Bicycle Theft and Our Idealism

(व्यंग)

दिलीप सिंह —

मामला साइकिल चोरी का है।

जाड़े का दिन था। हम अपने छत पर बैठकर दोपहर की धूप का आनंद ले रहे थे। कॉलेज के विद्यार्थी होने के नाते सबेरे-सबेरे बिस्तर छोड़ देना और किताब लेकर छत पर चले जाना, माँ-बाप की आँखों में धूल झोंकने के समान ही था।

बेचारे माँ-बाप सोचते थे—बेटा बड़ा होनहार है, जब देखो किताब से चिपका रहता है।

अब उनको क्या मालूम कि उनका होनहार बेटा छत पर जाकर क्या करता है!

वैसे आम विद्यार्थियों की तरह उस समय देश-प्रेम और आदर्शवादिता हमारे सिर पर हर समय सवार रहती थी। किसी के सुख-दुःख में शामिल होना हम साथियों का कर्तव्य समझते थे।

लगभग दोपहर का समय था। मैं किताबें लेकर छत पर आँखें बंद करके धूप का आनंद ले रहा था। तभी हमारा मित्र गिरधारी हाँफते-हाँफते छत पर पहुँचा।

“अरे रामखेलावन भैया… ए रामखेलावन भैया!”

उसके जोर से बोलने के कारण मैं चौंककर उठ बैठा।

मैंने पूछा—
“का है रे?”

वह बोला—
“भैया, हमरा साइकिल चोरी हो गया है, बहीन के कॉलेज के पास से!”

मैंने पूछा—
“तुम वहाँ का करने गए थे?”

उसने जवाब दिया—
“भैया, साइकिल बाहर रखकर बहीन के कॉलेज में फीस भरने गया था।”

मैंने पूछा—
“अब का किया जाए?”

उस समय साइकिल का ही जमाना था। आज की तरह मोटरसाइकिल हर गली-मोहल्ले में नहीं हुआ करती थी। इसलिए साइकिल चोरी होना कोई छोटी घटना नहीं थी।

मैंने पूछा—
“थाना में साइकिल चोरी होने का कंप्लेन दर्ज कराया?”

वह बोला—
“नहीं भैया। आप भी चलिए।”

मैंने सोचा—मामला साइकिल चोरी का है, शिकायत करना जरूरी है।

हम दोनों थाना पहुँच गए।

वहाँ जाकर सामने बैठे एक व्यक्ति से बोले—

“हवलदार साहब…”

सामने बैठा व्यक्ति और अकड़कर बैठ गया और जोर से चिल्लाया—

“का बोला रे? हम तुमको हवलदार दिखते हैं? हम इस थाना के मुंशी हैं!”

हमने तुरंत गलती सुधारते हुए कहा—

“गलती हो गया मुंशी साहब।”

मुंशी ने पूछा—
“का काम है?”

हमने कहा—
“हमरा साइकिल चोरी हो गया है।”

वह बोला—
“साइकिल चोरी हो गया? ठीक है, ठीक है। उधर जाकर बैठो। साहब नहीं हैं। साहब आएँगे तो कंप्लेन दर्ज होगा।”

हमने पूछा—
“साहब कब आएँगे?”

थाने का मुंशी जोर से चिल्लाया—

“साहब-साहब है! तुमसे पूछकर आएँगे-जाएँगे का? जाओ उधर बैठो!”

उसकी आवाज सुनकर हमारी आधी जान तो वहीं निकल गई।

डरकर हम किनारे खड़े हो गए।

देखते-देखते लगभग एक घंटा बीत गया। थाने के साहब का कोई पता नहीं।

दुबारा हमारी हिम्मत नहीं हुई कि मुंशी के पास जाकर पूछें—“दारोगा साहब कब आएँगे?”

हमारी स्थिति ऐसी हो गई थी कि न वहाँ से जा सकते थे और न ही हिल सकते थे।

तभी एक सिपाही को शायद हम पर तरस आ गया। वह हमारे पास आया और धीरे से कान में फुसफुसाया—

“का बात है?”

हमने अपना पूरा किस्सा उसे बता दिया।

सिपाही जी बोले—

“कुछ चढ़ावा चढ़ाना होगा।”

हमने कहा—

“आज तो मंगलवार भी नहीं है कि बजरंगबली का प्रसाद आपको खिलाएँ!”

सिपाही जी ने हमारी ओर देखा और बोले—

“अरे, वो चढ़ावा नहीं… कुछ रुपया-उपया खर्च करना होगा।”

हमने कहा—

“हम विद्यार्थी हैं। पैसा कहाँ से लाएँगे?”

सिपाही बोला—

“तब हम तुम्हारी कोई मदद नहीं कर सकते।”

इतना कहकर सिपाही वहाँ से खिसक लिया।

लगभग दो घंटे बाद दारोगा साहब पधारे।

मुंशी जी तुरंत खड़े हो गए।

दारोगा ने पूछा—

“क्या बात है?”

मुंशी बोला—

“हुजूर, इनकी साइकिल चोरी हो गई है।”

दारोगा साहब ने हमारी ओर इशारा किया।

हम दौड़कर उनके पास पहुँचे और अपनी पूरी कहानी सुनाने लगे।

हमने अपनी बात पूरी भी नहीं की थी कि बीच में ही दारोगा साहब गरजे—

“मुंशी जी! इ दोनों तो खुद ही चोर लगते हैं!”

हम घबड़ाकर बोले—

“सर! हम लोग तो कॉलेज के छात्र हैं!”

दारोगा साहब अकड़कर बोले—

“लड़की कॉलेज के पास क्या करने गए थे?”

हमने कहा—

“सर, साइकिल बाहर रखकर फीस जमा करने गए थे।”

दारोगा साहब बोले—

“वहाँ लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएँ बढ़ी हैं। कहीं तुम लोग तो इस घटना में शामिल नहीं हो?”

हम हक्के-बक्के रह गए।

“ई का कह रहे हैं सर?”

हमारी बात अनसुनी करते हुए दारोगा चिल्लाए—

“मुंशी जी! इनको पकड़कर लॉकअप में बंद कर दो। आकर देखते हैं मामला क्या है!”

इतना कहकर दारोगा साहब राउंड पर निकल गए।

मुंशी हमारे पास आया।

हमने उससे काफी विनती की—

“मुंशी जी, हमें मामला दर्ज नहीं कराना है। हमारी साइकिल गई तो गई… लेकिन हमें जेल नहीं जाना है!”

पता नहीं हमारी बातों का मुंशी पर क्या असर हुआ।

वह बोला—

“भागो यहाँ से! दुबारा शक्ल मत दिखाना!”

हमें लगा—जान बची तो लाखों पाए।

हम वहाँ से निकल भागे।

लेकिन अभी भी हमारे अंदर का आदर्शवाद हमें ललकार रहा था।

हमने सोचा—क्यों न अपनी व्यथा, अपनी पीड़ा और उस दारोगा की हरकत किसी को बताई जाए?

तभी दिमाग में आया—

क्यों न यह बात अखबार के संपादक को बता दी जाए?

हम चल पड़े अखबार के दफ्तर की ओर।

वहाँ जाकर हमने संपादक महोदय को अपना पूरा दुखड़ा सुनाया।

संपादक ने हमारी बातें ध्यान से सुनीं और कहा—

“लिखकर दे दीजिए।”

साथ में एक लाइन और जोड़ दीजिएगा—

“दारोगा ने हमसे पचास रुपये छीन लिए।”

संपादक जी का तर्क था कि इससे दारोगा के विरुद्ध मामला और मजबूत हो जाएगा।

हमने पत्र लिखकर संपादक जी को दे दिया और खुशी-खुशी घर लौट आए।

हमें लग रहा था—

अब पता चलेगा दारोगा को!

लेकिन घर पहुँचते ही कहानी ने एक नया मोड़ ले लिया।

घरवाले परेशान थे।

पिताजी ने पूछा—

“कहाँ से आ रहे हो?”

हमने थाने से लेकर अखबार के दफ्तर तक की पूरी कहानी पिताजी को सुना दी।

हमारी बात पूरी भी नहीं हुई थी कि पिताजी गरज पड़े—

“अरे मूर्ख! नालायक! यह तुमने क्या कर डाला?”

मैं चुप।

पिताजी बोले—

“कल अगर अखबार में यह बात छप गई तो वह दारोगा तुम पर क्या-क्या आरोप लगाकर तुम्हें जेल में डाल देगा, इसका तुम्हें पता है?”

गुस्से में आकर पिताजी ने दो छड़ी मुझ पर जमा दी।

फिर आदेश हुआ—

“अभी तुरंत जाओ और संपादक को दिया हुआ पत्र वापस लेकर आओ!”

हमारी सारी आदर्शवादिता की हवा उसी क्षण निकल गई।

हम दौड़ते हुए अखबार के दफ्तर पहुँचे।

संपादक महोदय से बोले—

“संपादक जी, हमें अपना मामला वापस लेना है।”

संपादक महोदय ने हमें न जाने कितनी नसीहतें दीं।

उन्होंने समझाया कि पत्रकारिता क्या होती है, शिकायत क्या होती है और व्यवस्था से लड़ना कितना मुश्किल काम है।

लेकिन हम उस समय सिर्फ एक ही बात सोच रहे थे—

“पहले जान बचाओ, आदर्शवाद बाद में देखा जाएगा!”

आखिरकार संपादक महोदय ने हमारा दिया हुआ पत्र हमें वापस कर दिया।

तब जाकर हमारी जान में जान आई।

हम घर लौट आए।

और उसी दिन हमने हमेशा के लिए भुला दिया कि—

आदर्शवादिता किस चिड़िया का नाम है!

साइकिल तो चोरी हो ही चुकी थी।

लेकिन उस दिन हमें एक और चीज के चोरी होने का एहसास हुआ—

हमारी आदर्शवादिता।

और शायद वह चोरी आज तक बरामद नहीं हुई।

कहानी साइकिल चोरी की थी…
लेकिन असली चोरी तो हमारे भीतर से आदर्शवाद की हुई थी।

बाकी…

आप खुद समझदार हैं।

*************************

 

Leave a Reply