Category Archives: news

यूपी में टमाटर के बाद प्याज के दाम आसमान पर

लखनऊ 01 Nov, (एजेंसी): टमाटर के बाद अब प्याज त्योहारी सीजन में उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाल रहा है। खुदरा बाजार में प्याज की कीमत पिछले एक सप्ताह में दोगुनी हो गई हैं, जो 30-35 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 60-80 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं।

पिछले चार महीनों में यह दूसरी बार है जब अगस्त के बाद प्याज की कीमतें बढ़ी हैं, जब प्याज 100 रुपये के पार पहुंच गया था। कुछ महीने पहले टमाटर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बाद इसने रसोई के बजट पर दबाव डाला है। प्याज की कीमतों में यह वृद्धि परिवारों और रेस्तरां वालों के लिए परेशानियों का सबब बनी हुई है। व्यापारियों को चिंता है कि आने वाले महीनों में कीमतें बढ़ती रह सकती हैं। प्याज की ऊंची कीमतों के कई कारण हैं।

थोक विक्रेताओं के अनुसार, इस साल की शुरुआत में खराब मौसम, ज्यादा गर्मी, नियमित बारिश के कारण प्याज की फसल खराब हो गई, जिसके चलते थोक प्याज की कीमतें बढ़ गईं। सीतापुर मंडी के एक व्यापारी पप्पू सोनकर ने बताया, ”वर्तमान में हमें स्थानीय बाजार में केवल 20-30 ट्रक प्याज मिल रहा है। हाल ही में पड़ोसी राज्य में प्याज व्यापारियों की हड़ताल से भी आपूर्ति बाधित हुई, जिससे कीमतों में बढ़ोतरी हुई।”

कई रेस्तरां पहले ही सलाद की प्लेटों से प्याज हटा चुके हैं, जबकि स्ट्रीट फूड विक्रेताओं ने भी प्याज का उपयोग कम कर दिया है। पुराने शहर में रेस्टोरेंट चलाने वाले नजमुल हसन ने कहा, ”प्याज की बढ़ती कीमत हमारे कारोबार पर काफी दबाव डाल रही हैं। प्याज हमारे मांसाहारी व्यंजनों में महत्वपूर्ण है और जब इसकी कीमतें बढ़ती हैं, तो यह हमारे भोजन की गुणवत्ता को प्रभावित करती है। बड़े रेस्तरां के विपरीत, हम सलाद और प्याज के लिए अतिरिक्त शुल्क नहीं ले सकते हैं, और इससे हमारे लिए लाभदायक बने रहना मुश्किल हो रहा है।’

**************************

 

पड़ोसी देशों के साथ भी ‘सबका साथ, सबका विकास’ चाहता है भारत: PM मोदी

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए हैं और नई दिल्ली ने ढाका के साथ भी ‘सबका साथ, विकास’ का दृष्टिकोण अपनाया है।

पीएम मोदी ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष शेख हसीना के साथ भारतीय सहायता से निर्मित तीन परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए कहा, “हमने अपने पड़ोसी देश बांग्लादेश के लिए भी ‘सबका साथ, सबका विकास’ का दृष्टिकोण अपनाया है। हमें बांग्लादेश के लिए सबसे बड़ा विकास भागीदार होने पर गर्व है। पिछले नौ वर्षों में, 10 बिलियन डॉलर की सहायता दी गई है। उपलब्धियों की सूची बहुत लंबी है।”

ये परियोजनाएं हैं — अखौरा-अगरतला क्रॉस-बॉर्डर रेल लिंक; खुलना-मोंगला पोर्ट रेल लाइन; और मैत्री सुपर थर्मल पावर प्लांट की यूनिट-II… मोदी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में हमारा आंतरिक व्यापार तीन गुना हो गया है।

“आज अखौरा-अगरतला रेल लिंक का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है। यह बांग्लादेश और भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के बीच पहला रेल लिंक है। मुक्ति संग्राम के दिनों से ही त्रिपुरा का बांग्लादेश के साथ मजबूत संबंध रहा है, मुझे खुशी है कि हमने मैत्री थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी यूनिट का उद्घाटन किया है।

“सीमा पर शांति, सुरक्षा और स्थिरता स्थापित करने के लिए, हमने भूमि सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए, जो दशकों से लंबित था। हमने समुद्री सीमा का भी समाधान किया… पिछले नौ वर्षों में, ढाका को शिलांग, अगरतला, गुवाहाटी और कोलकाता से जोड़ने वाली तीन नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। पिछले नौ वर्षों में तीन नई ट्रेन सेवाएं भी शुरू हुई हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा, 2020 से भारत और बांग्लादेश के बीच पार्सल और कंटेनर ट्रेनें भी चल रही हैं। भारत और बांग्लादेश के बीच दुनिया का सबसे बड़ा क्रूज गंगा विलास शुरू करने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। मोदी ने आगे कहा कि यह खुशी की बात है कि ‘एक बार फिर हम भारत-बांग्लादेश सहयोग की सफलता का जश्न मनाने के लिए जुड़े हैं।’ हमारे रिश्ते लगातार नई ऊंचाईयां छू रहे हैं। पिछले 9 सालों में हमने मिलकर जो काम किया है, वह इससे पहले के दशकों में भी नहीं हुआ था।

अपनी ओर से, हसीना ने “दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए” भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। बांग्लादेश की नेता ने दोनों देशों द्वारा बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान पर बनी बायोपिक की स्क्रीनिंग की भी सराहना की। हसीना ने कहा, मैं पीएम मोदी के प्रति अपनी गहरी सराहना और कृतज्ञता व्यक्त करना चाहूंगी। (शेख मुजीबुर रहमान की बायोपिक मुजीब द मेकिंग ऑफ ए नेशन की) स्क्रीनिंग अब बांग्लादेश और भारत दोनों में चल रही है।

**************************

 

भारतीय नौसेना को बड़ी सफलता, बंगाल की खाड़ी में किया ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी): भारतीय नौसेना ने ब्रह्मोस मिसाइल की सफल फायरिंग की है। नौसेना ने बुधवार 1 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में ब्रह्मोस की यह फायरिंग की। नेवी के कई डिस्ट्रॉयर्स पर ब्रह्मोस मिसाइल तैनात की गई है। नौसेना के नीलगिरी, शिवालिक और तलवार क्‍लास के फ्रिगेट में भी ब्रह्मोस मिसाइल तैनात है। नौसेना ने बुधवार को किए गए परीक्षण से जुड़ी एक तस्वीर भी जारी की है।

रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि ब्रह्मोस दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। इसे भारत और रूस ने मिलकर विकसित किया है। इसका नाम ब्रह्मपुत्र और मॉस्‍कवा नदियों के नाम को मिलाकर रखा गया है। यह मिसाइल जल, थल से लेकर नभ तक मार कर सकती है।

गौरतलब है कि हाल ही में भारतीय नौसेना को गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रोयर वाला तीसरा स्टील्थ विध्वंसक युद्धपोत सौंपा गया है। शुक्रवार 20 अक्टूबर को सौंपा गया यह युद्धपोत सरफेस टू सरफेस सुपरसोनिक ‘ब्रह्मोस’ मिसाइल और मीडियम रेंज सरफेस टू एयर ‘बराक-8’ मिसाइल से लैस है। ब्रह्मोस मिसाइल से लैस इस युद्धपोत में पानी के अंदर युद्ध करने के लिए स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-सबमरीन वेपन और सेंसर, मुख्य रूप से हल माउनटेड सोनार हुमसा एनजी, हेवी वेट टॉरपीडो ट्यूब लॉन्चर और रॉकेट लॉन्चर फिट किया गया है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक पोत का निर्माण स्वदेशी इस्पात (स्टील) डीएमआर 249ए से किया गया। यह भारत के सबसे बड़े विध्वंसकों में एक है। इसकी कुल लंबाई 164 मीटर और विस्थापन क्षमता 7500 टन से अधिक की है। यह जहाज एक शक्तिशाली प्लेटफ़ार्म है जो समुद्री युद्ध के पूर्ण स्पेक्ट्रम में फैले विभिन्न प्रकार के कार्यों और मिशनों को पूरा करने में सक्षम है।

*************************

 

महाराष्ट्र CM बोले- मराठा समुदाय को आरक्षण दिया जाएगा, कार्यकर्ताओं को हिंसा से दूर रहने की अपील

मुंबई 01 Nov, (agency): महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने मराठा आरक्षण के बढ़ते मुद्दे पर चर्चा के लिए बुधवार को सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की एक बैठक बुलाई। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आरक्षण दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि सरकार को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए समय चाहिए और उन्होंने प्रदर्शनकारियों से हिंसा छोड़ने की अपील भी की।

बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, शिवसेना (यूबीटी) के नेता विपक्ष (परिषद) अंबादास दानवे, विपक्ष के नेता (विधानसभा) विजय वडेट्टीवार और अन्य समेत 30 से ज्यादा नेताओं ने हिस्सा लिया।

सर्वदलीय बैठक में एक विस्तृत प्रस्ताव पारित करते हुए उन्होंने कहा, मराठों को आरक्षण देने को लेकर हम एकमत हैं। ऐसा आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही किया जा सकता है जो कानूनी जांच का सामना कर सके। इसके लिए सभी राजनीतिक दल मिलकर काम करने को तैयार हैं। प्रस्ताव में कहा गया है कि कानूनी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी की जाएंगी। हालांकि, इसे पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए, जिस पर हमें विचार करना होगा।

राज्य में जिस तरह की हिंसा भड़की है वह उचित नहीं है। इससे मराठा आरक्षण आंदोलन को बदनाम किया जा रहा है। हम ऐसी हिंसा के सख्त खिलाफ हैं। किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने कहा, हम राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की अपील करते हैं।

सीएम और मौजूद सभी नेताओं द्वारा हस्ताक्षरित प्रस्ताव में कहा गया है कि उन्होंने (शिवबा संगठन नेता) मनोज जारांगे-पाटिल से सरकार के साथ सहयोग करने और अपनी भूख हड़ताल वापस लेने की भी अपील की। पाटिल की हड़ताल का बुधवार को आठवां दिन है।

***************************

 

Diwali से पहले आम आदमी को झटका: फिर महंगा हुआ LPG सिलेंडर- जानिए कितने बढ़े दाम

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी): नवंबर महीने की शुरुआत होते ही महंगाई ने आम आदमी को एक बार फिर से झटका दिया है। प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच अब पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी बढ़ोतरी की है। 1 नवंबर 2023 से 19 किलोग्राम के सिलेंडर पर 100 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, 19 किलोग्राम का सिलेंडर अब दिल्ली में 1833 रुपये में मिलेगा, जबकि इससे पहले यह 1731 रुपये का मिल रहा था। वहीं, मुंबई में सिलेंडर की कीमत 1684 रुपये से बढ़कर 1785.50 रुपये हो गई हैय़ कोलकाता में कामर्शियल सिलेंडर 1839.50 रुपये से बढ़कर 1943 रुपये हो गई हैय़ चेन्नई में कामर्शियल सिलेंडर अब 1999.50 रुपये का हो गया हैय़

रिपोर्ट्स के अनुसार महीने में भी कामर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 300 से ज्यादा रुपये की बढ़ोतरी देखी गई है। इससे पहले अक्टूबर महीने की पहली तारीख को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 209 रुपये तक बढ़ाए गए थे।

***************************

 

दिल्ली की हवा में घुला जहर, सांस लेना भी हुआ मुश्किल; पर्यावरण मंत्री ने बुलाई समीक्षा बैठक

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी) : दिल्ली की हवा दिन व दिन खराब हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता आज लगातार पांचवें दिन ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही। आज दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 373 पर पहुंच गया। जबकि, बीते दिन यानी 31 अक्टूबर को दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक 214 दर्ज किया गया था। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज दिल्ली सचिवालय में सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक बुलाई है।

 राष्ट्रीय राजधानी और उसके उपनगरों में धुंध छाई रही और शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार (30 अक्टूबर) को यह 347 और रविवार को 325 था। इस बीच, आर्थिक राजधानी मुंबई में हवा की गुणवत्ता 173 AQI के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी में थी।

अब इस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी नाराजगी जताई है। जस्टिस एसके कौल की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने मंगलवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सरकार को वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए उनके द्वारा शुरू किए गए उपायों को गिनाते हुए एक हफ्ते के भीतर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।

*************************

 

देशभर में आज मनाया जाएगा करवा चौथ, कब दिखेगा आपके शहर में चांद

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी) : देशभर में आज करवा चौथ का त्योहार मनाया जाएगा। विवाहित महिलाएं अपने पति के जीवन की दीर्घायु के लिए उपवास रखती हैं। इसके बाद चंद्रमा उदय होने के बाद और अर्घ्य देने के बाद ही महिलाएं अपना व्रत पूर्ण करती हैं। करवा चौथ हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, गुजरात और राजस्थान आदि राज्यों में मनाया जाता है। आइए जानते हैं इस बार ये व्रत कब किया जाएगा और करवा चौथ पर आपके शहर में चांद कब निकलेगा।

करवा चौथ पूजन का शुभ मुहूर्त

पूजा शुभ मुहूर्त- शाम 05:34 मिनट से 06: 40 मिनट तक

पूजा की अवधि- 1 घंटा 6 मिनट

अमृत काल- शाम 07:34 मिनट से 09: 13 मिनट तक

सर्वार्थ सिद्धि योग- पूरे दिन और रात

करवा चौथ पर कब निकलेगा आपके शहर में चांद

शहर                 समय

दिल्ली           रात 08:15

मुंबई             रात 08:59

कोलकाता     रात   07:45

चंडीगढ़         रात 08:10

पंजाब           रात 08:14

राजस्थान     रात 08:26

लुधियाना     रात 08:12

देहरादून      रात 08:06

शिमला       रात 08:07

पटना         रात 07:51

लखनऊ      रात 08:05

कानपुर      रात 08:08

प्रयागराज   रात 08:05

इंदौर         रात 08:37

भोपाल      रात 08:29

अहमदाबाद  रात 08:50

चेन्नई       रात 08:43

बेंगलुरु       रात 08:54

******************************

पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के संपर्क में रहने के आरोप में सेना के मेजर पर गिरी गाज, राष्ट्रपति ने किया बर्खास्त

नई दिल्ली 01 Nov, (एजेंसी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के संपर्क में रहने के आरोप में भारतीय सेना के एक मेजर को सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए बर्खास्त कर दिया है। रक्षा सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वह सेना की स्ट्रैटजिक फोर्सेज कमांड यूनिट में तैनात थे।सेना की जांच में मेजर को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करने वाले कार्यों का दोषी पाया गया। बर्खास्त मेजर कथित तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से एक पाकिस्तानी खुफिया ऑपरेटर के संपर्क में था। सूत्रों ने बताया कि मेजर पर लगे आरोपों की जांच के लिए मार्च 2022 में अधिकारियों का एक पैनल गठित किया गया थाा।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि मेजर के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में गुप्त दस्तावेजों की कॉपी थी, जो सेना के नियमों के खिलाफ है। सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मेजर की दोस्ती की भी जांच की गई और कहा जा रहा है कि ‘पटियाला पेग’ नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप के कुछ सदस्य भी इस जांच के दायरे में हैं।

सेना ने सोशल मीडिया नीतियों का उल्लंघन करने और व्हाट्सएप ग्रुप का सदस्य होने के लिए एक ब्रिगेडियर और एक लेफ्टिनेंट कर्नल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। इस व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक सामग्री शेयर की जा रही थी। सेना अपने चार अधिकारियों के ‘पटियाला पेग’ व्हाट्सएप ग्रुप का सदस्य होने की जांच कर रही है। यह संदेह है कि व्हाट्सएप ग्रुप में पाकिस्तान इंटेलिजेंस के संचालक भी सदस्य हैं।

*************************

 

मणिपुर में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध फिर 5 नवंबर तक बढ़ा

इंफाल 01 Nov, (एजेंसी): असामाजिक तत्वों द्वारा हानिकारक संदेशों, फोटो और वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए मणिपुर सरकार ने  मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध को पांच नवंबर तक और पांच दिनों के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने हाल ही में संकेत दिया था कि सरकार अगले कुछ दिनों के भीतर प्रतिबंध वापस लेने पर विचार करेगी, जिसके बाद गृह विभाग ने एक सप्ताह से भी कम समय में मोबाइल इंटरनेट प्रतिबंध को दो बार बढ़ा दिया।

सिंह ने पिछले सप्ताह एक सरकारी समारोह को संबोधित करते हुए इस मुद्दे पर नागरिकों, विशेषकर छात्रों और युवाओं से धैर्य रखने की अपील की थी। पिछले महीने छात्रों के आंदोलन के बाद मणिपुर सरकार ने 143 दिनों के बाद प्रतिबंध हटने के दो दिन बाद 26 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट डेटा सेवाओं, इंटरनेट/डेटा सेवाओं को फिर से निलंबित कर दिया था और प्रत्येक पांच दिनों के बाद प्रतिबंध को बढ़ा दिया गया था।

मंगलवार को गृह विभाग की एक अधिसूचना में कहा गया कि प्रतिबंध को इस आशंका के बाद बढ़ाया गया था कि कुछ असामाजिक तत्व जनता की भावनाएं भड़काने वाली तस्वीरें, नफरत भरे भाषण और नफरत भरे वीडियो प्रसारित करने के लिए बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसका कानून व्यवस्था पर गंभीर असर हो सकता है।

पुलिस महानिदेशक ने 30 अक्टूबर को बताया था कि केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती, सार्वजनिक सम्मेलन, विभिन्न स्थानीय क्लबों और ब्लॉक स्तरों पर बैठक, निर्वाचित सदस्यों के आवासों पर हमले के प्रयास, नागरिक समाज संगठनों के नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक विरोध अभी भी जारी है।

मणिपुर, गृह आयुक्त टी. रणजीत सिंह द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है, “…ऐसी आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व जनता की भावनाएं भड़काने वाली तस्वीरें, नफरत भरे भाषण और नफरत भरे वीडियो संदेश प्रसारित करने के लिए बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिसका राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर असर हो सकता है।”

3 मई को जातीय हिंसा भड़कने के बाद पूरे राज्य में मोबाइल इंटरनेट पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि प्रतिबंध 23 सितंबर को हटा लिया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर एक लड़की सहित दो लापता युवाओं के शवों की तस्वीरें सामने आने के बाद सुरक्षा बलों के साथ छात्रों की झड़प हुई, जिसके बाद 26 सितंबर को प्रतिबंध फिर से लागू करना पड़ा था।

****************************

 

रॉबर्ट वाड्रा पहुंचे हरिद्वार, वीआईपी घाट पर गंगा नदी में अपनी बुआ की अस्थियां विसर्जित कीं

हरिद्वार 01 Nov, (एजेंसी): उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा ने  गंगा नदी में अपनी बुआ की अस्थियां विसर्जित कीं। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें गंगा किनारे पुष्पांजलि अर्पित की। वाड्रा हरिद्वार के वीआईपी घाट पर अपने परिवार के साथ पहुंचे। वाड्रा ने मां गंगा का आचमन किया। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार आज एक साथ है।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्होंने कहा कि आज सुबह ही प्रियंका गांधी से उनकी बात हुई थी, जिसमें उन्‍होंने इंदिरा गांधी को याद किया था और आज यहां गंगा किनारे भी उनको पुष्पांजलि अर्पित की गई।

रॉबर्ट वाड्रा ने कहा, “मैं कोई राजनीतिक बात नहीं कर रहा हूं। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को या किसी भी देश को इस समय जो वर्ल्ड वार चल रहा है, इसका फायदा नहीं उठाना चाहिए। इस युद्ध में भारत को सकारात्मक रुख अपनाना चाहिए। दूसरी बात कि गांधी परिवार ने देश के लिए जो बलिदान दिया है, वह पूरा देश जनता है। कौन क्‍या है, कैसा है, जनता सब जानती है। जल्‍द ही देश में परिवर्तन देखने को मिलेगा।”

*****************************

 

संगमरमर के स्वर्ण जड़ित आठ फीट ऊंचे सिंहासन पर विराजमान होंगे रामलला, राजस्थान के कारीगर कर रहे तैयार

अयोध्या 01 Nov, (एजेंसी): अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला संगमरमर के स्वर्ण जड़ित आठ फीट ऊंचे ‘सिंहासन’ पर विराजमान होंगे। राजस्थान के कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा यह सिंहासन आगामी 15 दिसंबर तक अयोध्या पहुंच जाएगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि आठ फीट ऊंचे, तीन फीट लंबे और चार फीट चौड़े सिंहासन को राम मंदिर के गर्भगृह में रखा जाएगा। इस पर पांच साल पुरानी रामलला की मूर्ति रखी जाएगी।

मिश्रा ने बताया कि भगवान राम के भक्तों ने भी बड़ी मात्रा में सोने और चांदी की वस्तुएं दान की हैं। उनका कहना था कि चूंकि ट्रस्ट के गठन से पहले और बाद में दान की गई ये सोने-चांदी की वस्तुएं, सिक्के और ईंटें पिघल जाएंगी, ऐसे में उन्हें सुरक्षित रखने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए उन्हें पिघलाकर सुरक्षित रखा जाएगा तथा यह कार्य एक प्रतिष्ठित संस्था के मार्गदर्शन में किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि राम मंदिर का भूतल 15 दिसंबर तक हर हाल में तैयार कर लिया जाएगा और प्रथम तल का काम भी 80 फीसदी तक पूरा हो चुका है। मिश्रा ने बताया कि परिक्रमा मार्ग के फर्श का काम भी पूरा हो चुका है, अब गृह मंडप के फर्श पर संगमरमर बिछाने का काम चल रहा हैय़ उनके अनुसार यात्री सुविधा केंद्र की तीनों मंजिलों की छत का निर्माण हो चुका है एवं सुरक्षा उपकरण भी लगाए जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि राम मंदिर की बाहरी दीवार (‘परकोटा’) के प्रवेश द्वार का काम भी अंतिम चरण में है और यह काम भी नवंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। उनके अनुसार पहली मंजिल के 17 खंभे लगाए जा चुके हैं और केवल दो खंभे लगाए जाने बाकी हैं। उन्होंने 15 दिसंबर तक पहली मंजिल की छत बन जाने की उम्मीद जताई।

*************************

 

केनरा बैंक धोखाधड़ी: ED की चार्जशीट में Jet Airways के संस्थापक गोयल, पत्नी व कंपनी के नाम शामिल

मुंबई 01 Nov, (एजेंसी): प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केनरा बैंक के 538 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में चार्जशीट दाखिल की है। इसमें जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल, उनकी पत्नी अनीता गोयल और चार अन्य कंपनियों का नाम शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एक विशेष अदालत के समक्ष दायर आरोप पत्र, नवंबर 2022 की केनरा बैंक की शिकायत में 1 सितंबर को गोयल की गिरफ्तारी के दो महीने बाद आया। इसमें आरोप लगाया गया था कि एयरलाइन के लिए दिए गए ऋण को कथित तौर पर व्यक्तिगत खर्चों और अपनी निजी देनदारियों को चुकाने के लिए इस्तेमाल किया गया था।

मामले की अगली सुनवाई बुधवार को होने की संभावना है। जेट एयरवेज द्वारा पुनर्भुगतान में चूक के बाद, केनरा बैंक ने 2019 में इसे गैर-निष्पादित संपत्ति घोषित कर दिया और ईडी ने दावा किया कि 538 करोड़ रुपये की ऋण राशि को डायवर्ट किया गया और निकाल लिया गया।

74 वर्षीय गोयल को ईडी ने 1 सितंबर को गिरफ्तार किया था, और वर्तमान में वह न्यायिक हिरासत में आर्थर रोड सेंट्रल जेल में बंद हैं, हालांकि उन्होंने मामले में अपनी “अवैध” गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए एक आवेदन दिया है।

ईडी ने दलील दी है कि गोयल ने कथित तौर पर अपने परिवार के सदस्यों को कर्मचारियों के रूप में नियुक्त करके, अपनी बेटी द्वारा बनाई गई कंपनी के वेतन का भुगतान, विदेशी खातों में किए गए भुगतान के साथ बेहिसाब लेनदेन, पेशेवर और परामर्श शुल्क, संदिग्ध खर्च आदि के रूप में लगभग एक हजार करोड़ का भुगतान कर कंपनी के धन का दुरुपयोग किया।

**************************

 

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर शिवराज ने दी प्रदेश को शुभकामनाएं

भाेपाल 01 Nov, (एजेंसी) : मध्‍यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्य के स्‍थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। चौहान ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘कभी हम बीमारू थे, लेकिन आज सुचारू हैं। ये यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी और वह समय दूर नहीं जब मध्‍यप्रदेश हर क्षेत्र में देश का नम्‍बर 1 राज्‍य होगा। आइए हम सब मिलकर समृद्ध, विकसित और आत्‍मनिर्भर मध्‍यप्रदेश बनाएं।

‘आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आज राष्ट्र-गीत वंदे-मातरम, राष्ट्र-गान ‘जन गण मन’ एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन 11 बजे मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में होगा। इस अवसर पर संस्कृति विभाग की टीम द्वारा देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी जायेगी । इसमें मंत्रालय, सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव एवं विभागाध्यक्षों को उपस्थित रहने के निर्देश दिये हैं।

**************************

 

यूनेस्को ने ग्वालियर को घोषित किया सिटी ऑफ म्यूजिक, शिवराज ने बताया गौरव

भोपाल 01 Nov, (एजेंसी) : दुनिया भर में संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले संयुक्त राष्ट्र के संस्थान यूनाइटेड नेशंस एजुकेशनल, साइंटिफिक एंड कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन (यूनेस्को) ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर को को ‘सिटी ऑफ म्यूजिक’ के तौर पर मान्यता दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि ये मध्यप्रदेश के लिए आनंद एवं गौरव का अवसर है। ये बताते हुए हर्ष के साथ गर्व हो रहा है कि यूनेस्को ने संगीत सम्राट तानसेन की जन्मस्थली ग्वालियर को ‘सिटी ऑफ म्यूजिक’ की मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर तथा प्रदेश को मिला यह सम्मान हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं प्राचीन कला जगत का सम्मान है।

***************************

 

असम में बेकरी कर्मचारी ने की सहकर्मी की हत्या

गुवाहाटी 01 Nov, (एजेंसी): असम के होजई जिले में एक बेकरी कर्मचारी की बुधवार को उसके सहकर्मी ने हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना जिले के अभयपुर इलाके में स्थित रुचि बेकरी की है।

धनेश्वर डेका पर कथित तौर पर उनके सहकर्मी उपेन कारी ने डंडे से हमला किया था। अपराध का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के मुताबिक, कारी ने पीड़ित पर लकड़ी के डंडे से बार-बार हमला किया, इससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेकरी से चला गया। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। बेकरी के मालिक नयनज्योति ठाकुरिया से फिलहाल अपराध के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

***********************

 

बिहार में चलती ट्रेन में छेड़खानी और छीनाझपटी, आरोपी को यात्रियों ने पकड़ा

मुजफ्फरपुर 01 Nov, (एजेंसी): त्योहारों के मौके पर ट्रेन में यात्रियों की भीड़ बढ़ी है तो चोर, उच्चके भी हाथ साफ करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच, 02563 क्लोन एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में एक महिला से छेड़खानी और छीनाझपटी की घटना प्रकाश में आई है। हालांकि यात्रियों ने आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक, 02563 क्लोन एक्सप्रेस से अपने पति के साथ यात्रा कर रही एक महिला का आरोप है कि बरौनी से ट्रेन खुलने वाली थी, वह शौचालय गई थी। वहां से निकलने के दौरान एक युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत की। जब उसने शोर मचाना शुरू किया तो उसने कान की बाली भी छीनने का प्रयास किया। महिला का शोर सुनकर यात्री पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

रेल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने इसको लेकर मुजफ्फरपुर रेल थाने मे प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। आरोपी युवक की पहचान छपरा के नयागांव निवासी गजेंद्र साह के रूप में की गई है।

उन्होंने बताया कि रेल थाना मुजफ्फरपुर ने मामले में जीरो एफआइआर दर्ज कर आरोपी युवक और एफआईआर की कॉपी बरौनी रेल थाना को भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

***************************

 

 

एप्पल का स्पष्टीकरण केवल राहुल गांधी के दावों की पुष्टि करता है : कांग्रेस

नई दिल्ली  ,31 अक्टूबर (एजेंसी)। कांग्रेस ने मंगलवार को अमेरिकी मोबाइल फोन निर्माता एप्पल पर उस समय पलटवार किया जब उसने यह स्पष्ट किया कि यह संभव है कि एप्पल की कुछ धमकी संबंधी सूचनाएं झूठी चेतावनी हो सकती हैं। कांग्रेस ने आईफोन निर्माता के स्पष्टीकरण को लंबे समय से प्रसारित गैर-इनकार करार दिया, जो केवल पार्टी नेता राहुल गांधी के दावों की पुष्टि करता है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, एप्पल का स्पष्टीकरण लंबे समय से नकारा गया हैज् यह केवल उस बात की पुष्टि करता है जो राहुल गांधी ने आज अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था।

जयराम रमेश की टिप्पणी तब आई जब एप्पल ने एक बयान में कहा, राज्य प्रायोजित हमलावर बहुत अच्छी तरह से वित्त पोषित और जटिल हैं, और उनके हमले समय के साथ विकसित होते हैं।

ऐसे हमलों का पता लगाना खतरे के खुफिया संकेतों पर निर्भर करता है जो अक्सर अधूरे होते हैं। यह संभव है कि एप्पल की कुछ खतरे की सूचनाएं गलत अलार्म हो सकती हैं, या कुछ हमलों का पता नहीं चल पाता है।

आगे कहा गया, हम इस बारे में जानकारी देने में असमर्थ हैं कि किस कारण से हमें खतरे की सूचनाएं जारी करनी पड़ रही हैं, क्योंकि इससे राज्य-प्रायोजित हमलावरों को भविष्य में पता लगाने से बचने के लिए अपने व्यवहार को अनुकूलित करने में मदद मिल सकती है।

इसमें आगे कहा गया है कि एप्पल ने उन व्यक्तियों को ‘खतरे की सूचनाएंÓ भेजी हैं जिनके खाते लगभग 150 देशों में हैं। अमेरिका स्थित एप्पल की प्रतिक्रिया कई विपक्षी सांसदों और नेताओं द्वारा दावा किए जाने के कुछ घंटों बाद आई कि उन्हें एप्पल से एक अधिसूचना मिली है जिसमें कहा गया है कि उनके उपकरणों को ‘राज्य-प्रायोजित हमलावरोंÓ द्वारा निशाना बनाया जा सकता है।

इससे पहले दिन में पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने केंद्र की आलोचना करते हुए कहा था कि उनके दफ्तर के कई सदस्यों, पार्टी नेताओं, विपक्षी नेताओं को उनके एप्पल उपकरणों को हैक करने के कथित प्रयासों पर अलर्ट मिला है।

राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि राजनीतिक नेताओं के फोन हैक करने की यह कोशिश किसी ईमानदार व्यक्ति की नहीं बल्कि अपराधियों और चोरों की हरकत थी, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।

केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद ने सरकार की आलोचना की और कहा कि ध्यान भटकाने की राजनीति की जा रही है। पूरे विपक्ष को एप्पल नोटिस मिलता है। मेरे ऑफिस के सभी लोगों को ये मैसेज मिल गया है। वेणुगोपाल को मिल गया है। सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, टीएस सिंह देव, इन सभी को अलर्ट मेल मिला है।

**************************

 

नेताजी मुलायम सिंह यादव का 8.3 एकड़ जमीन में बनेगा स्मारक

लखनऊ  ,31 अक्टूबर (एजेंसी)। समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की याद में उनके पैतृक स्थान पर भव्य स्मारक बनेगा। इसकी घोषणा सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मंगलवार को सपा मुख्यालय में की।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बताया कि नेताजी की सादगी और राजनीतिक जीवन को दर्शाया जाएगा। यह स्मारक 8.3 एकड़ जमीन में बनाया जाएगा। इसमें मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की कांस्य प्रतिमा भी लगाई जाएगी। 22 नवंबर को नेताजी की जयंती पर स्मारक का शिलान्यास होगा। नेताजी को सबसे ज्यादा सैफई से लगाव था। नेताजी जीवन भर मिट्टी से जुड़े रहे और गांव से शुरू कर देश की राजनीति में अपना स्थान बनाया।

उन्होंने कहा कि कोशिश होगी कि बहुत जल्द 2027 से पहले यह स्मारक बन जाए। स्मारक निर्माण की घोषणा करने से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव, महासचिव शिवपाल सिंह यादव, वरिष्ठ नेता उदय प्रताप सिंह समेत कई नेताओं ने देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल और समाजवादी नेता आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उदय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सैफई में नेताजी मुलायम सिंह यादव की स्मृति में एक भव्य स्मारक बनाया जाएगा। यह स्मारक 8.3 एकड़ जमीन में बनोगा। इसमें 4.5 एकड़ जमीन पर भव्य पार्क और जन सुविधाओं के प्रबंधन की योजना है। इस स्मारक में लोक कलाओं की झलक और गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। बीच में एक सभागार होगा, जिसमें नेताजी की एक भव्य कांस्य प्रतिमा लगायी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नेताजी सबसे ज्यादा लोक भाषा, लोक सभ्यता, लोक कला और लोक आचरण पर ध्यान देते थे। उनके इसी विचार को साकार रूप देने के लिए स्मारक को उसी तरह से बनाया जाएगा। स्मारक में आर्ट गैलरी बनाई जाएगी। समाधि स्थल भी दृश्यावलियों की श्रृंखला से दोनों तरफ सुसज्जित होगा।

****************************

 

सचिन पायलट और सारा का हो चुका है तलाक, चुनावी एफिडेविट में हुआ खुलासा

नई दिल्ली  ,31 अक्टूबर (एजेंसी)। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में सबसे चौंकाने देने वाली खबर सामने आई है। वो यह है कि पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट तलाकशुदा हैं। पत्नी सारा पायलट से तलाक ले लिया है। यह खुलासा सचिन पायलट के चुनाव शपथ पत्र से हुआ है। दोनों ने 19 साल पहले लव मैरिज की थी। सचिन पायलट व सारा पायलट के तलाक की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।

दरअसल, सचिन पायलट ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के दूसरे दिन मंगलवार को टोंक विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया है। सचिन पायलट की नामांकन रैली में भारी उमड़ी। लोगों ने ‘आई लव यू पायलट’ के नारे भी लगाए।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सचिन पायलट ने टोंक विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करते समय दिए शपथ पत्र में पत्नी के नाम के आगे तलाकशुदा लिखा है। साथ ही इस बात का भी जिक्र किया है कि बेटे आरन पायलट व विहान पायलट दोनों ही सचिन पायलट के पास हैं। सचिन पायलट ने राजस्थान विधानस चुनाव शपथ में डिपेंडेंट के तौर पर दोनों बच्चों के नाम लिखे हैं।

गौरतलब है कि सचिन पायलट व सारा पायलट ने साल 2004 में लव मैरिज की थी। सारा पायलट जम्मू कश्मीर के पूर्व सीएम फारुख अब्दुल्ला की बेटी व उमर अब्दुल्ला की बहन हैं। सचिन पायलट व सारा की मुलाकात विदेश में पढ़ाई के दौरान हुई थी। फिर सारा ने परिवार की मर्जी के खिलाफ सचिन पायलट से शादी की थी।

बता दें कि टोंक विधानसभा सीट पर राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 के शपथ पत्र में सचिन पायलट ने पत्नी के कॉलम में सारा पायलट का नाम लिखा था। फिर बतौर डिप्टी सीएम शपथ ली तब भी सारा पायलट व उनके दोनों बच्चे वहां मौजूद थे। सचिन व सारा के बीच तलाक कब हुआ? यह साल 2023 के चुनावी शपथ पत्र से पहले किसी को पता नहीं था।

**************************

 

अभाविप की वार्षिक डायरी पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का मॉडल

नई दिल्ली  ,31 अक्टूबर (एजेंसी)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की वार्षिक डायरी पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल को प्रकाशित किया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की छात्र दैनंदिनी (वार्षिक डायरी) का मंगलवार को दिल्ली में विमोचन किया गया।

अभाविप के मुताबिक वर्ष 2024 की इस विद्यार्थी डायरी के मुखपृष्ठ पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल तो है ही इसके साथ ही आदित्य एल-1 भी है। वहीं भारत की भाषाई समृद्धता, भारत मंडपम्, चंद्रयान-3, युवाओं की सेवा व पर्यावरण क्षेत्र में प्रतिनिधि भूमिका, अभाविप की सेवा क्षेत्र गतिविधियां आदि के उल्लेख द्वारा नए भारत की युवा आशाओं के स्वर को भी इसमें स्थान मिला है।

अभाविप का कहना है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के ‘अमृत महोत्सव वर्ष’ का राष्ट्रीय अधिवेशन दिल्ली में 7-10 दिसंबर 2023 आयोजित होगा। अभाविप के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से दस हज़ार से अधिक विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। अभाविप के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों शुरू हो गईं हैं, ताकि अधिवेशन को भव्य तथा सफल बनाया जा सके।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि अभाविप की नई छात्र दैनंदिनी में संगठनात्मक विषयों की संक्षिप्त जानकारी है। त्योहारों का उल्लेख कैलेंडर इत्यादि की जानकारी के साथ भारतीय युवाओं की आकांक्षाओं तथा भारत की प्रगति को दर्शाया गया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की छात्र दैनंदिनी के विमोचन का अवसर प्रत्येक अभाविप कार्यकर्ता तथा विद्यार्थी के लिए विशेष है। उन्होंने कहा कि अभाविप की वर्ष 2024 की विद्यार्थी डायरी के मुखपृष्ठ पर अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के प्रस्तावित मॉडल, चन्द्रयान-3, के उल्लेख द्वारा नए भारत की युवा आशाओं को स्थान मिला है।

**********************************

 

रन फॉर यूनिटी का मकसद युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के योगदान को समझाना है- योगी आदित्यनाथ

*स्वतंत्र भारत में भारत को एक बनाने में सरदार पटेल की भूमिका अहम – राजनाथ सिंह*

*रक्षा मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की*

लखनऊ 31 Oct, (एजेंसी)। रक्षा मंत्री, भारत सरकार राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां जी0पी0ओ0 स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने ‘रन फाॅर यूनिटी’ एकता दौड़ का फ्लैग आॅफ किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ की शपथ दिलायी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि आज हम सभी देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती पर ‘रन फाॅर यूनिटी’ कार्यक्रम के लिए उपस्थित हुए हैं। देश भर में सरदार पटेल की जयन्ती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनायी जाती है। आज हम सरदार पटेल को याद कर रहे हैं तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

इसके साथ ही, हमें उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों व नेताओं का स्मरण करना चाहिए, जिन्होंने भारत को आजाद कराने व स्वतंत्र भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। 15 अगस्त, 1947 को जब देश आजाद हुआ, उस समय देश 562 रियासतों में बटा हुआ था।

अंग्रेजों ने जानबूझकर इन रियासतों को भारत में विलय करने या अलग रहने के निर्णय करने का मौका दिया। ऐसे में देश के गृहमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने देशी रियासतों को देश में मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। सरदार पटेल की दूरदर्शिता, उनकी कूटनीतिक एवं राजनीतिक क्षमता का ही परिणाम था कि भारत की एकता व अखंडता सुनिश्चित की जा सकी। केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि जूनागढ़ एवं निजामशाही रियासतों को भी सरदार पटेल ने भारत में विलय कराया। जम्मू-कश्मीर के विलय का कार्य यदि सरदार पटेल को सौंपा गया होता, तो संविधान की धारा-370 की समस्या किसी भी सूरत में सामने नहीं आती।

यदि सरदार पटेल ने उस समय सूझबूझ व दृढ़ता का परिचय नहीं दिया होता, तो आज भारतवासियों को जूनागढ़ व हैदराबाद जाने के लिए वीजा व पासपोर्ट लेने की जरूरत पड़ती। केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि स्वतंत्र भारत में भारत को एक बनाने में सरदार पटेल की जो महत्वपूर्ण भूमिका रही है, उसको प्रमुखता से देश की जनता के सामने नहीं आने दिया गया। विगत 10 वर्षों से सरदार पटेल को वह सम्मान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके वह सच्चे हकदार रहे हैं। सरदार पटेल ने सिविल सर्विसेज जैसे स्टील फ्रेम का भी निर्माण किया था।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि आज वह लखनऊ में रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखा रहे हैं। यह रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम प्रतिवर्ष इसलिए आयोजित किया जाता है, ताकि देश की युवा पीढ़ी सरदार पटेल के योगदान के महत्व को समझ सके। उनसे प्रेरणा लेकर भारत की एकता व अखण्डता का संदेश जनता के बीच पहुंचा सके। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में सरदार पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा को स्थापित कराया है।

इसका नाम स्टैच्यू ऑफ यूनिटी रखा गया है। यह प्रतिमा न्यूयॉर्क के स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से ऊंची है। केवड़िया एक प्रेरणादायक पर्यटन स्थल भी है। सरदार पटेल की जयन्ती एकजुटता के संकल्प का दिन है। एकता के संकल्प का दिन है। अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेने का भी दिन है।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने सभी से एकता का संकल्प लेने का आग्रह करते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी देश के नौजवानों पर है। प्रधानमंत्री जी चाहते हैं कि देश का युवा आगे आए और दृढ़ संकल्प के साथ नए भारत के निर्माण में अपना योगदान दे।

*************************

 

महिला ट्यूशन टीचर का कारनामा, कारोबारी के बेटे का अपहरण कर मांगी 30 लाख की फिरौती; फिर कर दी हत्या

कानपुर 31 Oct, (एजेंसी): एक चौंकाने वाली घटना में, एक व्यवसायी के 16 वर्षीय बेटे की मंगलवार को हत्या कर दी गई। वह सोमवार शाम से लापता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुशाग्र ट्यूशन के लिए सोमवार शाम 4 बजे घर से निकला था। वह घर नहीं लौटा लेकिन रात करीब 9 बजे उसके परिवार को 30 लाख रुपये की फिरौती का पत्र मिला।

पुलिस को लड़के के पिता मनीष कनोडिया ने सूचित किया, जो आचार्य नगर में रहने वाले जाने-माने कपड़ा व्यवसायी हैं। पुलिस ने जांच शुरू की और ट्यूशन पढ़ाने वाली महिला को हिरासत में ले लिया। वह फजलगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस ने दो और लोगों को हिरासत में लिया है।

उनसे पूछताछ में पता चला कि दोनों ने मिलकर कुशाग्र की हत्या की और फिर उसका शव फजलगंज थाना क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार की सुबह किशोर का शव बरामद किया। जांच में पता चला कि कुशाग्र की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई है। इंस्पेक्टर रायपुर अर्चना गौतम ने बताया कि महिला टीचर और उसकी सहेली शादी कर घर बसाना चाहती थी। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी और उसने अपहरण की योजना बनाई।

*************************

 

Mig-21 बाइसन विमान ने आसमान में भरी आखिरी उड़ान, भारतीय वायुसेना ने दी विदाई

नई दिल्ली 31 Oct, (एजेंसी): एक युग के अंत के रूप में भारतीय वायुसेना के मिग-21 बाइसन विमान को आखिरी बार भारतीय आसमान में उड़ाया गया। विमान को राजस्थान के बाड़मेर जिले के उत्तरलाई के आसमान में देखा गया। वायु सेना के मुताबिक 30 अक्टूबर को इस अवसर को चिह्नित करने के लिए मिग-21 बाइसन ने आधुनिक फाइटर जेट सुखोई 30 एमकेआई के साथ उड़ान भरी। इस समारोह के दौरान तीनों सेनाओं के सैनिक मौजूद रहे।

रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि मिग-21 स्क्वाड्रन ने लगभग छह दशकों तक देश की सेवा की है। भारत-पाक संघर्षों के दौरान भी ‘मिग-21 स्क्वाड्रन’ ने युद्ध प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि “ओरियल्स” के नाम से जाना जाने वाला स्क्वाड्रन 1966 से मिग-21 का संचालन कर रहा है। अब इस स्क्वाड्रन को सुखोई-30 एमकेआई विमान से सुसज्जित किया जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक यह परिवर्तन देश के आसमान को आधुनिक बनाने और उसकी रक्षा करने के लिए भारतीय वायु सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। दरअसल भारतीय वायु सेना ने अपने मिग-21 लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाने की प्रक्रिया काफी पहले ही शुरू कर दी थी।

गौरतलब है कि मिग-21 फाइटर जेट बीते 6 दशकों से भारतीय वायु सेना के बेड़े का महत्वपूर्ण विमान है। वायु सेना के मुताबिक यह रोक मिग-21 लड़ाकू विमानों के पूरे बेड़े पर लगाई गई है।

बीते दिनों राजस्थान में मिग-21 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद भी वायु सेना ने यह विमान न उड़ाने का निर्णय लिया था। भारतीय वायु सेना के मुताबिक राजस्थान हादसे की जांच पूरी होने तक मिग-21विमानों के बेड़े यह प्रतिबंध लागू था।

जहां एक और भारतीय वायु सेना के पास आधुनिकतम फाइटर जेट सुखोई मौजूद है, वहीं बीते वर्ष दिसंबर में आधुनिक फाइटर जेट राफेल की अंतिम किस्त भी भारत पहुंच चुकी है। इसी के साथ ही भारत फ्रांस के बीच हुआ राफेल सौदा पूरा हो गया है। भारत और फ्रांस के बीच कुल 36 राफेल फाइटर जेट को लेकर सौदा हुआ था और अब भारत को सभी 36 राफेल मिल चुके हैं।

भारतीय वायु सेना चरणबद्ध तरीके से मिग-21 विमानों को अपने बेड़े से बाहर करने की प्रक्रिया का पालन पहले से ही कर रही थी। इन विमानों को भारतीय वायु सेना से पूरी तरह हटा लेने का फैसला लिया गया था। भारतीय वायुसेना उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान के साथ एलसीए मार्क 1 ए और एलसीए मार्क 2 सहित स्वदेशी विमानों को शामिल कर कर रही है।

*********************************

 

वायु प्रदूषण पर SC सख्त, पंजाब समेत 5 राज्यों से प्रदूषण नियंत्रण पर उठाए गए कदमों पर मांगा हलफनामा

नई दिल्ली 31 Oct, (एजेंसी): सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को दिल्ली और आसपास के राज्यों की सरकारों से वायु प्रदूषण को रोकने के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों का विवरण देने वाले हलफनामे मांगे। न्यायमूर्ति एस.के. कौल, सुधांशु धूलिया और प्रशांत कुमार मिश्रा की पीठ ने टिप्पणी की कि जमीनी स्तर पर हवा की गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ है और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिखाए गए कदम केवल कागजों पर हैं।

पीठ ने राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा दायर रिपोर्ट पर ध्यान दिया। सीएक्यूएम ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दो-तीन वर्षों की तुलना में वायु प्रदूषण में 40 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि फसल जलाना वायु गुणवत्ता खराब होने का एक प्रमुख कारण बना हुआ है।

पीठ ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की संबंधित सरकारों से एक सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल करने को कहा, जिसमें वायु प्रदूषण की समस्या को नियंत्रित करने के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों का विवरण हो।

इससे पहले 10 अक्टूबर को, शीर्ष अदालत ने सर्दियों के मौसम के दौरान दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण और फसल अवशेष जलाने के मुद्दे के बारे में वरिष्ठ वकील अपराजिता सिंह की दलील पर संज्ञान लिया था। मामले की अगली सुनवाई 31 अक्टूबर के लिए स्थगित करते हुए उसने सीएक्यूएम को इस बीच एक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था।

सिंह प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित एक जनहित याचिका (पीआईएल) में एमिकस क्यूरी (अदालत के मित्र) के रूप में सुप्रीम कोर्ट की सहायता करती हैं। हर साल, दिल्ली और पूरे एनसीआर को अक्टूबर से दिसंबर तक मुख्य रूप से फसल अवशेष जलाने के कारण वायु प्रदूषण का खामियाजा भुगतना पड़ता है।

******************************