Category Archives: news

हाईकमान को बता दिया मुझे विधानसभा चुनाव नहीं लडऩा : कैलाश विजयवर्गीय

इंदौर,24 सितम्बर (एजेंसी)। भाजपा से एक-एककर कांग्रेस में जा रहे पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं को रोकने के बजाय भाजपा महासचिव ने अपने अंदाज में जाने वालों को जवाब दिया है। इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया के सवाल पर कहा कि हम उन्हें होलसेल में लाए थे कांग्रेस रिटेल में ले जा रही है।

इनके जाने से हमारी पार्टी की सेहत पर केाई असर नहीं होगा। जिन लोगों की महत्वाकांक्षा और अपेक्षा विचारधारा से बढ़कर हो जाती है, वे पार्टी छोड़ देते हैं। खुद के विधानसभा चुनाव लडऩे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे चुनाव नहीं लडऩा है।

इस निर्णय से मैं पार्टी से अवगत करा चुका हूं लेकिन मैँ पार्टी का सिपाही हूं। यदि पार्टी ने मुझे चुनाव लडऩे को कहा तो मैं फिर भी पीछूे नहीं हटूंगा।

***************************

 

कांग्रेस सरकार बनने पर घोटालों की जांच युवाओं से करवाऊंगा – कमलनाथ

इंदौर,24 सितम्बर (एजेंसी)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने गत दिवस इंदौर में आयोजित बेरोजगार महापंचायत में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इंदौर नया दौर लेकर आएगा। इंदौर में मप्र ही नहीं, बल्कि देश की निवेश राजधानी बनने की ताकत है। कांग्रेस यह सपना पूरा करके दिखाएगी, ये मेरी गारंटी है।

इंदौर को स्टार्टअप का इंटरनेशनल हब बनाएंगे। राजीव गांधी चौराहा स्थित शुभ कारज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में कमलनाथ ने कहा कि पहले भी लोगों को छिंदवाड़ा मॉडल के बारे में नहीं पता था और आज भी उन्हें छिंदवाड़ा के विकास के बारे में नहीं पता है। मैंने युवाओं से कहा है कि प्रतिनिधिमंडल बनकर छिंदवाड़ा जाओ वहां देखकर आओ।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा िक प्रदेश में जितने भी घोटाले हुए हैं चाहे पटवारी घोटाला हो या कोई भी दूसरा घोटाला हो उसकी जांच सरकारी अधिकारियों से नहीं आप युवाओं से करवाऊंगा।

******************************

 

उत्तर प्रदेश में जंगलराज – अखिलेश यादव

लखनऊ 24 सितंबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। सत्ता के संरक्षण में भाजपा के दबंग और गुण्डे अराजकता फैला रहे हैं। भाजपा नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था बर्बाद कर दिया है। सुल्तानपुर में भाजपा नेता के भतीजे ने डा0 घनश्याम त्रिपाठी की पीट-पीटकर निर्ममता से हत्या कर दी। डॉ0 घनश्याम त्रिपाठी सुल्तानपुर की पीएचसी जयहिंदपुर में तैनात थे।

इसी तरह से कानपुर में भाजपा नेता के धोखे के कारण किसान बाबू सिंह ने आत्महत्या कर ली। भाजपा नेता ने धोखे से किसान की जमीन लिखवा ली। किसान के परिजन भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री  से न्याय की मांग कर रहे है लेकिन पीडि़तों को न्याय नहीं मिल रहा है। ऐसा लगता है कि मुख्यमंत्री जी नैतिक अवकाश पर गए हैं। कानपुर में ही भाजपा पार्षद पति ने सत्ता के घमण्ड में दबंगई दिखाते हुए एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी।

अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी बताए कि पीडि़त परिजनों की सुनवाई क्यों नहीं हो रही है। पूरे प्रदेश में गरीबों और वंचितों के साथ अन्याय हो रहा है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। महिलाओं, बेटियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश में गाजीपुर से लेकर गाजियाबाद और वाराणसी से सहारनपुर तक अपराध की घटनाएं दिनोंदिन बढ़ रही हैं। बदमाशों ने शनिवार शाम जौनपुर में मेडिकल स्टोर संचालक को गोली मार दिया।

बीते गुरूवार को सहारनपुर के गंगोह के एक गांव से किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म किया गया। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा और मुख्यमंत्री जी का जीरो टॉलरेंस का नारा झूठा है। भाजपा के दबंग और अपराधी नेताओं को बचाती है। निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाती है।

*****************************

 

NIA का बड़ा एक्शन : 19 खालिस्तानी आतंकियों की लिस्ट की जारी, संपत्ति जब्त करने की तैयारी; बंद होगा कमाई का जरिया

नई दिल्ली 24 Sep, (एजेंसी) : खालिस्ताानी चरमपंथियों को लेकर पनपे भारत-कनाडा विवाद के बीच एनआईए ने कार्रवाई तेज कर दी है। एनआईए ने भारत में प्रतिबंधित संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ के प्रमुख गुरुपतवंत सिंह पन्नू की पंजाब के अलग-अलग शहरों और जगहों पर स्थित संपत्तियों को जब्त कर लिया है और अन्य 19 भगोड़े खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई करने की तैयारी में है। इन भगोड़ों की लिस्ट तैयार हो गई है, जिसमें कुल 19 नाम शामिल हैं। अब सरकार इनके आर्थिक स्त्रोत को बंद करने पर काम कर रही है। इस लिस्ट में ऐसे कई लोग शामिल हैं जो विदेश में बैठकर भारत के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

एनआईए सूत्रों के मुताबिक ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा, दुबई, पाकिस्तान सहित दूसरे देशों में रह रहे भगोड़े खालिस्तानियों की भारत में तमाम संपत्तियां जब्त होंगी। UAPA के सेक्शन 33(5) के तहत ये संपत्तियां जब्त की जाएंगी। इन सभी भगोड़े खालिस्तानियों की भारत स्थित संपत्तियां UAPA के सेक्शन 33(5) के तहत जब्त होंगी। ये खालिस्तानी आतंकी विदेशी धरती से भारत विरोधी प्रोपेगेंडा चला रहे हैं। आपको बता दें कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने कुछ दिन पहले ही 43 भगोड़ों की एक और लिस्ट जारी की थी। एनआईए की ताजा जारी हुई सूची में निम्न नाम शामिल हैं…

1.परमजीत सिंह पम्मा- ब्रिटेन

2.वाधवा सिंह बब्बर- पाकिस्तान

3.कुलवंत सिंह मुठड़ा- ब्रिटेन

4.जेएस धालीवाल- अमेरिका

5.सुखपाल सिंह- ब्रिटेन

6.हरप्रीत सिंह उर्फ राना सिंह- अमेरिका

7.सरबजीत सिंह बेनूर- ब्रिटेन

8.कुलवंत सिंह उर्फ कांता- ब्रिटेन

9.हारजप सिंह उर्फ जप्पी सिंह- अमेरिका

10.रणजीत सिंह नीता- पाकिस्तान

11.गुरमीत सिंह उर्फ बग्गा बाबा- कनाडा

12.गुरप्रीत सिंह उर्फ बागी- ब्रिटेन

13.जसमीत सिंह हकीमजादा- दुबई

14.गुरजंत सिंह ढिल्लन- ऑस्ट्रेलिया

15.लखबीर सिंह रोड़े- कनाडा

16.अमरदीप सिंह पूरेवाल- अमेरिका

17.जतिंदर सिंह ग्रेवाल- कनाडा

18.दुपिंदर जीत- ब्रिटेन

19.एस. हिम्मत सिंह- अमरीका

एनआईए ने अमृतसर के गांव खानकोट में गुरुपतवंत सिंह पन्नू की 46 कनाल जमीन जब्त कर ली है। यह एग्रीकल्चर लैंड है। खानकोट पन्नू का पैतृक गांव है। वहीं चंडीगढ़ के सेक्टर 15C में उसका घर भी एनआईए ने जब्त कर लिया है। इससे पहले 2020 में उसकी संपत्तियों को अटैच किया गया था। कानूनी तौर पर अब पन्नू इन संपत्तियों का मालिक नहीं रहा।

ये प्रॉपर्टीज अब सरकार की हो गई हैं। भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम यानी UAPA के तहत पन्नू के संगठन SFJ पर 2019 में बैन लगा दिया था। इससे संबंधित गृह मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया था कि सिख रेफरेंडम की आड़ में सिख फॉर जस्टिस संगठन पंजाब में अलगाववाद और उग्रवाद को बढ़ावा दे रहा है।

************************************

 

प्रधानमंत्री मोदी के भोपाल प्रवास के लिए मिनिस्टर इन वेटिंग तय

भोपाल 24 Sep, (एजेंसी):मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 25 सितंबर को कार्याकर्ता महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हिस्सा लेने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले हैं। इस आयोजन के लिए तीन कैबिनेट मंत्रियों को मिनिस्टर इन वेटिंग नामित किया गया है।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि गृह, जेल एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भोपाल हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करेंगे। भोपाल हैलीपैड पर प्रधानमंत्री के आगमन पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भोपाल में होने वाले मुख्य कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग अगवानी करेंगे।

**************************

 

यूपी में 10 परिवारों के 70 लोगों ने अपनाया हिन्दू धर्म

मुजफ्फरनगर 24 Sep, (एजेंसी): उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बघरा में स्थित योग साधना यशवीर आश्रम में महंत स्वामी यशवीर जी महाराज के सानिध्य में मुजफ्फरनगर जिले के 10 मुस्लिम परिवारों के 70 सदस्यों ने शुद्धि यज्ञ में गायत्री मंत्रों के साथ आहुति देने के बाद हिंदू धर्म को अपनाया। इन परिवारों के सभी 70 सदस्यों के नाम भी बदल दिए गए। अब नाहिद को अरविंद कुमार, नाजिया को कविता तो गुलशन को अक्षय कुमार कहा जाएगा। इसी तरह से परिवार के अन्य सदस्यों के नये नाम रखे गये हैं।

योग साधना यशवीर आश्रम में महंत स्वामी यशवीर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी ने वेद मंत्रों के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन कराकर 10 परिवारों के इन 70 सदस्यों की शुद्धि की। जाकिर का कहना है कि उनके पूर्वज हिंदू ही थे, लेकिन बाद में किसी वजह से उन्होंने 10 वर्ष पूर्व इस्लाम कबूल कर लिया था। अब वह दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी कर रहे हैं।

आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी महाराज जी ने बताया कि अब तक 1,100 मुस्लिम लोगों ने दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी की है। प्रदेश में पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में हिंदुओं का उत्पीड़न कर उन्हें डराकर मुस्लिम बनाया जाता था, लेकिन अब प्रदेश में दूसरी बार योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बनने और माहौल ठीक होने पर पहले धर्म छोड़ गए लोग पुन: हिंदू धर्म में वापसी कर रहे हैं। जो धर्म बदल कर चले गए थे अब उनका स्वाभिमान जाग रहा है और वह वापसी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के निवासी इन 10 परिवारों के 70 सदस्यों ने बघरा में यशवीर आश्रम में आकर अपने धर्म में पुन: वापसी की है। इन सभी लोगों और बच्चों को गंगाजल से आचमन कराकर जनेऊ धारण कराया। इसके बाद लाल धागे में ओम की माला उनके गले में डाली गई। मुख्यत: वेद मंत्रों और गायत्री मंत्र से हवन कराया गया।

****************************

 

यूपी: सुल्तानपुर में जमीनी विवाद में डॉक्टर की पीट-पीटकर हत्या

सुल्तानपुर  24 Sep, (एजेंसी): सुल्तानपुर में शनिवार शाम जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात 53 वर्षीय एक डॉक्टर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। कोतवाली क्षेत्र में जयसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. घनश्याम त्रिपाठी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सोमेन बर्मा ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा, नगर पुलिस समेत कई टीमें अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं। डॉ. त्रिपाठी की पत्नी निशा त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि नारायणपुर के रहने वाले कुछ लोगों ने जमीनी विवाद में उनके पति की हत्या कर दी।

उन्होंने कहा, ”शाम को मेरे पति घर आए और मुझसे 3,000 रुपये ले गए और कहा कि यह नक्शा बनाने वाले व्यक्ति के लिए है। वह कुछ नाश्ता करने के बाद घर से निकले और कुछ देर बाद घायल अवस्था में रिक्शे पर लौटे।” निशा के मुताबिक, उनके पति ने उन्हें बताया कि उन पर नारायणपुर निवासी जगदीश नारायण सिंह के बेटे ने हमला किया।

डॉ. त्रिपाठी को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आर.ए. वर्मा और पूर्व विधायक देवमणि दुबे जिला अस्पताल पहुंचे। पूर्व विधायक देव मणि द्विवेदी ने कहा कि ऐसी जघन्य घटना पर प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। एसपी बर्मा ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

*****************************

 

फतेहपुर सीकरी में फ्रांसीसी पर्यटक की मौत के मामले में एएसआई ने दिए जांच के आदेश

आगरा 24 Sep, (एजेंसी): भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक स्मारक फतेहपुर सीकरी में 61 वर्षीय फ्रांसीसी महिला पर्यटक की मौत की जांच के आदेश दिए हैं। संयुक्त महानिदेशक संजय मंजुल को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। यह घटना तब घटी जब फ्रांसीसी पर्यटक, जिसकी पहचान एस्मा बेन येल्स के रूप में हुई, लगभग पांच फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म से गिर गई। पूरे भारत में संरक्षित स्मारकों के संरक्षण और रखरखाव के लिए जिम्मेदार एएसआई ने इस घटना का तुरंत संज्ञान लिया।

एएसआई के आगरा सर्कल के अधीक्षण पुरातत्वविद् राज कुमार पटेल ने जांच शुरू होने की पुष्टि करते हुए कहा, ”दिल्ली में एएसआई महानिदेशक के कार्यालय के निर्देशानुसार संयुक्त महानिदेशक स्तर का अधिकारी जांच का नेतृत्व करेगा। जांच समिति के निष्कर्ष यह निर्धारित करेंगे कि आगरा में स्मारकों का सुरक्षा ऑडिट आवश्यक है या नहीं।” बता दें कि आगरा के जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में एक समिति पहले से ही इस घटना की जांच कर रही है।

अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) शैरी और सीएमओ डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ने स्मारक का दौरा किया और एएसआई अधिकारियों और निजी सुरक्षा कर्मियों से बातचीत की। जिला मजिस्ट्रेट भानु गोस्वामी ने पहले घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था, जिसमें एडीएम प्रोटोकॉल शैरी, सीएमओ आगरा डॉ. एके श्रीवास्तव और सहायक पुलिस आयुक्त (अछनेरा) शामिल थे।

गोस्वामी ने जोर देकर कहा, ”अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रोटोकॉल) घटना की जांच करेंगे, जिसमें एम्बुलेंस सेवा में देरी के आरोप भी शामिल हैं। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।” प्रत्यक्षदर्शियों ने दुखद दुर्घटना का जिक्र करते हुए बताया कि विदेशी महिला एक लकड़ी की रेलिंग के सामने झुकी हुई थी, जिसके चलते वह पांच फुट ऊंचे प्लेटफॉर्म से नीचे पत्थर के फर्श पर गिर पड़ी।

****************************

 

पीएम मोदी कल 9 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी, इन राज्यों को मिलेगा लाभ

नई दिल्ली ,23 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के 11 राज्यों के विभिन्न गंतव्यों को जोडऩे वाली नौ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्रालय ने आज यहां बताया कि ये नई वंदे भारत ट्रेनें देश भर में कनेक्टिविटी में सुधार और रेल यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के प्रधान मंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक कदम हैं।

जिन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी वे  उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस, हैदराबाद-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस, विजयवाड़ा  चेन्नई (बारास्ता रेनिगुंटा) वंदे भारत एक्सप्रेस, पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, कासरगोड-तिरुवनंतपुरम वंदे भारत एक्सप्रेस, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस, रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस तथा जामनगर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस हैं। ये नौ ट्रेनें ग्यारह राज्यों राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, ओडिशा,झारखंड और गुजरात में कनेक्टिविटी के साथ साथ पर्यटन को बढ़ावा देंगी।

ये वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें अपने संचालन के मार्गों पर सबसे तेज़ ट्रेन होंगी और यात्रियों का काफी समय बचाने में मदद करेंगी। मार्ग पर वर्तमान सबसे तेज़ ट्रेन की तुलना में, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और कासरगोड-तिरुवनंतपुरम वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे तेज़ होंगी। हैदराबाद-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस 2.5 घंटे से अधिक, तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस 2 घंटे से अधिक तथा रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और जामनगर-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस करीब एक एक घंटे की बचत करेंगी। जबकि उदयपुर-जयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग आधे घंटे का समय बचाएगी।

देश भर में महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों की कनेक्टिविटी में सुधार करने के प्रधान मंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप, राउरकेला-भुवनेश्वर-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस और तिरुनेलवेली-मदुरै-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस पुरी और मदुरै के महत्वपूर्ण धार्मिक शहरों को जोड़ेगी। इसके अलावा, विजयवाड़ा-चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस रेनिगुंटा मार्ग से संचालित होगी और तिरुपति तीर्थस्थल के लिए कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार इन वंदे भारत ट्रेनों की शुरूआत से देश में रेल सेवा के एक नए मानक की शुरुआत होगी। विश्व स्तरीय सुविधाओं और कवच तकनीक सहित उन्नत सुरक्षा सुविधाओं से सुसज्जित ये ट्रेनें आम लोगों, पेशेवरों, व्यापारियों, छात्र समुदाय और पर्यटकों को यात्रा के आधुनिक, त्वरित और आरामदायक साधन प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होंगी।

*******************************

 

नारी अभिनंदन कार्यक्रम में पीएम मोदी बोले, कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत

वाराणसी ,23 सितंबर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें ऐसा समाज तैयार करना है, जिसमें किसी नारी को आगे बढऩे के लिए किसी की भी जरूरत न पड़े, इसीलिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया है। कुछ लोगों को वंदन शब्द से दिक्कत है। पीएम मोदी शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी में नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन जैसा ऐतिहासिक कानून पास होने के बाद मैं सबसे पहले काशी में आप सबका आशीर्वाद लेने आया हूं। ये मेरा सौभाग्य है कि इतनी बड़ी संख्या में आप हमें आशीर्वाद दे रहे हैं। कुछ ही समय में दुर्गा पूजा का उत्सव शुरू होने वाला है। नारी शक्ति वंदन अधिनियिम ने इस बार दुर्गा पूजा के उत्साह को और भी कई गुना बढ़ा दिया है। लेकिन, कुछ लोगों को वंदन शब्द से परेशानी है।

उन्होंने पूछा कि माताओं-बहनों का वंदन नहीं होगा तो किसका होगा। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि तीन दशकों से बिल अटका हुआ था, विरोध करने वाले भी समर्थन में आ गए। काशी और पूरे देश की महिलाओं को बधाई देता हूं। महिला सांसदों की संख्या बढ़ेगी। इस बिल में सबने नारी का सामर्थ्य देखा। महिलाएं देश की शक्ति हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा देश शुरू से पुरुष प्रधान रहा है। लेकिन, जब से हमारी सरकार बनी है। खेल के मैदान से लेकर राफेल उड़ाने तक महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। हमने मुद्रा योजना शुरू की। इसका सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं को मिला। जितने भी छोटे-बड़े उद्योग जो बंद होने थे, उन्हें फिर से गति मिली है। महिलाएं आज देश की तरक्की में भगीदारी निभा रही हैं। वे अपने हुनर से अपने इलाके में पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल ने नवरात्र का उत्साह बढ़ा दिया है। इस बिल से महिलाओं के सपने पूरे होंगे और उनका विकास तेज होगा। अब देश बदल रहा है। प्रॉपर्टी में महिलाओं का नाम को तरजीह दी जा रही है। महिलाओं को मुद्रा योजनाओं का फायदा मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी में टूरिस्ट गाइड जैसी फील्ड में महिलाओं को आगे आना चाहिए। इससे बनारस की बहनों का रोजगार मिलेगा और महिला टूरिस्ट को भी अच्छा लगेगा। मैं चाहता हूं कि महिला टूरिस्ट गाइड अपने काशी की जानकारी पर्यटकों को बताएं।

*********************************

 

कौशल विकास घोटाला मामले में चंद्रबाबू नायडू ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, एफआईआर रद्द करने की मांग

नई दिल्ली ,23 सितंबर (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कौशल विकास घोटाले के आरोपों में गिरफ्तार तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने कौशल विकास भ्रष्टाचार मामले में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने से इंकार कर दिया था और उनकी याचिका खारिज कर दी थी। नायडू की याचिका पर सोमवार को सुनवाई होने की संभावना है।

इससे पहले दिन आंध्र प्रदेश पुलिस की एक टीम ने राजामहेंद्रवरम की जेल में कौशल विकास निगम घोटाला मामले में चंद्रबाबू नायडू से पूछताछ शुरू की। शुक्रवार को विजयवाड़ा की एसीबी कोर्ट ने आगे की पूछताछ के लिए नायडू की दो दिन की पुलिस हिरासत सीआईडी को दे दी थी। दोनों दिन 23 और 24 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से शाम 5 बजे तक पूछताछ की इजाजत दी गई है।

क्या है कौशल विकास घोटाला

सीआईडी ने मार्च में कौशल विकास से संबंधित घोटाले की जांच शुरू की थी, जिसका गठन 2016 में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए ट्रेनिंग देने के लिए गया था। पिछली टीडीपी सरकार ने 3,300 करोड़ की परियोजना को सीमेंस इंडस्ट्री सॉफ्टवेयर इंडिया लिमिटेड और डिजाइन टेक सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक प्रोजेक्ट पर साइन किए थे। इनको 6 कौशल केंद्र बनाने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने कोई भी केंद्र नहीं बनाया।

मार्च में ही मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के ऑफिस से बयान जारी कर कहा गया कि सीमेंस उद्योग ने इस परियोजना पर एक भी रुपया खर्च नहीं किया, लेकिन राज्य द्वारा दिए गए 371 करोड़ का एक बड़ा हिस्सा निकाल लिया। साथ ही, कहा गया कि यह पूरा पैसा फर्जी कंपनियों को भेजा गया था।

*****************************

 

असम में नया उग्रवादी समूह मेघालय के ग्रामीणों के लिए चिंताजनक: क्षेत्रीय पार्टी विधायक

शिलांग 23 Sep, (एजेंसी): राज्य विधानसभा में एक क्षेत्रीय पार्टी के विधायक ने दावा किया कि असम में नए चरमपंथी समूह ने मेघालय के सीमावर्ती गांवों को असहज कर दिया है। मेघालय विधानसभा के 60 सदस्यों से बात करने वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के विधायक नुजोर्की सुंगोह ने कहा कि यूनाइटेड पीपुल्स फ्रंट ऑफ कार्बी लोंगरी (यूपीएफकेएल) की स्थापना कुछ महीने पहले हुई थी और यह संगठन असम सीमा के साथ एक विवादास्पद क्षेत्र में रहने वाले मेघालय के निवासियों के लिए समस्या पैदा कर सकता है। असम का पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिला विवादित क्षेत्र से घिरा है, और यूपीएफकेएल एक ऐसा संगठन है जो स्पष्ट रूप से कार्बी आदिवासी लोगों के लक्ष्यों का समर्थन करता है।

समूह के दो सदस्यों को जुलाई में असम पुलिस ने हिरासत में लिया था और उनके पास से दो पिस्तौल, हथगोले, जबरन वसूली की नकदी तथा हथियार पाए गए थे। कथित तौर पर दोनों 885 किलोमीटर लंबी असम-मेघालय सीमा पर अभी भी अनसुलझे छह विवादित क्षेत्रों में से एक ब्लॉक-1 के एक गांव के निवासी थे। सुंगोह ने जोर देकर कहा कि असम की पार्टियों द्वारा “डराने-धमकाने का इतिहास” मेघालय के खासी-पनार आदिवासी लोगों में यूपीएफकेएल के बारे में चिंता बढ़ाता है।

उन्होंने उन गांवों का उदाहरण दिया जिन्हें अतीत में मेघालय में अपने घर छोड़ने पड़े थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार नए खतरे पर ध्यान देगी और स्थानीय लोगों को निराश नहीं करेगी। इस बीच, मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा के अनुसार, मेघालय सरकार को अभी तक नए कार्बी चरमपंथी समूह के संबंध में कोई खुफिया जानकारी या शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा, “हालांकि, हम इस घटनाक्रम को खारिज नहीं कर रहे हैं। अपने लोगों की रक्षा और सुरक्षा के लिए हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो।”

*************************

जयराम के नई संसद को मोदी मल्टीप्लेक्स बताने पर भड़के नड्डा, कांग्रेस को बताया संसद विरोधी

नई दिल्ली 23 Sep, (एजेंसी): कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा देश की नई संसद को ‘मोदी मल्टीप्लेक्स’ बताने पर भड़के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने इसे देश के 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का अपमान करार देते हुए कांग्रेस को संसद विरोधी बताया है।

रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए एक्स ( पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा था कि बहुत जोर-शोर के साथ लॉन्च किया गया नया संसद भवन सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्देश्यों को अच्छी तरह पूरा कर रहा है। इसे तो ‘मोदी मल्टीप्लेक्स’ या ‘मोदी मेरियट’ कहा जाना चाहिए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के पोस्ट पर रिप्‍लाई करते हुये नड्डा ने कहा, ” कांग्रेस पार्टी के निम्नतम मानकों के हिसाब से भी यह एक दयनीय मानसिकता है। यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं के अपमान के अलावा और कुछ नहीं है।”

नड्डा ने कहा कि वैसे भी, यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस का संसद विरोधी रुख सामने आया है। भाजपा अध्‍यक्ष ने कहा, ”उन्होंने 1975 में कोशिश की और बुरी तरह विफल रही।”

****************************

 

दिल्ली में खुद को गोली मारने वाले भाजपा नेता की मौत

नई दिल्ली 23 Sep, (एजेंसी): भाजपा के एक नेता, जिन्‍होंने खुद को गोली मार ली थी, की आज सुबह अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। शुरुआती जांच से पता चला कि ग्रेटर कैलाश-1 के निवासी करण बंका वित्तीय समस्या से जूझ रहे थे। उन्हें पैसों की जरूरत थी।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात उन्हें एक कॉल आई जिसमें बताया गया कि दोपहर करीब 12:30 बजे बंका बाथरूम में फिसल गए, जिससे उसके सिर में चोट लग गई है। इसके बाद उन्हें मैक्स हॉस्पिटल साकेत में भर्ती कराया गया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा, ”ग्रेटर कैलाश थाने के एसएचओ स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे। पता चला कि करण को गोली लगी थी, जो उसने अपने बाथरूम में खुद को मारी थी।”

डीसीपी ने कहा, “गोली का दाहिनी ओर प्रवेश घाव था और बायीं ओर निकास घाव था। घटना में लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया गया था जो उसके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) दिनेश का था।” प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि करण राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल था। डीसीपी ने कहा, “हाल के दिनों में वह वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहा था और अपने परिचित लोगों से पैसे मांग रहा था।” डीसीपी ने कहा, “शनिवार को करण ने दम तोड़ दिया। इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

****************************

 

मुंबई में 15 मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर लगी आग, दम घुटने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत

मुंबई 23 Sep, (एजेंसी): मुंबई के दादर में शनिवार सुबह 15 मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर आग लगने से 60 वर्षीय एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी।

दादर हिंदू कॉलोनी में रेनट्री बिल्डिंग की 13वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:35 बजे आग लग गई, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ स्थानीय लोगों ने इमारत के ऊपर धुएं का गुबार देखे जाने पर इमारत के निवासियों की मदद करने का प्रयास किया।

सचिन पाटकर (60) नामक एक व्यक्ति को जहरीले धुएं के कारण सांस लेने में समस्या हो रही थी। उसे लगभग 9:50 बजे सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। आग लगने का कारण और अन्य हताहतों का विवरण ज्ञात नहीं है और अग्निशमन अभियान जारी है।

**************************

 

खुशखबरी! गर्भ में पल रहे बच्चों की बीमारियों का लगेगा पता; दंपत्ति का भी होगा इलाज

गोरखपुर 23 Sep, (एजेंसी) : गोरखपुर एम्स में नई शुरुआत होने जा रही है। इसके जरिए गर्भ में पल रहे बच्चों के बीमारियों का पता डॉक्टर पहले ही लगा लेंगे और उसका इलाज भी संभव हो सकेगा। अब तक यह सुविधा सिर्फ लखनऊ में मौजूद थी। लेकिन अब एम्स में इसकी सुविधा शुरू होने के बाद शहर के लोगों को यहीं पर वह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। जल्दी एम्स में इसके लिए निदान केंद्र शुरू किया जाएगा। एम्स के बायोकेमेस्ट्री डिपार्टमेंट में इस सेंटर का संचालन होगा।

गोरखपुर एम्स में निदान केंद्र शुरू होने से नवजात शिशुओं को बीमारियों से बचाया जा सकेगा। बायोकेमेस्ट्री डिपार्मेंट के डॉक्टर प्रभात सिंह ने बताया कि, इसके शुरू होने से गर्भ में पल रहे बच्चों की बीमारियों का पता लगाया जा सकेगा। साथ ही गर्भवतियों की स्क्रीनिंग भी हो सकेगी और गर्भावस्था में सामान्य बीमारियों का इलाज होगा। इसके साथ ही वहीं कुछ ला इलाज बीमारी भी होती है जिसके बारे में हसबैंड वाइफ को पहले ही बताया जा सकेगा। डॉक्टर ने बताया कि केंद्र में बीमारियों की पहचान के बाद दंपतियों का इलाज भी कराया जाएगा।

इस केंद्र के खुलने से नवजात बच्चों को काफी मदद मिलेगी। साथ ही जांच के बाद कुछ ऐसे मामले होते हैं जिसमें जन्म के बाद बच्चों का इलाज किया जाएगा। ताकि वह नॉर्मल लाइफ जी सके वहीं एम्स की कार्यकारी डायरेक्टर डॉक्टर सुरेखा किशोर बताती हैं कि, गर्भावस्था की पहली तिमाही काफी अहम होती है इस समय औरतों के गर्भावस्था की सही जानकारी मिलती है। साथ ही डीएनए सीक्वेंसिंग के जरिए बच्चों में होने वाले बीमारियों का पहचान किया जा सकता है और उनका सही समय पर इलाज होता है। जिससे आने वाले समय में बच्चा नार्मल जिंदगी जी सके।

************************

 

बारिश बनी आफतः मकान का छज्जा गिरने से दो महिलाओं की मौत- कई लोग मलबे में दबे

राजगीर 23 Sep, (एजेंसी): बिहार के नालंदा जिले में मानपुर थाना क्षेत्र के हरगावां पंचायत में दो मंजिला मकान का छज्जा गिरने से दो महिलाओं की दबकर मौत हो गई तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मानपुर के थानाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि मकान का छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत की सूचना मिली है। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है।

बारिश में सभी लोग अपने घरों में थे। इसी दौरान सौदागर पासवान का पुराने मकान का छज्जा गिर गया। इस दुर्घटना में कई लोग मलबे के अंदर दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। शर्मा ने बताया कि मकान का छज्जा गिरने की आवाज को सुनकर ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला।

आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए पावापुरी के विम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बालेश्वर पासवान की 65 वर्षीय पत्नी श्याम सुंदरी देवी और राजन पासवान की 25 वर्षीय पत्नी रंजू देवी की मौत हो गई। वहीं, अंकिता कुमारी औरनिकिता कुमारी समेत कई घायलों का पावापुरी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

*************************

 

असम में एनआईटी सिलचर के छात्रों ने की भूख हड़ताल खत्म

सिलचर 23 Sep, (एजेंसी): असम में एनआईटी सिलचर के छात्रों ने संस्थान के निदेशक द्वारा उनकी मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद अपनी पांच दिवसीय भूख हड़ताल खत्म कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। थर्ड ईयर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग छात्र कोज बुकर की आत्महत्या के मामले में डीन (एकेडमिक्स) बी.के. रॉय पर गंभीर आरोप लगाते हुए भूख हड़ताल पर बैठे दो हजार से ज्यादा छात्रों ने शुक्रवार रात को अपना विरोध समाप्त करने का फैसला किया।

एनआईटी प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों को फलों के जूस के पैकेट सौंपे। प्रदर्शनकारी छात्रों में से एक ने कहा, “अधिकारियों ने हमारी दो प्राथमिक मांगों को पूरा करने का वादा किया है। प्रोफेसर रॉय को अगले कुछ दिन में उनके पद से हटा दिया जाएगा और बुकर की मौत के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू करने वाले छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।”

इससे पहले शुक्रवार को इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक प्रोफेसर दिलीप कुमार बैद्य ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनसे हड़ताल वापस लेने का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों से जल्द संपर्क नहीं करने के लिए खेद व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि प्रोफेसर बी.के. रॉय को अगले दो दिन के भीतर डीन के पद से हटा दिया जाएगा। लेकिन छात्रों ने निदेशक से लिखित बयान की मांग की और कहा कि जब तक उन्हें यह नहीं मिल जाता, वे भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। शुक्रवार दोपहर नई गैलरी में हुई एक घंटे की बैठक के दौरान छात्रों ने प्रोफेसर बैद्य को अपनी मांगों की एक सूची सौंपी।

थर्ड ईयर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग छात्र कोज बुकर की आत्महत्या के बाद, भूख हड़ताल 18 सितंबर की सुबह शुरू हुई। अधिकारियों के मुताबिक, बुकर का लटका हुआ शव 15 सितंबर को संस्थान के हॉस्टल-7 में मिला था। प्रो. बी.के. रॉय पर छात्रों ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। प्रोफेसर बैद्य ने बताया, “हमें मृत छात्र के परिवार के प्रति सहानुभूति है और हम आपके आंदोलन को समझते हैं। हम आपसे शीघ्र संपर्क न कर पाने के लिए क्षमा चाहते हैं। अगले दो दिनों के भीतर हम मांगों को पूरा करने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने वहां संवाददाताओं से यह भी कहा, ”हमें लगता है कि मुद्दे लगभग सुलझ गये हैं।”

*************************

 

घर बैठे लाखों कमाने का झांसा देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को बनाया शिकार, 6.80 लाख रुपये ठगे

नोएडा 23 Sep, (एजेंसी): पार्ट टाइम नौकरी कर घर बैठे लाखों रुपए कमाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर से छह लाख 80 हजार रुपए की ठगी की। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की है। अज्ञात जालसाज के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा के निराला स्टेट के अजीत सिंह राघव ने बताया कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर पार्ट टाइम नौकरी कर प्रतिमाह लाखों रुपये कमाने का मैसेज आया। मैसेज के माध्यम से बात करने पर जालसाज ने इंजीनियर को बताया कि उसे इंस्टाग्राम पर प्रोफाइल्स को फॉलो करना होगा। प्रति फॉलो पर शिकायतकर्ता को 50 रुपये बतौर मुनाफा देने की बात तय हुई।

इसके बाद शिकायतकर्ता को अलास नाम की टेलीग्राम आईडी से जोड़ा गया। प्रारंभिक चरण में कुछ मुनाफा देने के बाद जालसाजों ने पीड़ित को प्रीपेड टास्क का हवाला देते हुए निवेश पर तीन गुना मुनाफा देने की बात कही। एक हजार रुपये का निवेश करने पर पीड़ित को 30 प्रतिशत मुनाफा सहित रकम वापस कर दी गई। इसके बाद पीड़ित ने कई बार में कुल छह लाख 80 हजार रुपये निवेश कर दिए। इसमें कुछ रकम उसने रिश्तेदारों से भी ली। इंजीनियर पर छह लाख रुपये और निवेश करने का दबाया बनाया जाने लगा तो उसे ठगी की आशंका हुई।

******************************

 

NIA का गुरपतवंत पन्नू के खिलाफ बड़ा एक्शन, चंडीगढ़-अमृतसर में छापेमारी कर जब्त की प्रॉपर्टी

नई दिल्ली 23 Sep, (एजेंसी): प्रतिबंधित आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पन्नू की दो संपत्तियों को जब्त कर लिया है। एनआईए के एक अधिकारी ने बताया, हमने पंजाब के अमृतसर और चंडीगढ़ में पन्नू की दो संपत्तियों को जब्त कर लिया है।

अधिकारी ने कहा कि एजेंसी ने पन्नू की जिन संपत्तियों को जब्त किया है, उनमे अमृतसर जिले के बाहरी इलाके में स्थित पैतृक गांव खानकोट में 46 कनाल कृषि संपत्ति भी शामिल है। अधिकारी ने यह भी कहा कि चंडीगढ़ के सेक्टर 15 इलाके में उनकी आवासीय संपत्ति भी जब्त कर ली गई है।

अधिकारियों ने पन्नू की संपत्ति के बाहर आतंकवाद विरोधी जांच कार्रवाई के बारे में जानकारी देने वाला होर्डिंग भी लगाया। जब्ती के बाद, पन्नू ने संपत्ति का अधिकार खो दिया और संपत्ति अब सरकार की है। 2020 में, उनकी संपत्ति कुर्क कर ली गई थी, जिसका मतलब था कि वह संपत्ति बेच नहीं सकता था।

एसएफजे को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 3(1) के तहत गैरकानूनी घोषित किया गया है। यह मामला पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को विदेशों से वित्त पोषण, समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने और युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए कट्टरपंथी बनाने से संबंधित है।

******************************

 

Lux Industries के घर-दफ्तर पर IT का छापा, 200 करोड़ से अधिक की कर चोरी मामले में कार्रवाई

नई दिल्ली 22 Sep, (एजेंसी): आयकर विभाग ने कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी के मामले में शुक्रवार को कोलकाता में लक्स इंडस्ट्रीज के घर और दफ्तर में छापेमारी की। एक टीम कोलकाता के सृजन टेक पार्क थाने भी पहुंची।

सूत्रों ने कहा कि जब यह रिपोर्ट दाखिल की जा रही थी तब उसके अधिकारियों के आवासीय परिसरों और कार्यालय में तलाशी अभियान चल रहा था। अभी तक आईटी विभाग ने छापेमारी को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
संपर्क करने पर लक्स इंडस्ट्रीज ने भी कोई जवाब नहीं दिया।

आयकर टीम की छापेमारी से कंपनी के शेयरों में 3 फीसदी से ज्यादा गिरावट आ गई है। लक्स इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले एक साल में 19 फीसदी गिर चुके हैं। जबकि इस साल 1 जनवरी से अब तक 10 फीसदी तक टूट चुके हैं।

*******************************

 

BSF ने तस्करी की कोशिश को किया नाकाम, मैत्री एक्सप्रेस से 1.5 करोड़ का सामान जब्त

नई दिल्ली 22 Sep, (एजेंसी): बीएसएफ ने रेलवे सुरक्षा बल के साथ एक संयुक्त अभियान के दौरान गेडे रेलवे स्टेशन पर कोलकाता और ढाका के बीच चलने वाली अंतर्राष्ट्रीय मैत्री एक्सप्रेस ट्रेन से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके पास से 1.5 करोड़ रुपये के कॉस्मेटिक सामान जब्त किया है।

बीएसएफ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। संयुक्त अभियान 20 सितंबर को शुरू किया गया था। बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, ”दो भारतीय यात्रियों, जिनकी पहचान अख्तर खान और अब्दुल हलीम के रूप में हुई है। दोनों को कीमती मोबाइल फोन और अन्य वस्तुओं के साथ पकड़ा गया है।

जवानों ने दोनों यात्रियों के कब्जे से 83 स्मार्टफोन, 26 मोबाइल एडॉप्टर, 48 डेटा केबल, 64 साड़ियां और 10 किलो चावल जब्त किए हैं। इन सभी की अनुमानित कीमत 17,52,640 रुपये है।

हिरासत में लिए गए यात्रियों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये सामान कोलकाता के न्यू मार्केट से खरीदा था और आसानी से पैसा कमाने के लिए इन्हें मैत्री एक्सप्रेस से बांग्लादेश ले जा रहे थे।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बांग्लादेश पहुंचने पर उनका इरादा बांग्लादेश के ढाका निवासी मोहम्मद रतुल को माल पहुंचाने का था, जिसके लिए उन्हें प्रत्येक से 3,000 रुपये मिलने थे। हालांकि, सतर्क बीएसएफ जवानों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पकड़े गए यात्रियों और जब्त किए गए सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बानपुर में सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया।

**************************

 

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड उच्च न्यायालय के दिवंगत न्यायाधीश श्री कैलाश प्रसाद देव को भावभीनी श्रद्धांजलि दी

22.09.2023  –  झारखंड उच्च न्यायालय परिसर, रांची,  मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड हाई कोर्ट परिसर पहुंचकर झारखंड उच्च न्यायालय के दिवंगत न्यायाधीश श्री कैलाश प्रसाद देव के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायाधीश श्री कैलाश प्रसाद देव के असामयिक निधन से मन व्यथित है। न्यायाधीश श्री कैलाश प्रसाद देव का निधन न्यायिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।

***********************************

 

बेंगलुरु में महिला तकनीकी विशेषज्ञ ने लगाया लव जिहाद का आरोप

बेंगलुरु 22 Sep, (एजेंसी): पुलिस ने एक महिला सॉफ्टवेयर पेशेवर की शिकायत के बाद जम्मू-कश्मीर के एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसने दावा किया है कि जिस व्यक्ति के साथ वह रिश्ते में थी, उसने उसे इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया। एक अधिकारी ने यहां गुरुवार को यह जानकारी दी।

महिला ने दावा किया कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा करने के बाद “लव जिहाद के तहत” उसका यौन शोषण किया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम जम्मू-कश्मीर भेजी गई है।

एफआईआर मोजीफ अशरफ बेग के खिलाफ दर्ज की गई है, जो बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के शिकारीपाल्या में रहता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मुलाकात शिकारीपाल्या में तकनीकी विशेषज्ञ से हुई और उसने उससे दोस्ती कर ली। जल्द ही, वे एक-दूसरे को पसंद करने लगे और रिश्ते में आ गए।

महिला ने दावा किया कि जब बेग ने उससे शादी का वादा किया तो दोनों शारीरिक रूप से अंतरंग हो गए। बेग ने वादा किया था कि वह बिना किसी धार्मिक परंपरा के उससे कोर्ट में शादी करेगा।

उसने दावा किया कि शारीरिक अंतरंगता के बाद, आरोपी ने उस पर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया।

महिला ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और जोर देकर कहा कि वह अपने पहले के रुख पर कायम रहे। उसने यह भी दावा किया कि बेग के भाई मोरिफ अशरफ ने उसे फोन किया और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने कहा, उसने उसे अपने भाई को परेशान न करने की चेतावनी भी दी। पुलिस ने आईपीसी और कर्नाटक धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

**************************