रांची। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित बयान को लेकर रांची के अरगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराने का आवेदन दिया गया है। शिकायतकर्ता दीपक प्रकाश, निवासी हरमू हाउसिंग कॉलोनी, रांची ने आरोप लगाया है कि डॉ. अंसारी द्वारा दिए गए कुछ बयानों और वीडियो के सार्वजनिक प्रसारण से देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता के साथ-साथ सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायत में कहा गया है कि डॉ. इरफान अंसारी द्वारा दिए गए कथित भड़काऊ साक्षात्कार एवं इलेक्ट्रॉनिक वीडियो का प्रसारण रांची स्थित विभिन्न डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन वीडियो को रांची सहित देश के विभिन्न हिस्सों के छात्रों और युवाओं ने देखा और सुना है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉ. अंसारी ने हाल के दिनों में दिल्ली जाकर कुछ छात्र संगठनों के साथ कथित रूप से बैठकें कीं तथा उन्हें संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरने के लिए उकसाया। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि उनके कथित बयान के बाद दिल्ली सहित अन्य स्थानों पर छात्रों से जुड़ी हिंसक घटनाएं हुईं और व्यापक कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।
शिकायतकर्ता ने विशेष रूप से 5 नवंबर 2026 को जारी कथित वीडियो का उल्लेख किया है। आवेदन के मुताबिक, वीडियो में डॉ. अंसारी ने कथित तौर पर बड़ी संख्या में युवाओं के सड़कों पर उतरने की बात कही तथा भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को चुनौती देने संबंधी बातें कहीं। शिकायतकर्ता ने इसे गंभीर और आपत्तिजनक बताते हुए जांच की मांग की है।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि कथित बयान में केंद्र सरकार द्वारा मांगें नहीं माने जाने की स्थिति में भारत में बांग्लादेश और नेपाल में हुई हिंसक घटनाओं जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की बात कही गई। शिकायतकर्ता ने इन कथित टिप्पणियों को देश की संप्रभुता और अखंडता पर गंभीर प्रभाव डालने वाला बताया है।
दीपक प्रकाश ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152, 153, 196, 351 और 352 तथा आईटी एक्ट की धारा 45 एवं 66F के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
शिकायत के साथ डॉ. अंसारी द्वारा दिए गए कथित बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में संलग्न किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से वीडियो की जांच कराने और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई करने की मांग की है।
*******************************