Prohibitory orders have been imposed within a 200-meter radius of three SSC exam centres in Ranchi.

रांची। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से रांची में आयोजित होने वाली विभिन्न परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है। क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (पूर्वी क्षेत्र), कोलकाता की सूचना के अनुसार 23 नवंबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक तीन पालियों में विभिन्न परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

इनमें Sub-Inspector in Delhi Police and Central Armed Police Forces Examination, 2026, Sub-Inspector in Delhi Police and CAPFS Examination, 2025 तथा Junior Engineer (Telecommunication) Examination, 2026 शामिल हैं। परीक्षाएं रांची के तीन परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।

परीक्षाओं के कदाचार मुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री के आदेश से परीक्षा केंद्रों पर पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची श्री कुमार रजत ने BNSS की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की है।

इन गतिविधियों पर रहेगा प्रतिबंध

निषेधाज्ञा के दौरान पांच या पांच से अधिक लोगों के एक जगह जमा होने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है।

इसके अलावा किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद सहित किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर रोक रहेगी। लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा, भाला आदि हरवे हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी प्रकार की बैठक या आमसभा आयोजित करने की भी अनुमति नहीं होगी।

इन तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा

  1. Capstone Tech Online Examination Centre, Outer Ring Road, National Law University के पास, Sunaina Banquet Hall के सामने, कांके, रांची।
  2. Ideal International School, शिव मंदिर के पास, दलादिली, रांची।
  3. SDZ Infotech-1, रामपुर, गड़गांव/गनरके, झारखंड।

जारी आदेश के अनुसार निषेधाज्ञा 23 नवंबर 2026 से 1 दिसंबर 2026 तक सुबह 06:30 बजे से अपराह्न 09:00 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था की है।

***************************