रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 एवं वर्तमान सरकार की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।

ब्रीफिंग में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन ने अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि इतने बड़े राजकीय समारोह का सफल आयोजन सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को पूरी गंभीरता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट, आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट साइनेज, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए फ्लेकार्ड डिस्प्ले की व्यवस्था करने को भी कहा।
यातायात और पार्किंग पर विशेष फोकस
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने वाहनों के आवागमन, ट्रैफिक प्रबंधन और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रवेश द्वारों पर होगी सख्त जांच
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। समारोह स्थल पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रवेश द्वारों पर उचित फ्रिस्किंग और सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सुरक्षा जांच के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों को शालीन व्यवहार का निर्देश
ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को आम नागरिकों एवं अतिथियों के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी परिस्थिति में एक-दूसरे से संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें।
अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने संयुक्तादेश में निर्धारित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के कर्तव्यों और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ड्यूटी स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर समाहर्ता राम नारायण सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, एडीएम नक्सल सुदर्शन भगत, पीडी आईटीडीए मनीषा तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद और जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज सहित संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने समारोह में शामिल होने वाले सभी अतिथियों और आम नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया है।
************************