मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और लेखिका ट्विंकल खन्ना के बेटे आरव भाटिया भले ही फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते हैं, लेकिन उनकी एक झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो जाती है। हाल ही में आरव अपने माता-पिता के साथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा आयोजित दिवाली पार्टी में पहुंचे, जहां उनका स्टाइलिश अंदाज लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा।
दिवाली पार्टी में आरव अपने माता-पिता अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना के साथ नजर आए। इस दौरान उन्होंने चिकनकारी एंब्रॉयडरी वाला व्हाइट कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था। इसके साथ उन्होंने हैवी बॉर्डर वाला मैचिंग दुपट्टा कैरी किया था। उनके कुर्ते की डीप वी-नेकलाइन पर गोल्डन और सिल्वर जरी का खूबसूरत काम नजर आया, जिसने उनके पूरे लुक को खास बना दिया।
आरव ने अपने लुक को सिंपल और क्लासी रखा। उन्होंने बालों को बैक-कॉम्ब स्टाइल में सेट किया था और क्लीन शेव लुक में नजर आए। पारंपरिक परिधान में उनका यह स्टाइलिश अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है।
आरव भाटिया लंबे समय से बॉलीवुड से दूरी बनाए हुए हैं। अक्षय कुमार भी कई मौकों पर कह चुके हैं कि उनके बेटे की फिल्मी दुनिया में करियर बनाने में फिलहाल कोई दिलचस्पी नहीं है। आरव विदेश में रहकर अपने करियर को एक अलग क्षेत्र में आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
मनीष मल्होत्रा की इस दिवाली पार्टी में माधुरी दीक्षित, श्रीराम नेने, करीना कपूर, सैफ अली खान और शाहीन भट्ट समेत बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। हालांकि, इस सितारों से सजी शाम में आरव का लुक सोशल मीडिया पर खास तौर पर चर्चा में रहा।
प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय
************************