रांची। राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना 17 नवंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जेपी मार्केट, धुर्वा स्थित टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट के स्टाफ को एक ग्राहक ने गले में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता को देखते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि इलाज के दौरान घायल अजय कुमार दास (36 वर्ष), पिता विजय कुमार दास, निवासी तिसरी, जिला गिरिडीह की मौत हो गई।
मामले को लेकर धुर्वा थाना कांड संख्या 307/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 को BNS की धारा 103(1) के तहत दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में धुर्वा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने CCTV फुटेज का अवलोकन कर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू भी बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और घटना के समय पहना हुआ खून लगा शर्ट भी जब्त किया गया है।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम अमित कुमार उर्फ उमाशंकर लाल, पिता, निवासी – DT/210 डायमंड फिल्ड, धुर्वा थाना, रांची बताया गया है। पुलिस ने यह भी बताया है कि आरोपी का पूर्व में धुर्वा थाना कांड संख्या 59/25, दिनांक 05 मार्च 2025 में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।
***************************