नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ दर्ज 15 एफआईआर को भी निरस्त किया
कोलकाता 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । राज्य में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को बड़ा झटका लगा है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने वर्ष 2022 में दी गई सुरक्षा कवच (प्रोटेक्शन) को वापस ले लिया है। न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता की खंडपीठ ने आज यह फैसला सुनाया। इसके साथ ही अदालत ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ दर्ज 15 एफआईआर को भी निरस्त कर दिया।
दिसंबर 2022 में न्यायमूर्ति राजाशेखर मंथा की पीठ ने शुभेंदु अधिकारी को सुरक्षा कवच देते हुए राज्य पुलिस द्वारा दर्ज 26 एफआईआर पर रोक लगा दी थी और यह निर्देश दिया था कि उनके खिलाफ कोई नई एफआईआर दर्ज करने से पहले अदालत की अनुमति आवश्यक होगी। इस आदेश के कारण बीते दो वर्षों में उनके खिलाफ नए मामले दर्ज नहीं हो सके थे।
राज्य सरकार ने हाल ही में इस आदेश को चुनौती दी थी, यह कहते हुए कि इससे जांच प्रक्रिया बाधित हो रही है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को सुरक्षा कवच हटाने का फैसला सुनाया। 2026 के विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आया यह फैसला विपक्ष के नेता के लिए राजनीतिक रूप से झटका माना जा रहा है।
अब राज्य सरकार उनके खिलाफ लंबित शिकायतों पर कार्रवाई शुरू कर सकेगी। अदालत ने साथ ही यह भी कहा है कि यदि शुभेंदु अधिकारी के वकीलों की ओर से कोई लिखित आपत्ति या स्पष्टीकरण देना हो, तो वह सोमवार तक प्रस्तुत किया जा सकता है.
भोपाल/पटना 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) । विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 अक्टूबर को बिहार के तीन विधानसभा क्षेत्रों बगहा-सहरसा-सिकटा में धुंआधार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने बगहा में राम सिंह, सहरसा में आलोक रंजन झा और सिकटा में समृद्ध वर्मा के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रत्याशियों का नामांकन भी भराया। इस दौरान जनसभाओं में वे कांग्रेस और महागठबंधन पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस के पहले की सत्ता में हालात खराब थे। लोग काम खत्म करके सूर्यास्त से पहले घर लौट जाते थे। क्या हाल था राज्य का। लेकिन, आज बिहार बदल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्णिया में एयरपोर्ट तैयार है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग हर बार उल्टी बात करते हैं। देश में तो वे जनता का अपमान करते ही हैं, विदेश में भी यही काम करते हैं। ये बड़े शर्म की बात है। कांग्रेसी देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के पराक्रम का सबूत मांगते हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए।
यही सही समय है कांग्रेस के कर्मों का हिसाब करने का। कांग्रेस को जो करना है, वो जैसा करेगी, वैसा भरेगी। भगवान श्री कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियां माफ कीं और उसके बाद सुदर्शन से गला काट दिया। आज हमें इसी तरह इन नापाक गठबंधनों का नाश करना है। आपके हाथ में जल्द सुदर्शन चक्र आने वाला है, वक्त आने पर इसका उपयोग करना है। लोकतंत्र के लिए-प्रदेश के विकास के लिए-भारत को मजबूत करने के लिए आइए हम एनडीए को भारी मतो से जिताएं।
सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने मीसा में राजद अध्यक्ष को बंद किया उन्होंने अपनी बेटी का नाम मीसा रखा। आज कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। उसका कहीं कोई पता नहीं है। उसका शहजादा पता नहीं क्या-क्या बोलकर कांग्रेस की मटियामेट करने पर तुला है। उसके बावजूद राजद कांग्रेस के साथ खड़ी है। यह दुर्भाग्य की बात है।
नई दिल्ली/कुरनूल 24 oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर एक निजी बस में अचानक आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल में हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर बस में आग लगने के भीषण हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस त्रासदी में जान गंवाने वाले सभी यात्रियों के शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।”
उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं हमारे सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है जिसके लिए वाहनों के रख-रखाव की जिम्मेदारी के साथ-साथ इन हादसों पर जवाबदेही तय करना अनिवार्य है।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने भी इस हादसे पर दुख जताया। डीके शिवकुमार ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “हैदराबाद-बेंगलुरु मार्ग पर कुरनूल के पास बस में लगी भीषण आग से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। हम सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।”
इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा, घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
बता दें कि यह हादसा चिन्नाटेकुर गांव के पास हुआ, जिसमें कई यात्री घायल भी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में 40 लोग सवार थे। यह निजी बस बेंगलुरु से हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान बस में आग लगी, जिससे वह जलकर राख हो गई।
नई दिल्ली 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के चार अलग-अलग स्कूलों को यह धमकी मिली, जिसके बाद अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
जिन स्कूलों को धमकी मिली, वे द्वारका, गोयल डायरी और प्रसाद नगर इलाकों में स्थित हैं। धमकी के तुरंत बाद, एहतियात के तौर पर स्कूलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि चार में से तीन स्कूलों में जांच पूरी कर ली गई है। गोयल डायरी और प्रसाद नगर स्थित स्कूलों के अलावा द्वारका के स्कूल में भी गहन तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। जांच के बाद इन तीनों धमकियों को ‘हॉक्स’ यानी झूठी जानकारी घोषित कर दिया गया है।
फिलहाल, एक अन्य स्कूल में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। फायर और पुलिस की गाड़ियां मौके पर तैनात हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है। पुलिस अब धमकी भरे कॉल या ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में भी जुट गई है।
शिमला 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने एक नवंबर से 20 दिसंबर तक शीतकालीन छूट के रूप में अपने होटलों में ग्राहकों को 40 प्रतिशत की छूट देने का फैसला किया है।
एचपीटीडीसी की एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि रामपुर में 11 से 15 नवंबर तक लवी और रेणुका मेलों और रेणुका में एक से पांच नवंबर तक चलने वाले मेलों के दौरान यह छूट उपलब्ध नहीं होगी। पर्यटन विकास निगम ने इस शीतकाल में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए यह विशेष पेशकश की है।
गौरतलब है कि राज्य में शीतकाल के दौरान पर्यटकों की अच्छी आमद होती है। इस पेशकश से घरेलू पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटन निगम के अधिकारियों ने कहा कि यह योजना पर्यटकों को ऑफ-सीजन में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सर्दियों के दौरान मनाली, कुफरी, फागू, चैल, कसौली और नारकंडा बर्फ से ढक जाते हैं। इसलिए, रियायती होटल बुकिंग से राज्य के पर्यटन राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है।
एचपीटीडीसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के चार होटलों मनाली लॉग हट, एप्पल ब्लॉसम फागू, पैलेस होटल चैल और कसौली स्थित न्यू रॉस कॉमन होटल में कमरों पर 40 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, 30 होटलों पर 20 प्रतिशत, दो होटलों पर 25 प्रतिशत और आठ होटलों पर 30 प्रतिशत की शीतकालीन छूट लागू होगी।
उन्होंने बताया कि ये दर्रें 21 दिसंबर से सभी होटलों पर सामान्य रूप से लागू होंगी। निगम के महाप्रबंधक ने इस संबंध में सभी होटल प्रबंधकों को पत्र जारी कर दिया है।
एचपीटीडीसी ने जिन होटलों में 20 फीसदी की छूट पेशकश की है, उनमें हमीरपुर में होटल हमीर, सुंदरनगर में सुकेत, रोहड़ू में चांशल, नूरपुर में होटल नुपुर, चंबा में इरावती, दाड़लाघाट में बाघल, ज्वालामुखी में होटल ज्वालाजी, स्वारघाट में हिलटॉप, बुशहर रीजेंसी रामपुर, धर्मशाला में कुणाल, परवाणू में शिवालिक, पांवटा साहिब में यमुना, पौंग बांध में कैंपिंग साइट, खरापत्थर में गिरीगंगा, यात्री निवास।
चामुंडा, कसौली में ओल्ड रॉस कॉमन, सराहन में श्रीखंड, जोगिंदरनगर में उहल, मैक्लोडगंज में भागसू, कुल्लू में सरवरी, शिमला में पीटरहॉफ, मैक्लोडगंज में क्लब हाउस, राजगढ़ में टूरिस्ट इन, भरमौर में गौरीकुंड, केलांग में चंद्रभागा, मनाली में कुंजुम, नारकंडा में हाटू, डलहौजी में गीतांजलि, क्यारीघाट में मेघदूत और मणिमहेश डलहौजी में होटल शामिल हैं।
वहीं, शिमला में होटल हॉलिडे होम और रेणुका में रेणुका जी होटल में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। भरवाईं में चिंतपूर्णी हाइट्स, पालमपुर में न्यूगल, बिलासपुर में लेक व्यू, पालमपुर में टी बड, धर्मशाला में होटल धौलाधार, बड़ोग में पाइनवुड, चायल में पैलेस होटल एनएक्ससी और नालदेहरा में गोल्फ ग्लेड होटल में कमरे की बुकिंग पर 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध होगी।
चंडीगढ़ 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : पंजाब भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रमुख विनीत जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कथित वायरल वीडियो को लेकर पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा द्वारा किए गए ट्वीट के बाद आम आदमी पार्टी घबरा गई है, जिसके चलते आप नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बेतुके बयान दे रहे हैं।
विनीत जोशी ने कहा कि वीडियो वायरल होने के 48 घंटे बाद अश्वनी शर्मा ने यही ट्वीट किया, जो आदमी हर छोटी-छोटी बात पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करता था, वो अपने कथित वीडियो पर इतना चुप क्यों है? पंजाब को जवाब चाहिए, भगवंत साहब, स्पष्टीकरण देना चाहिए” , इसमें कुछ भी ग़लत नहीं है।
जोशी ने कहा, “अगर वीडियो फ़र्ज़ी है, तो मुख्यमंत्री चुप क्यों हैं।” उन्होने कहा कि यह मामला सिर्फ़ एक वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार के ‘ईमानदारी’ और नैतिकता के दावों पर एक बड़ा सवालिया निशान है।
आप ने लोगों को साफ़-सुथरी राजनीति के सपने दिखाए थे, लेकिन अब जब उनके अपने मुख्यमंत्री पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो पूरी टीम दो दिन से चुप है।
जोशी ने आप नेता बलतेज पन्नू और मलविंदर सिंह कंग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दोनों नेता हर मामले में दूसरों पर उंगली उठाते रहे हैं, लेकिन अब जब मामला उनके अपने घर तक पहुँच गया है, तो उनकी भाषा बदल गई है। विनीत जोशी ने साइबर सेल द्वारा दर्ज की गई एफ़आईआर पर भी कई सवाल उठाए।
उन्होंने पूछा कि जब वीडियो में मुख्यमंत्री का ज़िक्र है तो उनके बयान को एफ़आईआर का हिस्सा क्यों नहीं बनाया गया। क्या साइबर सेल का कोई दबाव है या सरकार मामले को दबाने की कोशिश कर रही है?
सोनीपत 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : हरियाणा के सोनीपत जिले में दो शराब ठेकेदारों के बीच पुरानी रंजिश के चलते गोली और लाठी-डंडे चलने का मामला सामने आया है। जहां विवाद के दौरान आरोपी खुलेआम पिस्तौल और डंडे लेकर पहुंचे और फायरिंग कर दी। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मौके पर एफएसएल टीम पहुंची है और साक्ष्य जुटाएं है। वहीं मामले में एसीपी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। जहां घायलों को खरखौदा के अस्पताल से रोहतक रेफर किया गया है। भूपेंद्र ठेकेदार पर गोली चलाने की आरोप खरखौदा के गांव पीपली के पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि गोली चलाने का काम भूपेंद्र शराब ठेकेदार वासी सिसाना और उसके साथ आए 8-10 लोगों ने किया।
उन्होंने बताया कि उनकी और भूपेंद्र की पुरानी रंजिश तथा आपसी मुकदमेबाजी पहले से चल रही है। इसी रंजिश के चलते विरोधी गुट ने आज हमला किया। सूचना मिलते ही खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुका है जिससे पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की रंजिश पुरानी है और घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
शराब कारोबारी भूपेन्द्र पर अकेले शराब तस्करी के 30 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। वर्ष 2020 में कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान वह करीब एक करोड़ रुपए की सीलबंद शराब बेचकर चर्चा में आया था।
पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि वह अपने पड़ोसी के घेर में बैठे हुए थे और कुछ समय बाद वहां से चले गए। तभी तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर 8-10 युवक पहुंचे। ये पहले रामनिवास के घेर में गए और फिर गली में फायरिंग करते हुए आए। इस दौरान नवीन निवासी पिपली के ऊपर गोली चलाई गई जिससे उसकी जांघ में गोली लगने की सूचना है।
वहीं, सोनू और भगत को भी लाठी-डंडों से चोटें लगी हैं। घटना में घायल तीनों लोगों को पहले निजी अस्पताल खरखौदा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
खरखौदा के गांव पीपली के पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि गोली चलाने का काम भूपेंद्र शराब ठेकेदार वासी सिसाना और उसके साथ आए 8-10 लोगों ने किया। उन्होंने बताया कि उनकी और भूपेंद्र की पुरानी रंजिश और आपसी मुकदमेबाजी पहले से चल रही है। इसी रंजिश के चलते विरोधी गुट ने आज हमला किया।
पूर्व सरपंच और शराब कारोबारी रामनिवास ने बताया कि वह अपने पड़ोसी के घेर में बैठे हुए थे और कुछ समय बाद वहां से चले गए। तभी तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर 8-10 युवक पहुंचे। ये पहले रामनिवास के घेर में गए और फिर गली में फायरिंग करते हुए आए।
इस दौरान नवीन निवासी पिपली के ऊपर गोली चलाई गई, जिससे उसकी जांघ में गोली लगने की सूचना है। वहीं, सोनू और भगत को भी लाठी-डंडों से चोटें लगी हैं। घटना में घायल तीनों लोगों को पहले निजी अस्पताल खरखौदा ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के दौरान शराब माफिया और तस्कर भूपेंद्र ने आबकारी विभाग और पुलिस के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर पुलिस द्वारा जब्त की गई शराब को बेच दिया था। इसमें भूपेंद्र और उसके भाई जितेंद्र उर्फ धोला को भी गिरफ्तार किया गया था और तत्कालीन थाना प्रभारी को बर्खास्त कर दिया गया था।
पुलिस की मानें तो भूपेंद्र ने अपने भाई जितेंद्र उर्फ धोला से साल 2023 में पिपली ठेका के पास रामनिवास निवासी पिपली पर हमला करवाया था। इसमें भूपेंद्र मुख्य आरोपी था और इस मामले में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। इस मामले में सोनीपत पुलिस ने 5,000 रुपए का इनाम घोषित किया था।
शराब तस्करी में वह बहुत संपत्ति कमा चुका था। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि सोनीपत के सिसाना गांव में सकते हैं कि सोनीपत के सिसाना गांव में साधारण किसान परिवार में जन्मे भूपेंद्र दहिया के पास खरखौदा में एक स्कूल है जो उसकी मां के नाम पर है। एक ईंट भट्ठा, एक रेस्टोरेंट, खुद की जमीन, 2 लग्जरी गाड़ी हैं। वर्ष 2022 में प्रशासन ने नशे के कारोबार से खड़ी की गई उसकी संपत्ति पर बुलडोजर भी चलाया था। तब उसके आठ मकान और गोदाम तोड़े गए थे।
जालंधर 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : असाधारण सतर्कता और परिचालन सटीकता का प्रदर्शन करते हुए, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब सीमा पर दो और पाकिस्तानी ड्रोन को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि प्रभावी तकनीकी उपायों और जवानों की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप, फिरोजपुर के हबीबवाला गाँव और अमृतसर के महावा गाँव के निकट क्रमशः एक डीजेआई माविक 03 क्लासिक और एक डीजेआई माविक 04 प्रो ड्रोन बरामद किए गए। ये लगातार बरामदगी बीएसएफ जवानों की पेशेवर दक्षता और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उनके सर्वोत्तम प्रयासों का प्रमाण है।
नई दिल्ली 24 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)- केंद्र सरकार ने देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में करीब 79,000 करोड़ के रक्षा सौदों को मंजूरी दी गई। यह फैसला भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना — तीनों सेनाओं की युद्धक क्षमता में बड़ा इजाफा करेगा और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को नई गति देगा।
थलसेना को मिलेगी नई मिसाइल और निगरानी शक्ति
थलसेना के लिए नाग मिसाइल सिस्टम एमके-II, ग्राउंड बेस्ड मोबाइल इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस सिस्टम और हाई मोबिलिटी व्हीकल्स की खरीद को मंजूरी दी गई है।
नाग मिसाइल सिस्टम एमके-II दुश्मन के टैंकों और किलेबंद ठिकानों को सटीकता से नष्ट करने में सक्षम है।
ग्राउंड बेस्ड इंटेलिजेंस सिस्टम से सेना दुश्मन की रेडियो तरंगों और इलेक्ट्रॉनिक गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी कर सकेगी।
वहीं, हाई मोबिलिटी व्हीकल्स कठिन इलाकों में रसद और भारी उपकरण पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
नौसेना की समुद्री शक्ति होगी और मजबूत
भारतीय नौसेना के लिए लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक्स, 30 मिमी नेवल सरफेस गन, एडवांस्ड लाइट वेट टॉरपीडो, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इंफ्रारेड सर्च एंड ट्रैक सिस्टम और स्मार्ट गोला-बारूद की खरीद को स्वीकृति मिली है।
इन प्रणालियों से नौसेना की उभयचर युद्धक और समुद्री निगरानी क्षमता में भारी सुधार होगा।
लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक्स से थलसेना और वायुसेना के साथ संयुक्त ऑपरेशन संभव होंगे।
एडवांस्ड टॉरपीडो को DRDO ने विकसित किया है, जो दुश्मन की पनडुब्बियों को सटीकता से निशाना बना सकता है।
वायुसेना को मिलेगा अत्याधुनिक हमला सिस्टम
वायुसेना के लिए कॉलैबोरेटिव लॉन्ग रेंज टारगेट सैचुरेशन/डिस्ट्रक्शन सिस्टम और कई अन्य अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों की खरीद को मंजूरी दी गई है।
यह सिस्टम स्वचालित टेकऑफ, लैंडिंग और लक्ष्य पर सटीक हमला करने में सक्षम है। इससे वायुसेना की रणनीतिक मारक क्षमता और सटीकता में बड़ा सुधार होगा।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से देश की सैन्य ताकत आधुनिक होगी और साथ ही स्वदेशी रक्षा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। ज्यादातर प्रणालियाँ भारत में निर्मित की जाएंगी, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ मिशन को बल मिलेगा। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस मंजूरी से तीनों सेनाओं की क्षमता में बड़ा विस्तार होगा और भारत किसी भी परिस्थिति में पूर्ण सैन्य तैयारी के साथ जवाब देने में सक्षम होगा।
नौसेना को मिली पहली स्वदेशी एंटी-सबमरीन युद्धपोत ‘माहे’
इस बीच, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) ने भारतीय नौसेना को स्वदेशी तकनीक से बनी पहली एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट ‘माहे’ सौंप दी है। यह आठ जहाजों की श्रृंखला का पहला पोत है, जिसे कोच्चि में औपचारिक रूप से नौसेना को सुपुर्द किया गया। इस मौके पर CSL के निदेशक डॉ. एस. हरिकृष्णन और ‘माहे’ के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर अमित चंद्र चौबे के बीच हस्ताक्षर हुए। कार्यक्रम में रियर एडमिरल आर. अधिस्रीनिवासन, कमोडोर अनुप मेनन सहित नौसेना और शिपयार्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
चंडीगढ़ 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): छठ पूजा के पावन अवसर पर बिहार के लोगों की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार ने बिहार के बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी पटना और गया के लिए विशेष एसी बस सेवायें शुरू की हैं।
राज्य के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिहार सरकार से पत्र प्राप्त हुआ था कि हरियाणा में कार्यरत बिहारवासी छठ पूजा पर बड़ी संख्या में अपने गृह राज्य जाना चाहते हैं। इस मांग को ध्यान में रखते हुए हरियाणा से बिहार के लिए विशेष बसें चलायी गयी हैं।
विज ने कहा कि हरियाणा से बिहार का रूट लंबा होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए एसी बसें चलायी गयी हैं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान आराम और सुरक्षा मिल सके। सरकार का उद्देश्य है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित और समय पर अपने परिवारों के साथ छठ पर्व मना सकें।
उल्लेखनीय है कि ये बसें अंबाला से पूर्णिया के लिए सायं चार बजे और 4.30 बजे, अंबाला से मधुबनी के लिए शाम पांच बजे, पानीपत से मधुबनी के लिए दोपहर 12 बजे, अपराह्न तीन बजे और शाम पांच बजे रवाना होंगी। गुरुग्राम के राजीव चौक से बेगूसराय के लिए शाम पांच बजे, पटना के लिए शाम छह बजे और गया के लिए शाम सात बजे बसें चलेंगी। कुल 14 विशेष बसें क्रमवार चलायी जा रही हैं।
कीव ,23 अक्टूबर (एजेंसी) । रूस-यूक्रेन युद्ध थमने के बजाय और भड़कता जा रहा है। यूक्रेन ने रविवार को दक्षिणी रूस में स्थित एक प्रमुख गैस प्रसंस्करण संयंत्र को ड्रोन हमले का निशाना बनाया। इस हमले के कारण कजाकिस्तान से होने वाली गैस की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
रूसी अधिकारियों के अनुसार, ओरेनबर्ग स्थित यह संयंत्र दुनिया के सबसे बड़े गैस उत्पादन और प्रसंस्करण संयंत्रों में से एक है। इसकी वार्षिक क्षमता 45 अरब क्यूबिक मीटर है और इसका संचालन रूसी सरकारी कंपनी गैजप्रोम करती है। यह संयंत्र मुख्य रूप से कजाकिस्तान के कराचगनाक क्षेत्र से आने वाले गैस कंडेन्सेट को संसाधित करता है।
क्षेत्रीय गवर्नर येवगेनी सोलंतसेव ने बताया कि ड्रोन हमलों से संयंत्र की एक कार्यशाला में आग लग गई और उसका कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, कजाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि गैजप्रोम ने सूचित किया है कि ड्रोन हमले के कारण संयंत्र अस्थायी रूप से कजाकिस्तान की गैस को संसाधित करने में असमर्थ है।
यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने भी एक बयान में ओरेनबर्ग संयंत्र में आग लगने और एक गैस प्रसंस्करण व शोधन इकाई के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है। यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूसी ऊर्जा सुविधाओं पर हमले इसलिए तेज कर दिए हैं, क्योंकि वह मानता है कि ये सुविधाएं मास्को के युद्ध प्रयास को सीधे तौर पर वित्तपोषित (स्नह्वठ्ठस्र) कर रही हैं।
इस सैन्य तनाव के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में संकेत दिया कि शांति स्थापित करने के लिए यूक्रेन को रूस के हाथों खोई हुई अपनी कुछ भूमि छोडऩी पड़ सकती है। ट्रंप ने कहा, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कुछ न कुछ ले ही लेंगे और अमेरिका ही ऐसा देश है जो युद्ध जीतकर (इलाका) छोड़ देता है।
उधर, यूक्रेनी अभियोजकों ने दावा किया है कि रूस नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के लिए अपने हवाई निर्देशित बमों को बदल रहा है। खार्किव क्षेत्र में रूस द्वारा नए रॉकेट-संचालित बम रूक्कक्च-5क्र का इस्तेमाल किया गया, जो 130 किलोमीटर तक मार कर सकता है।
इसके अलावा, डोनिप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 11 लोग घायल हो गए और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। रूस ने एक कोयला खदान पर भी हमला किया, जहां से 192 खनिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यूक्रेनी जनरल स्टाफ ने रूस के समारा क्षेत्र में नोवोकुइबिशेव्स्क तेल रिफाइनरी पर भी ड्रोन हमले का दावा किया है। दूसरी ओर, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसने रात भर में 45 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।
वाराणसी ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। कोलकाता से श्रीनगर जा रही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान (संख्या 6श्व-551) में उस समय हड़कंप मच गया जब विमान में अचानक फ्यूल लीकेज की जानकारी मिली। पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाराणसी एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को वाराणसी में सुरक्षित उतार लिया गया।
विमान में सवार थे 166 यात्री
जानकारी के अनुसार, विमान में 166 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। उड़ान कोलकाता से रवाना होकर श्रीनगर जा रही थी। रास्ते में तकनीकी जांच के दौरान फ्यूल सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत मिले। क्रू मेंबर्स ने त्वरित निर्णय लेते हुए एटीसी को सूचित किया। वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कीं और रनवे पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया।
यात्रियों में मची घबराहट, सभी सुरक्षित
अचानक विमान के उतरने और सुरक्षा वाहनों को देखकर यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया। हालांकि विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। विमान को एप्रन (पार्किंग जोन) में खड़ा कर उसकी तकनीकी जांच की गई। मेंटेनेंस टीम ने करीब दो घंटे तक निरीक्षण और मरम्मत कार्य किया।
एयरलाइन ने जारी किया बयान
इंडिगो एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि, हमारे क्रू मेंबर ने फ्यूल सिस्टम में संभावित तकनीकी समस्या का पता लगते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। असुविधा के लिए हमें खेद है।
नई दिल्ली ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने छठ पर्व की तैयारियों के तहत आज वजीराबाद स्थित सूर घाट और उत्तरी दिल्ली स्थित प्रेमबाड़ी पुल से एयू ब्लॉक तक मुनक नहर के किनारे बन रहे छठ घाटों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने वहां घाट निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, सफाई- स्वच्छता आदि की प्रगति की जानकारी भी ली। मुख्यमंत्री का कहना है श्रद्धा, आस्था और शुचिता के इस पर्व को लेकर दिल्ली सरकार उत्साहित है। सरकार का संकल्प है कि छठ व्रतधारियों को पूरा सम्मान और अपनापन मिले। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पर्व के दौरान सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व पर प्रकृति के प्रति समर्पण हमें पर्यावरण की सुरक्षा का भी संदेश देता है।
मुख्यमंत्री सबसे पहले सूर घाट पहुंची। वहां निरीक्षण के दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार के विकास मंत्री श्री कपिल मिश्रा व विधायक श्री अभय वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों से सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देशा था कि घाट पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतज़ाम और भीड़ प्रबंधन की सभी तैयारियाँ समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि छठ पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा चूंकि इस घाट पर लाखों श्रद्धालु आएंगे, इसलिए यहां यातायात व्यवस्था के लिए भी व्यापक इंतजाम किए जाएं।
मुख्यमंत्री इसके बाद मुनक नहर पहुंची, जहां छठ व्रतधारियों के लिए बड़े स्तर पर घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरे में उनके साथ स्थानीय पार्षद डॉ. अमित नागपाल, समाजसेवी सहित आला अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने वहां बन रहे घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनका निर्माण इस तरह से किया जाए कि किसी भी व्रतधारी को परेशानी न हो। घाटों पर सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं से संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री के अनुसार हरियाणा से निकलकर दिल्ली से गुजरने वाली मुनक नहर पर छठ पूजा के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं, जिससे पहले भारी भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती थी। लेकिन इस वर्ष, सरकार ने समय रहते सफाई अभियान, डिसिल्टिंग कार्य और घाट निर्माण प्रारंभ कर दिया है। अब तक यहां से ट्रकों के माध्यम से सिल्ट हटाई जा चुकी है और यह कार्य तेजी से जारी है ताकि छठ पर्व पर कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि छठ पर्व केवल एक धार्मिक आयोजन न होकर, स्वच्छता, संस्कृति और सुशासन का प्रतीक बने। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रभाव रूप से कार्यरत है कि हर श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-अर्चना कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस बार छठ पर्व की हर झलक भव्य, दिव्य और यादगार हो। दिल्ली सरकार इसके लिए पूरी तत्परता, कार्यकुशला व समर्पण भाव से कार्य कर रही है।
चंडीगढ़ ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा द्वारा फतेहाबाद जिले की सेमग्रस्त भूमि की समस्या को लेकर उठाए गए मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र (संख्या सीएमएच -2025/5428 दिनांक 14 अक्तूबर 2025) में मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कुमारी सैलजा को संबोधित करते हुए कहा है कि फतेहाबाद जिले के कई गांवों में सेमग्रस्त भूमि की स्थिति में सुधार हेतु राज्य सरकार गंभीर है और इस दिशा में पहले से किए जा रहे कार्यों को और गति देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि कुमारी सैलजा द्वारा पूर्व में भेजे गए पत्र (दिनांक 16 मई 2025) में जिन गांवों बनमंदोरी, खाबर कलां, पिलनवासरी, बडोला तथा चंदल मोरी का उल्लेख किया गया था, वहां सोलर प्रचलित कम गहराई वाले ट्यूबवेल्स लगाकर भूमि सुधार कार्य पहले ही प्रारंभ किया जा चुका है। इस योजना से लगभग 10,000 एकड़ भूमि को पुन: कृषि योग्य बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आगे कहा कि अब अगली कड़ी में खोदद, मोहम्मदपुर रोही, बिझुआ व भिखुपुर जाट्टी जैसे गांवों में भी सोलर ट्यूबवेल लगाने व नहरों से सिंचाई सुविधा के विस्तार के निर्देश संबंधित विभागों को दे दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 4 से 5 माह में सेमग्रस्त भूमि की समस्या में उल्लेखनीय सुधार होगा और प्रभावित किसानों को राहत मिलेगी।
इस पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा सांसद कुमारी सैलजा द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई जारी है। यह पत्र न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि राजनीतिक रूप से भी यह संकेत देता है कि राज्य सरकार विपक्षी सांसदों द्वारा उठाए गए जनहित मुद्दों को भी गंभीरता से ले रही है।
अमृतसर ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। छठ पर्व के पावन अवसर पर पंजाब के रेलवे स्टेशनों पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और पटियाला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों का मेला लगा हुआ है।
प्लेटफॉर्म पर सामान के बैग, परिवारों की चहल-पहल और बच्चों की खुशी से माहौल गुलज़ार है, लेकिन टिकट और यात्रा सुविधाओं की कमी के कारण प्रवासी नाराजगी जता रहे हैं। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर बिहार और यूपी जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों में रिजर्वेशन पूरी तरह भर चुका है।
जनरल डिब्बों में भी यात्रियों की इतनी भीड़ है कि पैर रखने की जगह नहीं मिल रही। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें रिजर्वेशन नहीं मिल सका, जिसके चलते मजबूरी में जनरल टिकट लेकर सफर करना पड़ रहा है।
बिहार जा रहे बूधन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, हम छठ पूजा के लिए घर जा रहे हैं। लेकिन, ट्रेन में सीट नहीं मिल रही। सरकार कहती है कि उसने सुविधाएं बढ़ाई हैं, पर हमें इसका कोई फायदा नहीं मिल रहा।
इसी तरह, महेश राम यादव ने बताया, मैं एक महीने के लिए बिहार जा रहा हूं, लेकिन ट्रेन में जगह नहीं है। सरकार की स्पेशल ट्रेनों की बातें सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।
शत्रुघ्न माझी ने भी कहा, 20-25 दिन के लिए घर जा रहा हूं, लेकिन ट्रेन नहीं मिल रही। अब देखें कैसे पहुंचते हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। रेलवे के अनुसार, छठ पूजा के दौरान कुछ दिनों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनकी समय-सारिणी भी जारी कर दी गई है।
हालांकि, प्रवासी इन इंतजामों से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जमीनी स्तर पर सुविधाएं नाकाफी हैं, और टिकट की कमी के कारण लंबी यात्रा में भारी परेशानी हो रही है।
रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को तैनात किया गया है, लेकिन भीड़ के दबाव के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रवासियों ने रेलवे से और ट्रेनें चलाने और रिजर्वेशन प्रक्रिया को आसान करने की मांग की है।
नई दिल्ली ,23 अक्टूबर (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। छठ के पावन अवसर से पहले पटना जाने वाला स्पाइसजेट का एक विमान गुरुवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दिल्ली लौट आया। एयरलाइन ने बताया कि बोइंग 737 एयरक्राफ्ट से दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एसजी 497 वापस दिल्ली लौट गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। इसके अलावा, यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था भी की गई।
हालांकि, एयरलाइन की ओर से विमान में मौजूद यात्रियों की संख्या को लेकर फिलहाल कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 23 अक्टूबर को, दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरने वाला स्पाइसजेट का विमान एसजी 497 तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के बाद वापस दिल्ली लौट आया। एयरलाइन ने आगे कहा, विमान सामान्य रूप से उतरा और यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, जो अब पटना के लिए रवाना हो गया है। इससे पहले, 12 सितंबर को गुजरात के कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट के एक विमान का बाहरी पहिया उड़ान भरते समय टूट गया था। हालांकि, विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई उतार लिया गया था, जिसमें 75 यात्री मौजूद थे।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस मामले को लेकर कहा, 12 सितंबर को, कांडला से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाले स्पाइसजेट क्यू400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरने के बाद रनवे पर पाया गया। विमान ने मुंबई की अपनी यात्रा जारी रखी और सुरक्षित उतर गया।
इससे पहले दिल्ली से काठमांडू जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी041 को टेलपाइप में आग की आशंका पर वापस लाया गया। हालांकि, इंजीनियरिंग जांच में कोई असामान्यता न मिलने पर विमान को दोबारा उड़ान पर भेज दिया गय। इस उड़ान में करीब 4 घंटे की देरी हुई।
इस स्पाइसजेट विमान को जमीन पर खड़े एक दूसरे विमान से संदिग्ध टेलपाइप आग की सूचना मिली थी। हालांकि, कॉकपिट में कोई चेतावनी या संकेत नहीं दिखा लेकिन पायलटों ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए वापस लौटने का फैसला किया।
नई दिल्ली 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस को एक संयुक्त अभियान में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार देर रात रोहिणी इलाके में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने चार खूंखार गैंगस्टरों को मार गिराया। मारे गए बदमाशों में तीन बिहार के मोस्ट वांटेड अपराधी थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ बुधवार देर रात करीब 2:20 बजे बहादुर शाह मार्ग पर हुई। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को इन बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम ने इन्हें घेरकर पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में चारों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
चारों घायल बदमाशों को तुरंत रोहिणी के डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि एनकाउंटर में मारे गए अपराधियों की पहचान रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) के रूप में हुई है। इनमें से रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे और इन पर कई संगीन मामले दर्ज थे। चौथा बदमाश अमन ठाकुर दिल्ली के करावल नगर का निवासी था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
नई दिल्ली 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ‘गहन मतदाता पुनरीक्षण’ (SIR) को लेकर हुए राजनीतिक घमासान और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे मामले से सबक लेते हुए चुनाव आयोग अब यह अभियान देशभर में शुरू करने जा रहा है। आयोग ने नवंबर की शुरुआत से ही देशव्यापी SIR शुरू करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत सबसे पहले उन राज्यों में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होगा, जहां 2026 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
इस बड़े अभियान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार से चुनाव आयोग की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस शुरू हुई है। इस बैठक में यह आकलन किया गया कि देश में SIR प्रक्रिया के लिए कितनी और कैसी तैयारी है। सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन आयुक्तों ने इस पर अपनी रिपोर्ट पेश की। कॉन्फ्रेंस के समापन पर आयोग द्वारा पूरे प्लान की घोषणा की जाएगी।
गौरतलब है कि बिहार में SIR प्रक्रिया पर खूब राजनीति हुई थी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। अदालत ने SIR को क्लीन चिट देते हुए कहा था कि यह प्रक्रिया थोड़ी पहले शुरू की जा सकती थी। इसी टिप्पणी से सबक लेते हुए आयोग ने अब समय रहते यह अभियान शुरू करने का फैसला किया है।
चरणबद्ध तरीके से होगा काम, इन राज्यों से शुरुआत
यह राष्ट्रव्यापी SIR प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से (phased manner) पूरी की जाएगी। इसके तहत, पहले चरण में इसे असम, केरल, पुदुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में लागू किया जाएगा, क्योंकि इन सभी राज्यों में अगले साल (2026) ही चुनाव होने हैं। हालांकि, असम में यह प्रक्रिया राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के कारण थोड़ी प्रभावित हो सकती है। असम के निर्वाचन आयोग का कहना है कि एक बार NRC का काम पूरा होने के बाद ही राज्य में SIR भी कर लिया जाएगा, ऐसे में यह संभव है कि NRC पूरा होने के इंतजार में असम में SIR की प्रक्रिया शुरू होने में थोड़ी देरी हो जाए।
प्रवासी मतदाताओं के लिए बड़ा बदलाव
आगामी राष्ट्रव्यापी प्रक्रिया में चुनाव आयोग एक बड़ा और अहम बदलाव करने जा रहा है, जिससे प्रवासी श्रमिकों (Migrant Workers) को बड़ी राहत मिलेगी। बिहार SIR प्रक्रिया के दौरान, मतदाताओं को केवल बिहार की ही अंतिम गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची से अपने नाम के अंश प्रस्तुत करने की अनुमति थी। लेकिन अब, नए नियम के तहत, मतदाता किसी भी राज्य की अंतिम SIR मतदाता सूची से अपने नाम के अंश प्रस्तुत कर सकेंगे, जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।
दूसरे शब्दों में, यदि पश्चिम बंगाल का कोई प्रवासी श्रमिक जो मुंबई में मतदाता के रूप में पंजीकृत है, वह महाराष्ट्र में नामांकित रह सकता है। इसके लिए उसे यह साबित करना होगा कि उसका नाम (या वह किसी ऐसे मतदाता से संपर्क स्थापित कर सके जिसका नाम) 2002 की पश्चिम बंगाल मतदाता सूची में शामिल हो (पश्चिम बंगाल में अंतिम SIR 2002 में हुआ था)। यह कदम सुनिश्चित करेगा कि प्रवासी श्रमिक आसानी से उस राज्य की मतदाता सूची में बने रहें जहां वे वर्तमान में रह रहे हैं।
रुद्रप्रयाग 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी): भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ धाम के कपाट गुरुवार सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए विधिवत रूप से बंद कर दिए गए। इस अवसर पर धाम में विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना के साथ आरंभ हुई। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय थपलियाल, तीर्थ पुरोहितगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गई। डोली का पहला पड़ाव रामपुर में रहेगा। शुक्रवार को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 25 अक्टूबर को अपने गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।
पटना 23 Oct, (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी) : महागठबंधन गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। इस बीच अटकलें लगाई जा रही हैं कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। यह घटनाक्रम तेजस्वी यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत और पार्टी के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु के बीच बुधवार को पटना में हुई बैठक के बाद सामने आया है। कृष्णा अल्लावरु ने बुधवार को पटना में तेजस्वी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की थी।
पटना के मौर्य होटल में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस की पृष्ठभूमि इन अटकलों को और बल देती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बैनर पर महागठबंधन के सभी सहयोगियों के चुनाव चिन्ह प्रमुखता से प्रदर्शित हैं, लेकिन तेजस्वी यादव की केवल एक बड़ी तस्वीर ही दिखाई गई है। इस पोस्टर से राहुल गांधी की तस्वीर गायब होने से सियासी हलचल भी तेज हो गई है।
बैनर पर ‘बिहार मांगे तेजस्वी सरकार’ हैशटैग भी दिखाया गया है। चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद से यह महागठबंधन की पहली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी। आखिरी बार महागठबंधन के नेताओं ने 24 सितंबर को पटना में ‘अति पिछड़ा ईबीसी संकल्प पत्र’ के विमोचन के दौरान मंच साझा किया था, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी मौजूद थे।
इससे पहले, नेताओं ने राहुल गांधी की दो सप्ताह तक चली ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में संयुक्त रूप से भाग लिया था, जो बिहार के 25 से अधिक जिलों से होकर गुजरी थी। हालांकि कांग्रेस ने बुधवार की बैठक के नतीजों पर कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है, लेकिन गठबंधन सहयोगी भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने में हो रही देरी को लेकर महागठबंधन में बढ़ती बेचैनी का संकेत दिया है।
भट्टाचार्य ने कहा था, “विपक्ष के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में तेजस्वी के नाम की आधिकारिक घोषणा गुरुवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जा सकती है। पूरा बिहार जानता है कि अगर विपक्षी गुट को बहुमत मिलता है तो तेजस्वी ही मुख्यमंत्री होंगे।” हालांकि, अशोक गहलोत ने सतर्क रुख अपनाया और केवल इतना कहा कि गुरुवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘सारी उलझनें’ दूर हो जाएंगी।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने किया भ्रमण
आगामी जतरा आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा
जतरा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन
रांची,22.10.2025 – आगामी जतरा आयोजन को लेकर कांके रोड स्थित जतरा टांड़ का आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया एवं आयोजन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा की।
भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अग्निशमन की तैयारी आदि बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जतरा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने कहा कि जतरा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर दायित्व सौंपे जाएंगे।
आयोजन समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को जतरा की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, विद्युत विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलेवासियों की सुख-समृद्धि हेतु मां काली से की मंगलकामना
रांची,22.10.2025 – रांची के डोरंडा स्थित भव्य काली पूजा पंडाल का उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया।
इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने पूजा स्थल पर पहुंचकर मां काली की आराधना की एवं जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
भ्रमण के दौरान पूजा समिति के सदस्यों द्वारा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री राकेश कुमार को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गाय। वरीय पदाधिकारियों ने पूजा समिति को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति एवं भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम ससमय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा की सतत निगरानी रखने, ट्रैफिक नियंत्रण में सावधानी बरतने एवं श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से चल रही हैं तथा विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित तिथि को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।
मौके पर नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन के साथ किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें श्रद्धालु – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी आवश्यक – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
स्वच्छता, सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान
छठ पूजा समिति के सदस्यों से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने किया संवाद
रांची,22.10.2025 – आगामी छठ पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन आदि की विस्तृत समीक्षा की।
प्रमुख घाटों का किया गया निरीक्षण
प्रशासनिक टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने पर बल दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, SDRF एवं NDRF की टीमें तैनात रहें। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।
केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें श्रद्धालु – उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री मंजूनाथ भजन्त्री
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें। उन्होंने कहा है कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वे छठ पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से यह पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।
स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, एवं कीचड़ हटाने का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही बिजली विभाग को सभी घाटों पर स्थायी व अस्थायी लाइट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।
पूजा समिति के सदस्यों से संवाद
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने विभिन्न घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और सभी समितियों से कहा कि वे प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आस्था का यह महापर्व जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सिविल सर्जन को प्रत्येक प्रमुख घाट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती करने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक, यातायात श्री राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती उर्वशी पांडेय, नगर निगम, पथ निर्माण, बिजली, पीएचईडी तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत रांची जिले की लाभुकों को अक्टूबर महीने के सम्मान राशि का भुगतान
3 लाख 88 हजार 406 लाभुकों के मध्य 97 करोड़ 10 लाख 15 हजार की सम्मान राशि का भुगतान
योजना अंतर्गत प्रत्येक लाभुक को 2500 की सम्मान राशि का भुगतान
लाभुकों के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम भुगतान
रांची, 19.10.2025 – दीपावली एवं छठ पूजा के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार द्वारा राज्य की महिलाओं को विशेष उपहार स्वरूप मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत सम्मान राशि का भुगतान किया गया है। इस योजना के तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 88 हजार 406 लाभुकों के बैंक खातों में आधार बेस्ड डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹2,500 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹97 करोड़ 10 लाख 15 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।
यह भुगतान अक्टूबर माह की सम्मान राशि के रूप में किया गया है, जिससे रांची जिले की लाखों महिलाओं को त्योहारों से पूर्व आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ प्राप्त हुआ है।
जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में भुगतान की स्थिति (अक्टूबर माह)
•अनगड़ा – 16,843 लाभुक
•अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 12,417 लाभुक
•बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 9,413 लाभुक
•बेड़ो – 20,797 लाभुक
•बुंडू – 8,525 लाभुक
•बुंडू नगर पंचायत – 3,572 लाभुक
•बुढ़मू – 18,073 लाभुक
•चान्हो – 19,894 लाभुक
•हेहल शहरी क्षेत्र – 15,442 लाभुक
•ईटकी – 10,482 लाभुक
•कांके – 31,828 लाभुक
•कांके शहरी क्षेत्र – 1,325 लाभुक
•खलारी – 9,703 लाभुक
•लापुंग – 11,478 लाभुक
•माण्डर – 23,395 लाभुक
•नगड़ी – 18,159 लाभुक
•नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,168 लाभुक
•नामकुम – 18,021 लाभुक
•नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,078 लाभुक
•ओरमांझी – 18,310 लाभुक
•राहे – 9,647 लाभुक
•रातू – 18,792 लाभुक
•सिल्ली – 21,382 लाभुक
•सोनाहातू – 13,192 लाभुक
•तमाड़ – 18,714 लाभुक
•सदर शहरी क्षेत्र – 21,754 लाभुक
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री ने कहा है कि “मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दीपावली और छठ जैसे पावन अवसरों पर इस राशि का भुगतान महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान और घरों में खुशहाली लाएगा। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से भुगतान मिले।”