्याययिक हिरासत में जाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में पिछले कार्यकाल में आम आदमी पार्टी ने विपक्ष में रहते आरोप प्रत्यारोप के अलावा कुछ नही किया और यही प्रक्रिया निगम की सत्ता हासिल करने के बाद बयान दे रहे है।

**********************************

 

राहुल गांधी पर पूरी तरह से माओवादियों का प्रभाव : रविशंकर प्रसाद

नई दिल्ली ,  07 मार्च (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी के हालिया दिए गए बयान पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि जिस तरह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में जाकर अपने ही देश के बारे में गलत बयान बाजी कर रहे हैं उससे प्रतीत होता है कि  राहुल गांधी पर पूरी तरह से माओवादियों का प्रभाव पड़ गया है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मैं सवाल पूछता हूं कि क्या राहुल गांधी के दिए गए बयान से यह दोनों लोग और कांग्रेस पार्टी सहमत है अगर सहमत नहीं है तो राहुल गांधी पर तुरंत कार्रवाई की जाए। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को विदेश जाते ही क्या हो जाता है, सारी मर्यादा, सारी  शालीनता सारी परम्परा, सारी लोकतांत्रिक धर्म भूल जाते हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अब देश की जनता उनको न सुनती है और ना ही समझती है और उनको समर्थन करना तो दूर की बात है। तब राहुल गांधी विदेश में जाकर विलाप करते हैं कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है। यह बेहद शर्मिंदगी भरी बात है।

राहुल गांधी को यह सोचना चाहिए कि देश की जनता उनकी बातों को ध्यान से क्यों नहीं सुन रही है लेकिन राहुल गांधी की बात को जब देश की जनता अनसुनी कर रही है तो विदेश में जाकर देश के खिलाफ बयान देना कहां तक उचित है यह तो कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता ही बता सकते हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ब्रिटेन की संसद में जाकर राहुल गांधी बोल रहे हैं कि भारत में उन्हें किसी तरह की आजादी नहीं है बोलने की तो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पूरे देश में घूम घम कर क्या क्या नहीं बोला यह किसी से छिपा हुआ नहीं है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अभी हाल ही में लोकसभा में राहुल गांधी ने एक लंबा भाषण दिया और प्रधानमंत्री को लेकर भद्दी बातें कही। क्या राहुल गांधी लोकसभा में पूरी बातें कही या नहीं कही।राहुल गांधी ने नार्थ ईस्ट में प्रचार करने गए और कांग्रेस को जीरो बटा जीरो मिला, जो कांग्रेस का गढ़ हुआ करता था। भारतीय जनता पार्टी भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के लिए किसी भी विदेशी ताकत का मुखर विरोधी रही है।

भारत में सर्वसम्मति रही है कि किसी भी विदेशी ताकतों को आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने नहीं देंगे।राहुल गांधी ने विदेश जाकर भारत को शर्मसार करने की कोषिष की है। जब उन्होंने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में यूरोप और अमेरिका को हस्तक्षेप करना चाहिए। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने राष्टीय स्वयंसेवक संघ के बारे में बहुत कहा है तो क्या राहुल गांधी संघ का पूरा नाम भी जानते हैं।

संघ के संस्थापक के नाम भी जानते हैं क्या? राहुल गांधी ने संघ की तुलना मुस्लिम बद्ररहूड से की। इससे ज्यादा शर्मनाक बात नहीं हो सकती है। राहुल गांधी का यह बयान अत्यंत निदंनीय है। राष्टीय स्वयंसेवक संघ एक राष्टवादी संघ हैं। आरएसएस 1925 से राष्ट सेवा और राष्टभक्ति, राष्ट संकल्प और राष्ट समर्पण में बहुत बड़ा योगदान दिया है। हमे गर्व है कि हम संघ के स्वयंसेवक हैं।

आज राष्टीय स्वयंसेवक संघ से प्रभावित एवं प्रेरित हजारो लोग देश में इस दिशा में काम कर रहे हैं।

राष्टीय स्वयंसेवक संघ की आलोचना राहुल गांधी के परनाना जी पंडित जवाहरलाल नेहरू करते थे। राहुल गांधी जी आपके दादी  इंदिरा गांधी और आपके पिता  राजीव गांधी भी आरएसएस की आलोचना करते थे।राष्टीय स्वयंसेवक संघ कहां से कहां पहुंच गया। आरएसएस के विचारधारा और प्रभाव पूरे देश के अंदर हैं।

जबकि राहुल गांधी आपकी कांग्रेस पार्टी सिमटकर कहां पहुंच गयी और 2024 में कांग्रेस पार्टी और सिमटने वाली है।भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि राहुल गांधी माओवादी, हिंसा और अराजक विचारधारा के प्रभाव में हैं। अन्यथा कोई व्यक्ति ऐसा बोल सकता है।आरएसएस के कामों को राहुल गांधी ने देखा है क्या? नार्थ ईस्ट में सामाजिक समरसता का काम किया है क्या राहुल गांधी ने उसे कभी देखा है?

1962 भारत चीन युद्ध के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित नेहरू ने गणतंत्र दिवस की पैरेड में आरएसएस को आमंत्रित किया था।राष्टीय स्वयंसेवक संघ्ज्ञ प्रेम और राष्टभक्ति का पाठ पढ़ता है। उस संघ के बारे में राहुल गांधी बेबुनियाद और ऐसी हल्की बातें करते हैं। भारतीय जनता पार्टी की इसकी भर्त्सना करती है।राहुल गांधी चीन को सद्भावना का सर्टिफिकेट दे रहे हैं और सवाल भारत से पूछ रहे हैं।

राहुल गांधी जी यह सवाल आपको अपने परिवार से पूछना चाहिए। जब आपके परनाना पंडित नेहरू देश के प्रधानमंत्री थे तब 1962 युद्ध में क्या हुआ था? भारतीय सैनिकों की पिटाई हुई थी। अब इतिहास में सारी बातें आ गयी हैं कि भारतीय सैनिक उस समय कपड़े के जूते में युद्ध लड़ते थे। उनके पास बुलेट प्रूफ जैकेट नहीं थे। अच्छी बंदूके नहीं थी।

राहुल गांधी को यह जानाना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक स्टैंड के बारे में यूपीए सरकार के रक्षा मंत्री एके एंटोनी ने लोकसभा में कहा था कि मैं देश के अंदर सरहद पर आधारभूत संरचना को विकसित कर चीन को नाराज नहीं करना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी की यह विदेश नीति थी।प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने लद्दाख से लेकर नार्थ ईस्ट तक सड़के पुल आदि आधारभूत संरचना को विकसित किया और सेना का मनोबल बढ़ाया।

इसे कहते हैं देश का स्वाभिमान और सामारिक सुरक्षा। राहुल गांधी देश का स्वाभिमान एवं सामारिक सुरक्षा के बारे में कितना समझता हैं यह बहस का अलग विषय है।राहुल गांधी द्वारा चीन को लेकर किए गए सभी टिप्पणियों की भर्त्सना करते हैं। राहुल गांधी विदेश की धरती पर भारत को बदनाम करना बंद करें।

*******************************

 

रंग में भंग डालने की साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने पकड़े 2 आतंकी- हथियार और गोला-बारूद बरामद

जम्मू 07 March (एजेंसी): होली से पहले पाकिस्तान की बड़ी साजिश नाकाम हुई है। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं।

प्रथम जानकारी के अनुसार ये दोनों आतंकियों को सुरक्षाबलों ने बारामूला से पकड़ा है। इन दोनों से काफी मात्रा में कई हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है।

बता दें कि इस समय देश में होली का त्यौहार चल रहा है। हमारे रंगीन त्यौहार में कोई भंग न डाले, इससे पहले ही सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

**************************

 

प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता से हटाने के लिए इग्लैंड और अमेरिका चला रहे अभियान, रिपोर्ट में खुलासा

नई दिल्ली 07 March (एजेंसी): सेंटर फॉर रिसर्च ऑन ग्लोबलाइजेशन के एफ. विलियम एंगडाहल का दावा है कि घटनाओं की श्रृंखला बताती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए अमेरिका व इग्लैंड द्वारा एक अभियान शुरू किया गया है।

एंगडाहल के मुताबिक वर्तमान भू-राजनीति परिस्थितियों में भारत के प्रधानमंत्री मोदी के रुख से अमेरिका व यूरोपीय देश खुश नहीं हैं। उनके अनुसार यूक्रेन युद्ध को लेकर वाशिंगटन और यूरोपीय संघ ने रूस पर अभूतपूर्व आर्थिक प्रतिबंध लगा रखा है।

लेकिन भारत रूस का सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक साझीदार बना हुआ है। ऐसे में रूस के खिलाफ लगाया गया प्रतिबंध प्रभावी नहीं हो पा रहा है।

एंगडाहल के लेख में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की सरकार और ब्रिटेन के बार-बार के प्रयासों के बावजूद मोदी ने रूसी व्यापार के खिलाफ प्रतिबंधों में शामिल होने से इनकार कर दिया है।

इसी प्रकार मोदी के नेतृत्व में भारत ने संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन पर रूसी हमले के खिलाफ वाशिंगटन का साथ देने से भी परहेज किया है। बार-बार परिणाम भुगतने की अमेरिकी धमकियों के बावजूद भारत बड़े पैमाने पर रूसी तेल खरीद पर अमेरिकी प्रतिबंधों को मानने से इनकार किया है।

ब्रिक्स का साथी सदस्य होने के अलावा, भारत रूसी रक्षा उपकरणों का एक प्रमुख खरीदार भी है। इसके कारण भी एंग्लो-अमेरिकन समूह मोदी सरकार से असंतुष्ट है।

एंगडाहल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जनवरी में मोदी और उनके प्रमुख वित्तीय समर्थक पर एक एंग्लो-अमेरिकन हमला शुरू किया गया।

उनके मुताबिक वॉल स्ट्रीट वित्तीय फर्म, हिंडनबर्ग रिसर्च ने, जिस पर अमेरिकी इंटेलीजेंस के साथ संबंध होने का संदेह है, जनवरी में मोदी के निकटस्थ कहे जाने वाले अरबपति गौतम अदानी को निशाना बनाया। इससे अदानी समूह को 120 बिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ।

लेख के मुताबिक हिंडनबर्ग के पास मोदी से करीबी संबंध रखने वालों की खुफिया जानकारी हो सकती है। इसी आधार पर हिंडनबर्ग ने अदानी समूह को निशाना बनाया।

उसी महीने जब अदानी पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई, जनवरी में ब्रिटिश सरकार के स्वामित्व वाली बीबीसी ने एक डॉक्यूमेंट्री जारी की, जिसमें 2002 में गुजरात में हुए सांप्रदायिक दंगों में मोदी की भूमिका का आरोप लगाया गया था, जब वे वहां के मुख्यमंत्री थे। एंगडाहल के मुताबिक बीबीसी की रिपोर्ट ब्रिटेन के विदेश कार्यालय द्वारा बीबीसी को दी गई अप्रकाशित खुफिया जानकारी पर आधारित थी।

लेख के मुताबिक एक और संकेत मिलता है कि वाशिंगटन और लंदन भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। 92 वर्षीय अमेरिकी उद्योगपति जॉर्ज सोरोस ने 17 फरवरी को वार्षिक म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में कहा कि अब मोदी के गिने-चुने दिन हैं।

सोरोस ने कहा, भारत में लोकतंत्र है, लेकिन इसके नेता नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक नहीं हैं। सोरोस ने कहा कि एक तरफ भारत क्वाड (जिसमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और जापान भी शामिल हैं) का सदस्य है, लेकिन यह रूस से भी बहुत घनिष्ठ संबंध रखते हुए व्यापार कर रहा और तेल खरीद रहा है। सोरोस ने कह कि मैं भारत में एक लोकतांत्रिक पुनरुद्धार की उम्मीद करता हूं।

*******************************

 

इस गांव में नहीं होता होलिका दहन, भगवान शिव से जुड़ी है मान्यता

सहारनपुर 07 March (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के एक गांव में ‘होलिका दहन’ नहीं किया जाता है। बरसी गांव का मानना है कि अगर यहां होलिका दहन किया जाएगा तो भगवान शिव के पैर जल जाएंगे और इसलिए ‘होलिका दहन’ नहीं किया जाता है। स्थानीय महिलाएं होली की पूर्व संध्या पर ‘होलिका दहन’ करने के लिए बगल के गांव में जाती हैं।

बरसी में भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह महाभारत जितना पुराना है, और इस लोकप्रिय कथा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मान्यता के अनुसार, मंदिर कौरवों और पांडवों द्वारा बनाया गया था, लेकिन कुछ असहमति के कारण, पांच पांडवों में से एक भीम ने अपनी गदा का इस्तेमाल किया और मंदिर के प्रवेश द्वार की दिशा पूर्व से पश्चिम की ओर बदल दी। इस वजह से लोगों का मानना है कि होलिका की आग जलाने से भगवान शिव के पैर जल जाएंगे।

ग्राम प्रधान आदेश चौधरी ने कहा कि होलिका दहन के लिए, सभी महिलाएं बगल के गांव तिक्रोल में जाती हैं। मुझे नहीं पता कि यह अनुष्ठान कब से शुरू हुआ लेकिन यह काफी समय से ऐसा ही रहा है। यह एक परंपरा है और सीधे धार्मिक भावनाओं से जुड़ी है। किसी ने भी इसे बदलने की कोशिश नहीं की है। मुझे नहीं लगता कि कोई भी इसे बदलेगा

**************************

 

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के लिए सरकार ने जारी की गाइडलाइन

*सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर नहीं कर सकेंगे गुमराह*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म किसी प्रोडक्ट का प्रचार करने को लेकर सरकार ने सख्ती दिखाई है। अब कोई सेलिब्रिटी या इन्फ्लुएंसर जो किसी प्रोडक्ट को सोशल मीडिया पर इंडॉर्स करेंगे उन्हें सावधानी बरतनी होगी।

मिनिस्ट्री ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स, फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन के तहत डिपार्टमेंट ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सेलिब्रिटी, इन्फ्लुएंसर और वर्चुअल इन्फ्लुएंसर्स के लिए गाइडलाइन जारी किया है। सरकार ने ये गाइडलाइंस इस उद्देश्य से जारी कि है कि कि किसी भी उत्पाद या सेवाओं का विज्ञापन करने वाले सेलेब्रेटी या इंफ्लूएंर्स दर्शकों को गुमराह न करें और वे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम और किसी भी संबंधित नियमों या गाइडलाइन के कंप्लायंस में हों।

गाइडलाइन के मुताबिक, एंडोर्समेंट सरल और स्पष्ट भाषा में किया जाना चाहिए, और विज्ञापन, स्पॉन्सर्ड, सहयोग या पेड प्रोमोशन जैसे शब्दों का उपयोग किया जा सकता है. इंडिविजुएल को किसी भी प्रोडक्ट या सर्विस को एंडोर्स नहीं करना चाहिए जिसका उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपयोग या अनुभव नहीं किया है या जिसमें उनके द्वारा उचित परिश्रम नहीं किया गया है।

साथ ही मौजूदा समय में किस प्रकार की साझेदारी के लिए किस डिस्क्लेमर शब्द का उपयोग किया जाए, इसे लेकर भ्रम की स्थिति है। इसलिए, पेड या बार्टर ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए इनमें से किसी भी डिक्लेमर किए जाने वाले शब्द- विज्ञापन, ऐड, स्पॉन्सर्ड, सहयोग, या पार्टनरशिप का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि, शब्द को हैशटैग या हेडलाइन टेक्स्ट के रूप में दर्शाया जाना चाहिए।

गाइडलाइन के अनुसार, व्यक्तियों या समूहों के पास दर्शकों तक पहुंच है और इन्फ्लुएंसर और सेलिब्रिटी के अधिकार, ज्ञान, स्थिति या रिश्ते के कारण किसी उत्पाद, सेवा, ब्रांड या अनुभव के बारे में अपने दर्शकों के खरीदारी के फैसले या राय को प्रभावित करने की शक्ति है, जिसके बारे में उन्हें अपने दर्शकों के साथ, खुलासा करना चाहिए।

डिस्क्लेमर संदेश में इस तरह से रखा जाना चाहिए जो स्पष्ट, प्रमुख और याद करने में पूरी तरह से उचित हो। खुलासे को हैशटैग या लिंक के समूह के साथ नहीं मिलाया जाना चाहिए. किसी तस्वीर में एंडोर्समेंट के लिए डिस्क्लेमर को छवि पर पर्याप्त रूप से प्रदर्शित किया जाना चाहिए ताकि दर्शक उसे नोटिस कर सकें। किसी वीडियो या लाइव स्ट्रीम में एंडोर्समेंट के लिए डिस्क्लेमर ऑडियो और वीडियो दोनों रूप में किया जाना चाहिए और पूरी स्ट्रीम के दौरान लगातार और प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाना चाहिए।

*****************************

 

भारतीय-अमेरिकी ने अमेरिका में आयर जिला कोर्ट की पहली न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

न्यूयॉर्क 06 मार्च (एजेंसी)। भारतीय-अमेरिकी न्यायाधीश तेजल मेहता ने अमेरिकी राज्य मैसाचुसेट्स में आयर जिला न्यायालय के पहले न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। मेहता, जिन्होंने उसी अदालत में सहायक न्यायाधीश के रूप में कार्य किया था, उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया और 2 मार्च को जिला न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश स्टेसी फोर्ट्स द्वारा शपथ दिलाई गई।

फोर्टेस ने कहा, मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में आयर जिला न्यायालय अच्छा काम करेगा।

समारोह में मेहता के परिवार के कई सदस्यों ने भाग लिया, जिसमें उनकी 14 वर्षीय बेटी मीना शेठ भी शामिल थी, जो समारोह के वक्ताओं में शामिल थी।

मेहता को लॉवेल सन में यह कहते हुए सुना गया कि एक वकील के रूप में आप लोगों की मदद कर सकते हैं, लेकिन आप केवल एक हद तक ही उनकी मदद कर सकते हैं।

एक न्यायाधीश के रूप में, आप बहुत कुछ कर सकते हैं और मुद्दों की जड़ तक पहुंच सकते हैं और लोगों से इस तरह से बात कर सकते हैं जो वास्तव में उन तक पहुंच सके।

मेहता ने कहा कि उनका लक्ष्य उस समुदाय पर सकारात्मक प्रभाव डालना है जिसके साथ वह बढ़ी हैं।

मैंने हर उस अदालत में आशा और निराशा देखी है जिसमें मैं एक न्यायाधीश के रूप में बैठी हूं। लेकिन जब आप पहले न्यायकर्ता होते हैं, तो आप वास्तव में समुदाय को जान सकते हैं और वास्तविक प्रभाव डाल सकते हैं।

एक केमिस्ट पिता और एक अस्पताल में काम करने वाली मां के घर जन्मीं, मेहता ने 1997 में नोट्रे डेम विश्वविद्यालय से अंग्रेजी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की।

इसके बाद, उन्होंने 2000 में बोस्टन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ में एक जेडी पूरा किया।

लॉ स्कूल से स्नातक करने के बाद, मेहता ने अपना कानूनी करियर सफोल्क काउंटी सुपीरियर कोर्ट के सहायक क्लर्क के रूप में शुरू किया।
2005 में, भारतीय-अमेरिकी न्यायाधीश मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के कार्यालय में सहायक जिला अटॉर्नी के रूप में शामिल हुईं।
उनकी सदस्यता में मैसाचुसेट्स बार एसोसिएशन और दक्षिण एशियाई बार एसोसिएशन शामिल थे।

वह बार ओवरसियर के बोर्ड के साथ-साथ बेडफोर्ड मॉन्टेसरी स्कूल के कार्यकारी बोर्ड में भी बैठी। पूरे देश में 94 जिला अदालतें, 13 सर्किट कोर्ट और एक सुप्रीम कोर्ट हैं।

वे सिविल और आपराधिक दोनों संघीय अदालत प्रणाली के भीतर मुकदमों को संभालेंगी।

*******************************

 

बलूचिस्तान में बम धमाका, पुलिस वाहन को बनाया निशाना- 4 की मौत, 15 घायल

इस्लामाबाद 06 मार्च (एजेंसी)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बम धमाका हुआ है, जिसमें 4 लोगों के मारे जाने की खबर है। इसके अलावा 15 लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

यह धमाका बलूचिस्तान के बोलान में हुआ।

हमलावरों ने बलूचिस्तान पुलिस के एक वाहन को निशाना बनाकर धमाका किया था।

ये सभी पुलिसकर्मी क्वेटा में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद लौट रहे थे।

************************

 

सोलन के धर्मपुर में बेकाबू इनोवा ने सड़क किनारे खड़े मजदूरों को रौंदा, 5 की मौत, 4 गंभीर घायल

सोलन,07 मार्च (एजेंसी)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक बड़ा हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। सोलन के धर्मपुर में कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें एक इनोवा तेज रफ्तार गाड़ी ने राहगीरों को रौंद दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना में 5 लोगों की मौके पर मौत होने का समाचार है, जबकि 2 लोगों को पीजीआई रेफर किया गया। वहीं 2 अन्य घायल जिला अस्पताल में दाखिल है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भीषण सड़क हादसा मंगलवार सुबह 10 बजे के करीब पेश आया है। तेज रफ्तार गाड़ी शिमला की तरफ जा रही थी। इस दौरान गाड़ी ने अपना नियंत्रण खो दिया और हाईवे किनारे जा रहे लोगों को रौंद दिया।

घटना के दौरान 9 लोगों को रौंदा गया है। जिसमें 5 की मौत हो गई जबकि 4 गंभीर घायल है। मृतकों व घायलों की पहचान अभी हो नहीं पाई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

********************************

 

गृह मंत्रालय ने कैदियों के आधार प्रमाणीकरण के लिए राज्यों को किया अधिकृत

नई दिल्ली ,07 मार्च (एजेंसी)। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को स्वैच्छिक आधार पर जेल के कैदियों का आधार प्रमाणीकरण करने के लिए अधिकृत किया है। इसके जरिए वो अन्य सेवाओं के अलावा स्वास्थ्य देखभाल, कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण, मुलाकातियों के साथ मिलने और कानूनी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

गृह मंत्रालय ने इसको लेकर अधिसूचना जारी की है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अपनी अधिसूचना में कहा कि वित्तीय और अन्य लाभ और सेवाओं में सब्सिडी के लक्षित वितरण के लिए गुड गवर्नेंस (समाज कल्याण, नवाचार, ज्ञान) नियम, 2020 में आधार प्रमाणीकरण के नियम 5 के तहत यह निर्णय लिया गया है। इसमें कहा गया है कि स्वैच्छिक आधार पर जेल के कैदियों का आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा ताकि उन्हें जरूरी सुविधाएं मिल सके।

अधिसूचना में कहा गया है कि कैदियों को अन्य बातों के साथ, विभिन्न सुविधाओं को प्रदान करने हेतु, जैसे सुधारात्मक सुधार उपाय, स्वास्थ्य, कौशल, व्यावसायिक प्रशिक्षण, मुलाकातियों के साथ मिलने, कानूनी सहायता, आदि जिनके वे हकदार हैं, उनके आधार अधिप्रमाणन निष्पादन के लिए सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के कारागार विभाग, कैदियों के आधार अधिप्रमाणन निष्पादन हेतु अधिकृत होंगे।

*****************************

 

ईडी ने तिहाड़ जेल में मनीष सिसोदिया से की पूछताछ

*आबकारी मामला*

नयी दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है। उसने सोमवार की शाम को हैदराबाद के शराब कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई को हिरासत में लिया है।

ईडी के अधिकारी धन शोधन रोकथाम कानून के तहत सिसोदिया का बयान दर्ज करने के लिए तिहाड़ जेल पहुंचे। सीबीआई ने 2021-22 के लिए आबकारी नीति बनाने और इसके क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में 26 फरवरी को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था और वह 20 मार्च न्यायिक हिरासत में हैं। ईडी ने आम आदमी पार्टी (आप) के 51 वर्षीय नेता से पूछताछ के लिए अदालत से अनुमति ले ली है।

सिसोदिया जेल की कोठरी संख्या एक में बंद हैं। ऐसी संभावना है कि एजेंसी ने उनसे कथित तौर पर सेलफोन बदलने और उन्हें नष्ट करने तथा दिल्ली के आबकारी मंत्री के तौर पर लिए नीतिगत निर्णयों और समयसीमा का पालन किए जाने को लेकर पूछताछ की। ईडी ने अदालत में दाखिल अपने पूरक आरोपपत्र में ये आरोप लगाए थे। अगर जांच अधिकारी को ”यह मानने की वजहें मिलती हैं कि व्यक्ति धन शोधन के अपराध का ‘दोषी’ है तो ईडी पीएमएलए की धारा 19 लगा सकती है जिसके तहत उसे मामले में शामिल या आरोपी लोगों को गिरफ्तार करने की अनुमति मिल जाती है।

सीबीआई ने सिसोदिया की हिरासत के दौरान आबकारी नीति में कथित गड़बड़ी के संबंध में उनका सामना उनके पूर्व सचिव सी अरविंद और तत्कालीन आबकारी आयुक्त आरव गोपी कृष्ण से कराया था। सीबीआई ने पिछले साल 25 नवंबर को दर्ज किए गए मामले के आरोपपत्र में सिसोदिया को आरोपी के तौर पर नामजद नहीं किया।

ऐसा आरोप है कि दिल्ली सरकार की शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए 2021-22 की आबकारी नीति से उद्यमियों को सांठगांठ करने का अवसर दिया गया तथा कुछ डीलरों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया जिन्होंने इसके लिए कथित तौर पर घूस दी। बहरहाल, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस आरोप का जोरदार खंडन किया है। बाद में यह नीति रद्द कर दी गयी और दिल्ली के उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की जिसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत आरोपियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया।

इस बीच, अरुण पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम को धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया। ईडी द्वारा इस मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी है। पिल्लई ‘रॉबिन डिस्टिलरीज एलएलपी नामक कंपनी में साझेदार हैं।

ईडी ने दावा किया कि यह कंपनी तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी एवं विधान परिषद सदस्य के. कविता और अन्य से जुड़े कथित शराब कार्टल ‘साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व करती है।

पिल्लई गिरफ्तार शराब कारोबारी समीर महंदरू, उनकी पत्नी गीतिका महंदरू और उनकी कंपनी इंडोस्प्रिरिट ग्रुप से भी जुड़ा है। सूत्रों ने बताया कि पिल्लई को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत देने का अनुरोध करेगी।

*****************************

 

फिजी से भारत प्रत्यर्पित पर्ल समूह का निदेशक हरचंद सिंह गिल गिरफ्तार

*पोंजी घोटाला*

नयी दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को करोड़ों के चिट फंड मामले में पर्ल ग्रुप के तत्कालीन निदेशक हरचंद सिंह गिल को नई दिल्ली आने पर गिरफ्तार कर लिया।

फिजी से निर्वासित किए जाने के बाद अभियुक्त को भारत वापस लाया गया। एजेंसी ने 19 फरवरी, 2019 को पर्ल ग्रुप के तत्कालीन अध्यक्ष/सीएमडी और प्रमोटर/निदेशक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

गिरफ्तार अभियुक्त को मंगलवार को राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट्स में पेश किया जाएगा। इससे पहले 4 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता, सिलीगुड़ी, हावड़ा और आगरा में दो चिट-फंड कंपनियों के 15 परिसरों की तलाशी ली थी।

**************************

 

हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद

*चुनावी बॉन्ड को लेकर चिदंबरम का कटाक्ष*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने चुनावी बॉन्ड के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को मिले चंदे का उल्लेख करते हुए मंगलवार को दावा किया कि यह चंदा और इसकी एवज में लाभ गोपनीय तरीके से दिया और लिया जाता है। पूर्व वित्त मंत्री ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद।

उन्होंने ट्वीट किया, अब तक 12,000 करोड़ रुपये की कीमत के चुनावी बॉन्ड बिके हैं। इनका ज्यादातर हिस्सा कारोबारी समूहों ने खरीदा और भाजपा को गुपचुप तरीके से चंदा दे दिया।

कांग्रेस नेता ने कहा, कारोबारी समूह गैर-पारदर्शी चुनावी बॉन्ड व्यवस्था के जरिये चंदा देने के लिए आतुर क्यों हैं? कॉरपोरेट समूह चुनावी बॉन्ड के जरिये चंदा इसलिए नहीं देते कि वे लोकतंत्र से प्यार करते हैं। कॉरपोरेट चंदा उन लाभ का आभार जताने का एक माध्यम होता है, जो उन्हें अतीत के वर्षों में मिले हैं।

चिदंबरम ने कटाक्ष करते हुए कहा, यह स्पष्ट समझौता है। लाभ गुपचुप ढंग से पहुंचाए जाते हैं। इनाम भी गोपनीय तरीके से मिलता है। हमारा गुमनाम लोकतंत्र जिंदाबाद।

*****************************

 

होली पर 491 फेरे लगाएंगी 196 विशेष ट्रेन

*विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। होली के त्योहार के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और भीड़ कम करने के लिए 196 विशेष ट्रेन 491 फेरे लगाएंगी। रेलवे के अनुसार, विशेष ट्रेन देशभर के महत्वपूर्ण गंतव्यों को जोड़ेंगी।

रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, होली के त्योहार के मौके पर रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए भारतीय रेलवे 196 विशेष ट्रेन के 491 फेरे चला रहा है।

बयान के मुताबिक, देशभर के प्रमुख स्थलों जैसे दिल्ली-पटना, दिल्ली-भागलपुर, दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सहरसा, गोरखपुर-मुंबई, कोलकाता-पुरी, गुवाहाटी-रांची, नयी दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, जयपुर- बांद्रा टर्मिनस, पुणे-दानापुर आदि को जोडऩे के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएंगी।

रेलवे ने अनारक्षित डिब्बों में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से चढ़ाने के लिए आरपीएफ (रेलवे पुलिस बल) के कर्मचारियों की देखरेख में टर्मिनस स्टेशन पर कतारें लगवाने सहित भीड़ नियंत्रण के विभिन्न उपाय लागू किए हैं।

मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों को आपातकालीन ड्यूटी में तैनात किया गया है।

***********************************

 

तिहाड़ जेल में मनीष सिसोदिया से पूछताछ करेगी ईडी

*आबकारी नीति मामला*

नईदिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से पूछताछ कर सकता है और उनका बयान दर्ज कर सकता है।

सूत्रों ने बताया कि संघीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एक और गिरफ्तारी की है। उसने हैदराबाद के शराब कारोबारी अरुण रामचंद्र पिल्लई को हिरासत में लिया है।

ईडी के अधिकारी धन शोधन रोकथाम कानून के तहत सिसोदिया का बयान दर्ज करने के लिए दोपहर को तिहाड़ जेल पहुंचेंगे।

सीबीआई ने इस मामले में सिसोदिया को पिछले महीने गिरफ्तार किया था और वह अभी न्यायिक हिरासत में हैं।

पिल्लई को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम को धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत हिरासत में लिया गया। ईडी द्वारा इस मामले में यह 11वीं गिरफ्तारी है।

सूत्रों ने बताया कि पिल्लई को एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां ईडी पूछताछ के लिए उनकी हिरासत देने का अनुरोध करेगी।

******************************

 

संगमा ने दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर ली शपथ

*कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पीएम मोदी*

शिलांग, 07 मार्च (एजेंसी)। नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के नेता कोनराड के. संगमा ने मंगलवार को दूसरी बार मेघालय के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण की। संगमा के साथ 11 विधायकों ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के तौर पर शपथ ली।

एनपीपी के प्रेस्टोन तिनसोंग और स्नियाभलंग धार ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, जो सत्ता में आए गठबंधन में क्षेत्रीय दल की ताकत को रेखांकित करता है। मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान ने एनपीपी के सात अन्य विधायकों, यूनाइडेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के दो विधायकों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) के एक-एक विधायक को राजभवन में मंत्रिमंडल में सदस्यों के रूप में गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में एनपीपी के मार्कुइस एन. मारक, रक्कम ए. संगमा, अम्पारेन लिंगदोह, कॉमिंगोन यंबन तथा ए. टी. मोंडल, भाजपा के ए. एल. हेक, यूडीपी के पॉल लिंगदोह तथा किरमेन श्याला और एचएसपीडीपी के शकलियर वर्जरी शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी शपथ समारोह में शामिल हुए। एनपीपी के नेतृत्व वाले गठबंधन में एनपीपी के 26 और भाजपा के दो सहित कुल 45 विधायक हैं। मेघालय विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) टिमोथी डी. शिरा ने सोमवार को 58 नवनिर्वाचित सदस्यों पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी थी।

*************************

 

ईडी ने हैदराबाद के व्यवसायी अरुण पिल्लई को गिरफ्तार किया

*दिल्ली शराब घोटाला*

नई दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में एक ताजा घटनाक्रम में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को अरुण पिल्लई को गिरफ्तार कर लिया। ईडी द्वारा इस मामले में की गई यह 11वीं गिरफ्तारी है।

पिल्लई साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, जिसने कथित तौर पर आप नेताओं को 100 करोड़ रुपये की घूस दी थी, जिसका इस्तेमाल गोवा चुनाव में किए जाने की आशंका है।

साउथ ग्रुप का प्रतिनिधित्व अभिषेक बोइनपल्ली, अरुण पिल्लई और बुची बाबू कर रहे थे। बोईनपल्ली ने विजय नायर (आम आदमी पार्टी के संचार प्रभारी) और उनके सहयोगी दिनेश अरोड़ा के साथ मिलीभगत और साजिश में कथित तौर पर 100 करोड़ दिए।

हाल ही में ईडी ने पिल्लई की हैदराबाद के वट्टीनगुलापल्ली में 2.25 करोड़ रुपये की जमीन कुर्क की थी।

पिल्लई को बाद में राउज एवेन्यू डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा। ईडी उनकी दो सप्ताह की हिरासत की मांग कर सकता है।

ब्रिंडको सेल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक शराब कारोबारी अमनदीप ढल को 2 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि उनसे पूछताछ के बाद पिल्लई को गिरफ्तार किया गया।

ढल ने कथित तौर पर साउथ ग्रुप द्वारा दिए गए किकबैक में प्रमुख भूमिका निभाई। शराब नीति जारी होने से पहले ही उसे इसकी ड्राफ्ट कॉपी मिल गई थी। ढल ने कथित तौर पर बिनॉय बाबू के साथ ड्राफ्ट कॉपी साझा की। ईडी ने यह भी आरोप लगाया है कि उसने साउथ ग्रुप से विजय नायर की मुलाकात करवाई थी।

ईडी ने पूरक चार्जशीट में दावा किया है कि विजय नायर ने आप के नेताओं की ओर से साउथ ग्रुप से 100 करोड़ रुपये की घूस ली, जिसके प्रमुख चेहरे मगुनता श्रीनिवासुलु रेड्डी, राघव मगुंटा, सरथ रेड्डी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता हैं।

****************************

 

सरकार की तर्ज पर कॉरपोरेट जगत को भी निवेश बढ़ाना चाहिए:पीएम मोदी

नई दिल्ली,07 मार्च (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत के कॉरपोरेट जगत को निवेश बढ़ाना चाहिए और बजट 2023-24 में दिए गए अवसरों का लाभ उठाना चाहिए.

बजट पर दसवें वेबिनार को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि सरकार ने पूंजीगत व्यय के लिए प्रावधान को बढ़ाकर दस लाख करोड़ रुपये कर दिया है जो अब तक का सर्वाधिक है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं देश के निजी क्षेत्र से आह्वान करता हूं कि सरकार के समान वह भी अपनी ओर से निवेश बढ़ाए जिससे देश को इसका अधिक से अधिक लाभ मिल सके.

उन्होंने कहा कि देश में माल एवं सेवा कर (जीएसटी), आयकर और कॉरपोरेट कर में कमी की वजह से कर का भार उल्लेखनीय रूप से कम हुआ है. मोदी ने कहा कि इससे कर संग्रह में भी सुधार आया है.

2013-14 में सकल कर राजस्व करीब 11 लाख करोड़ रुपये था जो 2023-24 में 200 प्रतिशत बढ़कर 33 लाख करोड़ रुपये हो गया. व्यक्तिगत कर रिटर्न की संख्या भी 2013-14 के 3.5 करोड़ से बढ़कर 2020-21 में 6.5 करोड़ हो गई.

उन्होंने कहा कि कर का भुगतान करना एक ऐसा कर्तव्य है जो सीधे राष्ट्र निर्माण से जुड़ा है. कर के आधार में वृद्धि इस बात का सबूत है कि लोगों का सरकार में भरोसा है और वे मानते हैं कि उनके द्वारा दिए गए कर को जनकल्याण के लिए खर्च किया जाता है.

उन्होंने कहा कि रूपे और यूपीआई किफायती और अत्यधिक सुरक्षित प्रौद्योगिकी होने के साथ ही विश्व में हमारी पहचान भी हैं. नवाचार के लिए संभावनाओं को अपार बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीआई को पूरी दुनिया के लिए वित्तीय समावेशन एवं सशक्तीकरण का साधन बनना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें इस दिशा में काम करना होगा.

*********************************

 

वादा पूरा न करने का आरोप आपराधिक कार्यवाही के लिए पर्याप्त नहीं : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली 06 मार्च, (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि केवल एक अनुबंध का उल्लंघन करने पर धोखाधड़ी का आपराधिक मुकदमा तब तक शुरू नहीं किया जा सकता, जब तक कि लेन-देन की शुरुआत में धोखाधड़ी का इरादा नहीं दिखाया गया हो। जोर देकर कहा गया है कि आपराधिक अदालतों का उद्देश्य सिविल विवादों को निपटाने के लिए पार्टियों पर दबाव डालना नहीं है। न्यायमूर्ति अभय एस. ओका और न्यायमूर्ति राजेश बिंदल की पीठ ने कहा : अनुबंध का उल्लंघन धोखाधड़ी के लिए आपराधिक अभियोजन को जन्म नहीं देता, जब तक कि लेन-देन की शुरुआत में धोखाधड़ी या बेईमानी का इरादा नहीं दिखाया गया हो। वादा पूरा करने में विफलता का आरोप आपराधिक कार्यवाही शुरू करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

पीठ ने पाया कि पूरा विचार एक दीवानी विवाद को आपराधिक में बदलने और कथित रूप से भुगतान की गई राशि की वापसी के लिए अपीलकर्ता पर दबाव बनाने का प्रतीत होता है। इसमें कहा गया है, आपराधिक अदालतों का इस्तेमाल स्कोर निपटाने या दीवानी विवादों को निपटाने के लिए पार्टियों पर दबाव बनाने के लिए नहीं किया जाता है। जहां कहीं भी अपराधों की सामग्री बनती है, आपराधिक अदालतों को संज्ञान लेना होता है।

शीर्ष अदालत ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक साजिश) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत एक याचिकाकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी रद्द करने से इनकार करते हुए पंजाब और हरियाणा अदालत के आदेश को खारिज करते हुए ये टिप्पणियां कीं। शीर्ष अदालत हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली सरबजीत कौर की याचिका पर सुनवाई कर रही थी और यह मामला जमीन की बिक्री से जुड़ा था।

याचिकाकर्ता ने मई 2013 में सुरेंद्र सिंह की पत्नी मलकीत कौर के साथ जमीन का एक प्लॉट खरीदने का समझौता किया था। बाद में उसने उसी जमीन को दर्शन सिंह की पत्नी को बेचने के लिए एक और समझौता किया। याचिकाकर्ता को 5 लाख रुपये और बाद में 75,000 रुपये और मिले।

समझौता नहीं होने पर दर्शन सिंह ने प्रॉपर्टी डीलर मनमोहन सिंह और रंजीत सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 2016 में माना गया कि यह एक नागरिक विवाद था और किसी पुलिस कार्रवाई की जरूरत नहीं थी। इस शिकायत का खुलासा किए बिना दर्शन सिंह ने याचिकाकर्ता और प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।

शीर्ष अदालत ने कहा :  रिकॉर्ड पर उपलब्ध तथ्यों से यह स्पष्ट है कि प्रतिवादी नंबर 2 (दर्शन सिंह) ने पहली शिकायत दर्ज होने के बाद से अपने मामले में सुधार किया था, जिसमें अपीलकर्ता के खिलाफ कोई आरोप नहीं था, बल्कि प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ शिकायतों में अपीलकर्ता के नाम का उल्लेख किया गया था।

पीठ ने कहा, विचाराधीन शिकायत, जिसके आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, बिक्री विलेख (सेल डीड) के पंजीकरण के लिए निर्धारित अंतिम तिथि के लगभग तीन साल बाद दर्ज की गई थी। ऐसे में कार्यवाही जारी रखने की अनुमति देना अदालत की प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा।

शीर्ष अदालत ने अंत में कहा : इसलिए, हमारी राय में उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश को अलग रखा जाना चाहिए। अपीलकर्ता द्वारा प्राथमिकी को रद्द करने के लिए दायर याचिका को अनुमति देने का आदेश दिया गया है। परिणामस्वरूप, प्राथमिकी संख्या 430 दिनांक 16 अक्टूबर, 2017 और उसके बाद की सभी कार्यवाही को रद्द करने का आदेश दिया जाता है और अपील की अनुमति दी जाती है।

*******************************

 

सबका प्रतिक बन रही संवेदनशील सरकार : योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर 06 मार्च, (एजेंसी)! उत्तर प्रदेश के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने  आज गोरखपुर में कहा कि कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की संवेदनशील सरकार सबका प्रतिक बन रही है और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान सरकार की इसी संवेदनशीलता के प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री  सोमवार को  गोरखपुर में स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 82 लाभार्थियों को लैपटॉप गिफ्ट करने, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार राशि का चेक और बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 20 महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित करने के समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता पिता दोनों या इनमें से किसी एक को खोया था या कोरोना काल में जो बच्चे किसी अन्य बीमारियों से निराश्रित हुए थे ! उन सभी के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की।
उन्होंने कहा कि  इस योजना के तहत ऐसे बच्चों को प्रतिमाह 4000 रुपये छात्रवृत्ति स्वरूप दिए जा रहे हैं जबकि राज्य में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ;सामान्य के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रतिमाह 2500 रुपये दिए जा रहे हैं जिनके माता. पिता दोनों या किसी एक की मृत्यु कोरोना काल में किसी अन्य कारणों से हुई। उन्होंने कहा कि  इसी योजना में 9वीं या इससे ऊपर की कक्षाओं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

 

योगी ने कहा कि कोरोना ने पूरी दुनिया में बड़ी तबाही मचाई थी। कोई ऐसा देश नहीं जहां बड़ी संख्या में मौतें न हुई हों। इस संकट की परिस्थिति में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत कोरोना प्रबंधन का बेहतरीन मॉडल पेश किया। फ्री टेस्ट, फ्री उपचार, फ्री वैक्सीन और फ्री राशन की व्यवस्था की गई। आज भी देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का लाभ मिल रहा है। 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज मुफ्त दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना प्रबंधन के दौरान अनेक नवाचार भी हुए। पहले लॉकडाउन फिर जहां बीमार.वहीं उपचार के साथ ही भरण पोषण भत्ता देने की व्यवस्था बनाई गई कोरोना से जो बच्चे निराश्रित हुए उनकी परवरिश का बड़ा प्रश्न था। इसके लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की शुरुआत की गई। आज हर तीसरे माह बच्चों के भरण पोषण व पढ़ाई के लिए धनराशि खातों में पहुंच जा रही है।
उन्होंने बताया कि गोरखपुर में 603 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और 218 को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ;सामान्य का लाभ मिल रहा है। वर्ष 2021.22 में 115 बच्चों को लैपटॉप दिया गया था आज 82 बच्चों को लैपटॉप प्राप्त हो रहा है।
योगी ने कहा लैपटॉप मिलना डिजिटल दुनिया से संवाद बनाने का अच्छा अवसर है। उन्होंने बच्चों को डिजिटल लाइब्रेरी से जुडऩे की नसीहत देते हुए कहा कि  दुनिया ज्ञान का अथाह भंडार है। इससे तारतम्य स्थापित कर लिया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है।
बच्चों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की त्रासदी को भूलकर नई दिशा में आगे बढऩे की जरूरत है। आपको 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद 23 वर्ष होने तक पीएम केयर्स फंड से भी अच्छी धनराशि मिलेगी। उन्होंने कहा कि माता पिता की कमी कोई पूरा नहीं कर सकता लेकिन सरकार से मिलने वाली यह धनराशि आपके लिए संबल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ पीएम मोदी का मंत्र है। इसी के तहत आज उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों, संस्थाओं और महिला मंगल दलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। गांव गांव में खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं ताकि बेटियां भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनें। इसमें महिला मंगल दल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार हर ग्राम पंचायत को स्पोर्ट्स किट देगी। आज 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10.10 बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये, 12वीं की जिला टॉपर को 20 हजार, कक्षा 5.6 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार शिक्षण संस्थाओं को 10.10 हजार, कक्षा 8.9 में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले चार संस्थाओं को 15.15 हजार तथा 10वीं.11वीं में बालिकाओं के शत प्रतिशत रिजल्ट वाले तीन संस्थाओं को 20.20 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बालिकाओं को मुफ्त शिक्षा दे रही है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बालिका के जन्म से स्नातक स्तर की शिक्षा तक 15 हजार रुपये का पैकेज बनाया गया है। बालिका के विवाह योग्य होने पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 51 हजार रुपये दिए जाते हैं।
योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के विद्यालय दर्शनीय हो चुके हैं। ऑपरेशन कायाकल्प से स्मार्ट क्लास, अच्छी फ्लोरिंग, टॉयलेट, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि बच्चों में निखार लाकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाया जाए ताकि वे अपने गांव, समाज, देश की समृद्धि में योगदान दे सकें।
उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आपको अपनी प्रतिभा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए खूब मेहनत करिए। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता है। सरकार आपकी मेहनत को प्रोत्साहित करने आई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का पावन पर्व वैरभाव भुलाकर उत्साह और उमंग से आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हताशा और निराशा में कोई जीवन नहीं होता। बुराई त्याग कर हम जीवन में उत्साह और उमंग की तरफ बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक खास तोहफा और मिला। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि आज इन सभी बच्चों को नाश्ता कराने के बाद गोरखपुर चिडिय़ाघर का भ्रमण कराया जाए।  मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर बच्चे खुशी से झूम उठे और उन्होंने जोरदार तालियों से सीएम के प्रति आभार जताया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण व जीव संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि मानव के साथ ही जीव जंतुओं से सृष्टि की रचना हुई है। पेड़ पौधों और जीव जंतुओं की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। चिडिय़ाघर घूमने से आप सबका मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी होगा।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरण के दौरानएक अभिभावक की तरह उनसे आत्मीय संवाद किया। पूछा कोई दिक्कत तो नहीं। छात्रवृत्ति का पैसा मिलने में कोई समस्या तो नहीं आ रही। पढ़ाई कैसी चल रही है। बच्चों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि खूब पढि़ए और आगे बढिए। सरकार हर वक्त आपके साथ खड़ी है। उन्होंने अपने हाथों से 10 बच्चों को लैपटॉप  दो को प्रमाण पत्र दो महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट, मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक सौंपा और  सभी को मिष्ठान भी दिया गया।
योगी ने कार्यक्रम स्थल के बाहरी परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना आदि के स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया साथ ही बेसिक स्कूलों के बच्चों से बात कर उन्हें उपहार प्रदान किया।
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की नई और सशक्त पहचान बनाई है। यूपी में कई चीजें पहली बार हो रही हैं। बच्चे कैसे बेहतर पढ़ाई करें, कैसे सशक्त बनें, मुख्यमंत्री जी का इस पर खास फ़ोकस होता है। यदि विद्यार्थी शिक्षा और अध्यात्म के संगम को समझ लें तो जीवन में कोई भी बाधा राह नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि यदि आप पढ़े हैं तो दुनिया में कोई भी ताकत आपको हरा नहीं सकती।
रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप आज देश डिजिटल हो रहा है। इसी राह पर आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के बच्चों को लैपटॉप दे रहे हैं ताकि वे डिजिटल हों और अपग्रेड रहें। उन्होंने कहा कि आज सबकुछ हाईटेक हो रहा है। भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में है और इसमें विद्यार्थियों का बड़ा योगदान होगा। रविकिशन ने बच्चों को प्रेरित करने के लिए एक कविता का पाठ भी किया।

कार्यक्रम को बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान एवं गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, महेंद्रपाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, डॉ विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों, योजनाओं के लाभार्थियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों व अभिभावकों की उपस्थिति रही।

************************************

 

हेलीकॉप्टर लैंडिंग के दौरान बाल-बाल बचे पूर्व CM येदियुरप्पा, पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

नई दिल्ली 06 March (एजेंसी): कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा आज हेलीकॉप्टर का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। पॉयलट ने सूझबूझ दिखाई और बड़ा हादसा होने से टल गया। बीएस येदियुरप्पा चुनाव प्रचार के लिए कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रहे हैं और सोमवार को वो कलबुर्गी पहुंचे। लेकिन, प्रशासन की गलती से हेलीकॉप्टर लैंडिंग के समय बड़ा हादसा होते-होते बच गया।

ये हादसा उस समय हुआ जब कलबुर्गी में बीएस येदियुरप्पा का हेलीकॉप्टर लैंड कर रहा था, तभी हेलीकॉप्टर के ब्लेड की वजह से धुएं का तूफान आ गया। हेलीकॉप्टर के पंखे की तेज हवा से पास बनी झुग्गी झोपड़ियों पर लगे प्लास्टिक और आस पास के कूड़े का ढेर इतनी तेजी से ऊपर उड़ने लगा कि बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

पायलट को ऐन वक्त पर लैंडिंग टालनी पड़ी। पायलट ने समझदारी दिखाई और स्थिति को भांपते हुए दोबारा हेलीकॉप्टर को ऊपर की तरफ ले लिया। करीब आधा घंटा तक हेलीकॉप्टर हवा में ही रहा। बाद में मौजूद पुलिस बल ने आसपास की जगह को साफ करवाया, तब हेलीकॉप्टर को लैंड कराया जा सका।

*******************************

 

चारधाम यात्रा 2023: 13 दिनों में 2 लाख श्रद्धालु करा चुके पंजीकरण

*इस बार यात्रियों को मिलेगी ये खास सुविधा*

देहरादून 06 March (एजेंसी): चारधाम यात्रा में अब महज कुछ ही दिनों का वक्त बचा हुआ है। चारधाम यात्रा के लिए अब तक दो लाख श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। केदारनाथ के लिए 1.12 लाख और बदरीनाथ के लिए 92 हजार तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

पर्यटन विभाग के उप निदेशक योगेंद्र गंगवार ने बताया कि 21 फरवरी को चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू किया गया था। महज 13 दिनों के भीतर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए दो लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि औपचारिक रूप से गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि तय होने के बाद ही दोनों धाम के लिए पंजीकरण शुरू किया जाएगा।

साथ ही इस बार चारधाम यात्रा में सरकार श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में इस बार होने वाली चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों को वाईफाई की सुविधा भी मिलेगी।

साथ ही सर्वर पर अधिक भार होने की वजह से मोबाइल का नेटवर्क नहीं अटकेगा और यात्री आसानी से चारधाम यात्रा की लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

चारों धामों में अभी तक सभी दूरसंचार कंपनियों के सिग्नल पूरे नहीं आते। किसी की कहीं ज्यादा कनेक्टिविटी होती है। तो किसी के सिग्नल बहुत कम होते हैं। कई कंपनियों की कनेक्टिविटी तो बिल्कुल भी नहीं है।

इस वजह से तीर्थयात्रियों को काफी परेशानी होती है।

प्रौद्योगिकी एवं विकास सरकार ने इस बार तीर्थयात्रियों को इंटरनेट से जोड़े रखने के लिए वाईफाई जोन बनाने की तैयारी की है। सूचना एजेंसी (आईटीडीए) की निदेशक नितिका खंडेलवाल ने इसका प्रस्ताव निजी कंपनियों से मांगा है।

कंपनी को धामों तक लीज लाइन पहुंचानी होगी और वाईफाई जोन बनाने होंगे। बता दें कि वर्ष 2018 में प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर नौ जगहों पर फ्री वाईफाई की सुविधा दी थी।

********************************