Category Archives: news

शरद पवार का इस्तीफा नामंजूर, NCP की मीटिंग में बड़ा फैसला

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की कोर कमेटी ने एक बैठक कर शरद पवार का इस्तीफा नामंजूर कर दिया है। NCP कमेटी ने ये फैसला लिया है शरद पवार 2024 तक अध्यक्ष बने रहेंगे। NCP अध्यक्ष पद को लेकर घमासान के बीच एनसीपी कमिटी ने शरद पवार का इस्तीफा सर्वसम्मति से नामंजूर किया और पवार अध्यक्ष बने इस प्रस्ताव को पारित किया। अब कमिटी नेता शरद पवार को इस निर्णय के बारे में बताएंगे।

इससे पहले पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम तय करने के लिए शरद पवार ने 18 सदस्यीय समिति का गठन किया था जिसमें प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, पीसी चाको, नरहरि जिरवाल, अजीत पवार, सुप्रिया सुले, जयंत पाटिल, छगन भुजबल, दिलीप वलसे-पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे, जितेंद्र आव्हाड, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे, जयदेव गायकवाड़ और पार्टी के अन्य नेता शामिल हैं।

********************************

 

सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेंगे

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी): विदेश मंत्रियों की एससीओ परिषद की बैठक के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो इस समय भारत दौरे पर हैं। सत्र को संबोधित करते हुए बिलावल की मौजूदगी में एस जयशंकर ने पाकिस्तान को खूब सुनाया। आतंकवाद पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए उन्होंने आतंकी गतिविधियों के लिए फंडिंग को रोकने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने पाकिस्तान, चीन समेत सभी SCO सदस्य देशों के सामने साफ कर दिया कि भारत सीमा पार से आतंकवाद बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, हम सबको मिलकर आतंकवाद से लड़ना होगा। आतंकवाद को अभी भी हराया नहीं जा सका। आतंकवाद से मुकाबला हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।

विदेश मंत्रियों की एससीओ परिषद के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए एस जयशंकर ने कहा कि जब दुनिया कोरोना का सामना करने में लगी हुई थी, उस दौरान भी कुछ देश आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे थे। इस खतरे से नजरें हटाना हमारी सुरक्षा के लिए हानिकारक साबित होगा। हमारा दृढ़ विश्वास है कि आतंकवाद का कोई औचित्य नहीं हो सकता है। इसे सीमा पार आतंकवाद सहित इसके सभी रूपों में रोका जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए तैयार चैनलों को बिना किसी देरी के अवरुद्ध किया जाना चाहिए। सदस्य देशों को यह याद दिलाने की आवश्यकता नहीं है कि आतंकवाद का मुकाबला करना एससीओ के मूल जनादेशों में से एक है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि मैं एससीओ की भारत की पहली अध्यक्षता के तहत आपकी मेजबानी करते हुए हर्षित महसूस कर रहा हूं। एससीओ की हमारी अध्यक्षता के तहत, हमने 100 से अधिक बैठक और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किये जिनमें 15 मंत्री स्तरीय बैठकें शामिल हैं।

***************************

 

राजौरी में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़

जम्मू 05 May, (एजेंसी): जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के कंडी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी मिलने पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों की टीम पर गोलीबारी की, जिसका जवाब दिया गया और इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।

सूत्रों ने कहा, “मुठभेड़ स्थल पर दो से तीन आतंकवादियों के फंसे होने का अनुमान है।” जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने कंडी इलाके में मुठभेड़ की पुष्टि की है।

***************************

राजस्थान में सड़क कार्यों के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 3525 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को दी स्वीकृति

जयपुर 05 May, (एजेंसी): मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में 5 हजार से अधिक सड़क विकास कार्यों के लिए 3525 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी है।

इन कार्यों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ रुपए की लागत से नॉन पेचेबल/मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण कार्य हेतु कुल 1870 करोड़ रुपए की स्वीकृति शामिल है। साथ ही, आदिवासी एवं मरूस्थलीय क्षेत्रों के 250 से अधिक आबादी वाले राजस्व गांवों को चरणबद्ध रूप से डामर सड़कों से जोड़ने के लिए 694 गांवों हेतु 1166 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने 96 नगरीय निकायों के 1375 कार्यों हेतु 488.80 करोड़ रुपए का भी वित्तीय प्रावधान किया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दृष्टि से विभिन्न सड़क विकास कार्यों की घोषणा की गई थी। इसी क्रम में विकास कार्यों हेतु यह प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

***************************

 

मनीष सिसोदिया के खिलाफ ED की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर, 2000 पन्नों के आरोप पत्र में पूर्व डिप्टी CM का नाम

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी) – दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी ने 2000 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। ईडी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है। मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई भी चार्जशीट दायर कर चुकी है।

मनीष सिसोदिया ने जमानत के लिए कोर्ट के दरवाजे भी खटखटाए थे, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली थी। सिसोदिया फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

इससे पहले मनीष सिसोदिया ने अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य के चलते अंतरिम जमानत की भी मांग की थी। इस मामले को लेकर कोर्ट ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले में अगली सुनवाई 11 मई को होगी। सिसोदिया की जमानत याचिका को निचली अदालत ने 28 अप्रैल को खारिज कर दिया था।

**********************************

 

हिंसा की आग में जल रहा मणिपुर, दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने का आदेश

नई दिल्ली 05 May, (एजेंसी)- मणिपुर में आदिवासी आंदोलन के दौरान बुधवार हुई हिंसा की चपेट में आठ जिले आ गए। जिस कारण मणिपुर के हिंसाग्रस्त माहौल को देखते हुए प्रभावित इलाकों में दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने के आदेश दे दिए गए हैं। राज्यपाल ने हिंसाग्रस्त इलाकों में दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने के राज्य सरकार के फैसले को मंजूरी दे दी है। इससे पहले हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी गई थी। वहीं राज्य में अगले पांच दिनों के लिए इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है।

मणिपुर में असम राइफल्स की 34 और सेना की 9 कंपनियां तैनात हैं। इनके अलावा गृह मंत्रालय ने रैपिड एक्शन फोर्स की भी पांच कंपनियों को मणिपुर भेज दिया है। हालांकि, इसके बावजूद मणिपुर में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है।

बताया जा रहा है कि अब तक साढ़े सात हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा चुका है। हालात को देखते हुए आठ जिलों- इम्फाल वेस्ट, काकचिंग, थौबाल, जिरिबाम, बिष्णुपुर, चुराचांदपुर, कांगपोकपी और तेंगनौपाल में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके अलावा, पूरे राज्य में अगले पांच दिन के लिए मोबाइल इंटरनेट को बंद कर दिया गया है, हालांकि, ब्रॉडबैंड सर्विसेस चालू रहेंगी।

***************************

 

नीतीश-तेजस्वी सरकार को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने जातीय जनगणना पर लगाई रोक

पटना , 04 मई (एजेंसी)। बिहार में जाति आधारित गणना पर रोक लग गई है। पटना हाईकोर्ट से नीतीश सरकार को बड़ा झटका लगा है। जातीय गणना के खिलाफ दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट ने आझ अंतरिम आदेश जारी किया। पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के विनोद चंद्रन और जस्टिस मधुरेश प्रसाद की पीठ ने इस मामले पर बहस पूरी होने के बाद गुरुवार को फैसला सुनाया।

इस केस की अगली सुनवाई 3 जुलाई को होगी, तब तक जातिगत जनगणना पर स्टे रहेगा। हालांकि अब तक जो डेटा इक_ा किया गया है, उसे सुरक्षित रखा जाएगा।बता दें कि बिहार में जाति आधारित गणना का दूसरा और आखिरी चरण चल रहा है। अब इस पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। पटना हाईकोर्ट ने अंतरिम आदेश जारी कर जातिगत गणना पर स्टे लगाया है।

महाधिवक्ता पीके शाही ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अभी तक उन्होंने फैसले की पूरी कॉपी पढ़ी नहीं है। पढऩे के बाद ही इस पर कुछ बता पाएंगे। हाईकोर्ट के खिलाफ शीर्ष अदालत में जाना है या नहीं, इसपर भी फैसला अभी नहीं लिया गया है।

वहीं, याचिकाकर्ताओं के वकील ने फैसले के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार सरकार का जातिगत गणना कराने का काम असंवैधानिक था। कोर्ट ने अभी स्टे कर दिया है। अब 3 जुलाई को विस्तार से दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी।

******************************

 

मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर, 2000 पन्नों के आरोप पत्र में पूर्व डिप्टी सीएम का नाम

नई दिल्ली , 04 मई (एजेंसी)। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ ईडी ने 2000 पन्नों की चार्जशीट दायर की है। ईडी ने मनीष सिसोदिया के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है।

मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई भी चार्जशीट दायर कर चुकी है।मनीष सिसोदिया ने जमानत के लिए कोर्ट के दरवाजे भी खटखटाए थे, लेकिन उन्हें जमानत नहीं मिली थी। सिसोदिया फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।

इससे पहले मनीष सिसोदिया ने अपनी पत्नी के खराब स्वास्थ्य के चलते अंतरिम जमानत की भी मांग की थी। इस मामले को लेकर कोर्ट ने ईडी से जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले में अगली सुनवाई 11 मई को होगी। सिसोदिया की जमानत याचिका को निचली अदालत ने 28 अप्रैल को खारिज कर दिया था।

*****************************

 

द केरल स्टोरी के खिलाफ याचिका फिर से खारिज सुप्रीम कोर्ट ने कहा- फिल्म निर्माता निवेश करते हैं, अभिनेता बहुत काम करते हैं

नई दिल्ली , 04 मई (एजेंसी)। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फिल्म द केरला स्टोरी’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करने वाले याचिकाकर्ता के नए प्रयास को खारिज करते हुए कहा कि एक फिल्मकार फिल्म बनाने में बहुत पैसा और समय लगाता है और अभिनेता भी बहुत काम करते हैं, और बाजार तय करेगा कि क्या यह स्तर तक है या नहीं है। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जे.बी. पदीर्वाला की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा: एक तो सीबीएफसी ने फिल्म को रिलीज कर दिया है, दूसरा, केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है, और तीसरा, कल हमने कहा था कि हम अनुच्छेद 32 के तहत याचिका पर विचार नहीं करेंगे।

अब, इन चरणों के पूरा हो जाने के बाद और अब हमारे लिए इस तरह की अर्जी सुनना उचित नहीं है। पत्रकार कुर्बान अली द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान पीठ ने इस बात पर जोर दिया कि फिल्म के खिलाफ अदालत जाने से पहले फिल्म निर्माता और अभिनेताओं के बारे में विचार किया जाना चाहिए और इसे कितनी बार चुनौती दी जाएगी? पीठ ने याचिकाकर्ता के वकील, वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी और शोएब आलम से फिल्म निर्माता को देखने के लिए कहा, वह अपनी फिल्म की रिलीज के लिए अदालतों का सामना नहीं कर सकता है और केरल उच्च न्यायालय ने फिल्म पर रोक लगाने से पहले ही मना कर दिया है।

अहमदी ने प्रस्तुत किया कि केरल उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को पत्र भेजा गया था, जिन्होंने कहा कि पीठ का गठन किया गया है। अहमदी ने तर्क दिया- रजिस्ट्री ने बाद में याचिकाकर्ता को सूचित किया कि पीठ गुरुवार को सुनवाई नहीं करेगी और केरल उच्च न्यायालय गर्मी की छुट्टी पर है। हालांकि, शीर्ष अदालत ने फिल्म के खिलाफ याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।पीठ ने बताया कि याचिकाकर्ता ने शुरू में लंबित अभद्र भाषा के मामले में वाद-विवाद आवेदन के माध्यम से फिल्म की रिलीज को चुनौती देने की कोशिश की थी, जिसे एक अन्य पीठ ने खारिज कर दिया था। अहमदी ने पीठ से फिल्म की रिलीज से पहले अदालत में अपने मामले पर बहस करने की अनुमति देने का अनुरोध किया।

मुख्य न्यायाधीश ने वकील से कहा कि उच्च न्यायालय के समक्ष कोशिश करें।बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने जमीयत उलमा-ए-हिंद की एक याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया, जिसमें केंद्र और अन्य को सिनेमाघरों, ओटीटी प्लेटफार्मों और अन्य रास्ते में फिल्म की स्क्रीनिंग या रिलीज की अनुमति नहीं देने का निर्देश देने और ट्रेलर को इंटरनेट से हटाने की मांग की गई थी।

***********************************

 

सीएम योगी की जनसभा आज

अयोध्या 03 मई,(एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गुरुवार की जीआईसी के मैदान पर दोपहर 2 बजे से प्रारम्भ होने वाली चुनावी जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। कार्यक्रम का संयोजक सांसद लल्लू सिंह को बनाया गया है। सभा को भाजपा संगठन पूरी ताकत से जुट गया है। पार्टी 25 हजार लोगो को सभा में आने हेतु सूचीबद्ध किया है।

भाजपा मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि सभा में प्रत्येक पन्ना व बूथ प्रमुख को अपने क्षेत्र से मतदाताओं को चुनावी जनसभा में लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ में पार्शद प्रत्याशियों का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। पार्टी द्वारा बनाये गये ग्रुपों में कार्यकर्ताओं को जनसभा में पहुंचने के लिए कहा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजकीय इंटर कालेज में आयोजित होने वाली जनसभा ऐतिहासिक होगी।

******************************

 

अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मांगे वोट

लखनऊ 03 मई,(एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कन्नौज जनपद में तालिग्राम, छिबरामऊ, गुरसहायगंज, समधन, सिकन्दरपुर और कन्नौज में सघन चुनाव प्रचार करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने के लिए साइकिल चुनाव निशान पर मतदान करने की अपील की।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने विकास किया है, इसलिए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करने आया हूं। चुनाव के बाद फिर धन्यवाद दूंगा। लगातार, हम लोग आते रहेंगे। क्योंकि इन विधानसभा क्षेत्रों और फिर लोकसभा के चुनावों में ऐतिहासिक वोटों से जीतना है। समाजवादी पार्टी जीतेगी तभी कन्नौज भाजपा के भ्रष्टाचार की गंदगी और दुर्गंध से मुक्त होगा। कन्नौज में जितना भी विकास दिखाई दे रहा है वह सब समाजवादी पार्टी की सरकार की देन है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नगर निकाय चुनाव भाजपा हारेगी। भाजपाइयों में हार का डर इतना है कि पहली बार नगर निकाय के चुनाव में वह कई हेलीकॉप्टरों से पूरे प्रदेश में प्रचार कर रहे हैं। भाजपा धन बल का दुरूपयोग कर पूरे प्रदेश में चुनाव जीतना चाहती है। इसलिए भाजपाई सड़कों के गड्ढों, जाम, छुट्टा जानवरों और नाली नालों की गंदगी-बदबू से मुंह छिपाकर बचकर निकल जाना चाहते हैं।

जनता की जनसमस्याओं से भाजपा का कोई सरोकार नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में बहुत विकास कार्य किये गये जिन्हें भाजपा ने बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी की सरकार के चल रहे विकास कार्यों को रोक दिया। भाजपा विकास विरोधी है। जनता को बिजली का बिल महंगा देना पड़ रहा है। हाउस टैक्स बढ़ गया है। शहरों में कूड़ा भरा पड़ा है। सड़कों पर सांड घूम रहे हैं। भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश के शहरों में टैऊफिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

*******************************

 

अनियंत्रित कार खाई में पलटी, कार सवार दंपति की दर्दनाक मौत

सुल्तानपुर 03 मई,(एजेंसी)। दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर एक कार खाई में पलट गई। कार सवार दंपति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वही दुर्घटना में मृतक का बेटा व भतीजी घायल हुई है। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है।

घटना पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर अखंडनगर थानाक्षेत्र के  कनकपुर गांव के पास किमी 176 की है। जहां बुधवार दोपहर एक कार यूपी 50 ्र्रं 7879 लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। एकाएक कार अनियंत्रित होकर एमबीसीईवी को तोड़ते हुए नीचे फेंसिंग और एमबीसीडी के बीच में पलट गई।

कार को आजमगढ़ हैरी की चुंगी बलरामपुर पुलिस चौकी के बगल के निवासी अरुण कुमार (62) पुत्र ओम प्रकाश चला रहे थे। उनके बगल में पत्नी संतोष देवी (56) बैठी हुई थी। दोनों की मौके पर मृत्यु हो गई है तथा गाड़ी में बैठी गुडिय़ा उर्फ रुकमणि (21) पुत्री प्रवीण कुमार व नैतिक (18) अरुण कुमार घायल हुए हैं। उनको हॉस्पिटल भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

लोगों ने ही घटना की सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर अखंडनगर थाने की पुलिस व यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम में भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया है।

***************************

 

आप सासंद संजय सिंह का दावा, शराब घोटाले में उनका नाम जोडऩे पर ईडी ने मांगी माफी, जताया खेद

नई दिल्ली 03 मई,(एजेंसी)। शराब घोटाले मामले पर मनीष सिसोदिया जेल में हैं। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय उनसे पूछताछ भी कर रही है। पिछले दिनों सीबीआई ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी इस मामले में पूछताछ की थी। इस बीच, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि बिना किसी आधार के ईडी ने चार्जशीट में उनका भी नाम लिया है। संजय सिंह ने कहा कि ईडी ने उन्हें चि_ी लिखकर खेद जताया है। आप सांसद का कहना है कि ईडी ने अपनी गलती मानी है।

इस मामले में सांसद संजय सिंह ने केंद्रीय वित्त सचिव को चि_ी भी लिखी है। संजय सिंह ने शराब घोटाले में नाम लेने पर प्रवर्तन निदेशालय के डायरेक्टर और असिस्टेंट डायरेक्टर के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी है। संजय सिंह ने कहा कि बिना किसी आधार के मेरा नाम लिया गया है। डायरेक्टर संजय कुमार मिश्रा और असिस्टेंट डायरेक्टर जोगिंदर सिंह ने मेरी छवि को नुकसान पहुंचाया है। इन दोनों अधिकारीयों ने अपने पद का दुरूपयोग किया किया है। संजय सिंह ने कहा कि मैंने दोनों अधिकारियों को 48 घंटे का नोटिस दिया था। न अधिकारियो ने जवाब दिया है। न ही माफी मांगी है।

**********************************

 

समलैंगिक जोड़ों की समस्याएं सुलझाने के लिए कमेटी बनाएगी केंद्र सरकार

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी): केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि समलैंगिक जोड़ों की बुनियादी सामाजिक सुविधाओं से जुड़ी कुछ चिंताओं को दूर करने के लिए वह कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में एक समिति के गठन के लिए सहमत है जो इसके लिए प्रशासनिक उपाय सुझाएगी। केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जेनरल तुषार मेहता ने भारत के मुख्य न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय खंडपीठ को बताया कि पिछली सुनवाई के संदर्भ में यह मामला मानवीय चिंताओं से जुड़ा है और इस पर प्रशासनिक चर्चा की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कुछ प्रशासनिक कदम उठाने के लिए सरकार सकारात्मक है तथा उसकी राय है कि इसके लिए एक से अधिक मंत्रालयों के बीच तालमेल की जरूरत होगी और इसलिए कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में समिति बनाई जाएगी। मेहता ने कहा कि याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता उन्हें सुझाव दे सकते हैं या वे जिन समस्याओं का सामना कर रहे हैं उसके बारे में बता सकते हैं। समिति उन पर विचार करेगी और कोशिश करेगी कि कानून के दायरे के तहत जहां तक संभव हो उनका निदान किया जाए।

याचिकाकर्ताओं में एक के अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रशासनिक शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि जब याचिकाकर्ता वैधानिक प्रावधानों में बदलाव की मांग कर रहे हैं, ऐसे में कुछ लीपापोती से काम नहीं चलेगा। मामले की सुनवाई अभी जारी है। उच्चतम न्यायालय ने 27 अप्रैल को सुनवाई के दौरान स्वीकार किया था कि समलैंगिक विवाह को मान्यता देने के लिए कानून बनाने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। उसने केंद्र से कहा था कि वह ऐसा तरीका ढूंढे ताकि विवाह को मान्यता दिए बिना भी समलैंगिक जोड़ों को बुनियादी सामाजिक सुविधाएं जैसे ज्वाइंट बैंक अकाउंट, जीवन बीमा में एक-दूसरे को नॉमनी बनाने जैसी सुविधाएं मिल सके।

इस खंडपीठ में मुख्य न्यायाधीश के अलावा अन्य सदस्य न्यायमूर्ति एस.के. कौल, एस. रवींद्र भट, हिमा कोहली और पी.एस. नरसिम्हा हैं। खंडपीठ ने केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे सॉलिसिटर जेनरल तुषार मेहता से कहा था, अदालत के रूप में हम अपनी सीमाएं समझते हैं, इसके बारे में कोई प्रश्न नहीं है। कई मुद्दे हैं, निश्चित रूप से आपने वैधानिक पक्ष के बारे में अपने तर्क दिए हैं.. हमारे पास कोई मॉडल नहीं है.. और कोई मॉडल बनाना उचित भी नहीं होगा, लेकिन हम निश्चित रूप से सरकार को बता सकते हैं कि अब तक कानून कहां तक पहुंचा है। मेहता ने कहा कि श्रेणी विशेष से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा था, अब सरकार साथ रहने या साथ होने पर आधारित इन संबंधों को सुनिश्चित करने के लिए क्या कर सकती है ताकि उन्हें इस प्रकार मान्यता दी जा सके जिससे उनके लिए सुरक्षा, सामाजिक कल्याण की स्थिति बन सके और ऐसा करने के क्रम में हम यह सुनिश्चित कर सकें कि भविष्य में इस प्रकार के संबंधों का सामाजिक बहिष्कार न हो। शीर्ष अदालत ने केंद्र से समलैंगिक जोड़ों को वैवाहिक मान्यता दिए बिना उन्हें दी जा सकने वाली सामाजिक सुविधाओं के बारे में 3 मई को अपना जवाब देने के लिए कहा था।

**********************

 

CBI ने वाप्कोस के पूर्व CMD और उनके बेटे को किया गिरफ्तार, 38 करोड़ रुपए जब्त

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में  वाप्कोस के पूर्व सीएमडी राजिंदर कुमार गुप्ता और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी और तलाशी अभियान के दौरान जांच एजेंसी ने 38.38 करोड़ रुपये बरामद किए। अब तक की कुल बरामदगी में से 20 करोड़ रुपये नकद मंगलवार को जब्त किए गए।

सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, गुप्ता और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, सोनीपत और गाजियाबाद के 19 स्थानों पर आरोपी के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली गई थी।

रिटायरमेंट के बाद गुप्ता ने दिल्ली में एक कंसल्टेंसी फर्म खोली। आरोपियों की कथित अचल संपत्तियों में फ्लैट, व्यावसायिक संपत्तियां और दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकुला, सोनीपत और चंडीगढ़ में एक फार्महाउस शामिल हैं।

**************************

 

केदारनाथ धाम: बर्फबारी से टूटे दर्जनों टेंट, धाम में ढाई फीट तक बर्फ, DGP ने केदार में संभाल मोर्चा

केदारनाथ 03 May, (एजेंसी): केदारनाथ में भारी बर्फबारी के कारण आज यात्रा बंद है। मौसम की भारी चेतावनी के बाद केदारनाथ धाम में कल रात से भारी बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम की यात्रा पूर्ण रूप से रोक दी गई है। यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। बर्फबारी इतनी ज्यादा है कि वहां दर्जनों टेंट टूट गए हैं। धाम में ढाई फीट तक बर्फ गिर चुकी है। कल केदारनाथ गये यात्रियों को आज सुरक्षित तरीके से दर्शन कराकर वापस लाया जा रहा है।

मौसम विभाग ने आज के लिए केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग की भविष्वाणी सच साबित हो रही है। धाम में बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण आज केदारनाथ की यात्रा पूर्ण रूप से रोकी गई है। आज एक भी यात्री को केदारनाथ नहीं भेजा गया है। यात्रियों को रुद्रप्रयाग, गौरीकुंड, सोनप्रयाग, सीतापुर, फाटा, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि आदि स्थानों पर सुरक्षित रोका गया है। धाम में बर्फबारी के कारण अत्यधिक ठंड बढ़ गई है। पैदल मार्ग पर भी खतरा बढ़ गया है। जो यात्री कल केदारनाथ भेजे गये थे। उन्हें दर्शन करवाकर नीचे वापस लाया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा के लिये पैदल मार्ग सहित धाम में सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया गया है।

केदारनाथ धाम में हो रही बर्फबारी के कारण सबसे ज्यादा समस्या स्थानीय लोगों की ओर से लगाये गये टेंट स्वामियों को रही है। इसके साथ ही गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से लगाये गये टेंट भी क्षतिग्रस्त हो गये हैं। केदारनाथ धाम में दो से ढाई फीट तक बर्फ गिर चुकी है। बर्फ हटाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही मजदूर भी जुटे हुए हैं। केदारनाथ धाम में इन टेंटों में तीर्थयात्रियों को ठहराया जाता है। मगर दर्जनों टेंटों के क्षतिग्रस्त होने से रहने की ज्यादा समस्या खड़ी हो गयी है। धाम में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं।

साथ ही केदारनाथ में बारिश और बर्फबारी ने श्रद्धालुओं की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। धाम में पड़ी बर्फ को जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है। वहीं मौसम साफ होने के बाद ही यात्रियों को केदारनाथ धाम भेजा जाएगा। वहीं पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार भी केदारनाथ धाम में डटे हुए हैं और यात्रियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित यात्रा करवा रहे हैं। केदारनाथ धाम में हेलीपैड में भी बर्फ जमी है, जिसे जेसीबी मशीन से हटाने का काम किया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार एवं एसपी रुद्रप्रयाग डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित किया गया। मंदिर समिति पदाधिकारियों से वार्ता की। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी हो रही है। आज यात्रा को ऋषिकेश, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, फाटा, गौरीकुंड से पूरी तरह से रोक दिया गया है। यहां पर मौसम प्रतिकूल है। कल के आये यात्रियों को दर्शन कराने के बाद वापस भेजा जा रहा है।

डीजीपी ने देशवासियों से अपील की है कि 4 मई की यात्रा के  मौसम के अनुसार आज शाम को निर्णय लिया जायेगा। इस संबंध में एडवाइजरी का इंतजार करें।

****************************

मोदी सरनेम पर टिप्पणी केस में राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ी, रांची कोर्ट में होना पड़ेगा पेश

रांची 03 May, (एजेंसी): मोदी सरनेम वाले लोगों पर टिप्पणी से जुड़े केस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अब रांची की अदालत में भी हाजिर होना पड़ेगा। रांची की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी द्वारा दाखिल व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट की अर्जी को खारिज कर दिया है।

यह केस रांची के रहने वाले प्रदीप मोदी ने दाखिल किया था। इसमें कहा गया है कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी रांची में चुनावी सभा को संबोधित करने आए थे, तब उन्होंने मोदी सरनेम वाले लोगों पर टिप्पणी की थी।

प्रदीप मोदी का कहना है कि इससे उनके अलावा पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। यह मानहानि का मामला है। इस केस में राज्य सरकार की ओर से अपर लोक अभियोजक पुष्पा सिन्हा ने बहस की। वहीं राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा ने बहस की।

**********************************

 

पहलवानों के समर्थन में मार्च निकाल रहे DU के स्टूडेंट्स को पुलिस ने घसीटा, कई हिरासत में

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी): पहलवानों के समर्थन में मार्च निकाल रहे दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को पुलिस ने घसीटा और फिर हिरासत में ले लिया है। डीयू के स्टूडेंट्स ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। स्टूडेंट्स बजरंग पूनिया की समर्थन की अपील पर मार्च निकाल रहे थे।

पहले स्टूडेंट्स को दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने समझाया कि आप लोग यहां पर प्रदर्शन ना करें। आपके पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। लेकिन छात्राएं नहीं मानी जिसके चलते प्रदर्शन करने वाले सभी छात्राओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इधर पहलवानों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दी गई दिल्ली पुलिस की सिक्योरिटी लौटा दी है। वहीं जंतर-मंतर पर पहलवानों का भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण के खिलाफ धरना जारी है। पहलवानों का कहना है कि जबतक बृजभूषण की गिरफ्तारी नहीं होती है, तबतक उनका धरना जारी रहेगा।

बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दो शिफ्ट में एक-एक सिपाही को पहलवानों की सुरक्षा में लगाया गया था। जिसे पहलवानों ने लौटा दिया है। पहलवानों का कहना है कि अगर वे लोग जंतर-मंतर पर भी सुरक्षित नहीं है, तो कहीं भी सुरक्षित नहीं रह सकते हैं। वे लोग यहां शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं।

**********************************

 

बजरंग दल पर बैन के कांग्रेस के प्रस्ताव पर फिर BJP का तीखा हमला

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी) । भाजपा बजरंगबली के अपमान के मुद्दे को कतई छोड़ने को तैयार नहीं है। बुधवार को भी भाजपा ने इस मसले पर कांग्रेस पर तीखा हमला जारी रखा। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए एक बार फिर कांग्रेस पर बजरंबली का अपमान करने का आरोप लगाया।

त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी बजरंग दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया था लेकिन अदालत ने उस समय इसे खारिज कर दिया था और कांग्रेस को उस समय मुंह की खानी पड़ी थी।

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा कि मंगलवार का दिन हनुमान जी का दिन है और कांग्रेस ने मंगलवार के दिन ही बजरंग दल पर बैन लगाने की बात की है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता और देश की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।

त्रिवेदी ने कांग्रेस के वादे की आलोचना करते हुए कहा कि वैसे भी पीएफआई पर बैन लगा हुआ है और राज्य सरकार किसी भी संगठन पर बैन नहीं लगा सकती है।

**********************************

 

ED ने केरल में मन्नापुरम फाइनेंस पर छापा मारा

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी) । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) केरल के मन्नापुरम फाइनेंस में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) पर भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी के बिना जनता से धन एकत्र करने के आरोप में छापेमारी कर रहा है। बुधवार को कंपनी के प्रमोटर और बिजनेस के परिसरों में छापेमारी की जा रही है।

मन्नापुरम फाइनेंस भारत में एक प्रसिद्ध एनबीएफसी है, जो सोना, माइक्रोफाइनेंस और आवास ऋण सहित कई प्रकार की वित्तीय सेवाएं प्रदान करता है।

कंपनी, जो तीन दशकों से अधिक समय से संचालन में है, की दक्षिण भारत में महत्वपूर्ण उपस्थिति है।

ईडी ने अभी तक जारी छापेमारी पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

***************************

 

नौसेना प्रमुख एडमिरल का सिंगापुर दौरा, पहला आसियान भारत समुद्री अभ्यास

नई दिल्ली 03 May, (एजेंसी)  । भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार 2 से 4 मई 2023 तक सिंगापुर के अधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान सिंगापुर के नेवल बेस ‘चांगी’ में प्रथम आसियान भारत समुद्री अभ्यास (एआईएमई) 2023 शुरू हुआ। भारतीय रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस अभ्यास के समुद्री चरण का आयोजन 7 से 8 मई तक दक्षिण चीन सागर में किया जाएगा। इसमें अन्य आसियान देशों के नौसेना अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। भारतीय नौसेना अध्यक्ष सिंगापुर के रक्षा मंत्री से भी मुलाकात करेंगे और रक्षा बल के प्रमुख (सीडीएफ), सिंगापुर सशस्त्र बल (एसएएफ) नौसेना प्रमुख सिंगापुर गणराज्य नौसेना (आरएसएन), एआईएमई आईएमडीईएक्स और आईएमएससी में भाग लेने वाले अन्य देशों के नौसेना प्रमुखों के प्रतिनिधिमंडल से भी मिलेंगे। नौसेना प्रमुख ‘आसियान-भारत समुद्री संपर्क अवसर’ पर चर्चा करने के लिए सिंगापुर में शिक्षाविदों के साथ भी परिचर्चा करेंगे।

एआईएमई का उद्देश्य समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना और आसियान और भारतीय नौसेनाओं के बीच भरोसा, मित्रता और विश्वास को बढ़ावा देना है। 2 से 4 मई 2023 तक सिंगापुर के बंदरगाह चरण में भाग लेने वाली नौसेनाओं के बीच पेशेवर और सामाजिक बातचीत की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसमें क्रॉसडेक विजिट, विषय-विशेषज्ञों की परिचर्चा (एसएमईई) और योजना बैठकें शामिल हैं। 7 से 8 मई 2023 को दक्षिण चीन सागर में निर्धारित समुद्री चरण में भाग लेने वाली नौसेनाओं को समुद्री क्षेत्र में नौसेना संचालन के समन्वयन और निष्पादन में घनिष्ठ संबंध विकसित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

भारत द्वारा पहला स्वदेश निर्मित विध्वंसक आईएनएस दिल्ली और आईएनएस सतपुड़ा एक पी8आई समुद्री गश्ती विमान के साथ स्वदेश निर्मित निर्देशित मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट आसियान भारत समुद्री अभ्यास में भाग लेंगे। भाग लेने वाले पोत विशाखापत्तनम स्थित भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का हिस्सा है और पूर्वी बेड़े के अफसर रियर एडमिरल गुरुचरण सिंह की कमान में काम करते हैं। इस बहु-राष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय नौसेना के स्वदेश निर्मित जहाजों की उपस्थिति भारतीय शिपयाडरें के जहाज निर्माण क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक अवसर है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक भारत के इंडो पैसिफिक नीति के मूल में आसियान है, जैसा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2018 में सिंगापुर के सांगरी ला डायलॉग के अपने भाषण में व्यक्त किया था। एआईएम (ऐक्ट ईस्ट) के भारत के इस विश्वास और प्रतिबद्धता को ‘क्षेत्र में सबके लिए सुरक्षा और विकास’ (एसएजीएआर) को प्रबल करता है। नौसेना प्रमुख की यात्रा सिंगापुर के साथ-साथ क्षेत्र में ‘आसियान केन्द्रीयता’ की भारत की नीति के साथ द्विपक्षीय रक्षा संबंधों के उच्च स्तर को और मजबूत करेगी।

******************************

 

बंगाल : भाजपा के बूथ अध्यक्ष की हत्या को लेकर मोयना में तनाव जारी

कोलकाता 03 May, (एजेंसी) । पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के मोयना में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष की हत्या के खिलाफ बुधवार सुबह से 12 घंटे के बंद के आह्वान पर तनाव जारी रहा। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों ने बिजॉय कृष्ण भुनिया की हत्या कर दी। हालांकि, सत्ता पक्ष ने दावा किया है कि हत्या स्थानीय अंदरूनी कलह का परिणाम थी।

बुधवार सुबह भाजपा समर्थकों ने सड़क जाम कर और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। कई स्थानों पर वे दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करने के लिए मजबूर करते देखे गए, जबकि अन्य स्थानों पर आंदोलनकारियों ने पुलिस वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने के लिए रास्ते को अवरुद्ध कर दिया।

तमलुक के अनुमंडल पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मोयना पहुंचे, जिसके बाद पुलिस और भगवा विंग के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं।

मोयना के स्थानीय भाजपा विधायक अशोक डिंडा ने खुद एक स्थान पर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। वह मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस करते नजर आए।

डिंडा ने मीडियाकर्मियों से कहा, हमारे बूथ अध्यक्ष का शव बरामद हुए लगभग 36 घंटे बीत चुके हैं और पुलिस ने अभी तक इस संबंध में एक भी गिरफ्तारी नहीं की है। इसके बजाय, पुलिस हत्यारों को बचाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने उनके शांतिपूर्ण आंदोलन का विरोध करने का प्रयास कर तनाव भड़काया है।

मृतक की पत्नी तुम्पा भुनिया ने आरोप लगाया कि उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं से लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई करने से हिचक रही है।

इस बीच, पीड़ित परिवार ने भुनिया की हत्या की केंद्रीय जांच ब्यूरो से (सीबीआई) जांच की मांग करते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट में एक याचिका लगाई है।

परिजनों ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने की भी मांग की है।

***********************************

 

शादी से लौट रही पिकअप वैन पलटी, 5 लोगों की दर्दनाक मौत- 11 जख्मी

गुमला 03 May, (एजेंसी): बड़ी खबर झारखंड से है। यहां शादी से लौट रहे पिकअप वैन के पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि पिकअप वैन में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। बारात से लौट रहे इस पिकअप वैन में कुल 55 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आ रही है। घायलों को गुमला सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

घटना गुमला जिले की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गुमला के जरडा गांव के पास 55 लोगों से भरा पिकअप वैन पलट गया। हादसे में मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई। दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हैं जिनमें 11 लोगों की हालत गंभीर है। बताया जाता है कि वाहन में सवार लोग डुमरी के सारंगडीह में लड़की की शादी करा कर वापस कटारी लौट रहे थे कि तभी हादसा हो गया।

******************************

 

सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों की अब खैर नहीं, पुलिस ने 226 लोगों पर की कार्रवाई

नोएडा 03 May, (एजेंसी): नोएडा में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने नाइट पेट्रोलिंग शुरू कर दी है और साथ ही साथ खुले में और सार्वजनिक जगह पर शराब पीने वालों पर भी अंकुश लगाना शुरू हो गया है।

पुलिस ने मंगलवार रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर खुले में शराब पी रहे 226 व्यक्तियों को पकड़कर उन पर कार्रवाई की।

गौतमबुद्धनगर के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। बीती रात सभी जोन के डीसीपी/एडीसीपी के नेतृत्व में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया।

इसी अभियान के क्रम में सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे कुल 226 व्यक्तियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 290 के अंतर्गत कार्रवाई की गयी है।

इसके साथ-साथ लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगर अगली बार उन्हें ऐसा करता हुआ पाया गया तो उनको जेल की हवा भी खानी पड़ेगी।

***********************