(व्यंग्य)
दिलीप सिंह
मैं गाँव जाने के लिए अपना सामान बाँध रहा था।
शहर में पिताजी सरकारी मुलाजिम थे। माँ, मैं और मेरा भाई पिताजी के साथ शहर में रहते थे। पिताजी कभी-कभार गाँव जाया करते थे, लेकिन मुझे गाँव जाने का मौका अब तक नहीं मिला था।
इस बार मैंने भी जिद ठान ली थी—गाँव जाऊँगा तो जाऊँगा।
गाँव कैसा होता है? मिट्टी कैसी होती है? खेत कैसे होते हैं? लहलहाती फसलों को देखने की इच्छा मन में बार-बार बलवती हो रही थी।
मन में बस यही चल रहा था—
कब जाऊँ? कब पहुँचूँ?
हालाँकि माँ और पिताजी दोनों की इच्छा नहीं थी कि मैं गाँव जाऊँ।
कारण भी था।
पिताजी बता रहे थे कि इलाके में नक्सलियों के दस्तों ने पाँव पसार दिए हैं। इसलिए गाँव जाना ठीक नहीं होगा। माँ भी किसी अनहोनी की आशंका से डरी हुई थी।
लेकिन गाँव देखने की मेरी इच्छा इतनी प्रबल थी कि आखिरकार मेरी जिद के आगे दोनों को झुकना पड़ा और मुझे गाँव जाने की इजाजत मिल गई।
मैं गाँव जाने के लिए अपना सामान बाँध ही रहा था कि मेरा दोस्त रामखेलावन आ पहुँचा।
आते ही पूछा—
“भैया, कहाँ जा रहे हैं?”
मैंने कहा—
“गाँव जा रहा हूँ।”
वह बोला—
“हमरा खातिर कुछ लाते आइएगा।”
मैंने कहा—
“हाँ-हाँ, ले आएँगे।”
रामखेलावन मुझे बस स्टैंड तक छोड़ने आया। बस खुली तो वह वापस लौट गया और मैं गाँव की ओर चल पड़ा।
देखते-देखते बस ने शहर की सरहद पार कर ली।
कुछ ही देर बाद चारों ओर हरे-भरे जंगल दिखाई देने लगे। शहर की भीड़-भाड़ पीछे छूट चुकी थी और मेरे सामने प्रकृति का एक अलग ही संसार था।
लगभग सात-आठ घंटे के सफर के बाद बस गाँव पहुँची।
जहाँ बस रुकी थी, वहाँ से मेरा गाँव लगभग चार-पाँच किलोमीटर दूर था। पूछते-पाछते आखिरकार मैं अपने गाँव पहुँच ही गया।
दादा-दादी मुझे देखकर बहुत खुश हुए।
उन्हें सहसा विश्वास ही नहीं हुआ कि मैं वही दो साल का रामखेलावन पांडे हूँ, जिसे उन्होंने आखिरी बार नन्हे बच्चे के रूप में देखा था और जो अब गबरू जवान बनकर उनके सामने खड़ा था।
मैं भी दादा-दादी से मिलकर बहुत खुश था।
रात में खाना खाते समय खूब बातचीत हुई। गाँव के लोगों के बारे में पूछा, घर-परिवार की बातें हुईं और शहर की खबरें भी ली गईं।
सोने के समय दादा ने मुझे समझाते हुए कहा—
“बेटा, गाँव आए हो। घर के बाहर इधर-उधर बिना किसी को बताए मत जाना। जमाना थोड़ा खराब है।”
मैंने सोचा—दादा भी न जाने कैसी-कैसी बातें करते हैं!
बिस्तर पर लेटते ही मुझे नींद आ गई। सुबह कब हुई, पता ही नहीं चला।
सुबह नित्य क्रिया से निवृत्त होकर मैं गाँव घूमने के उद्देश्य से निकल पड़ा।
मैं गाँव के वातावरण को अपनी आँखों में भर लेना चाहता था।
लेकिन कुछ ही देर में मुझे एहसास होने लगा कि यहाँ मामला थोड़ा अलग है।
मैं जिस आदमी को देखता, वह मुझे संदिग्ध नजरों से देखता।
कोई मेरा नाम पूछता, कोई पता।
कोई पूछता—
“कहाँ से आए हो?”
चूँकि मेरे दादाजी गाँव के सेवानिवृत्त शिक्षक थे, इसलिए गाँव का लगभग हर व्यक्ति उन्हें जानता था। लेकिन मैं खुद गाँव के माहौल से बिल्कुल अनजान था।
मैं अपनी धुन में इधर-उधर घूमता रहा।
जब वापस घर पहुँचा तो दादा-दादी परेशान थे।
मुझे देखते ही दादा ने सवाल दाग दिया—
“बिना बताए कहाँ चले गए थे?”
मैंने कहा—
“दादा जी, गाँव घूमने गया था।”
दादा बोले—
“तुम जानते नहीं, गाँव का वातावरण बदल गया है। यह पहले वाला गाँव नहीं रहा। यहाँ सब कुछ बदल गया है।”
मैंने पूछा—
“क्या हुआ है?”
दादा ने बताया—
“नक्सलियों ने पाँव पसार दिया है। वक्त-बेवक्त चले आते हैं। इसलिए बिना बताए गाँव में घूमना-फिरना ठीक नहीं है।”
मैंने कहा—
“आप ये क्या बोल रहे हैं दादाजी? मैं तो गाँव को नजदीक से समझने आया था।”
दादा ने मेरी ओर देखा और शायद मन ही मन सोचा होगा—
“यह लड़का गाँव समझने आया है या गाँव इसे समझाने वाला है!”
मुझे गाँव में रहते अभी दो दिन भी नहीं हुए थे कि एक दिन नक्सलियों का एक दस्ता गाँव पहुँच गया।
सारे गाँव वालों को चौपाल पर बुलाया गया।
दस्ते के लोगों ने गाँव के ही एक व्यक्ति को पकड़कर चौपाल पर खड़ा कर दिया। उसके हाथ पीछे बाँध दिए गए।
वहीं जनअदालत लगाई गई।
दस्ते के हथियारबंद लोग गाँव के चारों ओर पहरा दे रहे थे। चप्पे-चप्पे पर उनके लोग दिखाई दे रहे थे।
जिस व्यक्ति को उन्होंने पकड़ रखा था, उसे सजा के तौर पर पच्चीस लाठियाँ मारने का हुक्म सुनाया गया।
वह बेचारा गिड़गिड़ाता रहा—
“मैं पुलिस का मुखबिर नहीं हूँ।”
लेकिन वहाँ उसकी सुनने वाला कौन था?
लाठियाँ बरसती रहीं।
वह आदमी अधमरा हो गया।
उसकी चीख-पुकार ने पूरे गाँव को सहमा दिया।
वह दृश्य देखकर मेरी हालत खराब हो गई।
मैं धीरे-धीरे वहाँ से खिसकने की कोशिश करने लगा।
लेकिन तभी दस्ते के एक सदस्य की नजर मुझ पर पड़ गई।
उसने मुझे पकड़ लिया।
पूछा—
“तुम तो यहाँ के लगते नहीं हो। कहीं पुलिस के मुखबिर तो नहीं?”
मैंने कहा—
“नहीं, मैं गाँव का ही हूँ।”
लेकिन मेरी बात पर किसी को विश्वास नहीं हुआ।
उन्होंने मुझे पकड़कर चौपाल पर खड़ा कर दिया।
अब शुरू हुआ पूछताछ का सिलसिला।
मेरे बारे में गाँव वालों से पूछा गया।
लेकिन गाँव वाले मुझे ठीक से जानते ही नहीं थे। उन्होंने मुझे पहचानने से इनकार कर दिया।
मैं अपना परिचय देता रहा—
“मैं रामखेलावन हूँ। मेरे दादा इस गाँव के शिक्षक रहे हैं।”
लेकिन किसी को मेरी बातों पर यकीन नहीं हुआ।
यह मेरा दुर्भाग्य था कि उसी दिन दादा-दादी किसी प्रयोजन में शामिल होने के लिए दूसरे गाँव गए हुए थे।
मेरी पहचान की गवाही देने वाला कोई नहीं था।
दस्ते के लोग मुझे अपने साथ ले गए।
वे लगातार मेरे बारे में जानने की कोशिश करते रहे।
मेरे गठीले शरीर को देखकर उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मैं पुलिस वाला नहीं हूँ।
उन्हें शक था कि मैं पुलिस का आदमी हूँ।
हर समय मुझे लगता था कि अब वे मुझे मार डालेंगे।
एक दिन दस्ते का कमांडर मुझसे पूछताछ कर रहा था।
मैं परेशान होकर बोल उठा—
“हे भगवान! मुझे किस चक्कर में डाल दिए?”
मेरी बात सुनकर कमांडर अचानक चौकन्ना हो गया।
उसने पूछा—
“तुम भगवान को कितने दिन से जानते हो?”
मैं घबरा गया।
वह बोला—
“वह हमारे हिट लिस्ट में है। उसने हमारे कितने आदमियों को पकड़वाया है!”
मैंने घबराकर पूछा—
“कौन भगवान?”
कमांडर बोला—
“यहाँ का थाना इंचार्ज भगवान!”
अब मेरी हालत देखने लायक थी।
मुझे समझ आया कि मैं भगवान को याद कर रहा था और वह किसी भगवान नाम के थाना प्रभारी को ढूँढ़ रहा था!
मैंने हाथ जोड़कर कहा—
“अरे साहब! मैं ऊपर वाले भगवान की बात कर रहा हूँ। मैं किसी थाना इंचार्ज भगवान को नहीं जानता।”
बहुत मुश्किल से उन्हें मेरी बात पर यकीन हुआ।
इस तरह उनके साथ मेरे सात दिन बीत गए।
एक दिन दस्ते वाले मुझे लेकर मेरे गाँव पहुँचे।
शायद उन्हें अपने स्तर पर मेरे बारे में जानकारी मिल चुकी थी और अब उन्हें पता चल गया था कि मैं कौन हूँ।
उन्होंने मुझे गाँव के पास छोड़ दिया और चले गए।
मैं वहाँ से सीधे अपने घर पहुँचा।
मुझे देखकर दादा-दादी की खुशी का ठिकाना नहीं था।
गाँव में यह बात फैल चुकी थी कि मैं वापस आ गया हूँ।
मुझे देखने के लिए गाँव के लोग मेरे घर पर इकट्ठा होने लगे।
इधर इस मामले की जानकारी पुलिस तक भी पहुँच चुकी थी।
मेरे घर पहुँचने की खबर पुलिस वालों को भी मिल गई।
इलाके का दारोगा अपने पुलिस वालों के साथ घर आ धमका।
कहने को तो वह दस्ते के बारे में पूछताछ करने आया था, लेकिन मुझे उठाकर थाने ले गया।
थाने में मुझसे दस्ते के सदस्यों के बारे में पूछताछ शुरू हुई।
पूछा गया—
“वे तुम्हें कहाँ-कहाँ ले गए?”
“उनके ठिकाने कहाँ हैं?”
“कौन-कौन लोग दस्ते में थे?”
मैंने कहा—
“मुझे नहीं मालूम।”
लेकिन उन्हें मेरी बात पर यकीन नहीं हुआ।
फिर मुझे प्रताड़ित किया जाने लगा।
उनके व्यवहार से घबराकर मैं बोल उठा—
“हे राम जी! आपने मुझे किस मुसीबत में डाल दिया। मुझे बचाओ!”
मेरी बात सुनकर दारोगा अचानक चौक गया।
उसने पूछा—
“तुम रामजी को जानते हो?”
मैंने कहा—
“कौन रामजी?”
दारोगा बोला—
“वही रामजी, जिसका नाम तुम अभी ले रहे थे। वह दस्ते का एरिया कमांडर है। अब हमें पूरा यकीन हो गया है कि तुम भी दस्ते के सदस्य हो।”
मैंने कहा—
“नहीं साहब! मैं किसी रामजी को नहीं जानता। मैं तो भगवान राम जी की बात कर रहा था।”
दारोगा बोला—
“अब जेल जाओगे। अगर जेल नहीं जाना है तो रामजी के बारे में सच-सच बताओ। उसका ठिकाना कहाँ-कहाँ है?”
मैंने फिर समझाने की कोशिश की—
“साहब, मैं उस रामजी को नहीं जानता। मैं तो भगवान राम को याद कर रहा था।”
लेकिन दारोगा को मेरी बात पर विश्वास नहीं हो रहा था।
वह मुझे जेल भेजने की धमकी देता रहा।
यह तो मेरी किस्मत अच्छी थी कि मेरे दादाजी की पहुँच और गाँव में उनकी पुरानी पहचान के कारण आखिरकार मैं थाने से छूट गया।
अगर मेरी जगह कोई और होता तो शायद ही इतनी आसानी से छूट पाता।
न जाने उस पर कितनी धाराएँ लगा दी जातीं और कितने दिनों तक वह पुलिस और दस्ते के बीच अपनी पहचान साबित करता रहता!
थाने से छूटने के बाद मैं सीधा गाँव से शहर की ओर भागा।
उस दिन गाँव की मिट्टी की सुगंध, लहलहाती फसलें, चहचहाते पक्षी और गाँव को करीब से समझने की मेरी सारी इच्छा कहीं पीछे छूट गई।
जिस गाँव को देखने के लिए मैं इतने उत्साह से आया था, उसी गाँव से मैं इस कदर भागा कि पीछे मुड़कर देखने की हिम्मत भी नहीं हुई।
और शायद…
हमेशा-हमेशा के लिए अपने गाँव को भूल गया।
क्योंकि गाँव की मिट्टी में अब भी वही खुशबू थी…
लेकिन उस मिट्टी तक पहुँचने का रास्ता डर, शक और बंदूक के साए से होकर गुजरता था।
और मेरी सबसे बड़ी विडंबना यह थी कि—
गाँव देखने गया था, लेकिन लौटते वक्त गाँव की याद नहीं… सिर्फ डर साथ लेकर आया था।
बाकी आप खुद समझदार हैं।