The Pen Is Not for Sale… — A Journalist’s Story

(व्यंग)

-दिलीप सिंह 

हमारे एक दोस्त हैं—राम खेलावन। नामी-गिरामी पत्रकार हैं। अक्सर हमारी बैठकी जमती रहती है।

नामी-गिरामी इतने कि जिनके बारे में उन्होंने लिखा, उनमें से कोई निलंबित हुआ, कोई बर्खास्त और कोई जेल तक पहुँच गया। अधिकारी हो या क्लर्क, जिस विभाग का खाका उन्होंने खींच दिया, उस विभाग के भ्रष्टाचारी उनकी निगाहों से बच नहीं पाए।

लेकिन राम खेलावन अपने रहे—फक्कड़ के फक्कड़।

दूसरों की तरह शहर में एसी कमरे में बैठकर ग्रामीण क्षेत्रों की खोज-खबर लिखने वालों में से नहीं हैं। खुद ब्लॉक के बीडीओ या सीओ के कार्यालय तक पहुँच जाते हैं और पूछ बैठते हैं—“साहब, विकास का कितना काम हुआ है?”

उनकी इसी लगन और जुनून को देखकर उनके संपादक महोदय भी बहुत खुश रहते हैं।

जब राम खेलावन ग्रामीण क्षेत्रों की रिपोर्टिंग के लिए निकलते हैं तो कई-कई दिन घर नहीं लौटते। खाने-पीने की भी कोई चिंता नहीं। कहाँ सबेरा हुआ, कहाँ दोपहर और कहाँ शाम—कई बार उन्हें खुद भी पता नहीं चलता।

उनके इस जुनून के कारण कई बार उनकी जान जाते-जाते बची है। लेकिन उन्हें इसकी कोई परवाह नहीं।

क्योंकि उनके लिए पत्रकारिता का मतलब ही है—भ्रष्टाचारियों का पर्दाफाश करना।

हम उन्हें लगभग बीस वर्षों से देख रहे हैं। हमेशा फक्कड़ ही रहे।

जेब खाली हो, पेट खाली हो, तो भला कोई आदमी कितने दिन तक आदर्शवादी बना रह सकता है?

लेकिन राम खेलावन बीस साल बाद भी वैसे ही हैं—न बंगला, न बड़ी गाड़ी और न कोई आलीशान जिंदगी।

एक दिन मैंने उनसे पूछ ही लिया—

“भाई राम खेलावन, आपको किसी ने ऑफर नहीं किया? देखिए, आपके संगी-साथी बंगला बना लिए। ऑल्टो कार में घूमते हैं। उनके बच्चे अंग्रेजी स्कूलों में पढ़ते हैं। कुछ तो बच्चों को विदेश तक भेज रहे हैं। और आप हैं कि आज भी वहीं के वहीं!”

राम खेलावन थोड़ी देर चुप रहे। फिर बोले—

“भाई, आज आपको दिल की सच्ची बात बताता हूँ। मन तो कई बार डोला है। दूसरों की तरह मेरा भी मन हुआ कि बंगला बनाऊँ, गाड़ी खरीदूँ, बच्चों को विदेश भेजूँ। पता नहीं बाकी लोग कैसे ‘फरिया’ लेते हैं, हमसे क्यों नहीं होता!”

मैंने पूछा—“तो कभी मौका नहीं मिला?”

वह मुस्कुराए।

“एक बार मौका मिला था। और उस दिन मेरे अंदर का शैतान भी जाग गया था।”

मैंने कहा—“फिर क्या हुआ?”

राम खेलावन ने जो कहानी सुनाई, वह आज भी मेरे जेहन में बसी हुई है।

उन्होंने बताया—

“एक बार मेरी रिपोर्टिंग के कारण एक अफसर सस्पेंड हो गया था। मैं अपने घर से निकलकर कचहरी जा रहा था। रास्ते में देखा कि मेरा एक मित्र किसी व्यक्ति से बतिया रहा है। मैं भी वहाँ पहुँच गया।”

“मेरे मित्र ने सामने वाले व्यक्ति से मेरा परिचय कराया—

‘ये राम खेलावन भाई हैं, पत्रकार हैं।’

और फिर उस व्यक्ति का परिचय कराया—

‘ये जन-वितरण प्रणाली के सप्लाई अफसर हैं।’

सप्लाई अफसर ने जैसे ही मेरा नाम सुना, वह चौंक गया।

और जब मैंने उसका नाम सुना तो मैं भी चौंक गया।

क्योंकि वह वही अफसर था, जो मेरी रिपोर्टिंग के बाद सस्पेंड हुआ था।

उस अफसर ने मुझसे कहा—

‘राम खेलावन जी, आपसे एकांत में कुछ बात करनी है।’

मैंने कहा—‘ठीक है, बताइए कब मिलूँ?’

उसने कहा—

‘रविवार को मेरे घर आइए।’

मैंने हामी भर दी और वहाँ से अपने काम के लिए निकल गया।”

राम खेलावन थोड़ी देर रुके।

फिर बोले—

“रविवार का दिन आया। मैं अंदर ही अंदर बहुत खुश था।

मुझे लगा—आज मुझे भी ‘फरिया’ लेने का मौका मिल गया।

दिल बाग-बाग हो रहा था।

मेरे अंदर भी शैतान का वास हो चुका था।

उस समय मेरा विवेक कहीं छुट्टी पर चला गया था।

मैं भूल चुका था कि—

कलम बेची नहीं जाती।

खैर, मैं तैयार होकर उस अफसर के घर पहुँच गया।

वहाँ जाकर देखा—उसके दो छोटे-छोटे बच्चे थे। उसने मेरा परिचय अपने बच्चों से कराया। फिर अपनी पत्नी से मेरा परिचय कराया।

चाय-पानी का दौर चला।

इस बीच अफसर अंदर गया।

और मेरे अंदर विचारों की आँधी चलने लगी।

वह जब भी अंदर से बाहर आता, मुझे लगता—

शायद अब वह लिफाफा लेकर आ रहा है।

तभी उसकी पत्नी नाश्ते में चाय के साथ पूड़ी और भुजिया लेकर आई।

अफसर, उसकी पत्नी, बच्चे और मैं—सब साथ बैठकर नाश्ता करने लगे।

नाश्ता खत्म हुआ।

पत्नी और बच्चे अंदर चले गए।

अब मुझे लगा—बस, अब असली बात होगी।

अफसर ने मेरी ओर देखा और पूछा—

‘जानते हैं, मैंने आपको घर पर क्यों बुलाया था?’

मेरे मन में खुशी की लहर दौड़ गई।

मैंने सोचा—अब मुख्य मुद्दे पर आएगा और लिफाफा मेरे हाथ में थमा देगा।

लेकिन तभी उसने कहा—

‘मैंने आपको अपनी बीवी और बच्चों से मिलवाने के लिए बुलाया था।’

मैं हैरान रह गया।

मैंने पूछा—

‘लेकिन क्यों?’

अफसर बोला—

‘ताकि मेरे बच्चे और मेरी पत्नी जान सकें कि पत्रकार कैसा होता है।’

मैं कुछ समझ नहीं पाया।

मैंने कहा—

‘आप कहना क्या चाहते हैं?’

तब उस अफसर ने जो बताया, उसे सुनकर मैं भौंचक्का रह गया।

उसने कहा—

‘शहर के जितने भी बड़े अखबार हैं, उनके कई नामी-गिरामी पत्रकार रात के अंधेरे में मेरे घर पहुँच जाते हैं। कोई खर्चा-पानी के नाम पर पैसे ले जाता है, कोई किसी और बहाने से।’

‘मेरी पत्नी और मेरे बच्चे अक्सर मुझसे पूछते हैं—

क्या सभी पत्रकार ऐसे ही होते हैं?

इसलिए मैंने आपको अपने घर बुलाया।’

‘मैं चाहता था कि मेरी पत्नी और बच्चे आपको देखें और समझें कि—

पत्रकार ऐसे भी होते हैं।

जो बिना लालच, बिना भय और बिना किसी दबाव के सच लिखते हैं।’

फिर वह अफसर बोला—

‘आपकी रिपोर्टिंग के कारण ही मैं सस्पेंड हुआ हूँ। लेकिन मुझे आपसे कोई शिकायत नहीं है। बल्कि मुझे खुशी है कि जब तक राम खेलावन जैसे पत्रकार हैं, तब तक कलम बिक नहीं सकती।’

‘मेरी पत्नी और बच्चे भी आपसे मिलकर बहुत खुश हैं।’

राम खेलावन ने कहा—

“उस अफसर की बातें सुनकर मेरे अंदर का शैतान उसी क्षण मर गया।

मेरा जमीर फिर से जाग गया।

मैंने मन ही मन भगवान को धन्यवाद दिया—

हे भगवान! तूने मुझे पतन के रास्ते पर गिरने से बचा लिया।

और उस अफसर को भी मन ही मन धन्यवाद दिया, जिसने मुझे उस दिन पैसे से नहीं, बल्कि मेरे जमीर से मिलवाया था।

मैं वहाँ से विदा लेकर अपने घर की ओर चल पड़ा।

उस दिन मेरे हाथ में कोई लिफाफा नहीं था।

लेकिन मेरे पास उससे कहीं बड़ी चीज थी—

मेरी ईमानदार कलम।

और शायद यही किसी पत्रकार की सबसे बड़ी पूँजी होती है।”

अब सवाल हमसे है…

आज पत्रकारिता के इस दौर में हम सबको खुद से एक सवाल पूछना चाहिए—

हम किस श्रेणी में खड़े हैं?

उस पत्रकार की श्रेणी में, जो खबर के बदले सौदा करता है?

या उस पत्रकार की श्रेणी में, जो खबर के कारण अपनी नींद, अपना आराम और कभी-कभी अपनी जान तक दाँव पर लगा देता है?

क्योंकि पत्रकार की पहचान उसके कैमरे, माइक, आईडी कार्ड या बड़े संस्थान से नहीं होती।

उसकी पहचान होती है—उसकी कलम से।

कलम की कीमत बाजार तय नहीं करता।

कलम की कीमत पत्रकार का जमीर तय करता है।

बाकी…

आप खुद समझदार हैं।

**********************

 

 

Leave a Reply