Category Archives: film

निर्देशक शशांक खेतान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज

02.010.2025 – डायरेक्टर शशांक खेतान एक बार फिर अपने रोमांटिक जोन के साथ लौटे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ रिलीज हो चुकी है। फिल्म में वरुण धवन, जाह्ववी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित श्रॉफ लीड रोल में हैं।

भारतीय फिल्म जगत के चर्चित फिल्म निर्माता करन जौहर की धर्मा प्रोडक्शन कंपनी की इस फिल्म में ब्रेक अप और रिश्तों की उलझनों को काफी बेहतरीन अंदाज में स्क्रीन पर पेश किया गया है।

फिल्म की कहानी में दिखाया कि सनी (वरुण धवन) और तुलसी (जाह्नवी कपूर) दोनों एक्स-लवर्स हैं और दोनों ही अपने एक्स यानी अनन्या (सान्या मल्होत्रा) और विक्रम (रोहित सराफ) की शादी तोड़ने के लिए दोबारा से दोस्ती करते हैं, फिर शुरू होता है हाई वोल्टेज ड्रामा।

मनमोहक व प्रभावशाली अदायगी के साथ वरुण धवन का कॉमिक और डांस मूव्स कमाल के हैं। जाह्नवी कपूर ने अपनी मासूमियत से जवां दिलों को धड़काने में कामयाब कही जा सकती है। स्क्रीन पर दोनों के बीच की केमिस्ट्री शानदार लगी है।

इनके अलावा सान्या मल्होत्रा, रोहित श्रॉफ और मनीष पॉल ने भी अपने-अपने किरदार के साथ पूरी तरह से न्याय किया है। मानुष नंदन की सिनेमैटोग्राफी काबिलेतारिफ है। फिल्म का गीत संगीत शानदार है।

यह फिल्म पूरी तरह से कॉमेडी, रोमांस, म्यूजिक और ड्रामा मिश्रित एंटरटेनमेंट पैकेज है जो सेल्फ रेस्पेक्ट की वकालत करता है और संदेश देता है कि केवल जन्म कुंडली और बायोडाटा मिल जाने से रिश्ते नहीं बनते बल्कि दिलों के मिलने से ही रिश्ते स्थाई रूप से बनते हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद मेकर्स इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर भी पेश करेंगे।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन के बढ़ते कदम……..!

01.010.2025 – अंधेरी (पश्चिम), मुंबई स्थित रहेजा क्लासिक क्लब के प्रेक्षागृह में आयोजित इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन( ISAMRA ) के 12वीं वार्षिक आम सभा में एक ऐतिहासिक घोषणा की गई है। उसके अनुसार अब रॉयल्टी केवल गायकों को ही नहीं, बल्कि संगीतकारों, कोरस गायकों और वाद्ययंत्र वादकों को भी वितरित की जाएगी।

भारतीय संगीत के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी गीत में योगदान देने वाला प्रत्येक व्यक्ति उसके मूल्य में हिस्सा लेगा। विदित हो कि वर्ष 2012 में इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन (ISRA) की स्थापना हुई थी। गायकों के अधिकारों की रक्षा करने की दिशा में अग्रसर यह पंजीकृत संस्था अपने परिवर्तित नाम इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन के साथ गायकों के अलावा संगीतकारों, कोरस गायकों और वाद्ययंत्र वादकों के हितों के लिए क्रियाशील हो गया है।

2012 से अब तक, गायकों को उनकी उचित रॉयल्टी दिलाने के लिए एसोसिएशन का सफर काफी लंबा रहा है और अभी भी उन्हें काफी लंबा सफर तय करना है। हालाँकि, फ़िलवक़्त यह एक बड़ी उपलब्धि है और इंडियन सिंगर्स राइट्स एसोसिएशन अपने बदले हुए नाम के साथ एक कदम और आगे बढ़ गया है।

अब इसे यूनाइटेड किंगडम जैसे विदेशी देशों से भी रॉयल्टी मिलनी शुरू हो गई है। वितरण के लिए ₹4.5 करोड़ निर्धारित किए गए हैं और केसरिया और रतन लंबियाँ जैसे नए चार्टबस्टर गानों से लेकर कल हो ना हो और सात समुंदर पार जैसे सदाबहार गानों से भी रॉयल्टी मिल रही है।

इस तरह, ISAMRA ने संगीत अधिकारों के क्षेत्र को सचमुच नया रूप दे दिया है। पहली बार, प्रत्येक स्वर – चाहे वह गाया गया हो या बजाया गया हो – अपना उचित महत्व रखेगा।यहाँ उल्लेखनीय है कि पहले चरण में 62 संगीतकारों और 40 कोरस गायकों को उनकी देय राशि प्राप्त होगी।

रॉयल्टी इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन (ISAMRA) के संस्थापक और प्रबंध निदेशक संजय टंडन, अध्यक्ष अनूप जलोटा और सिंगर सोनू निगम, हरिहरन, उदित नारायण, अनुराधा पौडवाल, जसपिंदर नरूला, सुदेश भोसले और शैलेंद्र सिंह जैसे नामचीन शख्सियतों द्वारा प्रदान की जाएगी।

आम सभा के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप जलोटा ने इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन की संघर्ष यात्रा की विस्तृत चर्चा करते हुए सदस्यता के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा- “जब तक आप सदस्य नहीं बन जाते, आप अपनी रॉयल्टी नहीं ले सकते। ISAMRA में, हम गायकों से आजीवन सदस्यता के लिए ₹10,000 और संगीतकारों से ₹2,000 लेते हैं, जो रॉयल्टी के अनुसार समायोजित किया जा सकता है।”

ISAMRA के संस्थापक संजय टंडन ने भी यही भावना व्यक्त की: “यह भारतीय इतिहास में पहली बार होगा। इससे पहले संगीतकारों और कोरस गायकों को कभी रॉयल्टी नहीं मिली।

हमने इसके लिए वर्षों तक संघर्ष किया है, और अब मुझे इसे हकीकत बनते देखकर गर्व हो रहा है। सबसे कठिन काम गैर-फीचर्ड कलाकारों और उनके मेटाडेटा की पहचान करना होगा। हम उनसे आग्रह करते हैं कि वे आगे आएँ, ISAMRA से जुड़ें, और जो उनका हक़ है, उसे प्राप्त करें।”

* सिंगर सोनू निगम, जिन्होंने इस पल का हिस्सा बनने और इसे संगीतकारों और कोरस गायकों के साथ साझा करने के लिए लंबी दूरी तय की, उन्होंने इस उपलब्धि का सारांश देते हुए कहा: “जो एक छोटे से प्रयास से शुरू हुआ था, वह अब एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गया है। पहली बार, गायकों, संगीतकारों और कोरस गायकों को ISAMRA के माध्यम से उनकी उचित रॉयल्टी मिल रही है। समुदाय का विश्वास हमेशा से हमारी ताकत रहा है, और यही विश्वास ISAMRA को संगीत जगत के हर कलाकार के अधिकारों के लिए अथक प्रयास करने के लिए प्रेरित करता है।”

* सिंगर जसपिंदर नरूला के लिए, यह पहल बेहद निजी है: “मुझे बहुत खुशी है कि ISAMRA संगीत समुदाय को उनका हक दिलाने का एक माध्यम है, और मैं इस महान आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए आभारी हूँ।”

* वरिष्ठ सिंगर शैलेंद्र सिंह ने इसे एक लंबे समय से प्रतीक्षित विजय बताया: “यह एक लंबी लड़ाई रही है, और यह तो आने वाली रॉयल्टी की शुरुआत मात्र है।”

सिंगर उदित नारायण ने इंडियन सिंगर्स एंड म्यूजिशियंस राइट्स एसोसिएशन के ऐतिहासिक रॉयल्टी वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि बहुत संघर्ष के बाद संगीत समुदाय के हित में सफलता मिली है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

 

निर्देशक सिद्धार्थ नागर की टी वी श्रृंखला ‘प्रतिबद्ध’ की शूटिंग तेज गति से जारी…..!

फानूस बन कर जिसकी हिफाज़त हवा करे,
वो शमा क्या बुझे जिसे रौशन खुदा करे !

30.09.2025 – उपरोक्त पंक्तियां फिलवक्त लेखक, निर्माता व निर्देशक सिद्धार्थ नागर पर अक्षरशः फिट बैठती है

लगभग 3000 से अधिक प्रसारण अवधि के धारावाहिकों का निर्माण एवं निर्देशन कर चुके सिद्धार्थ नागर टी वी श्रृंखला ‘प्रतिबद्ध’ के साथ पुनः सक्रिय हो गए हैं।

विदित हो कि पिछले पांच वर्षों के लंबे गैप, जिसकी वजह रही परिवार के अभिन्न अंग रहे सदस्यों का देहावसान और पारिवारिक समस्याओं से जुड़ी झंझानिल बयार को निर्देशक सिद्धार्थ नागर ने बख़ूबी झेला।

प्रसार भारती ब्रॉडकास्टिंग कारपोरेशन द्वारा आरम्भ किये गए ओ.टी.टी.चैनल वेव्स के लिए टी वी श्रृंखला ‘प्रतिबद्ध’ के निर्माण की स्वीकृति के पश्चात लेखक, निर्माता, निर्देशक सिद्धार्थ नागर को अनुबंधित कर लिया गया है।

बताते चलें कि ‘प्रतिबद्ध’ का मुहूर्त वृन्दावन स्थित श्री बाँके बिहारी जी के चरणों में शीश नवाते हुए किया गया, तत्पश्चात मथुरा, आगरा, लखनऊ में शूटिंग के बाद मुंबई के विभिन्न लोकेशन साई कुटीर, पुष्पा बंगलो, एस जे स्टूडियो, फिल्म सिटी, चांदिवली स्टूडियो आदि में शूटिंग का कार्य प्रगति पर है।

सार्थक चित्रम के बैनर तले बन रही ‘प्रतिबद्ध’ के सह निर्माता आकाश वशिष्ठ, दिनेश सहगल, कैमरामैन मुकेश शर्मा, एडिटर महेंद्र कुमार, रचनात्मक प्रमुख अर्चना सेकिया, निर्माण प्रमुख प्रवीण सोरते और कला निर्देशक महेंद्र राऊत हैं।

पिछले दिनों अंधेरी (ईस्ट) मुंबई स्थित एस जे स्टूडियो में ‘प्रतिबद्ध’ के कई महत्वपूर्ण दृश्य अभिनेता
अयूब खान, राजू खेर, अविनाश सजवानी, यश सिंह, अक्षमा के अलावा हम लोग और बुनियाद के चर्चित अभिनेता अभिनव चतुर्वेदी पर फिल्माए गए।

लगभग 35 साल बाद अभिनेता अभिनव चतुर्वेदी ‘प्रतिबद्ध’ की कास्ट में शामिल होकर अभिनय की दुनिया में पुनः कदम रख रहे हैं।

‘प्रतिबद्ध’ के अन्य प्रमुख कलाकार आस्था चौधरी, बृजेंद्र काला, किशोरी शहाणे, श्वेता रस्तोगी, दामिनी दवे, दीप्ति मिश्रा, अक्षिता अरोड़ा, प्रीति कोचर और लखनऊ की प्रतिष्ठित अभिनेत्री डॉ.अनीता सहगल आदि हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

गायिका साधना वर्मा का देवी गीत ‘मां की महिमा’ जारी ..भक्ति रस से सराबोर यह गीत देशभर में मचा रहा है धूम..!

28.09.2025 – नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तिभाव से ओत-प्रोत म्यूजिक वीडियो ‘मां की महिमा’ जारी कर दिया गया है। चर्चित गायिका साधना वर्मा के स्वर से सजा ये म्यूजिक वीडियो ‘मां की महिमा’ न केवल संगीत प्रेमियों को भावविभोर कर रहा है, बल्कि माता रानी के भक्तों को भी एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव दे रहा है।

इसकी लोकप्रियता का आलम यह है कि कई पूजा पंडालों में इसे बार-बार बजाया जा रहा है और लोग इसकी मधुरता में डूब रहे हैं। साधना वर्मा की सुरीली आवाज़ और भक्ति रस से भरे बोलों ने गीत को इतना लोकप्रिय बना दिया है कि यह महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई पूजा पंडालों, गरबा और डांडिया आयोजनों में विशेष रूप से गूंज रहा है।

विशेष रूप से मुंबई, भिवंडी, ठाणे और पुणे जैसे नगरों में यह गीत नवरात्र महोत्सव का जान बन गया है। इस भक्ति गीत को संगीत से सजाया दि है अंकित सिन्हा ने और बोल लिखे हैं सुनील गुप्ता ने। गीत का वीडियो भी काफी आकर्षक है, जिसका निर्देशन किया है शिवम यादव ने।

वीडियो में कलाकार अभिषेक यादव, प्रतिक्षा शर्मा, आराध्या शर्मा, कीर्ति शर्मा, वैभव भट्ट, विकास यादव, उत्कर्ष शर्मा, राहुल कुमार और अमन शर्मा ने अपने शानदार अभिनय से चार चाँद लगा दिए हैं।यह म्यूजिक वीडियो गायिका साधना वर्मा के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

साउथ स्टार ऋषभ शेट्टी स्टारर ‘कांतारा : चैप्टर 1’ का ट्रेलर हुआ जारी….!

25.09.2025 – होम्बले फिल्म्स के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘कांतारा : चैप्टर 1’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। साउथ स्टार ऋषभ शेट्टी स्टारर ‘कांतारा : चैप्टर 1’ को देशभर में रिलीज होने वाली सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्म के रूप में देखा जा रहा है।

इस फिल्म की क्रिएटिव टीम में म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ, सिनेमैटोग्राफर अरविंद कश्यप और प्रोडक्शन डिज़ाइनर विनेश बंग्लान शामिल हैं, जिन्होंने मिलकर फिल्म की दमदार विजुअल और भावनात्मक कहानी को आकार दिया है।

होम्बले फिल्म्स द्वारा 2022 में निर्मित ‘कांतारा’ ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी। फिल्म ‘ कांतारा: चैप्टर 1’ के साथ एक बार फिर होम्बले फिल्म्स भारतीय सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ा रही है।

मेकर्स ने ‘ कांतारा : चैप्टर 1’ के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्पेशलिस्ट के साथ एक बड़ा वॉर सीक्वेंस तैयार किया है, जिसमें 500 से ज़्यादा कुशल फाइटर्स और 3,000 लोग शामिल हैं।

यह सीक्वेंस 25 एकड़ में फैले एक पूरे शहर में, ऊबड़-खाबड़ इलाके में 45-50 दिनों के दौरान फिल्माया गया था, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े सीक्वेंसेज में से एक बनाता है।

यह फिल्म 2 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी भाषाओं में रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

https://youtu.be/M2OnifMgvps?si=j31q7Tm38MEOEJ05

************************

 

‘सरज़मीं’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 28 सितंबर को स्टार गोल्ड पर होगा…..!

24.09.2025 – धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और कायोज़ ईरानी द्वारा निर्देशित इमोशनल थ्रिलर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर होगा। ‘सरज़मीं’ अटूट पारिवारिक रिश्तों, छुपे हुए रहस्यों और त्याग की कहानी है। फिल्म में काजोल, पृथ्वीराज सुकुमारन और इब्राहिम अली खान जैसे कलाकारों की शानदार परफॉर्मेंस है।

यह फिल्म सस्पेंस को गहरे भावनात्मक ड्रामा के साथ जोड़ती है, जो इसे हर पीढ़ी के लिए एक यादगार अनुभव बनाती है। अपनी दिलचस्प कहानी के अलावा, ‘सरज़मीं’ यह भी दिखाती है कि परिवार हमारी सबसे बड़ी ताकत और हमारी सबसे गहरी जिम्मेदारी है।

फिल्म में अपने मुख्य किरदार में, काजोल एक ऐसी मां की भूमिका निभा रही हैं, जिसके अतीत में एक ऐसा महत्वपूर्ण राज छिपा है जो उसके परिवार की नींव हिला देता है।

पृथ्वीराज सुकुमारन एक ऐसे किरदार में अपनी दमदार परफॉर्मेंस देते हैं, जिसमें वह तीव्रता और संयम दोनों का संतुलन बनाए रखते हैं, जबकि इब्राहिम अली खान एक ऐसे किरदार में ताजगी और संवेदनशीलता लाते हैं जो प्यार, वफादारी और कर्तव्य के बीच फंसा हुआ है।

वर्ल्ड टीवी प्रीमियर के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री काजोल ने कहा- “इतनी गहराई और भावनात्मक जटिलता वाले किरदार को निभाना मेरे लिए एक बहुत ही संतोषजनक अनुभव रहा है।

‘सरज़मीं’ हर परिवार से जुड़ती है क्योंकि यह उन विकल्पों, बंधनों और त्याग को दर्शाती है जिनका सामना हम सभी अपने जीवन में करते हैं। मुझे खुशी है कि सभी भारतीय परिवार 28 सितंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे स्टार गोल्ड पर ‘सरज़मीं’ का प्रीमियर देख पाएंगे।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं – फिल्म निर्माता रवि कौशल

23.09.2025 – ऐश्वर्या शिखा फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली फिल्म ‘ऐसा कब तक’ के लिए सिंगर कोनालिका के स्वर में पिछले दिनों मुंबई स्थित आर्यन रिकॉर्डिंग स्टूडियो में एक गीत रिकॉर्ड किया गया। रिकॉर्डिंग के समय अभिनेता चांद मेहरा भी उपस्थित थे। ‘ऐसा कब तक’ के गीतकार निरंजन बुद्धधारा, कैलाश लखनवी व एंजल और म्यूजिक कंपोज किया है कुंज बिहारी ने।

बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक एम ए अरमान के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के सह निर्माता राकेश कुमार सिंह एवं शिव उरांव और कार्यकारी निर्माता दृष्टि उनगर हैं। इस फिल्म के निर्माता रवि कौशल हैं। विदित हो कि झारखंड से फिल्म निर्माता रवि कौशल का रिश्ता वर्षों पुराना रहा है। झारखंड की धरती से जुड़ी फिल्म ‘अग्निकुंड’ का निर्माण रवि कौशल कर चुके हैं।

अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की शूटिंग भी रवि कौशल झारखंड के ग्रामीण व शहरी इलाकों के रमणीक लोकेशनों में करेंगे। इस फिल्म की कथावस्तु में दर्शकों के टेस्ट को ध्यान में रखते हुए रोमांस, एक्शन, कॉमेडी और ट्रेजेडी का समावेश किया गया है। फिल्म के सॉन्ग की रिकॉर्डिंग के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में अपनी नवीनतम फिल्म ‘ऐसा कब तक’ की मेकिंग की विस्तृत चर्चा करते हुए फिल्म निर्माता रवि कौशल

झारखंड राज्य के अपने अनुभवों को साझा किया और झारखंड फिल्म उद्योग को लेकर भी अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं में फिल्मों के प्रति अपनापन नजर आता है। यहां की फिल्मी गतिविधियों से जुड़े कलाकारों और एक्टिव फिल्मकारों के मनोबल को बढ़ाने के लिए मौजूदा सरकार को ध्यान देना चाहिए। मुझे तो लगता है झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम केवल कागजी घोड़ा बन कर रह गया है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

म्यूजिक वीडियो ‘दिलों की बात’ की शूटिंग संपन्न

21.09.2025 – अवॉर्ड किंग डॉ. कृष्णा चौहान और चर्चित डांसर और अभिनेत्री शिरीन फरीद म्यूजिक वीडियो ‘दिलों की बात’ में एक साथ अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। हाल ही में इस म्यूजिक वीडियो की शूटिंग संपन्न हुई है। 2 अक्टूबर को कृष्णा म्यूजिक के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर इस रोमांटिक म्यूजिक वीडियो को जारी किया जाएगा।

विदित हो कि डॉ. कृष्णा चौहान प्रोड्यूसर डायरेक्टर तो हैं ही, केसीएफ फ़ाउंडेशन के संस्थापक और अध्यक्ष भी हैं और इस म्यूजिक वीडियो ‘दिलों की बात’ से वो अभिनय के क्षेत्र में भी कदम रखने जा रहे हैं। ‘दिलों की बात’ के संगीतकार राजेश घायल व गीतकार शाइस्ता देशमुख हैं और स्वर दिया है सिंगर करिश्मा शेख ने।

डॉ. कृष्णा चौहान के होम प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही माता रानी की महिमा पर आधारित एक भक्ति गीत की भी शूटिंग समाप्त हो गई है। नवरात्रि के अवसर पर जारी होने वाली इस गीत में वैष्णव देवा का संगीत है। विक्की नागर के द्वारा लिखे गीत को स्वर दिया है रेखा राव ने। म्यूजिक वीडियो में प्रवीण वाडकर, रंगीता सिंह और एन के नरेश नजर आएंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक डॉ. कृष्णा चौहान प्रोड्यूसर और डायरेक्टर के रूप में पहली होम प्रोडक्शन हिंदी फीचर फिल्म ‘आत्मा.कॉम’ की शूटिंग भी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि डॉ. कृष्णा चौहान की फिल्म ‘आत्मा.कॉम’ के सभी गीत रिकार्ड हो चुके हैं।

गीतों को स्वर दिया है शाहिद माल्या, तरन्नुम मलिक, शबाब साबरी, दीपा नारायण झा और रितु पाठक ने। म्यूजिक डायरेक्टर दिलीप सेन हैं। 2 अक्टूबर को अंधेरी (मुंबई) स्थित मेयर हॉल में डॉ कृष्णा चौहान ‘महात्मा गांधी रत्न अवॉर्ड 2025’ का आयोजन करने जा रहे हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**********************

 

चर्चाओं के बीच : अदाकारा पूनम झावर

19.09.2025 – ‘मोहरा’, ‘आँच’, ‘आर..राजकुमार’, ‘ओ एम जी-ओ माई गॉड’ जैसी कई हिट फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकी अभिनेत्री पूनम झावर हाल ही में जब मुंबई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुईं, तो नज़ारा ही कुछ और था। एयरपोर्ट का पूरा माहौल उनके जलवे से चमक उठा। फिट बॉडी, ग्लैमरस आउटफिट और जबरदस्त कॉन्फिडेंस के साथ उनकी एंट्री देखकर फैन्स के होश उड़ गए।

किसी ने कहा, “क्या ये वही मोहरा वाली सिंपल साड़ी गर्ल है?” तो किसी ने चुटकी ली – “अब तो ये हॉटनेस की क्वीन लग रही हैं।” सबसे दिलचस्प बात ये है कि पूनम का ये नया अवतार कॉस्मेटिक सर्जरी या फिल्टर्स का कमाल नहीं है, बल्कि उनकी मेहनत, फिटनेस और पॉजिटिव वाइब्स का नतीजा है।

सोशल मीडिया पर उनका वीडियो आते ही धूम मच गई। एक यूज़र ने लिखा, “बिना सर्जरी इतनी हॉट दिखना कोई मज़ाक नहीं, पूनम झावर सच में नेचुरल ब्यूटी की मूरत हैं।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “90’s की सादगी गर्ल अब बन गईं बोल्डनेस की ब्रांड एंबेसडर।”

फ़िलवक़्त अपनी बोल्डनेस को लेकर शोख चंचल हसीन बिंदास अदाकारा बॉलीवुड में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बताते चलें कि 90 के दशक की सुपरहिट फिल्म ‘मोहरा’ से रातोंरात फेमस हुईं पूनम झावर ने उस दौर में अपनी भोली-भाली सूरत और मासूम सादगी से लाखों दिलों को दीवाना बना दिया था।

उनकी कजरारी आंखें, मीठी मुस्कान और देसी नज़ाकत ने दर्शकों पर ऐसा जादू चलाया कि “ना कजरे की धार…” आज भी लोगों की रोमांटिक प्लेलिस्ट में नंबर वन पर है। अब सवाल ये है कि जिस एक्ट्रेस ने सिर्फ एक फिल्म और एक गाने से करोड़ों दिलों में जगह बना ली थी, अगर वो दोबारा बड़े पर्दे पर इस ग्लैमरस अंदाज़ में लौटें तो क्या होगा? यकीन मानिए, बॉलीवुड में फिर से हॉटनेस का तूफ़ान आ जाएगा।

पूनम झावर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ नंबर है, लेकिन जलवा हमेशा बरकरार रहता है। अदाकारा पूनम झावर अपने मिशन के तहत राजनीतिक रैलियों में भी भाग लेने लगी हैं और ग्रामीण भारत की युवा लड़कियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ उनके अधिकारों व सुरक्षा के लिए कई गैर सरकारी संगठनों से भी जुड़ गई हैं।

वह वर्तमान में कई ऐसी गाँव की पहचान कर रही हैं जहाँ लैंगिक भेदभाव चरम सीमा पर है और साक्षरता के अंतर को समाप्त करना बेहद महत्वपूर्ण है। स्टे होम की अवधारणा को आत्मसात कर पूनम झावर फिलहाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और फिल्मों के लिए आने वाले ऑफर्स पर विशेष ध्यान दे रही हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*************************

 

डॉ कृष्णा चौहान 2 अक्टूबर को आयोजित करने जा रहे हैं ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’

मुम्बई (अंधेरी) स्थित मेयर हॉल में

15.09.2025 – 2 अक्टूबर को कृष्णा चौहान फाउंडेशन के द्वारा आयोजित ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड 2025’ समारोह में समाज सेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शख़्सियतों को अवार्ड दे कर सम्मानित किया जाएगा।

कृष्णा चौहान फाउंडेशन के संस्थापक व संचालक डॉ कृष्णा चौहान ‘महात्मा गांधी रत्न अवार्ड’ का आयोजन मुम्बई में पांचवीं बार करने जा रहे हैं। फिलवक्त आयोजक डॉ कृष्णा चौहान इस समारोह को लेकर काफी उत्साहित हैं। गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के मूल निवासी डॉ कृष्णा चौहान पिछले 25 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं। इन्होंने अपना फिल्मी सफर बतौर सहायक निर्देशक शुरू किया था।

इन्होंने कई एड फिल्म्स, म्यूजिक वीडियो का निर्माण किया है। डॉ कृष्णा चौहान न केवल एक कामयाब फिल्म निर्देशक एवं चर्चित समाज सेवक हैं बल्कि अवार्ड्स फंक्शन करने के मामले में सबसे अधिक सुर्खियों में रहने वाले पर्सनाल्टी के रूप में जाने जाते हैं। पिछले आठ वर्षों से कृष्णा जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीमद्भागवत गीता बांटने की परम्परा को उन्होंने कायम रखा है।

उनका एक अवार्ड फंक्शन सम्पन्न होता है और वह अपने अगले पुरस्कार समारोह की तैयारियों में लग जाते हैं। हिंदी अल्बम ‘ज़िक्र तेरा’ की सफलता के बाद वो इन दिनों काफी सक्रिय हैं।

उनकी हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘आत्मा डॉट कॉम’ के सारे गाने संगीतकार दिलीप सेन के संगीत निर्देशन में रिकॉर्ड हो चुके हैं और साथ ही साथ उनके तीन म्युज़िक वीडियो ‘जय जय महाराष्ट्र’, ‘बाबू जी’ और ‘जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी’ की शूटिंग कंप्लीट हो चुकी है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

सिनेफलक पर उभरती अदाकारा समीक्षा गोस्वामी

15.09.2025 – एकता कपूर के सुपरहिट शो ‘नागिन’ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद से ही शोख चंचल हसीन अदाकारा समीक्षा गोस्वामी सुर्खियों में हैं। कोटा (राजस्थान) की मूल निवासी अदाकारा समीक्षा गोस्वामी ने हिंदी और भोजपुरी म्यूजिक वीडियो से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब साउथ फिल्मों की ओर कदम बढ़ा दिया है।

कई सालों से मायानगरी मुंबई में रह रहीं समीक्षा अब तक पाँच से अधिक म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। उनके चर्चित गानों में ‘एक हसीना थी एक दीवाना था’, ‘एग्रीमेंट’ और ‘राजनीति’ जैसे म्यूजिक वीडियो यूट्यूब पर उपलब्ध हैं और दर्शकों द्वारा सराहे गए हैं। बहुत जल्द ही भोजपुरी स्टार प्रमोद प्रेमी यादव के साथ उनका नया वीडियो सांग रिलीज होने जा रहा है।

बेहद चुलबुली और हँसमुख स्वभाव वाली समीक्षा बतौर अभिनेत्री हर तरह के रोल निभाना चाहती हैं। समीक्षा गोस्वामी की पहली साउथ फिल्म की शूटिंग भी लगभग पूरी हो चुकी है और वह अब फिल्मों में अपने अलग अंदाज से पहचान बनाने को तैयार हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

नहीं रहे चरित्र अभिनेता अवधेश निर्मलेश पाठक….!

10.09.2025 – निर्मला मूवी टोन के बैनर तले बनी फिल्म फीचर फिल्म ‘गीता मेरा नाम’ और शॉर्ट फिल्म ‘सहर होगी’ जैसी कई फिल्मों में चरित्र भूमिकाओं को जीवंत कर चुके चरित्र अभिनेता अवधेश निर्मलेश पाठक अब हमारे बीच नहीं हैं।

मंगलवार 9 सितंबर को हजारीबाग में हृदयगति रुक जाने की वजह से माँ विंध्यवासिनी के उपासक एवं साधक 65 वर्षीय अवधेश निर्मलेश पाठक का निधन हो गया।

उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव खम्भवा (टाटीझरिया) में संपन्न हो चुका है। विदित हो कि अवधेश निर्मलेश पाठक वेस्टर्न इंडिया फिल्म एंड टी वी प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (मुंबई) के सदस्य भी थे।

एड्स जागरूकता पर आधारित उनकी बेहद चर्चित शॉर्ट फिल्म ‘सहर होगी’ 12 जुलाई 2019 को सिल्वर स्क्रीन यूट्यूब चैनल पर जय माई फिल्म्स एंड टीवी इंटरनेशनल और वीनस म्यूजिक इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में अरविंद राम फिल्म एंड टीवी इंटरनेशनल के बैनर तले रिलीज़ की गई थी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***********************

‘निशानची’ का ट्रेलर जारी…….19 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म……!

04.09.2025 – अमेजन MGM स्टूडियोज़ इंडिया और डायरेक्टर अनुराग कश्यप की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘निशानची’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ‘निशानची’ का ट्रेलर दर्शकों को सीधे उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर की चहल-पहल भरी गलियों में ले जाता है, जहाँ बबलू निशानची, रंगीली रिंकू और डबलू की ज़िंदगियाँ अचानक अनोखे तरीके से आपस में टकराती हैं।

जबरदस्त पीछा करने वाले सीन, सीटी बजवाने वाले डायलॉग, जोरदार टकराव और प्यार व तड़प के नाज़ुक पलों के साथ यह एक ऐसी दुनिया रचता है, जो जितनी अव्यवस्थित है उतनी ही आकर्षक भी है। रोमांच, कॉमेडी और देसी अंदाज़ से भरपूर इस ट्रेलर में विद्रोह, रोमांस और प्रतिद्वंद्विता को समान रूप से दर्शाया गया है। यह ट्रेलर दर्शकों को एक्शन और ड्रामा का एक हाई-ऑक्टेन मिक्स देगा।

अजय राय और रंजन सिंह के प्रोडक्शन हाउस ‘जार पिक्चर्स’ के बैनर तले बनी यह फिल्म, फ्लिप फिल्म्स के साथ एसोसिएशन में बनाई गई है। फिल्म की कथा, पटकथा और संवाद प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने मिलकर लिखा है। फिल्म में डेब्यू कर रहे ऐश्वर्य ठाकरे डबल रोल में नज़र आएंगे।

‘निशानची’ की कहानी दो जुडवा भाइयों बबलू और डबलू की रोमांचक ज़िंदगी पर आधारित है, जो एक-दूसरे की तरह दिखते तो हैं लेकिन उनके विचार और मान्यताएँ बिल्कुल अलग हैं।

इस फिल्म में ऐश्वर्य ठाकरे के अलावा वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद जीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, ह्यूमर और ड्रामा से भरपूर यह मसाला एंटरटेनर 19 सितंबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

बॉलीवुड में दस्तक देगी अभिनेत्री सुचंद्रा एक्स वानिया……!

01.09.2025 – बंगाल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी कला से दर्शकों को प्रभावित करने वाली अभिनेत्री सुचंद्रा एक्स वानिया इन दिनों अपनी अति महत्वाकांक्षी फिल्म ‘द गरुणा’ को लेकर सुर्ख़ियों में हैं। ‘द गरुणा’ रहस्य, रोमांच, प्राचीन इतिहास, दंतकथाओं और मायथोलॉजी से जुड़ी संदेशात्मक कहानी है। इस फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरू होगी।

पश्चिम बंगाल के एक छोटे से कस्बे से निकल कर बॉलीवुड में उड़ान भरने वाली सुचंद्रा एक्स वानिया अभिनय के साथ-साथ निर्देशन और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक्टिव रहते हुए बंगाल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी विशिष्ट छवि कायम कर चुकी हैं।

उनकी खुद की प्रोडक्शन हाउस ‘वानिया ग्रुप ऑफ कंपनी’ है जिसके बैनर तले फिल्मों का निर्माण होता है। बतौर अभिनेत्री उन्होंने कई बंगाली फिल्मों, वेब सीरीज़ और शॉर्ट फिल्मों में काम किया है जिनमें ‘डाइट’ (हॉटस्टार), ‘पथ जदि ना सेश होय’ (क्लिक्क), ‘बालुकाबेला.कॉम’ (ज़ी5), ‘बोंकु बाबु’ (ज़ी5), ‘जमाई बोरन’, ‘नॉट अ डर्टी फिल्म’ (क्लिक्क), ‘चोतुष्कोण’ (प्राइम वीडियो), ‘कंडीशन्स अप्लाई’ (प्राइम वीडियो), ‘कोलकाताय कोलंबस’ (सोनी लिव), ‘नीलाचले किरीटी’, ‘सूर्यो पृथिबीर चारिदिके घोरे’ और ‘पूरब पश्चिम दक्षिण उत्तर आशबेई’ उल्लेखनीय हैं।

निर्देशन में सुचंद्रा एक्स वानिया ने सबसे पहले अपने प्रोडक्शन की फिल्म ‘पूरब पश्चिम दक्षिण उत्तर आशबेई’ का क्रिएटिव डायरेक्शन किया, जो एक बड़े बजट की बंगाली स्पिरिचुअल थ्रिलर फिल्म थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल रही। इसके बाद उन्होंने ‘सूर्पनखा आगोमोन’ (The Arrival of Shurpanakha) का निर्देशन किया। यह फिल्म 2022 में कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चुनी गई और अलग-अलग कैटेगरी में 10 से भी अधिक पुरस्कार जीत चुकी है। 17 मिनट की इस शॉर्ट फिल्म में माता सीता और शूर्पणखा के संवाद और भावनाओं को दिखाया गया है। इसकी शूटिंग पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों में हुई थी और इसमें छाऊ कलाकारों, आदिवासी और नए कलाकारों को अवसर दिया गया था।

दक्षिण कोलकाता की पृष्ठभूमि से आने वाली सुचंद्रा को बचपन से ही कला और फिल्म निर्माण का वातावरण मिला। उनके पिता को फोटोग्राफी का शौक था और उनके आसपास फिल्म और स्क्रिप्ट पर चर्चाएँ होती थीं। बारहवीं कक्षा के दौरान उन्होंने एक शॉर्ट फिल्म में अभिनय किया और वहीं एक निर्देशक ने उन्हें देखा और अपनी फिल्म का हिस्सा बनाया जहाँ से उनके फिल्मी कैरियर की शुरुआत हुई। हालांकि वह पहले अभिनेत्री बनना चाहती थीं, लेकिन निर्देशन और फिल्म निर्माण की इच्छा हमेशा उनके मन में रही।

सुचंद्रा एक्स वानिया ने निर्देशन की पढ़ाई न्यूयॉर्क फिल्म अकेडमी से की है और सुजीत रॉय इंस्टीट्यूट से निर्देशन की बारीकियों को भी सीखा है। आज सुचंद्रा एक्स वानिया बतौर अभिनेत्री और निर्देशक कई पुरस्कारों से सम्मानित हैं। वह समाज सेवा में भी सक्रिय रहती हैं और गरीबों व ज़रूरतमंदों की सहायता करती हैं।

उनका मानना है कि फिल्मों में मनोरंजन के साथ संस्कृति, इतिहास और परंपरा का समावेश होना चाहिए ताकि सिनेमा के माध्यम से लोगों को नई और वास्तविक जानकारियाँ मिलें। वर्तमान में वह बंगला प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ दो हिंदी फिल्मों पर काम कर रही हैं।

सुचंद्रा एक्स वानिया कहने से ज़्यादा करने में विश्वास रखती हैं। उनका कहना है कि अभी तो सफर की शुरुआत है, मंज़िल तक पहुँचना बाकी है और वहाँ वे अपने स्वाभिमान और शर्तों के साथ पहुँचेंगी। फिलहाल सुचंद्रा एक्स वानिया अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

*****************************

 

विवेक अग्निहोत्री सीएम ममता को दिखाना चाहते हैं अपनी फिल्म

कोलकाता 29 Aug,  (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री अपने फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर चर्चा में हैं। बंगाल में इसके ट्रेलर को लेकर हंगामा किसी से छुपी नहीं है। ऐसे में फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने हाल में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान वेस्ट बंगाल में स्क्रीनिंग को लेकर सामने आ रही मुश्किलों पर बात की है।

इसके साथ ही, उन्होंने यह भी कहा है कि अगर मौका मिलता है तो वह अपनी फिल्म को वेस्ट बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिखाना चाहेंगे, बावजूद इसके की उस राज्य में उनकी फिल्म को बैन कर दिया गया है। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने खुले दिल से की गई बातचीत में फिल्म को लेकर उठी विवादों पर अपनी बात रखते हुए कहा, ‘सच ही सबसे बड़ा विवाद होता है। इस दुनिया की सबसे विवादित चीज सच ही है।’

जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी फिल्म बंगाल में दिखाई जाएगी, जिसपर उन्होंने जवाब देते हुए कहा, ‘मैं क्या कर सकता हूं? क्या कर सकता हूं अगर रक्षक ही भक्षक बन जाए?’ विवेक अग्निहोत्री ने अपनी बात साफ करते हुए कहा, ‘मैं सरकार को भक्षक कह रहा हूं। ममता बनर्जी इस समय बंगाल की रक्षक हैं।

वो मुख्यमंत्री हैं, वही पुलिस हैं और पुलिस उन्हीं के अधीन आती है। उन्हें ये जानना चाहिए।’जब विवेक अग्निहोत्री से पूछा गया कि क्या वह फिल्में बनाते समय बीजेपी जैसी पॉलिटिकल पार्टीज से मार्गदर्शन लेते हैं, तो उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में कहा, “नहीं, बीजेपी तो खुद मुझसे पूछकर कैंपेन करती है।”

अपनी आलोचनाओं के बावजूद विवेक रंजन अग्निहोत्री ने यह साफ किया कि उनका मुख्यमंत्री के प्रति कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है। उन्होंने डायरेक्ट बातचीत का स्वागत करते हुए कहा, “अगर वो मुझसे कहें, मिस्टर विवेक आइए, मैं आपकी फिल्म देखना चाहती हूँ… तो मैं बिना किसी झिझक के वहां जाऊंगा।”

***********************

 

इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड 2025 समारोह सम्पन्न

28.08.2025 – साउथ एशिया समिट पार्टनरशिप (इवेंट पार्टनर) और समारी इवेंट्स नेपाल (सहयोगी संस्था) के संयुक्त तत्वाधान में आभा फाउंडेशन नेपाल के सहयोग से एबीएम के बैनर तले राष्ट्रीय नाचघर ऑडिटोरियम, जमल, काठमांडू (नेपाल) में आयोजित इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड 2025 समारोह, कार्यक्रम के विशेष मुख्य अतिथि अब्दुल खान, पूर्व जल आपूर्ति मंत्री (नेपाल) और मुख्य अतिथि त्शेरिंग ल्हामू लामा (तामांग), संसद सदस्य (नेपाल) की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

इस प्रतिष्ठित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में क्रियाशील प्रतिभाओं को उनकी उपलब्धियों के आकलन के पश्चात सम्मानित किया गया।

संवाद प्रेषक : काली दास पाण्डेय

******************************

 

अक्षय कुमार की थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग शुरू

24.08.2025 – भारतीय फिल्म जगत के चर्चित निर्देशक प्रियदर्शन इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘हैवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म को केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स साथ मिलकर बना रहे हैं और इसे वेंकट के नारायण और शैलजा देसाई ने साथ में प्रोड्यूस किया है।

इस फिल्म की खास बात यह है कि इस फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान 18 साल बाद एक साथ नजर आएंगे। विदित हो कि 90 के दशक में ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ और ‘आरजू’ जैसी फिल्मों में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी नजर आई थी हालांकि, आखिरी बार दोनों को साथ में फिल्म ‘टशन’ (2008) में देखा गया था। 2016 की मलयालम थ्रिलर ‘ओप्पम’ के हिंदी रूपांतरण ‘हैवान’ एक हाई-ऑक्टेन थ्रिलर फिल्म है।

इसकी शूटिंग केरल के कोच्चि में शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में फिल्म की शूटिंग ऊटी और मुंबई में भी की जाएगी। कहा जा रहा है कि फिल्म अगले साल रिलीज हो सकती है।

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार कहे जाने वाले अक्षय उर्फ अक्की इन दिनों ‘जॉली एलएलबी 3’ को लेकर चर्चा में हैं, उनके फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ये 19 सितंबर को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा अक्षय की पाइपलाइन में ‘भूल बंगला’ और ‘हेरा फेरी 3’ भी शामिल हैं। इन दोनों ही फिल्मों को भी प्रियदर्शन ही डायरेक्ट कर रहे हैं।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

************************

 

मॉडल-एक्ट्रेस शाहीन परवीन को मिला एशिया वर्ल्ड डायमंड विनर का खिताब..!

रांची,19.08.2025 – मुम्बई ग्लोबल की ओर से दुबई में आयोजित एशिया वर्ल्ड अवार्ड शो में मॉडल और एक्ट्रेस शाहीन परवीन को एशिया वर्ल्ड डायमंड विनर का खिताब मिला। मुम्बई ग्लोबल ने शाहीन परवीन को अपना ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया है।

हाल ही में गुजरात के वडोदरा में हुए एपिक शो फैशन रनवे शो में शाहीन परवीन को बेस्ट कॉन्फिडेंस अवार्ड से नवाजा गया। इस अवार्ड का चयन कई प्रतिभागियों के बीच वोटिंग सिस्टम से हुआ। साथ ही मुम्बई में हुए फैशन रनवे शो ‘द विनिंग क्राउन विनर’ में वह शो ओपनर भी रहीं।

इसके अलावा, वडोदरा में निधि फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘ब्यूटी सेलिब्रिटी अवार्ड’ शो में टीवी सीरियल अनुपमा और साराभाई वर्सेस साराभाई फेम अभिनेत्री रुपाली गांगुली के हाथों शाहीन परवीन को बेस्ट मॉडल अवार्ड मिल चुका है।

शाहीन अब तक कई विज्ञापन फिल्मों में काम कर चुकी हैं, जिनमें साड़ी, ज्वेलरी, घरेलू सामान और बड़े ब्रांड शामिल हैं। जिम, योगा, कुकिंग और ट्रैवलिंग की शौकीन शाहीन परवीन के पसंदीदा अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान हैं, जबकि अभिनेत्री काजोल का अभिनय उन्हें बेहद पसंद है।

विदित हो कि शाहीन ने अपने करियर की शुरुआत कोलकाता से बतौर मॉडल की। बिहार में जन्मी और पली-बढ़ी शाहीन की प्रारंभिक शिक्षा वहीं हुई। बाद में वह झारखंड और फिर शादी के बाद कोलकाता आ गईं।

उन्होंने आगे की शिक्षा के साथ ब्यूटीशियन और मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स किया, लेकिन अभिनय के प्रति जुनून ने उन्हें मॉडलिंग और एक्टिंग की ओर मोड़ दिया। उनके परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया। शाहीन का मानना है कि महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए समाज की सोच बदलने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि खुद आगे बढ़कर उदाहरण पेश करना चाहिए।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************

 

म्यूज़िक की दुनिया की एक नायाब सितारा : डीजे चाहत

07.08.2025 – पिछले सात वर्षों से पेशेवर रूप से डीजे के रूप में सक्रिय चाहत इन दिनों सुर्खियों में हैं। 22 वर्षीय चाहत देश की सबसे कम उम्र की लेडी डीजे बनकर अन्य महिलाओं के लिए एक नई मिसाल कायम कर चुकी हैं। डीजे चाहत, म्यूजिक मिक्सिंग, प्लेलिस्ट निर्माण, डीजे मशीन के सही उपयोग और मास्टरिंग में दक्ष हैं। उन्हें बॉलीटेक, टेक्नो, पंजाबी और बॉलीवुड जैसे विभिन्न जॉनर में गीत बजाने में महारत हासिल है।

एक बेहतरीन धुन तैयार करने के लिए उन्हें हजारों गाने सुनने पड़ते हैं। गानों को सुनकर उन्हें क्रमबद्ध रूप से सजाना और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करना होता है। किसी एक ट्रैक को बजाने से पहले तीन से चार घंटे की कड़ी मेहनत करनी होती है, तब जाकर एक अच्छी परफॉर्मेंस तैयार होती है। एक बेहतरीन धुन तैयार करने के लिए सभी इंस्ट्रूमेंट्स, बीट्स और डीजे मशीन पर विशेष ध्यान देना होता है।

अनुभव से ही इस क्षेत्र में कौशल में निखार आता है और डीजे चाहत इस दिशा में अनुभवी हैं। इसके अतिरिक्त वह गिटार और दरबुका जैसे वाद्ययंत्रों को भी बेहतरीन ढंग से बजा लेती हैं। उनकी गायन शैली भी सराहनीय है। योग, जिम और संगीत सुनना उनके प्रमुख शौक हैं। वह देश और विदेशों में बतौर डीजे परफ़ॉर्मेंस करती रहती हैं। यह कार्य उनके दिल के अत्यंत करीब है।

वे पार्टी, क्लब, होटल, विवाह एवं अन्य कार्यक्रमों में डीजे का कार्य करती हैं। चाहत बताती हैं कि डीजे बनना आसान नहीं है। एक दक्ष डीजे का कार्य केवल लोगों का मनोरंजन करना नहीं होता, बल्कि उनकी भावनाओं को भी समझना पड़ता है। उदाहरण के तौर पर यदि कोई भावनात्मक और धीमा गीत चल रहा हो और दर्शक भावुक हो जाएं, तो उसी भाव-तरंग के अनुसार अगले गानों का चयन करना आवश्यक होता है। आप तुरंत कोई रॉक सॉन्ग या मस्ती भरा गीत नहीं बजा सकते। यदि कोई मस्ती वाला गीत चल रहा हो, तो एकदम से अलग जॉनर का गाना बजाना उपयुक्त नहीं होता।

चूंकि यह लाइव परफ़ॉर्मेंस होता है, इसलिए आपकी छोटी सी गलती भी दर्शकों के असंतोष का कारण बन सकती है। इसलिए इस क्षेत्र में अच्छी समझदारी और बुद्धिमत्ता का प्रदर्शन आवश्यक होता है। डीजे इंडस्ट्री में भी ग्लैमर का प्रभाव काफी अधिक होता है। डीजे चाहत अपनी संघर्ष यात्रा की विस्तृत चर्चा करते हुए कहती हैं कि वह एक प्रोफेशनल डीजे हैं और उन्होंने डीजे की बाकायदा पढ़ाई की है तथा इस क्षेत्र में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। उनका मानना है कि अपने सपनों को कभी नहीं छोड़ना चाहिए, बल्कि उन्हें पूरा करने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

उनके अनुसार, “काम ऐसा होना चाहिए जिससे जीवन बोझ न लगे, बल्कि आनंद मिले। अपने कौशल और प्रतिभा को लगातार बढ़ाएं, और अपने सपनों को साकार करें। आज का समय बदल चुका है, किसी एक नौकरी में अपने अमूल्य जीवन को नष्ट न करें। यदि आपने अपने लक्ष्य को पाने के लिए मेहनत और लगन से कार्य किया, तो न केवल आप खुश रहेंगे बल्कि अपनी आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बना सकेंगे।”

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

उदयपुर फाइल्स की रिलीज पर रोक, दिल्ली हाईकोर्ट में 30 जुलाई को होगी सुनवाई

नई दिल्ली ,28 जुलाई (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। राजस्थान के उदयपुर में हुए कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स की रिलीज को लेकर सोमवार को सुनवाई हुई। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि इस मामले की सुनवाई अब 30 जुलाई को होगी।

कोर्ट को बताया गया कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म में कुछ बदलावों के बाद इसे दोबारा सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से सर्टिफिकेट लेने को कहा है। कोर्ट के अनुसार, इस प्रक्रिया में समय लगेगा इसलिए फिल्म की रिलीज अभी टाल दी गई है।

फिल्म के निर्माता की ओर से सीनियर एडवोकेट गौरव भाटिया ने कोर्ट में कहा कि मंत्रालय की सिफारिशों के अनुसार फिल्म में छह कट लगाए गए हैं और डिस्क्लेमर में भी बदलाव किया गया है।

उन्होंने बताया कि पहले सीबीएफसी ने फिल्म को 55 कट के साथ मंजूरी दी थी, लेकिन अब नए बदलावों के बाद दोबारा सर्टिफिकेशन की जरूरत है।

इस पर कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जल्दबाजी की जरूरत नहीं है और सर्टिफिकेशन पूरा होने के बाद ही फिल्म रिलीज हो सकती है।

‘उदयपुर फाइल्सÓ उदयपुर में 2022 में हुए कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित है। इस हत्याकांड में मोहम्मद रियाज और मोहम्मद गौस को आरोपी बनाया गया था, जिन्होंने कथित तौर पर एक सोशल मीडिया पोस्ट के जवाब में हत्या को अंजाम दिया था।

फिल्म के खिलाफ जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी और हत्याकांड के एक आरोपी मोहम्मद जावेद ने याचिका दायर की है। उनका दावा है कि यह फिल्म मुस्लिम समुदाय को बदनाम करती है और चल रहे मुकदमे को प्रभावित कर सकती है।

सुप्रीम कोर्ट ने पहले याचिकाकर्ताओं को दिल्ली हाईकोर्ट में जाने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने यह भी कहा था कि मंत्रालय के फैसले को चुनौती दी जा सकती है। अब सभी की नजरें 30 जुलाई की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि फिल्म को रिलीज की अनुमति मिलेगी या नहीं।

***************************

 

सैयारा’ की बॉक्स ऑफिस पर तूफानी कमाई जारी…..!

23.07.2025 – यशराज फिल्म्स के बैनर तले निर्मित और बॉलीवुड के चर्चित निर्देशक मोहित सूरी द्वारा निर्देशित रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस की खिड़की पर धमाल मचा रही है। इस फिल्म में न तो कोई बड़ा नामचीन स्टार है और ना ही इस फिल्म का कोई खास प्रमोशन हुआ।

इसके बाद भी ‘सैयारा’ की बॉक्स ऑफिस पर ऐसी आंधी आई, जिससे बड़े बड़े प्रोडक्शन हाउस के संचालकों की नींद उड़ गई है। 60 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई ‘सैयारा’ ने वर्ल्डवाइड, 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और तूफानी कमाई की रफ्तार जारी है।

इस म्यूजिकल ड्रामा ने बॉक्स ऑफिस पर साल 2025 की कई बिग बजट फिल्मों को काफी पीछे छोड़ दिया है। ‘सैयारा’ से नवोदित अभिनेता अहान पांडे ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में धमाकेदार डेब्यू किया है। इस मूवी में उनकी एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स की ओर से काफी सराहा गया।

‘सैयारा’ में अहान पांडे और अभिनेत्री अनीत पड्डा के अलावा राजेश कुमार, वरुण बडोला और आलम खान की मुख्य भूमिका है। निर्देशक मोहित सूरी सिनेदर्शकों के टेस्ट को ध्यान में रखते हुए ‘सैयारा’ के रूप में एक इमोशनल लव स्टोरी लेकर आये हैं।

फिल्म का मधुर संगीत और नवोदित युवा कलाकारों का परफॉरमेंस दर्शकों को बांधे रखता है, जिस वजह से यह फिल्म एक बार देखी जा सकती है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

***************************

 

फिल्मकार अमोल भगत को नेशनल एजुकेशन फोरम (NEF) का राष्ट्रीय युवा समन्वयक नियुक्त किया गया

19.07.2025 – भारत सरकार के अंतर्गत संचालित एक स्वायत्त संस्था नेशनल एजुकेशन फोरम (NEF) ने फिल्मकार अमोल भगत को राष्ट्रीय युवा समन्वयक के रूप में औपचारिक रूप से नियुक्त किया है।

यह सम्मानजनक नियुक्ति सुश्री अनु कुमारी, मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक के नेतृत्व में की गई, जिसे डॉ. गीताांजलि मुखर्जी, संयुक्त सचिव द्वारा अनुमोदित किया गया है।

अमोल भगत, मीडिया, युवाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा जागरूकता के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने देशभर में युवाओं को संगठित करने, शिक्षा सुधारों को बढ़ावा देने और कई युवा-केन्द्रित अभियानों का नेतृत्व करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

राष्ट्रीय युवा समन्वयक के रूप में उनका कार्य छात्रों, शैक्षणिक संस्थानों और युवा संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़कर NEF के समावेशी, नवाचारी और भविष्य उन्मुख शिक्षा दृष्टिकोण को बढ़ावा देना होगा।

विदित हो कि नेशनल एजुकेशन फोरम शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और युवा नेताओं को एक मंच पर लाकर भारत की शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उम्मीद की जा रही है कि अमोल भगत की इस टीम में सहभागिता, संस्था के युवा-केंद्रित दृष्टिकोण को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

**************************

 

विजय सेतुपति-निथ्या मेनन की थलाइवन थलाइवी रिलीज डेट से उठा पर्दा

टाइटल टीजऱ भी जारी

18.07.2025 (एजेंसी)विजय सेतुपति और निथ्या मेनन अभिनीत बहुप्रतीक्षित तमिल फि़ल्म थलाइवन थलाइवी 25 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी। निर्माताओं ने इसकी घोषणा की, साथ ही एक शीर्षक टीजऱ भी जारी किया जिसमें पात्रों का परिचय दिया गया। मलयालम फि़ल्म 19(1)(ए) में उनके पिछले काम के बाद यह फि़ल्म सेतुपति और मेनन के बीच दूसरा सहयोग है।

थलाइवन थलाइवी फि़ल्म निर्माता पंडिराज की नवीनतम पेशकश है, जो केडी बिल्ला किलाडी रंगा, नम्मा वीट्टू पिल्लई और मरीना के लिए जाने जाते हैं। यह फि़ल्म 2022 में सूर्या-स्टारर एथरक्कुम थुनिंधवन के बाद तीन साल बाद निर्देशक की कुर्सी पर उनकी वापसी का प्रतीक है। इससे पहले जारी किए गए शीर्षक टीजऱ में सेतुपति और मेनन एक-दूसरे से भिड़ते हुए दिखाई दिए थे।

सेतुपति और मेनन के अलावा, थलाइवन थलाइवी में योगी बाबू, मैना नंदिनी, सरवनन, काली वेंकट, दीपा और रोशिनी हरिप्रियन भी हैं। फिल्म का निर्माण सत्य ज्योति फिल्म्स के बैनर तले सेंथिल त्यागराजन और अर्जुन त्यागराजन ने किया है। इस प्रोजेक्ट के लिए संतोष नारायणन ने संगीत तैयार किया है, जबकि एम सुकुमार छायांकन संभाल रहे हैं।

फिल्म के संपादक प्रदीप ई राघव हैं। जब आप थलाइवन थलाइवी का इंतज़ार कर रहे हैं, तो आप 19(1)(ए) में सेतुपति और मेनन के पिछले सहयोग को देख सकते हैं।

इंधु वीएस द्वारा लिखित और निर्देशित यह ड्रामा एक फोटोकॉपी की दुकान में काम करने वाली महिला के जीवन के इर्द-गिर्द घूमता है। यह जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।

*****************************

 

 

चर्चाओं के बीच : गायिका अनुप्रिया चटर्जी

14.07.2025 – फिल्म ’72 ऑवर्स विथ सुखविंदर सिंह’ (बायोपिक फिल्म), ‘प्यार के दो नाम’ और पंजाबी फिल्म ‘प्रॉपर पटोला’ के अलावा टीवी धारावाहिक ‘इस प्यार को क्या नाम दूँ’, ‘मधुबाला’, ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘दो दिल एक जान’, ‘क्रेज़ी स्टुपिड इश्क’ और ‘मायके से बंधी डोर’ जैसे शो में भी अपनी गायकी का कमाल दिखा चुकी

गायिका और नृत्यांगना अनुप्रिया चटर्जी इन दिनों सुर्खियों में हैं। बनारस (उत्तरप्रदेश) की मूल निवासी अनुप्रिया चटर्जी पिछले कई वर्षों से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और अपनी मधुर आवाज़ और बेहतरीन नृत्य द्वारा एक अलग पहचान बना चुकी हैं।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में संगीत और कथक की औपचारिक शिक्षा लेने वाली अनुप्रिया का पारिवारिक माहौल भी गीत-संगीत से रमा हुआ रहा, जिसने उनकी प्रतिभा को बचपन से ही दिशा दी।

विदित हो कि अपनी कला के विस्तार के लिए अनुप्रिया मुंबई आईं और यहीं से उनके करियर ने नई उड़ान भरी। शुरुआत में मशहूर संगीतकार प्यारे लाल के शिष्य और प्रख्यात वायलिन वादक सुरेंद्र सिंह अत्रा से उनकी मुलाकात हुई।

यहीं से उनके गायन का सिलसिला पेशेवर स्तर पर शुरू हुआ। नृत्य में भी अनुप्रिया ने विशिष्ट प्रशिक्षण लिया है। प्रसिद्ध कथक सम्राट बिरजू महाराज की शिष्या रेणु शर्मा से उन्होंने कथक सीखा और उनकी अगुवाई में कई मंचों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने सोमा घोष के म्यूजिक वीडियो बनारसिया में भी नृत्य किया। गायन और नृत्य दोनों में निपुण अनुप्रिया की खास रुचि गायन में है।

उन्होंने ललित पंडित, शान, अनूप जलोटा, जावेद अली और कई अन्य बड़े गायकों के साथ लाइव शो किए हैं। वह भारत ही नहीं, विदेशों में भी अपने संगीत शो करती रहती हैं। उनके शो में पंडित हरिप्रसाद चौरसिया जैसे दिग्गज भी मुख्य अतिथि रह चुके हैं।

अनुप्रिया ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी वर्ज़न के लिए गीत गाए, जिससे उन्हें व्यापक पहचान मिली। उन्ही के सानिध्य में रहते हुए उनकी मुलाकात गायिका आशा भोंसले से भी हुई और आशा ताई ने उनके गायन की खुले दिल से प्रशंसा की।

उनकी आवाज़ म्यूजिक वीडियो ‘ये जुनून इश्क का’ और ‘रंग शर्बतों का’ में भी सुनने को मिली। इसके अलावा उन्होंने आस्था, संस्कार, दिव्या और इनबॉक्स म्यूजिक जैसे चैनलों के लिए भी कई गीत रिकॉर्ड किए हैं।

अनुप्रिया ने हिंदी, मराठी, गुजराती, बंगाली, ओड़िया, कन्नड़, तमिल, भोजपुरी, तेलगु, पंजाबी और राजस्थानी भाषाओं में गाने गाए हैं। फिलवक्त अनुप्रिया के कई म्यूजिक शो लाइन अप हैं और जल्द ही एक फिल्म में उनका आइटम सॉन्ग भी आने वाला है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

****************************