Weather changes in Jharkhand, rain in several districts including Ranchi; farmers' worries increase

रांची। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शुक्रवार से आसमान में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है।

शनिवार सुबह रांची में आसमान घने बादलों से ढका रहा। ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को कनकनी महसूस हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अगले दो दिनों तक झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

बारिश से किसानों की बढ़ी परेशानी

बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर तैयार धान की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में छोड़ दिया है, उनकी फसल बारिश के कारण भीग रही है। वहीं, तेज हवा और बारिश के चलते खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल के गिरने यानी लॉजिंग का खतरा भी बढ़ गया है।

किसानों को आशंका है कि लगातार बारिश होने की स्थिति में कटी हुई धान की फसल में नमी बढ़ सकती है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

22 नवंबर को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 22 नवंबर को भी झारखंड में बादल छाए रह सकते हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की प्रबल संभावना है।

वहीं, 23 नवंबर से मौसम में सुधार की संभावना जताई गई है। इसके बाद 24 और 25 नवंबर की सुबह राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है।

मौसम में बदलाव के साथ ठंड भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में झारखंडवासियों को बारिश के साथ ठंड और कोहरे का भी सामना करना पड़ सकता है।

मौसम का अनुमान:

  • 21 नवंबर: बादल और कई जगह बारिश की संभावना
  • 22 नवंबर: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश/मेघ गर्जन
  • 23 नवंबर: मौसम साफ होने की संभावना
  • 24-25 नवंबर: सुबह कोहरा और बढ़ती ठंड का असर
  • ****************************